भोग - उपभोगपरिमाण शिक्षाव्रतके पाँच अतिचार
आहारो हि सचित्तः सचित्तमिश्र सचित्तसम्बन्धः ।
दुष्पक्वोऽभिषवोपि च पञ्चामी षष्ठशीलस्य ॥१९३॥
अन्वयार्थ : (हि) निश्चयसे (सचित्तः आहारः) सचित्त आहार, (सचित्त मिश्रः) सचित्त मिश्र आहार, (सचित्त सम्बन्धः) सचित्तके सम्बन्धवाला आहार, (दुष्पक्वः) दुष्पक्व आहार (च अपि) और (अभिषव आहार) *अभिषव आहार (अभी) यह (पञ्च) पाँच अतिचार (षष्ठशीलस्य) छट्ठे शील अर्थात् भोगोपभोगपरिमाणव्रतके हैं ।
* दुग्धघृतादिकरस मिश्रित कामोत्पादक आहार ।
टीका : ‘हि सचित्तः आहारः सचित्तमिश्रः आहारः सचित्तसम्बन्धः आहारः च दुष्पक्वः आहारः अभिषवीहरः इति अभी पञ्च अतिचाराः षष्ठशीलस्य सन्ति । ’ - अर्थ : १ - निश्चय ही सचित्त - जीवसहित कच्ची हरी वस्तुका आहार करना, २ - सचित्ताचित्तके मिश्रणवाली वस्तुका आहार करना, ३ - हरी - सचित्तसे ढाँकी हुई वस्तुका आहार लेना, ४ - ऐसी वस्तुका आहार करना जो अग्नि पर भले प्रकार पकाई न गई हो अर्थात् अधिक पक गई हो या कुछ कच्ची (उधपकी) रह गई हो तथा ५ - गरिष्ठ अर्थात् कामोद्दीपक पुष्टिकारक वस्तुका आहार करना, - यह पाँच भोगोपभोगपरिमाणव्रतके अतिचार हैं ।
भावार्थ : यद्यपि यह भोगोपभोगपरिमाण शिक्षाव्रतका पालक श्रावक अभी सचित्तका त्यागी नहीं है तो भी सचित्तत्याग प्रतिमाके पालनके अभ्यासके लिये तथा खाद्य पदार्थोंमें अधिक लालसा मिटानेके लिये ही उसे इन अतिचारोंको टालना चाहिये ॥१९३॥
वैयावृत्त अतिथिसंविभागके पाँच अतिचार
परदातृव्यपदेशः सचित्तनिक्षेपतत्पिधाने च ।
कालस्यातिक्रमणं मात्सर्य्यं चेत्यतिथिदाने ॥१९४॥
अन्वयार्थ : (परदातृव्यपदेशः) परदातृव्यपदेश, (सचित्त निक्षेपतत्पिधाने च) सचित्तनिक्षेप और सचित्तपिधान, (कालस्यातिक्रमणं) कालका अतिक्रम (च) और (मात्सर्य्यं) मास्तर्य - (इति) इस प्रकार (अतिथिदाने) अतिथिसंविभागव्रतके पाँच अतिचार हैं ।
टीका : ‘अतिथिदाने परदातृव्यपदेशः अतिथिदाने सचित्तनिक्षेपः अतिथिदाने सचित्तपिधानं अतिथिदाने कालस्य अतिक्रमण च अतिथिदाने मात्सर्य्यं - इति पञ्च अतिचाराः वैयावृत्तस्य सन्ति । ’ - अर्थ : १ - घरका कार्य अधिक होनेके कारण अपने हाथसे आहार न देकर किसी दूसरेके हाथसे दिलवा देना, २ - आहारकी वस्तुको कमलपत्रादिक हरे पत्तोंमें रखना, ३ - आहारकी वस्तुको उपरोक्त हरे पत्तोंसे ढाँकना, ४ - मुनि महाराजकी आहारचर्याके समय घर पर न मिलना अर्थात् भोजनके कालका उल्लंघन करना, ५ - दान देते समय आदरभाव न होना, अथवा अपने घर मुनिराजके आहारकी विधि न मिल सकनेके कारण, या अपने घर मुनिराजके न आनेके कारण यदि दूसरे श्रावकके घर मुनिराजका आहारदान हो जाय तो उस श्रावकके प्रति द्वेष रखना - यह पाँच अतिचार अतिथिसंविभाग शिक्षाव्रतके हैं ॥१९४॥
सल्लेखनाके पाँच अतिचार
जीवितमरणाशंसे सुहृदनुरागः सुखानुबन्धश्च ।
सनिदानः पञ्चैते भवन्ति सल्लेखनाकाले ॥१९५॥
अन्वयार्थ : (जीवितमरणाशंसे) जीवनकी आशंसा, मरणकी आशंसा, (सुहृदनुरागः) सुहृद अर्थात् मित्रके प्रति अनुराग, (सुखानुबन्धः) सुखका अनुबन्ध (च) और (सनिदानः) निदान सहित - (एते) यह (पञ्च) पाँच अतिचार (सल्लेखनाकाले) समाधिमरणके समय (भवन्ति) होते हैं ।
टीका : ‘जीविताशंसा मरणाशंसा सुहृदनुरागः सुखानुबन्धः च सनिदानः इति एते पञ्च सल्लेखनाकाले अतिचाराः सन्ति । ’ - अर्थ : १ - सल्लेखना धारण करनेके बाद जीनेकी वांछा करना, किसी प्रकार मरण न हो ऐसी इच्छा करना, २ - सल्लेखना धारण करनेके बाद अधिक रोगवेदना हो रही हो तो ऐसी इच्छा करना कि मेरा शीघ्र मरण हो जाय तो अच्छा, ३ - पूर्वके मित्रोंका स्मरण करना कि अमुक मित्र बहुत अच्छे थे और मैं उनके साथ क्रीड़ादिक कार्य करता था, ४ - पूर्वमें जो सुख - साताकी सामग्री भोगी थी उसे याद करना, तथा वह भोग मुझे कब मिलेंगे ऐसा ‘चिन्तवन’ करना, ५ - आगामी कालमें अच्छे अच्छे भोगोंकी प्राप्तिकी इच्छा करना - यह पाँच सल्लेखनाके अतिचार हैं ।
भावार्थ : इस प्रकार १ सम्यग्दर्शन, ५ अणुव्रत, ३ गुणव्रत, ४ शिक्षाव्रत और १ सल्लेखना - इन चौदहके सत्तर अतिचारोंका वर्णन कर चुके । अतः नैष्ठिक श्रावकको इन सबका जहाँ तक जितना बन सके उतना यथाशक्ति अतिचार रहित पालन करना चाहिये, तभी मनुष्यभव मिलना सार्थक है । उपरोक्त चौदह *व्रत तीनों प्रकारके श्रावक पालते हैं । १ - पाक्षिक श्रावक सम्यग्दर्शनका धारक होता है, वह सात व्यसनोंका त्यागी और आठ मूलगुणोंका पालक होता है । २ - नैष्ठिक श्रावक ऊपरकी बातों सहित बारह व्रतोंका पालन करता है, यह नैष्ठिक अवस्था जीवन पर्यन्त रहती है । ३ - साधक - श्रावक, जब मरणका समय निकट आवे तब वह नैष्ठिक श्रावक साधक अवस्थाको प्राप्त हो सकता है । इस प्रकार जो मनुष्य तीनों अवस्थाओंको प्राप्त करता है वह अवश्य स्वर्गको प्राप्त कर सकता है और परम्परासे मोक्ष प्राप्त कर लेता है । यही मोक्ष - प्राप्तिका क्रम है ॥१९५॥
* निश्चयसम्यग्दर्शन - ज्ञानपूर्वक प्रथमकी दो कषायकी चौकड़ीमें अभावरूप शुद्ध भावरूप (आंशिक वीतरागी स्वाश्रयरूप) निश्चयव्रतका पालन करनेवाले जीवके सच्चा अणुव्रत होता है । निश्चयसम्यग्दर्शन न हो तो उसके व्रत - तपको सर्वज्ञदेव बालव्रत (अज्ञानव्रत) और अज्ञान तप कहते हैं । ऐसा सर्वत्र जानना चाहिये ।
अतिचारके त्याग करनेका फल
इत्येतानतिचारानपरानपि संप्रतर्क्य परिवर्ज्य ।
सम्यक्त्वव्रतशीलैरमलैः पुरुषार्थसिद्धिमेत्यचिरात् ॥१९६॥
अन्वयार्थ : (इति) इस प्रकार गृहस्थ (एतान्) इन पूर्वोक्त (अतिचारान्) अतिचार और (अपरान्) दूसरे दोषोत्पादक अतिक्रम, व्यतिक्रम आदिका (अपि) भी (संप्रतर्क्य) विचार करके (परिवर्ज्य) छोड़कर (अमलैः) निर्मल (सम्यक्त्वव्रतशीलैः) सम्यक्त्व, व्रत और शील द्वारा (अचिरात् ) अल्प कालमें ही (पुरुषार्थसिद्धिम् ) पुरुषके प्रयोजनकी सिद्धि (एति) पाते हैं ।
टीका : ‘इति एतान् अतिचारान् अपि अपरान् सम्प्रतर्क्य च परिवर्ज्य अमलैः सम्यक्त्वव्रतशीलैः अचिरात् पुरुषार्थसिद्धिम् एति । ’ - अर्थ : इस प्रकार इन अतिचारों तथा अन्य भी जो दोष हैं उसे जो पुरुष भले प्रकार विचार करके छोड़ता है और निर्दोष सम्यग्दर्शन, ५ - अणुव्रत, ४ - शिक्षाव्रत, ३ गुणव्रत इन सभी व्रतोंके पालन द्वारा जीव शीघ्र ही मोक्षको प्राप्त कर सकता है ।
भावार्थ : पुरुष नाम आत्माका है और अर्थ नामका मोक्ष है । इस प्रकार (स्वाश्रय निश्चयशुद्धि सहित) व्रतोंके पालनसे सम्यक्चारित्रकी प्राप्ति होती है और सम्यक्चारित्रकी प्राप्ति होनेसे शीघ्र ही मोक्ष प्राप्त हो जाता है । बिना *तपके सम्यक्चारित्रकी प्राप्ति नहीं होती ॥१९६॥
*सम्यक्तपका अर्थ = शुद्धोपयोगरूप मुनिधर्म अथवा निजपरमात्माके आश्रयसे निश्चयसम्यग्दर्शनज्ञान - चारित्ररूप शुद्धिसे शुभाशुभ इच्छाओंके निरोधपूर्वक आत्मामें निर्मल - निराकुल ज्ञान - आनन्दके अनुभवसे अखण्डित प्रतापवन्त रहना, निस्तरङ्ग चैतन्यरूपसे शोभित होना - तप है । ऐसा निश्चयतप भूमिकानुसार श्रावक तथा मुनिके होता है वहाँ बाह्यमें १२ प्रकारके तपमेंसे यथायोग्य निमित्त होता है, उसका ज्ञान करानेके लिये उसे व्यवहार तप कहा जाता है (विशेष रूपसे समझनेके लिये देखो मोक्षमार्ग प्रकाशक अ० ७, निर्जरा तत्त्वकी श्रद्धाकी अयथार्थता) । *
सकलचारित्र व्याख्यान
चारित्रान्तर्भावात् तपोपि मोक्षाङ्गमागमे गदितम् ।
अनिगूहितनिजवीर्यैस्तदपि निषेव्यं समाहितस्वान्तैः ॥१९७॥
अन्वयार्थ : (आगमे) जैन आगममें (चारित्रान्तर्भावात् ) चारित्रका अन्तर्वर्त्ती होनसे (तपः) तपको (अपि) भी (मोक्षाङ्गम् ) मोक्षका अंग (गदितम् ) कहा गया है अतः (अनिगूहितनिजवीर्यैः) अपना पराक्रम न छुपानेवाले तथा (समाहितस्वान्तैः) सावधान चित्तवाले पुरुषोंको (तदपि) उस तपका भी (निषेव्यम् ) सेवन करना योग्य है ।
टीका : ‘चारित्रान्तर्भावात् तपः अपि आगमे मोक्षाङ्गम् गदितम् अतः एव अनिगूहितनिजवीर्यैः समहितस्वान्तैः तदपि निषेव्यं । ’ - अर्थ : सम्यक्चारित्रमें समाविष्ट हो जानेके कारण तपको भी जैनसिद्धान्तमें मोक्षका कारण कहा गया है अतः अपनी शक्ति छिपाये बिना मनको वशीभूत करके उस तपका भी आचरण करना चाहिये ।
भावार्थ : तप एक प्रकारका व्यवहारचारित्र है । (भूतार्थका आश्रय करनेवालेको) व्यवहारचारित्रसे निश्चयचारित्रकी जो कि सम्यक्चारित्र है, उसकी प्राप्ति होती है अर्थात् यह नियम है कि तपश्चरण बिना निश्चयसम्यक्चारित्रकी प्राप्ति होती ही नहीं इसलिये मोक्षके इच्छुक पुरुषोंको अवश्य (सर्वज्ञ वीतराग कथित सम्यक्) तप धारण करना चाहिये ॥१९७॥
(नोट : चारित्र तो वीतरागता ही है और वह निज शुद्धात्माके आश्रयसे ही प्रगट होता है । परन्तु वहाँ उस समय व्यवहारचरण कैसा होता है उसे बतानेके लिये उसे व्यवहारनयसे कारण कहा है । राग है वह तो बाधक ही है परन्तु उस - उस भूमिकाके योग्य राग उस गुणस्थानका नाशक नहीं है इतना सम्बन्ध (मेल) बतानेके लिये उपचार - व्यवहार निरूपणकी यह रीति है । राग करते - करते निश्चयचारित्र नहीं हो सकता इस प्रकार प्रथमसे ही निस्सन्देह प्रतीति करनी चाहिये)
बाह्य और अन्तरङ्गके भेदसे तप दो प्रकारका है । पहले बाह्य तपके भेद कहते हैं ।
अनशनमवमौदर्यं विविक्तशय्यासनं रसत्यागः ।
कायक्लेशो वृत्तेः सङ्ख्या च निषेव्यमिति तपो बाह्यम् ॥१९८॥
अन्वयार्थ : (अनशनं) अनशन, (अवमौदर्यं) ऊनोदर, (विविक्तशय्यासनं) विविक्त शय्यासन, (रसत्यागः) रस परित्याग, (कायक्लेशः) कायक्लेश (च) और (वृत्तेः संख्या) वृत्तिकी संख्या - (इति) इस प्रकार (बाह्य तपः) बाह्यतपका (निषेव्यम् ) सेवन करना योग्य है ।
टीका : 'अनशनं अवमौदर्यं विविक्तशय्यासनं रसत्यागः कायक्लेशः च वृत्तेः संख्या बाह्यं तपः इति निषेव्यम् । ’ - अर्थ : १ - अनशन तप - अर्थात् उपवास द्वारा चार प्रकारके आहारका त्याग करना । खाद्य (खानेकी वस्तुयें), खाद्य (ताम्बूल, सुपारी, इलायची आदि स्वाद लेनेके वस्तुयें), लेह्य (चाटनेकी वस्तुयें), पेय (पीनेकी वस्तुएँ) - इन सभीका त्याग करना अनशन है । २ - अवमोदर्य तप - अर्थात् एकाशन करना, भूखसे कम खाना, इन दोनों प्रकारके तप द्वारा कर्मोंकी निर्जरा होती है, ध्यानकी प्राप्ति होती है, निद्रा मिटती है, सन्तोष होता है, स्वाध्याय करनेमें मन लगता है तथा दोष घटता है । ३ - विविक्त शय्यासन - जहाँ विषयी जीवोंका संचार - आवागमन न हो ऐसे एकान्त स्थानमें रहना (इससे बाधा रहित ब्रह्मचर्यका पालन होता है और ध्यानाध्ययन भी होता है) ४ - रसत्याग - दूध, दही, घी, शक्कर, तेल इन पाँच रसका त्याग तथा नमक और हरी वस्तुओंका भी त्याग करना रसत्याग कहलाता है । यद्यपि रस तो पाँच ही हैं तो भी इन्द्रिय - संयमकी अपेक्षासे सातोंका त्याग करना चाहिये । इनके त्यागका क्रम - नमक, हरी वस्तु, मिष्ट वस्तु, घी, दूध, दही और तेल - इस प्रकार है, और यह रविवारके दिनसे प्रारम्भ करना चाहिये । (इसमें परिणामोंकी शुद्धिके अनुसार इन्द्रियोंका दमन होता है, निद्रा जीती जाती है, आलस्य मिटता है, स्वाध्याय सुखकी सिद्धि होती है) ५ - कायक्लेश - शरीरको परिषह उत्पन्न करके पीड़ा सहन करना कायक्लेश है । इसके अभ्यास करनेसे अनेक कठोर उपसर्ग सहन करनेकी शक्ति बढ़ती है, शरीरके साथ ममत्वभाव घटता है और रागका अभाव होता है । ६ - वृत्तिसंख्या - वृत्तिकी मर्यादा कर लेना । जैसे कि आज मुझे ऐसा भोजन मिले तभी आहार करूँगा अथवा इतने घर भोजनके लिये जाऊँगा, इत्यादि प्रकारसे नियम कर लेना - इस प्रकार यह षट् भेदरूप बाह्यतपका निरूपण किया ॥१९८॥
अब अन्तरङ्ग तपोंका निरूपण करते हैं :
अन्तरंग तपके छह भेद
विनयो वैयावृत्त्यं प्रायश्चित्तं तथैव चोत्सर्गः ।
स्वाध्यायोऽथ ध्यानं भवति निषेव्यं तपोऽन्तरङ्गमिति ॥१९९॥
अन्वयार्थ : (विनयः) विनय, (वैयावृत्त्यं) वैयावृत्त्य, (प्रायश्चित्तं) प्रायश्चित्त (तथैव च) और इसी प्रकार (उत्सर्गः) उत्सर्ग, (स्वाध्यायः) स्वाध्याय (अथ) और (ध्यानं) ध्यान - (इति) इस तरह (अन्तरङ्गम् ) अन्तरङ्ग (तपः) तप (निषेव्यं) सेवन करने योग्य (भवति) है ।
टीका : ‘विनयः वैयावृत्त्यं प्रायश्चित्तं च उत्सर्गः तथैव स्वाध्यायः ध्यानं इति अन्तरङ्ग तपः निषेव्यम् । ’
अर्थ : १ - विनय - विनय (अर्थात् पूज्यमें आदरभाव । पूज्यपना सम्यग्दर्शन, ज्ञान, चारित्रमें पाया जाता है अतः इन्हें अत्यन्त आदरपूर्वक अंगीकार करना चाहिये यही वास्तविक विनय है); विनय नामक अन्तरङ्ग तप चार प्रकारका है । १ - दर्शन विनय, २ - ज्ञान विनय, ३ - चारित्र विनय और ४ - उपचार विनय ।
१ - दर्शन विनय : सम्यग्दर्शनकी प्राप्तिका उपाय करना, सम्यग्दर्शनके माहात्म्यका प्रचार करना, सम्यग्दृष्टि जीवोंकी वृद्धि हो ऐसा प्रयत्न करना तथा अपना सम्यग्दर्शन सदा निर्दोष रखना - यह दर्शन विनय है । २ - ज्ञान विनय : ज्ञानकी प्राप्ति करना, ज्ञानका प्रचार करना, स्वाध्यायशाला, विद्यालय खुलवाना, शास्त्र विनय सहित बाँटना - देना, शास्त्र वाँचना - वह सभी ज्ञान विनय है । ३ - चारित्र विनय : चारित्र प्राप्त करना, चारित्रका उपदेश देना इत्यादि चारित्र विनय है । ४ - उपचार विनय : रत्नत्रय अर्थात् सम्यग्दर्शन - ज्ञान - चारित्रके धारक - धर्मात्माओंका तथा अन्य धर्मात्मा बन्धुओंका शारीरिक विनय करना । उसके आने पर उठकर खड़ा हो जाना, नमस्कार करना, हाथ जोड़ना, चरणस्पर्श करना आदि यह सब उपचार विनय है । तीर्थक्षेत्रकी वन्दना करना भी उपचार विनय है । पूजा - भक्ति करना भी उपचार विनय है । रत्नत्रयकी प्राप्ति करना वही सच्चा विनय है । इस प्रकार विनय तपका वर्णन किया । (इससे मानकषाय मिटती है तथा ज्ञानादि गुणकी प्राप्ति होती है । )
२ - वैयावृत्य : अपने गुरु आदि पूज्य पुरुष आचार्य, उपाध्याय, सर्वसाधु, अर्जिका, श्रावक, श्राविका, त्यागी इत्यादि धर्मात्मा सज्जनोंकी सेवा - सुश्रूषा करना, कभी किसी व्रतधारीको कोई रोग हो जाय तो शुद्ध प्रासुक औषधि द्वारा उनका रोग दूर करना, जंगलोंमें वसतुका, कुटी आदि बनवाना - यह सब वैयावृत्य ही है ।
३ - प्रायश्चित्त : प्रमादसे जो कुछ दोष लगा हो उसको अपने गुरुके सामने प्रगट करना, उसकी आज्ञा - प्रमाण उस दोषको स्वीकार करके, भविष्यमें पुनः उसे न करनेकी प्रतिज्ञा करना तथा उनके द्वारा आदेशित दण्डको स्वीकार करके तदनुरूप आचरण करना प्रायश्चित्त अन्तरङ्ग तप है । इससे व्रत - चारित्रकी शुद्धि होती है । (परिणामोंकी शल्य मिटती है तथा मानादि कषाय घटते हैं । ) प्रायश्चित्त तपके ९ भेद हैं । १ - आलोचन, २ - प्रतिक्रमण, ३ - आलोचन प्रतिक्रमण, ४ - विवेक, ५ - व्युत्सर्ग, ६ - तप, ७ - छेद, ८ - परिहार, ९ - उपस्थापना - यह ९ भेद हैं ।
४ - उत्सर्ग : शरीरमें ममत्वका त्याग करना, अन्तरङ्ग परिग्रह क्रोधादि कषायोंका त्याग करना, संसारकी वस्तुको अपनी नहीं मानना, इत्यादि अहङ्कार - ममकारका त्याग करना । किसीको अपना मानना कि ‘यह है वही मैं हूँ’ अथवा किसीको ऐसा मानना कि ‘‘यह मेरा है, मैं इसका हूँ’’ इस प्रकारकी अहङ्कार और ममकार बुद्धिका (स्वसन्मुखतारूप भेदज्ञानके द्वारा) त्याग करना उत्सर्ग नामक अन्तरङ्ग तप है ।
५ - स्वाध्याय : (अर्थात् ज्ञानभावनामें आलस्य न करना । ) प्रथमानुयोग, चरणानुयोग, करणानुयोग तथा द्रव्यानुयोग, इन चारों प्रकारके शास्त्रोंका स्वाध्याय करना (जहाँ संशय हो अथवा श्रद्धान गाढ़ा करना हो वहाँ दूसरे विशेष ज्ञानियोंसे पूछना । जिसका श्रद्धान दृढ़ हो उसको बार - बार मनमें अभ्यास रखना अथवा चिन्तवन करना, पाठको शुद्धतापूर्वक बार - बार पढ़ना, तथा धर्मार्थी - धर्मके लोभी भव्य जीवोंको धर्मोपदेश देना) सीखना, सिखाना, विचारना, मनन करना इत्यादि स्वाध्याय नामक तप है । इसके द्वारा सम्यग्ज्ञानकी प्राप्ति होती है, अन्य जीवोंको सम्यग्ज्ञानका बोध होता है, परिणाम स्थिर रहता है, संसारसे वैराग्य होता है, धर्मकी वृद्धि होती है इत्यादि अनेक गुण प्रगट होते हैं अतः स्वाध्याय करना चाहिये ।
६ - ध्यान : एकाग्रचित्त होकर समस्त आरम्भ - परिग्रहसे मुक्त होकर, पंचपरमेष्ठी और आत्माका ध्यान करना उसीको ध्यान कहते हैं । वहाँ प्रशस्त रागपूर्वक अरिहन्तादिके चिन्तवनमें प्रवर्त्तन करना शुभध्यान है और केवल शुद्धात्मामें एकाग्र होना शुद्धध्यान है । ) आर्त्तध्यान, रौद्रध्यान, धर्मध्यान और शुक्लध्यानके भेदसे ध्यान चार प्रकारका है । उनमें आर्त्तध्यान और रौद्रध्यान तो संसारके कारण हैं तथा धर्मध्यान और शुक्लध्यान मोक्षके कारण हैं ।
ध्यानके सामान्यतया तीन भेद हो सकते हैं - अशुभध्यान, शुभध्यान और शुद्धध्यान । इनमें आर्त्तध्यान और रौद्रध्यान ये दोनों अशुभध्यान हैं, धर्मध्यान शुद्धतायुक्त शुभध्यान है तथा शुक्लध्यान शुद्धध्यान है । इसलिये मोक्षार्थी जीवोंको धर्मध्यान और शुक्लध्यान अवश्य अपनाना चाहिये । ध्यानके अवलम्बनरूपसे पिण्डस्थ, पदस्थ, रूपस्थ और रूपातीत - यह चार भेद हैं । इनका विशेष वर्णन ज्ञानार्णव ग्रन्थसे ज्ञात करना चाहिये । यहाँ लिखनेसे बहुत विस्तार हो जायेगा ।
भावार्थ : ध्यान तपसे चारित्रभाव सम्पूर्णताको प्राप्त होता है, मन वशीभूत होता है, अनाकुलता होनेसे परमानन्द होता है । इस प्रकार छह भेद युक्त अन्तरंग - तप सेवन करने योग्य है । यह तप मनके आधीन है इसीलिये इसे अन्तरंग - तप कहते हैं अतः इसका निरन्तर सेवना करना योग्य है । यहाँ यह बात भी जान लेना अत्यावश्यक है कि बाह्यतप और अन्तरंग - तपमें क्या अन्तर है । बाह्य - तपमें केवल बाह्यपदार्थ तथा शरीरकी क्रिया ही प्रधान कारण होती है और अन्तरंग - तपमें आत्मीय भाव तथा मनका अवलम्बन ही प्रधान कारण पड़ता है । जैसे अग्नि सोनेको शुद्ध बनाती है वैसे ही यह दोनों प्रकारके तप आत्माको शुद्ध बनाते हैं । कारण कि तपके बिना चारित्र नहीं होता और चारित्रके बिना कर्मोंकी निर्जरा नहीं होती । अतः दोनों प्रकारके तपोंका आचरण अवश्य करना चाहिये । यहाँ तक गृहस्थके व्रतोंका वर्णन हुआ । तत्पश्चात् श्री अमृतचन्द्रस्वामी मुनियोंके चारित्रका वर्णन करते हैं । मुनिपद धारण किए बिना मोक्षकी प्राप्ति कभी होती नहीं इसलिए मोक्षार्थी भव्यात्माओंकी जहाँ तक बन सके वहाँ तक समस्त आरम्भ - परिग्रहका त्याग करके मुनिपद धारण कर, अष्टकर्मोंका क्षय करके मुक्ति लक्ष्मीकी प्राप्ति करनी चाहिये ॥१९९॥
मुनिव्रत धारण करनेका उपदेश
जिनपुङ्गवप्रवचने मुनीश्वराणां यदुक्तमाचरणम् ।
सुनिरूप्य निजां पदवीं शक्तिं च निषेव्यमेतदपि ॥२००॥
अन्वयार्थ : (जिनपुङ्गवप्रवचने) जिनेश्वरके सिद्धान्तमें (मुनीश्वराणाम् ) मुनीश्वर अर्थात् सकलव्रतधारियोंका (यत् ) जो (आचरणम् ) आचरण (उक्तम् ) कहा है, (एतत् ) यह (अपि) भी गृहस्थोंका (निजां) अपने (पदवी) पद (च) और (शक्तिं) शक्तिको (सुनिरूप्य) भलेप्रकार विचार करके (निषेव्यम् ) सेवन करना योग्य है ।
टीका : ‘निजपुङ्गवप्रवचने मुनीश्वराणां यत् आचरणं उक्तं एतत् अपि निजां पदवीं सुनिरूप्य शक्तिं च सुनिरूप्य निषेव्यम् । ’ - अर्थ : अर्हन्त भगवान् तथा गणधरादि कथित जिन शास्त्रोंमें जो मुनि - महात्माओंका सर्वदेश त्यागरूप आचरण कहा है वह आचरण गृहस्थको अपने पदकी योग्यता और अपनी शक्तिको देखकर अवश्य करना चाहिये ।
(भावार्थ : जैसे मुनिराज मोक्षमार्गको सर्वदेश प्राप्त हुए हैं वैसे ही श्रावक भी मोक्षमार्गमें एकदेश प्रवर्त्तन करता है, इसलिये शास्त्रमें जैसा जैसा आचरण - क्रियाकाण्ड मुनियोंका कहा है वैसा ही श्रावकको भी अंगीकार करना चाहिये, परन्तु अपनी पदवी और शक्ति विचार कर जैसी प्रतिमाका धारक हो तदनुसार ही यथायोग्य आचरण करना योग्य है । ) जहाँ तक बन सके वहाँ तक प्रत्येक आत्मकल्याणार्थीको मुनि पदको स्वीकार करके अपनी आत्माका कल्याण करना चाहिये । यदि वह किसी भी तरह सर्वदेशव्रतका पूर्णरूपेण पालन न कर सके तो पहले अणुव्रत पालना चाहिये पश्चात् महाव्रत धारण करना चाहिये ॥२००॥
(अब जो मुनीश्वरोंका आचरण श्रावकको भी यथायोग्य अंगीकार करनेके लिये कहा गया है उसका वर्णन करते हैं । )
प्रथम ही छह आवश्यकका वर्णन करते हैं :
इदमावश्यकषट्कं समतास्तववन्दनाप्रतिक्रमणम् ।
प्रत्याख्यानं वपुषो व्युत्सर्गश्चेति कर्त्तव्यम् ॥२०१॥
अन्वयार्थ : (समतास्तववन्दनाप्रतिक्रमणम् ) समता, स्तवन, वन्दना, प्रतिक्रमण (प्रत्याख्यानं) प्रत्याख्यान (च) और (वपुषो व्युत्सर्गः) कायोत्सर्ग - (इति) इस प्रकार (इदम् ) यह (आवश्यक षट्कं) छह आवश्यक (कर्त्तव्यम् ) करना चाहिये ।
टीका : ‘समता स्तव वन्दना प्रतिक्रमणं प्रत्याख्यानं वपुषो व्युत्सर्गः इति इदं आवश्यक षट्कं । ’ -
१ - समता - समस्त जीवोंपर समताभाव रखना (अर्थात् लाभ - अलाभ, सुख - दुःख, जीवन - मरणमें हर्ष - विषाद न करके समभाव रखना) अथवा सामायिक करना ।
(सर्व जीव हैं ज्ञानमय ऐसा जो समभाव; सो सामायिक जिन कह्यो प्रगट करे भवपार । - योगसार दोहा नं. ९९)
२ - स्तव - श्री भगवान अर्हन्तदेव - तीर्थंकर भगवानके गुणोंका कीर्तन करना अर्थात् स्तुति करना । यह स्तव व्यवहारस्तव और निश्चयस्तवके भेदसे दो प्रकारका होता है ।
३ - वन्दना - पंच परमेष्ठीको प्रत्यक्ष अथवा परोक्षरूपसे साष्टांग नमस्कार करना ।
४ - प्रतिक्रमण - अपने किये हुए दोषोंका पश्चात्ताप करना । अर्थात् अपनेसे कोई दोष या भूल हो जाय तो उसे अपने गुरुके समक्ष प्रगट करके उस भूलको स्वीकार करना - यही प्रतिक्रमण है ।
५ - प्रत्याख्यान - (आगामी आस्रवका निरोध) - जो रत्नत्रयमें विघ्न उत्पन्न करनेवाले हैं उन्हें मन, वचन और कायसे रोकना और उनका त्याग करना प्रत्याख्यान कहलाता है । यह प्रत्याख्यान १ - अखण्डित, २ - साकार, ३ - निराकार, ४ - परिमान, ५ - इतरत्, ६ - वर्तनीपात, ७ - सहेतुक इत्यादि भेदसे १० प्रकारका है ।
६ - व्युत्सर्ग - शरीरका ममत्व छोड़कर विशेष प्रकारके आसन पूर्वक ध्यान करना, यह व्युत्सर्ग नामका आवश्यक है ।
भावार्थ : इस प्रकार यह छह आवश्यकोंका वर्णन किया । मुनि तथा श्रावक दोनोंको इनका पालन प्रतिदिन अवश्य ही करना चाहिये इसीलिये इन्हें आवश्यक कहा गया है, अतः मुनियोंको उसका पालन सर्वदेश करना चाहिये और श्रावकोंको अपनी योग्यतानुसार एकदेश करना चाहिये ॥२०१॥
तीन गुप्तियोंका वर्णन
सम्यग्दण्डो वपुषः सम्यग्दण्डस्तथा च वचनस्य ।
मनसः सम्यग्दण्डो गुप्तीनां त्रितयमवगम्यम् ॥२०२॥
अन्वयार्थ : (वपुषः) शरीरको (सम्यग्दण्डः) भले प्रकार - शास्त्रोक्त विधिसे वश करना, (तथा) तथा (वचनस्य) वचनका (सम्यग्दण्डः) भले प्रकार अवरोधन करना (च) और (मनसः) मनका (सम्यग्दण्डः) सम्यक् रूपसे निरोध करना - इस प्रकार (गुप्तीनां त्रितयम् ) तीन गुप्तियोंको (अवगम्यम् ) जानना चाहिये ।
टीका : ‘वपुषः सम्यग्दण्डः तथा वचनस्य सम्यग्दण्डः च मनसः सम्यग्दण्डः इति गुप्तीनां त्रितयं समनुगम्यम् । ’ - अर्थ : शरीरको वश करना, वचनको वश करना, और मनको वश करना - यह तीन गुप्ति जानना चाहिये ।
भावार्थ : गुप्तिका अर्थ गोपना अथवा छिपाना है । जैसे कि मनकी क्रिया रोकना अर्थात् मनकी चञ्चलता रोककर एकाग्रता कर लेना मनगुप्ति है । वचनका न बोलना अर्थात् मौन धारण करना वचनगुप्ति है । शरीरकी क्रिया रोकना - निश्चल हो जाना कायगुप्ति है । इन तीनों गुप्तियोंमेंसे मनोगुप्तिका पालन करना अति कठिन है । जहाँ तीनों गुप्ति हो जाती हैं वहाँ आत्मध्यान होता है ॥२०२॥
पाँच समिति
सम्यग्गमनागमनं सम्यग्भाषा तथैषणा सम्यक् ।
सम्यग्ग्रहनिक्षेपौ व्युत्सर्गः सम्यगिति समितिः ॥२०३॥
अन्वयार्थ : (सम्यग्गमनागमनं) सावधानीसे देख भालकर गमन और आगमन (सम्यग्भाषा) उत्तम हितमितरूप वचन, (सम्यक् एषणा) योग्य आहारका ग्रहण, (सम्यग्ग्रहनिक्षेपौ) पदार्थका यत्नपूर्वक ग्रहण और यत्नपूर्वक क्षेपण करना (तथा) और (सम्यग्व्युत्सर्गः) प्रासुक भूमि देखकर मल - मूत्रादिका त्याग करना - (इति) इस प्रकार यह पाँच (समितिः) समिति हैं ।
टीका : ‘सम्यग्गमनागमनं सम्यग्भाषा तथा सम्यक् एषणा च सम्यग्ग्रहनिक्षेपः सम्यक् व्युत्सर्गः इति (पञ्च) समितिः । ’ -
अर्थ : १ - ईर्यासमिति - मुनिराज दिनके समयमें ही सूर्योदयके दो घड़ी बाद जब सूर्यकी किरणें स्पष्ट हो जावें और मार्ग प्रासुक हो जाय तब यत्नाचारपूर्वक चार हाथ प्रमाण भूमि स्थूल दृष्टिसे देखकर गमनागमन करे तथा पैरोंको देख देख कर रखें । (जब मार्गपर घोड़ा - गाड़ी - पथिक आदि चलने लगते हैं तब वह सहज ही प्रासुक हो जाता है । )
२ - भाषासमिति - हितमित और असन्देहरूप वचन बोलना कि जिससे सुननेवाले कोई भी प्राणी को दुःख न हो ।
३ - एषणासमिति - छियालीस दोष, बत्तीस अन्तराय टालकर उत्तम कुलीन श्रावकके घर आचारसहित विधिपूर्वक शुद्ध प्रासुक आहार दिनमें एकबार लेना ।
४ - आदाननिक्षेपणसमिति - यत्नाचारपूर्वक देखकर संभालकर पुस्तक, पींछी, कमण्डलादिका उठाना तथा रखना ।
५ - प्रतिष्ठापनासमिति - यत्नपूर्वक दृष्टिसे देखकर और पींछीसे पोंछकर मल - मूत्र - कफ इत्यादि नवद्वारके मल प्रासुक (निर्जीव) भूमिपर त्याग करना । जलमें, गीली भूमिमें, हरी घासमें मल त्याग नहीं करना तथा लोगोंके आने - जानेके मार्गसे दूर जाकर निर्दोष भूमिमें मल क्षेपण करना । इसप्रकार समितियोंका वर्णन किया । यह पाँचों समितियाँ गुप्तियोंके पालनमें सहायक होती हैं । उपरोक्त प्रकारसे इनका पालन तो मुनि महाराज ही करते हैं फिर भी जितना बन सके उतना श्रावकको भी इनका पालन करना चाहिये । श्रावकको भी देखभालकर चलना चाहिए, संक्षिप्त और हितकारी वचन बोलना चाहिए, शुद्ध प्रासुक आहार लेना चाहिये, सभी वस्तुएँ देखभालकर उठाना - रखना चाहिये और जीवरहित स्थानमें ही मल - मूत्रादि विसर्जन करना चाहिये । इसी प्रकार यथाशक्ति इन सबका श्रावकों को पालन करना चाहिये ॥२०३॥
दश धर्म
धर्मः सेव्यः क्षान्तिर्मृदुत्वमृजुता च शौचमथ सत्यम् ।
अकिञ्चन्यं ब्रह्म त्यागश्च तपश्च संयमश्चेति ॥२०४॥
अन्वयार्थ : (क्षान्तिः) क्षमा, (मुदुत्वं) मार्दव, (ऋजुता) सरलता अर्थात् आर्जव (शौचम् ) शौच (अथ) पश्चात् (सत्यम् ) सत्य, (च) तथा (अकिंञ्चन्यं) आकिञ्चन, (ब्रह्म) ब्रह्मचर्य, (च) और (त्यागः) त्याग, (च) और (तपः) तप (च) और (संयमः) संयम (इति) इस प्रकार (धर्मः) दश प्रकारका धर्म (सेव्यः) सेवन करना योग्य हैं ।
टीका : ‘क्षान्तिः मृदुत्वं ऋजुता च शौचम् अथ सत्यम् आकिञ्चन्यं ब्रह्म च त्यागः च तपः च संयमः इति धर्मः सेव्यः । ’ -
अर्थ : १ - क्रोधका त्याग करके क्षमा धारण करना उत्तमक्षमा नामका पहला धर्म है । २ - मान कषायका त्याग करके कोमलता धारण करना उत्तम मार्दव नामका दूसरा धर्म है । ३ - मायाचारका (कपटका) त्याग करके सरलता धारण करना उत्तम आर्जव नामका तीसरा धर्म है । ४ - लोभका त्याग करके सन्तोष धारण करना शौच नामका चौथा धर्म है । शौचका अर्थ शुद्धि है । यह शुद्धि दो प्रकार की है - १, बाह्यशुद्धि, २ अन्तरङ्गशुद्धि । स्नानादिसे शरीरको पवित्र रखना बाह्यशुद्धि है और लोभ कषायका त्याग करना अन्तरंगशुद्धि है । इन दोनों प्रकारकी शुद्धि करना ही शौचधर्म है । यहाँ एक विचार योग्य बात यह है कि यह दोनों प्रकारकी शुद्धियाँ गृहस्थ - श्रावककी अपेक्षासे ही हैं, मुनिकी अपेक्षासे नहीं हैं; कारण कि मुनिमहाराजके तो अन्तरङ्ग शुद्धिकी ही मुख्यता है । ५ - दूसरेको दुःख उत्पन्न करानेवाला, निन्दनीय कपटी वचन नहीं बोलना सत्य कहलाता है और यही पाँचवाँ उत्तमसत्य धर्म है । ६ - पंचेन्द्रियके विषयोंको तथा मनके विषयको रोकना और छह कायके जीवोंकी हिंसा न करना उसीको संयम कहते हैं । व्रतोंका ध्यान करनेसे, समितियोंका पालन करनेसे, कषायोंका निग्रह करनेसे और मन-वचन-कायको वशमें रखनेसे इस संयमका पालन होता है यही छठवाँ उत्तम संयमधर्म है । ७ - जिस तरह सोनेका मैल दूर करनेके लिये अग्निका ताव दिया जाता है उसी तरह आत्माके साथ लगे हुए कर्मोंको दूर करनेके लिये (सर्वज्ञ - वीतराग कथित) तप किया जाता है । यह तप बारह प्रकारका है । ‘इच्छा निरोधस्तपः’ - इच्छाका निरोध करना ही तप है - यह सातवाँ उत्तम तपधर्म है । (इन बारह भावनाओंमें स्वाश्रयके बलद्वारा जितनी परिणामोंकी शुद्धि है वह तो निर्जराके कारणरूप निश्चय तप है और उसी समय हेयबुद्धि सहित व्रत तपादिके शुभ विकल्प - राग है उतना व्यवहार - उपचार तप है ऐसा सर्वत्र समझना चाहिये । ) ८ - लोकमें तो आहार, औषध, अभय और ज्ञानदान देनेको त्यागधर्म कहते हैं, परन्तु यह त्याग वास्तविक - सच्चा त्याग नहीं है । (त्रैकालिक अकषाय ज्ञायकस्वभावके आश्रय द्वारा वीतराग विज्ञानरूप शान्तिकी उत्पत्ति होना उतने अंशमें कषायकी उत्पत्ति न होना वही) क्रोधादि कषायोंका त्याग करना है वही सच्चा त्याग है । इसलिये यद्यपि मुनिराज प्रत्यक्षरूपसे कोई दान नहीं करते तो भी वास्तवमें कषायोंका त्याग करनेके कारण वे ही सच्चे दानी हैं और जिस समय जिस जीवके लोभ कषायका त्याग हो गया उसके बाह्य पदार्थोंका तो त्याग हो ही गया, क्योंकि लोभ कषाय छोड़े बिना बाह्य वस्तुओंका त्याग नहीं होता । इसलिये यह सिद्ध हुआ कि (तत्त्वज्ञानीके अभ्यासी) लोभादि कषायोंका त्याग करना ही सच्चा उत्तम त्याग है और वही दान है ।
९ - ममत्वबुद्धिका त्याग करना आकिंचन्य धर्म है । चौदह प्रकारके अंतरंग परिग्रह तथा दश प्रकाके बाह्य परिग्रह - इन दोनों प्रकारके परिग्रहोंका त्याग करने देना ही उत्तम आकिंचन्य धर्म है । १० - संसारके सर्व पदार्थोंसे मनकी वृत्ति हटाकर केवल एक आत्मामें ही लीन करना अर्थात् ब्रह्ममें तल्लीनता होना उत्तम ब्रह्मचर्य है ।
यह दशा तभी हो सकती है जब आत्मा पंचेन्द्रियके विषयोंको रोकनेमें समर्थ हो, विशेषतः स्पर्शेन्द्रियके विषय अर्थात् कायवासनाको जीतनेमें समर्थ हो जाय और उस कायवासनाका त्याग तभी हो सकता है जब स्त्री मात्रका त्यागी हो जाय अर्थात् संसारकी स्त्री मात्रका मन-वचन-कायसे त्याग करे । परन्तु ऐसा त्याग तो केवल एक मुनि महाराज ही कर सकते हैं; श्रावक तो एकदेश त्याग कर सकता है अर्थात् स्व-स्त्रीमें सन्तोष रखकर अपनी स्त्रीके अलावा संसारकी शेष समस्त स्त्रियोंको माता, भगिनी अथवा पुत्री समान जानता है - यही एकदेश ब्रह्मचर्यका पालन है ।
भावार्थ : इस प्रकार यह दशलक्षणधर्मका वर्णन किया । इन धर्मोंका पालन करना प्रत्येक प्राणीका मुख्य कर्त्तव्य है, कारण कि यही दशधर्म मोक्षमार्गका साधन करनेके लिये मुख्य कारण हैं ॥२०४॥
बारह भावनाओंका निरूपण
अध्रुवमशरणमेकत्वमन्यताऽशौचमास्रवो जन्मः ।
लोकवृषबोधिसंवरनिर्जराः सततमनुप्रेक्ष्याः ॥२०५॥
अन्वयार्थ : (अध्रुवम् ) अध्रुव, (अशरणम् ) अशरण, (एकत्वम् ) एकत्व, (अन्यता) अन्यत्व, (अशौचम् ) अशुचि, (आस्रवः) आस्रव, (जन्मः) संसार, (लोकवृषबोधिसंवरनिर्जराः) लोक, धर्म, बोधिदुर्लभ, संवर और निर्जरा (एताद्वादशभावना) इन बारह भावनाओंका (सततम् ) निरन्तर (अनुप्रेक्ष्याः) बारम्बार चिन्तवन और मनन करना चाहिये ।
टीका : ‘अध्रुवं अशरणं जन्म एकत्वं अन्यता अशौचं आस्रवः संवरः निर्जरा लोक बोधि वृषः इति द्वादश अनुप्रेक्षाः सततं भावनीयाः । ’ - अर्थ : १ - अनित्य भावना - संसारकी समस्त वस्तुएँ शरीर, भोगादि सभी अनित्य - नाशवान हैं, आत्मा नित्य है, ध्रुव है इसलिये अध्रुव वस्तुसे प्रीति छोड़कर ध्रुव स्ववस्तुमें चित्त लगाना इसीको अनित्य भावना कहते हैं ।
२ - अशरण भावना - इस जगतमें कोई किसीका शरण नहीं है, सभी प्राणी कालके आधीन हैं, कालसे बचानेवाला कोई नहीं है । व्यवहारनयसे चार शरण हैं - अर्हन्तका शरण, सिद्धका शरण, साधुका शरण और जैनधर्मका शरण, परन्तु वास्तवमें निश्चयनयसे केवल अपना आत्मा ही शरण है, अन्य कोई नहीं । ऐसा (स्वसन्मुखता सहित) विचार निरन्तर करना - यह दूसरी अशरण भावना है ।
३ - संसार भावना - संसार बहुत दुःख रूप है, चारों गतियोंमें कहीं भी सुख नहीं है । नरक गतिमें तो प्रगटरूप छेदन, भेदन, ताड़ने, तापन, शूलारोपण आदि अनेक दुःख हैं । और तिर्यंच गतिमें भूख, प्यास, अतिभार लादना इत्यादि दुःख हैं, मनुष्य गतिमें भी अनेक चिन्ताएँ, बहुत खेद इत्यादि अनेक दुःख हैं, देवगतिमें भी विषयवासना है, बड़े देवोंकी बड़ी ऋद्धि देखकर छोटे देव व्याकुल होते हैं, देवोंकी आयु दीर्घ तथा देवांगनाओंकी आयु अल्प होनेसे उनके वियोगमें देवोंको अवश्य दुःख होता है, मृत्युके पूर्व छह महीने पहलेसे गलेकी माला मुरझाने लगती है तबसे उस देवको महा मोहवश अत्यन्त खेद और दुःख होता है, इत्यादि प्रकारके देवगतिमें भी बहुत दुःख हैं । सुख तो एकमात्र पंचमगति अर्थात् मोक्षमें है (वहाँ निज आत्मासे ही उत्पन्न और अक्षय ऐसा अनन्तानन्त काल तक पूर्ण आनन्दमय अतीन्द्रिय सुख है) अतः प्राणीमात्रको चतुर्गतिरूप संसारसे उदासीन होकर पंचमगतिके प्राप्त करनेका उपाय करना चाहिये । ऐसा सदैव चिन्तवन करते रहना वही तीसरी संसार भावना है ।
४ - एकत्व भावना - यह आत्मा सदा अकेला ही है, जन्ममें तथा मरणमें सदा अकेला है इसका कोई सङ्गी - साथी नहीं है । यह सुख भोगनेमें अकेला, दुःख भोगनेमें अकेला, संसार - भ्रमण करनेमें अकेला, मोक्ष प्राप्त करनेमें अकेला, इस प्रकार यह आत्मा त्रिकाल अकेला ही है, इसका कोई साथी नहीं है - इस प्रकार निरन्तर विचार करना एकत्व भावना है ।
५ - अत्यन्त भावना - संसारके जितने भी पदार्थ हैं वे सब जुदे-जुदे हैं, कोई पदार्थ किसी दूसरे पदार्थमें मिला हुआ नहीं है - (मिला हुआ नहीं था - और कभी मिलेगा नहीं) मन-वचन-काय यह सभी आत्मासे भिन्न हैं । जब यह शरीर, मन और वचन भी आत्मासे भिन्न हैं तो यह प्रगटरूपसे भिन्न घर, मकान वगैरह एक कैसे हो सकते हैं ? (अतः शरीरादिसे निर्मोही बनकर, पर - भावोंसे अपना भिन्नत्व जानकर आपमें ही लीन होना योग्य है) इस प्रकार वस्तुस्वरूप जानकर बारबार चिन्तवन करना अन्यत्व भावना है ।
६ - अशुचि भावना - यह शरीर सदैव नवद्वारसे बहते हुए मल-मूत्रका खजाना महा अशुचिरूप है और आत्मा ज्ञानमय महा पवित्र है, तो आत्माका शरीरादिसे सम्बन्ध किस प्रकार हो सकता है ? इस तरह बारबार चिन्तवन करना अशुचि भावना है ।
७ - आस्रव भावना - ५ मिथ्यात्व, १२ अविरति, २५ कषाय, १५ योग ये आस्रवके ५७ भेद हैं, उनके द्वारा यह जीव हमेशा कर्मोंका आस्रव किया करता है । शुद्ध भावरूप संवरके द्वारा जब तक उन आस्रवोंका त्याग न हो तब तक यह जीव संसारमेंसे छूट सकता नहीं अर्थात् जीवको यह आस्रव ही दुःखदायक है, ऐसा (स्वसन्मुखता सहित) बारम्बार चिन्तवन करना उसे आस्रव भावना कहते हैं ।
८ - संवर भावना - (स्वसन्मुखतारूप शुद्धिके द्वारा ही) कर्मोंके आगमनको रोकना ही संवर है । यह संवर ही संसारसे छुड़ानेवाला और मोक्ष ले जाने वाला है । पाँच महाव्रत, पाँच समिति, तीन गुप्ति, दश धर्म, बारह भावना, बाईस परीषह, पाँच प्रकारका चारित्र - यह सभी संवरके कारण हैं । सभी प्राणियोंको इन सर्व कारणोंको धारण करके संवरकी प्राप्ति करना चाहिये । ऐसा बार-बार चिन्तवन करना ही संवर भावना है ।
९ - निर्जरा भावना - (सर्वज्ञ वीतराग कथित) तपके द्वारा पूर्वबद्ध कर्मोंका एकदेश क्षय करना निर्जरा है । यह निर्जरा दो प्रकारकी है । सविपाक निर्जरा और अविपाक निर्जरा । सविपाक निर्जरा तो सर्व संसारी जीवोंके सदैव हुआ ही करती है, परन्तु अविपाक निर्जरा तो शुद्धभावरूपी तप आदि करनेसे ही होती है, और अविपाक निर्जराके बिना यह जीव संसारसे मुक्त हो सकता नहीं । अतः मोक्षार्थी जीवोंको यह अविपाक निर्जरा अवश्य करना चाहिये । इस प्रकार बार-बार चिन्तवन करना ही निर्जरा भावना कहलाती है ।
१० - लोक भावना - (इस लोकके तीन भाग हैं - ऊर्ध्वलोक, मध्यलोक और अधोलोक । यह तीनों लोक तीनसौ तेतालीस राजू घनाकार, चौदह राजू ऊँचा किसीके द्वारा बनाए नहीं गये हैं और कभी इनका नाश नहीं होगा, अतः अनादि निधन, स्वयंसिद्ध, अविनाशी हैं । अनन्तानन्त लोकाकाशमें उसका अनन्तवाँ भाग लोकाकाश है वह षट् द्रव्यात्मक है । अधोलोकमें तो सातवें नरकके नीचे एक राजू पर्यन्त स्थावर ही हैं, वहाँ त्रसराशि नहीं है तथा शेष छह राजूमें सात नरक हैं, उनमें रहनेवाले नारकी महादुःखी हैं । इन नरकोंके ऊपर भवनवासी तथा व्यन्तर देव हैं, यह अधोलोककी संक्षिप्त रचना बताई । अधोलोकमें सूक्ष्मस्थावर तो सर्वत्र हैं तथा बादरस्थावर किसीके आधारसे हैं । त्रस जीवोंमें निचले स्थानमें नारकी और ऊपरके स्थानमें भवनवासी तथा व्यन्तर हैं, अन्य किसी जातिके त्रस जीव नहीं । मध्यलोकमें असंख्यात द्वीप-समुद्र हैं, उनमें ढाई द्वीप और दो समुद्र, मानुषोत्तर पर्वत पर्यन्त मनुष्यलोक है, उसके आगे मनुष्यका संचार नहीं है । व्यन्तर, भवनवासी, ज्योतिषी - यह तीन प्रकारके देव और तिर्यंत सब मध्यलोकमें हैं, उनमें जलचर पंचेन्द्रिय तथा विकलत्रय यह तो ढाई द्वीप, तथा अन्तका स्वयंभूरमण द्वीप आधा पहली तरफका और अन्तका स्वयंभूरमणसमुद्र सारा इनमें है । शेषके असंख्यात द्वीप समुद्रोंमें विकलत्रय नहीं है । जलचर जीव लवणोदधि, कालोदधि और स्वयंभूरमण - इन तीन ही समुद्रोंमें हैं; अन्य स्थानोंमें नहीं हैं । इस मध्यलोकमें अनेक प्रकारकी रचनायें हैं, उनका विस्तार कहाँ तक कहा जाय । सुमेरुपर्वतके शिखर पर्यन्त एक लाख योजन मध्यलोक ऊँचा है । ज्योतिषचक्र सातसौ नब्बे योजनसे लेकर नौसो योजन तक है । मध्यलोकके ऊपर स्वर्गलोक है; वहाँ सोलह स्वर्ग, नव ग्रैवेयक, नव अनुदिश, पंचानुत्तर हैं; नव ग्रैवेयक, नव अनुदिश और पंचानुत्तरमें अहमिन्द्र हैं, वहाँ देवियाँ नहीं हैं, सभी ब्रह्मचारी हैं । स्वर्गलोकमें स्वर्गवासी देव तथा पाँच स्थावर ही हैं, अन्य त्रसजीव नहीं हैं । पंचानुत्तरके मध्य सर्वार्थसिद्धि है जिसके समान संसारमें और कोई दूसरा स्थान नहीं है, इसी सर्वार्थसिद्धिके ऊपर सिद्धलोक है जहाँ अनन्तानन्त सिद्ध विराजमान हैं, अजर अमर अविनाशी हैं । ) इस सारे लोकमें यह संसारी जीव अनादि कालसे इन तीनों लोकमें अपनी भूलसे भ्रमण कर रहा है, उसे महान अपरिमित दुःख है, अंशमात्र भी सुख नहीं । सुखका धाम तो सिद्धलोक है । सब लोकका आभूषण शुद्ध आत्मा ही सार है, शेष सर्व असार है । इस चार गतिरूप लोकका निवास कब टूटे ? ऐसा बारम्बार विचार करना उसे ही लोक भावना कहते हैं ।
११ - बोधिदुर्लभ भावना - (संसारमें निगोदराशिसे व्यवहारराशिमें आना दुर्लभ है फिर एकेन्द्री जीव, पृथ्वीकाय, अप्काय, अग्निकाय, वायुकाय तथा प्रत्येक वनस्पतिकायसे निकलकर त्रसकायमें आना दुर्लभ है, उसमें भी दो इन्द्रियसे तीन इन्द्रिय होना दुर्लभ है, तीन इन्द्रियसे चार इन्द्रिय होना दुर्लभ है, चार इन्द्रियसे असैनी पंचेन्द्रिय होना दुर्लभ है, असैनीसे सैनी पंचेन्द्रि होना दुर्लभ है, पंचेन्द्रिय तिर्यंचसे मनुष्य होना अति दुर्लभ है । मनुष्यमें भी आर्यखण्ड, उत्तम कुल, दीर्घायु, धर्मबुद्धि पाना अत्यन्त दुर्लभ है; पश्चात् सम्यक्त्वकी प्राप्ति और श्रावकके व्रत अति दुर्लभ हैं, श्रावकके व्रतसे मुनिके व्रत धारण करना अत्यन्त दुर्लभ है तथा मुनिव्रतमें भी शुभापयोगकी अपेक्षा शुद्धोपयोगकी दशा प्राप्त करना महान महान दुर्लभ है । ) संसारमें सभी वस्तुयें सुलभ हैं अर्थात् शीघ्र ही प्राप्त हो सकती हैं, परन्तु केवलज्ञानका प्राप्त करना परम दुर्लभ है और केवलज्ञानके बिना इस जीवको मोक्ष नहीं मिल सकता, इसलिये प्रत्येक प्राणीको उस केवलज्ञानकी प्राप्ति करनेमें तत्पर और प्रयत्नशील होना चाहिये । जब तक केवलज्ञानकी प्राप्ति नहीं होगी तब तक यह आत्मा संसारमें भ्रमण करता ही रहेगा, इसलिये हे आत्मा ! यदि तुझे वास्तविक सुखकी प्राप्ति करनी हो तो तू शीघ्र ही चार घातियाकर्मोंका नाश करके केवलज्ञान प्राप्त कर । इस प्रकार स्वसन्मुखता सहित बारम्बार चिन्तवन करना बोधि दुर्लभ भावना है ।
१२ धर्म भावना - वास्तवमें जीवको सुख देनेवाली वस्तु एक धर्म ही है, क्योंकि धर्म नाम स्वभावका है । प्रत्येक वस्तुका जो स्वभाव है वही उसका धर्म है । (जीव वस्तुका स्वभाव चैतन्य है वही परम धर्म है) जब यह द्रव्य अपने स्वभावमें परिणमन करता है तभी यह सुखी और शुद्ध कहलाता है । यह आत्माका जो ज्ञानगुण है वही उसका धर्म है । जब तक यह आत्मा अपने ज्ञानधर्म अथवा सम्यग्दर्शन - सम्यक्चारित्ररूप रत्नत्रयधर्मका पूर्ण विकार नहीं करता तब तक इसस संसार - बन्धनमें नहीं छूट सकता ।
उत्तम क्षमा, मार्दव, आर्जव आदि भी आत्माके दश धर्म हैं तथा जीवदया भी आत्माका धर्म है । यद्यपि यह धर्म प्रत्येक संसारी आत्मामें विराजमान हैं तो भी जब तक आत्मामें इनका विकास न हो तब तक यह आत्मा संसाररूपी जेलमेंसे छूट नहीं सकता अर्थात् मोक्ष प्राप्त नहीं कर सकता । इस प्रकार बारबार चिन्तवन करना धर्मभावना है । इस प्रकार बारह भावनाओंका वर्णन किया । यह बारह भावनाएँ वैराग्यकी जननी हैं, क्योंकि संसारसे वैराग्य उत्पन्न करनेमें यह प्रधान सहायक हैं, इन बारह भावनाओंका चिन्तवन करनेसे वैराग्यकी पुष्टि होती है; अतः इनका सदैव चिन्तवन करो ॥२०५॥
बाईस परिषह
क्षुत्तृष्णा हिममुष्णं नग्नत्वं याचनारतिरलाभः ।
दंशो मशकादीनामाक्रोशो व्याधिदुःखमङ्गमलम् ॥२०६॥
स्पर्शश्च तृणादीनामज्ञानमदर्शनं तथा प्रज्ञा ।
सत्कारपुरस्कारः शय्या चर्या वधो निषद्या स्त्री ॥२०७॥
द्वाविंशतिरप्येते परिषोढव्याः परीष सततम् ।
संक्लेशमुक्तमनसा संक्लेशनिमित्तभीतेन ॥२०८॥
अन्वयार्थ : (संक्लेशमुक्तमनसा) संक्लेशरहित चित्तवाला और (संक्लेशनिमित्तभीतेन) संक्लेशके निमित्तसे अर्थात् संसारसे भयभीत साधुको (सततम् ) निरन्तर (क्षुत् ) क्षुधा, (तृष्णा) तृषा, (हिमम् ) शीत, (उष्णम् ) उष्ण, (नग्नत्वं) नग्नपना, (याचना) प्रार्थना, (अरतिः) अरति, (अलाभः) अलाभ, (मशकादीनांदंशः) मच्छरादिका काटना, (आक्रोशः) कुवचन, (व्याधिदुःखम् ) रोगका दुःख (अङ्गमलम् ) शरीरका मल, (तृणादीनां स्पर्शः) तृणादिकका स्पर्श, (अज्ञानम् ) अज्ञान, (अदर्शनम् ) अदर्शन, (तथा) इसी प्रकार (प्रज्ञा) प्रज्ञा (सत्कारपुरस्कारः) सत्कार पुरस्कार (शय्या) शयन, (चर्या) गमन, (वधः) वध, (निषद्या) आसन, (च) और (स्त्री) स्त्री - (एते) यह (द्वाविंशतिः) बाईस (परिषहाः) परीषह (अपि) भी (परिषोढव्याः) सहन करने योग्य हैं ।
टीका : ‘क्षुत् तृष्णां हिमं उष्णं नग्नत्वं याचना अरतिः अलाभः मशकादीनांदंशः अक्रोशः व्याधिदुःखं अङ्गमलम् तृणादीनां स्पर्शः अज्ञानं अदर्शनं तथा प्रज्ञा सत्कारपुरस्कारः शय्या चर्या वधः निषद्या स्त्री एते द्वाविंशतिः अपि परीषहाः संक्लेशमुक्तमनसा संक्लेशनिमित्तभीतेन सततं परिषोढव्याः ।
अर्थ : भूख, प्यास, सरदी, गरमी, नग्नपना, याचना, अरति, अलाभ, मच्छरादिका काटना, निन्दा, रोगका दुःख, शरीरका मल, कंटक-कांटा आदि लगना, अज्ञान, अदर्शन, प्रज्ञा, सत्कार-पुरस्कार, शयन, चलना, वध, निषद्या (निवास - आसन) और स्त्री - इन बाईस परीषहोंको मुनिराज संक्लेश दूर करके और संक्लेशभावसे भयभीत होकर सदा सहन करते हैं । अब बाईस परिषहका संक्षिप्त वर्णन करते हैं ।
१ - क्षुधा परीषह - भूषके वशीभूत होकर सब जीव बहुत दुःख पाते हैं, परन्तु मुनि महाराजको जब क्षुधा वेदना होती है तब ऐसा विचार करते हैं कि, हे जीव ! तूने अनादिकालसे संसारमें परिभ्रमण करते हुए, अनेक प्रकारकी अनन्त पुद्गलराशिका भक्षण किया है तब भी तेरी क्षुधा शान्त नहीं हुई तथा नरक गतिमें भी अत्यन्त क्षुधा सहन की अभी तू इस समय मोक्षकी प्राप्तिके लिये तैयार हो गया है, तेरा यह शरीर तो यहीं पड़ा रह जायेगा अतः शान्त ज्ञानानन्द स्वरूपमें लीनता करके भूखका नाश कर जिससे शीघ्र ही मोक्षकी प्राप्ति हो जाय । इस प्रकारके भावों द्वारा साधुगण क्षुधा परिषहकी सहन करते हैं ।
२ - तृषा परीषह - सभी जीव प्याससे बहुत दुःखी होते हैं । मुनिराज ग्रीष्म ऋतुमें पर्वतके शिखर पर रहते हैं, वहाँ अनेक उपवास धारण करनेके कारण उन्हें तृषाकी बाधा उत्पन्न होती है, फिर भी वह धीर - वीर साधु इस प्रकारकी भावना करके मनमें समाधान लाते हैं कि हे जीव ! तूने इस संसारमें भटकते हुए सारे जगतका जल पी लिया तो भी तेरी प्यास आज तक शान्त नहीं हुई । नरकगतिमें ऐसी तृषा उत्पन्न हुई जो समुद्रोंका जल पीने पर भी न मिटे, परन्तु वहाँ एक बूँद मात्र भी जल प्राप्त नहीं हुआ तथा तिर्यञ्चगतिमें अति तृषा सहन की और मनुष्यगतिमें भी तृषा - वेदना सहन करनी पड़ी । हे जीव ! तूने जगतवन्द्य मुनिपद धारण किया है, इसलिये इस तृषा परीषहको सहन करते हुए आत्मध्यानमें चित्त लगा जिससे यह तृषा सदाके लिये मिट जाय । इस प्रकार तृषा परीषह मुनिराज सहन करते हैं और संयमसे विचलित नहीं होते । यह तृषा परीषह है ।
३ - शीत परीषह - शीतके कारण संसारके प्राणी अति दुःखी होते हैं, हरेभरे वृक्ष भी हिमपातके कारण दग्ध होते हैं ऐसे पौष - माघकी भयङ्कर शीतमें महाधीर नग्नशरीर मुनिराज नदी अथवा सरोवरे किनारे कायोत्सर्ग या पद्मासन धारण करके ध्यान करते हैं उस समय शीतकी बाधा होने पर भी वह खेद नहीं करते; अपितु ऐसा विचार करते हैं कि हे जीव ! तूने अनादिकालसे अनन्तबार पशुगति और मनुष्यगतिमें भी अत्याधिक महान शीत - (ठण्ड) सहन की है । यद्यपि तूने उसे दूर करनेके लिये अनेकानेक उपाय किये हैं तो भी आज तक तेरी ठण्ड मिटी नहीं है । अब तूने मुनिव्रत धारण किया है, इसी पदसे मोक्षकी प्राप्ति होगी, अतः हे जीव ! तू इस शीतकी परीषहको सम्यक् प्रकारसे सहन कर । ऐसा चिन्तवन - विचार करके आत्मध्यानमें लीन होना - यह शीत परीषह कही जाती है ।
४ - उष्ण परीषह - ग्रीष्म ऋतुमें सूर्य बहुत तप्तायमान होता है, सारे जगतके प्राणी गरमीकी पीड़ासे महा व्याकुल हो जाते हैं, नदी - सरोवरोंका जल सूख जाता है, उस समय मुनिराज पर्वतके शिखर पर पत्थरकी शिला पर बैठकर (सूर्य-सन्मुख मुख करके आतापन योग धारण करते हैं तथा) ऐसा विचार करते हैं कि हे आत्मन् ! तूने अग्निपर्याय धारण करके प्रचण्ड गरमी सहन की है, नरकगतिमें बहुत गरमी सहन की है, तो अब यहाँ गरमी है ही कितनी ? इस समय तूने मुनिव्रत धारण किया है अतः आत्मानन्दरूपी अमृतसे तृप्त होकर इतनी तुच्छ धूपकी बाधा आनन्दसे सहन कर । इस तरह चिन्तवन करके उष्ण परीषह सुखपूर्वक जीतते हैं । इसे ही उष्ण परीषह कहते हैं ।
५ - नग्न परीषह - नग्न मुद्राधारी महा अविकारी मुनि भयङ्कर वनमें एकाकी रहते हैं । सूतके वस्त्र, रेशमी वस्त्र, टाटके वस्त्र, सणके वस्त्र तथा घास आदिके सकल प्रकारके वस्त्रोंका त्याग करते हैं, चर्म, रोम तथा वृक्षोंके वल्कलादि कुछ भी नहीं रखते, जिनके दशों दिशायें ही वस्त्र हैं उन्हें और क्या चाहिये ? ऐसे दिगम्बर मुनिराज अखण्ड ब्रह्मचर्यका पालन करते हुए अपने आत्मध्यानमें लीन रहते हैं । नग्न रहनेसे रंचमात्र भी दुःख नहीं मानते, हमेशा अपने आत्मामें लीन रहते हैं - इसीको नग्न परीषह कहते हैं ।
६ - याचना परीषह - (याचनासे सभी संसारी जीव दुःखी हो रहे हैं, दूसरों की क्या कहें, इन्द्र, चक्रवर्ती सरीखे भी अभिलाषासे रंक हो रहे हैं, परन्तु अयाचक व्रतधारी मुनिराज किसीसे भी कुछ माँगते नहीं । अरे ! जिन्हें तीर्थंकर जिनराजसे भी मोक्षरूपी लक्ष्मी नहीं माँगनी वह भला अन्य किसीके और कई वस्तु क्या माँगेगे ? याचना समान जगतमें अन्य न्यूनता नहीं और अयाचकव्रत समान त्रैलोक्यमें अन्य उत्कृष्टता नहीं । मुनिव्रतका मूल अयाचीव्रत्ति है, स्नान, भोजन, धर्मोपकरणादि कुछ भी किसीसे नहीं माँगते - महा निरभिलाषी रहते हैं) ।
मुनिराजको भले ही उन्हें हप्तो, महिनों, वर्षों तक आहार न मिले तो भी मुनिराज कभी किसी श्रावकसे आहारकी याचना नहीं करते - इसीलिये मुनिकी वृत्तिको सिंहवृत्ति कहते हैं । इसप्रकार याचना परिषहको जीतते हैं ।
७ - अरति परीषह - जगतके जीव इष्ट पदार्थोंके प्राप्त होने पर रति मानते हैं और अनिष्ट पदार्थोंके प्राप्त होने पर अरति - खेद मानते हैं, किन्तु मुनिराज चाहे जंगलमें रहें, कोई उनको भला-बुरा कहे, तो भी कदापि रति-अरति नहीं मानते । जिनके महल और भयंकर वन, शत्रु और मित्र, कनक और पाषाण, स्तुति और निन्दा, सुख और दुःख, जीवन और मरण सर्व समान हैं अर्थात् अपने चित्तमें सदैव समता धारण करनेवाले साधु अरति परीषह जीतते हैं ।
८ - अलाभ परीषह - साधुने अनेक उपवास किये हों और यदि पारणाके दिन निर्दोष आहारका लाभ न हो तो चित्तमें रंचमात्र खेद नहीं मानते । इस प्रकार जो यतीश्वर लाभ-अलाभ दोनोंको समान मानते हैं वही अलाभ परीषह पर विजय प्राप्त करते हैं ।
९ - दंशमशक परीषह - डांस, मच्छर, चींटी, मकोड़ा आदि जीवोंके डंककी पीड़ा जगतके प्राणी सहन नहीं कर पाते, परन्तु योगीश्वर उन सबकी बाधा-पीड़ा सहन करते हैं, उन कटनेवाले सभी प्राणियों द्वारा अपने नग्न शरीरमें बहुत बाधापीड़ा उत्पन्न किये जाने पर भी मुनि महाराज कभी भी मनमें खेद करते नहीं । इस तरह दंशमशक परीषह जीतते हैं ।
१० - आक्रोश परीषह - जो कोई दिगम्बर मुनिको देखकर निन्दा करते हैं, दुर्वचन कहते हैं, गाली देते हैं, परन्तु ऐसे निष्ठुर वचन सुनकर किंचित्मात्र खेद नहीं करते, परन्तु उत्तम क्षमा ही धारण करते हैं । इस प्रकार मुनिराज आक्रोश परीषह पर विजय प्राप्त करते हैं ।
११ - रोग परीषह - पूर्वोपार्जित असातावेदनीय कर्मके उदयसे शरीरमें पीड़ा हो जाय तो मुनि महाराज उस रोगसे दुःखी होते नहीं । (रोग हो जाने पर लौकिकजन अत्यन्त व्याकुल हो जाते हैं, परन्तु मुनिराज अपने शरीरमें इन रोगोंके उपस्थित होने पर किसी प्रकारका खेद चित्तमें नहीं आने देते और न उन रोगोंके प्रतिकारका कोई उपाय करते हैं) वह तो पूर्वोक्त कर्मोंका फल जानकर अत्यन्त निश्चलतापूर्वक आत्मध्यानमें लीन रहते हैं । इसे रोग परीषह कहते हैं ।
१२ - मल परीषह - (अपने त्रैकालिक निर्मल ज्ञानानन्दमय स्वरूपके आलम्बनमें ही सावधान होनेसे) मुनिराजके तो जीवनपर्यन्त स्नान और विलेपनका त्याग होता है । ग्रीष्मऋतुमें धूपमें रहनेके कारण पसीनाके योगसे शरीरमें धूल आकर जम जाती है, नग्न शरीर मलिन दिखाई पड़ता है तो भी संयमी साधुका इस शरीरके प्रति ध्यान नहीं जाता, क्योंकि वे अपने आत्मगुणोंमें ही लीन रहा करते हैं उसे ही मल परीषह कहते हैं । (और वे ऐसी भावना भाते हैं कि हे जीव ! यह शरीर तो स्वभावसे ही महा मलिन है, इसे तो समुद्रके जलसे धोया जाय तो भी पवित्र नहीं हो सकता और तू तो परम पवित्र आत्मा है अतः इस शरीरकी मलिनतासे तू कैसे मलिन हो सकता है ? नहीं हो सकता । कारण कि अमूर्तिक पदार्थको मलका संसर्ग - स्पर्श ही नहीं हो सकता । इसलिये हे आत्मन् ! तू इस देहका स्नेह त्यागकर अपने शुद्धभावोंमें लीन - स्थिर हो जा । यह विचार करके मुनि मल परीषह सहते हैं ।
१३ - तृण स्पर्श - जगवासी जीवोंके शरीरमें यदि एक फाँस भी लग जाय तो बेचैन हो जाते हैं परन्तु जीवोंकी रक्षा करनेमें तत्पर संमम - धनके धनी योगीन्द्रके शरीरमें चलते अथवा बैठते समय तृण, कंकड़, कण्टक, फाँस इत्यादि चुभ जाय तो उसको निकाल कर फेंकनेका कुछ भी उपाय करते नहीं अपितु निर्व्याकुल होकर निज स्वरूपमें ही लीन रहते हैं । यह तृणस्पर्श परीषह है ।
१४ - अज्ञान परीषह - संसारी समस्त प्राणी अज्ञानवश दुःखी हो रहे हैं, निज स्वरूपका ज्ञान नहीं है । यदि कदाचित् पढ़नेका अभ्यास करें और शब्दार्थका लाभ न हो तो मनमें खेद करते हैं और पठनसे अरुचि करने लगते हैं, परन्तु महामुनिराजको पूर्वोपार्जित ज्ञानावरणीयकर्मके उदयसे पठन - पाठनका उद्यम करने पर तथा अनेक वर्षों तक महान तप करने पर भी यदि श्रुतका पूर्ण ज्ञान नहीं होता अथवा अवधि, मनःपर्ययज्ञान उत्पन्न नहीं होता तो भी वह खेद नहीं करते, अपने नित्यानन्दस्वरूपमें ही सन्तोष धारण करते हैं उसे अज्ञान परीषह कहते हैं । (ऐसा विकल्प नहीं करते कि देखो, मुझे तप करते हुए इतना दीर्घकाल व्यतीत हो गया फिर भी मुझे ज्ञानकी वृद्धि नहीं हुई । यदि कोई मूढ़ पुरुष उन्हें देखकर कहे कि यह साधु कितना अज्ञानी है तो भी वह उसके वचनोंसे खेदखिन्न नहीं होते अथवा यदि ज्ञानकी वृद्धि हो जाय तो उस ज्ञानका कभी गर्व नहीं करते । ऐसे यतीश्वर अज्ञान परीषहके जीतनेवाले कहे जाते हैं । )
१५ - अदर्शन परीषह - जगतके जीव समस्त कार्य अपने प्रयोजनकी सिद्धिके लिये करते हैं और यदि पुरुषार्थके करने पर भी प्रयोजनकी सिद्धि न हो अथवा उसमें कुछ न्यूनता रह जाय तो क्लेश मानते हैं (परन्तु वह मुनिराज ऐसा विचार नहीं करते कि मैं बाल - अवस्थामें ही महाव्रतादि धारण कर रहा हूँ और चिरकाल तक उग्रोग्र तप करनेके बाद भी यदि किसी ऋद्धि आदि अतिशयकी प्राप्ति नहीं होती) ऐसा विचार भी कदापि नहीं करते कि मुझे स्वाध्याय और तप करते हुए बहुत समय व्यतीत हो गया, कषायों पर भी मैंने विजय प्राप्त कर ली है, संयमका भी निरतिचार पालन कर रहा हूँ फिर भी मुझे अब तक कोई ऋद्धि उत्पन्न नहीं हुई और न कोई ज्ञानातिशय ही प्राप्त हुआ । न मालूम इस तप - संयमका कोई फल दिखाई देगा भी या नहीं ? इस प्रकारका कोई संशय या विकल्प करके मुनिराज सम्यग्दर्शनें दोष नहीं लगाते और तप - संयम अचल रहते हैं । इसे अदर्शन परीषह कहते हैं ।
१६ - प्रज्ञा परीषह - लौकिक जन थोड़ा भी ज्ञान हो जाने पर उसका अति गर्व करने लग जाते हैं और मनमें ऐसा विचारने लगते हैं कि मेरे समान कोई बुद्धिमान नहीं है, किन्तु महामुनिराजको शब्द, अर्थ, छन्द, न्याय, अलंकारादि द्वादशांगका पूर्ण ज्ञान है अथवा अवधिज्ञान या मनःपर्ययज्ञान है तो भी रंचमात्र गर्व नहीं करते और बुद्धिकी मन्दता होने पर खेद नहीं करते, यदि कोई व्यक्ति उन्हें बुद्धिहीन बताये तो उससे द्वेषभाव नहीं रखते । ऐसे योगी ही प्रज्ञा परीषह सहनशील होते हैं ।
१७ - सत्कार - पुरस्कार परीषह - देव, मनुष्य, तिर्यञ्च, संसारके सभी जीव आदरसत्कारसे हर्षित होते हैं और सत्कार करनेवालेके प्रति मैत्रीभाव रखते हैं तथा अनादर करनेवालेके प्रति शत्रुता रखते हैं, इस प्रकार निरन्तर रागद्वेषरूप परिणमन करते हैं, किन्तु वीतरागताके धारक यतीश्वर, इन्द्र और चक्रवर्ती आदिके द्वारा पूजा - स्तुति किये जाने पर अथवा किसी अविवेकी जनके द्वारा निन्दा किये जाने पर किसीसे राग-द्वेष नहीं करते, अपितु समताभाव धारण करते हुए मनमें ऐसा विचार करते हैं कि हे जीव ! तू तो दृष्टि-अगोचर, वचन-अगोचर अमूर्तिक पदार्थ है, उसका कोई सत्कार अथवा स्तुति भला कैसे कर सकता है ? और यह शरीर पदार्थ तो मैथुनसे उत्पन्न मल - मूत्रका भाजन है, यह भला स्तुति योग्य कैसे हो सकता है ? कदापि नहीं हो सकता । इसलिये स्तुति और निन्दासे हर्ष-विषाद मानना व्यर्थ है । इस प्रकार जो मुनिराज किसीके पाससे आदर-सन्मानकी इच्छा नहीं करते और अनादरसे खेद-खिन्न नहीं होते वह सत्कार - पुरस्कार परीषह विजयी होते हैं ।
१८ - शय्या परीषह - जगतके जीव विषयाभिलाषी होकर कोमल शय्या पर सोनेका अनुराग रखते हैं, परन्तु योगीश्वर मुनिराज (स्वर्ण - रत्नादिकके महल तथा सुन्दर शय्यादिक त्याग कर) वनवासी होकर कंकरीली विषम भूमिमें रात्रिके पिछले प्रहरमें एकासनमें थोड़ीसी निद्रा लेते हैं और वहाँ अपने क्षीण शरीरमें कंकड़ आदि चुभते हैं उनसे दुःखी नहीं होते, परन्तु ऐसी भावना भाते हैं कि हे जीव ! तूने नरककी तीव्र वेदना अनन्तबार सहन की है, उसके समान अन्य कोई विषम भूमि नहीं है, यह भूमि तो कुछ भी विषम नहीं है कि जिसका तू व्यर्थमें खेद करता है । अब तो तूने त्रैलोक्य - पूज्य जिनमुद्रा धारण की है, तू मोक्षार्थी ही है और इस भवसमुद्रसे पार होकर निर्वाण द्वीपको जाना चाहता है अतः मोहरूपी निद्राको जीतकर योगमें आरूढ़ हो, सदा जागृत रहकर अपने स्वरूपमें मग्न हो, शय्या परीषहकी बाधासे चित्तमें अस्थिरता मत आने दे । इस तरह विचारते हुए मुनिराज शय्या परीषह सहन करते हैं । यह शय्या परीषहका जीतना है ।
१९ - चर्य्या परीषह - संसारी जीव हाथी, घोड़ा, रथ, पालकी आदि सवारी पर सुहावने समयमें भी चढ़कर गमन करनेमें खेद मानते हैं तथा तिर्यञ्च भी गमन करनेमें दुःखी होते हैं, परन्तु मुनिमहाराज चलते समय ईर्यापथ शोधते हुए चलते हैं । ग्रीष्मऋतुमें दशों दिशाएँ तप्तायमान हो जाती हैं और मार्गमें कंकड़, पत्थर, कण्टकादि चुभते हैं तो भी किंचित् खेद नहीं मानते । इस प्रकार महामुनिराज चर्य्या परीषह पर विजय प्राप्त करते हैं ।
२० - वध परीषह - भववासी जीव मारने - पीटनेसे सदैव भयभीत होते हैं, यदि कोई उनके ऊपर उपद्रव करे तो उससे द्वेष करके अति तीव्र कषाय धारण करते हैं, परन्तु मुनिराज कोई पापी जीव बाँधे अथवा दण्ड, पाषाणादिसे मारे और नाना प्रकारका उपसर्ग करके महान कष्ट पहुँचावे तो भी वे उससे रंचमात्र भी दोष नहीं करते, समताभाव ही रखते हैं और ऐसा विचार करते हैं कि मेरा आत्मा तो अमूर्तिक है, अविनाशी चिदानन्दमय है, उसे दुःख कौन दे सकता है ? कौन मार सकता है ? कौन पीट सकता है ? मैं तो ज्ञानानन्दस्वरूप ही हूँ । इस प्रकार मुनिराज वध परीषह जीतते हैं ।
२१ - निषद्या परीषह - संसारके समस्त जीव उत्तम मनोज्ञ स्थानमें बैठकर सुख मानते हैं, परन्तु (मुनिराज पहले राज्यादिक पदवीमें, कंचन रत्नादिकके महलोंमें, विलास करते थे, उन्होंने अब स्वरूपको पहचान कर निश्चयसे अपना स्थान अपनेमें ही जान लिया है । ) मुनिराज सकल परिग्रहका त्याग करके महा निर्जन वनमें जहाँ सिंहादिक अनेक क्रूर वनचर जीव रहते हैं वहाँ पर्वतकी गुफाओंमें, शिखरों पर अथवा स्मशान भूमिमें निवास करते हैं, उन विषम स्थानोंमें भी अनेक व्यन्तरादिक विविध प्रकारके उपसर्ग करते हैं तो भी वे महावीर रंचमात्र भी दुःख नहीं मानते और उस स्थानको नहीं छोड़ते । इस प्रकार निषद्या परीषहको जीतते हैं ।
२२ - स्त्री परीषह - देव, मनुष्य, तिर्यंचादि संसारी जीव स्त्रीके रागसे सुख मानते हैं और उनके साथ हास्य, रति, केलि, कौतूहलादि करके आनन्द मानते हैं, किन्तु मुनिराजने तो कामिनीका संग ऐसे त्याग दिया है जैसे सज्जन पुरुष दुर्जनका साथ छोड़ देते हैं । स्त्रीके शरीरको महामलिन दुर्गतिका कारण जानकर उससे कभी अनुराग नहीं करते, सुन्दर रमणियोंके मिष्ट वचन सुनकर भी, हावभाव - विलास - विभ्रम कौतुककी क्रियाओंको देखने पर भी किंचित् मात्र भी विचलित नहीं होते और अखण्ड ब्रह्मचर्यका पालन करते हुए स्वात्मध्यानमें लीन रहते हैं अर्थात् सकल विभाव - परिणतिको छोड़कर अपनी ज्ञानानन्दरूप स्वभाव परिणतिमें ही रमण करते हैं । इस प्रकार स्त्री परीषह पर विजय प्राप्त करते हैं ।
इस तरह इन बाईस परिषहोंको मुनिराज निरन्तर संक्लेश और विषाद मनसे रहित होकर सहन करते हैं । उनका मन चतुर्गतिके दुख देनेमें कारणभूत ज्ञानावरणादि कर्मोंसे भयभीत है । भावार्थ - जो मुनि संसार परिभ्रमणके क्लेशसे कंपायमान हो गए हैं वे ही दृढ़चित्त होकर बाईस परिषह सहन करते हैं और रंचमात्र भी कायरता नहीं आने देते । जो मुनिराज परीषह सहन नही कर सकते उनके चित्तकी निश्चलता नहीं हो सकती और चित्तकी निश्चलताके बिना ध्यानमें आरूढ़ता नहीं हो सकती तथा ध्यानारूढ़ता बिना कर्म - काष्ठ भस्म नहीं हो सकते और कर्मोंका नाश हुए बिना मुक्ति नहीं मिल सकती । इसलिए मोक्षाभिलाषी मुनिको परीषह अवश्य सहन करना चाहिए । इस तरह बाईस परीषहका वर्णन पूर्ण हुआ ॥२०८॥
मोक्षाभिलाषीको निरन्तर रत्नत्रयका सेवन करना चाहिये :
इति रत्नत्रयमेतत्प्रतिसमयं विकलमपि गृहस्थेन ।
परिपालनीयमनिशं निरत्ययां मुक्तिमभिलषिता ॥२०९॥
अन्वयार्थ : (इति) इस प्रकार (एतत् ) पूर्वोक्त (रत्नत्रयम् ) सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्ररूप रत्नत्रय (विकलम् ) एकदेश (अपि) भी (निरत्ययां) अविनाशी (मुक्तिम् ) मुक्तिके (अभिलषिता) चाहनेवाले (गृहस्थेन) गृहस्थको (अनिशं) निरन्तर (प्रतिसमयं) हर समय (परिपालनीयम् ) सेवन करना चाहिये ।
टीका : ‘इति चेतत् रत्नत्रयं प्रतिसमयं विकलं अपि निरत्ययां मुक्ति अभिलषिता गृहस्थेन अनिशं परिपालनीयम् । ’ -
अर्थ : इस प्रकार यह सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्ररूप रत्नत्रय प्रति समय गृहस्थ श्रावकको भी यदि सर्वदेश पालन न हो सके तो एकदेश ही निरन्तर अविनाशी मोक्षका इच्छुक होते हुए पालन करना चाहिये ।
भावार्थ : मुनिके तो रत्नत्रय पूर्णरूपसे है, किन्तु गृहस्थ श्रावक सम्पूर्ण रत्नत्रयका पालन नहीं कर सकता, इसलिये उसे एकदेश पालन करना चाहिये । किसी भी दशामें उसे रत्नत्रयसे विमुख नहीं होना चाहिये, क्योंकि वह रत्नत्रय ही मुक्तिका कारण है । मुनिका रत्नत्रय महाव्रतके योगसे साक्षात् मोक्षका कारण है और श्रावकका रत्नत्रय अणुव्रतके योगसे परम्परा मोक्षका कारण है, अर्थात् जिस श्रावकको सम्यग्दर्शन हो जाता है उसका अल्पज्ञान भी सम्यग्ज्ञान और अणुव्रत भी सम्यक्चारित्र कहा जाता है, इसलिये रत्नत्रयका धारण करना अत्यावश्यक है ।
सात तत्त्वोंकी श्रद्धा करना व्यवहार सम्यग्दर्शन है और निजस्वरूपकी श्रद्धा अर्थात् स्वानुभव होना निश्चयसम्यग्दर्शन है । जिनागममें आगमपूर्वक सात तत्त्वोंका जान लेना व्यवहार सम्यग्ज्ञान है और निजस्वरूपका भान अर्थात् आत्मज्ञान निश्चयसम्यग्ज्ञान है । अशुभकार्योंकी निवृत्तिपूर्वक शुभकार्योंमें प्रवृत्ति करना व्यवहारसम्यक्चारित्र है और शुभ प्रवृत्तियोंसे भी निवृत्त होकर शुद्धोपयोगरूप निजस्वरूपमें स्थिर होना निश्चयसम्यक्चारित्र है । - इस तरह रत्नत्रयका संक्षेपमें व्याख्यान किया । श्रावकको इसका एकदेश पालन अवश्य ही करना चाहिये बिना रत्नत्रयके किसी जीवका कल्याण कदापि हो नहीं सकता ॥२०९॥
गृहस्थोंको शीघ्र मुनिव्रत धारण करना चाहिये, ऐसा बताते हैं :
बद्धोद्यमेन नित्यं लब्ध्वा समयं च बोधिलाभस्य ।
पदमवलम्ब्य मुनीनां कर्त्तव्यं सपदि परिपूर्णम् ॥२१०॥
अन्वयार्थ : (च) और यह विकलरत्नत्रय (नित्यं) निरन्तर (बद्धोद्यमेन) उद्यम करनेमें तत्पर ऐसे मोक्षाभिलाषी गृहस्थोंको (बोधिलाभस्य) रत्नत्रयके लाभका (समयं) समय (लब्ध्वा) प्राप्त करके तथा (मुनीनां) मुनियोंके (पदम् ) पदका - (चरणका) (अवलम्ब्य) अवलम्बन करके (सपदि) शीघ्र ही (परिपूर्णम् ) परिपूर्ण (कर्त्तव्यम् ) करना योग्य है ।
टीका : ‘नित्यं बद्धोद्यमेन बोधिलाभस्य समयं लब्ध्वा च मुनिनां पदम् अवलम्ब्य सपदि परिपूर्णं कर्त्तव्यम् । ’ - अर्थ : गृहस्थको सदा उद्यमशील होकर सम्यग्ज्ञानकी प्राप्तिका समय प्राप्त करके मुनिपद धारण करके शीघ्र ही रत्नत्रयकी पूर्णता कर लेना चाहिये ।
भवार्थ : विवेकी पुरुष गृहस्थ दशामें ही संसार और शरीर भोगोंसे विरक्त होकर सदैव मोक्षमार्गमें उद्यमी रहते हैं । वे अवसर पाकर शीघ्र मुनिपद धारण करके, सकल परिग्रहका त्याग करके, निर्विकल्प ध्यानमें आरूढ़ होकर, पूर्ण रत्नत्रयको प्राप्त करके, संसारभ्रमणका नाश करके मोक्षकी प्राप्ति शीघ्र कर लेते हैं । अथवा एकदेश रत्नत्रयको धारण करके इन्द्रादिक उच्चपद और परम्परासे मोक्ष भी प्राप्त करते हैं ॥२१०॥
असमग्रं भावयतो रत्नत्रयमस्ति कर्मबन्धो यः ।
स विपक्षकृतोऽवश्यं मोक्षोपायो न बन्धनोपायः ॥२११॥
अन्वयार्थ : (असमग्रं) अपूर्ण (रत्नत्रयम् ) रत्नत्रयकी (भावयतः) भावना करनेवाले पुरुषके (यः) जो (कर्मबन्धः) शुभकर्मका बन्ध (अस्ति) होता है, (सः) वह बन्ध (विपक्षकृतः) विपक्षकृत अर्थात् राग कृत है, (और) निश्चय रत्नत्रय तो (अवश्यं) अवश्य ही (मोक्षोपायः) मोक्षका उपाय है, (न बन्धनोपायः) बन्धका उपाय नहीं है ।
टीका : ‘असमग्रं रत्नत्रयं भावयतः यः कर्मबन्धः अस्ति सः विपक्षकृतः रत्नत्रयं तु अवश्यं मोक्षोपायः अस्ति न बन्धनोपायः । ’ - अर्थ : एकदेशरूप रत्नत्रयके पालन करनेवाले पुरुषको जो कर्मबन्ध होता है वह रत्नत्रयसे नहीं होता, किन्तु रत्नत्रयके विपक्षी रागद्वेष हैं उनसे होता है । वह रत्नत्रय तो अवश्य वास्तवमें मोक्षका ही उपाय है, बन्धका उपाय नहीं ।
भावार्थ : एकदेश रत्नत्रय धारण करनेवाले जीवके जो कर्मबन्ध होता है, वह कर्मबन्ध उस रत्नत्रयसे नहीं होता, बल्कि उसके उस समय विद्यमान जो शुभकषाय है उसीसे होता है । इससे यह सिद्ध हुआ कि कर्मबन्ध करनेवाली तो शुभकषाय है - रत्नत्रय कदापि नहीं ॥२११॥
अब रत्नत्रय और रागका फल बताते हैं :
येनांशेन सुदृष्टिस्तेनांशेनास्य बन्धनं नास्ति ।
येनांशेन तु रागस्तेनांशेनास्य बन्धनं भवति ॥२१२॥
येनांशेन ज्ञानं तेनांशेनास्य बन्धनं नास्ति ।
येनांशेन तु रागस्तेनांशेनास्य बन्धनं भवति ॥२१३॥
येनांशेन चरित्रं तेनांशेनास्य बन्धनं नास्ति ।
येनांशेन तु रागस्तेनांशेनास्य बन्धनं भवति ॥२१४॥
अन्वयार्थ : (अस्य) इस आत्माके (येनांशेन) जितने अंशमें (सुदृष्टिः) सम्यग्दर्शन है, (तेन) उतने (अंशेन) अंशमें (बन्धनं) बन्ध (नास्ति) नहीं है, (तु) परन्तु (येन) जितने (अंशेन) अंशमें (अस्य) इसके (रागः) राग है, (तेन) उतने (अंशेन) अंशमें (बन्धनं) बन्ध (भवति) होता है । (येन) जितने (अंशेन) अंशमें (अस्य) इसके (ज्ञानं) ज्ञान है, (तेन) उसने (अंशेन) अंशमें (बन्धनं) बन्ध (नास्ति) नहीं है, (तु) परन्तु (येन) जितने (अंशेन) अंशमें (रागः) राग है, (तेन) उतने (अंशेन) अंशमें (अस्य) इसके (बन्धनं) बन्ध (भवति) होता है । (येन) जितने (अंशेन) अंशमें (अस्य) इसके (चरित्रं) चारित्र है, (तेन) उतने (अंशेन) अंशमें (बन्धनं) बन्ध (नास्ति) नहीं है, (तु) परन्तु (येन) जितने (अंशेन) अंशमें (रागः) राग है, (तेन) उतने (अंशेन) अंशमें (अस्य) इसके (बन्धनं) बन्ध (भवति) होता है ।
टीका : ‘येन अंशेन सुदृष्टिः तेन अंशेन बन्धनं नास्ति किन्तु येन अंशेन रागः तेन अंशेन बन्धनं भवति । ’ - अर्थ : जितने अंशमें सम्यग्दर्शन है उतने अंशमें कर्मबन्ध नहीं है तथा जिसने अंशमें रागभाव है उतने ही अंशमें कर्मका बन्ध है ।
भावार्थ : जीवके तीन भेद हैं - १. बहिरात्मा, २. अंतरात्मा, ३. परमात्मा । इन तीनमेंसे बहिरात्मा तो मिथ्यादृष्टि है, क्योंकि उसके सम्यग्दर्शन नहीं है, केवल रागभाव ही है अतः सर्वथा बन्ध ही है । और परमात्मा भगवान जिनके पूर्ण सम्यग्दर्शन हो गया हो उनके रागभावका अत्यन्त अभाव होनेके कारण सर्वथा बन्ध नहीं है, मोक्ष ही है । अन्तरात्मा सम्यग्दृष्टि चतुर्थ गुणस्थानसे लेकर बारहवें गुणस्थान तक है, इसलिये इस अन्तरात्माके जितने अंशमें *सम्यग्दर्शन हो गया है उतने अंशमें कर्मका बंधन नहीं है और जिसने अंशमें रागभाव है उतने अंशमें कर्मका बन्ध है । चतुर्थ गुणस्थानमें अनन्तानुबन्धी सम्बन्धी रागभाव नहीं है तो उतना कर्मबन्ध भी नहीं है, शेष अप्रत्याख्यानावरणादि तीनका बन्ध है । पाँचवें गुणस्थानें अप्रत्याख्यानरूप रागभावका अभाव हुआ अतः उसका भी बन्ध रुक गया, परन्तु प्रत्याख्यानावरणादि दोका बन्ध अभी शेष है । (छठे - सातवें गुणस्थानमें प्रत्याख्यानावरणी सम्बन्धी रागभाव नष्ट हुआ तब उतना बन्ध भी मिट गया । ) जितने अंशमें जो जीवके सम्यग्ज्ञान हो गया है, उतने ही अंशमें रागभावका अभाव होनेके कारण कर्मका बन्ध नहीं है और जितने अंशमें रागभाव है उतने ही अंशमें कर्मोंका बन्ध है ॥२१२॥
जितने अंशमें सम्यक्चारित्र प्रगट हो गया है उतने ही अंशमें कर्मका बन्ध नहीं है और जितने अंशमें रागद्वेषभाव है उतने ही अंशमें कर्मका बन्ध है । ऊपरकी तरह यहाँ भी समझ लेना । बहिरात्माके मिथ्याचारित्र है, सम्यक्चारित्र रंचमात्र भी नहीं है अतः उसके रागद्वेषकी पूर्णता होनेसे पूर्ण कर्मका बन्ध है और परमात्माके पूर्ण सम्यक्चारित्र होनेके कारण रंचमात्र भी कर्मका बन्ध नहीं है । अन्तरात्माके जितने अंशमें रागद्वेषभावका अभाव है उतने अंशमें कर्मका बन्ध नहीं है और जितने अंशमें रागद्वेष है उतने अंशमें कर्मका बन्ध है ।
भावार्थ : मोहनीयकर्मके दो भेद हैं - १ - दर्शनमोह, २ - चारित्रमोह । दर्शनमोहके उदयसे मिथ्यादर्शन होता है और चारित्रमोहके उदयसे मिथ्याचारित्र अथवा अचारित्र होता है । (चारित्रके दो भेद हैं । एक स्वरूपाचरण, दूसरा संयमाचरण । इनमेंसे जघन्य स्वरूपाचरण तो चतुर्थ गुणस्थानमें प्रगट होता ही है तथा संयमाचरणके दो भेद हैं, एकदेश और सर्वदेश । पाँचवें गुणस्थानवर्ती श्रावकके तो एकदेश चारित्र है और छठेसे लेकर बारहवें गुणस्थान तक मुनिराजके सकलदेश चारित्र है तथा तेरहवें गुणस्थानमें पहुँचने पर वही मुनिराज जिनराज बन गये और परमात्मा कहलाये, वहाँ उनके सम्यक् चारित्रकी पूर्णता होकर बन्धका अभाव हो गया । ) जितना - जितना उन कषायोंका अभाव होता जाता है उतना ही उसके सम्यग्दर्शन अथवा सम्यक्चारित्र गुणका विकास होता जाता है । जैसे कि दर्शनमोहनीयका अभाव होने पर उतने अंशमें स्वरूपाचरणचारित्र प्रगट होता है । अप्रत्याख्यानावरणीय चौकड़ीका अभाव होनेसे देशचारित्र प्रगट होता है, प्रत्याख्यानावरणी चौकड़ीका अभाव होनेसे सकलचारित्र प्रगट होता है । संज्वलन चौकड़ी और नव नोकषायका अभाव होनेसे यथाख्यातचारित्र प्रगट होता है - इस तरह इस मोहनीयकर्मकी २५ प्रकृतियाँ ही जीवको राग-द्वेष होनेमें निमित्तकारण हैं ।
*चतुर्थ गुणस्थानमें सभी जीवोंको सम्यग्दर्शन तो पूर्ण शुद्ध है अतः उस अपेक्षासे राग नहीं - बन्ध नहीं किन्तु जितना चारित्रका दोष है उतना बन्ध है ।
उनमेंसे अनन्तानुबन्धी क्रोध-मान, अप्रत्याख्यानावरणीय क्रोध-मान, प्रत्याख्यानावरणीय क्रोध-मान, संज्वलन क्रोध-मान - ये आठ और अरति, शोक, भय, जुगुप्सा - सब मिलकर बारह प्रकृति तो द्वेषरूप परिणमनमें निमित्त हैं तथा शेष तेरह प्रकृत्तियाँ रागरूप परिणमनमें निमित्त हैं । इस प्रकार अनादिकालसे यह जीव इन्हीं २५ कषायोंके वशीभूत होकर नित्य अनेक दुष्कर्म करता हुआ संसारसागरमें भ्रमण कर रहा है अतः आठों कर्मोंमें इस मोहनीयकर्मको सर्व प्रथम जीतना चाहिये । जबतक मोहनीयकर्मका पराजय न हो तबतक शेष कर्मोंका पराजय हो ही नहीं सकता । इसलिये सर्व प्रथम सम्यग्दर्शन प्राप्त करके दर्शनमोहका, सम्यग्ज्ञानसे ज्ञानावरणका और सम्यक्चारित्रसे चारित्रमोहनीयका नाश करके सम्यक् रत्नत्रय प्राप्त करना चाहिये । जब कोई भी जीव इसी क्रमसे कर्मोंका नाश करके आत्माके गुणोंका विकास करेगा, तभी वह अपने ध्येयको प्राप्त कर सकेगा ॥२१४॥
आत्माके साथ कर्मोंका बन्ध करानेवाला कौन है यह बात बताते हैं :
योगात्प्रदेशबन्धः स्थितिबन्धो भवति तु कषायात् ।
दर्शनबोधचरित्रं न योगरूपं कषायरूपं च ॥२१५॥
अन्वयार्थ : (प्रदेशबन्धः) प्रदेशबन्ध (योगात् ) मन, वचन, कायसे व्यापारसे (तु) और (स्थितिबन्धः) स्थितिबन्ध (कषायात् ) क्रोधादि कषायोंसे (भवति) होता है, परन्तु (दर्शनबोधचरित्रं) सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्ररूप रत्नत्रय (न) न तो (योगरूपं) योगरूप है (च) और न (कषायरूपं) कषायरूप भी है ।
टीका : ‘योगात् प्रदेशबन्धः भवति तु कषायात् स्थितिबन्धः भवति यतः दर्शनबोधचरित्रं योगरूपं च कषायरूपं न भवति । ’ - अर्थ : मन, वचन, कायके योगसे प्रदेशबन्ध और प्रकृतिबन्ध होता है तथा क्रोधादि कषायोंसे स्थितिबन्ध और अनुभागबन्ध होता है । यहाँ श्लोकमें यद्यपि प्रकृतिबन्ध और अनुभागबन्धका उल्लेख नहीं किया गया है तो भी उपलक्षणसे ग्रहण हो जाता है । सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र यह तीन न तो योगरूप हैं और न कषायरूप ही हैं । इसलिये रत्नत्रय कर्मबन्धका कारण नहीं हो सकता ।
भावार्थ : बन्ध चार प्रकारका है - प्रकृतिबन्ध, प्रदेशबन्ध, स्थितिबन्ध, अनुभागबन्ध । इनमेंसे प्रकृतिबन्ध और प्रदेशबन्ध तो योगोंसे होते हैं तथा स्थितिबन्ध और अनुभागबन्ध कषायोंसे होते हैं । अब इन चारों बन्धोंको स्वरूप कहते हैं । १ -
प्रकृतिबन्ध-प्रकृति नाम स्वभावका है । कर्मोंकी मूल-प्रकृति आठ और उत्तर-प्रकृति एक सौ अड़तालीस हैं ।
१ - ज्ञानावरणीयकर्मका स्वभाव परदेके समान है, जैसे जिस वस्तुके ऊपर परदा ढँका हुआ हो वह परदा उस वस्तुका ज्ञान नहीं होनेमें कारण है, उसी प्रकार जब तक आत्माके साथ ज्ञानावरणीय कर्मरूपी परदा हो तब तक वह आत्माको पदार्थोंका सम्यग्ज्ञान नहीं होनेमें कारण है ।
२ - दर्शनावरणीयकर्मका स्वभाव दरबान जैसा है । जिस प्रकार दरबान राजाका दर्शन नहीं होने देता, वैसे ही दर्शनावरणीय कर्म आत्माको स्व-पर पदार्थोंका दर्शन नहीं होने देता ।
३ - वेदनीयकर्मका स्वभाव शहद लपेटी तलवारके समान है । जैसे तलवार चखने पर मीठी लगती है, परन्तु जीभको काट डालती है । वैसे ही वेदनीय कर्म भी पहले थोड़े समय सुखरूप लगता है, पश्चात् दुःखदायक बन जाता है ।
४ - मोहनीयकर्मका स्वभाव मदिरा जैसा है । जैसे मदिरा पीनेसे मनुष्य असावधान हो जाता है अर्थात् मनुष्यताका भान नहीं रहता, वैसे ही मोहनीय कर्ममें जुड़नेसे आत्मा अपने स्वरूपको भूलकर पर पदार्थोंमें अपनत्व, स्वामित्व तथा कर्ता-भोक्तापना मानता है ।
५ - आयुकर्मका स्वभाव बेड़ी सहित जेल समान है । जिस प्रकार कोई मनुष्य जब तक जेलमें है तब तक वहाँसे निकलकर कहीं भी जा नहीं सकता, उसी प्रकार जीवने जिस आयुकर्मका बन्ध किया है, वह आयु जब तक पूर्ण न हो तब तक उसे उसी गतिमें रहना पड़ता है ।
६ - नामकर्मका स्वभाव चित्रकार समान है । जिस प्रकार चित्रकार भिन्न-भिन्न जातिके अर्थात् कभी मनुष्यका, कभी घोड़ेका, कभी हाथीका चित्र बनाता है, उसी प्रकार नामकर्म भी इस जीवको कभी मनुष्य, कभी घोड़ा, कभी बहरा, कभी गूँगा, कभी लँगड़ा इत्यादि प्रकारसे अनेकरूप बताता है ।
७ - गोत्रकर्मका स्वभाव कुम्हार जैसा है । जैसे कुम्हार कभी छोटे और कभी बड़े बर्तन बनाता है, वैसे ही गोत्रकर्म भी इस जीवको कभी उच्च कुलमें और कभी नीच कुलमें उत्पन्न करता है ।
८ - अन्तरायकर्मका स्वभाव भण्डारी जैसा है । जैसे राजा किसीको कोई इनाम आदि देता हो और भण्डारी उसे न देने दे, वैसे ही अन्तरायकर्म भी आत्माको प्राप्त होनेवाले पदार्थोंमें अनेक प्रकारके विघ्न डालकर उन पदार्थोंको प्राप्त नहीं होने देता अर्थात् यह दान-लाभादिमें अन्तराय डालता है - इस तरह यह आठ कर्मोंका स्वभाव है । यह सभी अपने-अपने स्वभाव सहित जीवके साथ सम्बन्धको प्राप्त होते हैं, इसीको प्रकृतिबन्ध कहते हैं ।
अब, प्रदेशबन्धका वर्णन करते हैं । आत्माके अंसख्यात प्रदेशोंमें एक-एक प्रदेशके साथ कर्मके अनन्तानन्त - परमाणु बँधते हैं अर्थात् जीवके प्रदेश और कर्मके परमाणु दोनों एकक्षेत्रावगाह होकर रहते हैं, उसे प्रदेशबन्ध कहते हैं ।
अब, स्थितिबन्धका वर्णन करते हैं । जो कर्म (जीवके साथ रहनेकी) अपनी अपनी स्थिति लिये हुए बँधे, उसे स्थितिबन्ध कहते हैं । जैसे कि ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय, वेदनीय और अन्तराय - इन चार कर्मोंकी उत्कृष्ट स्थिति ३० कोड़ाकोड़ी सागरकी है और मोहनीय कर्ममेंसे दर्शनमोहनीयकी ७० कोड़ाकोड़ी तथा चारित्रमोहनीयकी ४० कोड़ाकोड़ी सागरकी है । नाम और गोत्रकर्मकी स्थिति २० कोड़ाकोड़ी सागरकी है । आयुकर्मकी स्थिति ३३ सागरकी है । इस प्रकार यह इन सबकी उत्कृष्ट स्थिति हुई । जघन्य स्थिति नाम और गोत्रकर्मकी ८ मुहूर्त, वेदनीय की १३ मुहूर्त, ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय, मोहनीय, अन्तराय और आयुकर्मकी अन्तर्मुहूर्त है । मध्यम स्थितिके अनन्त भेद हैं । इस प्रकार स्थितिबन्धका वर्णन किया ।
अब अनुभागबन्धका वर्णन करते हैं । कर्मोंका विपाक अर्थात् उनमें जो फल देनेकी शक्ति होती है, उसे ही अनुभागबन्ध कहते हैं । यह अनुभागबन्ध घातिया कर्मोंका तो केवल अशुभरूप ही होता है और अघातिया कर्मोका शुभरूप तथा अशुभरूप दोनों प्रकारका होता है । जैसे कि ज्ञानावरणीय, दर्शनावरणीय, मोहनीय और अन्तराय - इन चारका तो लता, लकड़ी, हड्डी और पत्थररूप क्रमसे बढ़ता - बढ़ता बन्ध होता है । और नाम, गोत्र, वेदनीय, आयु - इन चार कर्मोंका यदि शुभरूप हो तो गुड़, खाँड़, शक्कर और अमृत समान क्रमशः बढ़ते हुए माधुर्यकी तरह शुभरूप फल देता है और यदि अशुभरूप हो तो नीम, काँजी, विष और हलाहल समान क्रमशः बढ़ती हुई कटुकताकी तरह अशुभरूप फल देता है । इस प्रकार इन सभी कर्मोंका विपाक हुआ करता है । इस तरह चारों प्रकारके बन्धका वर्णन किया ॥२१५॥
रत्नत्रयसे बन्ध कैसे नहीं होता यह बात अब बताते हैं :
दर्शनमात्मविनिश्चितिरात्मपरिज्ञानमिष्यते बोधः ।
स्थितिरात्मनि चारित्रं कुत एतेभ्यो भवति बन्धः ॥२१६॥
अन्वयार्थ : (आत्मविनिश्चितिः) अपने आत्माका विनिश्चय (दर्शनम् ) सम्यग्दर्शन, (आत्मपरिज्ञानं) आत्माका विशेष ज्ञान (बोधः) सम्यग्ज्ञान और (आत्मनि) आत्मामें (स्थितिः) स्थिरता (चारित्रं) सम्यक् चारित्र (इष्यते) कहा जाता है तो फिर (एतेभ्यः त्रिभ्यः) इन तीनोंसे (कुतः) किस तरह (बन्धः) बन्ध (भवति) होवे ?
टीका : ‘आत्मविनिश्चितिः दर्शनं, आत्मपरिज्ञानं बोधः, आत्मनि स्थितिः चारित्रं इष्यते एतेभ्यः बन्धः कुतः भवति । ’ -
अर्थ : आत्माके स्वरूपका निश्चय करना सम्यग्दर्शन है, आत्माके स्वरूपका परिज्ञान सम्यग्ज्ञान है और आत्मस्वरूपमें लीन (अर्थात् निश्चल) होना सम्यक् चारित्र है । यह तीनों आत्मस्वरूप ही हैं । जब यह तीनों गुण आत्मस्वरूप ही हैं तो इनसे कर्मोंका बन्ध कैसे हो सकता है ? अर्थात् कदापि नहीं हो सकता ।
भावार्थ : रत्नत्रय दो प्रकारका है - १. व्यवहाररत्नत्रय और २. निश्चयरत्नत्रय । देव, शास्त्र, गुरुका तथा सात तत्त्वोंका श्रद्धान करना व्यवहारसम्यग्दर्शन है, तत्त्वोंके स्वरूपको जान लेना व्यवहारसम्यग्ज्ञान है, अशुभ क्रियाओंसे प्रवृत्ति हटाकर शुभ क्रियामें प्रवृत्ति करना व्यवहारसम्यक्चारित्र है । यह व्यवहाररत्नत्रय हुए । आत्मस्वरूपका श्रद्धान करना निश्चयसम्यग्दर्शन, आत्मज्ञान करना निश्चयसम्यग्ज्ञान, और आत्मस्वरूपमें परिणमन-विश्राम करना निश्चयसम्यक्चारित्र है । (यह निश्चयरत्नत्रय साक्षात् मोक्षका कारण है - मोक्ष रूप ही है,) वह जीवको कर्मोंसे छुड़ानेका कारण है, परन्तु कर्मबन्धका कारण सर्वथा नहीं है ॥२१६॥
रत्नत्रय तीर्थंकरादि प्रकृतियोंके भी बन्धका कर्ता नहीं है, यह बात अब बताते हैं :
सम्यक्त्वचरित्राभ्यां तीर्थकराहारकर्म्मणो बन्धः ।
योऽप्युपदिष्टः समये न नयविदां सोऽपि दोषाय ॥२१७॥
अन्वयार्थ : (अपि) और (तीर्थंकारहारकर्म्मणाः) तीर्थंकर प्रकृति और आहारक द्विक प्रकृतिका (यः) जो (बन्धः) बन्ध (सम्यक्त्वचारित्राभ्यां) सम्यक्त्व और चारित्रसे (समये) आगममें (उपदिष्टः) कहा गया है, (सः) वह (अपि) भी (नयविदां) नयके ज्ञाताओंका (दोषाय) दोषका कारण (न) नहीं है ।
टीका : ‘सम्यक्त्व चारित्राभ्यां तीर्थंकराहार कर्मणः बन्धः (भवति) यः अपि समयं उपदिष्टः सः अपि नयविदां दोषाय न भवति । ’ - अर्थ : सम्यग्दर्शन और सम्यक्चारित्रसे तीर्थंकर-प्रकृति और आहारक-प्रकृतिका बन्ध होता है, ऐसा जो सिद्धान्तमें उपदेश है, वह भी अनेक नयके वेत्ता विवेकी जिनधर्मी पुरुषोंके समक्ष दोष अर्थात् विरोध उत्पन्न नहीं करता ।
भावार्थ : सम्यक्दर्शन प्रगट होनेके पश्चात् ही तीर्थंकर नामकर्मकी प्रकृतिका बन्ध तथा सम्यक्चारित्र होनेके पश्चात् ही आहारक प्रकृतिका बन्ध होता है, तो जो ऐसा कथन है कि रत्नत्रय तो कर्मका बन्ध करनेवाला नहीं है वह कैसे ? ॥२१७॥
उसे स्पष्ट कहते हैं :
सति सम्यक्त्वचरित्रे तीर्थकराहारबन्धकौ भवतः ।
योगकषायौ नासति तत्पुनरस्मिन्नुदासीनम् ॥२१८॥
अन्वयार्थ : (यस्मिन्) जिसमें (सम्यक् चारित्रेसति) सम्यक्त्व और चारित्र होने पर (तीर्थंकराहारबन्धकौ) तीर्थंकर और आहारकद्विकके बन्ध करनेवाले (योगकषायौ) योग और कषाय (भवतः) होते हैं (पुनः) और (असति न) नहीं होने पर नहीं होते, अर्थात् सम्यक्त्व और चारित्र बिना, बन्धके कर्ता योग और कषाय नहीं होते (तत् ) वह सम्यक्त्व और चारित्र (अस्मिन्) इस बन्धमें (उदासीनम् ) उदासीन हैं ।
टीका : ‘सम्यक्त्व चरित्रे सति योगकषायौ बन्धकौः भवतः तस्मात् तत्पुनः अस्मिन् उदासीनम् । ’ - अर्थ : सम्यक्त्व और चारित्रके प्रगट होने पर ही मन, वचन, कायके योग तथा अनन्तानुबन्धीको छोड़कर शेष तीन कषायोंकी उपस्थितिमें तीर्थंकर और आहारकद्विकका बन्ध होता है । अतः रत्नत्रय है वह तो बन्धक नहीं है, बन्धमें उदासीन है । (तीर्थंकरका बन्ध तो योग, तीन चौकड़ी अर्थात् अप्रत्याख्यानावरण, प्रत्याख्यानावरण और संज्वलन तथा नव नोकषायमें होता है और आहारकद्विकका बन्ध योग, संज्वलन कषाय तथा नोकषायमें होता है, फिर भी वह सम्यक्त्व और चारित्र इस बन्धमें उदासीन है अर्थात् रागरूप नहीं है । )
भावार्थ : जब आत्मामें सम्यग्दर्शन और सम्यक्चारित्रगुण प्रगट नहीं था, तब भी आत्माके साथ कर्मोंका बन्ध होता था और जब एकदेश सम्यक्चारित्र प्रगट हो गया तब भी आत्माके साथ कर्मोंका बन्ध होता है, इससे सिद्ध हुआ कि कर्मोंका बन्ध करनेमें कारण योग-कषायोंका सद्भाव है और कर्मोंके अबन्धमें कारण योग्य - कषायोंका असद्भाव है ॥२१८॥
शङ्का : यदि ऐसा है तो सम्यक्त्वको देवायुके बन्धका कारण क्यों कहा ?
ननु कथमेवं सिद्ध्यति देवायुः प्रभृतिसत्प्रकृतिबन्धः ।
सकलजनसुप्रसिद्धो रत्नत्रयधारिणां मुनिवराणाम् ॥२१९॥
अन्वयार्थ : (ननु) शंका - कोई पुरुष शंका करता है कि (रत्नत्रयधारिणां) रत्नत्रयके धारक (मुनिवराणां) श्रेष्ठ मुनियोंको (सकलजनसुप्रसिद्धः) सर्व लोकमें भले प्रकार प्रसिद्ध (देवायुः प्रभृतिसत्प्रकृतिबन्धः) देवायु आदि उत्तम प्रकृतियोंका बन्ध (एवं) पूर्वोक्त प्रकारसे (कथम् ) किस तरह (सिद्ध्यति) सिद्ध होगा ।
टीका : ‘ननु रत्नत्रयधारिणां मुनिवराणां सकलजनसुप्रसिद्धः देवायुः प्रभृतिसत्प्रकृतिबन्धः एवं कथम् सिद्ध्यति । - अर्थ : यहाँ कोई शंका करे कि रत्नत्रयके धारक मुनिवरोंके देवायु आदि शुभ प्रकृतियोंका बन्ध होता है, ऐसा जो शास्त्रोंमें कथन है वह कैसे सिद्ध होगा ?
भावार्थ : यहाँ कोई शंका करता है कि हे स्वामी ! पहले आपने कहा है कि तीर्थंकर प्रकृति और आहारकद्विकका बन्ध योग और कषायोंसे होता है, यह बात तो मेरी समझमें आ गई, परन्तु रत्नत्रयके धारक मुनियोंके देवायु आदि शुभ प्रकृतियोंका बन्ध होता है, ऐसा जो शास्त्रोंमे कथन है वह किस प्रकारसे सिद्ध होगा ? ॥२१९॥
उसका उत्तर :
रत्नत्रयमिह हेतुर्निर्वाणस्यैव भवति नान्यस्य ।
आस्रवति यत्तु पुण्यं शुभोपयोगोऽयमपराधः ॥२२०॥
अन्वयार्थ : (इह) इस लोकमें (रत्नत्रयं) रत्नत्रयरूप धर्म (निर्वाणस्य एव) निर्वाणका ही (हेतु) कारण (भवति) होता है, (अन्यस्य) अन्य गतिका (न) नहीं, (तु) और (यत् ) जो रत्नत्रयमें (पुण्यं आस्रवति) पुण्यका आस्रव होता है, (अयम् ) यह (अपराधः) अपराध (शुभोपयोगः) शुभोपयोगका है ।
टीका : ‘इह रत्नत्रयं निर्वाणस्य एव हेतुः भवति अन्यस्य न तु यत् पुण्यं आस्रवति अयं अपराधः शुभोपयोगः । ’ - अर्थ : इस लोकमें रत्नत्रय अर्थात् सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र मोक्षका ही कारण होता है, दूसरी गतिका नहीं । तथा रत्नत्रयके सद्भावमें जो शुभ प्रकृतियोंका आस्रव होता है वह सब शुभकषाय और शुभयोगसे ही होता है, अर्थात् वह शुभोपयोगका ही अपराध है, किन्तु रत्नत्रयका नहीं है । भिन्न-भिन्न कारणोंसे भिन्न-भिन्न कार्य होते हैं, तो भी व्यवहारसे एक - दूसरेका भी कार्य कहनेमें आता है ।
भावार्थ : (प्रथम श्लोकमें शिष्यने प्रश्न किया था कि तीर्थंकर और आहारकद्विकका बन्ध तो सम्यक्त्वके भावोंमें योग और कषायोंसे बताया, फिर देवायु आदि अन्य शुभ प्रकृतियोंका बन्ध रत्नत्रयमें कैसे हो सकता है ? उसका समाधान यह किया कि वास्तवमें रत्नत्रय तो निर्वाणका ही कारण है । परन्तु उसके होते हुए जो इन्द्रादि देवपदका आस्रव होता है वह शुभोपयोगका अपराध है । रत्नत्रयका दोष किञ्चित् भी नहीं है । ) ॥२२०॥
एकस्मिन् समवायादत्यन्तविरुद्धकार्ययोरपि हि ।
इह दहति घृतमिति यथा व्यवहारस्तादृशोऽपि रूढिमिति ॥२२१॥
अन्वयार्थ : (हि) निश्चयसे (एकस्मिन्) एक वस्तुमें (अत्यन्तविरुद्धकार्ययोः) अत्यन्त विरोधी दो कार्योंके (अपि) भी (समवायात् ) मेलसे (तादृशः अपि) वैसा ही (व्यवहारः) व्यवहार (रूढिम् ) रूढ़िको (इतः) प्राप्त है, (यथा) जैसे (इह) इस लोकमें ‘(धृतम् दहति) घी जलाता है’ - (इति) इस प्रकारकी कहावत है ।
टीका : ‘हि एकस्मिन् अत्यन्तविरुद्धकार्ययोः अपि समवायात् यथा घृतम् दहति इति व्यवहारः अपि तादृशः व्यवहारः रूढिं इतः । ’ - अर्थ : एक ही वस्तुमें जिनका कार्य परस्पर अत्यन्त विरुद्ध दो कार्योंका बन्ध होनेसे ‘जैसे घी जलाता है’ ऐसे एकमे दूसरेका व्यवहार हो जाता है, उसी प्रकार यहाँ भी व्यवहार प्रसिद्ध हो गया है कि सम्यक्त्वसे शुभ प्रकृतियोंका बन्ध होता है । परस्पर विरुद्ध है, ऐसे ज्ञानभाव और रागभावके समवाय अर्थात् मिलापसे जो कर्मोंका बन्ध होता है वह इस तरह जानना चाहिये जैसे अग्निके संयोगसे उष्ण हुए घृतके द्वारा कोई पुरुष जल गया, वहाँ यद्यपि जलानेका स्वभाव घृतका नहीं है - अग्निका ही है - परन्तु फिर भी उन दोनोंके संयोगसे लोकमें ऐसा कहा जाता है कि घृतने शरीरको जला दिया, उसी प्रकार सम्यक्त्व और रागभाव इन दोनोंके मिलापमें यद्यपि बन्धका कारण तो राग ही है - सम्यक्त्व नहीं - फिर भी व्यवहाररूढ़िसे यही प्रसिद्ध है कि रत्नत्रय इन्द्र - अहमिन्द्रादिक शुभबन्धका कारण है अर्थात् सम्यक्त्वसे शुभप्रकृतियोंका बन्ध होता है ।
भावार्थ : जैसे अग्नि और घृत दोनों परस्पर विरुद्ध कार्य हैं । घृतका काम तो पुष्ट करनेका है और अग्निका काम जलानेका है । घी तो जलाता नहीं है, किन्तु ऐसा कहा जाता है कि घी जलाता है, उसी प्रकार सम्यक्त्वका कार्य कर्म-बन्ध करानेका नहीं है फिर भी जब आत्मामें सम्यक्त्व और रागभाव दोनोंके सम्बन्धसे ऐसा कहा जाता है कि सम्यक्त्वसे कर्मका बन्ध होता है, इसीलिये लोकमें व्यवहार भी ऐसा होता है कि सम्यक्त्वसे शुभकर्मोंका बन्ध होता है, रत्नत्रयसे मोक्षका लाभ होता है ॥२२१॥
(विचार करनेसे ज्ञात होगा कि जलाना घीका लक्षण नहीं है, वह तो अग्निका ही लक्षण है । किन्तु दोनोंका परस्पर संयोग हो जानेके कारण यदि यह कह दिया जाय कि अमुक पुरुष घृतसे जल गया तो कोई दोष नहीं है । उसी प्रकार एक पुरुषमें ज्ञानधारा और अज्ञानधारा दोनों एक ही समयमें चल रही हैं, वहाँ बन्धका कारण तो रागादिरूप अज्ञानधारा ही है, ज्ञानधारा बन्धका कारण नहीं है, फिर भी दोनोंका संयोग होनेके कारण सम्यक्त्वको शुभबन्धका कारण कह दिया जाय तो दोष नहीं है । ऐसा व्यवहार इस लोकमें प्रसिद्धताको प्राप्त हुआ है) रत्नत्रयसे तो मोक्षका लाभ होता है ॥२२१॥
सम्यक्त्वबोधचारित्रलक्षणो मोक्षमार्ग इत्येषः ।
मुख्योपचाररूपः प्रापयति परं पदं पुरुषम् ॥२२२॥
अन्वयार्थ : (इति) इस प्रकार (एषः) यह पूर्वकथित (मुख्योपचाररूपः) निश्चय और व्यवहाररूप (सम्यक्त्वबोधचारित्रलक्षणः) सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र लक्षणवाला (मोक्षमार्गः) मोक्षका मार्ग (पुरुषं) आत्माको (परं पदं) परमात्माका पद (प्रापयति) प्राप्त करवाता है ।
टीका : ‘सम्यक्त्वबोधचारित्रलक्षणः इति एषः मोक्षमार्गः मुख्योपचाररूपः पुरुषं परं पदं प्रापयति । ’ - अर्थ : सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र इन तीन स्वरूप ही मोक्षमार्ग अर्थात् निर्वाणका मार्ग है । यह मोक्षमार्ग निश्चय और व्यवहारके भेदसे दो प्रकारका है और यही आत्माको मोक्ष पहुँचाता है ।
भावार्थ : निश्चयरत्नत्रय तो मुख्य है और व्यवहाररत्नत्रय उपचाररूप है, यह दोनों ही मोक्षके मार्ग हैं और जीवको परमपदकी प्राप्ति करवाते हैं अर्थात् निश्चयमोक्षमार्ग साक्षात् मोक्षमार्गका साधक है तथा व्यवहारमोक्षमार्ग परम्परासे मोक्षमार्गका साधक है, अथवा व्यवहारमोक्षमार्ग निश्चयमोक्षमार्गका कारण है ॥२२२॥
नित्यमपि निरुपलेपः स्वरूपसमवस्थितो निरुपघातः ।
गगनमिव परमपुरुषः परमपदे स्फुरति विशदतमः ॥२२३॥
अन्वयार्थ : (नित्यमपि) हमेशा (निरुपलेपः) कर्मरूपी रजके लेपसे रहित (स्वरूपसमवस्थितः) अपने अनन्तदर्शन - ज्ञान स्वरूपमें भले प्रकार स्थित (निरुपघातः) उपघात रहित और (विशदतमः) अत्यन्त निर्मल (परमपुरुषः) परमात्मा (गगनम् इव) आकाशकी भाँति (परमपदे) लोकशिखरस्थित मोक्षस्थानमें (स्फुरति) प्रकाशमान होता है ।
टीका : 'नित्यम् अपि निरुपलेपः स्वरूपसमवस्थितः निरुपघातः विशदतमः परमपुरुषः गगनम् इव परमपदे स्फुरति । ’ - अर्थ : सदाकाल कर्ममल रहित, निजस्वरूपमें स्थित, घातरहित, अत्यन्त निर्मल ऐसे परमात्मा सिद्धपरमेष्ठी हैं वे मोक्षमें आकाशके समान दैदीप्यमान रहते हैं ।
भावार्थ : पुरुष नाम जीवका है और परमपुरुष नाम परमात्मा सिद्ध भगवानका है । जीव तो नर - नारकादि चारों गतियोंमें अपनी आयु - प्रमाण थोड़े काल तक ही रहता है और सिद्ध भगवान मोक्षमें सदा अनन्तकाल तक विराजमान रहते हैं । संसारी जीव तो कर्ममलसे संयुक्त होनेके कारण मलिन हैं और सिद्ध भगवान कर्म मलसे रहित हैं, इसलिये परम निर्मल हैं । संसारी जीव पुण्य - पापरूपी लेपसे लिप्त हैं और सिद्ध परमात्मा आकाश समान निर्लेप हैं । संसारी जीव विभाव परिणतिके योगसे सदा देहादिरूप हो रहे हैं और सिद्ध भगवान सदा निजस्वरूपमें ही विराजमान रहते हैं । संसारके जीव अन्य जीवोंका घात करते हैं तथा दूसरे जीवोंके द्वारा स्वयं भी घाते जाते हैं परन्तु सिद्ध परमेष्ठी न तो किसीका घात करते हैं और न किसीके द्वारा घाते जाते हैं । ऐसे सिद्धभगवान अखण्ड, अविनाशी, निर्मल, निजस्वरूपमें स्थित सदाकाल परमपद अर्थात् मोक्षमें ही विराजमान रहते हैं ॥२२३॥
परमात्माका स्वरूप
कृतकृत्यः परमपदे परमात्मा सकलविषयविषयात्मा ।
परमानन्दनिमग्नो ज्ञानमयो नन्दति सदैव ॥२२४॥
अन्वयार्थ : (कृतकृत्यः) कृतकृत्य (सकलविषयविषयात्मा) समस्त पदार्थ जिनके विषय हैं अर्थात् सर्व पदार्थोंके ज्ञाता (परमानन्दनिमग्नः) विषयानन्दसे रहित ज्ञानानन्दमें अतिशय मग्न (ज्ञानमयः) ज्ञानमय ज्योतिरूप (परमात्मा) मुक्तात्मा (परमपदे) सर्वोच्च मोक्षपदमें (सदैव) निरन्तर ही (नन्दति) आनन्दरूपसे विराजमान हैं ।
टीका : परमात्मा कृतकृत्यः सकलविषयविषयात्मा (विरतात्मा) परमानन्द निमग्नः ज्ञानमयः परमपदे सदैव नन्दति । - अर्थ : सिद्ध भगवानको कोई काम करना शेष नहीं रहा, वह सकल पदार्थोंको अपने ज्ञानमें विषय करनेवाले अथवा सर्व पदार्थोंसे विरक्त, परम सुखमें निमग्न और केवलज्ञान सहित परमपद अर्थात् मोक्षमें सदाकाल आनन्द करते हैं ।
भावार्थ : संसारके अर्थात् चतुर्गतिके जीवोंको अनेक कार्य करनेकी अभिलाषा है, इसलिये कृतकृत्य नहीं हैं । सिद्ध परमेष्ठीको कोई काम करना शेष नहीं रहा इसलिये कृतकृत्य हैं । जगतके जीव परमपदसे - मोक्षसे विमुख हैं और अपदमें - (संसारमें) स्थित हैं, सिद्ध भगवान अपदसे रहित हैं और परमपदमें - मोक्षमें विराजमान हैं । संसारी जीव विषय-विकार सहित हैं, सिद्ध परमात्मा विषय-विकारसे रहित हैं । संसारी जीव अनेक शरीर धारण करते हुए दुःखी हो रहे हैं, सिद्ध परमेश्वर मन, वचन, कायसे रहित परम आनन्दमें लीन हैं । इत्यादि अनन्त गुणों सहित सिद्ध भगवान विराजमान हैं ॥२२४॥
जैन - नीति अथवा नय - विवक्षा
एकेनाकर्षन्ती श्लथयन्ती वस्तुतत्त्वमितरेण ।
अन्तेन जयति जैनी नीतिर्मन्थाननेत्रमिव गोपी ॥२२५॥
अन्वयार्थ : (मन्थाननेत्रम् ) दहीकी मथानीकी रस्सीको खेंचनेवाली (गोपी इव) ग्वालिनीकी तरह (जैनी नीतिः) जिनेन्द्रदेवकी स्याद्वाद नीति अथवा निश्चय-व्यवहाररूप नीति (वस्तुतत्त्वम् ) वस्तुके स्वरूपको (एकेन) एक सम्यग्दर्शनसे (आकर्षन्ती) अपनी तरफ खेंचती है, (इतरेण) दूसरेसे अर्थात् सम्यग्ज्ञानसे (श्लथयन्ती) शिथिल करती है और (अन्तेन) अन्तिम अर्थात् सम्यक्चारित्रसे सिद्धरूप कार्यको उत्पन्न करनेसे (जयति) सर्वके ऊपर वर्तती है ।
(अथवा दूसरा अन्वयार्थ)
अन्वयार्थ : (मन्थाननेत्रम् ) दहीकी मथानीकी रस्सीको खेंचनेवाली (गोपी इव) ग्वालिनीकी तरह जो (वस्तुतत्त्वम् ) वस्तुके स्वरूपको (एकेन अन्तेन) एक अन्तसे अर्थात् द्रव्यार्थिकनयसे (आकर्षन्ती) आकर्षण करती है - खेंचती है, और फिर (इतरेण) दूसरी पर्यायार्थिकनयसे (श्लथयन्ती) शिथिल करती है, वह (जैनी नीतिः) जैनमतकी न्यायपद्धति (जयति) जयवन्ती है ।
टीका : ‘मन्थाननेत्रं गोपी इव जैनी नीतिः वस्तुतत्त्वं एकेन आकर्षन्ती इतरेण श्लथयन्ती अन्तेन जयति । ’ - अर्थ : दहीकी मथानीकी रस्सीको खेंचनेवाली ग्वालिनीकी तरह जिनेन्द्र भगवानकी जो नीति अर्थात् विवक्षा है वह वस्तुस्वरूपको एक नय - विवक्षासे खेंचती है, दूसरी नय - विवक्षासे ढीला करती है, वह अन्ते अर्थात् दोनों विवक्षाओंसे जयवन्त रहे ।
भावार्थ : यह कि भगवानकी वाणी स्याद्वादरूप अनेकान्तात्मक है । वस्तुस्वरूपका निरूपण प्रधान तथा गौणनयकी विवक्षासे करनेमें आता है । जैसे कि जीवद्रव्य नित्य भी है और अनित्य भी है । द्रव्यार्थिकनयकी विवक्षासे नित्य है और पर्यायार्थिकनयकी अपेक्षासे अनित्य है, यही नय - विवक्षा है ॥२२५॥
(नोंध : इस श्लोकमें यह बताया है कि शास्त्रमें किसी स्थान पर निश्चयनयकी मुख्यतासे कथन है और किसी स्थान पर व्यवहारनयकी मुख्यतासे कथन है । परन्तु उसका अर्थ यह नहीं है कि सच्चा धर्म किसी समय व्यवहारनय (अभूतार्थनय)के आश्रयसे होता है और किसी समय निश्चयनय (भूतार्थनय)के आश्रयसे होता है । वास्तवमें धर्म तो हमेशा निश्चयनय अर्थात् भूतार्थनयके विषयके आश्रयसे ही होता है । मोक्षमार्गका निरूपण दो प्रकारसे होता है, किन्तु मोक्षमार्ग दो नहीं हैं । सरागतासे भी मोक्षमार्ग और वीतरागतासे भी मोक्षमार्ग - इस प्रकार परस्पर विरुद्धता तथा संशयरूप मोक्षमार्ग नहीं है । )
ग्रन्थ पूर्ण करते हुए आचार्य महाराज अपनी लघुता बताते हैं :
वर्णैः कृतानि चित्रैः पदानि तु पदैः कृतानि वाक्यानि ।
वाक्यैः कृतं पवित्रं शास्त्रमिदं न पुनरस्माभिः ॥२२६॥
अन्वयार्थ : (चित्रैः) अनेक प्रकारके (वर्णैः) अक्षरोंसे (कृतानि) रचे गए (पदानि) पद, (पदैः) पदोंसे (कृतानि) बनाये गए (वाक्यानि) वाक्य हैं, (तु) और (वाक्यैः) उन वाक्योंसे (पुनः) फिर (इदं) यह (पवित्रं) पवित्र - पूज्य (शास्त्रं) शास्त्र (कृतं) बनाया गया है, (अस्माभिः) हमारे द्वारा (न ‘किमपि कृतम् ’) कुछ भी नहीं किया गया है ।
टीका : ‘चित्रैः वर्णैः पदानि कृतानि तु पदैः वाक्यानि कृतानि वाक्यैः पवित्रं शास्त्रं कृतं पुनः अस्माभिः न । ’ - अर्थ : इस ग्रन्थके कर्ता श्री अमृतचन्द्राचार्य महाराज ग्रन्थ पूर्ण करते हुए अपनी लघुता प्रदर्शित करते हुए कहते हैं कि यह पुरुषार्थसिद्धि - उपाय नामक शास्त्र हमने नहीं बनाया है तो फिर किसने बनाया है ? तब आचार्यने उत्तर दिया कि नाना प्रकारके अक्षरोंसे छन्दोंके चरण बने हैं और उन चरणोंसे छन्द अर्थात् वाक्य बने हैं तथा उन वाक्योंसे शास्त्रकी रचना हुई है, इसलिये इसमें मेरा कुछ भी कर्तव्य नहीं है ।
(दोहा)
अमृतचन्द्र मुनीन्द्रकृत ग्रन्थ श्रावकाचार,
अध्यातमरूपी महा आर्या छन्द जु सार ।
पुरुषारथकी सिद्धिको जामें परम उपाय,
जाहि सुनत भवभ्रम मिटै आतमतत्त्व लखाय ॥
भाषा टीका ता उपरि कीनी टोडरमल्ल,
मुनिवर वृत्त बाकी रही ताके माँहिं अचल्ल ।
यह तो परभवको गए जयपुर नगर मँझार,
सब साधर्मी तब कियो मनमें यही विचार ॥
ग्रन्थ महा उपदेशमय परम धामको मूल,
टीका पूरण होय तो मिटै जीवकी भूल ।
साधर्मिनमें मुख्य हैं रतनचन्द्र दीवान,
पृथ्वीसिंह नरेशको श्रद्धावान सुजान ॥
तिनके अतिरुचि धर्मसों साधर्मनिसों प्रीति,
देव-शास्त्र-गुरुकी सदा उरमें महा प्रतीति ।
आनन्दसुत तिनको सखा नाम जु दौलतराम,
भृत्यु भूपको कुल वणिक जाको वसवे धाम ॥
कुछ इक गुरु परतापसें कीनों ग्रन्थ अभ्यास,
लगन लगी जिनधर्मसों जिन दासनको दास ।
तासों रतन दीवानने कही प्रीति धरि येह,
करिये टीका पूरणा उर धरि धर्म सनेह ॥
तब टीका पूरण करी भाषारूप निधान,
कुशल होय चहुं संघको लहै जीव निज ज्ञान ॥
सुखी होय राजा प्रजा होय धर्मकी वृद्धि,
मिटें दोष दुख जगतके पावें भविजन सिद्धि ।
अठारहसें ऊपरे सम्वत् सत्ताईस,
मास मार्गशिर ऋतु शिशिर सुदि दोयज रजनीश ।