बाल ब्रह्मचारी पं. रवीन्द्र जैन ‘आत्मन्’
जीवन परिचय
वर्तमान में बाल ब्रह्मचारी पं. रवीन्द्र कुमार जी ‘आत्मन्’ किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं, उनकी ख्याति समूचे जैन समाज, विशेष रूप से मुमुक्षु जैन भाइयों के मध्य विशेष रूप से चर्चित है। आज उनका नाम बड़ी श्रद्धा से लिया जाता है। वे बड़े तत्त्व ज्ञानी, स्वाध्यायी एवं कुशल उपदेशक हैं, जिज्ञासु धर्म प्रेमी बन्धु उनके प्रवचन सुनने को बड़े लालायित रहते हैं। उनकी दैनिक दिनचर्या, खानपान, त्यागी, व्रतियों के समान हैं। ऐसे विद्वान्, बाल ब्रह्मचारी, पं. रवीन्द्र जी का जन्म उ.प्र. के मैनपुरी जिले के कुरावली कस्बे जो कि वर्तमान में तहसील है में लबेंचू समाज के बिलगैंया गोत्र में स्व. श्री उग्रसैन जैन के घर सन् 1951 में हुआ। आपकी माताजी श्रीमती गुणमाला जैन का देहान्त, जब रवीन्द्र जी मात्र 11 वर्ष के थे, तभी हो गया था। कुरावली जैन समाज की जैन बुजुर्ग महिलाओं जैसे प्रमोद चंद जी जैन की धर्मपत्नी स्व०कंचनदेवी जैन ‘वैमर’ ने अपने निजावास में ही पुत्र वत आचरण कर एवं स्वाध्याय के लिए प्रेरणा दी और स्वयं भी स्वाध्याय किया करतीं थीं। स्व० प्रमोदनी जी जैन के माध्यम से व मुमुक्षु मंडल के प्रयासों से श्री जिनमंदिर में स्वाध्याय परंपरा अनवरत चल रही थी। , स्व० केशव जी जैन की धर्मपत्नी भी गहन स्वाध्यायी हैं उनका भी सभी को लाभ मिलता ही है। आपने एम.ए. तक शिक्षा ग्रहण की है।
सर्वप्रथम आपने इन्टर कॉलेज पिलुआ (अलीगढ़) में अध्यापन कार्य किया। उस विद्यालय के मैनेजर श्री इन्द्रकुमार जैन, जो उनके काफी नजदीकी हो गये थे, की बीच बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई, उस समय श्री रवीन्द्र जी उनके साथ थे। इस घटना से वे अत्यंत विचलित हुये। नौकरी छोड़कर वे वापिस कुरावली आ गये, तदुपरांत कुछ समय तक एम.डी. जैन इन्टर कॉलेज सिरसागंज में अध्यापन कार्य किया। यहाँ उनका मन नहीं लगा उनका मन तो अध्यात्म की ओर झुक रहा था, इसी समय उन्होंने आजीवन ब्रह्मचर्य धारण कर लिया। इसके बाद वे कुछ वर्ष करहल रहे। इनके दो बड़े भाई श्री चक्रेश कुमार जी आगरा में व अरविन्द कुमार जी करहल में बस गये हैं।
पं. रवीन्द्र जी करहल से बानपुर (बुन्देलखण्ड) चले गये। वहाँ इनका सम्पर्क ब्र.आत्मानंद जी से हुआ, वे वहाँ कई वर्षों तक उनके साथ रहे। वे ब्र. श्री आत्मानंद जी को अपना गुरु मानते हैं। ब्र. आत्मानंद जी के देह त्याग के पश्चात् वे कुछ समय मौ (जिला भिण्ड) में रहे, फिर पास के ही अमायन चले गये। वर्तमान में वे ब्रह्मचारी आश्रम अमायन में ही रह रहे हैं, क्योंकि वे एक दम शांतिप्रिय व कठोर अनुशासन पसन्द करते हैं, इसलिये शहरों की चका चौंध व शोर शरावे से दूर रहना चाहते हैं। आपकी अनेक आध्यात्मिक जैन पूजायें, कवितायें, भजन आदि लिखे हुये मौलिक ग्रन्थ हैं। आपसे तत्त्व चर्चा हेतु पूरे भारत वर्ष से दूर-दूर से तत्त्वार्थी, अमायन पहुंचते हैं। कभी-कभी अमायन के बाहर, उनके प्रवचन सुनने का सौभाग्य भी जिज्ञासुओं को मिल जाता है।
“दि. जैन लबेंचू समाज को आप पर अत्यन्त गर्व है”
प्रस्तुति - रोहित रावत (वैमर)
खोज: Ravindra ji Atman - Jivan Parichay