श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्र पूजन (कविराज राजमल पवैया) | Shri Ayodhya Atishaykshetra Pujan (Rajmal Pavaiya)

शाश्वत तीर्थ अयोध्या नगरी जन्मक्षेत्र तीर्थंकर का।
जन्मोत्सव तीनों कालों में होता है श्री जिनवर का॥
हुन्डावसर्पिणी काल में अंतर पड़ जाता है कुछ स्वयमेव।
वर्तमान में जन्में केवल पांच तीर्थंकर जिनदेव॥
ऋषभ अजित अभिनंदन सुमति अनंतनाथ भगवान महान।
इसी भूमि पर जन्मे थे प्रभु करूँ वंदना भाव प्रधान॥
जलफलादि वसुद्रव्य सजाकर पूजन करूँ हृदय से नाथ।
निजस्वभाव की महिमा आए आत्मध्यान कर बनू सनाथ॥

ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्र अत्र मम् सन्निहितो भव भव वषट्

(अष्टक)

आशा तृष्णा मृगमरीचि का सम अनंत दुख की दाता।
पल भर को भी तृप्ति न पाई कभी न पाई सुख साता॥
ऋषभ जिनेश अजित अभिनंदन सुमति अनंतनाथ भगवन।
गर्भ जन्म तप भूमि अयोध्या को मेरा शत शत वंदन॥१॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्यु विनाशनाय जलं नि.।

पाप पुण्य की ज्वाला मे ही भव अनंत बीते स्वामी।
भवाताप से रहित कभी भी हुआ नहीं अंतर्यामी॥ऋषभ.२॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशय क्षेत्रेभ्यो संसारताप विनाशनाय चंदनं नि।

घोर कृष्ण लेश्या परिणामों से मैं कभी नहीं ऊबा।
कैसे पार करूँ हे स्वामी भव समुद्र में ही डूबा॥ऋषभ.३॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्ताय अक्षतं नि।

कामबाण की महा व्यथा का अब तक अन्त नहीं पाया।
सहज शील तरुवर की मैंने कभी नहीं पायी छाया॥ऋषभ४॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि।

पर द्रव्यों की भूख न अब तक पलभर को भी मिटी नहीं।
विषय कषायों की अभिलाषा लेशमात्र भी घटी नहीं।ऋषभ.५॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि।

तीव्र मोहतम के कारण निज पर का भेद नहीं जाना।
सम्यक्ज्ञान बिना मैंने निज को न अभी तक पहचाना॥ऋषभ.६॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि।

कर्माष्टक का चक्र भयंकर चारों गतियों का दाता।
एक आंट भी खुली न अबतक पर से ही जोड़ा नाता॥ऋषभ.७॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं नि।

सहज मुक्ति संपदा सुफल की कभी न मैंने अर्चा की।
निजस्वभाव की ओर न देखा कभी न निज की चर्चाकी॥ऋषभ८॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशयक्षेत्रेभ्यो मोक्षफलप्राप्ताय फलं नि।

भ्रम के मेघ घिरे अनादि से आत्म द्रव्य भी लखा नहीं।
निश्चयपद अनर्घ्य की महिमा का फल मैंने चखा नही॥ऋषभ.९॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या अतिशय क्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पदप्राप्ताय अर्घ्य नि।

(पंच तीर्थंकर अर्घावलि)

कर्म भूमि के आदिकाल में ऋषभ देव ने जन्म लिया।
नाभिराय कुलकर के नंदन मरूदेवी उर धन्य किया॥१॥
सोलह स्वप्न लखे माता ने भव्य गर्भ कल्याण हुआ।
आए प्रभु सर्वार्थ सिद्धि से देवों का जयगान हुआ॥२॥
चैत्र कृष्ण नवमी को जन्में त्रिभुवन ने आनंद लिया।
गिरि सुमेरू अभिषेक महोत्सव इन्द्रों ने संपन्न किया॥३॥
नीलांजना विलय को लखकर तत्क्षण हृदय विराग हुआ।
लौकान्तिक देवों के द्वारा प्रभु का जय जय नाद हुआ॥४॥
अक्षय बट पर दीक्षाधारी केवलज्ञान महान लिया।
गिरि कैलाश शिखर अष्टापद से प्रभु ने निर्वाण लिया॥५॥
ॐ ह्रीं श्री प्रथमतीर्थङ्कर ऋषभदेव जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

अजितनाथ प्रभु ने साकेतपुरी को परम पवित्र किया।
सुरपति सुरदल सहित पधारे जन्म महोत्सव पूर्ण किया॥१॥
जब वैराग्य जगा लौकान्तिक देवों ने जयकार किया।
नृप जितशत्रु सु माता विजया के प्रांगण को धन्य किया॥२॥
बीत गई छद्मस्थ अवस्था केवलज्ञानी हुए महान।
विचरण करके देश देश में किया भव्य जन का कल्याण॥३॥
मुक्त हुये सम्मेदाचल से सिद्धस्वपद से युक्त हुये।
गुण अनंत प्रगटाए प्रभु ने सिद्ध शिला संयुक्त हुये॥४॥
ॐ ह्रीं श्री द्वितिय तीर्थङ्कर अजितनाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

अभिनंदन प्रभु का जन्मोत्सव हुआ विनीता में पावन।
पिता स्वयंवर माँ सिद्धार्थ के उर से जन्में भगवन॥१॥
अभिनंदन प्रभु से साकेतपुरी की भूमि पवित्र हुई।
गिरि सुमेरू पर इन्द्रों द्वारा सारी क्रिया विचित्र हुई॥२॥
राज्यपाट तज दीक्षाधारी पंच महाव्रत किये ग्रहण।
केवलज्ञान प्राप्तकर स्वामी निजानन्द मे हुए मगन॥३॥
पाप पुण्य आश्रव अभाव कर वीतराग अरहंत हुए।
मुक्त हुये सम्मेदशिखर से मुक्ति कंत भगवंत हुये॥४॥
ॐ ह्रीं श्री चतुर्थ तीर्थङ्कर अभिनन्दननाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

सुमतिनाथ ने नगर अयोध्या के वैभव का किया विकास।
पिता मेघप्रभ मात मंगला के घर जन्में किया प्रकाश॥१॥
देवो ने मंगल उत्सवकर गिरि सुमेरू अभिषेक किया।
ऐरावत पर लाए प्रभु को मात पिता को सौंप दिया॥२॥
राजपाट तज दीक्षाधारी भव भोगों से हुये उदास।
तपके द्वारा यथाख्यात चारित्र प्राप्तकर किया विकास॥३॥
शुक्ल ध्यान धर श्रेणी चढ़कर केवलज्ञान महान लिया।
मोक्ष गए सम्मेदशिखर से पद प्रधान निर्वाण लिया॥४॥
ॐ ह्रीं श्री पंचम तीर्थङ्कर श्री सुमतिनाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

माँ जयश्यामा सिंहसेन नृप के घर गूंजी शहनाई।
प्रभु अनंत के जन्मोत्सव पर बजी बधाई सुखदायी॥१॥
सुरपति ने सुरगिरि लेजाकर किया जन्म अभिषेक महान।
नगर विनीता के घर घर में गूंजे प्रभु के मंगलगान॥२॥
राज्यादिक वैभव को तजकर ले वैराग्य हुये दीक्षित।
केवलज्ञानलब्धि प्रगटाई पूरा विश्व हुआ हर्षित॥३॥
मतिश्रुतअवधि जन्म से ही था त्रिभुवन को मंगलकारी।
दीक्षा लेते ही पाया था ज्ञान मनःपर्यय भारी॥४॥
वीतराग अर्हंत अवस्था पाई जग कल्याण किया।
गिरि सम्मेदशिखर पर्वत से प्रभु ने पद निर्वाण लिया॥५॥
ॐ ह्रीं श्री चतुर्दशम तीर्थङ्कर श्री अनन्तनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

(जयमाला)

तीर्थंकर की जन्म भू अति पावन सुखधाम।
है सरयू के तीर पर पुरी अयोध्या नाम॥
ऋषभ अजित अभिनन्दन सुमति अनंतनाथ की जन्म धरा।
पुरी अयोध्या ही तो है साकेत, विनीता नाम खरा॥१॥
इक्ष्वाकु कुल मे जन्मे श्री रामचन्द्रजी दशरथ पुत्र।
रघुकुल भूषण न्यायवान मर्यादा पुरूषोत्तम सुपवित्र॥२॥
अष्टम थे बलभद्र आप नारायण थे लक्ष्मण भ्राता।
महासती सीताराणी थीं तीन लोक मे विख्याता॥३॥

प्रिय भ्राता लक्ष्मण का लख देहावसान हो गए उदास।
छह महिने तक मोहभाव से रखा देह को अपने पास॥४॥
देव कृतान्तवक्र सेनापति संबोधन करने आया।
मोह आपका दूर हो गया उर वैराग्य भाव छाया॥५॥
दीक्षा लेकर गए महावन मे फिर घोर तपस्या की।
पहिला दूजा शुक्ल ध्यान धर नष्ट विभाव समस्या की॥६॥
केवलज्ञान प्राप्त कर स्वामी जिन सर्वज्ञ महान हुय।
तुंगीगिरि से मोक्ष प्राप्तकर परम सिद्ध भगवान हुये॥७॥
सीताजी ने राज्य पाट तज दीक्षा ले तप किया महान।
अच्युत स्वर्ग सोलवाँ पाया हुई प्रतीन्द्र महा गुणवान॥८॥
लवकुश सुत भी हुए दीक्षित पावागढ़ से मुक्त हुए।
रघुकुल के कितने ही राजा सिद्ध स्वपद से युक्त हुए॥९॥
जन्म अयोध्या नगरी में ले जिनने सिद्ध स्वपद पाया।
उन सबको मेरा वंदन है सफल हुई मन वच काया॥१०॥
भरत क्षेत्र के सभी तीर्थंकर लेते हैं जन्म यहाँ।
पर अवसर्पिणी काल मे पड़ता है थोड़ा व्यवधान यहाँ॥११॥
क्षेत्र अयोध्या पूजन करके उरमें छाया है उल्लास।
निज स्वभाव का साधन लेकर सिद्धपुरी में करूँ निवास॥१२॥
कुछ भी नहीं असंभव जग में यदि पुरूषार्थ जागृत हो।
तभी सफलता चरण चूमती जब उद्यम का स्वागत हो॥१३॥
मैं भी तत्त्वज्ञान का उद्यम करके निज स्वरूप ध्याऊँ।
द्रव्य दृष्टि बन पर्यायों से दृष्टि हटा शिव पद पाऊँ॥१४॥
ॐ ह्रीं श्री अयोध्या, (साकेत, विनीतापुरी) अतिशयक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्ताय अर्घ्यं नि।

तीर्थ अयोध्या शाश्वत जिनवर पद उर धार।
श्रमकर जो पद श्रमण ले हो जावेभवपार॥
इत्याशीर्वादः पुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं अयोध्या अतिशय क्षेत्रेभ्यो नमः।


स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १०५ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))