पुरुषार्थसिद्ध्युपाय श्लोक एवं अर्थ (आचार्य अमृतचन्द्र) | Purusharthsiddhyupay Shlok evam Arth (Acharya Amritchandra)

रात्रिभोजन त्यागका वर्णन

रात्रौ भुञ्जानानां यस्मादनिवारिता भवति हिंसा ।
हिंसाविरतैस्तस्मात् त्यक्तव्या रात्रिभुक्तिरपि ॥१२९॥

अन्वयार्थ : (यस्मात् ) कारण कि (रात्रौ) रातमें (भुञ्जानानां) भोजन करनेवालेको (हिंसा) हिंसा (अनिवारिता) अनिवार्य (भवति) होती है (तस्मात् ) इसलिये (हिंसाविरतैः) हिंसाके त्यागियोंको (रात्रिभुक्तिः अपि) रात्रिभोजनका भी (त्यक्तव्या) त्याग करना चाहिये ।

टीका : ‘यस्मात् रात्रौ भुञ्जानानां अनिवारिता हिंसा भवति तस्मात् हिंसाविरतैः रात्रिभुक्तिः अपि त्यक्तव्याः’ - अर्थ : रातमें भोजन करनेवालेको हिंसा अवश्य ही होती है क्योंकि रात्रिभोजनमें हिंसाका निवारण किसी भी प्रकार नहीं हो सकता अतः हिंसाके त्यागियोंको रात्रिभोजनका त्याग अवश्य ही करना चाहिये ।

भावार्थ : रात्रिमें भोजन करनेसे जीवोंकी हिंसा अवश्य ही होती है । प्रायः ऐसे छोटे छोट बहुत जीव हैं जो रातमें ही गमन करते हैं और दीपकके प्रकाशके प्रेमसे दीपकके पास आते हैं, अतः रातमें चूल्हा जलानेमें, पानी आदि भरनेमें, चक्कीसे पीसनेमें, भोजन बनानेमें नियमसे असंख्य जीवोंकी हिंसा होती है इसलिए हिंसाका त्याग करनेवाले दयालु पुरुषोंको रातमें खानेका अवश्य ही त्याग करना चाहिये ॥१२९॥

रात्रिभोजनमें भावहिंसा भी होती है :

रागाद्युदयपरत्वादनिवृत्तिर्नातिवर्तते हिंसाम् ।
रात्रिं दिवमाहरतः कथं हि हिंसा न संभवति ॥१३०॥

अन्वयार्थ : (अनिवृत्तिः) अत्यागभाव (रागाद्युदयपरत्वात् ) रागादिभावोंके उदयकी उत्कटतासे (हिंसां) हिंसाको (न अतिवर्तते) उल्लंघन करके नहीं प्रवर्तते तो (रात्रिं दिवम् ) रात और दिन (आहारतः) आहार करनेवालेको (हि) निश्चयसे (हिंसा) हिंसा (कथं) क्यों (न संभवति) नहीं संभव होगी ?

टीका : ‘रागादिउदयपरत्वात् अनिवृत्तिः अत्यागः हिंसां न अतिवर्तते यतः रात्रिं दिवम् आहारतः - भुञ्जनास्य हि हिंसा कथं न संभवति ? - अपितु संभवति एव’ - अर्थ : रागादिभाव उत्कृष्ट होनेके कारण रागादिका अत्यागपना हिंसाका उल्लंघन नहीं कर सकता । (अर्थात् जहाँ जीवके उत्कृष्ट रागभाव होता है वहाँ त्याग नहीं हो सकता - रागभाव ही हिंसा है) अतः जहाँतक रागादिका त्याग नहीं है वहाँतक अहिंसा नहीं है, अपितु हिंसा ही है । तो फिर रात - दिन खानेवालेको हिंसा क्यों न हो ? नियमसे होती ही है । रागादिका होना ही वास्तविक हिंसाका लक्षण है ॥१३०॥

शंकाकारकी शंका

यद्येवं तर्हि दिवा कर्त्तव्यो भोजनस्य परिहारः ।
भोक्तव्यं तु निशायां नेत्थं नित्यं भवति हिंसा ॥१३१॥

अन्वयार्थ : (यदि एवं) यदि ऐसा है अर्थात् सदाकाल भोजन करनेमें हिंसा है (तर्हि) तो (दिवा भोजनस्य) दिनमें भोजन करनेका (परिहारः) त्याग (कर्त्तव्यः) कर देना चाहिये (तु) और (निशायां) रातमें (भोक्तव्यं) भोजन करना चाहिये क्योंकि (इत्थं) इस तरहसे (हिंसा) हिंसा (नित्यं) सदाकाल (न भवति) नहीं होगी ।

टीका : ‘यदि एवं तर्हि दिवा भोजनस्य परिहारः कर्त्तव्यः तु निशायां भोक्तव्यं इत्थं नित्यं हिंसा न भवति’ - अर्थ : यहाँ कोई तर्क करता है कि दिन और रात दोनों समय भोजन करनेसे हिंसा होती है तो दिनमें भोजनका त्याग करके रातमें ही भोजन ग्रहण करना चाहिये जिससे सदाकाल हिंसा न हो । ऐसा ही नियम किसलिये बनाया कि दिनमें ही भोजन किया जाय और रातमें न किया जाय ? ॥१३१॥

आचार्य उसका उत्तर देते हैं

नैवं वासरभुक्तेर्भवति हि रागोऽधिको रजनिभुक्तौ ।
अन्नकवलस्य भुक्तेर्भुक्ताविव मांसकवलस्य ॥१३२॥

अन्वयार्थ : (एवं न) ऐसा नहीं है कारण कि (अन्नकवलस्य) अन्नके ग्रासके (भुक्तेः) भोजनसे (मांसकवलस्य) माँसके ग्रासके (भुक्तौ इव) भोजनमें जिस प्रकार राग अधिक होता है उसी प्रकार (वासरभुक्तेः) दिनके भोजनकी अपेक्षा (रजनिभुक्तौ) रात्रिभोजनमें (हि) निश्चयसे (रागाधिकः) अधिक राग (भवति) होता है ।

टीका : ‘हि रजनिभुक्तौ अधिकः रागः भवति वासरभुक्ते एवं न भवति यथा अन्नकवलस्य भुक्तौ मांसकवलस्य भुक्तौ इव’ - अर्थ : निश्चयसे रात्रिभोजन करनेमें अधिक रागभाव है और दिनमें भोजन करनेमें कम रागभाव है । जैसे अन्नके भोजनमें कम रागभाव है और माँसके भोजनमें अधिक रागभाव है ।

भावार्थ : उदर भरनेकी अपेक्षा तो दोनों भोजन समान हैं । परन्तु प्रत्येक प्राणीको अन्न, दूध, घी इत्यादि खानेमें तो साधारण रागभाव है अर्थात् न्यून लोलुपता है क्योंकि अन्नका आहार तो सर्व मनुष्योंको सहज ही है इसलिये प्रायः अधिक प्राणी तो अन्नका ही भोजन करते हैं, तथा मांसके भोजनमें कामादिककी अपेक्षा अथवा शरीरके स्नेह - मोहकी अपेक्षा विशेष रागभाव होता है, क्योंकि माँसका भोजन सभी मनुष्योंका स्वाभाविक - प्राकृतिक आहार नहीं है । उसी तरह दिनके भोजनमें प्रायः सभी प्राणियोंको साधारण रागभाव है क्योंकि दिवा - भोजन सर्व प्राणियोंको होता है, तथा रातके भोजनमें कामादिककी अपेक्षा तथी शरीरमें अधिक स्नेहकी अपेक्षा अधिक रागभाव है इसलिये रातका भोजन बहुत कम मनुष्योंके होता है । यह स्वाभाविक बात है कि दिनमें भोजन करनेसे जितनी अच्छी तरहसे पाचन होता है जितना अच्छा स्वास्थ्य रहता है उतना रातमें खानेसे कभी नहीं रह सकता, इसलिये रात्रिभोजनका त्याग करना चाहिये और दिनमें ही भोजन करना चाहिये । इस प्रकार शंकाकारकी शंकाका निराकरण हुआ ॥१३२॥

रात्रिभोजनमें द्रव्यहिंसा

अर्कालोकेन विना भुञ्जानः परिहरेत् कथं हिंसाम् ।
अपि बोधितः प्रदीपे भोज्यजुषां सूक्ष्मजीवानाम् ॥१३३॥

अन्वयार्थ : तथा (अर्कालोकेन विना) सूर्यके प्रकाश बिना रातमें (भुञ्जानः) भोजन करनेवाला मनुष्य (बोधितः प्रदीपे) जलते हुए दीपकमें (अपि) भी (भोज्यजुषां) भोजनमें मिले हुए (सूक्ष्मजीवानाम् ) सूक्ष्म जीवोंकी (हिंसा) हिंसा (कथं) किस तरह (परिहरेत् ) टाल सकता है ?

टीका : ‘बोधित प्रदीपे अपि अर्कालोकेन विना भुञ्जानः भोज्यजुषां सूक्ष्मजंतूनाम् हिंसां कथं परिहरेत्’ - अर्थ : रातमें दीपक जलाने पर भी सूर्यके प्रकाशके बिना रात्रिमें भोजन करनेवाला पुरुष, भोजनमें प्रीति रखनेवाले सूक्ष्म जन्तु वगैरह हैं उनकी हिंसासे नहीं बच सकता ।

भावार्थ : रात्रिमें बिना दीपक जलाये जो पुरुष भोजन करता है उसके आहारमें तो बड़े-बड़े चूहा - छिपकली आदि जीव भी पड़ जावें तब भी उसका पता नहीं चलता और यदि दीपक जलाकर सावधानी भी वर्ती जाय तो भी उसके भोजनमें दीपकके सम्बन्धसे तथा भोज्य - पदार्थके सम्बन्धसे आनेवाले छोटे-छोटे पतंगे तथा मच्छर आदि अवश्य गिरते हैं और उनकी हिंसा भी अवश्यम्भावी है । इससे यह सिद्ध हुआ कि रात्रि - भोजी मनुष्य द्रव्य और भाव दोनों प्रकारकी हिंसाओंसे बच नहीं सकता । अतः अहिंसाव्रत पालन करनेवालेको रात्रिभोजन अवश्य त्याग देना चाहिये । जो मनुष्य रात्रिको सिंगाड़ा आदिकी पकोड़ी पूड़ी आदि ला करके या बना करके खाते हैं वे भी दोनों प्रकारकी हिंसा करते हैं ॥१३३॥

किं वा बहुप्रलपितैरिति सिद्धं यो मनोवचनकायैः ।
परिहरति रात्रिभुक्तिं सततमहिंसां स पालयति ॥१३४॥

अन्वयार्थ : (वा) अथवा (बहुप्रलपितैः) बहुत प्रलापसे (किं) क्या ? (यः) जो पुरुष (मनोवचनकायैः) मन, वचन, कायसे (रात्रिभुक्तिं) रात्रिभोजनका (परिहरति) त्याग करता है (सः) वह (सततम् ) निरन्तर (अहिंसां) अहिंसाका (पालयति) पालन करता है (इति सिद्धम् ) ऐसा सिद्ध हुआ ।

टीका : ‘वा बहुप्रलपितैः किं इति सिद्धं यः मनोवचनकायैः रात्रिभुक्तिं परिहरति स सततं अहिंसां पालयति’ - अर्थ : अथवा बहुत कहनेसे क्या ? यह बात सिद्ध हुई कि जो मनुष्य मन, वचन, कायसे रात्रिभोजनका त्याग करता है वह निरन्तर अहिंसाव्रतका पालन करता है ।

भावार्थ : रात्रिभोजन करनेमें और रातमें भोजन बनानेमें सदैव हिंसा है । रात्रिमें भोजन करनेकी अपेक्षा रात्रिमें भोजन बनानेमें बहुत अधिक हिंसा होती है इसलिये अहिंसाव्रत पालन करनेवालेको प्रथम ही इसका (रात्रिको बनाये हुएका) त्याग करना चाहिये । खासतौरसे बाजारके बने हुए पदार्थोंका तो बिलकुल ही त्याग कर देना चाहिये । परन्तु यदि पाक्षिक श्रावक किसी कारणवश सम्पूर्ण त्याग न कर सके तो पानी, पान, मेवा, सुपारी, इलायची इत्यादि वस्तुयें, जिनमें रातमें बिलकुल आरम्भ न करना पड़े, ग्रहण करना चाहे तो कर सकता है, परन्तु वह तभी ग्रहण करे जब कि उनके पानीके बिना निर्वाह अशक्य हो । (वास्तवमें रात्रिभोजनके त्याग बिना अहिंसाव्रतकी सिद्धि होती ही नहीं इसीलिये कोई आचार्य तो इसे अहिंसाणुव्रतमें गर्भित करते हैं और कोई इसे जुदा ही षष्टम अणुव्रत कहते हैं) ॥१३४॥

इत्यत्र त्रितयात्मनि मार्गे मोक्षस्य ये स्वहितकामाः ।
अनुपरतं प्रयतन्ते प्रयान्ति ते मुक्तिमचिरेण ॥१३५॥

अन्वयार्थ : (इति) इस प्रकार (अत्र) इस लोकमें (ये) जो (स्वहितकामाः) अपने हितके इच्छुक (मोक्षस्य) मोक्षके (त्रितयात्मनि) रत्नत्रयात्मक (मार्गे) मार्गमें (अनुपरतं) सर्वदा बिना अटके हुए (प्रयतन्ते) प्रयत्न करते हैं (ते) वे पुरुष (मुक्तिम् ) मोक्षमें (अचिरेण) शीघ्र ही (प्रयान्ति) गमन करते हैं ।

टीका : ‘ये (पुरुषाः) स्वहितकामाः इत्यत्र त्रितयात्मनि मोक्षमार्गे अनुपरतं प्रयतन्ते ते (पुरुषाः) अचिरेण मुक्तिं प्रयान्ति’ - अर्थः - जो जीव अपने हितकी इच्छा करता हुआ इस रीतिसे रत्नत्रयरूप मोक्षमार्गमें सदैव प्रयत्न करता रहता है वह जीव शीघ्र ही मोक्षको प्राप्त करता है । जीवमात्रका हित मोक्ष है, संसारमें अन्य कहीं भी आनन्द नहीं है । अतः जो जीव मोक्षमें जानेके इच्छुक हैं उन्हें सदैव सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्ररूप मोक्षमार्गमें निरन्तर प्रयत्न करते रहना चाहिये । जो जीव मोक्षकी मात्र चरचा - वार्त्ता तो करते रहें किन्तु मोक्षके मार्गकी खोज न करें और उसके अनुसार चलनेका प्रयत्न न करें तो कभी मोक्षको प्राप्त नहीं कर सकते और जो जीव उसके मार्गमें चलते हैं अर्थात् सम्यग्दर्शन प्राप्त कर लेते हैं वह जीव तुरन्त ही मोक्षके परमधाममें पहुँच जाते हैं । इस प्रकार (तत्त्वज्ञान पूर्वक) पाँचों पापके त्याग सहित पाँच अणुव्रत तथा रात्रिभोजनके त्यागका वर्णन करके अब सात शीलव्रतोंका वर्णन करते हैं । क्योंकि सात शीलव्रत पाँच अणुव्रतोंकी रक्षा करनेके लिए नगरके कोट समान हैं । जैसे किला नगरका रक्षण करता है वैसे ही सात शीलव्रत पाँच अणुव्रतोंकी रक्षा करते हैं ॥१३५॥

परिधय इव नगराणि व्रतानि किल पालयन्ति शीलानि ।
व्रतपालनाय तस्माच्छीलान्यपि पालनीयानि ॥१३६॥

अन्वयार्थ : (किल) निश्चयसे (परिधयः इव) जैसे कोट, किला (नगराणि) नगरोंकी रक्षा करता है उसी तरह (शीलानि) तीन गुणव्रत और चार शीक्षाव्रत - यह सात शील (व्रतानि) पाँचों अणुव्रतोंका (पालयन्ति) पालन अर्थात् रक्षण करते हैं, (तस्मात् ) इसलिये (व्रतपालनाय) व्रतोंका पालन करनेके लिये (शीलानि) सात शीलव्रत (अपि) भी (पालनीयानि) पालन करना चाहिये ।

टीका : ‘किल शीलानि व्रतानि पालयन्ति परिधयः नगराणि इव तस्मात् व्रतपालनाय शीलानि अपि पालनीयानि’ - अर्थ : निश्चयसे जो सात शीलव्रत हैं वे पाँचों अणुव्रतोंकी रक्षा करते हैं, जिस प्रकार कोट नगरकी रक्षा करता है । इसलिये पाँच अणुव्रतोंका पालन करनेके लिये तीन गुणव्रत और चार शिक्षाव्रत इस प्रकार इन सात शीलव्रतोंको अवश्य पालन करना ही चाहिये । अब उनका ही वर्णन करते हैं वह सुनो । तीन गुणव्रतोंके नाम : १ दिग्व्रत, २ देशव्रत, ३ अनर्थदण्डत्याग व्रत । चार शिक्षाव्रतोंके नाम : १ सामायिक, २ प्रौषधोपवास, ३ भोगोपभोगपरिमाण व्रत, ४ वैयावृत्त । इस प्रकार यह सात शीलव्रत हैं ॥१३६॥

पहले दिग्व्रत नामके गुणव्रतका स्वरूप कहते हैं :

प्रविधाय सुप्रसिद्धैर्मर्यादां सर्वतोप्यभिज्ञानैः ।
प्राच्यादिभ्यो दिग्भ्यः कर्त्तव्या विरतिरविचलिता ॥१३७॥

अन्वयार्थ : (सुप्रसिद्धैः) भले प्रकार प्रसिद्ध (अभिज्ञानैः) ग्राम, नदी, पर्वतादि भिन्न भिन्न लक्षणोंसे (सर्वतः) सभी दिशाओंमें (मर्यादां) मर्यादा (प्रविधाय) करके (प्राच्यादिभ्यः) पूर्वादि (दिग्भ्यः) दिशाओंमें (अविचलिता विरतिः) गमन न करनेकी प्रतिज्ञा (कर्त्तव्या) करना चाहिये ।

टीका : ‘सुप्रसिद्धैः अभिज्ञानैः सर्वतः मर्यादां प्रविधाय प्राच्यादिभ्यः दिग्भ्यः अविचलिता विरतिः कर्त्तव्या’ - अर्थ : प्रसिद्ध तथा सर्वविदित महान पर्वतादि, नगरादि अथवा समुद्रादिसे सीमा बाँधकर जीवनपर्यन्त चार दिशा, चार विदिशा और ऊपर तथा नीचे इस प्रकार दशों दिशाओंमें जानेकी प्रतिज्ञा कर लेना चाहिये तत्पश्चात् उस बाँधी हुई मर्यादासे बाहर जीवनभर न जानेको दिग्व्रत कहते हैं । यहाँ पर्वत इत्यादि अथवा हवाई जहाजमें बैठकर ऊपर जानेकी अपेक्षा ऊर्ध्वदिशाका और कुआँ या समुद्रादिमें घुसनेकी अपेक्षा अधोदिशाका ग्रहण किया गया है ॥१३७॥

दिग्व्रत पालन करनेका फल

इति नियमितदिग्भागे प्रवर्तते यस्ततो बहिस्तस्य ।
सकलासंयमविरहाद्भवत्यहिंसाव्रतं पूर्णम् ॥१३८॥

अन्वयार्थ : (यः) जो (इति) इस प्रकार (नियमितदिग्भागे) मर्यादा की हुई दिशाओंके अन्दर (प्रवर्तते) रहता है (तस्य) उस पुरुषको (ततः) उस क्षेत्रके (बहिः) बाहरके (सकलासंयमविरहात् ) समस्त असंयमके त्यागके कारण (पूर्णं) परिपूर्ण (अहिंसाव्रतं) अहिंसाव्रत (भवति) होता है ।

टीका : ‘यः (पुरुषः) इति नियमित दिग्भागे प्रवर्तते तस्य ततः बहिः सकलासंयमविरहात् पूर्णं अहिंसाव्रतं भवति’ - अर्थ : जो मनुष्य इस भाँति मर्यादित दशों दिशाओंके क्षेत्रके अन्दर ही अपना सारा कार्य करता है उसको उन क्षेत्रोंसे बाहर समस्त ही असंयमका त्याग होनेके कारण सम्पूर्ण अहिंसाव्रत (महाव्रत) पल जाता है अतः दिग्व्रत पालन करनेसे अहिंसाव्रत पुष्ट होता है ॥१३८॥

देशव्रत नामक गुणव्रतका स्वरूप

तत्रापि च परिमाणं ग्रामापणभवनपाटकादीनाम् ।
प्रविधाय नियतकालं करणीयं विरमणं देशात् ॥१३९॥

अन्वयार्थ : (च) और (तत्र अपि) उस दिग्व्रतमें भी (ग्रामापणभवनपाटकादीनाम् ) ग्राम, बाजार, मकान, मोहल्ला इत्यादिका (परिमाणं) परिमाण (प्रविधाय) करके (देशात् ) मर्यादा किये हुये क्षेत्रसे बाहर (नियतकालं) अपने निश्चित किये हुये समय तक जानेका (विरमणं) त्याग (करणीयं) करना चाहिये ।

टीका : ‘तत्रापि च दिग्व्रतोऽपि च ग्रामापणभवनपाटकादीनाम् नियतकालं परिमाणं प्रविधाय देशात् विरमणं करणीयम्’ - अर्थ : दिग्व्रतमें जो दशों दिशाओंकी मर्यादा की थी उसमें भी ग्राम, बाजार, मकान, मोहल्ला वगैरह तक एक दिन, एक सप्ताह, एक पक्ष, महिना, अयन, वर्ष इत्यादि निश्चित काल तक जाने - आनेका प्रमाण करके बाहरके क्षेत्रसे विरक्त होना देशव्रत कहलाता है । इस देशव्रतसे भी अहिंसाका पालन होता है ॥१३९॥

इति विरतो बहुदेशात् तदुत्थहिंसाविशेषपरिहारात् ।
तत्कालं विमलमतिः श्रयत्यहिंसां विशेषेण ॥१४०॥

अन्वयार्थ : (इति) इस प्रकार (बहुदेशात् विरतः) बहुत क्षेत्रका त्याग करनेवाला (विमलमतिः) निर्मल बुद्धिवाला श्रावक (तत्कालं) उस नियमित कालमें (तदुत्थहिंसाविशेषपरिहारात् ) मर्यादाकृत क्षेत्रसे उत्पन्न होनेवाली हिंसा विशेषके त्यागसे (विशेषेण) विशेषरूपसे (अहिंसां) अहिंसाव्रतका (श्रयति) आश्रय करता है ।

टीका : ‘इति बहुदेशात् विरतौः विमलमतिः तत्कालं तदुत्थहिंसाविशेषपरिहारात् विशेषेण अहिंसा श्रयति’ - अर्थ : इस प्रकार दिग्व्रतमें किए हुए क्षेत्रका परिमाण करके उस क्षेत्रसे बाहर हिंसाका त्याग होने पर भी उत्तम बुद्धिवाला श्रावक जो उस समय दूसरे भी थोड़े क्षेत्रकी मर्यादा करता है तो वह विशेषरूपसे अहिंसाका आश्रय करता है । जिस पुरुषने जीवन भरके लिये दक्षिणमें कन्याकुमारी और उत्तरमें हिमालय तक जानेका दिग्व्रत किया है वह हमेशा तो हिमालय जाता नहीं इसलिये वह रोजाना ऐसी प्रतिज्ञा करता है कि आज मैं छपारादि अमुक गाँवमें ही रहूँगा, उससे बाहर नहीं जाऊँगा । अतः उस दिन वह उस गाँवमें ही रहनेका नियम कर लेता है उस दिन उस गाँवके बाहरके प्रदेशमें अहिंसा महाव्रतका पालन हो जाता है ॥१४०॥

अनर्थदण्डत्याग नामक गुणव्रतका स्वरूप

बिना प्रयोजन पापके उत्पन्न करनेके त्यागको अनर्थदण्डत्यागव्रत कहते हैं । उसके पाँच भेद हैं : १. अपध्यानत्यागव्रत, २. पापोपदेशत्यागव्रत, ३. प्रमादचर्यात्यागव्रत, ४. हिंसादानत्यागव्रत, ५. दुःश्रुतित्यागव्रत ।

अपध्यान अनर्थदण्डत्यागव्रतका स्वरूप :

पापर्द्धिजयपराजयसङ्गरपरदारगमनचौर्याद्याः ।
न कदाचनापि चिन्त्याः पापफलं केवलं यस्मात् ॥१४१॥

अन्वयार्थ : (पापर्द्धि-जय-पराजय-सङ्गर-परदारगमन-चौर्याद्याः) शिकार, जय, पराजय, युद्ध, परस्त्रीगमन, चोरी आदिका (कदाचनापि) किसी भी समय (न चिन्त्याः) चिन्तवन नहीं करना चाहिये (यस्मात् ) कारण कि इन अपध्यानोंका (केवलं) मात्र (पापफलं) पाप ही फल है ।

टीका : ‘पापर्द्धि जय पराजय सङ्गर - परदारगमन चौर्याद्याः कदाचन अपि न चिन्त्याः यस्मात् केवल पापफलं भवति’ - अर्थ : शिकार करनेका (अर्थात् इस जीवको इस प्रकार मारें ऐसा भाव करना), संग्राममें किसीकी जीत और किसीकी हार, परस्त्री गमन करनेका चिंतवन अथवा चोरी करनेका इत्यादि खराब - खोटे कार्योंकी जिनके करनेसे मात्र पाप ही होता है उनका कभी भी चिंतवन नहीं करना चाहिये । अतः जिस बातका विचार करनेसे केवल पापका ही बन्धन होता है उसे ही अपध्यान कहते हैं और स्वरूपमें विशेष सावधानी द्वारा उसका त्याग करना ही अपध्यान अनर्थदण्डत्यागव्रत है ॥१४१॥

पापोपदेश नामक अनर्थदण्डत्याग व्रतका स्वरूप

विद्यावाणिज्यमषीकृषिसेवाशिल्पजीविनां पुंसाम् ।
पापोपदेशदानं कदाचिदपि नैव वक्तव्यम् ॥१४२॥

अन्वयार्थ : (विद्या-वाणिज्य-मषी-कृषि-सेवा-शिल्पजीवानां) विद्या, व्यापार, लेखन - कला, खेती, नौकरी और कारीगरीसे निर्वाह चलानेवाले (पुंसाम) पुरुषोंको (पापोपदेशदानं) पापका उपदेश मिले ऐसा (वचनं) वचन (कदाचित् अपि) किसी भी समय (नैव) नहीं (वक्तव्यम् ) बोलना चाहिये ।

टीका : ‘विद्या वाणिज्य मषी कृषि सेवा शिल्प जीविनां पुंसाम् पापोपदेशदानं वचनं कदाचित् अपि नैव वक्तव्यम्’ - अर्थ : विद्या अर्थात् वैद्यक, ज्योतिष आदि करनेवाला, अन्नादिकका व्यापार करनेवाला, लेखनकार्य करनेवाला, खेती करनेवाला, नौकरी-चाकरी करनेवाला तथा लुहार, सुनार, दर्जी, आदिके काम करनेवालोंको इन्हीं कार्यों सम्बन्धी अथवा दूसरा कोई भी पापबन्ध करनेवाला कार्य है उनका किसीको भी उपदेश नहीं देना चाहिये । इसीको पापोपदेश, अनर्थदण्डत्याग व्रत कहते हैं । श्रावक गृहस्थ अपने कुटुम्बियोंको, भाई-बन्धोंको, सगे-सम्बन्धियोंको, अथवा जिनके साथ अपना प्रयोजन है उनको तथा अपने साधर्मी भाईयोंको जीवन - निर्वाह करनेके लिये अवश्य व्यापारादिका उपदेश देकर निमित्त सम्बन्धी चेष्टा कर सकता है, परन्तु जिनके साथ अपना कोई भी प्रयोजन नहीं है उन्हें उपदेश नहीं देना चाहिये ॥१४२॥

प्रमादचर्या अनर्थदण्डत्याग व्रतका स्वरूप :

भूखननवृक्षमोट्टनशाड्वलदलनाम्बुसेचनादीनि ।
निष्कारणं न कुर्याद्दलफलकुसुमोच्चयानपि च ॥१४३॥

अन्वयार्थ : (भूखनन वृक्षमोट्टन शाड्वलदलनाम्बुसेचनादीनि) पृथ्वी, खोदना, वृक्ष, उखाड़ना, अतिशय घासवाली भूमि रौंदना, पानी सींचना आदि (च) और (दलफलकुसुमोच्चयान) पत्र, फल, फूल तोड़ना (अपि) इत्यादि भी (निष्कारणं) बिना प्रयोजन (न कुर्यात् ) नहीं करना चाहिये ।

टीका : ‘निष्कारणं भूखनन वृक्षमोट्टन शाड्वलदलन अम्बुसेचनादीनि च दलफल कुसुमोच्चयान् अपि च न कुर्यात्’ - अर्थ : बिना प्रयोजन पृथ्वी खोदना, वृक्ष उखाड़ना, घासको रौंदना, पानी सींचना - फैलाना तथा पत्ता, फल, फूल तोड़ना इत्यादि कोई भी कार्य नहीं करना ।

भावार्थ : गृहस्थ श्रावक अपने प्रयोजनके लिये भूमिकानुसार कुछ भी कर सकता है परन्तु जिसमें अपना कुछ भी स्वार्थ न हो, जैसे कि रास्ता चलते वनस्पति आदि तोड़ना, भूमि खोदते चलना इत्यादि व्यर्थके काम नहीं करना चाहिये उसे ही प्रमादचर्या अनर्थदण्डत्याग व्रत कहते हैं ॥१४३॥

हिंसाप्रदान अनर्थदण्डत्याग व्रतका स्वरूप :

असिधेनुविषहुताशनलाङ्गलकरवालकार्मुकादीनाम् ।
वितरणमुपकरणानां हिंसायाः परिहरेद्यत्नात् ॥१४४॥

अन्वयार्थ : (असि-धेनु-विष-हुताशन-लाङ्गल-करवाल-कार्मुकादीनाम् ) छुरी, विष, अग्नि, हल, तलवार, धनुष आदि (हिंसायाः) हिंसाके (उपकरणानां) उपकरणोंका (वितरणम् ) वितरण करना अर्थात् दूसरोंको देना (यत्नात् ) सावधानीसे (परिहरेत् ) छोड़ देना चाहिये ।

टीका : ‘हिंसायाः उपकरणानां असि धेनु विष हुताशन लाङ्गल करवाल कार्मुकादीनाम् परिहरेत्’ - अर्थ : हिंसा करनेके साधन छुरी, विष, अग्नि, हल, तलवार, धनुष, बाण आदिका देना प्रयत्नसे दूर करे अर्थात् अन्यको नहीं देना चाहिये । इसीको हिंसादान अनर्थदण्डत्याग व्रत कहते हैं । जिन वस्तुओंके देनेसे हिंसा होती हो उन वस्तुओंका उपयोग प्रयोजनवश अपने लिये तो कर सकते हैं किन्तु अन्यको वे वस्तुएँ कभी भी नहीं देना ॥१४४॥

दुःश्रुति अनर्थदण्डत्याग व्रतका स्वरूप :

रागादिवर्द्धनानां दुष्टकथानामबोधबहुलानाम् ।
न कदाचन कुर्वीत श्रवणार्जनशिक्षणादीनि ॥१४५॥

अन्वयार्थ : (रागादिवर्द्धनानां) राग, द्वेष, मोहादिको बढ़ानेवाली तथा (अबोधबहुलानाम् ) बहुत अंशोंमें अज्ञानसे भरी हुई (दुष्टकथानाम् ) दुष्ट कथाओंका (श्रवणार्जनशिक्षणादीनि) सुनना, धारण करना, सीखना आदि (कदाचन) किसी समय, कभी भी (न कुर्वीत् ) नहीं करना चाहिए ।

टीका : ‘अबोध (मिथ्यात्व) बहुलानां रागादिवर्द्धनानां दुष्टकथानां श्रवणार्जनशिक्षणादीनि न कदाचन कुर्वीत -

अर्थ : मिथ्यात्व सहित रागद्वेष, वैरभाव, मोह, मदादि बढ़ानेवाली कुकथाओंका श्रवण तथा नवीन कथायें बनाना, वांचना वगैरह कभी भी नहीं करना चाहिये । इसे ही दुःश्रुति अनर्थदण्डत्याग व्रत कहते हैं ।

भावार्थ : जो कथा सुननेसे, पढ़नेसे और सीखनेसे विषयादिकी वृद्धि होगी, मोह बढ़ेगा और अपने तथा परके परिणामोंमें संक्लेश होगा अतः ऐसी राजकथा, चोरकथा, भोजनकथा, स्त्रीकथा इत्यादि कथायें कहना या सुनना नहीं चाहिये ॥१४५॥

महाहिंसाका कारण और अनेक अनर्थ उत्पन्न करनेवाला जुआ भी त्याग करना चाहिये :

सर्वानर्थप्रथमं मथनं शौचस्य सद्म मायायाः ।
दूरात्परिहरणीयं चौर्यासत्यास्पदं द्यूतम् ॥१४६॥

अन्वयार्थ : (सर्वानर्थप्रथमं) सप्त व्यसनोंमें पहला अथवा सर्व अनर्थोंमें मुख्य (शौचस्य मथनं) सन्तोषका नाश करनेवाला (मायायाः) मायाचारका (सद्म) घर और (चौर्यासत्यास्पदम् ) चोरी तथा असत्यका स्थान (द्यूतम् ) ऐसे जुआको (दूरात् ) दूर ही से (परिहरणीयम् ) त्याग करना चाहिये ।

टीका : ‘सर्वानर्थप्रथमम् मथनं शौचस्य, सद्म, मायायाः चौर्यासत्यास्पदं द्यूतम् दूरात् परिहरणीयम्’ - अर्थ : सभी अनर्थोंको उत्पन्न करनेवाला; शौच जो लोभका त्याग उसका नाश करनेवाला और कपटका घर ऐसे जुआको दूरेसे ही छोड़ना चाहिये ।

भावार्थ : वास्तवमें जुआ खेलना बहुत ही निन्द्य काम है और सातों व्यसनोंमें सबसे अधिक निकृष्ट है । ज्वारी मनुष्य प्रायः सभी पापोंका आचरण करता है, अतः जुआका त्याग अवश्य करना चाहिये । अनर्थदण्ड त्यागनेवालेको जुआका भी त्याग करना चाहिये ॥१४६॥

विशेष कहते हैं :

एवंविधमपरमपि ज्ञात्वा मुञ्चत्यनर्थदण्डं यः ।
तस्यानिशमनवद्यं विजयमहिंसाव्रतं लभते ॥१४७॥

अन्वयार्थ : (यः) जो मनुष्य (एवं विधं) इस प्रकारके (अपरमपि) दूसरे भी (अनर्थदण्डं) अनर्थदण्डको (ज्ञात्वा) जानकर (मुञ्चति) त्याग करता है (तस्य) उसके (अनवद्यं) निर्दोष (अहिंसाव्रत) अहिंसाव्रत (अनिशं) निरन्तर (विजयं) विजयको (लभते) प्राप्त करता है ।

टीका : ‘यः एवं विधं अपरं अपि अनर्थदण्डं ज्ञात्वा मुञ्चति तस्य अनवद्यं अहिंसाव्रतं अनिशं विजयं लभते’ -

अर्थ : जो मनुष्य इस प्रकार दूसरे भी बिना प्रयोजन पापबन्ध करनेवाले अनर्थदण्डको जानकर छोड़ देता है, उसका पापरहित अहिंसाव्रत हमेशा विजय प्राप्त करता है, अर्थात् सदैव पुण्यबन्ध करके, पापका त्याग करता हुआ कर्मोंकी निर्जरा करता है ।

भावार्थ : संसारमें ऐसे छोटे छोटे अनेक कार्य हैं जिनको करनेसे व्यर्थ ही पापका बन्ध हुआ करता है, अतः सभी मनुष्योंको जिससे अपना कोई प्रयोजन नहीं है ऐसे व्यर्थ, अनर्थदण्डका त्याग अवश्य करना चाहिये - यही कर्त्तव्य है । इस प्रकार तीन गुणव्रतोंका वर्णन समाप्त हुआ ॥१४७॥

अब चार शिक्षाव्रतोंका वर्णन करते हैं :

पहला सामायिक शिक्षाव्रत

रागद्वेषत्यागान्निखिलद्रव्येषु साम्यमवलम्ब्य ।
तत्त्वोपलब्धिमूलं बहुशः सामायिकं कार्यम् ॥१४८॥

अन्वयार्थ : (रागद्वेषत्यागात् ) रागद्वेषके त्यागसे (निखिलद्रव्येषु) सभी इष्ट - अनिष्ट पदार्थोंमें (साम्यं) साम्यभावको (अवलम्ब्य) अंगीकार करके (तत्त्वोपलब्धिमूलं) आत्मतत्त्वकी प्राप्तिका मूलकारण ऐसा (सामायिकं) सामायिकं (बहुशः) बहुत बार (कार्यम् ) करना चाहिये ।

टीका : ‘निखिलद्रव्येषु रागद्वेषत्यागात् साम्यं अवलम्ब्य तत्त्वोपलब्धिमूलं सामायिकं बहुशः कार्यम्’ - अर्थ : समस्त इष्ट - अनिष्ट पदार्थोंमें राग - द्वेष भावोंके त्यागपूर्वक, समताभावका अवलम्बन करके, आत्माके (शुद्ध) स्वरूपकी प्राप्ति करनेमें मूलकारण सामायिक है वह बारबार करना चाहिये, अर्थात् प्रतिदिन तीन काल करना चाहिये । यही सामायिक शिक्षाव्रत है ।

भावार्थ : ‘सम्’ अर्थात् एकरूप और ‘अय’ अर्थात् आत्माके स्वरूपमें गमन वह ‘समय’ हुआ । ऐसा ‘समय’ जिसका प्रयोजन है उसे सामायिक कहते हैं । यह सामायिक समताभावके बिना नहीं हो सकती । अतः सुखदायक और दुःखदायक पदार्थोंमें समान बुद्धि रखते हुए स्वरूपमें मग्न होना ही परमकार्य है । श्रावकको ऐसी सामायिक तीनों काल पाँचों पापोंका त्याग करके अवश्य करना चाहिये । इसे ही सामायिक शिक्षाव्रत कहते हैं ॥१४८॥

सामायिक कब और किस प्रकारसे करना चाहिये यह बताते हैं :

रजनीदिनयोरन्ते तदवश्यं भावनीयमविचलितम् ।
इतरत्र पुनः समये न कृतं दोषाय तद्गुणाय कृतम् ॥१४९॥

अन्वयार्थ : (तत् ) वह सामायिक (रजनीदिनयोः) रात्रि और दिनके (अन्ते) अन्तमें (अविचलितम् ) एकाग्रतापूर्वक (अवश्यं) अवश्य (भावनीयम् ) करना चाहिये (पुनः) और यदि (इतरत्रसमये) अन्य समयमें भी (कृतं) करनेमें आवे तो (तत्कृतं) वह सामायिक कार्य (दोषाय) दोषके लिये (न) नहीं है आपितु (गुणाय) गुणके लिये ही होती है ।

टीका : ‘तत् सामायिकं रजनी दिनयोः अन्ते अवश्यं अविचलितं भावनीयम् पुनः इतरत्र समये दोषाय कृतम् न किन्तु तत् गुणाय कृतम् अस्ति’ - अर्थ : वह *सामायिक प्रत्येक श्रावकको रात और दिनके अन्तमें अर्थात् प्रभात् और सन्ध्याकाल अवश्य ही नियमपूर्वक करना चाहिये । इसके अतिरिक्त यदि शेष समयमें भी सामायिक की जावे तो वह गुणके निमित्त ही है, दोषके निमित्त नहीं है ।

* सामायिकके १ - योग्य क्षेत्र, २ - योग्य काल, ३ - योग्य आसन, ४ - योग्य विनय, ५ - मनशुद्धि, ६ - वचनशुद्धि, ७ - भावशुद्धि, ८ - कायशुद्धि - इन आठ बातोंकी अनुकूलता होना आवश्यक है । उसमें भेदज्ञान पूर्वक स्वसन्मुखताके बलसे जितनी परिणामोंकी शुद्धता हो उतनी निश्चय सामायिक है, वहाँ वर्तते हुए शुभरागको व्यवहार सामायिक कहते हैं । निश्चय सम्यग्दर्शन - ज्ञानपूर्वक जिसने कषायकी दो चौकड़ियोंका अभाव किया है उस जीवके सच्चे अणुव्रत और सामायिक व्रत होता है । जिसके निश्चय सम्यग्दर्शन न हुआ हो उसके व्रतको भगवान सर्वज्ञदेव बालव्रत अर्थात् अज्ञानमयव्रत कहते हैं ।

भावार्थ : गृहस्थ श्रावक गृहस्थीके अनेक कार्योंमें संलग्न रहता है अतः उसके लिये आलम्बनरूप प्रभात और सन्ध्या दोनों समय आचार्योंने नियमित किये हैं । यों तो सामायिक जब भी इच्छा हो की जा सकती है उससे आत्माका कल्याण ही है, नुकसान कदापि नहीं है । इसलिये प्रत्येक श्रावकको दोनों समय अथवा तीन समय उत्कृष्ट छह घड़ी, मध्यम चार घड़ी, जघन्य दो घड़ी तक पाँचों पाप तथा आरम्भपरिग्रहका त्याग करके एकान्त स्थानमें शुद्ध मन करके पहले पूर्व दिशामें नमस्कार करना अर्थात् अंगोंको भूमिसे लगाकर नमना, फिर नौ बार नमस्कार मन्त्रका जाप करना, पश्चात् तीन आवर्त्तन अर्थात् हाथ जोड़कर प्रदक्षिणा करना, और एक शिरोनति अर्थात् हाथ जोड़कर मस्तक नमाना । इस प्रकार चारों दिशाओंमें करके खड्गासन अथवा पद्मासन धारण करके सामायिक करना चाहिये । और जब सामायिक पूर्ण हो जाय तब अन्तमें भी प्रारम्भकी तरह नौं बार नमस्कार मन्त्रका जाप, तीन तीन आवर्त्तन, एक एक शिरोनति करना चाहिये । यही सामायिक करनेकी स्थूल विधि है सामायिक करते समय - सामायिक कालमें - श्रावक भी मुनिके ही समान है ॥१४९॥

सामायिकश्रितानां समस्तसावद्ययोगपरिहारात् ।
भवति महाव्रतमेषामुदयेऽपि चरित्रमोहस्य ॥१५०॥

अन्वयार्थ : (एषाम् ) यह (सामायिकश्रितानां) सामायिकदशाको प्राप्त श्रावकोंको (चारित्रमोहस्य) चारित्रमोहका (उदये अपि) उदय होने पर भी (समस्तसावद्ययोगपरिहारात् ) समस्त पापके योगका त्याग होनेसे (महाव्रतं) महाव्रत (भवति) होता है ।

टीका : ‘सामायिकश्रितानां एषां श्रावकानां समस्तसावद्ययोगपरिहारात् चरित्रमोहस्य उदये अपि महाव्रतं भवति’ - अर्थ : सामायिक करनेवाले श्रावकके उस समय समस्त पाँचों पापोंका त्याग होनेसे प्रत्याख्यानावरण चारित्रमोहनीयकर्मका उदय होने पर भी महाव्रत ही है ।

भावार्थ : श्रावक जिस समय सामायिक कर रहा हो उस समय वास्तवमें उसकी अवस्था मुनि समान ही है । उसके परिणामोंमें और मुनिके परिणामोंमें विशेष अन्तर नहीं है । भेद केवल इतना ही है कि मुनि दिगम्बर है और श्रावक वस्त्रसहित है । मुनि महाराजने प्रत्याख्यानावरण कषायोंका त्याग कर दिया है और श्रावकने अभी तक प्रत्याख्यानावरण कषायका त्याग नहीं किया है ॥१५०॥

अब दूसरे शिक्षाव्रत प्रोषधोपवासका स्वरूप कहते हैं :

सामायिकसंस्कारं प्रतिदिनमारोपितं स्थिरीकर्त्तुम् ।
पक्षार्द्धयोर्द्वयोरपि कर्त्तव्योऽवश्यमुपवासः ॥१५१॥

अन्वयार्थ : (प्रतिदिनं) प्रतिदिन (आरोपितं) अंगीकार किए हुए (सामायिकसंस्कारं) सामायिकरूप संस्कारको (स्थिरीकर्त्तुम् ) स्थिर करनेके लिये (द्वयोः) दोनों (पक्षार्द्धयोः) पक्षके अर्द्धभागमें अर्थात् अष्टमी और चतुर्दशीके दिन (उपवासः) उपवास (अवश्यमपि) अवश्य ही (कर्त्तव्यः) करना चाहिये ।

टीका : ‘प्रतिदिनं आरोपितं सामायिकं संस्कारं स्थिरीकर्त्तुम् द्वयोरपि पक्षार्द्धयोः अवश्यं उपवासः कर्त्तव्यः’ - अर्थ : प्रतिदिन अंगीकार किये हुए सामायिक व्रतकी दृढ़ता करनेके लिये दोनों पखवाड़ोंके (शुक्लपक्ष और कृष्णपक्षके) अर्द्धभागमें चतुर्दशी और अष्टमीके दिन अवश्य उपवास करना चाहिये ।

भावार्थ : प्रोषधका अर्थ पर्व है और उपवासका अर्थ है निकटवास करना । पर्वमें पापसे छूटकर धर्ममें वास करनेको प्रोषधोपवास कहते हैं । यह प्रोषधोपवास प्रत्येक महीनेमें चार बार किया जाता है अर्थात् प्रत्येक चतुर्दशी और अष्टमीके दिन किया जाता है । इससे सामायिक करनेकी भावना दृढ़ रहती है अर्थात् विषय - कषायोंसे चित्त सदा विरक्त ही रहता है इसलिये प्रत्येक गृहस्थको सामायिक अवश्य ही करना चाहिए ॥१५१॥

प्रोषधोपवासकी विधि

मुक्तसमस्तारम्भः प्रोषधदिनपूर्ववासरस्यार्द्धे ।
उपवासं गृह्णीयान्ममत्वमपहाय देहादौ ॥१५२॥

अन्वयार्थ : (मुक्तसमस्तारम्भः) समस्त आरम्भसे मुक्त होकर (देहादौ) शरीरादिमें (ममत्वं) ममत्वबुद्धिका (अपहाय) त्याग करके (प्रोषधदिनपूर्ववासरस्यार्द्धे) पर्वके पहले दिनके मध्याह्न कालमें (उपवासं) उपवासको (गृह्णीयात् ) अंगीकार करना चाहिए ।

टीका : ‘प्रोषधदिनपूर्ववासरस्यार्द्धे मुक्तसमस्तारम्भः देहादौ ममत्वं, अपहाय उपवासं गृह्णीयात्’ - अर्थ : जिस दिन उपवास करना है उसके एक दिन पहले अर्थात् धारणाके दिन समस्त आरम्भ छोड़कर चार प्रकारके आहारका त्याग करके शरीरादिमें ममत्वभाव छोड़कर उपवास ग्रहण करें ।

भावार्थ : जैसे अष्टमीके दिन उपवास करना है तो सप्तमीके दोपहरके बारह बजेसे चारों प्रकारके आहारका त्याग करके, समस्त आरम्भका त्याग करते हुए शरीरादिमें मोह छोड़कर उपवास धारण करना चाहिए ॥१५२॥

उपवासके दिनका कर्त्तव्य

श्रित्वा विविक्तवसतिं समस्तसावद्ययोगमपनीय ।
सर्वेन्द्रियार्थविरतः कायमनोवचनगुप्तिभिस्तिष्ठेत् ॥१५३॥

अन्वयार्थ : फिर (विविक्तवसतिं) निर्जन *वसतिका - निवासस्थानमें (श्रित्वा) जाकर (समस्तसावद्ययोगं) सम्पूर्ण सावद्ययोगका (अपनीय) त्याग करके (सर्वेन्द्रियार्थविरतः) सर्व इन्द्रियोंसे विरक्त होकर (कायमनोवचनगुप्तिः) मनगुप्ति, वचनगुप्ति, और कायगुप्ति सहित (तिष्ठेत् ) स्थिर होवे ।

* प्राचीन समयमें नगर - ग्रामोंके बाहर धर्मात्माजन मुनियोंके ठहरनेके लिये - आरामके लिए अथवा सामायिक आदि करनेके लिये झोंपड़ी आदि बनवा देते थे, उसे वसतिका कहते थे । अनेक नगरोंमें वसतिका आजकल भी देखने में आती है ।

सम्पूर्ण सावद्ययोगका त्याग=जिस समय सावद्ययोगका त्याग करे उस समय “मैं सर्व सावद्ययोगका त्यागी होता हूं” ऐसी प्रतिज्ञा करे ।

टीका : ‘विविक्त वसतिं श्रित्वा समस्त सावद्ययोगं अपनीय सर्वेन्द्रियार्थविरतः कायमनोवचनगुप्तिभिः तिष्ठेत् - अर्थ : जिसने सप्तमीके दिन उपवास धारण किया है वह श्रावक उसी समय एकान्त स्थानमें जाकर (सोलह पहर अर्थात् ४८ घण्टेके लिये) हिंसादि पाँच पापोंका संकल्पपूर्वक त्याग करके, पाँचों इन्द्रियोंके विषयोंसे विरक्त होकर, मन, वचन और कायको वश रखे अर्थात् तीन गुप्तिका पालन करे ।

भावार्थ : उपवासका सारा समय धर्मध्यानादिमें व्यतीत करना चाहिये । एकान्त स्थानके बिना धर्मध्यान नहीं हो सकता, इसलिये एकान्त स्थान धर्मशाला, चैत्यालय वगैरहमें वास करे और मनमें विचार करे तो केवल धार्मिक बातोंका ही विचार करे, वचन बोले तो धार्मिक बातोंका ही विवेचन करे, तथा कायकी चेष्टा करे तो अपनी मर्यादा-प्रमाण क्षेत्रमें धर्मरूप ही करे, निरर्थक चलना - फिरना न करे । इस भाँति तीनों गुप्तियोंका पालन करे ॥१५३॥

पश्चात् क्या करना चाहिये यह बताते हैं :

धर्मध्यानासक्तो वासरमतिवाह्य विहितसान्ध्यविधिम् ।
शुचिसंस्तरे त्रियामां गमयेत्स्वाध्यायजितनिद्रः ॥१५४॥

अन्वयार्थ : (विहितसान्ध्यविधिम् ) प्रातःकाल तथा सन्ध्याकालकी सामायिकादि क्रिया करके (वासरम् ) दिवस (धर्मध्यानासक्तः) धर्मध्यानमें लीन होकर (अतिवाह्य) व्यतीत करे और (स्वाध्यायजितनिद्रः) पठन - पाठनसे निद्राको जीतकर (शुचिसंस्तरे) पवित्र बिस्तर (चटाई आदि) पर (त्रियामां) रात (गमयेत् ) पूर्ण करे । टीका : ‘धर्मध्यानासत्को वासरं अतिवाह्य विहित सान्ध्यविधिम् स्वाध्यायजितनिद्रः शुचिसंस्तरे त्रियामां गमयेत्’ - अर्थ : उपवास अंगीकार करके श्रावक, धर्मध्यानमें लीन होकर दिवस पूर्ण करके तथा सन्ध्या समय सामायिक आदि करके तीन पहर तक पवित्र बिस्तरमें यथाशक्ति स्वाध्याय करते हुए रात्रि व्यतीत करे ।

भावार्थ : यह उपवास धारणाका दिन है अतः दोपहरके बारह बजेसे सन्ध्याकाल तक धर्मध्यान करना, फिर सामायिक करके स्वाध्याय करना पश्चात् शयन करना और यथाशक्ति ब्रह्मचर्यव्रतका पालन करना । इसके बात प्रातःकाल चार बजे बिस्तरको छोड़कर जागृत हो जाना चाहिये ॥१५४॥

इसके बाद क्या करना ?

प्रातः प्रोत्थाय ततः कृत्वा तात्कालिकं क्रियाकल्पम् ।
निर्वर्तयेद्यथोक्तं जिनपूजां प्रासुकैर्द्रव्यैः ॥१५५॥

अन्वयार्थ : (ततः) इसके बाद (प्रातः) सुबह ही (प्रोत्थाय) उठकर (तात्कालिकं) प्रातःकालकी (क्रियाकल्पम् ) सामायिकादि क्रियामें (कृत्वा) करके (प्रासुकैः) प्रासुक अर्थात् जीवरहित (द्रव्यैः) द्रव्योंसे (यथोक्तं) आर्ष ग्रन्थोंमें कहे अनुसार (जिनपूजां) जिनेन्द्रदेवकी पूजा (निर्वर्तयेत् ) करे ।

टीका : ‘ततः प्रातः प्रोत्थाय तात्कालिकं क्रियाकल्पं कृत्वा यथोक्तं प्रासुकैः द्रव्यैः जिनपूजां निर्वर्तयेत्’ - अर्थ : शयनके बाद चार बजे ब्रह्ममुहूर्तमें जाग्रत होकर सामायिक और भजन व स्तुति आदि करके, शौच - स्नानादिसे निबटकर प्रासुक आठ द्रव्योंसे भगवानकी पूजा करना तथा स्वाध्याय आदि करना ।

भावार्थ : आचार्योंका अभिप्राय यहाँ प्रासुक द्रव्योंसे पूजन करनेका है । अतः जलको लौंग द्वारा *प्रासुक बना लेना चाहिए या जलको उबाल लेना चाहिए और उसी जलसे द्रव्योंको धोना चाहिए । भगवानकी पूजामें अनेक प्रकारके सचित्त पदार्थ जैसे नारङ्गी, मौसम्मी, गन्ना इत्यादि सचित्त वस्तुयें उपवासके व्रतधारियोंको कदापि नहीं चढ़ाना चाहिए ॥१५५॥

* प्रासुक = जो द्रव्य सूखा हो - पका हुआ हो - अग्नि पर तपाया हुआ हो - लवण तथा अम्लरस मिश्रित हो - कोल्हू, छुरी, चक्की आदि यन्त्रोंसे छिन्न - भिन्न किया हुआ हो - तथा संशोधित हो, वह सभी प्रासुक=अचित्त है । यह गाथा स्वामी कार्तिकेय ग्रन्थकी संस्कृत टीकामें तथा गोम्मटसारकी केशववर्णी कृत संस्कृत टीकामें सत्यवचनके भेदोंमें कही गई है ।

उक्तेन ततो विधिना नीत्वा दिवसं द्वितीयरात्रिं च ।
अतिवाहयेत्प्रयत्नादर्धं च तृतीयादिवसस्य ॥१५६॥

अन्वयार्थ : (ततः) उसके बाद (उक्तेन) पूर्वोक्त (विधिना) विधिसे (दिवसं) उपवासका दिन (च) और (द्वितीयरात्रिं) दूसरी रातको (नीत्वा) व्यतीत करके (च) फिर (तृतीयदिवसस्य) तीसरे दिनका (अर्धं) आधा भाग भी (प्रयत्नात् ) अतिशय यत्नाचारपूर्वक (अतिवाहयेत् ) व्यतीत करे ।

टीका : ‘ततः उक्तेन विधिना दिवसं नीत्वा च द्वितीय रात्रिं नीत्वा च तृतीय दिवसस्य अर्द्धं प्रयत्नात् अतिवाहयेत्’ - अर्थ : फिर जिस प्रकार धर्मध्यानपूर्वक पहले आधा दिन व्यतीत किया था उसी प्रकार दूसरा दिन भी व्यतीत करके, तथा जैसे स्वाध्यायपूर्वक पहली रात व्यतीत की थी वैसे ही दूसरी रात भी व्यतीत करके अत्यन्त प्रयत्नपूर्वक तीसरा आधा दिन भी व्यतीत करना चाहिए ।

भावार्थ : जिस प्रकार धारणाका दिन व्यतीत किया था उसी प्रकार पारणाका दिन भी व्यतीत करे । धारणासे लेकर पारणा तकका सोलह पहरका समय (४८ घण्टे) श्रावकको भले प्रकार धर्मध्यानपूर्वक ही व्यतीत करना चाहिए, तभी उसका उपवास करना सार्थक है; कारण कि विषय - कषायोंका त्याग करनेके लिए ही उपवासादि किये जाते हैं ॥१५६॥

अब उपवास करनेका फल बताते हैं :

इति यः षोडशयामान् गमयति परिमुक्तसकलासावद्यः ।
तस्य तदानीं नियतं पूर्णमहिंसाव्रतं भवति ॥१५७॥

अन्वयार्थ : (यः) जो जीव (इति) इस प्रकार (परिमुक्तसकलसावद्यः सन्) सम्पूर्ण पापक्रियाओंसे रहित होकर (षोडशयामान्) सोलह प्रकार (गमयति) व्यतीत करता है (तस्य) उसे (तदानीं) उस समय (नियतं) निश्चयपूर्वक (पूर्णं) सम्पूर्ण (अहिंसाव्रतं) अहिंसाव्रत (भवति) होता है ।

टीका : ‘इति (पूर्वोक्तरीत्या) यः (श्रावकः) परिमुक्तसकलसावद्यः षोडशयामान् गमयति, तस्य (श्रावकस्य) तदानीं नियतं पूर्णं अहिंसाव्रतं भवति -

अर्थ : जिस प्रकारसे उपवासकी विधि बताई है उसी प्रकारसे जो श्रावक सम्पूर्ण आरम्भ - परिग्रहका त्याग करके सोलह प्रहर व्यतीत करता है उसे श्रावकको उन सोलह प्रहरमें नियमसे पूर्ण अहिंसाव्रतका पालन होता है ।

भावार्थ : उपवास तीन प्रकारका है । उत्कृष्ट उपवास १६ प्रहरका है, मध्यम उपवास १२ पहरका है, जघन्य उपवास ८ पहरका है ।

यथा (१) सप्तमीके दिन दोपहरका १२ बजे उपवास धारण किया और नवमीके दिन दोपहरको १२ बजे पारणा किया - इस तरह १६ पहर हुए, यह उत्कृष्ट उपवास है ।

(२) सप्तमीके दिन सन्ध्या समय ५ बजे उपवास धारण किया और नवमीके दिन प्रातः ७ बजे पारणा किया । यह १२ पहरका मध्यम उपवास है ।

(३) जघन्य उपवास आठ पहरका है । अष्टमीके दिन प्रातः ८ बजे उपवास धारण किया और नवमीके दिन प्रातः ८ बजे पारणा किया । यह ८ पहरका जघन्य उपवास हुआ । इस भाँति उपवासका वर्णन पूर्ण हुआ ॥१५७॥

उपवासमें विशेषतः अहिंसाकी पुष्टि

भोगोपभोगहेतोः स्थावरहिंसा भवेत् किलामीषाम् ।
भोगोपभोग विरहाद् भवति न लेशोऽपि हिंसायाः ॥१५८॥

अन्वयार्थ : (किल) निश्चयसे (अमीषाम् ) इस देशव्रती श्रावकको (भोगोपभोगहेतोः) भोग - उपभोगके हेतुसे (स्थावरहिंसा) स्थावर अर्थात् एकेन्द्रिय जीवोंकी हिंसा (भवेत् ) होती है परन्तु (भोगोपभोगविरहात् ) भोग - उपभोगके त्यागसे (हिंसाया) हिंसा (लेशः अपि) लेशमात्र भी (न भवति) नहीं होती ।

टीका : ‘किलअभीषाम् (श्रावकानाम् ) भोगोपभोगहेतोः स्थावरहिंसा भवेत् (अतः उपवासे) भोगोपभोगविरहात् हिंसायाः लेशोऽपि न भवति’ - अर्थ : निश्चयसे इन देशव्रती श्रावकोंको भोगोपभोगके निमित्तसे स्थावरहिंसा होती है, क्योंकि वे त्रसहिंसाके तो पूर्णरूपसे त्यागी ही हैं । जब गृहस्थ श्रावक उपवासमें समस्त आरम्भ - परिग्रह और पाँचों पापोंका सम्पूर्ण त्याग कर देता है तब उसे उपवासमें स्थावरहिंसा भी नहीं होती । कारण कि भोगोपभोगका त्याग हो जानेसे हिंसाका अंशमात्र भी नहीं रहा इसलिए अहिंसा महाव्रतका पालन हुआ ॥१५८॥

इसी प्रकार उपवासमें अहिंसा महाव्रतकी तरह अन्य चार महाव्रत भी पालन हो जाते हैं यह बात बताते हैं :

वाग्गुप्तेर्नास्त्यनृतं न समस्तादानविरहितः स्तेयम् ।
नाब्रह्म मैथुनमुचः सङ्गो नाङ्गेप्यमूर्छस्य ॥१५९॥

अन्वयार्थ : और उपवासधारी पुरुषके (वाग्गुप्ते) वचनगुप्ति होनेसे (अनृतं) असत्य वचन (न) नहीं है (समस्तादानविरहितः) सम्पूर्ण अदत्तादानके त्यागसे (स्तेयम् ) चोरी (न) नहीं है (मैथुनमुचः) मैथुन त्यागीको (अब्रह्म) अब्रह्मचर्य (न) नहीं है और (अंगे) शरीरमें (अमूर्छस्य) ममत्व न होनेसे (सङ्ग) परिग्रह (अपि) भी (न) नहीं है ।

टीका : ‘वाग्गुप्तेः अनृतं नास्ति, समस्तादानविरहितः स्तेयं नास्ति, मैथुनमुचः अब्रह्म नास्ति, अङ्गे अपि अमूर्छस्य सङ्ग नास्ति । ’ - अर्थ : उपवासधारी पुरुषके वचनगुप्तिका पालन होनेसे सत्य महाव्रतका पालन होता है, बिना दी हुई समस्त वस्तुओंके ग्रहण करनेका त्याग होनेसे अचौर्य महाव्रतका पालन होता है, सम्पूर्ण मैथुन कर्मका त्याग होनेसे ब्रह्मचर्य महाव्रतका पालन होता है तथा शरीरमें ही ममत्वपरिणाम न होनेसे परिग्रहत्याग महाव्रतका पालन भी होता है । इस प्रकार चारों महाव्रतोंका पालन उपवासमें हो जाता है ॥१५९॥

अब यहाँ कोई शंका करे कि जब श्रावकको भी महाव्रत है और मुनियोंको भी महाव्रत है तो दोनोंमें अन्तर क्या है ?

इत्थमशेषितहिंसाः प्रयाति स महाव्रतित्वमुपचारात् ।
उदयति चरित्रमोहे लभते तु न संयमस्थानम् ॥१६०॥

अन्वयार्थ : (इत्थम् ) इस प्रकार (अशेषितहिंसा) सम्पूर्ण हिंसाओंके रहित (सः) वह प्रोषधोपवास करनेवाला पुरुष (उपचारात् ) उपचारसे अथवा व्यवहारनयसे (महाव्रतित्वं) महाव्रतपना (प्रयाति) पाता है, (तु) परन्तु (चारित्रमोहे) चारित्रमोहके (उदयति) उदयरूप होनेके कारण (संयमस्थानम् ) संयमस्थान अर्थात् प्रमत्तादि गुणस्थान (न लभते) नहीं प्राप्त करता ।

टीका : ‘इत्थं अशेषितहिंसाः सः (श्रावकः) उपचारात् महाव्रतित्वं प्रयाति, तु चरित्रमोहे उदयति (सति) संयमस्थानं न लभते’ - अर्थ : इस प्रकार जिसके हिंसा अवशेष नहीं है ऐसा श्रावक उपचारसे महाव्रती कहलाता है । वास्तवमें वह महाव्रती नहीं है, क्योंकि प्रत्याख्यानावरण चारित्रमोहनीय कर्मके उदयमें युक्त होनेसे वह श्रावक महाव्रत संयमको प्राप्त नहीं हो सकता ।

भावार्थ : वास्तवमें जिसके प्रत्याख्यानावरण क्रोध-मान-माया-लोभका अभाव हो गया है वही महाव्रती संयमी कहलाता है । परन्तु जिसके उन कषायोंका अभाव तो नहीं हुआ है किन्तु उन द्रव्यरूप पाँचों पापोंका अभाव हो गया हो तो उसको उपचारसे महाव्रत है; वास्तवमें महाव्रत नहीं है, क्योंकि पूर्ण संयम प्रमत्तगुणस्थानमें ही प्रारम्भ होता है और वह प्रमत्त गुणस्थान प्रत्याख्यानावरण कषायके अभाव बिना होता नहीं है । इस भाँति प्रोषधोपवासका वर्णन किया । यह प्रोषधोपवास सभी श्रावकोंको करना चाहिये, क्योंकि इसमें पाँचों महापापोंका त्याग हो जाता है तथा पाँचों इन्द्रियोंके विषय तथा कषायोंका दमन भी हो जाता है । जो गृहस्थ केवल मान - बड़ाईके लिये ही उपवास अंगीकार करता है और अपने कषायोंका त्याग नहीं करता उसका उपवास करना न करना समान ही है ॥१६०॥

तीसरा शिक्षाव्रत - भोगोपभोगपरिमाण

भोगोपभोगमूला विरताविरतस्य नान्यतो हिंसा ।
अधिगम्य वस्तुतत्त्वं स्वशक्तिमपि तावपि त्याज्यौ ॥१६१॥

अन्वयार्थ : (विरताविरतस्य) देशव्रती श्रावकको (भोगोपभोगमूला) भोग और उपभोगके निमित्तसे होनेवाली (हिंसा) हिंसा होती है (अन्यतः न) अन्य प्रकारसे नहीं होती इसलिये (तौ) वह दोनों अर्थात् भोग और उपभोग (अपि) भी (वस्तुतत्त्वं) वस्तुस्वरूप (अपि) और (स्वशक्ति) अपनी शक्तिको (अधिगम्य) जानकर अर्थात् अपनी शक्ति अनुसार (त्याज्यौ) छोड़ने योग्य हैं ।

टीका : ‘विरताविरतस्य भोगोपभोगमूला हिंसा भवति । अन्यतः न इति हेतोः भावकेन वस्तुतत्त्वं अधिगम्य तथा स्वशक्तिं अपि अधिगम्य तौ अपि भोगोपभोगौ अपि त्याज्यौ’ - अर्थ : व्रत व अव्रतके धारी देशव्रती श्रावकको भोग और उपभोग पदार्थों सम्बन्धी हिंसा होती है, किन्तु अन्य प्रकारकी कोई दूसरी हिंसा नहीं होती । इसलिये वस्तुस्वरूप जानकर अर्थात् इस वस्तुके भोगनेमें इतना दोष है, यह वस्तु भक्ष्य है, यह वस्तु अभक्ष्य है, ऐसा विचार करके, तथा अपनी शक्ति अर्थात् शरीर और परिणामोंकी शक्तिको जानकर जितना बन सके उतना भोगोपभोगका परिमाण करके शेषका त्याग कर देना चाहिए ।

भावार्थ : जो एक बार भोगनेमें आवे उसे भोग कहते हैं । जैसे दाल, भात, रोटी, पूड़ी, दूध, दही, पेड़ा, जलेबी, पानी, पुष्पमाला इत्यादि सभी भोग पदार्थ हैं । जो बार-बार भोगनेमें आवे उसे उपभोग कहते हैं । जैसे कपड़ा, बर्तन, घर, खेत, गाय, बैल, जेवर, सवारी इत्यादि सभी उपभोग पदार्थ हैं । श्रावकको इन पदार्थोंके सम्बन्धसे हिंसा होती है इसलिये उसे इन हिंसाके कारणोंका भी शीघ्र ही त्याग करना चाहिये ॥१६१॥

एकमपि प्रजिघांसुर्निहन्त्यनन्तान्यतस्ततोऽवश्यम् ।
करणीयमशेषाणां परिहरणमनन्तकायानाम् ॥१६२॥

अन्वयार्थ : (ततः) कारण कि (एकम् ) एक साधारण शरीरको - कन्दमूलादिकको (अपि) भी (प्रजिघांसु) घात करनेकी इच्छा करनेवाला पुरुष (अनन्तानि) अनन्त जीवोंको (निहन्ति) मारता है, (अतः) इसलिये (अशेषाणां) सम्पूर्ण (अनन्तकायानां) अनन्तकायका (परिहरणं) परित्याग (अवश्यं) अवश्य (करणीयम् ) करना चाहिये ।

टीका : ‘एकं अपि प्रजिघांसुः अतः अनन्तानि निहन्ति ततः अशेषाणां अनन्तकायानां अवश्यं परिहरणं करणीयम्’ - अर्थ : एक कन्दमूल सम्बन्धी जीवको खानेकी इच्छा करनेवाला गृहस्थ उस जीवके साथ-साथ उसके आश्रय रहनेवाले साधारण अनन्त जीव हैं उन सभीका घात करता है इसलिये साधारण अनन्तकायवाली जितनी वनस्पतियाँ हैं *उन सभीका अवश्य त्याग करना चाहिये ।

* उन सभीका त्याग अर्थात् उन सम्बन्धी रागका त्याग, वह भी मिथ्या अभिप्रायके त्यागरूप और स्वाश्रयके ग्रहणरूप सम्यग्दर्शनके बिना ‘यथार्थ रीतिसे व्यवहार त्याग’ नहीं कहला सकता । धर्मीजीवको त्रस व स्थावर जीवके भेद जानना चाहिये । द्वीइन्द्रिय आदिसे पंचेन्द्रिय तक जीवोंको त्रस तथा पृथ्वीकायिक, जलकायिक, वायुकायिक, अग्निकायिक और वनस्पतिकायिक जीवोंको स्थावर कहते हैं । (स्थावर जीवको एकेन्द्रियपना है)

भावार्थ : वनस्पति साधारण और प्रत्येक इस तरह दो प्रकारकी होती है । इसमेंसे साधारण वनस्पतिका त्याग तो गृहस्थ श्रावकको सर्वथा ही कर देना चाहिये तथा यथाशक्ति प्रत्येक वनस्पतिका भी त्याग करना चाहिये । अब यहाँ प्रत्येक और साधारणके सभी भेद - प्रभेद स्पष्टरूपसे कथन किये जा रहे हैं ।

पाँच स्थावरोंमेंसे पृथ्वीकाय, जलकाय, वायुकाय, अग्निकाय इन चारमें तो निगोदके जीव रहते नहीं, केवल एक वनस्पतिकायमें ही रहते हैं । उसके प्रत्येक और साधारण इस प्रकार दो भेद हैं । जिस शरीरका एक ही स्वामी हो उसे प्रत्येक कहते हैं और जिस शरीरके अनन्त स्वामी हों उसे साधारण कहते हैं । प्रत्येकके भी दो भेद हैं । सप्रतिष्ठित प्रत्येक और अप्रतिष्ठित प्रत्येक । जो निगोद सहित हो अर्थात् जिस शरीरका मूल स्वामी एक हो और उस शरीरके आश्रय अनन्त जीव रहते हों उसे सप्रतिष्ठित कहते हैं । जिस शरीरका मूल स्वामी एक हो और उसके आश्रय अनन्त जीव न रहते हों अर्थात् निगोद सहित न हो उसे अप्रतिष्ठित प्रत्येक कहते हैं ।

साधारण वनस्पतिका लक्षण : जिसको तोड़ने पर समान भङ्ग हो, जिसके पत्तोंमें जबतक तन्तु रेखा और नसाजाल न निकले हों, जिसकी मूल, कन्द, कन्दमूल, छाल, पत्ते, छोटी डाली, फूल, फल और बीजमें - उसके तोड़ते समय - समान भंग हो जाय तबतक वह सभी साधारण वनस्पति है और जब उनमें समान भंग न हो तब वही वनस्पति प्रत्येक हो जाती है । यद्यपि साधारण वनस्पति तथा सप्रतिष्ठित प्रत्येक वनस्पति - इन दोनोंमें अनन्त जीव हैं तो भी साधारण वनस्पतिके शरीरमें जितने जीव हैं वे सभी उस शरीरके स्वामी हैं और उस वनस्पतिके तोड़ने - काटने पर उन सभी जीवोंका घात होता है और सप्रतिष्ठित प्रत्येक वनस्पतिके एक शरीरमें शरीरका स्वामी तो एक ही है किन्तु उस शरीरके आश्रय अनन्त जीव हैं वे सभी स्वामी नहीं हैं । उस शरीरके स्वामीके मरने - जीनेके साथ समस्त जीवोंके मरने - जीनेका कोई सम्बन्ध नहीं है । बस यही दोनोंमें भेद है । इसलिये गृहस्थ श्रावकको साधारण वनस्पतिका सर्वथा ही त्याग करना चाहिये और सप्रतिष्ठित प्रत्येकका भी त्याग करना चाहिये क्योंकि एक साधारण वनस्पतिके एक शरीरमें अनन्तानन्त जीव रहते हैं । इसलिये जब हम एक आलू खाते हैं तब अनन्तानन्त जीवोंका घात करते हैं ।

अब यहाँ एक साधारण वनस्पतिका विचार किया जाता है । जैसे एक आलू या अदरख इत्यादि साधारण वनस्पतिका विचार करे तो उसमें लोकके जितने प्रदेश हैं उनसे असंख्यातगुने शरीर हैं उन सर्व शरीरोंके पिण्डोंको ‘स्कन्ध’ कहते हैं, (जैसे अपना एक शरीर है) । और उस एक स्कन्धमें असंख्यात लोक - प्रमाण अण्डर हैं, (जैसे अपने शरीरमें हाथ, पैर आदि उपाँग हैं) । और एक ‘अण्डर’में असंख्यात लोकप्रमाण पुलवी हैं, (जैसे अपने हाथमें उँगलियां हैं) । और एक ‘पुलवी’में असंख्यात लोकप्रमाण आवास हैं (जैसे एक उँगलीमें तीन पोरे होते हैं) और एक ‘आवास’में असंख्यात लोक - प्रमाण निगोद ‘शरीर’ हैं (जैसे एक पोरेमें अनेक रेखायें हैं) और एक निगोद शरीरमें सिद्ध - राशिसे अर्थात् अनन्त मुक्तात्माओंसे - अन्तगुने जीव हैं अर्थात् सिद्धालयमें जो अनन्त सिद्ध जीव विराजमान हैं उनसे भी अनन्तगुने जीव एक निगोद शरीरमें हैं । (जैसे एक उँगलीकी रेखामें असंख्यात प्रदेश हैं) इस प्रकार एक आलू अथवा साधारण हरीके (आलू - अदरख इत्यादिके) टुकड़ेमें अनन्तानन्त जीव रहते हैं । अतः ऐसी वनस्पतियोंका शीघ्र ही त्याग कर देना चाहिये ॥१६२॥

आगे विशेषरूपसे बताते हैं :

नवनीतं च त्याज्यं योनिस्थानं प्रभूतजीवानाम् ।
यद्वापि पिण्डशुद्धौ विरुद्धमभिधीयते किञ्चित् ॥१६३॥

अन्वयार्थ : (च) और (प्रभूतजीवानाम् ) बहुत जीवोंका (योनिस्थानं) उत्पत्तिस्थानरूप (नवनीतं) मक्खन अथवा लौनी (त्याज्यं) त्याग करने योग्य है । (वा) अथवा (पिण्डशुद्धौ) आहारकी शुद्धिमें (यत्किंचित् ) जो किञ्चित् भी (विरुद्धं) विरुद्ध (अभिधीयते) कहा गया है (तत् ) वह (अपि) भी त्याग करने योग्य है ।

टीका : ‘च प्रभूत जीवानां योनिस्थानं नवनीतं त्याज्यम् वा पिण्डशुद्धौ यत्किंचिते विरुद्धं अभिधीयते तत् अपि त्याज्यं । ’ - तथा बहुत जीवोंकी उत्पत्तिका स्थान (दहीमेंसे निकली हुई - अग्नि पर बिना तपाई हुई - लौनी) जो मक्खन - ताजा मक्खन भी - त्याग करने योग्य है और आहारशुद्धिमें जो कुछ भी निषिद्ध है वह सभी छोड़ देना चाहिये ।

भावार्थ : आचारशास्त्रमें जो पदार्थ अभक्ष्य और निषिद्ध बताये हैं उन सबका त्याग करना चाहिये । जैसे कि चमड़ेमें रखा हुआ अथवा चमड़ेका स्पर्श किया हुआ जल, तेल, घी, हींग तथा नलका पानी इत्यादि सभी अशुद्ध है अतः नहीं खाना चाहिये । एक मुहूर्त्त अर्थात् ४८ मिनिटसे अधिक समयका रखा हुआ कच्चा दूध, एक दिन उपरान्तका दही, बाजारका आटा, अनजाना हुआ फल, बैंगन, सड़ा हुआ अनाज, बहुबीजवाली वस्तु - नहीं खाना । मर्यादा उपरान्तके समयका आटा खाना नहीं चाहिये । (अचार, मुरब्बा, घुना हुआ अन्न, दहीबड़ा, अत्यन्त तुच्छफल इत्यादि जो भी वस्तुयें शास्त्रमें निषिद्ध हैं उनका त्याग करना चाहिये । ) बत्तीस अंगुल लम्बा, चौबीस अंगुल चौड़ा मोटा स्वच्छ वस्त्र लेकर उसे दोहरा करके पानी छानना चाहिये और वही छना हुआ जल पीने तथा अन्य काममें प्रयोग करना चाहिये । उस छाने हुये कच्चे पानीकी मर्यादा ४८ मिनिटकी है । छाने हुए पानीमें यदि लौंग, इलायची, गोल मिरच इत्यादि कूटकर डाल दी जाय और वह इतनी मात्रा में डालीजाय कि पानीका रङ्ग और स्वाद बदल जाय तो उस जलकी मर्यादा दो पहर अर्थात् छह घण्टेकी है और जिस पानीको इतना उबाला जाय कि उसमें उछाला आने लगे उस औटाये हुए पानीकी मर्यादा २४ घण्टेकी है उसके पश्चात् वह भी किसी काममें नहीं लेना चाहिए । इसप्रकार पानीको उपयोगमें लेना चाहिए । तथा पानीका गालन भी, जिस कुएँ आदिसे पानी लाया गया हो, उसी कुएँ आदिमें डालना चाहिए - अन्यमें नहीं । (आटाकी मर्यादा शीतऋतुमें सात दिन, ग्रीष्ममें पाँचदिन तथा बरसातमें तीन दिनकी है तत्पश्चात् ग्रहण नहीं करना । ) इससे तरह श्रावकको अपनी भोग - उपभोगकी सामग्रीमें विवेक रखकर त्याग और ग्रहण करना चाहिये ।

विशेष कहते हैं :

अविरुद्धा अपि भोगा निजशक्तिमपेक्ष्य धीमता त्याज्याः ।
अत्याज्येष्वपि सीमा कार्यैकदिवानिशोपभोग्यतया ॥१६४॥

अन्वयार्थ : (धीमता) बुद्धिमान पुरुष (निजशक्ति) अपनी शक्ति (अपेक्ष्य) देखकर (अविरुद्धाः) अविरुद्ध (भोगाः) भोग (अपि) भी (त्याज्याः) छोड़ देवे और जो (अत्याज्येषु) उचित भोग-उपभोगका त्याग न हो सके तो उसमें (अपि) भी (एकदिवानिशोपभोग्यतया) एक दिवस-रातकी उपभोग्यतासे (सीमा) मर्यादा (कार्या) करनी चाहिये ।

टीका : ‘धीमता निजशक्तिं अपेक्ष्य अविरुद्धाः अपि भोगाः त्याज्याः तथा अत्याज्येषु अपि एक दिवानिशोपभोग्यतया सीमा कार्या । - अर्थ : बुद्धिमान श्रावक अपनी शक्तिका विचार करके, श्रावकके लिये खाने योग्य पदार्थ है उसे भी जितना बन सके उतना छोड़ देवे और जो सर्वथा न छोड़ सके तो उसमें भी एक दिन, एक रात, एक सप्ताह, एक पक्ष आदिकी मर्यादा करके क्रम-क्रमसे छोड़े (अर्थात् यह भोग मुझे इतने ही कालमें भोगना है, अन्य कालमें मेरे त्याग है ऐसी मर्यादा कर लेवे) ॥१६४॥

अब विशेष कहते हैं :

पुनरपि पूर्वकृतायां समीक्ष्य तात्कालिकीं निजां शक्तिम् ।
सीमन्यन्तरसीमा प्रतिदिवसं भवति कर्त्तव्या ॥१६५॥

अन्वयार्थ : (पूर्वकृतायां) पहले की हुई (सीमनि) मर्यादामें (पुनः) फिरसे (अपि) भी (तात्कालिकी) उस समयकी अर्थात् वर्तमान समयकी (निजां) अपनी (शक्तिम् ) शक्तिको (समीक्ष्य) विचार कर (प्रतिदिवसं) प्रत्येक दिन (अन्तरसीमा) मर्यादामें भी थोड़ी मर्यादा (कर्त्तव्या भवति) करना योग्य है ।

टीका : ‘पुनरपि पूर्वकृतायां सीमनि तात्कालिकी निजां शक्तिम् समीक्ष्य प्रतिदिवसं अन्तर सीमा कर्त्तव्या भवति । ’ - अर्थ : पहले जो एक दिन, एक सप्ताह इत्यादि क्रमसे त्याग किया था उसमें भी अपनी वर्तमान शक्ति देखकर घड़ी, घन्टा, पहर इत्यादिकी थोड़ी-थोड़ी मर्यादा करके जितना त्याग बन सके उतना त्याग करना । इस प्रकार अपने भोग-उपभोगकी सामग्रीके पदार्थोंकी संख्या तथा जितने कालकी मर्यादा कम कर सके उतनी अवश्य कम करना चाहिये । इसीमें आत्माका *कल्याण है ॥१६५॥

* यहाँ भूमिकानुसार ऐसा राग आता है उसका ज्ञान करानेके लिये उपदेशवचन है । आत्माका कल्याण तो अन्तरङ्गमें निजकारणपरमात्माके आश्रयसे होनेवाली शुद्धि=वीतराग भाव है । वहाँ अशुभसे बचनेके लिये जो शुभराग आता है उसे उपचारसे=व्यवहारसे भला कहनेकी रीति है ।

अब विशेष कहते हैं :

इति यः परिमितभोगैः सन्तुष्टस्त्यजति बहुतरान् भोगान् ।
बहुतरहिंसाविरहात्तस्याऽहिंसा विशिष्टा स्यात् ॥१६६॥

अन्वयार्थ : (यः) जो गृहस्थ (इति) इस प्रकार (परिमितभोगैः) मर्यादारूप भोगोंसे (सन्तुष्टः) सन्तुष्ट होकर (बहुतरान्) बहुतसे (भोगान्) भोगोंको (त्यजति) छोड़ देता है (तस्य) उसके (बहुतरहिंसाविरहात् ) अधिक हिंसाके त्यागसे (विशिष्टा अहिंसा) विशेष अहिंसाव्रत (स्यात् ) होता है ।

टीका : ‘यः इति परिमितभौगैः सन्तुष्टः बहुतरान् भोगान् त्यजति तस्य बहुतरहिंसाविरहात् विशिष्ट अहिंसा स्यात् । ’ - अर्थ : इस प्रकार जो श्रावक भोग - उपभोगके पदार्थोंसे सन्तुष्ट होता हुआ बहुतसे भोगोपभोगके पदार्थोंके छोड़ देता है उसके बहुत हिंसा न होनेसे विशेषरूपसे अहिंसाव्रत होता है ।

भावार्थ : जो श्रावक भोग-उपभोगके पदार्थोंको मर्यादापूर्वक त्याग करता ही रहता है उसके उतने ही अंशोंमें सन्तोष प्रगट होकर लोभादि कषायके त्यागरूप सम्यक् अहिंसा प्रगट होती है । उस भोग-उपभोगके निमित्तके अवलम्बन करनेसे हिंसारूप भाव होते थे उनका त्याग होनेसे भावहिंसा नहीं हुई और पर जीवोंकी हिंसा न होनेसे द्रव्यहिंसा नहीं हुई तथा उतने ही अंशोंमें लोभ कषायका त्याग हो जानेसे भावहिंसा भी नहीं हुई । इसलिये (अकषाय-ज्ञातास्वरूपमें सावधान ऐसे) त्यागी मनुष्यको अवश्य ही विशेष अहिंसा होती है । इस प्रकार भोगोपभोगपरिमाण नामक तीसरे शिक्षाव्रतका वर्णन किया ॥१६६॥

अब चौथा वैयावृत्त (अतिथि संविभाग) शिक्षाव्रतका वर्णन करते हैं :

विधिना दातृगुणवता द्रव्यविशेषस्य जातरूपाय ।
स्वपरानुग्रहहेतोः कर्त्तव्योऽवश्यमतिथये भागः ॥१६७॥

अन्वयार्थ : (दातृगुणवता) दातारके गुणोंसे युक्त गृहस्थके द्वारा (*जातरूपायअतिथये) दिगम्बर मुनिको (स्वपरानुग्रहहेतोः) अपने और परके अनुग्रहके लिये (द्रव्यविशेषस्य) विशेष द्रव्यका अर्थात् देने योग्य वस्तुका (भागः) भाग (विधिना) विधिपूर्वक (अवश्यम् ) अवश्य ही (कर्त्तव्यः) करना चाहिये ।

* जातरूपा=जन्मप्रमाण (निर्दोष) जैसे रूपमें था वैसा अर्थात् नग्न दिगम्बर, अथवा उत्तम गुणों सहित अतिथि । अतिथि=जिसके आगमनकी तिथिका नियम न हो ।

टीका : ‘विधिना दातृगुणवता द्रव्यविशेषस्य जातरूपाय अतिथये स्वपरानुग्रहहेतोः अवश्यं भागः कर्त्तव्यः । ’ - अर्थ : नवधाभक्तिपूर्वक तथा दातारके सप्तगुणोंसे संयुक्त श्रावक है उसको दान देने योग्य वस्तुओंका जो गुणवान पात्र है उनको अपने तथा परके उपकारके लिये अवश्य दान करना चाहिये ।

भावार्थ : श्रावक जो न्यायपूर्वक धन उपार्जन करते हैं उन्हें अपने धनमेंसे थोड़ा - बहुत धन चार प्रकारके संघके दान निमित्त अवश्य निकालना चाहिये और उसे उसका विधिपूर्वक दान देना चाहिये । ऐसा करनेसे उसके धनका सदुपयोग होग, कर्मोंकी निर्जरा होगी और चतुर्विध संघ अपने तपकी वृद्धि करेंगे ॥१६७॥

(आये हुए योग्य अभ्यागतको प्रतिदिन भोजनादिकका दान करके पश्चात् स्वयं भोजन करे ऐसा श्रावकोंका नित्यकर्म है, उसे अतिथिसंविभाग कहते हैं । उसमें जैसी विधि हो, जैसा दाता हो, जैसी वस्तुका दान करे तथा जैसा पात्र हो वैसा ही फल प्राप्त होता है । )

नवधा भक्तिके नाम

संग्रहमुच्चस्थानं पादोदकमर्चनं प्रणामं च ।
वाक्कायमनः शुद्धिरेषणशुद्धिश्च विधिमाहुः ॥१६८॥

अन्वयार्थ : (च) और (संग्रहम् ) प्रतिग्रहण (उच्चस्थानं) ऊँचा आसन देना (पादोदकं) चरण धोना (अर्चनं) पूजा करना (प्रणामं) नमस्कार करना (वाक्कायमनः शुद्धिः) मनशुद्धि, वचनशुद्धि और कायशुद्धि रखना (च) और (एषणशुद्धिः) भोजन शुद्धि - इस प्रकार आचार्योंने (विधिम् ) नवधाभक्तिरूप विधि (आहुः) कही है ।

टीका : ‘संग्रहम्, उच्चस्थानं पादोदकं, अर्चनं, प्रणामं, वाक्शुद्धिः, कायशुद्धिः, मनशुद्धिः, एषणशुद्धिः, इति विधिम् आहुः । ’ - १ - संग्रह अर्थात् पड़गाहन करना, मुनिराजको बड़े आदरपूर्वक भोजनके लिये विनती करते हुए अपने घरमें प्रवेश कराना, २ - उच्चस्थान अर्थात् घरमें ले जाकर उन्हें उच्च आसन पर बैठाना, ३ - पादोदक अर्थात् प्रासुक - निर्दोष जलसे चरण धोना, ४ - अर्चन अर्थात् उत्तम अष्टद्रव्यसे उनकी पूजा करना अथवा केवल अर्घ चढ़ा देना, ५ - प्रणाम अर्थात् पूजनके बाद नम्रीभूत होकर नमस्कार करना और तीन प्रदक्षिणा देना, ६ - वाक्शुद्धि अर्थात् विनयपूर्वक वचन बोलना, ७ - कायशुद्धि अर्थात् अपने हाथ और शरीर शुद्ध रखना तथा उनकी सेवा करना, ८ - मनशुद्धि अर्थात् मन शुद्ध करते हुए दान देनेमें भक्ति और सेवारूप परिणाम रखना-खोटा परिणाम न करना । ९ - एषणशुद्धि अर्थात् आहारकी शुद्धि रखना, आहारकी सभी वस्तुयें निर्दोष रखना । इस प्रकार नवधाभक्ति पूर्वक ही दान देनाका विधान कहा है अतः इसी तरह आहारदान देना चाहिये । यह नवधाभक्ति मुनिमहाराजके लिये ही है, अन्यके लिये तो योग्यतानुसार होनी चाहिये ।

(भावार्थ : जो उत्तम पात्र हैं अर्थात् मुनिराज हैं उन्हें इन नव प्रकारके विधानपूर्वक ही दान देना चाहिये । शेष जो मध्यम और जघन्य पात्र हैं उनके दानमें यथायोग्य हीनाधिक अपना तथा पात्रका गुण विचारकर विधान करना । और जो अपात्र हैं उनके लिये प्रतिग्रहादि विधान नहीं करना क्योंकि विषय - कषाय - संयुक्त अश्रद्धानी - पापी जीवोंका आदर - सत्कार करनेसे महापाप उत्पन्न होता है और उनके पापकी अनुमोदना आती है अतः अपात्रोंको भक्ति नहीं करना । यदि कोई अपात्र दीन - दुःख और पीड़ित दिखाई पड़े तो दया करके उसका दुःख निवारण कर देना परन्तु उसका (धर्मबुद्धिसे) आदर - सत्कार नहीं करना) ॥१६८॥

अब दातारके सात गुण बताते हैं :

ऐहिकफलानपेक्षा क्षान्तिर्निष्कपटतानसूयत्वम् ।
अविषादित्वमुदित्वे निरहङ्कारित्वमिति हि दातृगुणाः ॥१६९॥

अन्वयार्थ : (ऐहिकफलानपेक्षा) इस लोक सम्बन्धी फलकी इच्छा न रखना, (क्षान्ति) क्षमा अथवा सहनशीलता, (निष्कपटता) निष्कपटता, (अनसूयत्व) ईर्षारहित होना, (अविषादित्वमुदित्वे) अखिन्नभाव, हर्षभाव और (निरहङ्कारित्व) अभिमान रहित होना (इति) इस प्रकार यह सात (हि) निश्चयसे (दातृगुणाः) दातारके गुण हैं ।

टीका : ‘हि ऐहिकफलानपेक्षा, क्षान्तिः, निष्कपटता, अनसूयत्वं, अविषादित्वं, मुदित्वं, निरहङ्कारित्वम् इति सप्त दातृगुणाः सन्तिः । ’ - अर्थ : १ - ऐहिकफल अनपेक्षा - दान देकर इस लोक सम्बन्धी यश - सौभाग्य आदि अथवा अच्छे भोगोपभोगकी सामग्री मिलने आदिकी इच्छा न करे । २ - क्षान्ति - दान देते समय क्षमाभाव धारण करे । ३ - निष्कपटता - कपट न करना - बाहरमें भक्ति करे और अन्तरङ्गमें परिणाम खराब रखे ऐसा नहीं करना । ४ - अनसूयत्व - दूसरे दातारके प्रति ईर्षाभाव - दुर्भाव न रखना अर्थात् अपने घर मुनिराजका आहार न हो और दूसरेके घर हो जाय तो दूसरेके प्रति बुराभाव न करना । ५ - अविषादित्व - विषाद न करना अर्थात् हमारे यहाँ अच्छी वस्तु थी वह हमने उनको यों ही देदी, अथवा हमारे यहाँ अच्छी वस्तु थी वह हम नहीं दे सके, ऐसा खिन्न परिणाम न करे । ६ - मुदित्व - दान देकर हर्ष बहुत करे अर्थात् अत्यन्त आनन्दित होवे । ७ - निरहङ्कारित्व - अभिमान न करना अर्थात् हम बड़े दातार हैं ऐसा मनमें अभिमान न करना । इस प्रकार वह *सात गुण दातारके हैं वह प्रत्येक दातार में अवश्य होना चाहिये । इस भाँति नव प्रकारकी भक्तिपूर्वक तथा सात गुण - संयुक्त जो दातार दान देता है वह दान विशेष फल प्रदान करता है । यदि यह गुण दातारमें न हों तो वह दिया हुआ दान बहुत फल देनेवाला नहीं होता ॥१६९॥

* रत्नकरण्डश्रावकाचार गाथा १३३ में दाताके सात गुण इस भाँति हैं - १ - भक्तिधर्ममें तत्पर रहकर, पात्रोंके गुणोंके सेवनमें लीन रहकर पात्रको अंगीकार करे, प्रमादरहित, ज्ञानसहित, शान्तपरिणामी हुआ पात्रकी भक्तिमें प्रवर्त्ते । २ - तुष्टि - देनेमें अति आसक्त, पात्रलाभको परम निधानका लाभ माने । ३ - श्रद्धा ४ - विज्ञान ५ - अलोलुप ६ - सात्त्विक ७ - क्षमा ।

किन वस्तुओंका दान करना चाहिये यह अब बताते हैं :

रागद्वेषासंयममददुःखभयादिकं न यत्कुरुते ।
द्रव्यं तदेव देयं सुतपः स्वाध्याय वृद्धिकरम् ॥१७०॥

अन्वयार्थ : (यत् ) जो (द्रव्यं) द्रव्य (रागद्वेषासंयममददुःखभयादिकं) राग, द्वेष, असंयम, मद, दुःख, भय आदि (न कुरुते) नहीं करता हो और (सुतपः स्वाध्याय वृद्धिकरम् ) उत्तम तप तथा स्वाध्यायकी वृद्धि करनेवाला हो (तत् एव) वही (देयं) देने योग्य है ।

टीका : ‘यत् (वस्तु) रागद्वेष असंयम मद दुःख भयादिकं न कुरुते तत् एव सुतपः स्वाध्यायवृद्धिकरं द्रव्यं देय । ’ - अर्थ : जो वस्तु राग, द्वेष, असंयम, मद, दुःख और भयकी उत्पत्तिका कारण न हो तथा जो वस्तु तप व शास्त्रस्वाध्यायको बढ़ानेवाली हो उसीका ही दान करना चाहिये । जिस द्रव्यका दान देनेसे अपने कर्मोंकी निर्जरा हो और पात्र - जीवोंको तप, स्वाध्याय आदिकी वृद्धि हो ऐसे द्रव्यका ही दान श्रावकको देना चाहिये । किन्तु ऐसा गरिष्ठ भोजन आदि नहीं देना चाहिये जिससे आलस्य आदिकी वृद्धि हो । ऐसा उत्कृष्ट दान चार प्रकारका है । १ - आहारदान - क्षुधा निवारणके लिये तथा शरीरकी स्थिरताके लिये आहार देना प्रथम दान है । २ - औषधदान - रोगादिकी पीड़ा दूर करनेके लिये दवा देना द्वितीय दान है । ३ - ज्ञानदान - अज्ञानका नाश और ज्ञानका विकास करनेके लिये शास्त्र आदिका देना तृतीय ज्ञानदान है । ४ - अभयदान - भय निवारण करना तथा जंगलमें झोंपड़ी, वसतिका, धर्मशाला आदि बनवाना, अँधेरे मार्गमें प्रकाशकी व्यवस्था इत्यादि करवाना चतुर्थ दान है । (अथवा - भिक्षा, उपकरण, औषध, प्रतिश्रयके भेदसे चार प्रकारका दान है । भिक्षा अर्थात् आहार, उपकरण, अर्थात् धर्मके लिये उपकारी शास्त्रादि, औषध अर्थात् रोग मेटनेके लिये दवा, प्रतिश्रय अर्थात् वसतिका - इनका दान देना योग्य है । ) इस प्रकार आत्मकल्याणके निमित्त दान देना वही वास्तविक दान है परन्तु जिन वस्तुओंके दान देनेसे संसारके विषय आदि तथा रागद्वेषकी वृद्धि हो ऐसा दान नहीं देना चाहिये ।

भावार्थ : (जैसे पृथ्वी, मकान, घोड़ा, हाथी, गाय, सोना, चांदी, स्त्री, शस्त्र इत्यादि जो वस्तुयें रागादिभावकी उत्पन्न करनेवाली हों अथवा कामोद्दीपनादि विकार भावोंको उत्पन्न करनेवाली हों अथवा विषादिक वस्तुयें जो दुःख देनेवाली हों उनका दान नहीं देना चाहिये क्योंकि वह सब कुदान हैं । इनका दान देनेसे हलकी गतिके बन्धके अलावा और कुछ नहीं होता अतः ऐसा कुदान नहीं करना चाहिये) ॥१७०॥

अब पात्रोंका भेद बताते हैं

पात्रं त्रिभेदमुक्तं संयोगो मोक्षकारणगुणानाम् ।
अविरतसम्यग्दृष्टिः विरताविरतश्च सकलविरतश्च ॥१७१॥

अन्वयार्थ : (मोक्षकारणगुणानाम् ) मोक्षके कारणरूप गुणोंके अर्थात् सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्ररूप गुणोंके (संयोगः) संयोगवाला (पात्रं) पात्र (अविरतसम्यग्दृष्टिः) व्रतरहित सम्यग्दृष्टि (च) तथा (विरताविरतः) देशव्रती (च) और (सकलविरतः) महाव्रती (त्रिभेद) तीन भेदरूप (उक्तम् ) कहा गया है ।

टीका : ‘मोक्षकारणगुणानां संयोगः पात्रं त्रिभेदं उक्तम् सकलविरतः च विरताविरतः च अविरतसम्यग्दृष्टि च इति । ’ - अर्थ : मोक्षका कारण सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्रकी एकतारूप संयोग जिसमें पाया जाय वह पात्र कहलाता है । वह उत्तम, मध्यम और जघन्यके भेदसे तीन प्रकारके हैं ।

भावार्थ : सकलचारित्र और सम्यक्त्वसहित महामुनि उत्तम पात्र हैं, देशचारित्र और सम्यक्त्वसहित श्रावक मध्यम पात्र हैं और व्रतरहित सम्यक्त्वसहित श्रावक जघन्य पात्र हैं । जिस जीवको सम्यग्दर्शन प्राप्त हो चुका है वही पात्र कहे जाने योग्य है । सम्यग्दर्शनके अभावमें किसी प्रकारकी पात्रता नहीं हो सकती इसलिये द्रव्यलिंगी मुनि पात्र नहीं है अपितु उत्तम कुपात्र है, क्योंकि उसे सम्यग्दर्शन नहीं है । अब यहाँ विचारने की बात यह है कि पात्रका भेद व्यवहारसम्यग्दर्शनकी अपेक्षासे है अथवा निश्चयसम्यग्दर्शनकी अपेक्षासे ? यदि निश्चयसम्यग्दर्शनकी अपेक्षासे माना जाय तब तो उत्तम पात्रकी पहिचान करना साधारण जनकी बुद्धिके बाहरकी बात है, और यदि व्यवहारसम्यग्दर्शनकी अपेक्षासे माना जाय तो प्रथम गुणस्थानवाला जीव भी व्यवहारसम्यग्दृष्टि हो सकता है और वह उत्तम पात्रकी गणनामें आ सकता है । इसलिये द्रव्यलिंगी मुनि भी उत्तमपात्र हो सकता है और यही ठीक भी लगता है । कारण कि पात्रकी पहिचान करना श्रावकका कार्य है । श्रावक जिस बातकी जितनी परीक्षा कर सकता है उतनी ही करेगा, अतः द्रव्यलिंगीको भी (व्यवहार) पात्रता हो सकती है । इसलिये व्यवहारसम्यग्दर्शनसे पात्रोंकी परीक्षा करके उनको यथायोग्य विनय, आदरपूर्वक दान देना योग्य है (अर्थात् जो पात्र व्यवहार - रत्नत्रयसे संयुक्त हो उसे यथायोग्य विनयपूर्वक दान देना उचित है । ) इसके अतिरिक्त दुःखी जीवोंको करुणाभावसे दान देना चाहिये, भक्तिभावसे नहीं । (क्योंकि उन मिथ्यादृष्टि पापी जीवोंकी विनयसे विनयमिथ्यात्व होता है तथा उनके पापकी अनुमोदनासे स्वयं भी उनके समान पापी होता है । )

जो दुःखी नहीं हैं, अपनी आजीविका करनेमें समर्थ हैं, व्यसनी व्यभिचारी हैं उन्हें दान नहीं देना चाहिये । उनको दान देनेसे अनेक पाप उत्पन्न होते हैं अतः उन्हें दान कदापि न देवे । उत्तम पात्रको दान देनेसे उत्तम भोगभूमि, मध्यमपात्रको दान देनेसे मध्यम भोगभूमि और जघन्यपात्रको दान देनेसे जघन्य भोगभूमि तथा कुपात्रको दान देनेसे कुभोगभूमि मिलती है । और अपात्रको दान देनेसे नरकादि गतिकी प्राप्ति होती है ।

जैसा कि रयणसारमें कहा है कि :

‘‘सप्पुरिसाणं दाणं कप्पतरूणं फलाण सोहं वा ।
लोहीणं दाणं जई विमाण सोहा सव्वस्स जाणेहं ॥२६॥ ’’

अर्थ : सत्पुरुषोंको दान देना तो कल्पवृक्षकी तरह शोभायमान है अर्थात् शोभा भी होती है और मनवांछित फलकी प्राप्ति भी होती है । तथा लोभी, पापी पुरुषोंको दान देना मुर्देके विमानकी तरह शोभा है अर्थात् शोभा तो होती है परन्तु दुःख भी होता है । जैसे मुर्देकी ठठरीका विमान बनाकर उसे सजाकर निकालनेसे लोकमें कीर्ति और शोभा तो होती है परन्तु घरके धनी (स्वामी) को दुःखदायक होता है, इसी प्रकार लोभी, अपात्रको दान देनेसे लोकमें यश तो होता है परन्तु दातारको महान पाप उत्पन्न होता है और उसका फल बुरा मिलता है, अच्छा नहीं मिलता । ऐसा जानकर पात्र - अपात्रका विचार करके ही दान देना योग्य है ॥१७१॥

दान देनेसे हिंसाका त्याग होता है :

हिंसायाः पर्यायो लोभोऽत्र निरस्यते यतो दाने ।
तस्मादतिथिवितरणं हिंसाव्युपरमणमेवेष्टम् ॥१७२॥

अन्वयार्थ : (यतः) कारण कि (अत्र दाने) यहाँ दानमें (हिंसायाः) हिंसाकी (पर्यायः) पर्याय (लोभः) लोभका (निरस्यते) नाश करनेमें आता है, (तस्मात् ) इसलिये (अतिथिवितरणं) अतिथिदानको (हिंसाव्युपरमणमेव) हिंसाका त्याग ही (इष्टम् ) कहा है ।

टीका : ‘यतः अत्र दाने हिंसायाः पर्यायः लोभः निरस्यते तस्मात् अतिथि वितरणं हिंसाव्युपरमणं एव इष्टम । ’ - अर्थ : इस दानमें हिंसाका एक भेद जो लोभ है उसका त्याग होता है, क्योंकि लोभ छूटने पर अपन वस्तु दी जाती है इसलिये अतिथि पात्रको दान देना हिंसाका ही त्याग है ।

भावार्थ : वास्तवमें जब अपने अंतरंग कषाय जो लोभ है उसका त्याग होनेपर ही अपने परिणाम बाह्य वस्तुको वितरण करनेके होते हैं, इसलिये लोभ - कषायका त्याग ही वास्तविक दान है और वह लोभ - कषाय भावहिंसाका एक भेद है, इसलिये जो सत्पुरुष दान करते हैं वे ही वास्तवमें अहिंसाव्रतका पालन करते हैं ॥१७२॥

गृहमागताय गुणिने मधुकरवृत्या परानपीडयते ।
वितरति यो नातिथये स कथं न हि लोभवान् भवति ॥१७३॥

अन्वयार्थ : (यः) जो गृहस्थ (गृहमागताय) घर पर आये हुए (गुणिने) संयमादि गुणोंसे युक्त और (मधुकरवृत्या) भ्रमर समान वृत्तिसे (परान् ) दूसरोंको (अपीडयते) पीड़ा न देनेवाले (अतिथये) अतिथि साधुको (न वितरति) भोजनादि नहीं देता, (सः) वह (लोभवान्) लोभी (कथं) कैसे (न हि भवति) न हो ?

टीका : ‘यः गृहमागताय गुणिने परान् अपीडयते अतिथये न वितरति सः लोभवान् कथं न भवति । ’ - अर्थ : अपने आप स्वयमेव घर पर आये हुए तथा रत्नत्रयादि गुण सहित और भ्रमर जैसी वृत्तिसे दाताको कष्ट न पहुँचानेवाले अतिथि मुनिमहाराज इत्यादि हैं, उनको जो गृहस्थ - श्रावक दान नहीं देता वह लोभ - हिंसा संयुक्त कैसे न हो ? अवश्य होगा ही । (क्योंकि अन्तरङ्ग महाकृपण बुद्धिके कारण ही तीव्र लोभ पाया जाता है इसीलिये अतिथिको दान देनेके भाव नहीं होते । )

भावार्थ : जिस प्रकार भौंरा सभी फलोंकी वास लेता है परन्तु किसी भी फूलको पीड़ा नहीं पहुँचाता उसी प्रकार मुनिमहाराज आदि अतिथि भी किसी भी श्रावक गृहस्थको किसी भी प्रकारकी बाधा - पीड़ा न पहुँचाते हुए आहारादिक ले लेते हैं, उनसे यह नहीं कहते कि तुम मेरे लिये भोजन बनाओ अथवा भोजन दो । परन्तु श्रावक जब स्वयं आदर - भक्तिपूर्वक बुलाता है तब वह थोड़ासा रूखा - सूखा शुद्ध प्रासुक जो भी आहार मिल जाय वह ग्रहण कर लेते हैं । इसलिये जो श्रावक ऐसे महा - संतोषी व्रतियोंको भी दान नहीं देता वह अवश्य हिंसाका भागीदार होता है और उसके अतिथिसंविभागव्रत कदापि नहीं होता ॥१७३॥

कृतमात्मार्थं मुनये ददाति भक्तमिति भावितस्त्यागः ।
अरतिविषादविमुक्तः शिथिलितलोभो भवत्यहिंसैव ॥१७४॥

अन्वयार्थ : (आत्मार्थं) अपने लिये (कृतम् ) बनाया हुआ (भक्तम् ) भोजन (मुनये) मुनिको (ददाति) देवे (इति) इस प्रकार (भावितः) भावपूर्वक (अरतिविषादविमुक्तः) अप्रेम और विषादरहित तथा (शिथिलितलोभः) लोभको शिथिल करनेवाला (त्यागः) दान (अहिंसा एव) अहिंसा स्वरूप ही (भवति) है ।

टीका : ‘आत्मार्थं कृतं भक्तम् मुनये ददाति इति भावितः त्यागः अरतिविषादविमुक्तः शिथिलितलोभः अहिंसैव भवति । ’ - अर्थ : जो श्रावक अपने लिये बनाया हुआ भोजन वह मैं ‘मुनि महाराजको देता हूँ’ इस प्रकार त्यागभावको अंगीकार करके, दान देनेमें अरति - पश्चात्ताप, विषाद आदि दोषोंका त्याग करके जिसका लोभ शिथिल हुआ है ऐसे श्रावकके अवश्य अहिंसा होती है ।

भावार्थ : इस अतिथिसंविभाग - वैयावृत्त शिक्षाव्रतमें द्रव्य - अहिंसा तो प्रगट ही है क्योंकि दान देनेसे परजीवकी क्षुधा - तृषाकी पीड़ा मिटकर दुःख दूर होता है तथा दातार लोभकषायका त्याग करता है इसलिये भाव - अहिंसा भी होती है अर्थात् दान देनेवाला पूर्ण अहिंसाव्रतका पालन करता है । इस प्रकार सात शीलव्रतोंका वर्णन पूरा हुआ ॥१७४॥

(यहाँ तक श्रावकके बारह व्रतोंका वर्णन पूरा हुआ । )

सल्लेखनाधर्म व्याख्यान

इस प्रकार सम्यक्त्वसहित पाँच अणुव्रतोंको धारण करके सात शीलव्रतोंका पालन करके अन्तमें सल्लेखना अंगीकार करना चाहिये ।

इयमेकैव समर्था धर्मस्वं मे मया समं नेतुम् ।
सततमिति भावनीया पश्चिमसल्लेखना भक्त्या ॥१७५॥

अन्वयार्थ : (इयम् ) यह (एका) एक (पश्चिमसल्लेखना एव) मरणके अन्तमें होनेवाली सल्लेखना ही (मे) मेरे (धर्मत्वं) धर्मरूपी धनको (मया) मेरे (समं) साथ (नेतुम् ) ले जानेमें (समर्था) समर्थ है (इति) इस प्रकार (भक्त्या) भक्ति सहित (सततम् ) निरन्तर (भावनीया) भावना करनी चाहिये ।

टीका : ‘इयम् एकैव मे धर्मस्वं मया समं नेतुम् समर्था इति इतौः पश्चिमसल्लेखना भक्त्या सततं भावनीया । ’ - अर्थ : यह मात्र अकेली सल्लेखना ही मेरे धर्मको मेरे साथ ले जानेमें समर्थ है इसलिये हर एक मनुष्यको इस अन्तिम सल्लेखना अथवा समाधिमरणकी भक्तिपूर्वक सदा भावना करना चाहिये ।

भावार्थ : संसारके कारण मिथ्यात्व तथा क्रोधादि कषाय हैं और उन्हींके निमित्तकारण आहार आदि परिग्रहमें इच्छा है । (स्वसन्मुखताके बलके द्वारा) इन सभीका घटाना ही सल्लेखना कहलाता है । यह सल्लेखना भी दो प्रकार की है । एक क्रम - क्रमसे त्याग करना और दूसरी सर्वथा त्याग करना (अर्थात् अनुक्रमसे आहारका कम करना अथवा सर्वथा त्याग करना काय - सल्लेखना है तथा क्रोधादि कषायका घटाना अथवा त्याग करना कषाय - सल्लेखना है । ) अतः विचार करके श्रावकको अपने मरणके अन्त समय अवश्य ही सल्लेखना करनी चाहिये । मैंने जीवनपर्यन्त जो पुण्यरूप कार्य किया है तथा धर्मका पालन किया है उस धर्मरूपी धनको मेरे साथ ले चलनेको यह एक सल्लेखना ही समर्थ है । (अब यदि मरण समय संन्यास धारण करेंगे तो सर्व धर्म परलोकमें मेरे साथ जायगा और जो यहाँ परिणाम भ्रष्ट हो गये तो दुर्गतिमें गमन होगा, इसलिये ऐसी भावना पूर्वक श्रावकको अवश्य ही समाधिमरण करना योग्य है ॥१७५॥

मरणान्तेऽवश्यमहं विधिना सल्लेखनां करिष्यामि ।
इति भावनापरिणतोऽनागतमपि पालयेदिदं शीलम् ॥१७६॥

अन्वयार्थ : (अहं) मैं (मरणान्ते) मरणके समय (अवश्यं) अवश्य (विधिना) शास्त्रोक्त विधिसे (सल्लेखनां) समाधिमरण (करिष्यामि) करूँगा (इति) इस प्रकार (भावना परिणतः) भावनारूप परिणति करके (अनागतमपि) मरणकाल आनेसे पहले ही (इदं) यह (शीलम् ) सल्लेखनाव्रत (पालयेत् ) पालना अर्थात् अंगीकार करना चाहिये ।

टीका : ‘अहं मरणान्ते अवश्यं विधिना सल्लेखनां करिष्यामि - इति भावना परिणतः अनागतं अपि शीलं पालयेत । ’ - अर्थ : मैं मरण समय अवश्य ही विधिपूर्वक समाधिमरण करूँगा - ऐसी भावना सहित श्रावक, जो प्राप्त नहीं हुआ है ऐसे शील (स्वभाव)को प्राप्त कर लेता है । (सल्लेखना कहो या सन्यास कहो उसका धारण तो मरणान्तमें होगा अर्थात् समय - समय इस जीवकी आयु घटानेकी अपेक्षा प्रति समय मरण हो रहा है और उसके अन्तमें संन्यास धारण किया जायेगा परन्तु पहलेसे ही ऐसी प्रतिज्ञा करना कि मैं मरणकालमें संन्यास धारण करूँगा ही - अतः इस प्रतिज्ञाकी अपेक्षा यह शील पहले ही पालन करनेमें आ जाता है । )

*सत्=सम्यक्प्रकारसे, लेखना=कषायको क्षीण - कृश करनेको सल्लेखना कहते हैं । उसके अभ्यन्तर और बाह्य दो भेद हैं । कायके कृश करनेको बाह्य और अन्तरङ्ग क्रोधादि कषायोंके कृश करनेको अभ्यन्तर सल्लेखना कहते हैं ।

भावार्थ : श्रावकको इस बातका विचार सदैव कहना चाहिये कि मैं अपने मरण समय अवश्य सल्लेखना धारण करूँगा । कारण कि मरण समय प्रायः मनुष्योंके परिणाम बहुत दुःखी हो जाते हैं तथा कुटुम्बीजनों व धनादिसे ममत्वभाव नहीं छूटता । जिसका ममत्वभाव छूट जाता है उसीके सल्लेखना होती है । ममत्वभाव छूटनेसे पापका बन्ध न होनेके कारण नरकादि गतिका बन्ध भी नहीं होता, इसलिये मरण समय अवश्य ही सल्लेखना करनेके परिणाम रखना चाहिये ॥१७६॥

सल्लेखना आत्मघात नहीं है

मरणेऽवश्यं भाविनि कषायसल्लेखनातनूकरणमात्रे ।
रागादिमन्तरेण व्याप्रियमाणस्य नात्मघातोऽस्ति ॥१७७॥

अन्वयार्थ : (अवश्यं) अवश्य (भाविनि) होनेवाले (मरणे ‘सति’) मरण होने पर (कषायसल्लेखनातनूकरणमात्रे) कषाय सल्लेखनाके कृश करने मात्रके व्यापारमें (व्याप्रिय माणस्य) प्रवर्त्तमान पुरुषको (रागादिमन्तरेण) रागादिभावोंके अभावमें (आत्मघातः) आत्मघात (नास्ति) नहीं है ।

टीका : ‘अवश्यं भाविनि मरणे कषायसल्लेखनातनूकरणमात्रे रागादिमन्तरेण व्याप्रियमाणस्य आत्मघातः न अस्ति । ’ - अर्थ : अवश्यंभावी जो मरण है तब कषायका त्याग करते हुये, राग - द्वेष बिना ही प्राणत्याग करनेवाला जो मनुष्य है उसको आत्मघात नहीं हो सकता ।

भावार्थ : यहाँ कोई कहेगा कि सन्यासमें तो आपघातकादोष आता है ? उसका समाधान - सल्लेखना करनेवाला पुरुष जिस समय अपने मरणको अवश्यम्भावी जानता है तब संन्यास अंगीकार करके कषायको घटाता और रागादिको मिटाता है इसलिये आपघातका दोष नहीं है । उसकी ऐसी इच्छा नहीं है कि मैं जबर्दस्तीसे मरण करूँ अपितु उसका अभिप्राय ऐसा है कि जब बलात्-रूपसे मरण होने ही लगे तब मेरे परिणाम शुद्ध रहें और मैं सांसारिक विषय - भोगोंसे ममत्व त्याग दूँ । उसके मरणमें यदि राग - द्वेष हो तो आत्मघात होता है, किन्तु जो मनुष्य राग - द्वेषका त्याग कर रहा है उसे आत्मघात हो सकता नहीं ॥१७७॥

आत्मघाती कौन है वह अब बताते हैं :

यो हि कषायाविष्टः कुम्भकजलधूमकेतुविषशस्त्रैः ।
व्यपरोपयति प्राणान् तस्य स्यात्सत्यमात्मवधः ॥१७८॥

अन्वयार्थ : (हि) निश्चयसे (कषायाविष्टः) क्रोधादि कषायोंसे घिरा हुआ (यः) जो पुरुष (कुम्भकजलधूमकेतुविषशस्त्रैः) श्वासनिरोध, जल, अग्नि, विष, शस्त्रादिसे अपने (प्राणान्) प्राणोंको (व्यपरोपयति) पृथक् करता है (तस्य) उसे (आत्मविधः) आत्मघात (सत्यम् ) वास्तवमें (स्यात् ) होता है ।

टीका : ‘हि यः (श्रावकः) कषायाविष्टः (सन्) कुम्भकजल - धूमकेतु - विष - शस्त्रैः प्राणान् व्यपरोपयति तस्य आत्मवधः सत्यम् स्यात् । ’ - अर्थ : जो जीव क्रोधादि कषाय संयुक्त होकर श्वास निरोध करके अर्थात् फांसी लगाकर, जलमें डूबकर, अग्निमें जलकर, विष - भक्षण कर, या शस्त्रादिके द्वारा अपने प्राणोंका वियोग करता है उसको सदाकाल आपघातका दोष लगता है ।

भावार्थ : जो जीव क्रोध - मान - माया - लोभादि कषायोंकी तीव्रतासे (अथवा इष्टवियोगके खेदसे या आगामी निदानके वश होकर) अपने प्राणोंका घात करता है उसको ही आत्मघातका दोष लगता है । विशेष : सल्लेखनाधर्म (समाधिमरण विधि) मुनि और गृहस्थ दोनोंके लिये हैं, सल्लेखना अथवा संन्यासमरणका एक ही अर्थ है, अतः बारह व्रतोंके बाद सल्लेखनाका वर्णन किया है । इस सल्लेखनाव्रतकी उत्कृष्ट मर्यादा बारह वर्ष तककी है - ऐसा श्री वीरनन्दी आचार्यकृत यत्नाचार नामक ग्रन्थमें कहा है । जब शरीर किसी असाध्य रोगसे अथवा वृद्धावस्थासे असमर्थ हो जाय, देव - मनुष्यादिकृत कोई दुर्निवार उपसर्ग आ पड़े, कोई महा दुष्कालसे धान्यादि भोज्य पदार्थ दुष्प्राप्य हो जायें अथवा धर्मका नाश करनेवाला कोई विशेष कारण उपस्थित हो जाय तब अपने शरीरको पके हुए पानके समान अथवा तेलरहित दीपकके समान स्वयमेव विनाशके सन्मुख हुआ जानकर संन्यास धारण करे । यदि मरणमें किसी प्रकारका सन्देह हो तो मर्यादापूर्वक ऐसी प्रतिज्ञा करे, कि जो इस उपसर्गमें मेरा आयु पूर्ण हो गया तो (मृत्यु हो गई तो) मेरे आहारादिका सर्वथा त्याग है और यदि कदाचित् जीवन शेष रहेगा तो आहारादिकको ग्रहण करूँगा । यह सन्यास ग्रहण करनेका क्रम है ।

रोगादिक होने पर यथाशक्ति औषध करे परन्तु जब रोग असाध्य हो जाय, किसी प्रकार भी उपचारसे लाभ न हो तो ऐसी दशामें यह शरीर, दुष्ट समान सर्वथा त्याग करने योग्य कहा है, और इच्छित फल दाता धर्म विशेषतासे पालन करने योग्य कहा है । शरीर तो मरनेके बाद दूसरा भी मिलेगा परन्तु धर्मपालन करनेकी योग्यता प्राप्त करना अतिशय दुर्लभ है । इस कारण विधिपूर्वक शरीरके त्यागमें शोकाकुल - दुःखी न होकर संयमपूर्वक मन - वचन - कायका उपयोग आत्मामें केन्द्रित करना चाहिये और ‘जन्म, जरा तथा मृत्यु शरीर सम्बन्धित है, मुझे नहीं है’ - ऐसा चिन्तवन करके निर्ममत्वी होकर, विधिपूर्वक आहार घटाकर, अपने त्रिकाली अकषाय ज्ञातामात्र स्वरूपके लक्ष्यसे काय कृश करना चाहिये और शास्त्रामृतके पानसे तथा स्वसन्मुखता द्वारा कषायोंको कृश करना चाहिये, पश्चात् चार *प्रकारके संघकी साक्षीसे समाधिमरणमें सावधान - उद्यमवन्त होना चाहिये ।

*चार प्रकारका संघ=मुनि अर्जिका, श्रावक, श्राविका ।

अन्तकी आराधनासे चिरकालकी की हुई सम्यक् व्रत - नियमरूप धर्म - आराधना सफल हो जाती है, क्योंकि उससे क्षणमात्रमें दीर्घकालसे संचित पापका नाश हो जाता है । और यदि अन्त मरण बिगड़ जाय अर्थात् असंयमपूर्वक या शरीरमें एकताबुद्धिपूर्वक मृत्यु हो जाय तो जीवनभरकी की हुई धर्माराधना निष्फल हो जाती है ।

यहाँ कोई प्रश्न करता है कि - “यदि अन्त समय समाधिमरण कर लेनेसे ही क्षणमात्रमें पूर्वसंचित पापोंका नाश हो जाता है तो फिर युवावस्थामें धर्म करनेकी क्या आवश्यकता है ? अन्त समय संन्यास धारण कर लेनेसे ही सब मनोरथ सिद्ध हो जायेंगे” तो उसका समाधान - जो जीव अपनी पूर्वावस्थामें धर्मसे विमुख रहे हैं अर्थात् जिन्होंने तत्त्वज्ञानपूर्वक व्रत - नियम आदि धर्माराधना नहीं की है वे जीव अन्तकालमें धर्मसन्मुख अर्थात् संन्यासयुक्त कभी नहीं हो सकते । क्योंकि - चन्द्रप्रभचरित्र प्रथम सर्गमें कहा है कि - ‘चिरन्तनाभ्यासनिबन्धनेरितागुणेषु दोषेषु च जायते मतिः’ अर्थात् चिरकालके अभ्याससे प्रेरित करनेमें आई हुई बुद्धि गुण अथवा दोषोंमें जाती है । जो वस्त्र पहलेसे ही उज्जवल हो तो उसके पर मनपसन्द रङ्ग चढ़ सकता है, किन्तु यदि वस्त्र पहलेसे ही मैला हो तो उसके ऊपर कभी भी रङ्ग नहीं चढ़ सकता । इसलिये समाधिमरण वही धारण कर सकता है जो प्रथम अवस्थासे ही धर्मकी आराधनामें बराबर सावधान रहा हो । हाँ किसी स्थान पर कभी ऐसा भी देखनेमें आता है कि जिसने आजीवन धर्मसेवनमें चित्त नहीं लगाया हो वह भी अपूर्व विवेकका बल प्राप्त करके समाधिमरण अर्थात् संन्यासपूर्वक मरण करके स्वर्गादिक सुखोंको प्राप्त हो गया, परन्तु वह तो काकतालीय न्यायवत् अति कठिन है । (ताड़वृक्षसे फल टूटकर उड़ते हुए कौवेके मुखमें प्राप्त हो जाना जितना कठिन है उतना ही संस्कारहीन जीवनसे समाधिमरण पाना कठिन है । ) इसलिये सर्वज्ञ वीतरागके वचनोंमें जिसे श्रद्धा है उसे उपरोक्त शंकाको अपने चित्तमें कदापि स्थान नहीं देना चाहिये ।

समाधिमरणके इच्छुक पुरुष जहाँ तक बन सके वहाँ तक जिनेश्वर भगवानकी जन्मादि तीर्थभूमियोंका आश्रय ग्रहण करें, जो ऐसा न बन सके तो मन्दिर अथवा संयमीजनोंके आश्रयमें रहें । संन्यासार्थी तीर्थक्षेत्रको जाते समय सभीसे क्षमा याचना करें तथा स्वयं भी मन - वचन - कायपूर्वक सबको क्षमा करें । अन्त समयमें क्षमा करने वाला संसारका पारगामी होता है और वैर - विरोध रखनेवाला अर्थात् क्षमा न रखनेवाला अनन्त संसारी होता है । संन्यासार्थीको पुत्र, स्त्री एवं कुटुम्बीजनोंसे तथा सांसारिक सर्व सम्पदासे सर्वथा मोह छोड़कर (निर्मोही निज आत्माका भजन करना चाहिये । ) उत्तम साधक धर्मात्माओंकी सहायता लेनी चाहिये क्योंकि साधर्मी तथा आचार्योंकी सहायतासे अशुभकर्म यथेष्ट बाधाका कारण नहीं बन पाता । व्रतके अतिचारोंको साधर्मियों अथवा आचार्यके सन्मुख प्रगट करके निःशल्य होकर प्रतिक्रमण - प्रायश्चित आदि शास्त्रमें वर्णित विधियोंसे शोधन करना चाहिये ।

निर्मलभावरूपी अमृतसे सिंचित समाधिमरणके लिये पूर्व अथवा उत्तर दिशाकी तरफ मस्तक रखे । यदि श्रावक महाव्रतकी याचना करे, तो निर्णायक आचार्यको उचित है कि उसे महाव्रत देवे, महाव्रत ग्रहणमें नग्न होना चाहिये । अर्जिकाको भी अन्तकाल उपस्थित होनेपर एकान्त स्थानमें वस्त्रोंका त्याग करना उचित कहा गया है । संन्यास लेनेके समय (-समाधिमरणके पूर्वकी विधिके समय) अनेक प्रकारके योग्य आहार दिखाकर भोजन करावे । अथवा यदि उसे अज्ञानतावश भोजनमें आसक्त समझे, तो परमार्थके ज्ञाता आचार्य उसे उत्तम प्रभावशाली व्याख्यान द्वारा ऐसे समझावें -

हे जितेन्द्रिय, तूं भोजन - शयनादिरूप कल्पित पुद्गलोंको अब भी उपकारी समझता है । और ऐसा मानता है कि इनमेंसे कोई पुद्गल ऐसा भी है कि जो मैंने कभी भोगा नहीं है । यह तो महान आश्चर्यकी बात है ! भला, विचार तो कर कि यह मूर्तिक पुद्गल तेरे अरूपीमें क्या किसी प्रकार मिल सकता है ? मात्र इन्द्रियोंके ग्रहण पूर्वक उसका अनुभव करके तूने ऐसा मान लिया है कि मैं ही उसका भोग करता हूँ । तो हे दूरदर्शी ! अब ऐसी भ्रान्तबुद्धिको सर्वथा छोड़ दे और निर्मलज्ञानानन्दमय आत्मतत्त्वमें लवलीन हो । यह वही समय है कि जिसमें ज्ञानी जीव शुद्धतामें सावधान रहता है और भेदज्ञानके बलसे चिन्तवन करता है कि ‘मैं अन्य हूँ और यह पुद्गल देहादि मेरेसे सर्वथा भिन्न जुदे ही पदार्थ हैं । ’ इसलिये हे महाशय ! पर द्रव्योंसे तुरन्त ही मोह त्याग और अपने आत्मामें निश्चल - स्थिर रहनेका प्रयत्न कर । यदि किसी पुद्गलमें आसक्त रहकर मरण पायेगा तो याद रख कि तुझे हलका - तुच्छ जन्तु होकर, इन पुद्गलोंका भक्षण अनन्तबार करना पड़ेगा । इस भोजनसे तू शरीरका उपकार करना चाहता है जो किसी प्रकार भी उचित नहीं है । क्योंकि शरीर इतना कृतघ्नी है कि वह किसीके किए हुए उपकारको नहीं मानता, इसलिये भोजनकी इच्छा छोड़कर, केवल आत्महितमें चित्त लगाना ही बुद्धिमत्ता है ।

इस प्रकार हितोपदेशरूपी अमृतधारा वर्षाकर अन्नकी तृष्णा दूर कराकर कवलाहार छुड़ावे तथा दूध आदि पेय पदार्थों पर रखे, पश्चात् क्रम - क्रमसे उसका भी त्याग करवाकर उष्ण जल लेने मात्रका नियम करावे । यदि ग्रीष्मकाल, मारवाड़ जैसा उष्णप्रदेश तथा पित्त - प्रकृतिके कारण तृषाकी पीड़ा सहन करनेमें असमर्थ हो तो मात्र शीतल जल लेनेका नियम रखे, और शिक्षा दे कि हे आराधक ! हे आर्य ! परमागममें प्रशंसनीय मारणान्तिक सल्लेखना अत्यन्त दुर्लभ बताई है, इसलिये तुझे विचारपूर्वक अतिचार आदि दोषोंसे उसकी रक्षा करनी चाहिये ।

पश्चात् अशक्तिकी वृद्धि देखकर, मरणकाल सन्निकट है ऐसा निर्णय होने पर आचार्य समस्त संघकी अनुमतिसे संन्यासमें निश्चलताके लिये पानीका भी त्याग करावे । इस प्रकार अनुक्रमसे चारों प्रकारके आहारका त्याग होने पर समस्त संघकी क्षमा करावे और निर्विघ्न समाधिकी सिद्धिके लिये कायोत्सर्ग करे । उसके बाद वचनामृतका सिंचन करे अर्थात् संसारमें वैराग्य उत्पन्न करनेवाले कारणोंका उक्त आराधकके कानमें, मन्द - मन्द वाणीसे जप करे । श्रेणिक, वारिषेण, सुभगादिके दृष्टान्त सुनावे और व्यवहार - आराधनामें स्थिर होकर, निश्चय-आराधनाकी तत्परताके लिये इस तरह उपदेश करे कि -

हे आराधक ! श्रुतस्कन्धका ‘एगो मे सासदा आदा’ इत्यादि वाक्य ‘णमो अरहन्ताणं’ इत्यादि पर और अर्हं इत्यादि अक्षर - इनमेंसे जो तुझे रुचिकर लगे, उसका आश्रय करके अपने चित्तको उसमें तन्मय कर ! हे आर्य ! ‘मैं एक शाश्वत आत्मा हूँ’ यह श्रुतज्ञानसे अपनी आत्माका निश्चय कर ! स्वसंवेदनसे आत्माकी भावना कर ! समस्त चिन्ताओंसे पृथक् होकर प्राण विसर्जन कर ! और यदि तेरा चित्त किसी क्षुधा परीषहसे अथवा किसी उपसर्गसे विक्षिप्त (व्यग्र) हो गया हो तो नरकादि वेदनाओंका स्मरण करके ज्ञानामृतरूप सरोवरमें प्रवेश कर । क्योंकि अज्ञानी जीव शरीरमें आत्मबुद्धि अर्थात् ‘मैं दुःखी हूँ, मैं सुखी हूँ’ ऐसा संकल्प करके दुःखी हुआ करता है परन्तु भेदविज्ञानी जीव आत्मा और देहको भिन्न - भिन्न मानकर देहके कारण सुखी - दुःखी नहीं होता, किन्तु विचार करता है कि मेरा मरण ही नहीं है तो फिर भय किसका ? मुझे रोग ही नहीं है तो फिर वेदना कैसी ? मैं बालक, वृद्ध या तरुण नहीं हूँ तो फिर मनोवेदना कैसी ? हे महाभाग्य ! इस तुच्छसे शारीरिक दुःखसे कायर होकर प्रतिज्ञासे किंचित् मात्र भी च्युत मत होना, दृढ़चित्त होकर परम निर्जराकी अभिलाष करना । जबतक तू आत्मचिन्तन करता हुआ संन्यास ग्रहण करके समाधिमरणकी आराधनामें बैठा है, तबतक प्रतिक्षण तेरे प्रचुर कर्मोंका विनाश हो रहा है ! क्या तू धीरवीर पाण्डवोंका चरित्र भूल गया है ? जिन्हें लोहेके आभूषण अग्निसे तपाकर शत्रुओंने पहनाये थे तो भी तपस्यासे किंचित् मात्र च्युत न होकर आत्मध्यानसे मोक्ष प्राप्त किया ! क्या तूने महा सुकुमार सुकुमालकुमारका चरित्र नहीं सुना है ? जिनका शरीर स्यालनीने थोड़ा - थोड़ा खा - खा करके अतिशय कष्ट देनेके लिये कई दिन (तीन दिन) तक भक्षण किया था, परन्तु किंचित् मार्गच्युत न होकर जिन्होंने सर्वार्थसिद्धि स्वर्ग प्राप्त किया था । ऐसे असंख्य उदाहरण शास्त्रोंमें हैं जहाँ दुस्सह उपसर्ग सहन करके अनेक साधुओंने सर्वार्थसिद्धि की है । क्या तेरा यह कर्त्तव्य नहीं है कि उनका अनुकरण करके जीवन - धनादिकमें निर्वांछक होकर, अन्तरङ्ग - बहिरङ्ग परिग्रहके त्यागपूर्वक साम्यभावसे निरुपाधिमें स्थिर होकर आनन्दामृतका पान करे ! इस तरह उपरोक्त उपदेशसे सम्यक् प्रकार कषायको कृश करके - कम करके रत्नत्रयकी भावनारूप परिणमनसे पंच नमस्कार - मंत्र स्मरणपूर्वक समाधिमरण करना चाहिये । यह समाधिमरणकी संक्षिप्त विधि है ।

सल्लेखना भी अहिंसा है

नीयन्तेऽत्र कषाया हिंसाया हेतवो यतस्तनुताम् ।
सल्लेखनामपि ततः प्राहुरहिंसाप्रसिद्ध्यर्थम् ॥१७९॥

अन्वयार्थ : (यतः) कारण कि (अत्र) इस संन्यास मरणमें (हिंसाया) हिंसाके (हेतवः) हेतुभूत (कषायाः) कषाय (तनुताम् ) क्षीणताको (नीयन्ते) प्राप्त होते हैं (ततः) इस कारण (सल्लेखनामपि) संन्यासको भी आचार्य (अहिंसापसिद्ध्यर्थं) अहिंसाकी सिद्धिके लिये (प्राहुः) कहते हैं ।

टीका : ‘यतः हिंसायाः हेतवः कषायाः अत्र (सल्लेखनायां) तनुताम् नीयन्ते ततः सल्लेखनाम् अहिंसा प्रसिद्ध्यर्थम् प्राहुः । ’ - अर्थ : हिंसाके मूलकारण कषाय हैं वह इस सल्लेखनामें क्षीण हो जातै हैं - घट जाते हैं अतः आचार्य संन्यासको भी अहिंसाकी पुष्टिके लिये कहते हैं ।

भावार्थ : इस संन्यासमें कषाय क्षीण होते हैं और कषाय ही हिंसाके मूलकारण हैं इसलिये संन्यासका अंगीकार करनेसे भी अहिंसाव्रतकी ही सिद्धि होती है । इस प्रकार अन्त सल्लेखनाका कथन किया ॥१७९॥

आगे इन शीलोंके कथनको संकोचते हैं :

इति यो व्रतरक्षार्थं सततं पालयति सकलशीलानि ।
वरयति पतिंवरेव स्वयमेव तमुत्सुका शिवपदश्रीः ॥१८०॥

अन्वयार्थ : (यः) जो (इति) इस प्रकार (व्रतरक्षार्थं) पंचअणुव्रतोंकी रक्षाके लिये (सकलशीलानि) समस्त शीलोंको (सततं) निरन्तर (पालयति) पालन करता है (तम् ) उस पुरुषको (शिवपदश्रीः) मोक्षरूपी लक्ष्मी (उत्सुका) अतिशय उत्कंठित (पतिंवरा इव) स्वयंवरकी कन्याकी तरह (स्वयमेव) स्वयं ही (वरयति) स्वीकार करती है अर्थात् प्राप्त होती है ।

टीका : ‘इति यः व्रतरक्षार्थं सकलशीलानि सततं पालयति तम् उत्सुका शिवपदश्रीः पतिंवरा इव स्वयमेव वरयति’ - अर्थ : जो धर्मात्मा श्रावक इस प्रकार पाँच अणुव्रतोंकी रक्षाके निमित्त सप्त शीलव्रतोंका पालन करता है उसको मोक्षरूपी लक्ष्मी उत्सुक होकर स्वयंवरमें कन्याकी तरह स्वयं ही वरण करती है ।

भावार्थ : जैसे स्वयंवरमें कन्या स्वयं ही अपने योग्य पुरुषको पहचान कर वरमाला डाल देती है वैसे ही मुक्तिलक्ष्मी व्रतधारी एवं समाधिमरण करनेवाले श्रावकको स्वयं ही प्राप्त होती है । ऐसा व्रती श्रावक अवश्य ही मुक्तिपदको प्राप्त करता है ॥१८०॥

इस प्रकार पाँच अणुव्रत, तीन गुणव्रत, चार शिक्षाव्रत, एक सल्लेखना और एक सम्यक्त्व - इस तरह श्रावककी चौदह बातोंका वर्णन किया ।

अब इनके पाँच पाँच अतिचारोंका वर्णन करते हैं :

अतिचाराः सम्यक्त्वे व्रतेषु शीलेषु पञ्च पञ्चेति ।
सप्ततिरमी यथोदितशुद्धिप्रतिबन्धिनो हेयाः ॥१८१॥

अन्वयार्थ : (सम्यक्त्वे) सम्यक्त्वमें (व्रतेषु) व्रतोमें और (शीलेषु) शीलोंमें (पञ्च पञ्चेति) पाँच - पाँचके क्रमसे (अभी) यह (सप्ततिः) सत्तर (यथोदितशुद्धिप्रतिबन्धिनः) यथार्थ शुद्धिके रोकनेवाले (अतिचाराः) अतिचार (हेयाः) छोड़ने योग्य हैं । टीका : ‘सम्यक्त्वे व्रतेषु (सल्लेखना पञ्च) पञ्च पञ्च अतिचाराः इति अमी सप्ततिः यथोदितशुद्धिप्रतिबन्धिनः हेयाः । ’ - अर्थ : सम्यग्दर्शनमें, पाँच अणुव्रतोंमें, तीन गुणव्रतोंमें, चार शिक्षाव्रतोमें और सल्लेखनामें प्रत्येकमें पाँच - पाँच अतिचार हैं । इस तरह यह सत्तर अतिचार हैं वे सभी व्रतोंकी शुद्धिमें दोष लगानेवाले हैं ।

भावार्थ : व्रतका सर्वदेश भङ्ग होना तो अनाचार कहा जाता है और एकदेश भङ्ग होना अर्थात् दूषण लगना अतिचार कहा जाता है (यह अतिचार व्रतोंकी शुद्धताको दूर करनेवाले हैं क्योंकि व्रतोंमें दोष लग जाने पर उनकी शुद्धता अक्षुण्ण कैसे रह सकती है ?) इस तरह उपरोक्त श्रावककी चौदह बातोंके सत्तर अतिचार होते हैं ॥१८१॥

सम्यग्दर्शनके पांच अतिचार

शङ्का तथैव काङ्क्षा विचिकित्सा संस्तवोऽन्यदृष्टीनाम् ।
मनसा च तत्प्रशंसा सम्यग्दृष्टेरतीचाराः ॥१८२॥

अन्वयार्थ : (शङ्का) सन्देह (काङ्क्षा) वाँछा (विचिकित्सा) ग्लानि (तथैव) उसी प्रकार (अन्यदृष्टीनाम् ) मिथ्यादृष्टियोंकी (संस्तवः) स्तुति (च) और (मनसा) मनसे (तत्प्रशंसा) अन्य मतावलम्बियोंकी प्रशंसा करना (सम्यग्दृष्टेः) सम्यग्दृष्टिके (अतिचाराः) अतिचार हैं ।

टीका : ‘शङ्का तथैव काङ्क्षा विचिकित्सा अन्यदृष्टीनाम् संस्तवः च मनसा प्रशंसा सम्यग्दृष्टेः अतिचाराः भवन्ति । ’ - अर्थ : (१) जिनवचनमें शंका करना, (२) व्रत पालकर इस लोक तथा परलोक सम्बन्धी इष्ट वस्तुकी वांछा अर्थात् सांसारिक सुखोंकी इच्छा करना, (३) (अनिष्ट या दुर्गन्धमय वस्तुसे अप्रीति - ग्लानि करना अथवा) मुनिराज आदिके शरीरको देखकर धृणा करना, (४) अन्यामतावलम्बी मिथ्यादृष्टियोंकी वचनसे बड़ाई करना, कि यह भी कुछ अच्छा ही साधन करते हैं, (५) उनके कार्योंकी मनसे प्रशंसा - सराहना करना अर्थात् उनको भी अच्छा सा जानना । यह सम्यग्दर्शनके पाँच अतिचार हैं, इनसे सम्यक्त्व मलिन होता है ।

भावार्थ : जबतक इन पाँच अतिचारोंका त्याग नहीं होता तबतक वह निश्चयसम्यग्दृष्टि नहीं हो सकता ॥१८२॥

अहिंसा अणुव्रतके पाँच अतिचार

छेदनताडनबन्धा भारस्यारोपणं समधिकस्य ।
पानान्नयोश्च रोधः पञ्चाहिंसाव्रतस्येति ॥१८३॥

अन्वयार्थ : (अहिंसाव्रतस्य) अहिंसाव्रतके (छेदनताडनबन्धाः) छेदना, ताड़न करना, बाँधना, (समाधिकस्य) बहुत अधिक (भारस्य) बोझका (आरोपणं) लादना (च) और (पानान्नयोः) अन्न - जलका (रोधः) रोकना अर्थात् न देना (इति) इस प्रकार (पञ्च) पाँच अतिचार हैं ।

टीका : ‘छेदन ताड़न बन्धाः समाधिकस्य भारस्य आरोपणं पानान्नयोश्च रोधः इति पञ्च अहिंसाव्रतस्य अतिचाराः । ’ - अर्थ : छेदन अर्थात् कान, नाक, हाथ इत्यादि काटना, ताड़न अर्थात् लकड़ी, चाबुक, अरई इत्यादिसे मारना, बन्ध अर्थात् एक स्थान पर बाँधकर रोक रखना, अधिक भार अर्थात् ऊँट, बैल, घोड़ा इत्यादिके ऊपर उनकी शक्तिसे अधिक बोझ लादना, तथा योग्य समय पर घास, चारा, पानी इत्यादि न देना - यह अहिंसा अणुव्रतके पाँच अतिचार हैं ॥१८३॥

सत्य अणुव्रतके पाँच अतिचार

मिथ्योपदेशदानं रहसोऽभ्याख्यानकूटलेखकृती ।
न्यासापहारवचनं साकारमन्त्रभेदश्च ॥१८४॥

अन्वयार्थ : (मिथ्योपदेशदानं) झूठा उपदेश देना, (रहसोडभ्याख्यानकूटलेखकृती) एकान्तकी गुप्त बातोंका प्रगट करना, झूठा लेख लिखना, (न्यासापहारवचनं) धरोहरके हरण करनेका वचन कहना (च) और (साकारमन्त्रभेदः) कायकी चेष्टासे जानकर दूसरेका अभिप्राय प्रगट करना - यह पाँच सत्याणुव्रतके अतिचार हैं ।

टीका : ‘मिथ्योपदेशदानं रहसोडभ्याख्यानं कूटलेखकृती न्यासापहारवचनं साकारमन्त्रभेदश्च इति सत्याणुव्रतस्य पञ्च अतिचाराः सन्ति । ’ - अर्थ : १ - झूठा उपदेश देना जिससे जीवोंका अहित हो, २ - किसी स्त्री - पुरुषकी गुप्त बातोंको प्रगट करना, ३ - झूठा लेख लिखना या झूठी रसीद आदि स्वयं लिखना, ४ - किसीकी धरोहर मार लेना, ५ - किसीकी आकृति देखकर उसका अभिप्राय प्रगट कर देना - यह पाँच सत्याणुव्रतके अतिचार हैं ।

भावार्थ : १ - ऐसा झूठा उपदेश देना कि जिससे लोग कल्याणकारी धर्मको छोड़कर अधर्ममें लग जावें । (२ - स्त्री - पुरुषोंने जो कार्य एकान्तमें किये हों उनको प्रगट कर देना । जो किसीने कहा भी नहीं, किया भी नहीं, ऐसा झूठा ही ठगनेके लिये लिखना कि उसने ऐसा कहा है, ऐसा किया है इस प्रकार कपटपूर्वक लिखना । ) ३ - अपने पास कोई मनुष्य धरोहर रख गया हो और जब वह उसे वापस लेने आवे तब भूलसे जितनी रख गया था उससे कम माँगने लगे तो उससे कहना कि हां, इतनी ही थी अथवा यह कहना कि भाई, जितनी हो उतनी ले जाओ । उसे न्यासापहार कहते हैं । ४ - किसीकी आकृतिको देखकर उसका अभिप्राय जानकर उसे प्रगट कर देना कि इसका ऐसा अभिप्राय है । झूठ पहुंच लिख देना अथवा जबरदस्तीसे लिखा लेन कूटलेख है । यह पाँच सत्याणुव्रतके अतिचार हैं ॥१८४॥

अचौर्य अणुव्रतके पाँच अतिचार

प्रतिरूपव्यवहारः स्तेननियोगस्तदाहृतादानम् ।
राजविरोधातिक्रमहीनाधिकमानकरणे च ॥१८५॥

अन्वयार्थ : (प्रतिरूपव्यवहारः) प्रतिरूप व्यवहार अर्थात् असली चीजमें नकली चीज मिलाकर बेचना (स्तेननियोगः) चोरी करनेवालोंकी सहायता करना, (तदाहृतादानम् ) चोरीकी लाई हुई वस्तुओंको रखना, (च) और (राजविरोधातिक्रमहीनाधिकमानकरणे) राज्य द्वारा आदेशित नियमोंका उल्लंघन करना, माप या तौलके गज, मीटर, काँटा, तराजू आदिके मापमें हीनाधिक करना,- (एते पञ्चास्तेयव्रतस्य) यह पाँच अचौर्यव्रतके अतिचार हैं ।

टीका : ‘प्रतिरूपव्यवहारः स्तेननियोगः तदाहृतादानम् राजविरोधातिक्रमः च हीनाधिकमानकरणे इति अचौर्याणुव्रतस्य पञ्च अतिचाराः सन्ति । ’ - अर्थ : १ - झूठी वस्तुको (अशुद्ध वस्तुको) शुद्ध वस्तुकी तरह बनाकर असली वस्तुमें मिलाकर चलाना (नकली सिक्केको असली सिक्केमें मिलाकर चलाना) इसका नाम प्रतिरूप व्यवहार है । २ - चोरीकी प्रेरणा करना, अनुमोदना करना अथवा चोरी करनेका उपाय बताना स्तेनप्रयोग अतिचार है । ३ - चोरीकी वस्तुको खरीदना तीसरा अतिचार है । ४ - राजाज्ञाका उल्लंघन करना अथवा राज - कर न देना - चौथा अतिचार है । ५ - अधिक मूल्यवाली वस्तुमें कम मूल्यवाली वस्तु मिला देना, अधिक मूल्यकी वस्तु थोड़े मूल्यमें ले जाना, मापने - तौलनेके उपकरण मीटर, तराजू - कांटा - इत्यादि हिनाधिक रखना अथवा कम - बढ़ तौलकर देना - लेना यह पांचवाँ अतिचार है । इस प्रकार यह पाँच अचौर्यव्रतके अतिचार वर्णन किये ॥१८५॥

ब्रह्मचर्य अणुव्रतके पाँच अतिचार

स्मरतीव्राभिनिवेशोऽनङ्गक्रीडान्यपरिणयनकरणम् ।
अपरिगृहीतेतरयोर्गमने चेत्वरिकयोः पञ्च ॥१८६॥

अन्वयार्थ : (स्मरतीव्राभिनिवेशः) कामसेवनकी अतिशय इच्छा रखना, (अनङ्गक्रीडा) योग्य अंगोंको छोड़कर दूसरे अंगोंके साथ कामक्रीड़ा करना, (अन्यपरिणयनकरणम् ) दूसरेका विवाह करना, (च) और (अपरिगृहीतेतरयोः) कुंवारी अथवा विवाहित (*इत्वरिकयोः) व्यभिचारिणी स्त्रियोंके पास (गमने) जाना, लेन - देन आदिका व्यवहार करना (एते ब्रह्मव्रतस्य) यह ब्रह्मचर्यव्रतके (पञ्च) पाँच अतिचार हैं ।

* रत्नकरण्डश्रावकाचार गा० ६० में इत्वरिका गमनका अर्थ : इत्वरिका जो व्यभिचारिणी स्त्री उसके घर जाना अथवा उसे अपने घर बुलाना (धनादिका) लेन-देन रखना - परस्पर वार्ता करना - श्रृंगार देखना - यह इत्वरिकागमन नामके अतिचार है ।

टीका : ‘स्मरतीव्राभिनिवेशः अनङ्गक्रीडा अन्यपरिणयनकरणं इत्वरिकयोः अपरिगृहीता गमनं च इत्वरिका परिगृहीता गमनं च इति पञ्च अतिचाराः ब्रह्मचर्याणुव्रतस्य सन्ति । ’ - अर्थ : १ - काम - भोग - विषय सेवन करनेकी अत्यन्त लालसा रखना, २ - जो अंग विषयसेवन करनेके हैं उन्हें छोड़कर मुख, नाभि, स्तन आदि अनंगोंमें रमण करना, ३ - दूसरेके पुत्र - पुत्रियोंका विवाह करवाना या करना, ४ - व्यभिचारिणी वेश्या अथवा कन्या इत्यादिके साथ लेन - देन आदि व्यवहार रखना, वार्तालाप करना, रूप - श्रृंङ्गारादि देखना, ५ - व्यभिचारिणी विवाहित स्त्रीके साथ भी इसी प्रमाण व्यवहार करना - यह पाँच ब्रह्मचर्याणुव्रतके अतिचार हैं ॥१८६॥

परिग्रहपरिमाण व्रतके पांच अतिचार

वास्तुक्षेत्राष्टापदहिरण्यधनधान्यदासदासीनाम् ।
कुप्यस्य भेदयोरपि परिमाणातिक्रियाः पञ्च ॥१८७॥

अन्वयार्थ : (वास्तुक्षेत्राष्टापदहिरण्यधनधान्यदासदासीनाम् ) घर, भूमि, सोना, चाँदी, धन, धान्य, दास, दासी और (कुप्यस्य) वस्त्रादिके (भेदयोः) दोनों भेदोंका (अपि) भी (परिमाणातिक्रियाः) परिमाण उल्लंघन करना (एते अपरिग्रहव्रतस्य) यह अपरिग्रहव्रतके (पञ्च) पाँच अतिचार हैं ।

टीका : ‘वास्तु क्षेत्र परिमाणातिक्रमः, अष्टापदहिरण्यपरिमाणातिक्रमः, धनधान्यपरिमाणातिक्रमः, दासदासीपरिमाणातिक्रमः, अपि कुप्यस्य भेदयोः परिमाणातिक्रमः इति पञ्च परिग्रहपरिमाणव्रतस्य अतिचाराः सन्ति । ’ - अर्थ : १ - घर और क्षेत्रका परिमाण बढ़ा देना, २ - सोना-चाँदीका परिमाण बढ़ा देना, ३ - गाय, भैंस, घोड़ा, गेहूँ, चना आदिका परिमाण बढ़ा देना, ४ - दास - दासीका परिमाण बढ़ा देना, ५ - कुप्य अर्थात् गरम और सूती दोनों प्रकारके वस्त्रोंका परिमाण बढ़ा देना; इस प्रकार यह पाँच परिग्रहपरिमाणव्रतके अतिचार हैं ॥१८७॥

दिग्व्रतके पांच अतिचार

ऊर्ध्वमधस्तात्तिर्यग्व्यतिक्रमाः क्षेत्रवृद्धिराधानम् ।
स्मृत्यन्तरस्य गदिताः पंचेति प्रथमशीलस्य ॥१८८॥

अन्वयार्थ : (ऊर्ध्वमधस्तात्तिर्यग्व्यतिक्रमाः) ऊपर, नीचे और समान भूमिकी की हुई मर्यादाका उल्लंघन करना अर्थात् जितना प्रमाण किया हो उसमें बाहर चला जाना (क्षेत्रवृद्धिः) परिमाण किये हुये क्षेत्रकी लोभादिवश वृद्धि करना और (स्मृत्यन्तरस्य) स्मृतिके अलावा क्षेत्रकी मर्यादा (आधानम् ) धारण करना अर्थात् मर्यादाको भूल जाना (इति) इस प्रकार (पञ्च) पाँच अतिचार (प्रथमशीलस्य) प्रथम शील अर्थात् दिग्व्रतके (गदिताः) कहे गए हैं ।

टीका : ‘ऊर्ध्व व्यतिक्रमः अधस्तात् व्यतिक्रमः तिर्यक् व्यतिक्रमः क्षेत्रवृद्धिः, स्मृत्यन्तरस्य आधानम् इति पञ्च अतिचाराः प्रथमशीलस्य दिग्व्रतस्य सन्ति । ’ - अर्थ : मर्यादा की हुई ऊपरकी दिशाओंका उल्लंघन करना, (जैसे पर्वत पर चढ़ना या हवाई जहाजसे आकाशमें ऊपर उड़ना,) २ - मर्यादा की हुई नीचेकी दिशाओंका उल्लंघन करना, (जैसे गहरे कुएँमें घुसना, समुद्रमें डुबकी लगाना अथवा कोयला आदिकी खानमें उतरना) ३ - मर्यादा की हुई तिर्यक् दिशाओंका उल्लंघन करना, (जैसे गुफा इत्यादिमें प्रवेश करना) ४ - मर्यादा किये हुए क्षेत्रको बढ़ाना अर्थात् जो दिशाओंका प्रमाण किया था उसे लोभके वशसे अधिक बढ़ा लेना, (यह अतिचार प्रमाद या मोहसे होता है,) ५ - परिमाण की हुई मर्यादाको भूलकर सीमा बढ़ा लेना - यह दिग्व्रतके पाँच अतिचार हैं ॥१८८॥

देशव्रतके पाँच अतिचार

प्रेष्यस्य संप्रयोजनमानयनं शब्दरूपविनिपातौ ।
क्षेपोऽपि पुद्गलानां द्वितीयशीलस्य पंचेति ॥१८९॥

अन्वयार्थ : (प्रेषस्य संप्रयोजनम् ) प्रमाण किये हुए क्षेत्रके बाहर दूसरे मनुष्यको भेजना, (आनयनं) वहाँसे कोई वस्तु मँगाना (शब्दरूपविनिपातौ) शब्द सुनाना, रूप दिखाकर इशारा करना और (पुद्गलानां) कंकड़ आदि पुद्गल (क्षेपोऽपि) भी फेंकना (इति) इस प्रकार (पञ्च) पाँच अतिचार (द्वितीयशीलस्य) दूसरे शीलके अर्थात् देशव्रतके कहे गए हैं ।

टीका : ‘प्रेष्यस्ट संप्रयोजनम् आनयनं शब्दविनिपातौ रूपविनिपातौ पुद्गलानां क्षेपः इति पञ्च अतिचाराः द्वितीयशीलस्य सन्ति । ’ - अर्थ : १ - स्वयं तो मर्यादित क्षेत्रके अन्दर ही रहना परन्तु नौकर - चाकरको मर्यादासे बाहर भेज देना, २ - मर्यादासे बाहरकी कोई वस्तु मंगा लेना, ३ - मर्यादाके बाहर शब्द करके - बोल करके अपना काम करवाना, ४ - मर्यादाके बाहर अपना रूप दिखाकर स्वार्थ साधन करना, ५ - मर्यादाके बाहर कोई वस्तु इत्यादि फेंककर अपना कार्य साध लेना - यह पाँच देशव्रतके अतिचार हैं ॥१८९॥

अनर्थदण्डत्यागव्रतके पाँच अतिचार

कन्दर्पः कौत्कुच्यं भोगानर्थक्यमपि च मौखर्यम् ।
असमीक्षिताधिकरणं तृतीयशीलस्य पंचेति ॥१९०॥

अन्वयार्थ : (कन्दर्पः) कामके वचन बोलना, (कौत्कुच्यं) भांडरूप अयोग्य कायचेष्टा करना, (भोगानर्थक्यम् ) भोग - उपभोगके पदार्थोंका अनर्थक्य, (मौखर्यम् ) वाचालता (च) और (असमीक्षिताधिकरणं) विचार किये बिना कार्य करना; (इति) इस प्रकार (तृतीयशीलस्य) तीसरे शील अर्थात् अनर्थदण्डविरति व्रतके (अपि) भी (पञ्च) पाँच अतिचार हैं ।

टीका : ‘कन्दर्पः कौत्कुच्यं भोगानर्थक्यम् मौखर्यम् च असमीक्षिताधिकरणं इति तृतीय शीलस्य पञ्च अतिचाराः सन्ति । ’ - अर्थ : १ - रागभावसे हास्य सहित भांड वचन बोलना, २ - हास्य वचन सहित कायकी कुचेष्टा करना, ३ - प्रयोजनसे बहुत अधिक भोगोपभोग सामग्रीको एकत्र करना, ४ - धृष्टता युक्त बोलना तथा लड़ाई - झगड़ा करानेवाले वचन बोलना, ५ - प्रयोजन बिना मन - वचन - कायका व्यापार बढ़ाते जाना (अथवा बिना विचार किये निष्प्रयोजन कार्य करना) यही पाँच अनर्थदण्डत्यागव्रतके अतिचार हैं ॥१९०॥

सामायिक शिक्षाव्रतके पाँच अतिचार

वचनमनःकायानां दुःप्रणिधानं त्वनादरश्चैव ।
स्मृत्यनुपस्थानयुताः पंचेति चतुर्थशीलस्य ॥१९१॥

अन्वयार्थ : (स्मृत्यनुपस्थानयुताः) स्मृतिअनुपस्थान सहित (वचनमनः कायानां) वचन, मन, और कायकी (दुःप्रणिधानं) खोटी प्रवृत्ति (तु) और (अनादरः) अनादर (इति) इस प्रकार (चतुर्थशीलस्य) चौथे शील अर्थात् सामायिकव्रतके (पञ्च) पाँच (एव) ही अतिचार हैं ।

टीका : ‘वचनप्रणिधानं, मनःप्रणिधानं, कायप्रणिधानं तु अनादरः च स्मृत्यनुपस्थानयुताः इति पञ्च चतुर्थशीलस्य अतिचाराः सन्ति । ’ - अर्थ : १ - वचनका दुरुपयोग करना अर्थात् सामायिक करते समय मन्त्रका उच्चारण अथवा सामायिक पाठका उच्चारण ठीक न करना, २ - मनका दुरुपयोग अर्थात् मनमें बुरी भावना उत्पन्न होना, मनमें अनेक संकल्प - विकल्प उठना, ३ - कायका दुरुपयोग अर्थात् सामायिक करते समय हाथ - पैर हिलाना, ४ - अनादर अर्थात् सामायिक आदर पूर्वक न करना, अथवा बेगार समझकर उसे जैसे - तैसे पूरी करनेकी इच्छा करना, ५ - स्मृत्यनुपस्थान अर्थात् एकाग्रता न होनेके कारण पाठ भूल जाना - यह सामायिक शिक्षाव्रतके पाँच अतिचार हैं । सामायिकमें मन, वचन और काय तीनोंकी एकाग्रताकी अत्यन्त आवश्यकता है । इन तीनोंको वश किये बिना सामायिक हो ही नहीं सकती । अतः इन्हें अवश्य ही वश करना चाहिये ॥१९१॥

प्रोषधोपवास शिक्षाव्रतके पाँच अतिचार

अनवेक्षिताप्रमार्जितमादानं संस्तरस्तथोत्सर्गः ।
स्मृत्यनुपस्थानमनादरश्च पञ्चोपवासस्य ॥१९२॥

अन्वयार्थ : (अनवेक्षिताप्रमार्जितमादानं) देखे बिना अथवा शुद्ध किये बिना ग्रहण करना, (सस्तरः) चटाई आदि बिस्तर लगाना (तथा) तथा (उपसर्गः) मलमूत्रका त्याग करना (स्मृत्यनुपस्थानम् ) उपवासकी विधि भूल जाना (च) और (अनादरः) अनादर - यह (उपवासस्य) उपवासके (पञ्च) पाँच अतिचार हैं ।

टीका : ‘१ - अनवेक्षिताप्रमार्जितमादानं २ - अनवेक्षिताप्रमार्जित संस्तरः ३ - अनवेक्षिताप्रमार्जित उत्सर्गः ४ - स्मृत्यनुपस्थानम् ५ - अनादरश्च इति पञ्च अतिचाराः उपवासस्य सन्ति । ’ - अर्थ : १ - बिना देखे अथवा कोमल उपकरणसे बिना पौंछे पूजनादिक सामग्री या कोई वस्तुका ग्रहण करना; २ - बिना देखे, बिना पौंछे बैठना, सोना या बिस्तर लगाना; ३ - बिना देखे, बिना साफ किये भूमि पर मल - मूत्रका त्याग करना; ४ - उपवासमें एकाग्रता न होना अथवा विधि भूल जाना और ५ - तप व उपवासकी विधिमें अनादर (उदासीनता) करना (अथवा शीघ्र पूर्ण होनेकी आकुलता रहना । ) यह प्रोषधोपवास व्रतके पाँच अतिचार हैं ॥१९२॥