तर्ज : कह सकूँ नहीं हुआ मोहि…
निज आत्मा में सुख अनन्ता, नहीं उसको जोहते।
आत्मा के सुख को तुम, बाह्य में है खोजते॥1॥
तुम स्वयं ही यह विचारो, वस्तु जो घर में पड़ी।
खोजें चौराहे पै उसको, मूर्खता ये है बड़ी॥2॥
बस यही हाल तेरा, पर से आशावान तू।
भ्रम के वश भूला हुआ, पर है स्वयं धनवान तू॥3॥
नहीं निज की ओर देखे, सुख प्रभु से माँगता।
वीतरागी देव को भी, तू सरागी जानता॥4॥
मोह-राग-द्वेष तेरा, महादुःख का हेतु है।
वीतरागी परिणति ही, महामंगल सेतु है॥5॥
ये ही सच्चा धर्म, नाहीं राग कोई धर्म है।
वीतरागी देव की भी भक्ति, आदि न धर्म है॥6॥
पूजा-दर्शन-शास्त्र-अध्ययन, पुण्य बन्धन हेतु हैं।
उसका फल संसार ही है, मोक्ष नाहिं देत हैं॥7॥
ये विकल्प भी छूटते तब निर्विकल्प सु होत हैं।
दुःख सभी नाशें सहज ही, होय सुख उद्योत हैं॥8॥
इस प्रकार सु जानकार तुम, बाह्य दृष्टि तोड़ना।
आत्मा में लीन होओ, निज को निज में जोड़ना॥९॥
Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह