श्री आदिनाथ बाहुबली भरतेश्वर पूजन | Shri Adinath Bahubali Bharateshwar Pujan

स्थापना (छन्द-वीर)

भरतक्षेत्र के वर्तमान के, आदि तीर्थंकर ऋषभेश्वर।
आदि मदन पद प्राप्त बाहुबली, चक्री आदि सु भरतेश्वर॥
दर्शन करते अहो जिनेश्वर, भक्ति भाव उर उमगाया।
करूँ समुच्चय पूजन मैं भी, जिनपद पाने ललचाया॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रसमूह! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रसमूह! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रसमूह! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।

(छन्द-ताटंक)

जन्म मरण का चक्र मिटाने, आया प्रभुवर जल लेकर।
अविनाशी ध्रुव पद आराधूँ, भाऊँ भावना मंगलकर॥
हे आदीश्वर! हे बाहुबली, हे भरत जिनेश्वर जगनामी।
भक्तिभाव से करूँ अर्चना, अपनी निधि पाऊँ स्वामी॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

चंदन में कुछ शक्ति नहीं है, रागाताप मिटाने की।
उसे चढ़ाकर जगी लालसा, प्रभु शीतलता पाने की॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो भवातापविनाशनाय चन्दनं निर्व. स्वाहा।

अक्षय है केवल निज स्वभाव, स्वाभाविक प्रभुता ही अक्षय।
पूजूँ अक्षत से यही भाव क्षत-भावों का हो जावे क्षय॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्योऽक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्व. स्वाहा।

ये भोग रोग की खान दिखें, अब यही भाव निष्काम रहूँ।
श्रद्धा के सुमन समर्पित हैं, प्रभु चाह दाह में नहीं दहूँ॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्व. स्वाहा।

हे अनाहार! हे परमतृप्त! नैवेद्य चढ़ाऊँ भक्ति पगा।
समरस पीते नित तृप्त रहूँ, पूजन करते यह भाव जगा॥
हे आदीश्वर! हे बाहुबली, हे भरत जिनेश्वर जगनामी।
भक्तिभाव से करूँ अर्चना, अपनी निधि पाऊँ स्वामी॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्व. स्वाहा।

हे केवलज्ञान प्रकाशमयी! मैं भी ऐसा प्रकाश पाऊँ।
निर्मोही हो, निर्ग्रन्थ रहूँ बस निज स्वभाव में रम जाऊँ॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्व. स्वाहा।

ऐसा पुरुषार्थ जगे स्वामी, मैं निर्मल आतम ध्यान धरूँ।
निष्कर्म दशा प्रगटे अनुपम, वैभाविक परिणति दूर करूँ॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

अरे भोगते कर्मों के फल, मैं चिरकाल गंवाया है।
मुक्तस्वरूप! लहूँ मुक्तिफल भाव यही उर आया है॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्यो मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

अद्भुत आतम वैभव स्वामिन्! प्रगट दिखाया है तुमने।
ऐसा निज वैभव पाने को यह अर्घ चढ़ाया है मैंने॥हे आदी.॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वरजिनेन्द्रेभ्योऽनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

(दोहा)

दोहा- कर्मभूमि की आदि में, किया स्व-पर कल्याण।
अद्भुत जीवन आपका, पाया पद निर्वाण॥

(तर्ज : अहो जगत गुरूदेव)

पंचकल्याणक पूज्य ऋषभदेव जिनराजा।
साँचे दीनदयाल, तारण-तरण जिहाजा॥

राज्यावस्था माँहिं, लोक रीति वर्तायी।
निधन सुरी अवलोक, तत्त्व भावना भायी॥
मुनि दीक्षा अवधार, मार्ग प्रवर्तन कीना।
नृप श्रेयांस कुमार, प्रथमाहार सु दीना॥
सहस्र वर्ष तप कीन, घाति कर्म नशाये।
दर्श ज्ञान सुख वीर्य, प्रभु अनन्त प्रगटाये॥
समवशरण के माँहिं, नाथ दिव्य ध्वनि द्वारा।
प्रगटा मुक्तिमार्ग, धर्मतीर्थ सुखकारा॥
पूर्व चौरासी लाख, आयु पूर्ण कर स्वामी।
आतम गुण विलसाय, आप हुए शिवगामी॥
बाहुबली भगवान, अनुपम चरित तुम्हारा।
पढ़ते सुनते देव! भासे जगत असारा॥
युद्ध क्षेत्र के माँहि, तुम वैराग्य विचारा।
अहो सहज निर्द्वन्द्व, निर्ग्रन्थ पद स्वीकारा॥
नहीं आहार-विहार, आसन अचल लगाया।
माने जग आश्चर्य, चक्री शीश नवाया॥
क्षपक श्रेणि चढ़ आप, अनन्त चतुष्टय लीना।
ऋषभदेव से पूर्व, शिवपुर गमन सु कीना॥
पूजा कर जिनराज, आनन्द उर न समाये।
नाशे मिथ्या मोह, रत्नत्रय प्रगटाये॥
धन्य धन्य भरतेश, तुम गुण कैसे गाऊँ।
अहो आप सम आप, पूजा कर हर्षाऊँ॥

करी दिग्विजय आप, चक्र सुदर्शन लेकर।
नृपति सहस बत्तीस, मानी आज्ञा सुखकर॥
नव निधि, चौदह रत्न, वैभव अपरम्पारा।
हुआ हृदय वैराग्य प्रभु तृण सम परिहारा॥
दीक्षा दिन ही देव, केवलज्ञान सु पाया।
आतम सुख स्वाधीन, अहो आप दर्शाया॥
कर्म चक्र वश जीव, भव भव में भरमाये।
धर्म चक्र जिननाथ, सब दुख द्वन्द्व नशाये॥
मिटे चतुर्गति चक्र, परमानन्द विलसावे।
सिद्ध चक्र में जाय, फिर तो अचल रहावे॥
सहज भाव से होय, प्रभु पूजन सुखकारी।
यही भावना ईश! परिणति हो अविकारी॥

ॐ ह्रीं श्री आदिनाथ-बाहुबली-भरतेश्वर-जिनेन्द्रेभ्यो-अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(छन्द-सोरठा)

जिनपूजा अविकार, भक्तिभाव से जो करें।
वे होवें भवपार, आधि-व्याधि सब ही मिटें॥

(पुष्पाञ्जलिं क्षिपामि)


स्रोत: अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री), पृष्ठ १७७ (अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री) | Adhyatma Pujanjali (Dr. Mukesh Tanmay Shastri))