श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारक मुनिराज पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Brahmacharyamahavratdharak Muniraj Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( दोहा )
ब्रह्मचर्य निश्चय सहित, श्री अरहंत महान।
ब्रह्मचर्य महाव्रत, ही है श्रेष्ठ प्रधान॥१॥

आत्मब्रह्म में रमण ही, करता निज कल्याण।
महाशील गुणवान ही, पाते पद निर्वाण॥२॥

ब्रह्मचर्यव्रत श्रेष्ठ की, पूजन करूँ महान।
शील स्वभावी सूर्य पा, करूँ आत्मकल्याण॥३॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( वीर )
ब्रह्मचर्य जल पाकर प्राणी करता है निज पर उपकार।
जन्म जरादिक रोग नाशकर पाता सुख अमरत्व अपार॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥१॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य चंदन की महिमा से जो शोभित होता है।
कामवासना से पलभर भी कभी न दूषित होता है॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥२॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य के अक्षत तंदुल हैं अखंड गुण के भंडार।
अक्षयपद की प्राप्ति कराते देते हैं आनंद अपार॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥३॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य के पुष्प शीलमय ही कंदर्प दर्प हरते।
परम शीलगुण के भंडारी ही आनंद अतुल वरते॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥४॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य के अनुभवशाली सुचरु प्राप्त जो करते हैं।
क्षुधारोग की चिर पीड़ा अन्तर्मुहूर्त में हरते हैं॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥५॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य के दीप प्रभामय अन्तर में प्रकाश करते।
केवलज्ञानलब्धि पाने को सर्व कुशील त्रास हरते॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥६॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य की धूप ध्यानमय अष्टकर्म क्षय करती है।
महाशील के लाख चुरासी उत्तर गुण उर धरती है॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥७॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य रूपी तरुवर ही महामोक्षफल का दाता।
जो पा लेता वही जीव ध्रुव सिद्ध स्वपद सादर पाता॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥८॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

ब्रह्मचर्य के अर्घ्य भावमय तुम्हें समर्पित हैं जिनदेव।
पद अनर्घ्य स्वयमेव प्राप्त होता है बिना श्रम के स्वयमेव॥
ब्रह्मचर्यव्रत का धारी ही महाव्रती मुनि होता है।
पूर्ण शीलगुण से भूषित हो महाशीलपति होता है॥९॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

अर्घ्यावलि

शील संबंधी अष्टादशसहस्रदोष रहित

( वीर )
दोष अचेतन स्त्री के त्रय कठोर कोमल स्पर्श चित्र।
तीनकरण कृत, कारित, अनुमोदन, दो मन, वच योग सचित्र॥१॥

पाँचों इंद्रिय, भय, आहार, परिग्रह, मैथुन, संज्ञाचार।
द्रव्य-भाव, दो से गुन लो तो सात शतक अरु बीस विकार॥२॥

चेतन स्त्री तीन, करणत्रय, तीन योग अरु पंचेन्द्रिय।
संज्ञा चार, कषाय सोलह, द्रव्य-भाव दो सब सक्रिय॥३॥

इन्हें गुणाकर जोड़ो तो सतरह सहस्र दो सौ अस्सी।
सब मिल दोष शील के अष्टादश सहस्र हैं दुःखमय ही॥४॥

इन सब दोषों को क्षय करके परम ब्रह्म में रम जाऊँ।
शुद्ध शीलगुण प्रकटाने को शुद्धआत्मा ही ध्याऊँ॥५॥

ॐ ह्रीं श्री अष्टादशसहस्रदोषरहितब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

अष्टादश सहस्र शीलगुण

अष्टादश सहस्र शीलगुण भेद जान लो भलीप्रकार।
दस लक्षण, प्राणी संयम अरु पंचेन्द्रिय संयमसार॥१॥

संज्ञा चार गुप्ति तीन अरु तीन करण सब गुणा करो।
अष्टादश सहस्र शीलगुण महासाधु बन ग्रहण करो॥२॥

ॐ ह्रीं श्री अष्टादशसहस्रदोषरहितब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

चौरासी लाख उत्तर गुण

परमोत्तम पावन उत्तर गुण हैं चौरासी लाख प्रकार।
हिंसादिक इक्कीस दोष, व्यतिक्रम आदिक हैं चार विकार॥१॥

पृथ्वी आदिक छह, द्वय, त्रय, चौ, पंचेन्द्रिय जु चार, मिल दस।
इन्हें गुणा करने से होते आठ सहस्र चार सौ बस॥२॥

दस विराधना शील गुणा करने से भेद चुरासी हजार।
दस आलोचना दोष से गुन लो आठ लाख चालीस हजार॥३॥

शुद्धिरूप प्रायश्चित्त दस से गुन लो तो चौरासी लाख।
यही शील के उत्तर गुण हैं श्री सर्वज्ञ कथन विख्यात॥४॥

लाख चुरासी उत्तर गुण पाने का सतत प्रयत्न करूँ।
सकल महाव्रत सम्यक् पालूँ सर्व दोष सम्पूर्ण हरूँ॥५॥

ॐ ह्रीं श्री चौरासीलाखउत्तरगुणसम्पन्न मुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( चान्द्रायण )
काम-भोग भवबंधन कारक हैं प्रभो।
कामबाण से पीड़ित हूँ मैं हे विभो॥१॥

भोग सर्प सम जान भोग सारे तजूँ।
उपभोगों की इच्छा तज निज को भजूँ॥२॥

पंचेन्द्रिय सुख की अभिलाषा त्याग दूँ।
कामभाव जागे तो उसमें आग दूँ॥३॥

शील स्वभाव भाव में होकर संयमित।
इंद्रियसंयम प्राणीसंयम हो अमित॥४॥

आत्मब्रह्म में चर्या ही है ब्रह्मचर्य।
यही शीलगुण सभी गुणों में श्रेष्ठवर्य॥५॥

काम-भोग बंधन विकार से रीत लूँ।
आत्मशक्ति से कामभाव सब जीत लूँ॥६॥

परम श्रेष्ठ संयम हो प्रभु उर में अटूट।
ब्रह्मचर्य का सतत पिऊँ मैं अमृत घूँट॥७॥

( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, शील स्वभाव सहेज।
निज बल से पाऊँ प्रभो, ब्रह्मचर्य का तेज॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( विजात )
चली पवन अब स्वशीलवाली तो आओ इसको गले लगाएँ।
स्वशील का ही स्वरूप निरखें विभावभावों को दूर भगाएँ॥१॥

विमोह विभ्रम का चक्र तोड़ें अशुद्धभावों से मुख को मोड़ें।
जो मिलके चारों कषाय आएँ तो हम न इनसे कभी ठगाएँ॥२॥

अभक्ष्यभक्षण से बचके अब तो अनीति अन्याय नष्ट कर दें।
महानचैतन्य भावना को सतत निरंतर सदा जगाएँ॥३॥

ये पाँचों पापों की वासनाएँ, ये सप्तव्यसनों की कामनाएँ।
अगर ये अपने ही पास आएँ तो भय से बिलकुल न डगमगाएँ॥४॥

ये राग-द्वेषों के जो महल हैं इन्हें धराशायी करना होगा।
विकार गिन-गिनके क्षय करें हम इन्हें रसातल में ही डुबाएँ॥५॥

नहीं हो एकान्तभाव उर में न कोई अज्ञान हो हृदय में।
हो स्वच्छ अंतर हमारा निर्मल स्वज्ञान दीपक ही जगमगाएँ॥६॥

न कामबन्धन, न भोगबन्धन, के भाव जागें हृदय में स्वामी।
हो शीलगुण से स्वयं सुशोभित, बनूँ हे प्रभुजी मैं मोक्षगामी॥७॥

ॐ ह्रीं श्री ब्रह्मचर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
ब्रह्मचर्यव्रत की पूजन कर परंब्रह्म का ध्यान हुआ।
शीलभाव की महिमा आई रागभाव अवसान हुआ॥

रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ८८ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))