( छंद - चौपाई )
शांतिस्वरूप श्री जिनराजा, भवदधि तारण तरण जिहाजा।
ज्ञानानंद मयी जिन मूरत, सर्व विकार रहित चिन्मूरत॥
देव अनंत चतुष्टय धारी, मंगलमय हो मंगलकारी।
नव केवललब्धि तुम पाई, वीतराग छवि मन को भाई॥
अंतर्मुख मुद्रा अति पावन, नासा दृष्टि है मनभावन।
चरण-कमल थिर भव-भ्रमणा ना, कर पर कर अब कुछ करना ना॥
हे जिन लोक सकल के ज्ञाता, करुणाधर ध्वनि दिव्य प्रदाता।
भव्यजनों के भाग्यविधाता, रत्नत्रय मय शिवपथ दाता॥
( वसंततिलका )
नहीं लोक में तुम समान जिनेश दूजा।
हे देव दिव्य तुव पंकज-पाद पूजा।
करूँ समस्त यह पुण्य अहो समर्पित।
क्षण एक भी कर सकूं तुम भाव लक्षित।
( हरिगीतिका )
जिनराज तेरी छत्रछाया नित रहे मम शीश पर।
श्रद्धा अटल मेरी सदा हो नाथ तुम वागीश पर॥
श्रुत का पठन चिंतन मनन हो विज्ञ जन का संग भी।
रे नित्य मेरी वृत्ति से छूटे ना वृष का अंग भी॥
जीव जग के सब सुखी हों क्लेश विप्लव ना रहे।
शांतिमय वातावरण सब धर्म जिनवर का ग्रहे॥
( दोहा )
पूजाफल मैं चाहता, सदा यही जिननाथ।
जबतक शिवफल ना लहूँ, रहे तुम्हारा साथ॥
परिणति मेरी हो विमल, मोह भाव को नाश।
संशय विभ्रम ना रहे, प्रगटे ज्ञान प्रकाश॥
सर्व कषाएं नष्ट हो, वीतराग परिणाम।
परमशान्ति हो हे प्रभो, मिले मोक्ष का धाम॥
पुष्पांजलिं क्षिपेत्।
(नौ बार णमोकार मन्त्र)
Artist: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
स्रोत: णमो जिणाणं (राजेश कासलीवाल, उज्जैन), पृष्ठ १८३