श्री जिनवर की सम्यक् भक्ति, हृदय हमारे सदा रहे।
जिनशासन की वैयावृत्ति, में तत्परता सदा रहे॥ टेक॥
नहीं छिपावें अपनी शक्ति, कोई नहीं बहाना हो,
स्वार्थ और आलस्य नहीं हो, नहीं हृदय अभिमाना हो।
समझें हम सौभाग्य सहज,उल्लास हृदय में सदा रहे॥1॥
हो सूक्षम उपयोग हमारा, भाव हृदय का ग्रहण करें,
सर्व समर्पण रहे सदा, निश्चिंत और निर्भार रहें।
ध्वजा सम्हालें जिनशासन की, आत्म भावना सदा रहे॥2॥
अरे कल्पना अपनी झूठी, मिथ्या जग व्यवहारा है,
सम्यक् ज्ञानी गुरुओं ने ही, जिनशासन विस्तारा है।
मोह-क्षोभ से रहित परिणति, समतामय ही सदा रहे॥3॥
प्रमाणीक हो ज्ञान हमारा, हो सम्यक् श्रद्धान सदा,
हो निर्दोष आचरण सुखमय, नहीं शिथिलता कहीं कदा।
हो प्रभावना मंगलकारी, यही भावना सदा रहे॥4॥
स्याद्वाद वाणी में वर्ते, नहीं विवादों में उलझें,
सत्य-अहिंसामय हो जीवन, सर्व समस्याएँ सुलझें।
अनेकान्तमय वस्तु व्यवस्था, हृदय हमारे सदा रहे॥5॥
सम्यक् सोचें सम्यक् बोलें, सम्यक् क्रिया हमारी हो,
अहंकार-ममकार न होवे, ज्ञानकला विस्तारी हो।
शंका-भय तो लेश नहीं हो, निस्पृहता ही सदा रहे॥6॥
स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ४३५ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)