(छप्पय)
चारित चंद्र चतुष्टय मंडित चारि प्रचंड अरी चकचूरे,
चंद्र विराजत चर्णविषै यह चंद्रप्रभासम हैं गुणपूरे।
चारु चरित चकोरनके चित चोरन चंद्रकला बहु सूरे,
सो प्रभु चंद्र समंत गुरुचित चिंतत ही सुख होय हजूरे।
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्र ! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्र ! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्। इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्र ! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् इति सन्निधिकरणम्।
(चाल जोगीरासा)
पद्मद्रह सम उज्ज्वल जल ले शीतलता अधिकाइ,
जन्म जरा दुःख दूर करनको, जिनवर पूज रचाइ;
चंचल चितको रोकि चतुर्गति चक्र भ्रमण निरवारो,
चारु चरण आचरण चतुर नर चंद्रप्रभू चित धारो।
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
मलयागिर वर बावन चंदन केसरि संग घसाओ;
भव आताप निवारन कारन श्री जिनचरण चढाओ। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय भवातापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
चंद्र किरन सम श्वेत मनोहर खंड विवर्जित सोहे,
ऐसे अक्षतसों प्रभु पूजों जगजीवन मन मोहे। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
सुरतरु के शुचि पुष्प मनोहर वरन वरनके लावो,
कामदाह निरवारन कारण श्री जिनचरण चढावो। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
नानाविधिके व्यंजन ताजे स्वच्छ अदोष बनावो,
रोग क्षुधा दुःख दूर करनको श्रीजिनचरण चढावो।
चंचल चितको रोकी चतुर्गति चक्र भ्रमण निवारो,
चारु चरण आचरण चतुर नर चंद्रप्रभू चित धारो।
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
कनक रतनमय दीप मनोहर उज्ज्वल ज्योति जगावो,
मोह महातम नाश करनको, जिनवर चरण चढावो। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय मोहांधकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
दशविधि धूप हुतासनमांही खेय सुगंध बढावो,
अष्टकर्मके नाश करनको श्री जिनचरण चढावो। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
नानाविधिके उत्तम फल लै तनमनको सुखदाई,
दुःख निवारन शिवफल कारन पूजैं श्री जिनराई। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
वसुविधि अर्घ बनाय मनोहर श्रीजिनमंदिर जावो,
अष्टकर्मके नाश करनको श्री जिनचरन चढावो। चंचल०
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घं निर्वपामीति स्वाहा।
पंचकल्याणक अर्घ
(छंद कुसुमलता)
चैत प्रथम पंचम दिन जानों, गर्भागम मंगल गुनखान,
मात लक्ष्मणाके उर आये, तजि दिवलोक चंद्र भगवान;
षट् नवमास रतन वरषाये, इंद्र हुकुमतें धनद महान,
तिनके चरनकमल मैं पूजूं, अर्घ चढाय करूँ नित ध्यान।
ॐ ह्रीं चैत्रकृष्णपंचम्यां गर्भमंगलप्राप्ताय श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अर्घं निर्वपामीति०
पूस वदी ग्यारसिको जन्मे, चंद्रपुरी जिन चंद्र महान,
महासेन राजाके प्यारे सकल सुरासुर माने आन;
सुरगिरि पर अभिषेक किया हरि, चतुरनिकाय देव सब आन;
सो जिनचंद्र जयौ जगमांही, अर्घ चढाय करूँ नित ध्यान।
ॐ ह्रीं पौषकृष्णैकादश्यां जन्ममंगलप्राप्ताय श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अर्घं निर्वपामीति स्वाहा।
पूस वदी ग्यारसि तप लीनों, जानों जगत अथिर दुखदान,
राज त्यागि वैराग धरौ वन, जाय कीयौ आतम कल्यान;
सुरनर मिलि खग पूज रचायी, मनमें अतिही आनंद मान,
ऐसे चंद्रनाथ जिनवरको, अर्घ चढाय करूँ नित ध्यान।
ॐ ह्रीं पौषकृष्णैकादश्यां तपोमंगलप्राप्ताय श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अर्घं निर्वपामीति स्वाहा।
फागुन वदि सप्तमि दिने जानों, चार घातिया घाति महान,
सकल सुरासुर पूजि जगतपति, पायौ तिहि दिन केवलज्ञान;
समवसरन महिमा हरि कीनी, दीनी दृष्टि चरन जिन आन,
ऐसे चंद्रनाथ जिनवरको, अर्घ चढाय करूँ नित ध्यान।
ॐ ह्रीं फाल्गुनकृष्णसप्तम्यां ज्ञानमंगलप्राप्ताय श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अर्घं निर्वपामीति स्वाहा।
सातैं सुदि फागुनके महिना, संमेदाचल शृंग महान,
ललितकूट उपर जगपतिने, पायो आतम शिवकल्यान;
सुर सुरेश मिलि पूज रचाइ, गायौ गुण हर्षित चित ठान,
सुगुरु समन्तभद्रके स्वामी, देहु जिनेश्वरको सतज्ञान।
ॐ ह्रीं फाल्गुनशुक्लसप्तम्यां मोक्षमंगलप्राप्ताय श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अर्घं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
(दोहा)
अष्टम क्षितिपत तुम धनी, अष्टम तीरथराय,
अष्टम पृथ्वी कारने, नमूं अंग वसु नाय। १
(चाल ‘अहो जगतगुरु’ की)
अहो चंद्र जिनदेव, तुम जगनायक स्वामी,
अष्टम तीरथराज, हो तुम अंतरयामी। १
लोकालोक मँझार, जड चेतन गुणधारी,
द्रव्य छहूं अनिवार, पर्यय शक्ति अपारी। २
तिहिं सबको इकवार, जानें ज्ञान अनंता,
ऐसो ही सुखकार दर्शन है भगवंता। ३
तीनलोक तिहुं काल ज्ञायक देव कहावौ,
निरबाधा सुखसार तिहिं शिवनाथ रहावौ। ४
हे प्रभु! या जगमांहि मैं बहुते दुख पायौ,
कहन जरूरति नांहि तुम सबही लखि पायौ। ५
कबहूं नित्य निगोद कबहूं नर्क मंझारी,
सुरनरपशुगति मांहि दुख सहे अतिभारी। ६
पशु गतिके दुख देव, कहत बढै दुख भारी,
छेदन भेदन त्रास शीत उष्ण अधिकारी। ७
भूख प्यासके जोर सबल पशू हनि मारै,
तहां वेदना घोर हे प्रभु कौन समारै। ८
मानुष गतिके मांही यद्यपि है कछु साता,
तोहू दुख अधिकाय क्षण क्षण होत असाता। ९
धन जोबन सुत नारि संपति और घनेरी,
मिलत हरष अनिवार बिछुरत विपत घनेरी। १०
सुरगति इष्ट वियोग पर संपति लखि झूरै,
मरन चिह्न संयोग उर विकलप बहु पूरे। ११
यों चारों गतिमांहि दुःख भरपूर भरौ है,
ध्यान धरो मनमांहि यातैं काज सरौ है। १२
कर्म महादुख साज याको नास करौजी,
बडे गरीबनिवाज मेरी आश भरौजी। १३
समंतभद्र गुरुदेव ध्यान तुमारो कीनों,
प्रगट भयौ जिनबिंब जिनवर दर्शन कीनों। १४
जब तक जगमें वास तब तक हिरदै मेरे,
कहत जिनेश्वरदास शरन गहौं मैं तेरे। १५
(दोहा)
जग जयवंते होहु जिन, भरौ हमारी आस;
जय लक्ष्मी निज दीजिये, कहत जिनेश्वरदास।
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घं निर्वपामीति स्वाहा।
(अडिल्ल छंद)
वर्तमान जिनराय भरतके जानिये,
पंचकल्यानक मानि गये शिव थानिये;
जो नर मन वच काय प्रभु पूजै सही,
सो नर दिव सुख पाय लहै अष्टम मही।
॥ इत्याशीर्वादः, पुष्पांजलिं क्षिपेत्॥
Artist: जिनेश्वरदास
स्रोत: श्री जिनेन्द्र पूजासंग्रह (सोनगढ़), पृष्ठ १५६ (श्री जिनेन्द्र पूजासंग्रह (सोनगढ़) | Shri Jinendra Puja Sangrah (Songadh))