संकल्प दशक | Sankalp Dashak

संकल्प दशक

हम सब ही मिलकर मंगलमय संकल्प करेंगे।
श्री रक्षाबन्धन पर्व पर संकल्प करेंगे॥
जिनशासन की रक्षा का हम संकल्प करेंगे॥टेक॥

जो आत्मघातक मोह रागादिक अरे परिणाम।
हैं भव-भ्रमण के कारण क्लेश देते आठों याम॥
इन दुर्भावों के नाश का संकल्प करेंगे॥1॥

परमार्थ देव-शास्त्र-गुरुवर का करें श्रद्धान।
मंगलमयी परमार्थ धर्म की करें पहिचान॥
अविच्छिन्न भेदज्ञान का संकल्प करेंगे॥2॥

अज्ञानवश देहादि में नहीं मग्न रहेंगे।
विषयों के लक्ष्य से नहीं कषाय करेंगे॥
अब स्वानुभव प्रगटाने का संकल्प करेंगे॥3॥

पर को ही दुःख का कर्ता मान क्रोध नहीं करें।
अपने को पर का कर्ता मान, मान नहीं करें॥
ज्ञाता अकर्ता लखने का संकल्प करेंगे॥4॥

निज ज्ञान वैभव से सतत आराधना करें।
जड़ बाह्य वैभव से अहो प्रभावना करें॥
सर्वस्व समर्पण का सत् संकल्प करेंगे॥5॥

कुरीतियों का उन्मूलन हम ज्ञान से करें।
निज आचरण से धर्म का प्रसार हम करें॥
सम्यक् रत्नत्रय मार्ग का संकल्प करेंगे॥6॥

हो अपने कष्टों की हमें परवाह ही नहीं।
साधर्मी के कष्टों प्रति लापरवाह हों नहीं॥
निज-पर कल्याण का अहो संकल्प करेंगे॥7॥

अब आत्मा को जाना हमने सबसे ही न्यारा।
समतामयी यह धर्म हमको प्राणों-सा प्यारा॥
निर्ग्रन्थ पथ में बढ़ने का संकल्प करेंगे॥8॥

अब भायें तत्त्वभावना निरपेक्ष नित रहें।
आया अवसर नहीं क्षणभर भी प्रमाद हम करें॥
अब सम्यक् आत्मध्यान का संकल्प करेंगे॥9॥

संकल्प के बिना अनेक होते हैं विकल्प।
आकुलता रहती जीव तब तक हो न निर्विकल्प॥
ज्ञायक हैं ज्ञायक रहने का संकल्प करेंगे॥10॥

सम्यक् पुरुषार्थ से ही परम साध्य को पायें।
जिनमार्ग पाया अब नहीं भव-भव में भ्रमायें॥
ध्रुव सिद्ध पद पायें यही संकल्प करेंगे॥11॥

Source - सहज पाठ संग्रह

रचयिता - बा० ब्र० पंडित श्री रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’