( कुण्डलिया )
व्रत अचौर्य निश्चय सहित महाव्रती के पास।
ग्रहण त्याग से रहित है निज का है विश्वास॥१॥
निज का ले विश्वास बढ़े शिवपथ पर आगे।
सारे दोष विनाश किए तो भवदुःख भागे॥२॥
ज्ञानभाव से भूषित हैं ये मुनिवर के व्रत।
इनने धारे हैं स्वेच्छा से पंचमहाव्रत॥३॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
( सखी )
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। हैं क्रोधभाव परिहारी॥
जल लाऊँ प्रभु अविकारी। भवरोग सर्वथाहारी॥१॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। हैं क्षमारूप भवतारी॥
शीतल चंदन गुण लाऊँ। शीतल छवि लख हर्षाऊँ॥२॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। हैं मान कषाय विदारी॥
अक्षत लाऊँ धवलोज्वल। पाऊँ पद अक्षय निर्मल॥३॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। दुःखकामबाण निवारी॥
ध्रुवपुष्प शीलमय लाऊँ। रागादिक दोष मिटाऊँ॥४॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। त्यागी सब मायाचारी॥
नैवेद्य स्वरसमय लाऊँ। चिर क्षुधारोग विनशाऊँ॥५॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। सर्वांश लोभ परिहारी॥
दीपक स्वज्ञान मय लाऊँ। कैवल्य चंद्रिका पाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। चौकड़ी तीन निवारी॥
निज धर्म धूप ले पावन। हरते कर्मों के बंधन॥७॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। संसार दोष परिहारी॥
अविलम्ब ध्रौव्य धुन लाऊँ। ध्रुव महामोक्ष फल पाऊँ॥८॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
मुनिवर अचौर्यव्रतधारी। हैं लौकिक अर्घ्य निवारी॥
पदवी अनर्घ्य पाते हैं। शिवसुखतरु उपजाते हैं॥९॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
महार्घ्य
( चौपाई )
ग्रहण त्याग से शून्य आत्मा। त्यागोपादान शून्य आत्मा॥
पर का ग्रहण अचौर्य विनाशक। है चोरी का भाव विघातक॥१॥
जो चोरी के कृत करते हैं। वे ही भवदधि में गिरते हैं॥
पर के भाव न छूना चेतन। भवदुःख होगा दूना चेतन॥२॥
बिना आज्ञा कुछ मत लो तुम। मत चोरी का पाप करो तुम॥
श्रेष्ठ महाव्रत अचौर्य धारो। निज स्वरूप को शुद्ध विचारो॥३॥
पर का ग्रहण महाव्रत घातक। निज स्वभाव ही शिवसुख दायक।
शुद्ध अचौर्यमहाव्रतधारी। वे ही सच्चे भवदुःखहारी॥४॥
( सोरठा )
व्रत अचौर्य का भाव, जागे मेरे हृदय में।
हो जाऊँ निर्लोभ, संतोषामृत पानकर॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
( दोहा )
व्रत अचौर्य उर धारकर, त्याग करूँ परद्रव्य।
आत्मद्रव्य की प्राप्ति का, है मेरा मन्तव्य॥
( ताटंक )
जो रत्नत्रय धारी होते धारण करते हैं मुनि भेष।
वे साता में राग न करते नहीं असाता में है द्वेष॥१॥
अट्ठाईस मूल गुणधारी तेरह विध चारित्र संयुक्त।
धर्मध्यान फिर शुक्लध्यान में लीन सुमुनि होते भवमुक्त॥२॥
शुक्लध्यान अविकल्पलीन मुनि को होता है कभी न बंध।
संवर पूर्वक कर्म निर्जरा कर हो जाते हैं निर्बंध॥३॥
मरघट हो या महल सभी सम इष्ट अनिष्ट न राग-द्वेष।
निज स्वरूप को ही ध्याते हैं ऐसा होता मुनि का वेश॥४॥
वन पर्वत उपवन सरिता तट तरु तल में ही करते वास।
भव्य दिगंबर नग्न स्वमुद्रा वीतरागता इनके पास॥५॥
आहारादिक समय अयाचक वृत्ति धारते हैं मुनिराज।
तन से भी निर्ममत्व होकर सिद्ध किया करते निज काज॥६॥
महाव्रती ये अचौर्यव्रत के धारी इनको सतत् प्रणाम।
इनके चरणों की रज निज मस्तक पर धारूँ आठों याम॥७॥
भावलिंग धारी मुनियों की हृदय गूँजती जय जयकार।
ऐसा ही मुनिवेष धारकर मैं भी हो जाऊँ भवपार॥८॥
मोक्षप्राप्ति के लिए तपस्या का न लोभ करते मुनिराज।
वे तो मोक्षस्वरूपी ही हैं परम अनिच्छुक हैं ऋषिराज॥९॥
ॐ ह्रीं श्री अचौर्यमहाव्रतधारकमुनिराजाय जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
( वीर )
प्रभो अचौर्यमहाव्रत की मैंने पूजन की हर्षित हो।
मुनि बन राग-द्वेष सब नाशूँ अन्तर मन से पुलकित हो॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥
पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्
卐
स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ८७ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))