Same as ever (मैं कल भी था और आज भी हूँ मैं) | Same as ever (main kal bhi tha aur aj bhi hu main)

बारिश, बादल, ‘बूंदा-बांदी’,
कल भी थी, और आज भी है।
पर्वत, नदियाँ, कल-कल ध्वनियाँ,
कल भी थीं, और आज भी हैं।

उठते तूफ़ाँ, थमती लहरें,
कल भी थीं, और आज भी हैं।
जान रहा, ‘बस जान रहा मैं’,
कल भी था, और आज भी हूँ मैं।

फिर क्या ‘बदला’ भीतर-बाहर,
जो इतने व्याकुल होते हो?
फिर क्या खोया, क्या पाया है,
अनमोल ‘अश्रु’ क्यों खोते हो?

सब ‘अपनी-अपनी’ कक्षा में,
ग्रह ‘गतिमान’ सदा से हैं।
थे और रहेंगे, ऐसे ही,
क्या मैं नहीं अपनी कक्षा में?

ऐसा ही था, है और रहेगा,
ये ‘धूप-छाँव’ आती जाती।
मैं एक अनोखा ‘ध्रुव-तारा’,
कल भी था और आज भी हूँ मैं।

ऋषि-मुनियों को ‘अनुभव प्राप्य’ तत्त्व,
चैतन्य-चिन्ह, ‘चिन्मय-धातु’।
‘सौ टंच’, टंच, नहिं रंच फेर,
मैं कल भी था, और आज भी हूँ मैं।

तुम कल भी थे, और आज भी हो तुम
सब कल भी थे और आज भी हैं सब।
मैं…

रचनाकार: अनुभव जैन (Anubhav Jain), पुणे