श्री अहारजी सिद्धक्षेत्र पूजन (कविराज राजमल पवैया) | Shri Aharji Siddhakshetra Pujan (Rajmal Pavaiya)

श्री अहार जी क्षेत्र मनोहर सिद्धक्षेत्र महिमाशाली।
शान्तिनाथ प्रभु की जिन प्रतिमा अतिविशाल वैभवशाली॥
यहाँ बहत्तर जिन प्रतिमाएँ त्रय चौबीसी की अति भव्य।
है प्राचीन जिनालय सातों कलापूर्ण अतिपावन दिव्य॥
मुक्त हुए दो केवली यहाँ से उनके चरणाम्बुज बंदूँ।
इन सबकी पूजन करके प्रभु निज स्वभाव को अभिनंदूँ॥

ॐ ह्रीं श्री सिद्धक्षेत्र अहार जी अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री सिद्धक्षेत्र अहार जी अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री सिद्धक्षेत्र अहार जी अत्रमम सन्निहितो भव भव वषट्।

(अष्टक)

तत्वज्ञान के पावन जल से प्रभू के चरण पखारूँ मैं।
भेदज्ञान की ज्योति प्राप्त कर अपनी ओर निहारूँ मैं॥
श्री अहार जी की पूजन कर भक्ति सहित हर्षाऊँ मैं।
मुक्त हुए केवली यहाँ दो उनके ही गुण गाऊँ मैं॥१॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं नि.।

तत्वज्ञान का अनुपम चंदन ले शीतलता पाऊँ मैं।
भेदज्ञान की ज्योति प्राप्तकर भवआताप नशाऊँ मैं॥श्री॥२॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो संसारतापविनाशनाय चंदनं नि.।

तत्वबोधि के अनुपम पावन अक्षय तंदुल लाऊँ मैं।
भेदज्ञान की ज्योति प्राप्तकर भवका भ्रमण मिटाऊँ मैं॥श्री॥३॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्तये अक्षतं नि.।

तत्वबोधि के पुष्प सुगंधित निज स्वभाव मय लाऊँ मैं।
भेदज्ञान की ज्योति प्राप्तकर भवका भ्रमण मिटाऊँ मैं॥श्री॥४॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।

आत्मज्ञान नैवेद्य भावमय सरस सुपावन लाऊँ मैं।
भेदज्ञान की ज्योति प्राप्तकर क्षुधारोग विनशाऊँ मैं॥श्री॥५॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।

आत्मज्ञान दीपक प्रकाश मय निज अंतर में लाऊँ मैं।
भेदज्ञान की ज्योति प्राप्तकर मोह तिमिर विनशाऊँ॥श्री॥६॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि.।

आत्मध्यान की धूप जलाऊँ सम्यक्पथ पर आऊँ मैं।
यथाख्यात चारित्र प्राप्तकर अष्टकर्म विनशाऊँ मैं॥श्री.॥७॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं नि.।

योग निरोध शक्ति के द्वारा देह रहित हो जाऊँ मैं।
अंतिम शुक्ल ध्यान के द्वारा महा मोक्षफल पाऊँ मैं॥
श्री अहार जी की पूजन कर भक्ति सहित हर्षाऊँ मैं।
मुक्त हुये केवली यहाँ दो उनके ही गुण गाऊँ मैं॥८॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोक्षफलप्राप्ताय फलं नि.।

गुण अनंत पाने को स्वामी वसुविधि अर्घ्य सजाऊँ मैं।
भाव द्रव्य जो कर्म नाशक पद अनर्घ्य प्रगटाऊँ मैं॥श्री.९॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पदप्राप्ताय अर्घ्य नि.।

(जयमाला)

श्री अहार जी क्षेत्र को धर ध्यान वंदूँ।
दर्शन पूजन पाठकर करूँ आत्म कल्याण॥
जंबूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे मध्यप्रदेश प्रान्त सुन्दर।
श्री अहार जी सिद्धक्षेत्र है अति प्राचीन जैन मंदिर॥१॥
मल्लिनाथ के तीर्थकाल मे कामदेव श्री मदनकुमार।
इसी क्षेत्र से मुक्त हो गए पाया सिद्ध स्वपद अविकार॥२॥
महावीर के तीर्थकाल मे श्री मुनीश्वर विषकंवल।
अंतःकृत केवली हुए अष्टम पाया निर्वाण सबल॥३॥
शान्तिनाथ की पावन प्रतिमा भव्यविशाल मनोहारी।
तीनकाल की श्रीजिन चौबीसी के दर्शन मनहारी॥४॥
पाड़ाशाह सेठ ने बनवाए जिन मंदिर महाविशाल।
मुनि पूजन करके होता है भव्य जनों का हृदय निहाल॥५॥
मानस्तंभ यहाँ दो सुन्दर सिद्ध गुफा है अतिप्राचीन।
छोटे से पर्वत पर जिन मुनिचरण बने हैं अर्वाचीन॥६॥
श्री मुनियों के चरण कमल मे शीश झुकाऊँ बारंबार।
जिस पद पर चल मुक्त हुए प्रभु मैं भी चलू त्याग संसार॥७॥
मुनिराजो का प्रचुर स्वसंवेदन है अनुपम वचनातीत।
सर्व कषायों का अभावकर हो जाते है भावातीत॥८॥
परीषहजयी मार्ग संवर के द्वारा क्षपक श्रेणि चढ़ते।
उत्तरोत्तर कर्मों की जड़काट मुक्ति नभ मे उड़ते॥९॥
संवर हेतु क्षमादि धर्ममय स्वगुण प्राप्ति उत्तमपुरुषार्थ।
धर्म मोक्ष पुरुषार्थ सकल निजअनुभव से होते सत्यार्थ॥१०॥
दुष्ट आचरण से उपार्जित नामकर्म से बना शरीर।
जन्म जरामय मरण नाशकर हो जाता योगी अशरीर॥११॥
कालजयी संसार जयी विध्वंस कषायों का करते।
पूर्ण निर्जरा सिद्धि प्राप्तकर मुक्ति भवन में पग धरते॥१२॥
साता जनित अल्प भवसुख मे प्राणी जब होता आसक्त।
अंतकाल मे कालग्रास वन होता आर्त्तध्यान संयुक्त॥१३॥
यौवन मे परको मदिरा पी होता रौद्रध्यान से युक्त।
जब वृद्धत्व प्राप्त होता है तो रहता है पर का भक्त॥१४॥
निजस्वरूप का ध्यान नही हो पाता अंतसमय किंचित।
इसीलिए भव भव दुखपाता और अधोगति भी निश्चित॥१५॥
ज्यो समुद्र मे गिरा हुआ मणि पुनः प्राप्त होना दुर्लभ।
त्यों मानव भव मिलना दुर्लभ अरु जिनधर्ममहादुर्लभ॥१६॥
अतः नाथ मैं सम्यक् बोधि महान प्राप्त करने आया।
जिनदर्शन से निजदर्शन करने का भाव उमड़ आया॥१७॥
शांतिनाथ संस्कृत विद्यालय व्रती आश्रम महिलाश्रम।
सरस्वती भंडार मनोरम कई धर्मशाला उत्तम॥१८॥
वन उपवन की हरियाली से सिद्धक्षेत्रयह शोभित है।
सुर किन्नर गंधर्व यक्ष नर मुनियों का मन मोहित है॥१९॥
ऐसा अद्भुत क्षेत्र देखकर ललचाता है अन्तरमन।
मैं भी इसी क्षेत्र पर रहकर करूँ आत्मा का चिंतन॥२०॥
ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्तये अर्घ्य नि.।

श्री अहार जी क्षेत्र की महिमा अपरम्पार।
निज स्वभाव जो साधते हो जाते भवपार॥
इत्याशीर्वादः पुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं श्री अहार जी सिद्धक्षेत्रेभ्यो नमः।


स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ९५ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))