श्री आदिनाथ महावीर सीमन्धर पूजन | Shri Adinath Mahavir Simandhar Pujan

स्थापना (छन्द-रोला)
हे आदीश्वर महावीर, सीमन्धर स्वामी।
महाभाग्य से दर्शन पाया, त्रिभुवननामी॥
करूँ समुच्चय पूजन, जिनवर हृदय विराजो।
ध्याऊँ ध्येय स्वरूप, आप सम ही है प्रभु जो॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रसमूह! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रसमूह! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रसमूह! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।

(छन्द-अवतार)
जल मलहारी पर नाथ, अन्तर्मल न हरे।
तव सम्यक् भक्ति भाव, जन्म जरादि हरे॥
मन में धर ऐसा भाव, पूजूँ आनन्दकर।
प्रभु आदिनाथ महावीर, सीमंधर जिनवर॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यः जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

चन्दन की शक्ति सु नाहिं, भव आताप हरे।
तव शान्त रूप का ध्यान, मन को शान्त करे॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यः संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

जग में अक्षय कहलाय, उसका क्षय होता।
अक्षय प्रभु ज्ञायक भाव, सहज सदा रहता॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यः अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

प्रभु पंचेन्द्रिय के भोग, भोगत व्यर्थ फँसे।
है ब्रह्मचर्य निर्दोष, काम समूल नशे॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यः कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

नाना विध व्यंजन देव, नहीं क्षुधादि हरें।
समभावमयी रस श्रेष्ठ, शाश्वत् तृप्ति करे॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यः क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

दीपक वा अन्य प्रकाश, अन्तर्तम न हरे।
निर्मोह ज्ञान शिवरूप, मार्ग प्रकाश करे॥
मन में धर ऐसा भाव, पूजूँ आनन्दकर।
प्रभु आदिनाथ महावीर, सीमंधर जिनवर॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यो मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

नहिं धूप-दहन से नाथ, कर्म कलंक जरे।
निष्कर्म निराकुल होय, प्रभु सम ध्यान धरे॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्योऽष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

मुक्तिपथ में आदर्श, प्रभुवर आपहि हो।
तव धर्मतीर्थ अपनाय, जीव स्वयं प्रभु हो॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्यो मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

यह अर्घ अनर्घ सु नाहिं, भाव अनर्घ धरूँ।
पंचमगति अचल अनूप, विभुवर प्राप्त करूँ॥ मन में…॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्योऽनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

दोहा-
भक्ति सहित पूजा रची, गाऊँ अब जयमाल।
द्वन्द-फन्द सब तोरिके, होऊँ नाथ निहाल॥

(छन्द-मानव)
मैं महाभाग्य से पाया, जिनदर्शन मंगलकारी।
है यही भावना स्वामिन्, वर्ते समता सुखकारी॥
इस भरत क्षेत्र में जब थी, शुभ कर्मभूमि आने को।
सर्वार्थसिद्धि से आये, मुक्तिपथ दर्शाने को॥
पितु नाभिराय कुलकर थे, रानी मरुदेवी माता।
कल्याणक देव मनाये, पाई सबने सुखसाता॥
राज्यावस्था में तुमने, लौकिक जीवन सिखलाया।
फिर निधन सुरी का लखकर, निर्ग्रन्थ मार्ग अपनाया॥
श्रेयांस नृपति के आँगन, इक्षु रस पान कराया।
अक्षय तृतीया के शुभ दिन, प्रभु दान तीर्थ वर्ताया॥
तुम सहस्र वर्ष तप कीना, फिर घाति कलंक नशाया।
प्रगटा था अनन्त चतुष्टय, प्रभु धर्मतीर्थ प्रगटाया॥
कैलाश शिखर शिव पाया, आदीश्वर आनन्दकारी।
है यही भावना स्वामिन् वर्ते समता सुखकारी॥
अन्तिम तीर्थंकर सन्मति हो सबको सन्मति दाता।
वर्धमान वीर अतिवीर महावीर नाम विख्याता॥
पर्याय सिंह की स्वामिन् सम्यग्दर्शन प्रगटाया।
फिर दशवें भव में प्रभुवर रत्नत्रय पूर्ण कराया॥
हो बालयती हे विभुवर भव भोगों को ठुकराया।
हे शासननायक! सुखमय निर्ग्रन्थ मार्ग अपनाया॥
पावापुर से शिव पाया हम नमन करें अविकारी।
है यही भावना स्वामिन् वर्ते समता सुखकारी॥
हो विद्यमान तीर्थंकर पूरव विदेह के स्वामी।
मैं भरतक्षेत्र में पूजूँ तुमको हे अन्तर्यामी॥
हैं यहाँ नहीं तीर्थंकर चौबीसों मुक्ति पधारे।
स्मरण तुम्हारा आया प्रभुवर हो नाथ हमारे॥
सीमंधर जिन को पूजूँ अपनी सीमा में आऊँ।
दुःखमय परिग्रह को त्यागूँ निर्ग्रन्थ मार्ग अपनाऊँ॥
वैभाविक कर्म नशावें होऊँ अक्षय गुणधारी।
है यही भावना स्वामिन् वर्ते समता सुखकारी॥

(छन्द-धत्ता)
जय जय सुखसागर सुगुण उजागर, चरण शरण सब दुःखहारी।
मैं निजपद ध्याऊँ, शिवपद पाऊँ, सफल भावना हो म्हारी॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-महावीर-सीमन्धरजिनेन्द्रेभ्योऽनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

सोरठा-
तीर्थंकर त्रय पूज, सहजानंद उर में भयो।
वांछा और न दूज, हो भविष्य प्रभु आप सम॥

(पुष्पाञ्जलिं क्षिपामि)


स्रोत: अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री), पृष्ठ १७४ (अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री) | Adhyatma Pujanjali (Dr. Mukesh Tanmay Shastri))