सम्यग्दृष्टि और मिथ्यादृष्टि में इतना अंतर : आखिर क्यों ? | Samyagdrishti Aur Mithyadrishti Men Itana Antar Akhir Kyon

सम्यग्दृष्टि और मिथ्यादृष्टि में इतना अंतर : आखिर क्यों ?

-डॉ. वीरसागर जैन

• सम्यग्दृष्टि एकदम अशिक्षित हो तो भी ज्ञानी है और मिथ्यादृष्टि बहुत अधिक शिक्षित हो तो भी अज्ञानी है। सम्यग्दृष्टि गणित, भूगोल, वास्तु, ज्योतिष आदि किसी भी विद्या को न जानते हुए भी पण्डित है और मिथ्यादृष्टि उक्त अनेक विद्याओं का ज्ञाता होते हुए भी मूढ (मूर्ख) है।¹

• सम्यग्दृष्टि का सर्वज्ञान सम्यग्ज्ञान है और मिथ्यादृष्टि का सर्वज्ञान मिथ्याज्ञान है। सम्यग्दृष्टि जगत् के पदार्थों को गलत जाने तो भी उसका ज्ञान सम्यक् कहा गया है और मिथ्यादृष्टि उनको सही-सही जाने तो भी उसका जानना मिथ्या (विपरीत) है। यथा- सम्यग्दृष्टि रस्सी को सांप जान ले तो भी सही है और मिथ्यादृष्टि रस्सी को रस्सी जाने तो भी गलत है।²

• सम्यग्दृष्टि भगवान् की पूजा न करते समय भी पुजारी है, उनका भक्त है और मिथ्यादृष्टि उनकी पूजा करते समय भी वस्तुतः उनका पुजारी नहीं है, भक्त नहीं है।

• सम्यग्दृष्टि नरक के घोर दुःखों के बीच भी सुखी रहता है और मिथ्यादृष्टि स्वर्ग के विपुल सुखों के बीच भी दुःखी रहता है।³

• सम्यग्दृष्टि दुःखी होते हुए भी दुःखी नहीं होता, आनन्दित ही रहता है और मिथ्यादृष्टि हँसते हुए भी सुखी नहीं होता, दुःखी ही रहता है।⁴

• सम्यग्दृष्टि के आगे पहाड़ जैसे दुःख भी पिघलकर पानी बन जाते हैं और मिथ्यादृष्टि दुःखों के आगे पानी की तरह पिघल जाता है। सम्यग्दृष्टि जंगल में भी मंगल मनाता है और मिथ्यादृष्टि महलों में भी दंगल (कषाय) करता है।

• सम्यग्दृष्टि घर-परिवार के बीच रहते हुए भी उसमें नहीं रमता, उन्हें अपना नहीं मानता और मिथ्यादृष्टि देव-शास्त्र-गुरु के बीच रहते हुए भी उनमें नहीं रमता, उन्हें हितकर नहीं मानता।⁵

• सम्यग्दृष्टि विविध भोगों को भोगते हुए भी वस्तुतः नहीं भोगता और मिथ्यादृष्टि कोई भोग न भोगते हुए भी भोगता ही रहता है।⁶

• सम्यग्दृष्टि अनेक कार्यों को करते हुए भी सबका अकर्ता है और मिथ्यादृष्टि कुछ न करते हुए भी उनका कर्ता है।⁷

• सम्यग्दृष्टि क्रोधादि कषाय करते समय भी अकषायी है और मिथ्यादृष्टि क्रोधादि कषाय न करते हुए भी कषायी है।

• सम्यग्दृष्टि शरीर और आत्मा को एक कहते हुए भी एक नहीं मानता और मिथ्यादृष्टि शरीर और आत्मा को अलग-अलग कहते हुए भी एक ही मानता है।⁸ • सम्यग्दृष्टि स्त्री-पुत्रादि को अपना कहते हुए भी अपना नहीं मानता और मिथ्यादृष्टि उन्हें अपने से अलग कहते हुए भी अपना ही मानता है।
• सम्यग्दृष्टि विषय-भोगों को अच्छा कहते हुए भी अच्छा नहीं मानता है, बुरा ही मानता है। और मिथ्यादृष्टि विषय-भोगों को बुरा कहते हुए भी बुरा नहीं मानता, अच्छा ही मानता है।
• सम्यग्दृष्टि विविध भोगों को चाहते हुए भी नहीं चाहता (अवांछक है) और मिथ्यादृष्टि उन्हें नहीं चाहते हुए भी चाहता है।⁹
• सम्यग्दृष्टि खाते हुए भी नहीं खाता, पीते हुए भी नहीं पीता, पहनते हुए भी नहीं पहनता, ओढ़ते हुए भी नहीं ओढता और मिथ्यादृष्टि नहीं खाते हुए भी खाता है, नहीं पीते हुए भी पीता है, नहीं पहनते हुए भी पहनता है और नहीं ओढते हुए भी ओढ़ता है।
• सम्यग्दृष्टि झूठ बोलते हुए भी झूठ नहीं बोलता, सत्य ही बोलता है और मिथ्यादृष्टि सत्य बोलते हुए भी सत्य नहीं बोलता, झूठ ही बोलता है। सम्यग्दृष्टि सदा सत्यवादी है और मिथ्यादृष्टि सदा मिथ्यावादी ।
• सम्यग्दृष्टि हिंसा करते हुए भी अहिंसक है और मिथ्यादृष्टि जीवदया पालते हुए भी हिंसक ही है।
• सम्यग्दृष्टि संयम न पालते हुए भी एक अपेक्षा से संयमी है और मिथ्यादृष्टि संयम पालते हुए भी असंयमी है।¹⁰
• सम्यग्दृष्टि अथाह परिग्रह होते हुए भी परिग्रह का त्यागी है, अपरिग्रही है और मिथ्यादृष्टि किंचित् भी परिग्रह न होने पर भी परिग्रही ही है।¹¹
• सम्यग्दृष्टि गृहस्थ होते हुए भी मोक्षमार्गी है और मिथ्यादृष्टि मुनि होते हुए भी संसारमार्गी है।¹²
• सम्यग्दृष्टि दुकान पर जाते हुए भी दुकान पर नहीं जाता और मिथ्यादृष्टि मन्दिर जाते हुए भी मन्दिर नहीं जाता।
• सम्यग्दृष्टि घर में रहते हुए भी घर से विरक्त रहता है और मिथ्यादृष्टि घर में नहीं रहते हुए भी घर में आसक्त रहता है।¹³
• सम्यग्दृष्टि चेतनाचेतन पदार्थों से राग-द्वेष करता हुआ भी विरागी है, राग-द्वेष रहित है और मिथ्यादृष्टि किसी भी चेतनाचेतन पदार्थ से राग-द्वेष न करता हुआ भी रागी-द्वेषी है।¹⁴
• सम्यग्दृष्टि आदेश देते हुए भी आदेश नहीं देता, उपदेश ही देता है और मिथ्यादृष्टि उपदेश देते हुए भी उपदेश नहीं देता, आदेश ही देता है।¹⁵
• सम्यग्दृष्टि का शिष्य बनना भी अच्छा है और मिथ्यादृष्टि का गुरु बनना भी बुरा है।¹⁶
• सम्यग्दृष्टि मरण, वेदना आदि से भयभीत होते हुए भी वस्तुतः भय-रहित होता है, निर्भय होता है और मिथ्यादृष्टि उनसे निर्भय दिखता हो तो भी भयभीत ही है।¹⁷
• सम्यग्दृष्टि चाण्डाल भी पूजनीय है और मिथ्यादृष्टि ब्राह्मण भी निन्दनीय -अपूजनीय है।¹⁸ • सम्यग्दृष्टि अन्य गुणों से रहित होकर भी माननीय होता है और मिथ्यादृष्टि अन्य अनेक सद्गुण-सम्पन्न होने पर भी माननीय नहीं होता।¹⁹
• सम्यग्दृष्टि चर्मचक्षुओं से देखते हुए भी वस्तुतः ज्ञान-चक्षुओं (आगमचक्षु) से देखता है और मिथ्यादृष्टि सदा चर्मचक्षुओं से ही देखता है, उसके ज्ञानचक्षु अभी खुले ही नहीं हैं।
• सम्यग्दृष्टि अन्धा होते हुए भी चक्षुष्मान् है और मिथ्यादृष्टि आँखों वाला होकर भी अन्धा है।²⁰
• सम्यग्दृष्टि की दृष्टि सदा अन्तर में रहती है अतः वह अन्तरात्मा है और मिथ्यादृष्टि की दृष्टि सदा बाहर ही रहती है, अतः वह बहिरात्मा है।
• सम्यग्दृष्टि अनेक शंकाएँ करता हुआ भी निःशंक है और मिथ्यादृष्टि कोई शंका न करते हुए भी सशंक है।
• सम्यग्दृष्टि पशु हो तो भी मनुष्य के समान है और मिथ्यादृष्टि मनुष्य हो तो भी पशु के समान है।²¹

गम्भीरतापूर्वक विचारणीय है कि शास्त्रों में सम्यग्दृष्टि और मिथ्यादृष्टि जीव में उक्त प्रकार से इतना महान् अंतर क्यों बताया गया है?

दरअसल यह सब अंतरंग में विद्यमान सम्यक्त्व और मिथ्यात्व का प्रभाव है। समस्त विभाव मिथ्यात्व के कारण ही प्रबल रूप में उत्पन्न हो पाते हैं। मिथ्यात्व के जाने के बाद अथवा सम्यक्त्व हो जाने पर उनमें कोई बल नहीं रह पाता, वे अत्यन्त निर्बल रह जाते है- मृतकसम, जली हुई रस्सी के समान। यही कारण है कि आचार्य कुन्दकुन्ददेव ने समयसार की गाथा 130 एवं 131 में स्पष्ट शब्दों में इस प्रकार लिखा कि जिस प्रकार सोने से बने हुए सभी भाव स्वर्णमय ही होते हैं और लोहे से बने हुए सभी भाव लोहमय ही होते हैं, उसी प्रकार ज्ञानी के सर्व भाव ज्ञानमय ही होते हैं और अज्ञानी के सर्व भाव अज्ञानमय ही होते हैं। यथा-
कणयमया भावादो जायते कुंडलादओ भावा ।
अयमयया भावदो जह जायंते दु कड्यादी ।।
अण्णाणमया भावा अणाणिणो बहुविहा वि जायंते ।
णाणिस्स दु णाणमया सव्वे भावा तहा होंति ।।

सन्दर्भ-

  1. (क) “बहत्तर कलाकुसला पंडिय पुरिसा अपंडिया चेव।
    सव्व कलाण वि पवरा धम्मकलं जे ण जाणंति।।"
    (ख) “सत्थ पढंतहँ ते वि जड अप्पा जे ण मुणंति।” -योगसार, 53
    (ग) “आपा नहीं जाना तूने कैसा ज्ञानधारी रे !” -दौलत-विलास, 90

  2. " सदसतोरविशेषाद्यदृच्छोपलब्धेरुन्मत्तवत् । -तत्त्वार्थसूत्र 1/32

  3. 'बाहर नारक कृत दुख भुगते, अन्तर सुखरस गटागटी।" -दौलत-विलास, 81

  4. “न हि विषादो विधेयात्र तद्धि वैदुष्यज फलम।” -पाण्डव-पुराण, 17/9

  5. “सदन-निवासी तदपि उदासी, तातैं आस्रव छटाछटी।” दौलत-विलास, 81 6. आचार्य कुन्दकुन्द, समयसार, संवर-निर्जरा अधिकार

  6. आचार्य कुन्दकुन्द, समयसार, कर्ताकर्म एवं सर्वविशुद्धज्ञानाधिकार

  7. ववहारणओ भासदि जीवो देहो य हवदि खलु इक्को । दु णिच्छयस्स जीवो देहो य कदावि एकट्ठो।। - समयसार, 27

  8. अपरिग्गहो अनिच्छो भणिदो णाणी य णेच्छदे… । समयसार, 210-214

  9. “संयम घर न सके पै संयम धारन की उर चटापटी।।” - दौलत-विलास, 81

  10. बाहिरगंथ विहीणा दलिद्दमणुवा सहावदो हुंति। अब्भंतरगंथं पुण ण सक्कदेको वि छंडेदुं ।। - कार्तिकेयानुप्रेक्षा, 387

  11. गृहस्थो मोक्षमार्गस्थो निर्मोहो नैव मोहवान्। अनगारो गृही श्रेयान् निर्मोहो मोहिनो मुनेः।"- रत्नकरण्ड श्रावकाचार, 33

  12. वनेऽपि दोषा प्रभवन्ति रागिण, गृहेऽपि पंचेन्द्रियनिग्रहस्य तपः। तस्मात कषायाः खलु कर्षणीयाः, निर्वृत्तरागस्य गृहं तपोवनम्।।” -भावपाहुड-टीका,

  13. परमाणुमित्तयं पि हु रागादीणं तु विज्जदे जस्स। ण वि जाणदि सो अप्पाणयं तु सव्वागमधरो वि।।" -समयसार 201

  14. यत्परैः प्रतिपाद्योऽहं यत्परान् प्रतिपादये। उन्मत्तचेष्टितं तन्मे यदहं निर्विकल्पकः। -समाधितंत्र,19

  15. अज्ञानी का गुरु बनने की बजाय ज्ञानी का शिष्य बनना अच्छा है। --चा.आ. शांतिसागरजी

  16. सम्मादिट्ठी जीवा णिसंका होंति णिब्भया तेण।

  17. सत्तभयविप्पमुक्का जम्हा तम्हा दु णिस्संका। --समयसार, 228

(क)सम्यग्दर्शनसम्पन्नमपि मातंगदेहजम्। देवा देवं विदुर्भस्मनि गूढांगारान्तरौजसम्॥ - रत्नकरण्ड श्रावकाचार

(ख) चाण्डालोऽपि भवेद् विद्वान् य स तिष्ठतु मे पुरि। विप्रोऽपि व भवेद् मूर्ख स पुराद् बहिरस्तु मे। " - भोजप्रबन्ध

  1. मान्या सद्दर्शनी ज्ञानी हीनोऽपि अपरसद्गुणैः।" - आचारसार, 2/68

(ख) "चरितमोहवश लेश न संजम पै सुरनाथ जजे है। - छहढाला

  1. लोचनहीने पुरुष को, अन्ध न कहिए भूल। उरलोचन जिनके मुंदे, ते आंधे निर्मूल।। - भूधरदास, पार्श्वपुराण

  2. नरत्वेऽपि पशूयन्ते मिथ्यात्वग्रस्तचेतसः। पशुत्वेऽपि नरायन्ते सम्यक्त्वव्यक्तचेतसः।।" - सागारधर्मामृत, ¼