( हरिगीतिका )
इच्छा के योग बिना सभी, परिणमन होते स्वयं ही।
अतएव इच्छा रहित हो, ज्ञानी लहे निज सुख सही॥1॥
है ध्यान निर्मल ज्ञान से, अरु ध्यान संवर-निर्जरा।
दोनों ही बस मुक्ति हेतु, अतः ज्ञानाभ्यास कर॥2॥
हैं मूक पर निंदार्थ जो, निज श्लाघ्यता से दूर है।
ऐसे गुणों से युक्त जो, वे त्रिजग वंद्य कहे गये॥3॥
शम तत्त्वज्ञान चरित्र सम्यक्, परम दुर्लभ धन कहा।
इन गुणों से हैं युक्त वे धनवान, निर्धन शेष है॥4॥
संवेग है फल ज्ञान का, ऐसा कहा बुधजनों ने।
जो ज्ञान से धन चाहते, वे गहें विष त्यागें सुधा॥5॥
अघ बंध कारक भोगों से, तृप्ति न होती किसी के।
वह देव अथवा इन्द्र ही, या चक्रधारी नृप भले॥6॥
स्थिर रहे जब प्रशम में, तब आत्मा ही तीर्थ है।
वैराग्य नहीं उत्पन्न हो, तो तीर्थ सब निष्फल कहे॥7॥
शक्ति लगे तप शुद्ध में, अरु ज्ञान क्षय में कर्म के।
उपयोग धन का पात्र हेतु, जिसका हुआ ज्ञानी वही॥8॥
विद्वान् भी जो नर अरे, संसार में मोहित हुए।
धन काय में लवलीन से, यह मोह का माहात्म्य है॥9॥
नहिं काम सम व्याधि जगत् में, मोह सम नहीं रिपु अरे।
नहीं क्रोध सम अग्नि कहीं, अरु ज्ञान सम सुख है नहीं॥10॥
है इन्द्रियाँ वश में सदा, मन में न किंचित् दुष्टता।
है धर्म रत जो आत्मा, जीवन उसी का सफल है॥11॥
जो बाह्य पुद्गल दीखते, वे थे न मेरे पूर्व में।
इस समय भी मेरे नहीं, मेरे न होंगे भावि में॥12॥
Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह
खोज: Sar Samuchchay Sar