समयसार में स्याद्वाद
-प्रो. (डॉ.) वीरसागर जैन
प्रायः लोग ऐसा कहते देखे जाते हैं कि स्याद्वाद तो दर्शनशास्त्र का विषय है, अध्यात्म का नहीं, स्याद्वाद को तो केवल दर्शनशास्त्र में ही घटित करना चाहिए, अध्यात्म में नहीं, अध्यात्म में तो बल्कि स्याद्वाद बाधक बनता है। किन्तु यह एक बड़ी भारी भूल है, जिसे कुछ जैन-अध्यात्म के वक्ता तक भी शास्त्र की गद्दी पर बैठकर प्रचारित करते हैं। यह उनका स्व-पर-घाती कार्य है। इससे उनका अपना तो अहित होता ही है, दूसरे भी हजारों- लाखों लोगों का अहित होता है। यह एक प्रकार से जिनवाणी का अवर्णवाद भी है, जो दर्शनमोहनीय कर्म के आस्रव का कारण बनता है, क्योंकि जिनवाणी का एक वाक्य भी स्याद्वाद के बिना नहीं होता -ऐसा अनेक जैनाचार्यों ने साफ- साफ लिखा है। जिनवाणी और अन्य वाणी में यही तो एक अन्तर बताया गया है कि जिनवाणी में सर्वत्र ‘स्यात्’ पद लगा होता है और अन्य वाणी में ‘स्यात्’ पद नहीं लगा होता, अपितु ‘सर्वथा’ पद लगा होता है।
(-गोम्मटसार, कर्मकांड, गाथा 895)
यही कारण है कि आज मैं ‘समयसार में स्याद्वाद’ -इस विषय से कुछ कहना चाहता हूँ। बताना चाहता हूँ कि समयसार अध्यात्म का शिरोमणि ग्रन्थ है, परन्तु उसमें भी कदम-कदम पर स्याद्वाद घटित किया गया है। एक भी गाथा उसमें ऐसी नहीं है, जिसे स्याद्वाद लगाये बिना ठीक से समझा जा सके। यही कारण है कि समयसार के सभी टीकाकारों ने कदम-कदम पर स्याद्वाद लगाकर उनकी व्याख्या की है और कहीं ऐसा करना रह न जाए इसलिए अन्त में अलग से भी एक ‘स्याद्वाद अधिकार’ लिखा है। इस अधिकार में पुनः सभी पाठकों को सावधान किया गया है कि इस शास्त्र में आये हुए सभी विषयों को स्याद्वाद लगाकर ही समझना, अन्यथा अज्ञानी मिथ्यादृष्टि ‘पशु’ रहकर नष्ट हो जाओगे।
समयसार में प्रथम तो मूल गाथाओं में ही स्थान-स्थान पर स्याद्वाद दिखलाया गया है, जैसे कि निम्नलिखित गाथाएँ द्रष्टव्य हैं, जिनमें स्पष्ट शब्दों में एकान्त का खण्डन करके अनेकान्त की स्थापना की है-
केहिंचि दु पज्जएहिं, विणस्सदे णेव केहिंचि दु जीवो ।
जम्हा तम्हा कुव्वदि, सो वा अण्णो व णेयंतो ।।
केहिंचि दु पज्जएहिं, विणस्सदे णेव केहिंचि दु जीवो ।
जम्हा तम्हा वेददि, सो वा अण्णो व णेयंतो ।।
जो चेव कुणदि सो चिय, ण वेदए जस्स एस सिद्धंतो ।
सो जीवो णादव्वो, मिच्छादिट्ठी अणारिहदो ।।
अण्णो करेदि अण्णो, परिभुंजदि जस्स एस सिद्धंतो ।
सो जीवो णादव्वो, मिच्छादिट्ठी अणारिहदो ।।
ये गाथाएँ सर्वविशुद्धज्ञान अधिकार की 345 से 348 तक की गाथाएँ हैं। इनका हिन्दी-अर्थ इस प्रकार है-
जीव कितनी ही पर्यायों से नष्ट होता है और कितनी ही पर्यायों से नष्ट नहीं होता है, इसलिए (जो भोगता है) वही करता है अथवा दूसरा करता है -ऐसा एकान्त नहीं है। जीव कितनी ही पर्यायों से नष्ट होता है और कितनी ही पर्यायों से नष्ट नहीं होता है, इसलिए (जो करता है) वही भोगता है अथवा दूसरा भोगता है -ऐसा एकान्त नहीं है। जो करता है वही नहीं भोगता -ऐसा जिसका सिद्धान्त है, वह जीव मिथ्यादृष्टि अनार्हत (अजैन) जानना चाहिए। दूसरा करता है और दूसरा भोगता है -ऐसा जिसका सिद्धान्त है, वह जीव मिथ्यादृष्टि अनार्हत (अजैन) जानना चाहिए।
तात्पर्य यह है कि कर्ता और भोक्ता सर्वथा एक ही है -ऐसा माननेवाला भी और कर्ता और भोक्ता सर्वथा अन्य-अन्य ही है -ऐसा माननेवाला भी मिथ्यादृष्टि अनार्हत (अजैन) है, क्योंकि ऐसी मान्यता एकान्तवाद है- स्याद्वाद नहीं। स्याद्वादी तो दोनों अपेक्षाओं को स्वीकार करता है।
इस प्रकार समयसार की मूल गाथाओं में भी स्थान-स्थान पर स्याद्वाद के भव्य दर्शन होते हैं, परन्तु फिर भी स्याद्वाद की जो छटा उसकी संस्कृत-टीकाओं में और उनमें भी आचार्य अमृतचन्द्र कृत ‘आत्मख्याति’ टीका में जैसी निखर कर सामने आई है, वह बहुत ही चमकदार है, अतः यहाँ उस टीका के विशेष आधार पर ‘समयसार में स्याद्वाद’ को देखने-दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलाचरण में ही स्याद्वाद की स्थापना ‘समयसार’ की ‘आत्मख्याति’ टीका में सर्वप्रथम तो मंगलाचरण में ही अनेकान्तवाद की स्थापना कर आचार्यदवे ने एक गहरा सन्देश दे दिया है। यथा-
अनन्तधर्मणस्तत्त्वं पश्यन्ती प्रत्यगात्मनः।
अनेकान्तमयीमूर्तिर्नित्यमेव प्रकाशताम् ।।-समयसार कलश, 2
अर्थ- अनन्तधर्मात्मक प्रत्यगात्मा (पर के गुण-पर्यायों से भिन्न और स्व के गुण-पर्यायों से अभिन्न) के स्वरूप को भलीभाँति दिखाने वाली अनेकान्तमयी मूर्ति नित्य प्रकाशमान रहे। उपसंहार में भी पुनः स्याद्वाद का गुणगान
मंगलाचरण की भाँति उपसंहार में भी पुनः अनेकान्तवाद की व्यवस्था समझाई गई है। यथा-
एवं तत्त्वव्यवस्थित्या स्वं व्यवस्थापयन् स्वयम् ।
अलंघ्यं शासनं जैनमनेकान्तो व्यवस्थितः।। -समयसार कलश, 263
इस प्रकार तत्त्व (वस्तुस्वरूप) को व्यस्थित करके स्वयं को व्यवस्थित करता हुआ यह अलंघ्य जैन शासन अनेकान्तवाद भलीभाँति स्थापित हो जाता है।
टीका के उपसंहार का तो केवल यह एक श्लोक ही नहीं, पूरा परिशिष्ट ही बहुत गम्भीरतापूर्वक पठनीय है, जिसका नाम ही ‘स्याद्वाद अधिकार’ रखा गया है। यह पाठकों को अनुभव कराता है कि इस ग्रन्थ में स्याद्वाद की कितनी अधिक आवश्यकता है।
इस अधिकार में लगभग 20 कलशों में ‘स्याद्वाद’ शब्द का प्रयोग किया गया है और सम्बन्धित विषयों को भी स्याद्वाद की दृष्टि से समझाया गया है। ये सभी कलश अत्यन्त सारगर्भित हैं।
इस अधिकार में प्रारम्भ में भी एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण कलश लिखा गया है, जो एक क्षण भी विस्मरण करने योग्य नहीं है। उसमें स्पष्ट कहा है कि स्याद्वाद से ही वस्तु तत्त्व की शुद्धि होती है, अन्यथा नहीं। यथा-
अत्र स्याद्वादशुद्ध्यर्थं वस्तुतत्त्वव्यवस्थितिः।
उपायोपेयभावश्च मनाग् भूयोऽपि चिन्त्यते ।। -समयसार कलश, 247
अर्थ- इस अधिकार में, स्याद्वाद की शुद्धि के लिए वस्तुतत्त्व की व्यवस्था तथा एक ही ज्ञान में उपायभाव और उपेयभाव कैसे घटित होता है -यह एक बार पुनः विचार करते हैं।
न केवल कलशों में, इस अधिकार में प्रारम्भ में, गद्य में भी स्याद्वाद का स्वरूप एवं महत्त्व बहुत ही अच्छे शब्दों में समझाया गया है, जो केवल पढ़ने योग्य ही नहीं है, कंठस्थ भी कर लेने योग्य है। यथा- ‘स्याद्वादो हि समस्तवस्तुतत्त्वसाधकमेकमस्खलितं शासनमर्हत्सर्वज्ञस्य । स तु सर्वमनेकान्तात्मकमित्यनुशास्ति, सर्वस्यापि वस्तुनोऽनेकान्तस्वभावत्वात्।’
अर्थ- स्याद्वाद ही अर्हन्त सर्वज्ञ का समस्त वस्तु तत्त्व को साधने वाला एकमात्र अस्खलित शासन है। वह कहता है कि सब कुछ अनेकान्तात्मक है, क्योंकि सभी वस्तुएँ अनेकान्तस्वभावी हैं। स्यात्पद से चिह्नित जिनवचनों में रमण करने से मोहक्षय समयसार-टीका के अनुसार, अनादिकालीन मोह का क्षय करने के लिए स्यात्पद से चिह्नित जिनवचनों में रमण करना अनिवार्य है। यथा-
उभयनयविरोधध्वंसिनि स्यात्पदाङ्के,
जिनवचसि रमन्ते ये स्वयं वान्तमोहाः।
सपदि समयसारं ते परं ज्योतिरुच्चै-
रनवमनयपक्षाक्षुण्णमीक्षन्त एव ।।-समयसार कलश, 4
अर्थ- निश्चय-व्यवहार रूप दो नयों में विषय के भेद से परस्पर विरोध है। स्यात्पद से चिह्नित जिनेन्द्र भगवान् के वचन उस विरोध को दूर करने वाले हैं। जो पुरुष उन वचनों में रमण करते हैं, प्रचुर प्रीति-सहित अभ्यास करते हैं, वे पुरुष स्वयं मोह-कर्म का वमन कर इस अतिशयरूप परमज्योति प्रकाशमान शुद्ध आत्मा का शीघ्र ही अवलोकन करते हैं। यह समयसार रूप शुद्ध आत्मा नवीन नहीं उत्पन्न हुआ है, पूर्व से ही कर्म से आच्छादित था, वह प्रकट-व्यक्त हो गया है। तथा वह सर्वथा एकान्तरूप कुनय के पक्ष से खण्डित नहीं होता है -निर्बाध है। स्याद्वाद को न माननेवाले पर श्रुति कोप करती है आचार्य अमृतचन्द्र और भी कहते हैं कि- जो व्यक्ति स्याद्वाद को नहीं मानते हैं, उन पर जैन श्रुति कोप करती है। यथा-
कर्मैव प्रवितर्क्य कर्तृहतकैः क्षिप्त्वात्मनः कर्तृतां,
कर्तात्मैष कथंचिदित्यचलिता कैश्चिच्छ्रुति कोपिता ।
तेषामुद्धतमोहमुद्रितधियां बोधस्य संशुद्धये,
स्याद्वादप्रतिबन्धलब्धविजया वस्तुस्थितिः स्तूयते ।।
-समयसार कलश, 204
अर्थ- कोई आत्मघातक सर्वथा एकान्तवादी कर्म को ही कर्ता विचार कर और आत्मा के कर्तृत्व को उड़ाकर ‘यह आत्मा कथंचित् कर्ता है’ -ऐसा कहने वाली जिन-भगवान् की निर्बाध श्रुतरूप वाणी को कुपित करते हैं- उसकी विराधना करते हैं। ऐसे आत्मघातकों की बुद्धि तीव्र मोह से मुद्रित हो गई है। उनके ज्ञान की संशुद्धि के लिए स्याद्वाद से निर्बाधित वस्तुस्थिति कही जाती है। एकान्त मानने से सर्व शून्य का प्रसंग आता है- जो जीव अनेकान्त को न मानकर एकान्त को मानते हैं, उनके मत में सर्वशून्य होने का प्रसंग आता है। यथा-
वृत्त्यंशभेदतोऽत्यन्तं वृत्तिमन्नाशकल्पनात् ।
अन्यः करोति भुङ्क्तेऽन्य इत्येकान्तश्चकास्तु मा ।।
-समयसार कलश, 207
अर्थ- क्षण-क्षण प्रति अवस्था के भेदों को वृत्यंश कहते हैं, उनके सर्वथा भेद मानने से अवस्थाओं के आश्रय रूप जो वृत्तिमान् वस्तु उनके नाश की कल्पना करके जो ऐसा मानते हैं कि कर्ता दूसरा है और भोक्ता कोई दूसरा ही है, उस पर आचार्य कहते हैं कि ऐसा एकान्त मत प्रकाशित करो। जहाँ अवस्थावान् पदार्थ का नाश हुआ वहाँ अवस्थायें किसके आश्रय होकर रहेंगी? इस तरह तो दोनों के ही नाश का प्रसंग आता है, तब शून्य का प्रसंग होता है। एकान्त को स्वीकार करने से हार का त्याग हो जाता है एकान्त को ही स्वीकार करने से एक बड़ा दोष यह आता है कि बिना धागे के मोती रह जाते हैं, हार का तो त्याग ही हो जाता है। यथा-
आत्मानं परिशुद्धमीप्सुभिरतिव्याप्तिं प्रपद्यान्धकैः
कालोपाधिबलादशुद्धिमधिकां तत्रापि मत्वा परैः ।
चैतन्यं क्षणिकं प्रकल्प्य पृथुकैः शुद्धर्जुसूत्रेरितै-
रात्मा व्युज्झित एष हारवदहो निस्सूत्रमुक्तेक्षिभिः।।
-समयसार कलश, 208
अर्थ- कर्ता में और भोक्ता में युक्ति के वश से भेद हो अथवा अभेद हो, अथवा कर्ता-भोक्ता दोनों ही न हों, वस्तु का ही चिन्तवन करो। क्योंकि चतुर पुरुषों से सूत्र में पोई हुई मणियों की माला जैसे भेदी नहीं जाती, तैसे आत्मा में पोई हुई चैतन्यरूप चिन्तामणि की माला भी कभी किसी से नहीं भेदी जा सकती। ऐसी यह आत्मारूपी माला समस्तपने से एक हमारे प्रकाशरूप प्रकट हो।
इस प्रकार हम देखते हैं कि जैन-अध्यात्म के शिरोमणि ग्रन्थ ‘समयसार’ में भी तिल में तेल की भाँति सर्वत्र स्याद्वाद भरा हुआ है, जिससे सिद्ध होता है कि आध्यात्मिक विषयों को भी स्याद्वाद से समझना-समझाना योग्य है। स्याद्वाद केवल दर्शनशास्त्र का विषय है और उसे अध्यात्म में नहीं घटित करना चाहिए -ऐसी बात हमें कभी नहीं कहना चाहिए। ऐसा कहने से जिनशासन को महाभाग्य से प्राप्त करनेवाले प्राथमिक श्रोताओं में एक मिथ्या अवधारणा का निर्माण होता है और वे फिर से स्याद्वादमय जिनशासन से दूर हो जाते हैं। जिनवाणी का, चाहे वह आगमरूप हो चाहे अध्यात्मरूप, हर कथन स्याद्वादमय होता है और लाखों प्राणी इसी स्याद्वाद की पावन नौका पर चढ़कर संसार-सागर को पार करते हैं-
‘‘स्याद्वादमयी तेरी वाणी शुभ नय के झरने झरते हैं ।
इस पावन नौका पर लाखों प्राणी भव-वारिधि तिरते हैं ।।’’
-बाबू जुगल किशोर ‘युगल’, देवशास्त्र गुरु-पूजा, जयमाला