संसारी-मुमुक्षु संवाद | Sansari-Mumukshu Samvad

संसारी-
बहु कारोबार चलाओ तुम, जग इष्टित द्रव्य कमाओ तुम।
चाहे न्याय करो, अन्याय करो, सत मंजिल महल बनाओ तुम॥1॥

फिर कर लेना पूजा, संयम, स्वाध्याय भी फिर कर लेना।
यह उमर है खाने पीने की, मनवांछित मौज उड़ाओ तुम॥2॥

है धर्म बुढ़ापे की वस्तु, गृह-कार्य अभी करणीय तुम्हें।
बढ़िया पहनो, तन पुष्ट करो, हों भोग बढ़े रमणीय तुम्हें॥3॥

इकले का भी जीवन क्या है? पत्नी बिन है आनन्द नहीं।
बच्चे कहते हों पापा जी, ऐसा सुख क्या अन्यत्र कहीं॥4॥

मुमुक्षु का प्रत्युत्तर-
है यह कथनी सब मोह भरी, मैं अभी प्रमाणित करता हूँ।
हे भ्रात! आप कह चुके सुनो, अब विनय पूर्वक कहता हूँ॥5॥

जो सुख साधन निर्दिष्ट किये, कई बार उन्हें अजमा लीना।
उनसे बहु दुःख उठाया है, जिनमार्ग अतः मैंने लीना॥6॥

है जीवन क्षणभंगुर भाई, अतएव न समय गँवाना है।
अन्याय मार्ग तज कर मुझको, निज अक्षय द्रव्य कमाना है॥7॥

छोडूं वांछा निज पूजा की, अरु राग भाव को विसराऊँ।
ज्ञानात्मक भोजन करूँ सदा, सुन्दर समता जल मैं पाऊँ॥8॥

है धर्म बुढ़ापे की वस्तु, पर बुढ़ापा किसको कहते हैं।
यह दशा मरण से पहले की, जिसको हम प्रतिक्षण धरते हैं॥9॥

अतएव धर्म का समय भ्रात, निज कार्य तुरत करणीय मुझे।
निज आत्म-प्रदेशी गृह में हो, है स्वानुभूति वरणीय मुझे॥10॥

एकत्व बुद्धि का जीवन क्या? सत् श्रद्धा बिन आनंद नहीं।
तत्समय की योग्यता कार्य करे, हो करने का कुछ द्वन्द्व नहीं॥11॥

पर्याय रूप निज संतति जो, वह अहंकार की त्यागी हो।
हूँ स्वामी शाश्वत ध्रुव स्वभाव, मुझमें ही बस अनुरागी हो॥12॥

हे भ्रात! न दुःख का लेश रहे, अतएव इसे तुम भी मानो।
यदि नहिं मानो तो तुम जानो, मुझसे तो आग्रह मत ठानो॥13॥

है द्वेष नहीं कुछ भाई जी, परिणति सबकी न्यारी-न्यारी।
नहिं चाहूँ मैं कुछ भी तुमसे, ध्याऊँ आतम पद अविकारी॥14॥

दोहा

आज्ञा दे दो भ्रातजी, करूँ स्व-पर उद्धार।
जब दुख से थक जाओ, तब लेना ये ही सार॥15॥


Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह