श्री भाषासमितिधारक मुनिराज पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Bhashasamitidharak Muniraj Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( सोरठा )
भाषासमिति विचार, मौन रहूँ स्वामी सदा।
कर्कश भाषा हास्य, परनिन्दा पैशून्य तज॥
वचनों के दस दोष, सभी पापसंयुक्त हैं।
हित मित प्रिय वच शुद्ध, असंदिग्ध बोलूँ सदा॥
पूजन करूँ विशुद्ध, भाषासमिति महान की।
संशयनाशक शब्द, ही उचरूँ मुख से प्रभो॥

ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीभाषासमितिधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीभाषासमितिधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीभाषासमितिधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( गीतिका )
मोह क्षयकर्ता सुसम्यक् जल जिनागम से मिला।
जन्म-मृत्यु-जरा विनाशक ज्ञानअम्बुज उर खिला॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥१॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

मोहज्वाला विनाशक चंदन जिनागम से मिला।
भवाताप विनाशकर्ता ज्ञानरवि उर में झिला॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥२॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

मोहक्षय के हेतु अक्षत गुण जिनागम से मिला।
स्वपद अक्षय प्राप्त करने को स्वबल उर में खिला॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥३॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

मोहनाशक पुष्प पावन श्री गुरुवर से मिले।
कामबाण विनाशकर्ता पूज्य मुनिवर भी मिले॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥४॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

मोहनाशक सुचरु रसमय श्री गुरुवर से मिले।
क्षुधारोग विनाशकर्ता पूज्य मुनिवर भी मिले॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥५॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

मोहनाशक स्वदीपक ज्योति गुरुवर से मिली।
उसी क्षण कैवल्य पाने की सुबेला उर झिली॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥६॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

कर्मनाशक धूप पावन श्री गुरुवर से मिले।
अष्टकर्म विनाश की विधि जिनेश्वर से ही मिली॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥७॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

मोहहर फल मुक्तिदाता श्री गुरुवर से मिली।
मोक्षसौख्य प्रधान अधिपति प्रभु जिनेश्वर भी मिले॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥८॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

मोहनाशक अर्घ्य की विधि श्री गुरुवर से मिली।
पद अनर्घ्य महान पाने की कला उर में झिली॥
प्रभो भाषासमिति पालूँ मौन होकर सर्वदा।
अगर बोलूँ तो स्वहित-मित-प्रिय वचन बोलूँ सदा॥९॥
ॐ ह्रीं श्री भाषासमितिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( उपजाति )
कौतूहली बन मरकर भी चेतन, शुद्धात्मा निज अपनी परख लो।
शाश्वत सुखों की यदि चाह है तो, अपने अनंतों गुण तुम निरख लो॥

( वीर )
भाषासमिति पालने वाले ही होते हैं श्री मुनिराज।
हित मित भाषा अथवा महामौनधारी होते ऋषिराज॥१॥
नहीं मोक्ष का राग हृदय में नहीं बंध के प्रति है द्वेष।
निस्पृह निर्ममत्व हैं सबसे बाह्यान्तर निर्ग्रंथ स्ववेश॥२॥
सब प्रकार के अन्तराय को टाल लिया करते भोजन।
तत्क्षण मौन वनों में जाते हो जाते निज ध्यान मगन॥३॥
कोई अर्घ्य उतारे गाली दे या असि से करे प्रहार।
तो भी मुनिवर समभावी रह करते वस्तुस्वरूप विचार॥४॥
उत्तम मध्यम जघन्य करते केशलोच आगम अनुसार।
प्रासुक भू पर रात्रिशयन कुछ अदंतधोवन ही श्रृंगार॥५॥
आदि-आदि गुण अनंत भूषित रत्नत्रयधारी महाराज।
एक दिवस पा ही लेते हैं निज बल से ही निज पदराज॥६॥

( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, भाषासमिति महान।
महामौन गुण प्राप्तकर, करूँ आत्मकल्याण॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीभाषासमितिधारकमुनिराजाय महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( मानव )
कल्याण चाहते हो तो हित मित प्रिय भाषा बोलो।
हितकारी साम्यभावरस अपने अंतर में घोलो॥१॥
रागादिभाव से बचकर रहना तुम मेरे चेतन।
पर परिणति के बहकावे में तुम मत आना चेतन॥२॥
निज परिणति के कहने में तुम चलना सतत् निरंतर।
सम्यक्त्वभावना भाना उर भेदज्ञान ही दृढ़ कर॥३॥
जब समकितनिधि मिल जाए तो निज का अनुभव करना।
चारित्र स्वरूपाचरणी अपने अन्तर में धरना॥४॥
फिर संयम का रथ आए तो उस पर झट चढ़ जाना।
सप्तम-षष्ठम में रहकर शिवपथ पर स्वरथ बढ़ाना॥५॥
श्रेणी चढ़ने की बेला का हो बहुमान हृदय में।
तुम यथाख्यात पाओगे जाओगे आत्मनिलय में॥६॥
घातिया चार क्षय करके अरहंत दशा पा लोगे।
फिर क्षय अघातिया भी कर निजसिद्ध स्वपद झेलोगे॥७॥
जय-गान तुम्हारा गाएँगे इन्द्रादिक सुर किन्नर।
बस एक बार तो कर लो रत्नत्रयभक्ति ध्यानधर॥८॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीभाषासमितिधारकमुनिराजाय जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
भाषासमिति पूजकर मैंने जान लिया है मौन महत्त्व।
धीरे-धीरे प्रभो अवतरित हो जाएगा शुद्ध समत्व॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगम्बरवेश॥

पुष्पांजलिं क्षिपेत्


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ १०७ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))