जयति बाहुबलि स्वामी जय जय, करूँ वन्दना बारम्बार।
निज स्वरूप का आश्रय लेकर आप हुए भव सागर पार॥
हे त्रेलोक्यनाथ, त्रिभुवन में छाई महिमा अपरम्पार।
सिद्ध स्वपद की प्राप्ति हो गई हुआ जगत् में जय जयकार॥
पूजन करने मैं आया हूँ अष्ट द्रव्य का ले आधार।
यही विनय है चारों गति के दुख से हो मेरा उद्धार॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिन् अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिन् अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिन् अत्र मम् सन्निहितो भव भव वषट्।
उज्ज्वल निर्मल जल प्रभु पद पंकज में आज चढ़ाता हूँ।
जन्म मरण का नाश करूँ आनन्दकन्द गुण गाता हूँ॥
श्री बाहुबलिस्वामी प्रभु चरणों में शीश झुकाता हूँ।
अविनश्वर शिव सुख पाने को नाथ शरण में आता हूँ॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
शीतल मलय सुगन्धित पावन चन्दन भेंट चढ़ाता हूँ।
भव आताप नाश हो मेरा ध्यान अपका ध्याता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
उत्तम शुभ्र अखण्डित तन्दुल हर्षित चरण चढ़ाता हूँ।
अक्षयपद की सहज प्राप्ति हो यही भावना भाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने अक्षयपद प्राप्तये अक्षतं निर्वपामीति स्वाहा।
काम शत्रु के कारण अपना शील स्वभाव न पाता हूँ।
काम भाव का नाश करूँ मैं सुन्दर पुष्प चढ़ाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
तृष्णा की भीषण ज्वाला से प्रति पल जलता जाता हूँ।
क्षुधारोग से रहित बनूँ मैं शुभ नैवेद्य चढ़ाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
मोह ममत्व आदि के कारण सम्यक् मार्ग न पाता हूँ।
यह मिथ्यात्वतिमिर मिट जाये प्रभुवर दीप चढ़ाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने मोहान्धकार विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
है अनादि से कर्मबन्ध दुखमय न प्रथक् कर पाता हूँ।
अष्टकर्म विध्वंस करूँ अतएव सु धूप चढ़ाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने अष्टकर्म विनाशनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
सहज सम्पदा युक्त स्वयं होकर भी भव दुख पाता हूँ।
परममोक्षपद शीघ्र मिले उत्तम फल चरण चढ़ाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने महामोक्षफल प्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
पुण्यभाव से स्वर्गादिक पद बार बार पा जाता हूँ।
निज अनर्घपद मिला न अब तक इससे अर्घ चढ़ाता हूँ॥श्री बाहु.॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने अनर्घ्यपद प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
आदिनाथ सुत बाहुबली प्रभु मात सुनन्दा के नन्दन।
चरम शरीरी कामदेव तुम पोदनपुर पति अभिनन्दन॥
छह खण्डों पर विजय प्राप्तकर भरत चढ़े वृषभाचल पर।
अगणितचक्री हुए नाम लिखने को मिला न थल तिलभर॥
मैं ही चक्री हुआ अहं का मान धूल हो गया तभी।
एक प्रशस्ति मिटाकर अपनी लिखी प्रशस्ति स्वहस्त जभी॥
चले अयोध्या किन्तु नगर में चक्र प्रवेश न कर पाया।
ज्ञात हुआ लघु भ्रात बाहुबलि सेवा में न अभी आया॥
भरत चक्रवर्ती ने चाहा बाहुबली अधीन रहे।
ठुकराया आदेश भरत का तुम स्वतंत्र स्वधीन रहे॥
भीषण युद्ध छिड़ा दोंनों भाई के मन संतप्त हुए।
दृष्टि, मल्ल, जल, युद्ध, भरत से करके विजयी आप हुए॥
क्रोधित होकर भरत चक्रवर्ती ने चक्र चलाया है।
तीन प्रदक्षिणा देकर कर में चक्र आपके आया है॥
विजय चक्रवर्ती पर पाकर उर वैराग्य जगा तत्क्षण।
राजपाट तज ऋषभदेव के समवशरण को किया गमन॥
धिक् धिक् यह संसार और इसकी असारता को धिक्कार।
तृष्णा की अनन्त ज्वाला में जलता आया है संसार॥
जग की नश्वरता का तुमने किया चिंतवन बारम्बार।
देह भोग संसार आदि से हुई विरक्ति पूर्ण साकार॥
आदिनाथ प्रभु से दीक्षा ले व्रत संयम को किया ग्रहण।
चले तपश्या करने वन में रत्नत्रय को कर धारण॥
एक वर्ष तक किया कठिन तप कायोत्सर्ग मौन पावन।
किंतु खटक थी एक हृदय में भरत भूमि पर है आसन॥
केवलज्ञान नहीं हो पाया अल्पराग ही के कारण।
परिषह शीत ग्रीष्म वर्षादिक जय करके भी अटका मन॥
भरत चक्रवर्ती ने आकर श्री चरणों में किया नमन।
कहा कि वसुधा नहीं किसी की मान त्याग दो हे भगवन्॥
तत्क्षण राग विलीन हुआ तुम शुक्ल ध्यान में लीन हुए।
फिर अन्तरमुहुर्त में स्वामी मोह क्षीण स्वाधीन हुए॥
चार घातिया कर्म नष्ट कर आप हुए केवलज्ञानी।
जय जयकार विश्व में गूंजा जगती सारी मुस्कानी॥
झलका लोकालोक ज्ञान में सर्व द्रव्य गुण पर्यायें।
एक समय में भूत भविष्यत् वर्तमान सब दर्शायें॥
फिर अघातिया कर्म विनाशे सिद्ध लोक में गमन किया।
पोदनपुर से मुक्ति हुई तीनों लोकों ने नमन किया॥
महामोक्ष फल पाया तुमने ले स्वभाव का अवलम्बन।
हे भगवान् बाहुबलि स्वामी कोटि कोटि शत् शत् वन्दन॥
आज आपका दर्शन करने चरणों में मैं आया हूँ।
शुद्ध स्वभाव प्राप्त हो मुझको यही भाव भर लाया हूँ॥
भाव शुभाशुभ भव निर्माता शुद्ध भाव का दो प्रभु दान।
निज परणति में रमण करूँ प्रभु हो जाऊँ मैं आप समान॥
समकित दीप जले अन्तर में तो अनादि मिथ्यात्व गले।
राग-द्वेष परणति हट जाये पुण्य पाप संताप टले॥
त्रैकालिक ज्ञायक स्वभाव का आश्रय लेकर बढ़ जाऊँ।
शुद्धात्मानुभूति के द्वारा मुक्ति शिखर पर चढ़ जाऊँ॥
मोक्ष लक्ष्मी को पाकर भी निजानन्द रसलीन रहूँ।
सादि अनन्त सिद्ध पद पाऊँ सदा सुखी स्वाधीन रहूँ॥
आज आप का रूप निरखकर निज स्वरूप का भान हुआ।
तुम सम बने भविष्यत् मेरा यह दृड़ निश्चय ज्ञान हुआ॥
हर्ष विभोर भक्ति से पुलकित होकर की है यह पूजन।
प्रभु पूजन का सम्यक् फल हो कटें हमारे भव बन्धन॥
चक्रवर्ती इन्द्रादिक पद की नहीं कामना है स्वामी।
शुद्ध बुद्ध चैतन्य परम पद पायें हे अन्तरयामी॥
ॐ ह्रीं श्री जिन बाहुबलिस्वामिने अनर्घ्यपद प्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
घर घर मंगल छाये जग में वस्तु स्वभाव धर्म जानें।
वीतराग विज्ञान ज्ञान से शुद्धातम को पहिचानें॥
॥पुष्पांजलिम् क्षिपेत्॥
Artist: कवि राजमल जी पवैया
स्रोत: करलो जिनवर की पूजन (पंडित सदासुख ग्रन्थमाला, अजमेर), पृष्ठ २४३ से २४६