शिष्य-गुरु संवाद | Shishya-Guru Samvad

शिष्य-सुख क्या है मुझे बता दीजे, सुख का कारण समझा दीजे।
गुरुवर अनुकम्पा यह कीजे, भव-दुःख से मुझे छुड़ा लीजे॥1॥

गुरु- सुख तो आत्मा का सहज भाव, सुख का कारण वीतराग भाव।
जहाँ राग भाव का है अभाव, सम्पूर्ण दुःख का वहाँ अभाव॥2॥

शिष्य-यह वीतरागता जिससे हो, साधन सुनने की जिज्ञासा।
साधन बिन साध्य की सिद्धि ना, सुख सुधा पान की मुझे तृषा॥3॥

गुरु- साधन उसका सम्यग्दर्शन, निज ध्रुव स्वभाव का ही दर्शन।
सब अन्य विकल्पों को तजकर, हो आत्मरूप की एक लगन॥4॥

शिष्य- पर्याय में राग अरु द्वेष भरा, उसके विनाश की हम सोचें।
पर्याय दृष्टि यदि नहीं करे, तो दुख कारण कैसे मोचें॥5॥

गुरु- पर्याय तो स्वयं चली जाती, उसके अभाव की चिंता क्या?
यदि रागभाव की चिंता की, तो रागभाव की आशा क्या॥6॥

शिष्य- इसका तो अर्थ हुआ गुरुवर, चिंतन भी स्वयं राग ही है।
फिर नहीं समझ में आता है, इसकी अचूक औषधि क्या है॥7॥

गुरु- ज्यों पानी कुएँ से निकाल, फिर उसको अग्नि योग करें।
तो स्वयं गर्म वह होता है, चिंतन उसको शीतल न रखे॥8॥

त्यों निज से च्युत जो आत्म-परिणति, जब पर से जुड़ जाती है।
निज दोष से अरे विकारी हो, आकुलता ही उपजाती है॥9॥

पर निकला पानी गर्म हुआ, सम्पूर्ण कुँआ तो शीतल है।
जो निकले नीर दूसरे क्षण, उसमें तो तपन न तिलभर है॥10॥

पर यदि उसको भी पुनः, अग्नि से गर्म हुए जल में डालें।
तो वत्स! गर्म होवे वह भी, फिर शीतल जल कैसे पावें॥11॥

बस इसी भाँति तुझ चेतन में, पर्याय विकारी होती है।
ध्रुव रूप विकारी नहिं होवे, तेरी बुद्धि कहाँ सोती है॥12॥

अविकारी ध्रुव पद नहीं लखे, पर्याय की चिंता मात्र करे।
तो फिर सन्तति कैसे टूटे, हे भव्य! दशा कैसे सुधरे॥13॥

उसका उपाय है यही मात्र, पर्याय दृष्टि दुःख रूप तजे।
चैतन्यरूप मैं सुख स्वरूप, अन्तर्दृष्टि धर यही लखें॥14॥

शिष्य- हे गुरुवर! तव उपकार महा, दृष्टांत से मुझे बताया है।
अब तक सुख मार्ग न समझा था, अब सहज समझ में आया है॥15॥

जो सुख स्वरूप है मुझ स्वभाव, वह ही मुझको अवलम्बन है।
उसको श्रद्धे, ध्याऊँगा मैं, यह ही सुख वेदन साधन है॥16॥

दोहा

वीतराग निर्ग्रन्थ गुरु, परम हितैषी आप।
वाणी सुनकर आपकी, मिटे सभी संताप॥17॥

अनुगामी हो आपका, करता भाव प्रणाम।
आत्मभाव में लीन हो, पाऊँ मैं विश्राम॥18॥


Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह