श्री अमूढ़ दृष्टि अंग पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Amoodh Drishti Ang Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( रोला )
अंग अमूढ़दृष्टि की पूजन करता हूँ प्रभु।
तीन मूढ़ताएँ विवेक से हरता हूँ विभु॥
देवमूढ़ता है अनादि से भवदुःखकारी।
गुरुमूढ़ता है सदैव से अनिष्टकारी॥
लोकमूढ़ता देखा-देखी कुछ भी करना।
आत्मधर्म की महिमा अपने हाथों हरना॥
इन तीनों का त्याग करूँ मिथ्यातम नाशूँ।
सम्यग्दर्शन पूर्ण भावमय हृदय प्रकाशूँ॥

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य अमूढ़दृष्टि अंग अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य अमूढ़दृष्टि अंग अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य अमूढ़दृष्टि अंग अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( विधाता )
साम्यभावी स्वजल लाऊँ परम निर्मल मैं हो जाऊँ।
जन्म-मरणादि दुःख क्षयकर शाश्वत ध्रौव्य सुख पाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥१॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी स्वचंदन की सुगंधित निज पवन लाऊँ।
राग संसार का क्षयकर शाश्वत ध्रौव्य सुख पाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥२॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी स्वअक्षत पा करूँ मैं पार भवसागर।
स्वपद अक्षय प्रकट करके ध्रौव्य सुख लाभ हो सत्वर॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥३॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी कुसुम लाऊँ काम की पीर विनशाऊँ।
महा गुण लाख चौरासी शीघ्र उर मध्य प्रगटाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥४॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी स्वरसमय चरु भावना पूर्वक लाऊँ।
क्षुधा का रोग विनशाऊँ शाश्वत ध्रौव्य सुख पाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥५॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी दीप जगमग हृदय में नाथ प्रगटाऊँ।
मोह मिथ्यात्व की आँधी सदा को नाथ विघटाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥६॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी धूप लाऊँ कर्म सम्पूर्ण विघटाऊँ।
प्रभो निर्भार हो जाऊँ शाश्वत ध्रौव्य सुख पाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥७॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी स्वरसमय फल अंतरंगी हृदय लाऊँ।
मोक्षफल प्राप्तकर के प्रभु शाश्वत ध्रौव्य सुख पाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥८॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभावी अर्घ्य अनुपम भावमय शीघ्र ही लाऊँ।
स्वपद पाऊँ अनर्घ्य अपना शाश्वत ध्रौव्य सुख पाऊँ॥
तजूँ मिथ्यात्व पाँचों प्रभु पंच प्रत्यय पे जय पाऊँ।
अमूढ़दृष्टि बनूँ स्वामी पूर्ण समकित हृदय लाऊँ॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महाअर्घ्य
( शार्दूलविक्रीडित )
जो हैं मूढ़ अजान जीव वे ही सुख खोजते बाह्य में।
शाश्वत सुख तो है सदैव भीतर उनको पता ही नहीं॥१॥
यदि निरखें निज आत्मतत्त्व को तो दृष्टिबदल जाएगी।
पाएँगे सुख स्रोत सिन्धु निज में आत्मा सँभल जाएगी॥२॥
शाश्वत तो है आत्मतत्त्व केवल संसार है नाशमय।
इसका ही आश्रय महान सुन्दर सम्यक्त्वदाता सदा॥३॥
इसका ही श्रद्धान ज्ञान हो तो वैराग्य आता हृदय।
इसमें ही यदि रमण सतत् हो तो चरित्र है ज्ञानमय॥४॥

( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, तजूँ मूढ़ता देव।
सम्यग्दर्शन प्राप्तकर, सिद्ध बनूँ स्वयमेव॥५

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महाअर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला
( वीर )
तत्त्वों में रुचिवंत पुरुष मूढ़ता रहित करते श्रद्धान।
उपादेय निज, हेयतत्त्व पर, की करते सम्यक् पहिचान॥१॥
सम्यग्दर्शन श्रेष्ठरत्न है खंडित होता कभी नहीं।
सम्यग्दृष्टि मूढ़भावों से मंडित होता कभी नहीं॥२॥
देवाभास नहीं है उर में धर्माभास नहीं उर में।
नहीं गुरु आभास हृदय में आत्मधर्म है निजपुर में॥३॥
पर परिणति के भँवरजाल में मूढ़दृष्टि फँस जाते हैं।
और अंततोगत्वा मरकर वे निगोद दुःख पाते हैं॥४॥
निज परिणति की संगति पाकर जो भी निज को ध्याते हैं।
सम्यग्दृष्टि वही होते हैं भवभ्रम पूर्ण मिटाते हैं॥५॥
निश्चय का ही अवलंबन है रंच नहीं व्यवहाराभास।
कुगुरु कुदेव कुधर्ममूढ़ता का क्षय कर दूँ दुःखमय त्रास॥६॥
जो विमूढ़ हैं पर में उसके भीतर बैठा है अज्ञान।
विविध मूढ़ताओं से दूषित कैसे पाएँ सम्यग्ज्ञान॥७॥
बनूँ अमूढ़दृष्टि मैं भी प्रभु सम्यग्दर्शन पाऊँ पूर्ण।
स्वानुभूति से परिणय करके शाश्वत सुख पाऊँ अपूर्ण॥८॥
मिथ्यामार्गी कुमार्गियों की कभी प्रशंसा करूँ नहीं।
मन वच काया से इनकी अणुभर अनुशंसा करूँ नहीं॥९॥
समकित का यह अंग पाँचवाँ सत्पथ देता है बिन श्रम।
भेद ज्ञान विज्ञान पूर्वक ही होता यह परमोत्तम॥१०॥

ॐ ह्रीं श्री अमूढ़दृष्टिअंगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
अंग अमूढ़दृष्टि की पूजन करके सम्यक् पथ पाऊँ।
निर्मल सम्यग्दर्शन पाकर मोक्षमार्ग पर आ जाऊँ॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्
卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ३८ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))