पुरुषार्थसिद्ध्युपाय श्लोक एवं अर्थ (आचार्य अमृतचन्द्र) | Purusharthsiddhyupay Shlok evam Arth (Acharya Amritchandra)

उत्तर : इस लक्षणमें अतिव्याप्ति और अव्याप्ति दोनों दोष लगते हैं ॥४४॥

वहाँ प्रथम ही अतिव्याप्ति दोष बताते हैं :

युक्ताचरणस्य सतो रागाद्यावेशमन्तरेणापि ।
न हि भवति जातु हिंसा प्राणव्यपरोपणादेव ॥४५॥

अन्वयार्थ : (अपि) और (युक्ताचरणस्य) योग्य आचरण वाले (सतः) सन्त पुरुषके (रागाद्यावेशमन्तरेण) रागादिभावोंके बिना (प्राणव्यपरोपणात् ) केवल प्राण पीड़नसे (हिंसा) हिंसा (जातु एव) कभी भी (न हि) नहीं (भवति) होती ।

टीका : अपि युक्ताचरणस्य सतः रागाद्यावेशमन्तरेण प्राणव्यपरोपणात् एव जातु हिंसा न हि भवति - निश्चयसे जिनका आचरण योग्य प्रयत्न पूर्वक है, ऐसे सन्त पुरुषोंको, रागादि भावोंके प्रवेश बिना, केवल पर जीवके प्राणपीड़न करने मात्रसे ही कदाचित् हिंसा नहीं होती ।

भावार्थ : महापुरुष ध्यानमें लीन हैं अथवा गमनादिमें सावधानीसे यत्नपूर्वक प्रवर्तन कर रहे हैं और कदाचित् इनके शरीरके सम्बन्धसे किसी जीवके प्राणोंको पीड़ा पहुँच गई तो भी इनके हिंसाका दोष नहीं है । कारण कि इसके परिणाममें कषाय नहीं था इसलिये पर जीवके प्राणको पीड़ा होने पर भी हिंसा नहीं कहलाती । अतः अतिव्याप्ति दोष लगता है ॥४५॥

आगे अव्याप्ति दोष बताते हैं :

व्युत्थानावस्थायां रागादीनां वशप्रवृत्तायाम् ।
म्रियतां जीवो मा वा धावत्यग्रे ध्रुवं हिंसा ॥४६॥

अन्वयार्थ : (रागादीनां) रागादिभावोंके (वशप्रवृत्तायाम् ) वशमें प्रवर्तती हुई (व्युत्थानावस्थायां) अयत्नाचाररूप प्रमाद अवस्थामें (जीवः) जीव (म्रियतां) मरो (वा) अथवा (मा म्रियतां) मत मरो (हिंसा) हिंसा तो (ध्रुवं) निश्चयसे (अग्रे) आगे ही (धावति) दौड़ती है ।

टीका : रागादीनां वशप्रवृत्तायां व्युत्थानावस्थायां जीवः म्रियतां वा मा म्रियतां हिंसा अग्रे ध्रुवं धावति - रागादि प्रमादभावोंके वशीभूत होकर उठने - बैठने आदिरूप क्रियामें जीव मरे अथवा न मरे किन्तु हिंसा तो निश्चयसे आगे दौड़ती है ।

भावार्थ : जो प्रमादी जीव कषायके वश होकर गमनादि क्रियामें यत्नरूप प्रवर्तन नहीं करते अथवा उठते-बैठते क्रोधादि भावरूप परिणमन करते हैं तो वहाँ जीव कदाचित् मरे या न मरे परन्तु इसे तो कषायभावसे अवश्य हिंसाका दोष लगता है । अर्थात् पर जीवके प्राणको पीड़ा न होते हुए भी प्रमादके सद्भावसे हिंसा कही जाती है । इसलिए उस लक्षणमें अव्याप्ति दोष लगता है ॥४६॥

प्रश्न : हिंसाका अर्थ तो घात करना है, पर जीवके प्राणका घात किये बिना हिंसा कैसे कही जा सकती है ?

उसका उत्तर आगे कहते हैं :

यस्मात्सकषायः सन् हन्त्यात्मा प्रथममात्मनात्मानम् ।
पश्चाज्जायेत न वा हिंसा प्राण्यन्तराणां तु ॥४७॥

अन्वयार्थ : (यस्मात् ) कारण कि (आत्मा) जीव (सकषायः सन्) कषायभाव युक्त होनेसे (प्रथमं) प्रथम (आत्मना) अपनेसे ही (आत्मानं) अपनेको (हन्ति) घात करता है (तु) और (पश्चात् ) पीछेसे भले ही (प्राण्यन्तराणां) दूसरे जीवोंकी (हिंसा) हिंसा (जायते) हो (वा) अथवा (न) न हो ।

टीका : यस्मात् सकषायः सन् आत्मा प्रथमं आत्मना आत्मानं हन्ति तु पश्चात् प्राण्यन्तराणां हिंसा जायेत वा न जायेत - कारण कि कषायभावयुक्त हुआ आत्मा पहले अपने द्वारा ही अपना घात करता है, पश्चात् अन्य प्राणी - जीवोंका घात हो अथवा न हो ।

भावार्थ : हिंसा तो घातको ही कहते हैं, परन्तु घात दो प्रकारका है । एक आत्मघात, दूसरा परघात । जब इस आत्माने कषाय भावोंसे परिणमन करके अपना बुरा किया तब आत्मघात तो पहले ही हो गया, तत्पश्चात् अन्य जीवका आयुष्य पूरा हो गया हो अथवा पापका उदय हो तो उसका भी घात हो जाये । तू उसका घात तो नहीं कर सकता, कारण कि उसका घात तो उसके कर्माधीन है, इसके तो अपने भावोंका दोष है । इस प्रकार प्रमादसहित योगमें आत्मघातकी अपेक्षा तो हिंसा हो ही गई ॥४७॥

अब परघातकी अपेक्षा भी हिंसाका सद्भाव बताते हैं :

हिंसाया अविरमणं हिंसा परिणमनपि भवति हिंसा ।
तस्मात्प्रमत्तयोगे प्राणव्यपरोपणं नित्यम् ॥४८॥

अन्वयार्थ : (हिंसायाः) हिंसासे (अविरमणं) विरक्त न होनेसे (हिंसा) हिंसा होती है और (हिंसापरिणमनं) हिंसारूप परिणमन करनेसे (अपि) भी (हिंसा) हिंसा (भवति) होती है (तस्मात् ) इसलिये (प्रमत्तयोगे) प्रमादके योगमें (नित्यं) निरन्तर (प्राणव्यपरोपणं) प्राणघातका सद्भाव है ।

टीका : हिंसाया अविरमणं हिंसा परिणमनं अपि भवति हिंसा - हिंसाके त्यागभावका अभाव हिंसा है और हिंसारूप परिणमन करनेसे भी हिंसा होती है ।

भावार्थ : परजीवके घातरूप हिंसा दो प्रकार की है । एक अविरमणरूप और एक परिणमनरूप ।

१. अविरमणरूप हिंसा : जिस काल जीव परजीवके घातमें तो प्रवर्त्तन न कर रहा हो अपितु किसी अन्य कार्यमें प्रवृत्त रहा हो परन्तु हिंसाका त्याग न किया हो । उसका उदाहरण : जैसे किसीके हरितकायका त्याग नहीं है और वह किसी समय हरितकायका भक्षण भी नहीं करता है, वैसे ही किसीके हिंसाका त्याग तो नहीं है और वह किसी समय हिंसामें प्रवर्तन भी नहीं करता परन्तु अन्तरङ्गमें हिंसा करनेके अस्तित्वभावका नाश नहीं किया, इसको अविरमणरूप हिंसा कहते हैं ।

२. परिणमनरूप हिंसा : जिस समय जीव परजीवके घातमें मनसे, वचनसे अथवा कायसे प्रवर्तन करे उसे परिणमनरूप हिंसा कहते हैं । यह दो भेद हिंसाके कहे । इन दोनों भेदोंमें प्रमाद सहित योगका अस्तित्व है । तस्मात् प्रमत्तयोगे नित्यं प्राणव्यपरोपणं - इसलिए प्रमाद सहित योगमें सदाकाल परजीवकी अपेक्षा भी प्राणघातका सद्भाव आया । इसका अभाव तो तभी हो सकता है जब यह जीव पर - हिंसाका त्याग करके प्रमादरूप न परिणमे । जब तक प्रमाद पाया जाता है तब तक हिंसाका अभाव तो किसी भी प्रकार नहीं हो सकता ॥४८॥

प्रश्न : जो प्रमादरूप अपने परिणामोंसे ही हिंसा उत्पन्न होती है तो बाह्य परिग्रहादिका त्याग किसलिए कराया जाता है ? उसका उत्तर आगे कहते हैं :

सूक्ष्मापि न खलु हिंसा परवस्तुनिबन्धना भवति पुंसः ।
हिंसायतननिवृत्तिः परिणामविशुद्धये तदपि कार्या ॥४९॥

अन्वयार्थ : (खलु) निश्चयसे (पुंसः) आत्माके (परवस्तुनिबन्धना) परवस्तुके कारणसे जो उत्पन्न हो ऐसी (सूक्ष्महिंसा अपि) सूक्ष्म हिंसा भी (न भवति) नहीं होती (तदपि) तो भी (परिणामविशुद्धये) परिणामोंकी निर्मलताके लिये (हिंसायतननिवृत्तिः) हिंसाके स्थानरूप परिग्रहादिका त्याग (कार्या) करना उचित है ।

टीका : खलु पुंसः परवस्तुनिबन्धना सूक्ष्मापि हिंसा न भवति - निश्चयसे आत्माके परवस्तुके कारणसे उत्पन्न हो ऐसी रंचमात्र भी हिंसा नहीं होती ।

भावार्थ : परिणामोंकी अशुद्धताके बिना परवस्तुके निमित्तसे अंशमात्र भी हिंसाका दोष नहीं लगता । यद्यपि निश्चयसे तो ऐसे ही है, तदपि परिणामविशुद्धये हिंसायतननिवृत्तिः कार्या - तथापि परिणामोंकी निर्मलताके लिए हिंसाके स्थानरूप परिग्रहादिका त्याग अवश्य करना चाहिए ।

भावार्थ : जो परिणाम होता है वह किसी वस्तुका अवलम्बन पाकरके ही होता है । जो सुभटकी माताके सुभट पुत्र विद्यमान हो तब तो ऐसे परिणाम होते हैं कि मैं सुभटको मारूं, परन्तु जो बाँझ है और जिसके पुत्र ही नहीं है तो ऐसे परिणाम कैसे उत्पन्न हो सकते हैं कि मैं बन्ध्याके पुत्रको मारूं । इसलिये यदि बाह्य परिग्रहादिका निमित्त हो तब तो उनका अवलम्बन पाकर कषायरूप परिणाम होते हैं परन्तु यदि परिग्रहादिका त्याग कर दिया हो तब निमित्त बिना, अवलम्बन बिना किस तरह परिणाम उत्पन्न हों ? अतः अपने परिणामोंकी शुद्धताके लिये बाह्यकारणरूप परिग्रहादिका त्याग भी करना चाहिये ॥४९॥

आगे एक पक्षवालेका निषेध करते हैं :

निश्चयमबुध्यमानो यो निश्चयतस्तमेव संश्रयते ।
नाशयति करणचरणं स बहिः करणालसो बालः ॥५०॥

अन्वयार्थ : (यः) जो जीव (निश्चयं) यथार्थ निश्चय स्वरूपको (अबुध्यमानः) न जानकर (तमेव) उसे ही (निश्चयतः) निश्चय श्रद्धासे (संश्रयते) अंगीकार करता है (स) वह (बालः) मूर्ख (बहिः करणालसः) बाह्य क्रियामें आलसी है और (करणचरणं) बाह्यक्रियारूप आचरणका (नाशयति) नाश करता है ।

टीका : यः निश्चयं अबुध्यमानः निश्चयतः तमेव संश्रयते सः बालः करणचरणं नाशयति - जो जीव यथार्थ निश्चयके स्वरूपको तो जानते नहीं और बिना जाने मात्र निश्चयके श्रद्धानसे अन्तरंगको ही हिंसा जानकर अंगीकार करते हैं वे अज्ञानी दयाके आचरणको नष्ट करते हैं ।

भावार्थ : जो कोई केवल निश्चयका श्रद्धानी होकर यह कहता है कि यदि मैं परिग्रहादि रखूँ अथवा भ्रष्टाचाररूप प्रवर्त्तन करूँ तो इससे क्या हुआ ? मेरे परिणाम ठीक होना चाहिए । ऐसा कहकर जो स्वच्छन्द प्रवर्तन करता है उस जीवने दयाके आचरणका नाश किया, वह बाह्यमें तो निर्दय हुआ ही तथा अन्तरङ्ग निमित्त पाकर परिणाम अशुद्ध होते ही होते हैं इसलिए अन्तरंगकी अपेक्षा भी निर्दय हुआ । कैसा है वह जीव ? बाह्य द्रव्यरूप अन्य जीवकी दयमें आलसी है, प्रमादी है । अथवा इसी सूत्रका अन्य प्रकारसे भी अर्थ करते हैं । यः निश्चयं अबुध्यमानः तमेव निश्चयतः संश्रयते सः बालः करुणा आचरणं नाशयति - जो जीव निश्चयके स्वरूपको न जानकर व्यवहाररूप बाह्य परिग्रहादिके त्यागको ही निश्चयसे मोक्षमार्ग जानकर अंगीकार करता है वह जीव शुद्धोपयोगरूप आत्माकी दयाका नाश करता है ।

भावार्थ : जो जीव निश्चयनयके स्वरूपको तो जानता नहीं और केवल व्यवहारमात्र बाह्य परिग्रहादिका त्याग करता है, उपवासादिकको अंगीकार करता है, इस प्रमाण बाह्य वस्तुमें हेय - उपादेय बुद्धिसे प्रवर्त्तन करता है, वह जीव अपने स्वरूप - अनुभवरूप शुद्धोपयोगमय अहिंसा धर्मका नाश करता । कैसा है वह जीव ? बहिः करुणालसः उद्यमसे उसने अशुभोपयोगका तो त्याग किया है, परन्तु बाह्य परजीवकी दयारूप धर्मके साधनमें ही आलसी होकर बैठ रहा, और शुद्धोपयोग भूमिकामें चढ़नेका उद्यम नहीं करता । इस प्रकार एकान्तपक्षवालेका निषेध किया । आगे द्रव्यहिंसा और भावहिंसाकी अपेक्षासे भिन्न भिन्न प्रकारके भंग बताते हैं ।

उसके आठ सूत्र कहते हैं :

अविधायापि हि हिंसां हिंसाफलभाजनं भवत्येकः ।
कृत्वाप्यपरो हिंसा हिंसाफलभाजनं न स्यात् ॥५१॥

अन्वयार्थ : (हि) निश्चयसे (एकः) एक जीव (हिंसा) हिंसा (अविधाय अपि) न करते हुए भी (हिंसाफलभाजनं) हिंसाके फलको भोगनेका पात्र (भवति) बनता है और (अपरः) दूसरा (हिंसा कृत्वा अपि) हिंसा करके भी (हिंसाफलभाजनं) हिंसाके फलको भोगनेका पात्र (न स्यात् ) नहीं होता ।

टीका : हि एकः हिंसा अविधाय अपि हिंसाफलभाजनं भवति - निश्चयसे कोई एक जीव हिंसा न करने पर भी हिंसाके फलको भोगनेका पात्र बनता है ।

भावार्थ : किसी जीवने बाह्य हिंसा तो नहीं की है परन्तु प्रमादभावरूपसे परिणमन किया है इस कारण वह जीव उदयकालमें हिंसाके फलको भोगता है । अपरः हिंसा कृत्वा अपि हिंसाफलभाजनं न स्यात् - दूसरा कोई जीव हिंसा करके भी हिंसाके फलको भोगनेका पात्र नहीं होता ।

भावार्थ : किसी जीवने शरीर सम्बन्धसे बाह्य हिंसा तो उत्पन्न की है परन्तु प्रमादभावरूप परिणमन नहीं किया अतः वह जीव हिंसाके फलका भोक्ता नहीं होता ॥५१॥

एकस्याल्पा हिंसा ददाति काले फलमनल्पम् ।
अन्यस्य महाहिंसा स्वल्पफला भवति परिपाके ॥५२॥

अन्वयार्थ : (एकस्य) एक जीवको तो (अल्पा) थोड़ी (हिंसा) हिंसा (काले) उदयकालमें (अनल्पम् ) बहुत (फलं) फलको (ददाति) देती है और (अन्यस्य) दूसरे जीवको (महाहिंसा) महान हिंसा भी (परिपाके) उदयकालमें (स्वल्पफला) अत्यन्त थोड़ा फल देनेवाली (भवति) होती है ।

टीका : एकस्य अल्पा हिंसा काले अनल्पं फलं ददाति - किसी एक जीवको थोड़ी भी हिंसा उदयकालमें बहुत फल देती है ।

भावार्थ : किसी जीवने बाह्य हिंसा तो थोड़ी ही की परन्तु प्रमादी होकर कषायरूप बहुत परिणमन किया इसलिये उदयकालमें हिंसाका फल बहुत पाता है । अन्यस्य महाहिंसा परिपाके स्वल्पफला भवति - अन्य किसी जीवकी बड़ी हिंसा उदयकालमें थोड़े ही फलको देनेवाली होती है ।

भावार्थ : किसी जीवने कारणवश बाह्य हिंसा तो बहुत की परन्तु उस क्रियामें उदासीन रहा, कषाय थोड़ी की, इसलिए उदयकालमें हिंसाका फल भी थोड़ा ही प्राप्त करता है ॥५२॥

एकस्य सैव तीव्रं दिशति फलं सैव मन्दमन्यस्य ।
व्रजति सहकारिणोरपि हिंसा वैचित्र्यमत्र फलकाले ॥५३॥

अन्वयार्थ : (सहकारिणोः अपि हिंसा) एक साथ मिलकर की हुई हिंसा भी (अत्र) इस (फलकाले) उदयकालमें (वैचित्र्यम् ) विचित्रताको (व्रजति) प्राप्त होती है और (एकस्य) किसी एकको (सा एव) वही हिंसा (तीव्रं) तीव्र (फलं) फल (दिशति) दिखलाती है और (अन्यस्य) किसी दूसरेको (सा एव) वही (हिंसा) हिंसा (मन्दम् ) तुच्छ फल देती है ।

टीका : सहकारिणोः अपि हिंसा अत्र फलकाले वैचित्र्यं व्रजति - दो पुरुषोंके द्वारा एक साथ मिलकर की गई हिंसा फलके समय विचित्ररूप - अनेक प्रकारताको प्राप्त होती है, वही कहते हैं । एकस्य सैव तीव्रं फलं दिशति - एक पुरुषको तो वही हिंसा तीव्र फलको देती है, अन्यस्य सा एव मन्दं फलं दिशति - दूसरे जीवको वही हिंसा मन्दफलको देती है ।

भावार्थ : दो पुरुषोंने बाह्य हिंसा तो एक साथ की परन्तु उस कार्यमें जिसने तीव्रकषायसे हिंसा की उसके आसक्तता अधिक होनेसे उदयकालमें तीव्रफल होता है जिसके मन्दकषायसे आसक्तता विशेष नहीं हुई उसे उदयकालमें मन्दफल प्राप्त होता है ॥५३॥

प्रागेव फलति हिंसा क्रियमाणा फलति फलति च कृता अपि ।
आरभ्य कर्तुमकृतापि फलति हिंसानुभावेन ॥५४॥

अन्यवार्थ : (हिंसा) कोई हिंसा (प्राक् एव) पहले ही (फलति) फल देती है कोई (क्रियमाणा) करते करते (फलति) फल देती है कोई (कृता अपि) कर लेनेके बाद (फलति) फल देती है (च) और कोई (कर्तुम् आरभ्य) हिंसा करनेका आरम्भ करके (अकृता अपि) न किये जाने पर भी (फलति) फल देती है । इसी कारण (हिंसा) हिंसा (अनुभावेन) कषायभाव अनुसार ही (फलति) फल देती है ।

टीका : च हिंसा प्राक् एव फलति - कोई हिंसा पहले फल देती है ।

भावार्थ : किसी जीवने हिंसाका विचार किया था परन्तु वह तो नहीं बन सकी किन्तु उस विचारसे जो कर्म बाँधा था उसका फल उदयमें आया । तत्पश्चात् हिंसाका जो विचार किया था वह कार्य भी बाह्यमें बन गया, इस तरह हिंसा पहले ही फल देती है । क्रियमाणा फलति - तथा कोई हिंसा करते समय ही फल देती है ।

भावार्थ : किसीने हिंसाका विचार किया और उससे जो कर्मबन्ध किया वह कर्म जिस समय उदयमें आया उसी समय विचारानुसार बाह्य हिंसा बन गई । इस तरह हिंसा करते हुए ही उसका फल प्राप्त होता है । कृता अपि च फलति - तथा कोई हिंसा करनेके बाद फल देती है ।

भावार्थ : किसीने हिंसाका विचार किया और विचार अनुसार बाह्य हिंसा भी कर ली परन्तु उसका फल बादमें उदयमें आया इस भाँति कर लेनेके बादमें हिंसा फलित हुई । हिंसा कर्तुम् आरम्भ अपि फलति - किसीने हिंसा करनेकी शुरुआत की परन्तु बादमें नहीं की तो भी वह फलित होगी ।

भावार्थ : कोई जीव हिंसाका विचार करके हिंसा करनेमें उद्यमी हुआ, किन्तु बादमें कारणवश हिंसा नहीं की । ऐसी हिंसा भी फल देती है । इस प्रकार फल होनेका कारण कहते हैं ।

अनुभावेन - कषायभाव अनुसार फल होता है । यही पद अगले सूत्रोंमें भी देहली दीपक न्याय की तरह सर्वत्र जान लेना ।

इसीलिए मध्यमें कहा है :

एकः करोति हिंसां भवन्ति फलभागिनो बहवः ।
बहवो विदधति हिंसां हिंसाफलभुग् भवत्येकः ॥५५॥

अन्वयार्थ : (एकः) एक पुरुष (हिंसां) हिंसा (करोति) करता है परन्तु (फलभागिनः) फल भोगनेवाला (बहवः) बहुत (भवन्ति) होते हैं । इसी तरह (हिंसा) हिंसा (बहवः) अनेक पुरुष (विदधति) करते हैं परन्तु (हिंसाफलभुक्) हिंसाका फल भोगनेवाला (एकः) एक पुरुष (भवति) होता है ।

टीका : हिंसा एकः करोति फलभागिनः बहवः भवन्ति - कहीं हिंसा तो एक पुरुष करता है और फल भोक्ता अनेक होते हैं । उसका उदाहरण - चोरको (फांसीकी शिक्षामें) मारता तो एक चाण्डाल ही है परन्तु सर्व दर्शक रौद्र परिणाम करके पापके भोक्ता होते हैं । हिंसा बहवः विदधति एकः हिंसाफलभुक् भवति - कहीं हिंसा तो बहुत पुरुष करते हैं परन्तु हिंसाका फल भोक्ता एक ही पुरुष होता है । उसका उदाहरण : संग्राममें हिंसा तो बहुत पुरुष करते हैं परन्तु राजा स्वामित्वबद्धिसे उस हिंसाका प्रेरक होता है अतः वही सर्व हिंसाके फलका भोक्ता होता है ॥५५॥

कस्यापि दिशति हिंसा हिंसाफलमेकमेव फलकाले ।
अन्यस्य सैव हिंसा दिशत्यहिंसाफलं विपुलम् ॥५६॥

हिंसाफलमपरस्य तु ददात्यहिंसा तु परिणामे ।
इतरस्य पुनर्हिंसा दिशत्यहिंसाफलं नान्यत् ॥५७॥

अन्वयार्थ : (कस्यापि) किसी पुरुषको तो (हिंसा) हिंसा (फलकाले) उदयकालमें (एकमेव) एक ही (हिंसाफलं) हिंसाका फल (दिशति) देती है और (अन्यस्य) दूसरे किसी पुरुषको (सैव) वही (हिंसा) हिंसा (विपुलं) बहुत (अहिंसा फलं) अहिंसाका फल (दिशति) देती है । (तु अपरस्य) और अन्य किसीको (अहिंसा) अहिंसा (परिणामे) उदयकालमें (हिंसाफलं) हिंसाका फल (ददाति) देती है (तु पुनः) तथा (इतरस्य) दूसरे किसीको (हिंसा) हिंसा (अहिंसाफलं) अहिंसाका फल (दिशति) देती है (अन्यत् न) अन्य नहीं ।

टीका : तु अपरस्य अहिंसा परिणामे हिंसाफलं ददाति - दूसरे किसी जीवको अहिंसा, उदयके परिणाममें, हिंसाका फल देती है ।

भावार्थ : किसी जीवको अन्तरङ्गमें तो किसी जीवका बुरा करनेका परिणमन है परन्तु बाह्यमें उसे विश्वास दिलानेके लिए भला करता है, अथवा बुरा करे तो भी उसके पुण्यके उदयसे इसके निमित्तसे उसका भला हो जाता है । वहाँ बाह्यमें तो उसकी दया की परन्तु अन्तरङ्गमें हिंसाके परिणाम होनेसे हिंसाके फलको पाता है । पुनः इतरस्य हिंसा अहिंसाफलं दिशति, अन्यत् न - अन्य किसी जीवको हिंसा, अहिंसाके फलको देती है, अन्य फल नहीं ।

भावार्थ : किसीके अन्तरङ्गमें दयाभाव है और वह यत्नपूर्वक किसी दुःखी जीवको देखकर उसके दुःख निवारणमें प्रयत्नवान है फिर भी यदि उसे तत्काल कष्ट हो जाय अथवा यत्न करते हुए भी इसके निमित्तसे उस दुःखी जीवका प्राणघात हो जाय वहाँ यद्यपि बाह्यमें तो उसकी हिंसा ही हुई परन्तु अन्तरङ्ग परिणामसे वह अहिंसाके फलको प्राप्त करता है ॥५६-५७॥

इति विविधभङ्गगहने सुदुस्तरे मार्गमूढदृष्टीनाम् ।
गुरवो भवन्ति शरणं प्रबुद्धनयचक्रसञ्चाराः ॥५८॥

अन्वयार्थ : (इति) इस प्रकार (सुदुस्तरे) अत्यन्त कठिनतासे पार हो सकनेवाले (विविधभङ्गगहने) अनेक प्रकारके भंगोंसे युक्त गहन वनमें (मार्गमूढदृष्टीनाम् ) मार्ग भूले हुए पुरुषको (प्रबुद्धनयचक्रसञ्चाराः) अनेक प्रकारके नयसमूहके ज्ञाता (गुरवः) श्रीगुरु ही (शरणं) शरण (भवन्ति) होते हैं ।

टीका : इति सुदुस्तरे विविधभङ्गगहने मार्गमूढदृष्टीनां गुरवः शरणं भवन्ति - इस प्रकार सुगमपने जिसका पार नहीं पाया जा सकता ऐसे अनेक प्रकारके भंगरूपी गहन वनमें सत्यश्रद्धानस्वरूपमार्गमें जिसकी दृष्टि भ्रमित हो गई है उसके लिए श्रीगुरु ही शरण हैं । उनके द्वारा ही सत्यमार्गका स्वरूप जाना जा सकता है । कैसे हैं गुरु ? प्रबुद्धनयच्रसञ्चाराः - जिन्होंने अनेक प्रकारके नयसमूहका प्रवर्तन जाना है और सर्व नयोंको समझानेमें समर्थ हैं ॥५८॥

अत्यन्तनिशितधारं दुरासदं जिनवरस्य नयचक्रम् ।
खण्डयति धार्यमाणं मूर्धानं झटिति दुर्विदग्धानाम् ॥५९॥

अन्वयार्थ : (जिनवरस्य) जिनेन्द्र भगवानका (अत्यन्तनिशितधारं) अत्यन्त तीक्ष्ण धारवाला और (दुरासदं) दुःसाध्य (नयचक्रं) नयचक्र (धार्यमाणं) धारण करने पर (दुर्विदग्धानां) मिथ्याज्ञानी पुरुषोंके (मूर्धानं) मस्तकको (झटिति) तुरन्त ही (खण्डयति) खण्ड - खण्ड कर देता है ।

भावार्थ : जैनमतका नयभेद समझना अत्यन्त कठिन है । जो को मूढ़ पुरुष बिना समझे नयचक्रमें प्रवेश करता है वह लाभके बदले हानि उठाता है । इस प्रकार हिंसाका भंग कहा ॥५९॥

अब हिंसाके त्यागका उपदेश करते हैं :

अवबुध्य हिंस्यहिंसकहिंसाहिंसाफलानि तत्त्वेन ।
नित्यमवगूहमानैर्निजशक्त्या त्यज्यतां हिंसा ॥६०॥

अन्यवार्थ : (नित्यं) निरन्तर (अवगूहमानैः) संवरमें उद्यमी पुरुषोंको (तत्त्वेन) यथार्थ रीतिसे (हिंस्यहिंसकहिंसाहिंसाफलानि) हिंस्य, हिंसक, हिंसा और हिंसाका फल (अवबुध्य) जानकर (निजशक्त्या) अपनी शक्ति प्रमाण (हिंसा) हिंसा (त्यज्यता) छोड़नी चाहिए ।

टीका : नित्यं अवगूहमानैः निजशक्त्या हिंसा त्यज्यताम् - संवरमें उद्यमी जीवोंको सदैव अपनी शक्तिसे हिंसाका त्याग करना चाहिए । जितनी हिंसा छूट सके उतनी छोड़ना चाहिए । किस प्रकार ? तत्त्वेन हिंस्य हिंसक हिंसा हिंसाफलानि अवबुध्य - यथार्थ रीतिसे हिंस्य, हिंसक, हिंसा और हिंसाका फल - इन चार भावोंको जानकर हिंसाका त्याग करना उचित है । इन्हें जाने बिना त्याग होता नहीं है और यदि किया भी गया हो तो कार्यकारी नहीं है । उसमें -

१. हिंस्य - जिसकी हिंसा हो उसे हिंस्य कहते हैं । अपने भावप्राण अथवा द्रव्यप्राण तथा परजीवके भावप्राण या द्रव्यप्राण यह हिंस्यके भेद हैं । अथवा एकेन्द्रियादि जीवसमासके भेद जानना अथवा जहाँ जहाँ जीवके उत्पन्न होनेके स्थान हैं वह जानना चाहिए । उनका यथाख्यान वर्णन होता ही है ।

२. हिंसक - हिंसा करनेवाले जीवको हिंसक कहते हैं वहाँ प्रमादभावरूपसे परिणमन करनेवाले अथवा अयत्नाचारमें प्रवर्तन करनेवाले जीवको हिंसक जानना ।

३. हिंसा - हिंसाके पीड़ा पहुँचाना अथवा उसका घात करना हिंसा है । उसका वर्णन ऊपर कर आये हैं ।

४. हिंसाफल - हिंसासे जो कुछ फल प्राप्त हो उसे हिंसाफल कहते हैं । उस लोकमें तो हिंसक जीव निन्दा पाते हैं, राजा द्वारा दण्ड प्राप्त करते हैं और जिसकी यह हिंसा करना चाहता है यदि उसका वश चले तो वही इसका घात कर डालता है । तथा परलोकमें नरकादि गति पाता है, वहाँ नाना प्रकारके छेदन - भेदनादि शारीरिक, तथा अनेक प्रकारके मानसिक कष्ट भोगता है । नरकका वर्णन कोई कहाँ तक लिखे ? सर्व दुःखोंका ही समुदाय है । तिर्यंचादिका दुःख प्रत्यक्ष ही प्रतिभासित होता है । यह सब हिंसाका फल है । इस प्रकार हिंस्यको जानकर स्वयं ही उसका घात न करे, हिंसकको जानकर स्वयं वैसा न बने, हिंसाको जानकर उसका त्याग करे और हिंसाका फल जानकर उससे भयभीत रहे । इसलिये यह चार भेद जानना चाहिए ॥६०॥

आगे जो जीव हिंसाका त्याग करना चाहते हैं उन्हें प्रथम क्या करना चाहिये वह कहते हैं :

मद्यं मांसं क्षौद्रं पञ्चोदुम्बरफलानि यत्नेन ।
हिंसाव्युपरतिकामैर्मोक्तव्यानि प्रथममेव ॥६१॥

अन्वयार्थ : (हिंसाव्युपरतिकामै) हिंसाके त्यागके इच्छुक पुरुषोंको (प्रथममेव) प्रथम ही (यत्नेन) यत्नपूर्वक (मद्यं) शराब, (मांसं) मांस, (क्षौद्रं) मधु शहद और (पञ्चोदुम्बरफलानि) *पांच उदुम्बर फल (मोक्तव्यानि) छोड़ देना चाहिये । टीका : हिंसाव्युपरतिकामैः पथमं एव यत्नेन, मद्यं, मासं, क्षौद्रं, पंच उदुम्बरफलानि मोक्तव्यानि - जो जीव हिंसाका त्याग करना चाहते हैं उन्हें प्रथम ही यत्नपूर्वक मद्य, मांस, मधु और पाँच उदुम्बरफल यह आठ वस्तुएँ त्याग करने योग्य हैं ॥६१॥

* पांच उदुम्बर फलोंके नाम - बड़-पीपल अर्थात् गूलरके फल - पाकर - ऊमर - काठूमर (फणस) के फल (अंजीर भी ऊमर फलमें या कठूमरमें समझना)

वहाँ प्रथम ही मद्यके दोषको कहते हैं :

मद्यं मोहयति मनो मोहितचित्तस्तु विस्मरति धर्मम् ।
विस्मृतधर्मा जीवो हिंसामविशङ्कमाचरति ॥६२॥

अन्वयार्थ : (मद्यं) मदिरा (मनोमोहयति) मनको मोहित करती है और (मोहितचित्तः) मोहित चित्त पुरुष (तु) तो (धर्मम् ) धर्मको (विस्मरति) भूल जाता है तथा (विस्मृतधर्मा) धर्मको भुला हुआ (जीवः) जीव (अविशङ्कम् ) निःशंक - निडर होकर (हिंसां) हिंसाका (आचरति) आचरण करता है ।

टीका : मद्यं मनः मोहयति - मदिरा मनको मोहित करती है । मदिरा पीनेके बाद कुछ होश नहीं रहता तु मोहितचित्तः धर्मं विस्मरति - और मोहित चित्तवाला मनुष्य धर्मको भूल जाता है । खबर बिना धर्मको कौन संभाले ? विस्मृतधर्मा जीवः अविशङ्कम् हिंसा आचरति - धर्मको भूला हुआ जीव निःशंक होकर बेधड़क हिंसाका आचरण करता है । धर्मकी खबर न होनेसे हिंसा करनेमें डर किसका करे ? इसलिए मदिरा हिंसाका परम्परा कारण है ॥६२॥

आगे मदिराको हिंसाका साक्षात् कारण बताते हैं :

रसजानां च बहूनां जीवानां योनिरिष्यते मद्यम् ।
मद्यं भजतां तेषां हिंसा संजायतेऽवश्यम् ॥६३॥

अन्वयार्थ : (च) और (मद्यं) मदिरा (बहूनां) बहुत (रसजानां जीवानां) रससे उत्पन्न हुए जीवोंका (योनिः) उत्पत्ति स्थान (इष्यते) माना जाता है । इसलिए जो (मद्यं) मदिराका (भजतां) सेवन करता है उसके (तेषां) उन जीवोंकी (हिंसा) हिंसा (अवश्यम् ) अवश्य ही (संजायते) होती है ।

टीका : च मद्यं रसजानां जीवानां बहूनां योनिः इष्यते - मदिरा रससे उत्पन्न हुए बहुत एकेन्द्रियादि जीवोंकी योनि अर्थात् उत्पत्ति-स्थान है इसलिए मद्यं भजतां तेषां हिंसा अवश्यं संजायते - जो मदिरापान करता है उसके उन मदिराके जीवोंकी हिंसा अवश्यमेव होती है । मदिरामें जो जीव पैदा हुए थे उन सबको यह पी गया तो हिंसा कैसे नहीं हुई ॥६३॥

आगे मदिरामें भावित हिंसा बताते हैं :

अभिमानभयजुगुप्साहास्यारतिशोककामकोपाद्याः ।
हिंसायाः पर्यायाः सर्वेऽपि च सरकसन्निहिताः ॥६४॥

अन्वयार्थ : (च) और (अभिमानभयजुगुप्साहास्यारतिशोककामकोपाद्याः) अभिमान, भय, ग्लानि, हास्य, अरति, शोक, काम, क्रोधादि (हिंसायाः) हिंसाके (पर्यायाः) भेद हैं और (सर्वेऽपि) यह सभी (सकलसन्निहिताः) मदिराके निकटवर्ती हैं ।

टीका : च अभिमान भय जुगुप्सा हास्य अरति शोक काम कोपाद्याः हिंसायाः पर्यायाः सर्वे अपि सरकन्निहिताः - तथा अभिमान, भय, जुगुप्सा, हास्य, अरति, शोक, काम, क्रोधादि जितने हिंसाके भेद हैं वे सभी मदिराके निकटवर्ती है । एक मदिरापान करनेसे वे सभी तीव्ररूपसे ऐसे प्रगट होते हैं कि माताके साथ भी कामक्रीड़ा करनेको तैयार हो जाता है । अभिमानादिका लक्षण पूर्वमें वर्णन कर चुके हैं । इस प्रकार मदिराका प्रत्यक्ष दोष जानकर मदिराका त्याग करना योग्य है । इसके अतिरिक्त जो अन्य मादक - नशावाली वस्तुयें हैं उनमें भी हिंसाके भेद प्रगट होते हैं अतः उन सबका भी त्याग करना उचित है ॥६४॥

आगे मांसके दोष बताते हैं :

न विना प्राणिविघातान्मांसस्योत्पत्तिरिष्यते यस्मात् ।
मांसं भजतस्तस्मात् प्रसरत्यनिवारिता हिंसा ॥६५॥

अन्वयार्थ : (यस्मात् ) कारण कि (प्राणिविघातात् बिना) प्राणियोंका घात किए बिना (मांसस्य) मांसकी (उत्पत्तिः) उत्पत्ति (न इष्यते) नहीं मानी जा सकती (तस्मात् ) इसलिए (मांसं भजतः) मांसभक्षी पुरुषको (अनिवारिता) अनिवार्यरूपसे (हिंसा) हिंसा (प्रसरति) फैलती है ।

टीका : यस्मात् प्राणिविघातात् बिना मांसस्य उत्पत्ति न इष्यते - प्राणियों - जीवोंके घात किए बिना मांसकी उत्पत्ति देखनेमें नहीं आती । मांस (द्विइन्द्रियादि) जीवोंके शरीरमें होता है, दूसरी जगह नहीं । अतः उनके घात करने पर ही मांस मिलता है । तस्मात् मांसं भजतः अनिवारिता हिंसा प्रसरति - इसलिए मांसभक्षीको अनिवार्य हिंसा फैलती है - लगती है । मांस खानेवाला हिंसाको कैसे नहीं करे ? अवश्य करे ही करे ॥६५॥

आगे कोई कहे कि स्वयं जीवको न मारे तो दोष नहीं है, उससे कहते हैं :

यदपि किल भवति मांसं स्वयमेव मृतस्य महिषवृषभादेः ।
तत्रापि भवति हिंसा तदाश्रितनिगोतनिर्मथनात् ॥६६॥

अन्वयार्थ : (यद्यपि) यद्यपि (किल) यह सत्य है कि (स्वयमेव) अपने आप ही (मृतस्य) मरे हुए (महिषवृषभादेः) भैंस, बैल इत्यादिका (मांसं) मांस (भवति) होता है परन्तु (तत्रापि) वहाँ भी अर्थात् उस मांसके भक्षण करनेमें भी (तदाश्रितनिगोतनिर्मथनात् ) उस मांसके आश्रय रहनेवाले उसी जातिके निगोद जीवोंके मन्थनसे (हिंसा) हिंसा (भवति) होती है ।

टीका : यद्यपि किल स्वयमेव मृतस्य महिषवृषभादेः मांसं भवति तत्र अपि हिंसा भवति - यद्यपि प्रगटरूपसे अपने आप मरे हुए भैंस, बैल वगैरह जीवोंका मांस होता है तो भी उस मांसभक्षणमें भी हिंसा होती है । किस प्रकार ? तदाश्रित निगोद निर्मथनात् - स्वयं तो जीवको नहीं मारा परन्तु फिर भी उस मांसके आश्रित जो निगोदरूप अनन्त जीव रहते हैं उनके घात करनेसे हिंसा होती है ॥६६॥

मागे मांसमें निगोदकी उत्पत्ति कहते हैं :

आमास्वपि पक्वास्वपि विपच्यमानासु मांसपेशीषु ।
सातत्येनोत्पादस्तज्जातीनां निगोतानाम् ॥६७॥

अन्वयार्थ : (आमासु) कच्ची (पक्कासु) पक्की (अपि) तथा (विपच्यमानासु) पकती हुई (अपि) भी (मांसपेशीषु) मांसपेशियोंमें (तज्जातीनां) उसी जातिके (निगोतानाम् ) सम्मूर्छन जीवोंका (सातत्येन) निरन्तर (उत्पादः) उत्पाद होता है ।

टीका : आमास्वपि, पक्कास्वपि, विपच्यमानासु मांसपेशीषु तज्जातीनां निगोतानाम् सातत्येन उत्पादः अस्ति - कच्चा हो, अग्नि पर पका हुआ हो, अथवा अग्नि पर पक रहा हो ऐसे सर्व मांसके टुकड़ोंमें उसी जातिके निगोदिया अनन्त जीव समय - समय निरन्तर उत्पन्न होते रहते हैं । सर्व अवस्थाओंमें मांसके टुकड़ोंमें निरन्तर उसी मांस जैसे नए-नए अनन्त जीव उत्पन्न होते रहते हैं ॥६७॥

आगे मांससे हिंसा होती है ऐसा प्रगट करते हैं :

आमां वा पक्वां वा खादति यः स्पृशति वा पिशितपेशीम् ।
स निहन्ति सततनिचितं पिण्डं बहुजीवकोटीनाम् ॥६८॥

अन्वयार्थ : (यः) जो जीव (आमां) कच्ची (वा) अथवा (पक्कां) अग्निमें पकी हुई (पिशितपेशीम् ) मांसकी पेशीको (खादति) खाता है (वा) अथवा (स्पृशति) छूता है (सः) वह पुरुष (सततनिचितं) निरन्तर इकट्ठे हुए (बहुजीवकोटिनाम् ) अनेक जातिके जीव समूहके (पिण्डं) पिण्डका (निहन्ति) घात करता है ।

टीका : यः आमां वा पक्कां पिशितपेशीम् खादति वा स्पृशति सः सततनिचितं बहुजीवकोटिनाम् पिण्डं निहन्ति - जो जीव कच्चा अथवा अग्निमें पकाये हुए मांसके टुकड़ेका भक्षण करता है अथवा हाथ वगैरहसे स्पर्श करता है वह जीव निरन्तर जिसमें अनेक जातिके जीव इकट्ठे हुए थे, उस पिण्डका घात करता है । मांसमें तो निरन्तर जीव उत्पन्न हो-होकर इकट्ठे हुए थे । इसने उस मांसका भक्षण किया अथवा स्पर्श किया इससे उन जीवोंकी परम हिंसा उत्पन्न हुई अतः मांसका त्याग अवश्य करना चाहिए । जिन दूसरी वस्तुओंमें भी बहुत जीवोंकी उत्पत्ति पाई जाती है वह सभी वस्तुएँ त्याग करने योग्य हैं ॥६८॥

आगे मधुके दोष बताते हैं :

मधुशकलमपि प्रायो मधुकरहिंसात्मकं भवति लोके ।
भजति मधु मूढधीको यः स भवति हिंसकोऽत्यन्तम् ॥६९॥

अन्वयार्थ : (लोके) इस लोकमें (मधुशकलमपि) मधुकी एक बूँद भी (प्रायः) बहुत करके (मधुकरहिंसात्मकं) मधुकर - भौंरोकी अथवा मधुमक्खियोंकी हिंसास्वरूप (भवति) होती है इसलिए (यः) जो (मूढधीकः) मूर्खबुद्धि मनुष्य (मधु भजति) मधुका भक्षण करता है (सः) वह (अत्यन्तं हिंसकः) अत्यन्त हिंसा करनेवाला होता है, इसलिये सर्वथा प्रकार मधुका त्याग करना योग्य है ॥६९॥

स्वयमेव विगलितं यो गृह्णीयाद्वा छलेन मधुगोलात् ।
तत्रापि भवति हिंसा तदाश्रयप्राणिनां घातात् ॥७०॥

अन्वयार्थ : (यः) जो कोई (छलन) कपटसे (वा) अथवा (गोलात् ) मधुछत्तामेंसे (स्वयमेव विगलितम् ) अपने आप टपका हुआ (मधु) मधुका (गृह्णीयात् ) ग्रहण करता है (तत्रापि) वहाँ भी (तदाश्रय प्राणिनाम् ) उसके आश्रयभूत जन्तुओंके (घातात् ) घातसे (हिंसा) हिंसा (भवति) होती है ।

आगे इस त्यागको समुच्चय रूपसे कहते हैं :

मधु मद्यं नवनीतं पिशितं च महाविकृतयस्ताः ।
वल्भ्यन्ते न व्रतिना तद्वर्णा जन्तवस्तत्र ॥७१॥

अन्वयार्थ : (मधु) शहद (मद्यं) मदिरा (नवनीतं) मक्खन (च) और (पिशितं) मांस (महाविकृतयः) महान विकारोंको धारण करनेवाले (ताः) इन चारों पदार्थोंको (व्रतिना) व्रती पुरुष (न वल्भ्यन्ते) भक्षण न करे । कारण कि (तत्र) उन वस्तुऔंमें (तद्वर्णा) उस जातिके उसी वर्णके धारी (जन्तवः) जीव रहते हैं ।

टीका : व्रतिना मधु मद्यं नवनीतं च पिशितं ताः महाविकृतयः न वल्भ्यन्ते - व्रतधारी जीवोंको मधु, मदिरा, *मक्खन और मांस जो बहुत विकारको धारण करनेवाले हैं, तथा इन्हींके समान अन्य विकारयुक्त पदार्थोंका भक्षण नहीं करना चाहिए । मधुकी एक बूँद भी मक्खीकी हिंसासे मिलती है । जो मन्दबुद्धि शहद खाते हैं वे अत्यन्त हिंसक हैं । जो स्वयमेव टपका हुआ अथवा कपट करके मधुछत्तामेंसे मधु लेते हैं वह भी हिंसक हैं । कारण कि मधुके आश्रय रहनेवाले जीवोंकी हिंसा तो उस समय भी होती है । व्रती पुरुष इन वस्तुओंका भक्षण नहीं करता । किसलिये ? तत्र तद्वर्णाः जन्तवः - उस वस्तुमें उसी रंगवाले बहुत जीव होते हैं । जैसे वह वस्तु है वैसे ही उसमें जीव होते हैं । अन्य वस्तुओंके कहनेसे चमड़ेसे स्पर्शित घी, तेल, जल अथवा संधान, आचार, विष, मिट्टी इत्यादि अभक्ष्य वस्तुओंका त्याग करना योग्य है । मुख्यरूपसे मद्य, मांस, मधुका त्याग करवाया तत्पश्चात् अन्य अभक्ष्य वस्तुओंको छोड़नेका उपदेश किया ॥७१॥

*मक्खनको दहीमेंसे निकालनेके बाद अन्तर्मुहूर्त्तमें ही तपा लेना चाहिए, अन्यथा वह अभक्ष्य हो जावेगा ।

आगे पाँच उदुम्बर फलके दोष बताते हैं :

योनिरुदुम्बरयुग्मं प्लक्षन्यग्रोधपिप्पलफलानि ।
त्रसजीवानां तस्मात्तेषां तद्भक्षणे हिंसा ॥७२॥

अन्वयार्थ : (उदुम्बरयुग्मं) ऊमर, कठूमर (प्लक्षन्यग्रोधपिप्पलफलानि) पाकर (अंजीर) बड़के फल और पीपल वृक्षके फल (त्रसजीवानां) त्रस जीवोंकी (योनिः) खान हैं (तस्मात् ) इसलिए (तद्भक्षणे) उनके भक्षणमें (तेषां) उन त्रस जीवोंकी (हिंसा) हिंसा होती है ।

टीका : उदुम्बरयुग्मं प्लक्ष न्यग्रोध पिप्पलफलानि त्रसजीवानां योनिः - उदुम्बर और कठूमर यह दो तथा पाकर (अंजीर), बड़ और पीपलके फल यह तीन - यह सभी त्रस जीवोंकी योनि हैं । इनमें उड़ते हुए जीव दिखाई पड़ते हैं । तस्मात् तद्भक्षणे तेषां हिंसा भवति - अतः इन पाँच वस्तुओंके भक्षणमें उन त्रस जीवोंकी हिंसा होती है ॥७२॥

यदि कोई कहे कि इन पाँच उदुम्बरादि फलोंमें त्रस जीव न हों तब तो भक्षण कर लें ? उसके लिए आगे कहते हैं :

यानि तु पुनर्भवेयुः कालोच्छिन्नत्रसाणि शुष्काणि ।
भजतस्तान्यपि हिंसा विशिष्ट रागादिरूपा स्यात् ॥७३॥

अन्वयार्थ : (तु पुनः) और फिर (यानि) यह पाँच उदुम्बर (शुष्कानि) सूखे हुए (कालोच्छिन्नत्रसाणि) समय बीतने पर त्रसरहित (भवेयुः) हो गए हों (तान्यपि) उनके भी (भजतः) भक्षण करनेवालेको (विशिष्टरागादिरूपा) विशेष रागादिरूप (हिंसा) हिंसा (स्यात् ) होती है ।

टीका : तु पुनः यानि शुष्काणि कालोच्छिन्नत्रसाणि भवेयुः तान्यपि भजतः हिंसा स्यात् - फिर जो पाँच उदुम्बरादि फल काल पाकर त्रस जीव रहित शुष्क हो गए हों तो भी उन्हें खानेवालेको हिंसा होती है । कैसी हिंसा होती है ? विशिष्ट रागादिरूपा - जिसमें विशेष रागभाव हुआ है ऐसे स्वरूपवाली । जो अधिक राग न होता तो ऐसी निन्द्य वस्तु किसलिए ग्रहण करता ? अतः जहाँ अधिक रागभाव हुआ वही हिंसा है । जैसे किसीने हरी वस्तु नहीं खाई परन्तु उस वस्तुमें रागभावके सद्भावके कारण उसे सुखाकर खाया । जो राग न हो तो किसलिए ऐसा प्रयास करे ?

प्रश्न : यदि सूखी हुई वस्तुमें दोष है तो अन्न क्यों खाते हैं ?

उत्तर : अन्न निन्द्य नहीं है । तथा वह तो रागभावके बिना सहज प्रवृत्तिसे सूखता है, और उसका भक्षण भी सामान्य पेट भरनेके निमित्त किया जाता है अतः कुछ विशेष राग होनेका कारण नहीं है । यहाँ तो विशेषरूपसे रागभावका होना ही हिंसा है - ऐसा बताया गया है ॥७३॥

आगे इस कथनका संकोच करते हैं :

अष्टावनिष्टदुस्तरदुरितायतनान्यमूनि परिवर्ज्य ।
जिनधर्मदेशनाया भवन्ति पात्राणि शुद्धधियः ॥७४॥

अन्वयार्थ : (अनिष्टदुस्तरदुरितायतनानि) दुःखदायक दुस्तर और पापके स्थान (अमूनि) ऐसे (अष्टौ) आठ पदार्थोंका (परिवर्ज्य) परित्याग करके (शुद्धधियः) निर्मल बुद्धिवाले पुरुष (जिनधर्मदेशनायाः) जैनधर्मके उपदेशके (पात्राणि) पात्र (भवन्ति) होते हैं ।

टीका : अनिष्टदुस्तरदुरितआयतनानि अमूनि अष्टौ परिवर्ज्य शुद्धधियः जिनधर्मदेशनायाः पात्राणि भवन्ति - महादुःखदायक और सुगमतासे जिनका पार न पाया जा सके ऐसे महापापके स्थानरूप इन आठ वस्तुओंके खानेसे महापाप उत्पन्न होता है । अतः इन्हें सर्वथा छोड़कर, निर्मल बुद्धिवाला होता हुआ, जैनधर्मके उपदेशका पात्र होता है । प्रथम इनका त्याग कराया जाय, तत्पश्चात् ही कोई अन्य उपदेश दिया जाय । जैसे जड़के बिना वृक्ष नहीं होता वैसे ही इनका त्याग किए बिना श्रावक नहीं होता । इसी कारण इनका नाम मूलगुण है ॥७४॥

आगे इन हिंसादिकके त्याग करनेका विधान कहते हैं :

कृतकारितानुमननैर्वाक्कायमनोभिरिष्यते नवधा ।
औत्सर्गिकी निवृत्तिर्विचित्ररूपापवादिकी त्वेषा ॥७५॥

अन्वयार्थ : (औत्सर्गिकी निवृत्तिः) उत्सर्गरूप निवृत्ति अर्थात् सामान्य त्याग (कृतकारितअनुमननैः) कृत, कारित और अनुमोदनारूप (वाक्कायमनोभिः) मन, वचन और कायसे (नवधा) नव प्रकारसे (इष्यते) माना गया है (तु) और (एषा) यह (अपवादिकी) अपवादरूप निवृत्ति (विचित्ररूपा) अनेकरूप है ।

टीका : औत्सर्गिकी निवृत्तिः कृतकारितानुमोदनैः वाक्कायमनोभिः नवधा इष्यते - यह उत्सर्गरूप त्याग कृत, कारित, अनुमोदन सहित मन, वचन, कायके भेदसे नौ प्रकारका कहा गया है, तु अपवादिकी एषा विचित्ररूपा - और अपवादरूप त्याग अनेक प्रकार है ।

भावार्थ : हिंसादिका त्याग दो प्रकारका है । एक उत्सर्ग त्याग और दूसरा अपवाद त्याग । उत्सर्ग अर्थात् सामान्य । सामान्यरूपसे सर्वथा प्रकार त्याग करनेको उत्सर्ग त्याग कहते हैं । उसके नौ भेद हैं । मनसे स्वयं करनेका चिन्तवन न करे, दूसरेके द्वारा करवानेका चिन्तवन न करे, और किसीने किया हो उसे भला न जाने । वचनसे स्वयं करनेके लिए न कहे, अन्यको करवानेके लिए उपदेश न दे, किसीने किया हो उसे भला न कहे । कायसे स्वयं न करे, अन्यको हाथ इत्यादिसे प्रेरित करके न करावे, किसीने किया हो उसकी हस्तादिकसे प्रशंसा न करे । यह नव भेद कहे । तथा अपवाद त्याग अनेक प्रकारका है । यह नव भङ्ग बताये उनमेंसे कितने ही भंगोंसे अमुक प्रकार त्याग करे, अमुक प्रकार न करे, अथवा थोड़ा या बहुत त्याग करे, इस रीतसे मुझे यह कार्य करना, इस रीतिसे नहीं करना, इस भांति अपवाद त्याग भिन्न-भिन्न प्रकारका है । अतः शक्य हो उस रीतिसे त्याग करना ॥७५॥

आगे हिंसाके त्यागके दो प्रकार कहते हैं :

धर्ममहिंसारूपं संशृण्वन्तोपि ये परित्यक्तुम् ।
स्थावरहिंसामसहास्त्रसहिंसां तेऽपि मुञ्चन्तु ॥७६॥

अन्वयार्थ : (ये) जो जीव (अहिंसारूपं) अहिंसारूप (धर्मं) धर्मको (संशृण्वन्तः अपि) भले प्रकार सुनकर भी (स्थावर हिंसां) स्थावर जीवोंकी हिंसा (परित्युक्तम् ) छोड़नेका (असहाः) असमर्थ हैं (ते अपि) वे जीव भी (त्रसहिंसां) त्रस जीवोंकी हिंसा (मुञ्चन्तु) त्याग दें ।

टीका : ये अहिंसारूपं धर्मं संशृण्वन्तः अपि स्थावरहिंसां परित्यक्तम् असहाः ते अपि त्रसहिंसां मुञ्चन्तु - जो जीव, अहिंसा ही जिसका स्वरूप है ऐसे, धर्मका श्रवण गुरुमुखसे करते हैं परन्तु रागभावके वशसे स्थावर हिंसा छोड़नेका समर्थ नहीं हैं उन जीवोंको भी त्रसहिंसाका त्याग तो करना ही चाहिए ।

भावार्थ : हिंसाका त्याग दो प्रकारसे है । एक तो सर्वथा त्याग है वह मुनिधर्ममें होता है उसे अंगीकार करना चाहिये । किन्तु यदि कषायवश सर्वथा त्याग न बन सके तो त्रस जीवोंकी हिंसाका त्याग करके श्रावकधर्मको अंगीकार करना चाहिए । यहाँ कोई त्रसजीवका स्वरूप पूछे तो उससे कहते हैं कि संसारी जीव दो प्रकारके हैं । एक स्थावर और एक त्रस । जो एक स्पर्शेन्द्रिय सहित एकेन्द्रिय जीव हैं वह स्थावर हैं उनके पाँच भेद हैं । पृथ्वीकायिक, जलकायिक, अग्निकायिक, वायुकायिक और वनस्पतिकायिक । जो द्वीन्द्रियादिक जीव हैं उन्हें त्रस कहते हैं, उनके चारर भेद हैं । स्पर्शन और रसना इन्द्रिय सहित लट, कौड़ी शंख, गिंजाई वगैरह दो इन्द्रिय जीव हैं । स्पर्श, जीभ और नासिका संयुक्त कीड़ी, मकोड़ा, कानखजूरा वगैरह तीन इन्द्रिय जीव हैं । स्पर्श, जीभ, नाक और आँख सहित मक्खी, भौंरा, पतंगा इत्यादि चतुरिन्द्रिय जीव हैं । स्पर्श, जिह्वा, नासिका, नेत्र और कर्ण सहित जीव पंचेन्द्रिय हैं । उनके दो भेद हैं । जिसके मन पाया जाय उसे सेनी (संज्ञा) और जिसके मन न पाया जाय उसे असेनी (असंज्ञी) कहते हैं । इनमें संज्ञी पंचेन्द्रियको छोड़कर शेष सभी तिर्यंचगतिके भेद हैं । संज्ञी पंचेन्द्रियके चार प्रकार हैं । देव, मनुष्य, नारकी और तिर्यंच । इनमें देव भवनवासी, व्यन्तर, ज्योतिषी और कल्पवासीके भेदसे चार प्रकारके हैं । मनुष्य आर्य और म्लेच्छके भेदसे दो प्रकारके हैं । नारकी जीव सात भूमियोंकी अपेक्षासे सात प्रकारके हैं । तिर्यंचोंमें मच्छादिक जलचर, वृषभादिक स्थलचर और हंसादिक नभचर - यह तीन प्रकार हैं । त्रस - स्थावरके यह भेद जानकर इनकी रक्षा करना चाहिए ॥७६॥

आगे श्रावकको स्थावरहिंसामें भी स्वच्छंदपनेका निषेध करते हैं :

स्तोकैकेन्द्रियघाताद्गृहिणां सम्पन्नयोग्यविषयाणाम् ।
शेषस्थावरमारणविरमणमपि भवति करणीयम् ॥७७॥

अन्वयार्थ : (सम्पन्नयोग्यविषयाणाम् ) इन्द्रिय - विषयोंको न्यायपूर्वक सेवन करनेवाले (गृहिणाम् ) गृहस्थोंको (स्तोकैकेन्द्रियघातात् ) अल्प एकेन्द्रियके घातके अतिरिक्त (शेषस्थावरमारणविरमणमपि) बाकीके स्थावर (एकेन्द्रिय) जीवोंके मारनेका त्याग भी (करणीयम् ) करने योग्य (भवति) है ।

टीका : सम्पन्नयोग्यविषयाणां गृहिणां स्तोकैकेन्द्रियघातात् शेषस्थावरमारणविरमण अपि करणीयम् भवति - न्यायपूर्वक इन्द्रियोंके विषयोंको सेवन करनेवाले श्रावकोंको यत्नवान होने पर भी थोड़ा एकेन्द्रियका घात होता है वह तो होवे किन्तु शेष स्थावर जीवोंको बिना कारण मारनेका त्याग भी उसे करना योग्य है ।

भावार्थ : योग्य विषयोंका सेवन करते समय सावधानी वर्तते हुए भी स्थावरकी हिंसा होती है वह तो होती ही है परन्तु अन्य स्थावर जीवकी हिंसा करनेका त्याग तो करना चाहिए ॥७७॥

आगे इस अहिंसाधर्मका साधन करते हुए सावधान करते हैं :

अमृतत्त्वहेतुभूतं परममहिंसारसायनं लब्ध्वा ।
अवलोक्य बालिशानामसमञ्जसमाकुलैर्न भवितव्यम् ॥७८॥

अन्वयार्थ : (अमृतत्त्वहेतुभूतं) अमृत अर्थात् मोक्षका कारणभूत (परमं) उत्कृष्ट (अहिंसारसायनं) अहिंसारूपी रसायन (लब्ध्वा) प्राप्त करके (बालिशानां) अज्ञानी जीवोंका (असमञ्जसम् ) असंगत वर्तन (अवलोक्य) देखकर (आकुलैः) व्याकुल (न भवितव्यम् ) नहीं होना चाहिये ।

टीका : अमृतत्त्वहेतुभूतं परमअहिंसारसायनं लब्ध्वा बालिशानां असमञ्जसम् अवलोक्य आकुलैः न भवितव्यम् - मोक्षका कारणभूत उत्कृष्ट अहिंसारूपी रसायन प्राप्त करके अज्ञानी जीवोंका मिथ्यात्वभाव देखकर व्याकुल नहीं होना चाहिए ।

भावार्थ : आप तो अहिंसाधर्मका साधन करता है और कोई मिथ्यादृष्टि अनेक युक्तियोंसे हिंसाको धर्म ठहराकर उससे प्रवर्त्तन करे तो उसकी कीर्ति देखकर स्वयंको धर्ममें आकुलता नहीं उत्पन्न करना चाहिए अथवा कदाचित् आपके तो पूर्वबद्ध बहुत पापके उदयसे असाता उत्पन्न हुई हो और उसके तो बहुत पूर्व पुण्यके उदयसे किंचित् साता उत्पन्न हुई हो तो भी अपनेको उदयावस्थाका विचार करके धर्ममें आकुलता नहीं करना चाहिए ॥७८॥

आगे मिथ्यादृष्टि युक्तिसे हिंसामें धर्म ठहराता है उसको प्रगट करके श्रद्धालु श्रावकको सावधान करते हैं । वह बारह सूत्रोंमें कहते हैं :

सूक्ष्मो भगवद्धर्मो धर्मार्थं हिंसने न दोषोऽस्ति ।
इति धर्ममुग्धहृदयैर्न जातु भूत्वा शरीरिणो हिंस्याः ॥७९॥

अन्वयार्थ : (भगवद्धर्मः) भगवानका कहा हुआ धर्म (सूक्ष्मः) बहुत बारीक है इसलिए (धर्मार्थं) धर्मके निमित्तसे (हिंसने) (हिंसा करनेमें) (दोषः) दोष (नास्ति) नहीं है (इति धर्ममुग्धहृदयैः) ऐसा धर्ममूढ़ अर्थात् भ्रमरूप हृदयवाला (भूत्वा) होकर (जातु) कभी भी (शरीरिणः) शरीधारी जीवोंको (न हिंस्याः) नहीं मारना चाहिए ।

टीका : भगवद्धर्मः सूक्ष्मः - ज्ञान सहित धर्म सूक्ष्म है, अतः धर्मार्थे हिंसने दोषः न अस्ति - धर्मके निमित्तसे हिंसा करनेमें दोष नहीं है । इति धर्ममुग्धहृदयैः भूत्वा शरीरिणः जातु न हिंस्याः - इस प्रकार धर्ममें जिनका चित्त भ्रमरूप हुआ है वैसे होकर प्राणियोंको कभी भी मत मारो ।

भावार्थ : कोई अज्ञानी कहता है कि दूसरी जगह तो हिंसा करना पाप है परन्तु यज्ञादिमें धर्मके निमित्तसे तो हिंसा करनेमें कोई दोष नहीं है । इस श्रद्धानके साथ हिंसामें प्रवर्तन करना योग्य नहीं है । जहाँ हिंसा है वहाँ धर्म कभी नहीं है ।

प्रश्न : जैनमतमें मन्दिर बनवाया, पूजा - प्रतिष्ठा आदि करना कहा है वहाँ धर्म है कि नहीं ?

उत्तर : मन्दिर, पूजा, प्रतिष्ठादि कार्यमें यदि जीव हिंसा होनेका भय न रखे, यत्नाचारसे न प्रवर्त्ते, किन्तु केवल अपनी प्रतिष्ठा और मान पोषणके लिये जैसे - तैसे कार्य करे तो वहाँ धर्म नहीं है, पाप ही है । और यत्नपूर्वक कार्य करते हुए थोड़ी हिंसा हो तो उस हिंसाका पाप तो हुआ परन्तु धर्मानुरागसे पुण्य - संचय विशेष होता है अथवा अपना संचित धन खर्च करनेसे लोभकषायरूप अन्तरंग हिंसाका त्याग होता है । हिंसाका मूलकारण तो कषाय है, इसिलये तीव्रकषायरूप होकर उनकी हिंसा न करनेसे पाप भी थोड़ा हुआ । अतः इस रीतिसे पूजा - प्रतिष्ठादि करे तो पुण्यरूपी धर्म ही होता है । जैसे कोई मनुष्य धन खर्च करनेके लिये धन कमाता है तो उसे कमाया ही कहते हैं । यदि वह धन धर्मकार्यमें न लगाता तो उस धनसे विषय सेवन करके महापाप उत्पन्न करता, इस दृष्टिसे धर्मकार्यमें अल्प सावद्य लगने पर भी नफा ही हुआ । जिस प्रकार मुनि एक ही नगरमें रागादि (स्नेहादि) उत्पन्न होनेके भयसे वहाँ न ठहर कर विहार करते हैं, विहार करते हुए थोड़ी - बहुत हिंसा भी होती है परन्तु नफा - नुकसानका विचार करने पर एक ही नगरमें रहना योग्य नहीं है । उसी प्रकार यहाँ भी नफा - नुकसानका विचार करना चाहिए । एक सामान्य कथनसे विशेष कथनका निषेध नहीं करना चाहिए । ऐसा ही कार्य तो आरम्भी, अव्रती और तुच्छव्रती करते हैं अतः संक्षेपमें ऐसा ही उपदेश है कि - धर्मके निमित्तसे हिंसा नहीं करना चाहिए ॥७९॥

धर्मो हि देवताभ्यः प्रभवति ताभ्यः प्रदेयमिह सर्वम् ।
इति दुर्विवेककलितां धिषणां न प्राप्य देहिनो हिंस्याः ॥८०॥

अन्वयार्थ : (हि) निश्चयसे (धर्मः) धर्म (देवताभ्यः) देवोंसे (प्रभवति) उत्पन्न होता है इसलिये (इह) इस लोकमें (ताभ्यः) उनके लिये (सर्वं) सभी कुछ (प्रदेयम् ) दे देना चाहिये (इति दुर्विवेककलितां) ऐसी अविवेकसे ग्रसित (धिषणां) बुद्धि (प्राप्य) प्राप्त करके (देहिनः) शरीरधारी जीवोंको (न हिंस्याः) नहीं मारना चाहिए ।

टीका : हि धर्मः देवताभ्यः प्रभवति - निश्चयसे धर्म देवताओंसे उत्पन्न होता है, इह ताभ्यः सर्वं प्रदेयम् - इस लोकमें उन देवोंके निमित्त सब कुछ दे देना चाहिए । जीवोंको भी मारकर उन पर चढ़ा दो । इति दुर्विवेककलितां धिषणां प्राप्य देहिनः न हिंस्याः - ऐसी अविवेकपूर्ण बुद्धिसे प्राणियोंको नहीं मारना चाहिए ।

भावार्थ : देव, देवी, क्षेत्रपाल, काली, महाकाली, चण्डी, चामुण्डी इत्यादिके लिए हिंसा नहीं करना । परजीवके मारनेसे अपना भला कैसे हो सकता है ? सर्वथा नहीं हो सकता ॥८०॥

पूज्यनिमित्तं घाते छागादीनां न कोऽपि दोषोऽस्ति ।
इति संप्रधार्य कार्यं नातिथये सत्त्वसंज्ञपनम् ॥८१॥

अन्वयार्थ : (पूज्यनिमित्तं) पूज्य पुरुषोंके लिये (छागादीनां) बकरा वगैरह जीवोंको (घाते) घात करनेमें (कः अपि) कोई भी (दोषः) दोष (नास्ति) नहीं है (इति) ऐसा (संप्रधार्य) विचारकर (अतिशये) अतिथि अथवा शिष्ट पुरुषोंके लिए (सत्त्वसंज्ञपनम् ) जीवोंका घात (न कार्यम् ) नहीं करना चाहिये ।

टीका : पूज्यनिमित्तं छागादीनां घाते कोडपि दोषः न अस्ति - अपने गुरुके लिए बकरा आदि जीवोंके घातमें कुछ दोष नहीं है, इति संप्रधार्य अतिथये सत्त्वसंज्ञपनम् न कार्यम् - ऐसा सोचकर अतिथि (फकीर इत्यादि गुरु)के लिये जीवोंका घात नहीं करना चाहिए । भावार्थ : पापी, विषयलम्पटी और जिह्वलोलुपी, जो स्वयं तथा अन्य जीवोंको नरकमें ले जानेके लिये तैयार हैं, ऐसे कुगुरुओंके लिये भी हिंसा करना उचित नहीं है । हिंसासे उनका और अपना कैसे मोक्ष हो सकता है ? अर्थात् कदापि नहीं हो सकता ॥८१॥

बहुसत्त्वघातजनितादशनाद्वरमेकसत्त्वघातोत्थम् ।
इत्याकलय्य कार्यं न महासत्त्वस्य हिंसनं जातु ॥८२॥

अन्वयार्थ : (बहुसत्त्वघातजनितान्) बहुतसे जीवोंके घातसे उत्पन्न हुए (अशनात् ) भोजनकी अपेक्षा (एकसत्त्वघातोत्थम् ) एक जीवके घातसे उत्पन्न हुआ भोजन (वरम् ) अच्छा है (इति) ऐसा (आकलय्य) विचारकर (जातु) कभी भी (महासत्त्वस्य) बड़े त्रस जीवका (हिंसनं) घात (न कार्यम् ) नहीं करना चाहिये ।

टीका : बहुसत्त्वघातजनितान् अशनात् एक सत्त्वघातोत्थम् वरम् - बहुत जीवोंके नाशसे उत्पन्न हुए भोजनकी अपेक्षा एक जीवके मारनेसे उत्पन्न किया गया भोजन उत्कृष्ट है इति आकलय्य जातु महासत्त्वस्य हिंसनं न कार्यम् - ऐसा विचारकर कभी भी बड़े जीवकी भी हिंसा नहीं करना चाहिये ।

भावार्थ : कोई कहे कि अन्नके आहारमें तो बहुत जीव मरते हैं इसलिये एक बड़ा जीव मारकर भोजन करें तो बहुत भला, - ऐसा मानकर पंचेन्द्रिय जीवका घात करता है । वहाँ हिंसा तो प्राणघातसे है, और एकेन्द्रियकी अपेक्षा पंचेन्द्रियके द्रव्यप्राण तथा भावप्राण बहुत अधिक पाये जाते हैं । इसी कारण ऐसा उपदेश है कि बहुत एकेन्द्रियके जीवोंको मारनेकी अपेक्षा द्वीन्द्रिय जीवके मारनेका पाप अनेक गुणआ होता है तो पंचेन्द्रियके मारने पर क्यों न बहुत पाप होगा ? तथा द्वीन्द्रियसे लेकर पंचेन्द्रिय तकके जीवोंके मारनेमें तो मांसका आहार होता है जिसका दोष पहले ही कहा जा चुका है इसलिये ऐसा ही श्रद्धान करना उचित है ॥८२॥

रक्षा भवति बहूनामेकस्यैवास्य जीवहरणेन ।
इति मत्वा कर्त्तव्यं न हिंसनं हिंस्रसत्त्वानाम् ॥८३॥

अन्वयार्थ : (अस्य) इस (एकस्य जीव) एक ही (जीवहरणेन) जीवका घात करनेसे (बहूनाम् ) बहुत जीवोंकी (रक्षा भवति) रक्षा होती है, (इति मत्वा) ऐसा मानकर (हिंस्रसत्त्वानाम् ) हिंसक जीवोंकी भी (हिंसनं) हिंसा (न कर्त्तव्यम् ) नहीं करना चाहिये । टीका : अस्य एकस्य जीवहरणेन बहूनाम् रक्षा भवति - इस एक ही जीवके मारनेसे बहुतसे जीवोंकी रक्षा होती है इति मत्वा हिंस्र सत्त्वानाम् हिंसनं न कार्यम् - ऐसा जानकर हिंसक जीवोंका भी घात नहीं करना ।

भावार्थ : सर्प, बिच्छू, सिंह, नाहर इत्यादि दूसरे जीवोंको काटनेवाले - मारनेवाले - हिंसक जीवोंको मार डालनेसे बहुतसे जीव बच जाते हैं इसलिये इनके मारनेमें पाप नहीं है - ऐसा श्रद्धान नहीं करना, क्योंकि इसे तो इसके कार्यका पाप लगेगा । लोकमें अनेक जीव पाप - पुण्य उपार्जन करते हैं, उनमें इसको क्या ? वे हिंसक जीव हिंसा करते हैं तो उसका पाप उन्हें लगता है । आप उनकी हिंसा करके क्यों पाप उपार्जन करें ॥८३॥

बहुसत्त्वघातिनोऽमी जीवन्त उपार्जयन्ति गुरु पापम् ।
इत्यनुकम्पां कृत्वा न हिंसनीयाः शरीरिणो हिंस्राः ॥८४॥

अन्वयार्थ : (बहुसत्त्वघातिनः) बहुत जीवोंके घातक (अमी) यह जीव (जीवन्तः) जीवित रहेंगे तो (गुरु पापम् ) बहुत पाप (उपार्जयन्ति) उपार्जित करेंगे (इति) इस प्रकारकी (अनुकम्पां कृत्वा) दया करके (हिंस्राः शरीरिणः) हिंसक जीवोंको (न हिंसनीयाः) नहीं मारना चाहिये ।

टीका : बहुसत्त्वघातिनः अमी जीवन्तः गुरु पापं उपार्जयन्ति - बहुत जीवोंको मारनेवाले यह पापी जीते रहेंगे तो बहुत पाप उत्पन्न करेंगे इस प्रकार इति अनुकम्पां कृत्वा हिंस्राः शरीरिणः न हिंसनीयाः दया करके हिंसक जीवोंको भी न मारे ।

भावार्थ : शिकारी, चिड़ीमार, बाज इत्यादि जो जो हिंसक हैं वे जीवित रहेंगे तो बहुत पाप करेंगे और अनेक जीवोंको मारेंगे इसलिए इनको मार देना चाहिए - ऐसा श्रद्धान नहीं करना, क्योंकि उनकी हिंसा - वृत्तिका पाप उनको ही है, अपनेको क्या ? यदि हो सके तो उनकी उस पापक्रियाको छुड़ा देना ॥८४॥

बहुदुःखासंज्ञपिताः प्रयान्ति त्वचिरेण दुःखविच्छित्तिम् ।
इति वासनाकृपाणीमादाय न दुःखिनोऽपि हन्तव्याः ॥८५॥

अन्वयार्थ : (तु) और (बहुदुःखासंज्ञपिताः) अनेक दुःखोंसे पीड़ित जीव (अचिरेण) थोड़े ही समयमें (दुःखविच्छित्तम् ) दुःखोंका अन्त (प्रयान्ति) पा जावेंगे (इति वासनाकृपाणी) इस प्रकारकी वासना अथवा विचाररूपी तलवार (आदाय) लेकर (दुःखिनः अपि) दुःखी जीवोंको भी (न हन्तव्याः) नहीं मारना चाहिये ।

टीका : तु बहुदुःखासंज्ञपिताः अचिरेण दुःखविच्छित्तिम् प्रयान्ति - यह जीव बहुत दुःखसे पीड़ित हैं अतः इन्हें मार दिया जाय तो उनका सारा दुःख दूर हो जायेगा । इति वासनाकृपाणी आदाय दुःखिनः अपि न हन्तव्याः - ऐसी खोटी वासनारूपी तलवार ग्रहण करके दुःखी जीवोंको भी नहीं मारना चाहिए ।

भावार्थ : यह जीव रोगसे अथवा दरिद्रता आदिसे अत्यन्त दुःखी है, यदि इसे मार दें तो उस दुःखसे वह मुक्त हो जावेगा, ऐसी श्रद्धा नहीं करना चाहिए । मनुष्य और तिर्यंचकी आयु पुण्यके उदयसे बड़ी होती है अतः उसका छेद नहीं करना । अथवा जैसा उसका उदय है वैसा भोगता है, आप हिंसा करके पाप क्यों उत्पन्न करे ॥८५॥

कृच्छ्रेण सुखावाप्तिर्भवन्ति सुखिनो हताः सुखिन एव ।
इति तर्कमण्डलाग्रः सुखिनां घाताय नादेयः ॥८६॥

अन्वयार्थ : (सुखावाप्तिः) सुखकी प्राप्ति (कृच्छ्रेण) कष्टसे होती है अतः (हताः) मारनेमें आए हुए (सुखिनः) सुखी जीव (सुखिनः एव) परलोकमें सुखी ही (भवन्ति) होंगे (इति) इस प्रकार (तर्कमण्डलाग्रः) कुतर्ककी तलवार (सुखिनां घाताय) सुखी जीवोंके घातके लिये (नादेयः) अंगीकार नहीं करना चाहिए ।

टीका : कृच्छ्रेण सुखावाप्तिः - कष्टसे सुखकी प्राप्ति होती है, सुखिनः हताः सुखिनः एव भवन्ति - इसलिये सुखी जीवोंको मारा जाय तो वे परलोकमें भी सुखी ही होंगे, सुखिनां घाताय इति तर्कमण्डलाग्रः न आदेयः - सुखी जीवोंके घातके लिए इस प्रकारका विचार किसीको नहीं करना चाहिए ।

भावार्थ : सुख कष्टसे होता है । इसलिए इन सुखी जीवोंको काशीके करवत इत्यादि रीतिसे मारा जाय तो परलोकमें भी वह सुखी होंगे - ऐसा श्रद्धान नहीं करना चाहिये । इस प्रकार मरने या मारनेसे सुखी कैसे हो सकते हैं ? सुखी तो सत्यधर्मके साधनसे हो सकते हैं ॥८६॥

उपलब्धिसुगतिसाधनसमाधिसारस्यभूयसोऽभ्यासात् ।
स्वगुरोः शिष्येण शिरो न कर्त्तनीयं सुधर्ममभिलषिता ॥८७॥

अन्वयार्थ : (सुधर्मं अभिलषिता) सत्यधर्मके अभिलाषी (शिष्येण) शिष्य द्वारा (भूयसः अभ्यासात् ) अधिक अभ्याससे (उपलब्धि सुगतिसाधनसमाधिसारस्य) ज्ञान और सुगति करनेमें कारणभूत समाधिके सारको प्राप्त करनेवाले (स्वगुरोः) अपने गुरुका (शिरः) मस्तक (न कर्त्तनीयम् ) नहीं काटना चाहिए ।

टीका : सुधर्मं अभिलषिता शिष्येण स्वगुरोः शिरं न कर्त्तनीयम् - धर्मके चाहनेवाले शिष्यको अपने गुरुका मस्तक नहीं काटना चाहिये । कैसा है गुरु ? भूयसः अभ्यासात् उपलब्धि सुगति साधन समाधिसारस्य - बहुत अभ्याससे जिसने सुगतिके कारणभूत समाधिका सार पा लिया है ।

भावार्थ : हमारा गुरु अभ्यासमें लग गया है (ध्यान - समाधिमें मग्न है), अभ्यास बहुत किया, अब यदि इसके प्राणोंका अन्त कर दिया जाय तो वह उच्च पदको प्राप्त हो जायेगा - ऐसा विचार करके शिष्यको अपने गुरुका मस्तक काटना योग्य नहीं है । उसने जो साधन किया है उसके फलको वह भविष्यमें प्राप्त करेगा ही, तू हिंसा करके पाप किसलिये उत्पन्न करता है ॥८७॥

धनलवपिपासितानां विनेयविश्वासनाय दर्शयताम् ।
झटितिघटचटकमोक्षं श्रद्धेयं नैव खारपटिकानाम् ॥८८॥

अन्वयार्थ : (धनलवपिपासितानां) थोड़े धनका लोभी और (विनेयविश्वासनाय दर्शयताम् ) शिष्योंको विश्वास उत्पन्न करनेके लिये दर्शानेवाला (खारपटिकानाम् ) खारपटिकोंका (झटितिघटचटकमोक्षं) शीघ्र घड़ा फूटनेसे चिड़ियाके मोक्षकी तरह मोक्षका (नैवश्रद्धेयं) श्रद्धान नहीं करना चाहिए ।

टीका : खारपटिकानाम् झटितिघटचटकमोक्षं नैव श्रद्धैयं - एक खारपटिका मत है, वह तत्काल घड़ेके पक्षीके मोक्षसमान मोक्ष कहता है, उसका श्रद्धान नहीं करना ।

भावार्थ : कोई खारपटिक नामका मत है, उसमें मोक्षका स्वरूप ऐसा कहते हैं कि जिस प्रकार घड़ेमें पक्षी कैद है, यदि उस घड़ेको फोड़ डाला जाय तो पक्षी बंधन रहित मुक्त हो जाय । उसी प्रकार आत्मा शरीरमें बन्द है, यदि शरीरका नाश कर दिया जाय तो आत्मा बन्धनरहित - मुक्त हो जाय । ऐसा श्रद्धान नहीं करना चाहिए क्योंकि वह श्रद्धान हिंसाका कारण है । अन्तरंग कार्माण शरीरके बन्धन सहित आत्मा इस तरह मुक्त कैसे हो सकता है ? कैसा है खारपटिक ? धनलवपिपासितानाम् - थोड़ासा धनका लोभी है । तथा कैसा है ? विनेयविश्वासनाय दर्शयताम् - शिष्योंको विश्वास दिलानेके लिये कितनी ही रीतियाँ दिखलाता है । अतः इसके कथनका श्रद्धान नहीं करना ॥८८॥

दृष्ट्वा परं पुरस्तादशनाय क्षामकुक्षिमायान्तम् ।
निजमांसदानरभसादालभनीयो न चात्मापि ॥८९॥

अन्वयार्थ : (च) और (अशनाय) भोजनके लिये (पुरस्तात् ) पास (आयान्तम् ) आये हुए (उपरं) अन्य (क्षामकुक्षिम् ) भूखे पुरुषको (दृष्ट्वा) देखकर (निजमांसदानरभसात् ) अपने शरीरका मांस देनेकी उत्सुकतासे (आत्मापि) अपना भी (न आलभनीयः) घात नहीं करना चाहिए ।

टीका : च अशनाय आयान्तं क्षामकुक्षिं पुरस्तात् दृष्ट्वा निजमांसदानरभसात् आत्मा अपि न आलभनीयः - भोजन लेनेके लिये आए हुए दुर्बल उदरवाले मनुष्यको अपने समक्ष देखकर अपना मांस देनेके उत्साहसे - उतावलीसे अपने शरीरका भी घात नहीं करना ।

भावार्थ : कोई मांसभक्षी जीव भोजनके लिये अपने पास आया, उसे देखकर उसके लिये अपने शरीरका भी घात नहीं करना, कारण कि मांसभक्षी पात्र नहीं है, मांसका दान उत्तम दान नहीं है ॥८९॥

को नाम विशति मोहं नयभङ्गविशारदानुपास्यगुरून् ।
विदितजिनमतरहस्यः श्रयन्नहिंसां विशुद्धमतिः ॥९०॥

अन्वयार्थ : (नयभङ्गविशारदान्) नयके भङ्गोंको जाननेमें प्रवीण (गुरुन्) गुरुओंकी (उपास्य) उपासना करके (विदितजिनमतरहस्यः) जैनमतका रहस्य जाननेवाला (को नाम) ऐसा कौन (विशुद्धमतिः) निर्मल बुद्धिधारी है जो (अहिंसां श्रयन्) अहिंसाका आश्रय लेकर (मोहं) मूढ़ताको (विशति) प्राप्त होवे ?

टीका : नाम नयभङ्गविशारदान् गुरुन् उपास्य कः मोहं विशति - हे जीव, नयके भेदोंको जाननेमें प्रवीण गुरुकी सेवा करके कौन जीव मोहको प्राप्त होगा ? अर्थात् कोई नहीं होगा ।

भावार्थ : जीवको भले - बुरे हित - अहितका श्रद्धान गुरुके उपदेशसे होता है । पूर्वोक्त अश्रद्धानी कुगुरुके बहकानेसे यह जीव अन्यथा प्रवर्त्तन करता है । परन्तु जिस जीवने सर्व नयके ज्ञाता परम गुरुकी सेवा की है वह भला कैसे भ्रममें पड़ सकता है ? कदापि नहीं पड़ सकता । कैसा है वह जीव ? विदितजिनमतरहस्यः - जिसने जैनमतका रहस्य जान लिया है । और कैसा है वह जीव ? अहिंसा श्रयन् - (सर्वज्ञ वीतरागकथित) दया ही को धर्मका स्वरूप जानकर जिसने अंगीकार किया है । और कैसा है ? विशुद्धमतिः - जिसकी बुद्धि निर्मल है ऐसा जीव मोहको प्राप्त नहीं होता । इस प्रकार दयाधर्मको दृढ़ करके अहिंसा व्रतका निर्णय किया ॥९०॥

सत्यव्रत

यदिदं प्रमादयोगादसदभिधानं विधीयते किमपि ।
तदनृतमपि विज्ञेयं तद्भेदाः सन्ति चत्वारः ॥९१॥

अन्वयार्थ : (यत् ) जो (किमपि) कुछ (प्रमादयोगात् ) प्रमाद कषायके योगसे (इदं) यह (असदभिधानं) स्व - परको हानिकारक अथवा अन्यथारूप वचन (विधीयते) कहनेमें आता है (तत् ) उसे (अनृतं अपि) निश्चयसे असत्य (विज्ञेयम् ) जानना चाहिए (तद्भेदाः) उसके भेद (चत्वारः) चार (सन्ति) हैं ।

टीका : यत् किमपि प्रमादयोगाद् इदं असत् अभिधानं विधीयते तत् अनृतं अपि विज्ञेयम् - जो कुछ प्रमाद सहित योगके हेतुसे असत्य अर्थात् बुरा अथवा अन्यथारूप वचन है उसे निश्चयसे अनृत जानो । तद्भेदाः चत्वारः सन्ति - उस असत्य वचनके चार भेद हैं ॥९१॥

वह आगे कहे जा रहे हैं । उनमें प्रथम भेद कहते हैं :

स्वक्षेत्रकालभावैः सदपि हि यस्मिन्निषिध्यते वस्तु ।
तत्प्रथममसत्यं स्यान्नास्ति यथा देवदत्तोऽत्र ॥९२॥

अन्वयार्थ : (यस्मिन्) जिस वचनमें (स्वक्षेत्रकालभावैः) अपने द्रव्य, क्षेत्र, काल, भावसे (सत्अपि) विद्यमान होने पर भी (वस्तु) वस्तुका (निषिध्यते) निषेध करनेमें आता है (तत् ) वह (प्रथमम् ) प्रथम (असत्यं) असत्य (स्यात् ) है (यथा) जैसे (अत्र) यहाँ (देवदत्तः) देवदत्त (नास्ति) नहीं है ।

टीका : यस्मिन् स्वद्रव्यक्षेत्रकालभावैः सत् अपि वस्तु निषिध्यते तत् प्रथमं असत्यं स्यात् - जिस वचनमें अपने द्रव्य, क्षेत्र, काल, भावसे सत्तारूपमें विद्यमान पदार्थका भी निषेध करनेमें आये, कि पदार्थ नहीं है; यह प्रथम भेदरूप असत्य है । दृष्टान्त कहते हैं - यथा अत्र देवदत्तः नास्ति - जैसे यहाँ देवदत्त नहीं है ।

भावार्थ : किसी क्षेत्रमें देवदत्त नामका पुरुष बैठा था, वहाँ किसीने पूछा कि यहाँ देवदत्त है ? तो उत्तर दिया कि यहाँ देवदत्त नहीं है । इसी प्रकार अपने द्रव्य, क्षेत्र, काल, भावसे जो वस्तु अस्तिरूप हो उसे नास्तिरूप कहना असत्यका प्रथम भेद है । अस्ति वस्तुको नास्तिरूप कहना वह । जो कुछ वह पदार्थ है उसे द्रव्य, जिस क्षेत्रको रोककर तिष्ठे उसे क्षेत्र, जिस कालमें जिस रीतिसे परिणमन करे उसे काल तथा उस पदार्थका जैसा कुछ निजभाव है उसे भाव कहते हैं । इस अपने चतुष्टयकी अपेक्षासे सर्व पदार्थ अस्तित्वरूप हैं । वहाँ देवदत्तका निजचतुष्टय तो था ही परन्तु नास्तिरूप जो कथन हुआ वही असत्य वचन हुआ ॥१९२॥

आगे दूसरा भेद कहते हैं :

असदपि हि वस्तुरूपं यत्र परक्षेत्रकालभावैस्तैः ।
उद्भाव्यते द्वितीयं तदनृतमस्मिन् यथास्ति घटः ॥९३॥

अन्वयार्थ : (हि) निश्चयसे (यत्र) जिस वचनमें (तै परक्षेत्रकालभावैः) उन परद्रव्य, श्रेत्र, काल और भावसे (असत् अपि) अविद्यमान होने पर भी (वस्तुरूपं) वस्तुका स्वरूप (उद्भाव्यते) प्रगट करनेमें आवे (तत् ) वह (द्वितीयं) दूसरा (अनृतम् ) असत्य (स्यात् ) है (यथा) जैसे (अस्मिन्) यहाँ (घटः अस्ति) घड़ा है ।

टीका : हि यत्र तैः परद्रव्यक्षेत्रकालभावैः वस्तुरूपं असत् अपि उद्भाव्यते तत् द्वितीयं अनृतं - निश्चयसे जिस वचनमें परद्रव्य, क्षेत्र, काल, भावसे पदार्थ सत्तारूप नहीं है तो भी वहाँ प्रगट करना वह दूसरा असत्य है । उसका दृष्टान्त - यथा अस्मिन् घटः अस्ति - जैसे कि यहाँ घड़ा है ।

भावार्थ : किसी क्षेत्रमें घड़ा तो था नहीं इसलिये उस समय उसका द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव भी नहीं था । दूसरा पदार्थ था अतः उस समय उसीका द्रव्य, क्षेत्र, काल भाव था । किसीने पूछा कि यहाँ घड़ा है कि नहीं ? वहां घड़ा है ऐसा कह देना दूसरे असत्यका भेद है । क्योंकि नास्तिरूप वस्तुको अस्ति कहा ॥९३॥

आगे तीसरा भेद कहते हैं :

वस्तु सदपि स्वरूपात् पररूपेणाभिधीयते यस्मिन् ।
अनृतमिदं च तृतीयं विज्ञेयं गौरिति यथाऽश्वः ॥९४॥

अन्वयार्थ : (च) और (यस्मिन्) जिस वचनमें (स्वरूपात् ) अपने चतुष्टयसे (सत्अपि) विद्यमान होने पर भी (वस्तु) पदार्थ (पररूपेण) अन्य स्वरूपसे (अभिधीयते) कहनेमें आता है उसे (इदं) यह (तृतीयं अनृतं) तीसरा असत्य (विज्ञेयं) जानो (यथा) जैसे (गौः) बैलको (अश्वः) घोड़ा है (इति) ऐसा कहना ।

टीका : च यस्मिन् सत् अपि वस्तु पररूपेण अभिधीयते इदं तृतीयं अनृतं विज्ञेयं - जिस वचनमें यद्यपि पदार्थ अपने चतुष्टयमें विद्यमान है तथापि उस पदार्थको अन्य पदार्थरूपसे कथन किया जाय उसे तीसरा असत्य जानो । उसका उदाहरण : यथा गौः अश्वः - जैसे बैलको घोड़ा कहना ।

भावार्थ : किसी क्षेत्रमें बैल अपने चतुष्टयमें स्थित था वहाँ किसीने पूछा कि यहाँ क्या है ? तो ऐसा कहनेमें आया कि यहाँ घोड़ा है । यह असत्यका तीसरा भेद है । वस्तुको अन्यरूप कहना ॥९४॥

आगे चौथा भेद कहते हैं -

गर्हितमवद्यसंयुतमप्रियमपि भवति वचनरूपं यत् ।
सामान्येन त्रेधा मतिमदमनृतं तुरीयं तु ॥९५॥

अन्वयार्थ : (तु) और (इदं) यह (तुरीयं) चौथा (अनृतं) असत्य (सामान्येन) सामान्यरूपसे (गर्हितं) गर्हित (अवद्यसंयुतम् ) पाप सहित (अपि) और (अप्रियं) अप्रिय इस तरह (त्रेधा) तीन प्रकारका (मतम् ) माना गया है । (यत् ) जो कि (वचनरूपं) वचनरूप (भवति) है ।

टीका : तु इदं तुरीयं अनृतं सामान्येन त्रेधा मतम् - यत् अपि वचनरूपं गर्हितं अवद्यसंयुतं अप्रियं भवति - यह चौथा असत्यका भेद तीन प्रकारका है । (१) वचनसे निन्दाके शब्द कहना, (२) हिंसा सहित वचन बोलना, (३) अप्रिय अर्थात् दूसरेको बुरे लगें ऐसे वचन बोलना ॥९५॥

आगे तीन भेदोंमें प्रथम ही गर्हितका स्वरूप कहते हैं :

पैशून्यहासगर्भं कर्कशमसमञ्जसं प्रलपितं च ।
अन्यदपि यदुत्सूत्रं तत्सर्वं गर्हितं गदितम् ॥९६॥

अन्वयार्थ : (पैशून्यमहासगर्भं) दुष्टता अथवा निन्दारूप हास्यवाला (कर्कशं) कठोर (असमञ्जसं) मिथ्या - श्रद्धानवाला (च) और (प्रलपितं) प्रलापरूपं (बकवाद) तथा (अन्यदपि) और भी (यत् ) जो (उत्सूत्रं) शास्त्रविरुद्ध वचन है (तत्सर्वं) वह सभी (गर्हितं) निन्द्यवचन (गदितम् ) कहा गया है ।

टीका : यत् वचन पैशून्यमहासगर्भं कर्कशं असमंजसम् प्रलपित्तं च अन्यत् अपि उत्सूत्रं तत् गहितं गदितम् - जिस वचनमें दुष्टता हो, अन्य जीवका बुरा करनेवाला हो, अपनेको रौद्रध्यान करानेवाला हो, तथा हास्यमिश्रित हो, दूसरे जीवका मर्मछेदक हो, स्वयंको प्रमादकारक हो, कर्कश - कठोर हो अर्थात् सुननेमें बुरा लगे, असमंजस - मिथ्याश्रद्धा करानेवाला हो, और अप्रमाणरूप हो, तथा अन्य भी शास्त्र - विरुद्ध वचन गर्हित वचनमें गर्भित समझना ।

आगे अवद्यसंयुक्त असत्यका स्वरूप लिखते हैं :

छेदनभेदनमारणकर्षणवाणिज्यचौर्यवचनादि ।
तत्सावद्यं यस्मात्प्राणिवधाद्याः प्रवर्त्तन्ते ॥९७॥

अन्वयार्थ : (यत् ) जो (छेदनभेदनमारणकर्षणवाणिज्यचौर्यवचनादि) छेदन, भेदन, मारण, शोषण, व्यापार या चोरी आदिके वचन हैं (तत् ) वे सब (सावद्यं) पापयुक्त वचन हैं (यस्मात् ) क्योंकि वह (प्राणिवधाद्याः) प्राणी हिंसा आदि पापरूप (प्रवर्तन्ते) प्रवर्तन करते हैं ।

टीका : यत् छेदन, भेदन, मारण कर्षण वाणिज्य चौर्य वचनादि तत् सर्वं सावद्यं अस्ति यस्मात् प्राणिवधाद्याः प्रवर्तन्ते - जो नाक आदि छेदनेके, काटनेके, मारनेके, खींचनेके, (हिंसक) व्यापार करनेके, अथवा परवस्तुकी चोरी करने आदिके वचन कहनेमें आवें वे सभी सावद्य (पाप) सहित झूठका स्वरूप हैं क्योंकि इनसे प्राणियोंका घात होता है ।

भावार्थ : अवद्यका अर्थ पाप है, अतः जिस वचनसे पापकी प्रवृत्ति हो उसे सावद्य कहते हैं ॥९७॥

आगे अप्रिय असत्यका स्वरूप कहते हैं :

अरतिकरं भीतिकरं खेदकरं वैरशोककलहकरम् ।
यदपरमपि तापकरं परस्य तत्सर्वमप्रियं ज्ञेयम् ॥९८॥

अन्वयार्थ : (यत् ) जो वचन (परस्य) दूसरे जीवको (अरतिकरं) अप्रीतिकारक (भीतिकरं) भयकारक (खेदकरं) खेदकारक (वैरशोककलहकरं) वैर शोक तथा कलहकारक हो और जो (अपरमपि) अन्य जो भी सन्तापकारक हो (तत् ) वह (सर्वं) सर्व ही (अप्रियं) अप्रिय (ज्ञेयम् ) जानना चाहिये ।

टीका : यत् वचनं परस्य अरतिकरं भीतिकरं खेदकरं वैरशोककलहकरं तथा अपरमपि तपकरं तत्सर्वं अप्रियं ज्ञेयम् - जो वचन दूसरोंको अरति करनेवाला अर्थात् बुरा लगनेवाला हो, भय उत्पन्न करनेवाला हो, खेद उत्पन्न करनेवाला हो, तथा वैर शोक और कलह करनेवाला हो तथा और भी अनेक प्रकारके दुःख उत्पन्न करनेवाला हो वह सभी वचन अप्रिय झूठका भेद है ॥९९॥

आगे असत्य वचनमें हिंसाका सद्भाव दिखलाते हैं :

सर्वस्मिन्नप्यस्मिन्प्रमत्तयोगैकहेतुकथनं यत् ।
अनृतवचनेऽपि तस्मान्नियतं हिंसा समवतरति ॥९९॥

अन्वयार्थ : (यत् ) चूंकि (अस्मिन्) इन (सर्वस्मिन्नपि) सभी वचनोंमें (प्रमत्तयोगैकहेतुकथनं) प्रमाद सहित योग ही एक हेतु कहनेमें आया है (तस्मात् ) इसलिये (अनृतवचने) असत्य वचनमें (अपि) भी (हिंसा) हिंसा (नियतं) निश्चितरूपसे (समवतरति) आती है ।

टीका : यत् अस्मिन् सर्वस्मिन् अपि अनृतवचने प्रमत्तयोगैकहेतुकथनं अस्ति तस्मात् अनृतवचने हिंसा नियतं समवतरति - अर्थ : इन सभी प्रकारके झूठ वचनोंमें प्रमादयोग ही कारण है इसलिये झूठ वचन बोलनेमें हिंसा अवश्य ही होती है । कारण कि हिंसा प्रमादसे ही होती है । प्रमादके विना हिंसा नहीं होती । जहाँ प्रमाद नहीं होता वहाँ हिंसा भी नहीं होती । और जहाँ प्रमाद है वहाँ हिंसा अवश्य होती है । तत्त्वार्थसूत्रमें हिंसाका लक्षण प्रमत्तयोगात् प्राणव्यपरोपणं हिंसा - ऐसा कहा है अर्थात् प्रमादके योगसे प्राणोंका घात करना हिंसा है ॥९९॥

प्रमादसहित योग हिंसाका कारण :

हेतौ प्रमत्तयोगे निर्दिष्टे सकलवितथवचनानाम् ।
हेयानुष्ठानादेरनुवदनं भवति नासत्यम् ॥१००॥

अन्वयार्थ : (सकलवितथवचनानाम् ) समस्त झूठ वचनोंका (प्रमत्तयोगे) प्रमादसहित योग (हेतौ) हेतु (निर्दिष्टे सति) निर्दिष्ट करनेमें आया होनेसे (हेयानुष्ठानादेः) हेय-उपादेय आदि अनुष्ठानोंका (अनुवदनं) कहा (असत्यं) झूठ (न भवति) नहीं है ।

टीका : सकलवितथ वचनानाम् प्रमत्तयोगै हेतौ निर्दिष्टे सति हेयानुष्ठानादेः अनुवदनं असत्यं न भवति - अर्थ : समस्त झूठ वचनोंका कारण प्रमादसहित योगको बताकर हेय और उपादेयका बारम्बार कथन करना झूठ नहीं है ।

भावार्थ : असत्य वचनके त्यागी महामुनि हेय और उपादेयका बारम्बार उपदेश करते हैं । वहाँ पापकी निन्दा करने पर पापी जीवोंको उनका उपदेश अप्रिय लगता है अथवा कोई जीव अपने लिये दिये गये धर्मोपदेशको सुनकर दुःख पाते हैं परन्तु उन आचार्योंका असत्यका दोष नहीं लगता क्योंकि उनके वचन प्रमाद (कषाय) गर्भित नहीं हैं । प्रमादपूर्वक वचनमें ही हिंसा है इसलिये कहा है कि प्रमादसहित योगसे वचन बोलना वही झूठ है, अन्यथा नहीं ॥१००॥

इसके त्यागका प्रकार

भोगोपभोगसाधनमात्रं सावद्यमक्षमा मोक्तुम् ।
ये तेऽपि शेषमनृतं समस्तमपि नित्यमेव मुञ्चन्तु ॥१०१॥

अन्वयार्थ : (ये) जो जीव (भोगोपभोगसाधनमात्रं) भोग - उपभोगके साधन मात्र (सावद्यम् ) सावद्यवचन (मोक्तुम् ) छोड़नेमें (अक्षमाः) असमर्थ हैं (ते अपि) वे भी (शेषम् ) बाकीके (समस्तमपि) सभी (अनृतं) असत्य भाषणका (नित्यमेव) निरन्तर (मुञ्चन्तु) त्याग करें ।

टीका : ये अपि भोगोपभोगसाधनमात्रं सावद्यम् मोक्तुम् अक्षमाः (सन्ति) ते अपि शेषं समस्तम् अपि अनृतं नित्यं एव मुञ्चन्तु - अर्थ : जो प्राणी अपने न्यायपूर्वक भोगोपभोगके कारणभूत सावद्य (हिंसारहित) वचन त्यागनेमें असमर्थ हैं उन्हें भी अन्य समस्त झूठ वचनोंका सदाकाल त्याग करना चाहिये ।

भावार्थ : झूठका त्याग दो प्रकारका है । एक सर्वथा त्याग, दूसरा एकदेश त्याग । सर्वथा त्याग तो मुनिधर्ममें ही बनता है तथा एकदेश त्याग श्रावकधर्ममें होता है । जो सर्वथा त्याग बन सके तो बहुत ही उत्तम है, यदि कदाचित् कषायके उदयसे (अर्थात् कषायवश) सर्वथा त्याग न बन सके तो एकदेश त्याग तो अवश्य ही करना चाहिये । कारण कि श्रावक अवस्थामें झूठके अन्य सर्व भेदोंका त्याग करता है परन्तु सावद्य झूठका त्याग नहीं हो सकता, किन्तु वहाँ भी अपने भोग - उपभोग निमित्त ही झूठ वचन - सावद्यवचन हो परन्तु बिना प्रयोजन न बोले ॥१०१॥

तीसरे सत्य (चौर्य) पापका वर्णन

अवितीर्णस्य ग्रहणं परिग्रहस्य प्रमत्तयोगाद्यत् ।
तत्प्रत्येयं स्तेयं सैव च हिंसा वधस्य हेतुत्वात् ॥१०२॥

अन्वयार्थ : (यत् ) जो (प्रमत्तयोगात् ) प्रमादकषायके योगसे (अवितीर्णस्य) बिना दिये (परिग्रहस्य) स्वर्ण, वस्त्रादि परिग्रहका (ग्रहणं) ग्रहण करना है (तत् ) उसे (स्तेयं) चोरी (प्रत्येयं) जानना चाहिये (च) और (सा एव) वही (वधस्य) वधका (हेतुत्वात् ) कारण होनेसे (हिंसा) हिंसा है ।

टीका : यत् प्रमत्तयोगात् अवितीर्णस्य परिग्रहस्य ग्रहणं तत् स्तेयं प्रत्येयं, च सैव हिंसा (भवति) वधस्य हेतुत्वात् - अर्थ : प्रमादके योगसे बिना दिये हुए स्वर्ण, वस्त्रादि परिग्रहका ग्रहण करना चोरी कहलाता है । (स्वर्णादिक वस्तुको स्वामीकी आज्ञाके बिना चुरा लेना, भुला लेना, पड़ी हुई उठा लेना, जबरदस्ती ले लेना अथवा जिसतिस प्रकार बिना दिये ले लेना चोरी है । ) और वही चोरी हिंसा है क्योंकि अपने तथा परजीवके प्राणघातका कारण है ।

भावार्थ : अपनेको चोरी करनेका भाव हुआ वह भावहिंसा है और जो कोई अपनेको चोर जान ले तो प्राणोंका वियोग करे वही द्रव्यहिंसा है । तथा जिस जीवकी वस्तु चोरी गई उसे जो अन्तरङ्ग पीड़ा हुई वही उसकी भावहिंसा है और उस वस्तुके निमित्तसे उस जीवके द्रव्यप्राण पुष्ट थे उन पुष्ट प्राणोंके नाश होनेसे उसके द्रव्यप्राण पीड़ित हुए वही उसकी द्रव्यहिंसा है । इस प्रकार चोरी करनेसे चोरी करनेवालेकी, तथा जिसकी चोरी हुई है उसकी, द्रव्य और भाव दोनों प्रकारकी हिंसायें होती हैं ॥१०२॥

चोरी प्रगटरूपसे हिंसा है

अर्था नाम य एते प्राणा एते बहिश्चराः पुंसाम् ।
हरति स तस्य प्राणान् यो यस्य जनो हरत्यर्थान् ॥१०३॥

अन्वयार्थ : (यः) यो (जनः) मनुष्य (यस्य) जिस जीवके (अर्थात् ) पदार्थों अथवा धनको (हरति) हर लेता है (सः) वह मनुष्य (तस्य) उस जीवके (प्राणान्) प्राणोंको (हरते) हर लेता है, क्योंकि जगतमें (ये) जो (एते) यह (अर्थानाम) धनादि पदार्थ प्रसिद्ध हैं (एते) वे सभी (पुंसां) मनुष्योंके (बहिश्चराः प्राणाः) बाह्य प्राण (सन्ति) हैं ।

टीका : ये एते अर्थानाम् एते पुंसाम् बहिश्चराः प्राणाः सन्ति यस्मात् यः जनः यस्य अर्थान् हरति स तस्य प्राणान् हरति - यह जो भी पदार्थ हैं वह मनुष्यके बाह्य प्राण हैं, इसलिये जो जीव जिस किसीका धन हरण कर लेता है, चुरा लेता है वह उसके प्राणोंका ही हरण कर लेता है ।

भावार्थ : धन, धान्य, सम्पत्ति, बैल, घोड़ा, दास, दासी, घर, जमीन, पुत्र, स्त्री, वस्त्रादि जितने भी पदार्थ जिस जीवके पास हैं उतने ही उसके बाह्यप्राण हैं । उन पदार्थोंमें किसी एक भी पदार्थका नाश होने पर अपने प्राणघात जैसा दुःख उत्पन्न होता है इसीलिये पदार्थोंको ही प्राण कहा जाता है । जैसे, अन्नं वै प्राणाः इति वचनात् - अन्न ही प्राण हैं इस वचनके अनुसार ॥१०३॥

हिंसा और चोरीमें अव्यापकता नहीं, किन्तु व्यापकता है :

हिंसायाः स्तेयस्य च नाव्याप्तिः सुघटमेव वा यस्मात् ।
ग्रहणे प्रमत्तयोगो द्रव्यस्य स्वीकृतस्यान्यैः ॥१०४॥

अन्वयार्थ : (हिंसायाः) हिंसामें (च) और (स्तेयस्य) चोरीमें (अव्याप्तिः) अव्याप्तिदोष (न) नहीं है (सा सुघटमेव) वह हिंसा बराबर घटित होती है (यस्मात् ) कारण कि (अन्यैः) दूसरेके द्वारा (स्वीकृतस्य) स्वीकृतकी हुई (द्रव्यस्य) द्रव्यके (ग्रहणे) ग्रहणमें (प्रमत्तयोगः) प्रमादका योग है ।

टीका : हिंसायाः स्तेयस्य अव्याप्तिः न सा सुघटमेव यस्मात् अन्यैः स्वीकृतस्य द्रव्यस्य ग्रहणे प्रमत्तयोगः भवति - हिंसा और चोरीमें अव्याप्तिपना नहीं है बल्कि भले प्रकार व्यापकपना है क्योंकि दूसरे जीवने प्राप्त किये पदार्थोंमें अपनेपनकी कल्पना करनेमें प्रमादयोग ही मुख्य कारण है ।

भावार्थ : यदि किसी जीवको किसी कालमें (जिस समय) जहाँ चोरी है वहाँ हिंसा न हो तो अव्याप्तिदूषण हो सकता है किन्तु प्रमाद बिना चोरी बनती नहीं । प्रमादका नाम ही हिंसा है और चोरमें प्रमाद अवश्य है ही, इसलिये ऐसा सिद्ध हुआ कि जहाँ जहाँ चोरी है वहाँ वहाँ अवश्य ही हिंसा है ॥१०४॥

हिंसा और चोरीमें अतिव्याप्तिपना भी नहीं है :

नातिव्याप्तिश्च तयोः प्रमत्तयोगैककारणविरोधात् ।
अपि कर्म्मानुग्रहणे नीरागाणामविद्यमानत्वात् ॥१०५॥

अन्वयार्थ : (च) और (नीरागाणाम् ) वीतरागी पुरुषोंके (प्रमत्तयोगैककारणविरोधात् ) प्रमत्तयोगरूप एक कारणके विरोध से (कर्म्मानुग्रहणे) द्रव्यकर्म नोकर्मकी कर्मवर्गणाओंको ग्रहण करनेमें (अपि) निश्चयसे (स्तेयस्य) चोरीकी (अविद्यमानत्वात् ) अनुपस्थितिसे (तयोः) उन दोनोंमें अर्थात् हिंसा और चोरीमें (अतिव्याप्तिः) अतिव्याप्ति भी (न) नहीं है ।

टीका : च तयोः (हिंसा स्तेययोः) अतिव्याप्तिः च न अस्ति यतः नीरागाणां प्रमत्तयोगैककारण विरोधात् कर्मानुग्रहणे अपि हिंसायाः अविद्यमानत्वात् - अर्थ : हिंसा और चोरीमें अतिव्याप्तिपना भी नहीं है अर्थात् चोरी हो और हिंसा न हो ऐसा नहीं है, तथा हिंसा हो और चोरी न हो ऐसा भी नहीं है क्योंकि वीतरागी महापुरुषोंके प्रमादसहित योगका कारण नहीं है इसीलिये द्रव्यकर्म - नोकर्मकी वर्गणाओंका ग्रहण होते हुए भी, प्रमाद न होनेसे, चोरीका सद्भाव नहीं है ।

भावार्थ : बिना दी हुई वस्तुका ग्रहण चोरी है । वीतरागी अर्हन्त भगवानके कर्म - नोकर्मके वर्गणाओंका ग्रहण होता है और वे वर्गणायें किसीकी दी हुई नहीं है वहाँ उनके चोरीका प्रसंग आता, परन्तु प्रमाद और योग बिना चोरी नहीं कहलाती । प्रमादयोग है वही हिंसा है इसलिये अतिव्याप्तिपना नहीं है । यदि हिंसा प्रमाद बिना चोरी हो सकती हो तो अतिव्याप्ति दोष आता, परन्तु वह तो वहाँ है नहीं । अतः यह बात सिद्ध हुई कि जहाँ चोरी है वहाँ हिंसा है इसलिये अव्याप्ति नहीं और जहाँ हिंसा नहीं वहाँ चोरी भी नहीं तथा जहाँ चोरी नहीं वहाँ हिंसा भी नहीं इस वास्ते अतिव्याप्ति नहीं इसलिये चोरी हिंसारूप ही है ॥१०५॥

चोरीके त्यागका प्रकार

असमर्था ये कर्त्तुं निपानतोयादिहरणविनिवृत्तिम् ।
तैरपि समस्तमपरं नित्यमदत्तं परित्याज्यम् ॥१०६॥

अन्वयार्थ : (ये) जो जीव (निपानतोयादिहरणविनिवृत्तम् ) दूसरेके कुआँ, बावड़ी आदि जलाशयोंका जल इत्यादि ग्रहण करनेके त्याग (कर्त्तुम् ) करनेमें (असमर्था) असमर्थ हैं (तैः) उन्हें (अपि) भी (अपरं) अन्य (समस्तं) सर्व (अदत्तं) बिना दी हुई वस्तुओंके ग्रहण करनेका (नित्यम् ) हमेशा (परित्याजम् ) त्याग करना योग्य है ।

टीका : ये (जीवाः) निपानतोयादिहरणविनिवृत्तिम् कर्त्तुम् असमर्थाः तैः (जीवैः) अपि नित्यं समस्तं अपरं अदत्तं परित्याज्यम् - जो जीव पीनेरूप कुआँ नदी बावड़ी आदिके जलसे लेकर मिट्टी आदि वस्तुओं - जो सामान्य जनताके उपयोगके लिए होती हैं - के ग्रहणका त्याग करनेमें अशक्त हैं उन्हें भी हमेशा दूसरेके द्वारा दी हुई वस्तुओंके अलावा अन्य समस्त वस्तुओंके ग्रहणका त्याग करना चाहिए ।

भावार्थ : चोरीका त्याग भी दो प्रकारसे है । एक सर्वथा त्याग और दूसरा एकदेश त्याग । सर्वथा त्याग तो मुनिधर्ममें ही होता है अतः वह बन सके तो अवश्य करना । यदि कदाचित् न बने तो एकदेश त्याग तो अवश्य ही करना चाहिए । श्रावक कुआँ नदी आदिका पानी - खानकी मिट्टी इत्यादि किसीके बिना पूछे भी ग्रहण कर ले तो उसका नाम चोरी नहीं है और यदि मुनि उन्हें ग्रहण कर ले तो चोरी कहलायेगी ॥१०६॥

कुशील (अब्रह्म)का स्वरूप

यद्वेदरागयोगान्मैथुनमभिधीयते तदब्रह्म ।
अवतरति तत्र हिंसा वधस्य सर्वत्र सद्भावात् ॥१०७॥

अन्वयार्थ : (यत् ) जो (वेदरागयोगात् ) वेदके रागरूप योगसे (मैथुनं) स्त्रीपुरुषोंका सहवास (अभिधीयते) कहा जाता है (तत् ) वह (अब्रह्म) अब्रह्म है और (तत्र) उस सहवासमें (वधस्य) प्राणिवधका (सर्वत्र) सर्व स्थानमें (सद्भावात् ) सद्भाव होनेसे (हिंसा) हिंसा (अवतरति) होती है ।

टीका : यत् वेदरागयोगात् मैथुनं अभिधीयते तत् अब्रह्म भवति तत्र हिंसा अवतरति (यतः) सर्वत्र वधस्य सद्भावात् - स्त्रीवेद, पुरुषवेद, नपुंसकवेदके परिणमनरूप रागभाव सहित योगसे मैथुन अर्थात् स्त्री-पुरुषका मिलकर कामसेवन करना कुशील है - (अब्रह्म है) उस कुशीलमें हिंसा उत्पन्न होती है । कारण कि कुशील करने और करनेवालेके सर्वत्र हिंसाका सद्भाव है ।

भावार्थ : स्त्रीकी योनि, नाभि, कुच और काँखमें मनुष्याकार संमूर्च्छन पंचेन्द्रिय जीव उत्पन्न होते हैं इसलिये स्त्रीके साथ सहवास करनेमें द्रव्यहिंसा होती है तथा स्त्री और पुरुष दोनोंके कामरूप परिणाम होते हैं जिससे भावहिंसा होती है । शरीरकी शिथिलतादिके निमित्तसे अपने द्रव्यप्राणका घात होता है । परजीव स्त्री या पुरुषके विकारी परिणामका कारण है अथवा उसको पीड़ा उत्पन्न होती है, उसके परिणाम विकारी होते हैं इससे अन्य जीवके भावप्राणका घात होता है तथा मैथुनमें बहुत जीव मरते हैं इस तरह अन्य जीवोंके द्रव्यप्राणका घात होता है ।

मैथुनमें प्रगटरूप हिंसा है

हिंस्यन्ते तिलनाल्यां तप्तायसि विनिहिते तिला यद्वत् ।
बहवो जीवा योनौ हिंस्यन्ते मैथुने तद्वत् ॥१०८॥

अन्वयार्थ : (यद्वत् ) जैसे (तिलनाल्यां) तिलसे भरी हुई नलीमें (तप्तायसि विनिहिते) गरम लोहेकी शलाका डालनेसे (तिलाः) तिल (हिंस्यन्ते) भुन जाते हैं (तद्वत् ) वैसे ही (मैथुने) मैथुनके समय (योनौ) योनिमें भी (बहवो जीवाः) बहुतसे जीव (हिंस्यन्ते) मर जाते हैं ।

टीका : यद्वत् तिलनाल्यां तप्तायसि विनिहिते (सति) तिलाः हिंस्यन्ते तद्वत् योनौ मैथुने (कृते सन्ति) बहवो जीवाः हिंस्यन्ते - जैसे तिलोंसे भरी हुई बाँसकी नलीमें अत्यन्त गरम की हुई लोहेकी शलाका डाली जाय तो सब तिल भुन जाते हैं उसी प्रकार स्त्रीके अंगमें पुरुषके अंगसे मैथुन करने पर योनिगत सर्व जीव तुरन्त ही मरणको प्राप्त होते हैं । यहीं प्रगटरूपसे द्रव्यहिंसा है ॥१०८॥

कोई कहे कि अनङ्गक्रीड़ामें तो हिंसा नहीं होती । उससे कहते हैं :

यदपि क्रियते किंचिन्मदनोद्रेकादनंगरमणादि ।
तत्रापि भवति हिंसा रागाद्युत्पत्तितन्त्रत्वात् ॥१०९॥

अन्वयार्थ : और (अपि) तदुपरान्त (मदनोद्रेकात् ) कामकी उत्कटतासे (यत् किञ्चित् ) जो कुछ (अनंगरमणादि) अनंगक्रीड़ा (क्रियते) की जाती है (तत्रापि) उसमें भी (रागाद्युत्पत्तितन्त्रत्वात् ) रागादिकी उत्पत्तिके कारण (हिंसा) हिंसा (भवति) होती है ।

टीका : यत् अपि मदनोद्रेकात् अनंगरमणादि किंचित् क्रियते तत्रापि हिंसा भवति रागाद्युत्पत्तितन्त्रत्वात् - जो जीव तीव्र चारित्रमोह कर्मके उदयसे (उदयमें संयुक्त होनेसे) तीव्र कामविकार होनेके कारण अनंगक्रीड़ा (कामसेवन करने योग्य अंगोंको छोड़कर अन्य अंगों द्वारा क्रीड़ा) करता है वहाँ भी हिंसा होती है । कारण कि हिंसाका होना रागादिकी उत्पत्तिके आधीन है । यदि रागादि न हों तो हिंसा कभी नहीं हो सकती । राग तीव्र न हो तो कामक्रीड़ा क्यों करे ? इससे सिद्ध हुआ कि अनंगक्रीड़ामें भी हिंसा होती है ॥१०९॥

कुशीलके त्यागका क्रम

ये निजकलत्रमात्रं परिहर्तुं शक्नुवन्ति न हि मोहात् ।
निःशेषशेषयोषिन्निषेवणं तैरपि न कार्यम् ॥११०॥

अन्वयार्थ : (ये) जो जीव (मोहात् ) मोहके कारण (निजकलमात्रं) अपनी विवाहिता स्त्रीको ही (परिहर्तुं) छोड़नेमें (हि) निश्चयसे (न शक्नुवन्ति) समर्थ नहीं है (तैः) उन्हें (निःशेषशेषयोषिन्निवेषणं अपि) बाकीकी समस्त स्त्रियोंका सेवन तो कदापि (न) नहीं (कार्यम् ) करना चाहिये ।

टीका : ये (जीवाः) हि मोहात् निजकलत्रमात्रं परिहर्तुं हि न शक्नुवन्ति तैरपि निःशेषशेषयोषिन्निषेवणं न कार्यम् - जो जीव अप्रत्याख्यानावरण चारित्रमोहनीयके उदयसे (उदयवश) अपनी विवाहिता स्त्रीको छोड़नेमें समर्थ नहीं हैं उन्हें भी (अपनी विवाहिता स्त्रीके अलावा) संसारकी अन्य समस्त स्त्रियोंके साथ कामसेवन नहीं करना चाहिये और अपनी विवाहिता स्त्रीमें ही सन्तोष रखना चाहिये । यह एकदेश ब्रह्मचर्यव्रत है । सर्वथा त्याग तो मुनिधर्ममें है । स्त्री मात्रके साथ कामसेवन करनेका त्याग करना महाव्रत है ॥११०॥

परिग्रह पापका स्वरूप

या मूर्च्छा नामेयं विज्ञातव्यः परिग्रहो ह्येषः ।
मोहोदयादुदीर्णो मूर्च्छा तु ममत्वपरिणामः ॥१११॥

अन्वयार्थ : (इयं) यह (या) जो (मूर्च्छा नाम) मूर्च्छा है (एषः) इसे ही (हि) निश्चयसे (परिग्रहः) परिग्रह (विज्ञातव्यः) जानना चाहिये (तु) और (मोहोदयात् ) मोहके उदयसे (उदीर्णः) उत्पन्न हुआ (ममत्वपरिणामः) ममत्वरूप परिणाम ही (मूर्च्छा) मूर्च्छा है ।

टीका : या इयं मूर्च्छा नाम हि एषः परिग्रहः विज्ञातव्यः तु (पुनः) मोहोदयात् उदीर्णः ममत्वपरिणाम मूर्च्छा (अस्ति) - हे भव्य जीवो ! इस मूर्च्छाको ही निश्चयसे परिग्रह जानो । मूर्च्छा किसे कहते हैं ? चारित्रमोहनीय कर्मके उदयसे उदयको प्राप्त हुआ जो ममत्वपरिणाम (अर्थात् यह मेरा है ऐसा परिणाम) है वही मूर्च्छा है ॥१११॥

ममत्वपरिणाम ही वास्तविक परिग्रह है इस बातको दृढ़ करते हैं :

मूर्च्छालक्षणकरणात् सुघटा व्याप्तिः परिग्रहत्वस्य ।
सग्रन्थो मूर्च्छावान् विनापि किल शेषसंगेभ्यः ॥११२॥

अन्वयार्थ : (परिग्रहत्वस्य) परिग्रहपनेका (मूर्च्छालक्षणकरणात् ) मूर्च्छा लक्षण करनेसे (व्याप्तिः) व्याप्ति (सुघटा) भले प्रकारसे घटित होती है क्योंकि (शेषसंगेभ्यः) अन्य परिग्रह (बिना अपि) बिना भी (मूर्च्छावान्) मूर्च्छा करनेवाला पुरुष (किल) निश्चयसे (सग्रन्थः) बाह्य परिग्रह सहित है ।

टीका : परिग्रहत्वस्य मूर्च्छालक्षणकरणात् व्याप्तिः सुघटा (यतः) किल शेषसंगेभ्यः बिना अपि मूर्च्छावान् सग्रन्थ भवति - परिग्रहभावका लक्षण मूर्च्छा किया उसमें व्याप्ति भले प्रकार बनती है क्योंकि धन, धान्यादि बाह्य परिग्रह बिना भी ममत्वपरिणामवाला जीव परिग्रह सहित होता है ।

भावार्थ : साहचर्यके नियमको व्याप्ति कहते हैं अर्थात् जहाँ लक्षण हो वहाँ लक्ष्य भी हो उसका नाम व्याप्ति है । इसलिये जहाँ जहाँ मूर्च्छा है वहाँ वहाँ परिग्रह अवश्य है और जहाँ मूर्च्छा नहीं है वहाँ परिग्रह भी नहीं है । मूर्च्छाकी परिग्रहके साथ व्याप्ति है । कोई जीव नग्न है, बाह्य परिग्रहसे रहित है, परन्तु यदि अन्तरंगमें मूर्च्छा अर्थात् ममत्वपरिणाम है तो वह परिग्रहवान ही है और एक ममत्वके त्यागी दिगम्बर मुनिके पींछी, कमण्डलरूप बाह्य परिग्रह होने पर भी अन्तरंगमें ममत्व नहीं है इसलिए वह वास्तविक परिग्रहसे रहित ही है ॥११२॥

शंकाकारकी शंका

यद्येयं भवति तदा परिग्रहो न खलु कोऽपि बहिरंगः ।
भवति नितरां यतोऽसौ धत्ते मूर्च्छानिमित्तत्त्वम् ॥११३॥

अन्वयार्थ : (यदि) जो (एवं) ऐसा है अर्थात् मूर्च्छा ही परिग्रह होवे (तदा) तो (खलु) निश्चयसे (बहिरंग परिग्रहः) बाह्य परिग्रह (कः अपि) कुछ भी नहीं सिद्ध होता, तो ऐसा नहीं है (यतः) क्योंकि (असौ) यह बाह्य परिग्रह (मूर्च्छानिमित्तत्त्वम् ) मूर्च्छाके निमित्तपनेका (नितरां) अतिशय रूपसे (धत्ते) धारण करता है ।

टीका : प्रश्न - खलु यदि एवं भवति तदा बहिरंगः कोऽपि परिग्रहः न (स्यात् ) उत्तर - यः असौ (बहिरंग) नितरां मूर्च्छानिमित्तत्वं धत्ते - यहाँ कोई तर्क करता है कि यदि निश्चयसे मूर्च्छाका नाम ही परिग्रह है तो फिर धन - धान्यादि बाह्य वस्तु परिग्रह नहीं ठहरी । इनको परिग्रह किसलिये कहते हो ? श्रीगुरु उत्तर देते हैं : यह धन - धान्यादि तो अत्यंतरूपसे परिग्रह है क्योंकि बाह्यवस्तु ही मूर्च्छाका कारण है ।

भावार्थ : परिग्रहका लक्षण तो मूर्च्छा ही है । परन्तु बाह्य धन - धान्यादि वस्तु मूर्च्छा उत्पन्न करनेके लिये (निमित्त) कारण है इसलिये उसे भी परिग्रह कहा जाता है ॥११३॥

शंकाकारकी शंका

एवमतिव्याप्तिः स्यात्परिग्रहस्येति चेद्भवेन्नैवम् ।
यस्मादकषायाणां कर्मग्रहणे न मूर्च्छास्ति ॥११४॥

अन्वयार्थ : (एवं) इस प्रकार (परिग्रहस्य) बाह्य परिग्रहकी (अतिव्याप्तिः) अतिव्याप्ति (स्यात् ) होती है (इति चेत् ) यदि ऐसा कहते हो तो (एवं) ऐसा (न भवेत् ) नहीं होता (यस्मात् ) कारण कि (अकषायणां) कषायरहित अर्थात् वीतरागी पुरुषोंको (कर्मग्रहणे) कार्मणवर्गणाके ग्रहणमें (मूर्च्छा) मूर्च्छा (नास्ति) नहीं है ।

टीका : एवं परिग्रहस्य अतिव्याप्तिः स्यात् इति चेत् न एवं भवेत् यस्मात् अकषायाणां कर्मग्रहणे मूर्च्छा नास्ति -

अर्थ : यहाँ कोई प्रश्न करता है कि जो परिग्रहको मूर्च्छा उत्पन्न करनेका निश्चयकारण कहते हो तो (मूर्च्छा परिग्रह) इस लक्षणमें अतिव्याप्ति दोष आता है क्योंकि अर्हन्त अवस्थामें भी कार्मणवर्गणा तथा नोकर्मवर्गणा - इन दोनोंके ग्रहणरूप परिग्रह है वहाँ भी मूर्च्छा हो जावेगी । तो ऐसा नहीं है, कारण कि कषायरहित जीवोके कर्म - नोकर्मका ग्रहण होने पर भी मूर्च्छा अर्थात् ममत्वपरिणाम नहीं हैं ।

भावार्थ : अतिव्याप्ति तो तब हो जब निष्परिग्रही वीतरागी महापुरुषोंके मूर्च्छा हो, किन्तु वह तो उनके होती नहीं, अतः अर्हन्त वीतरागी भगवानके कर्म - नोकर्मका ग्रहण होने पर भी मूर्च्छाके अभावसे परिग्रह नहीं कहलाती इसलिये अतिव्याप्ति दोष नहीं है । बाह्यवस्तु मूर्च्छा उत्पन्न करनेमें कारणमात्र है इसलिये उसको उपचारसे परिग्रह कह दिया है । परमार्थसे तो परिग्रहका लक्षण मूर्च्छा ही है ॥११४॥

परिग्रहके भेद

अतिसंक्षेपाद् द्विविधः स भवेदाभ्यन्तरश्च बाह्यश्च ।
प्रथमश्चतुर्दशविधो भवति द्विविधो द्वितीयस्तु ॥११५॥

अन्वयार्थ : (स) वह परिग्रह (अतिसंक्षेपात् ) अत्यन्त संक्षेपमें (आभ्यन्तरः) अन्तरंग (च) और (बाह्यः) बहिरंग (द्विविधः) दो प्रकारका (भवेत् ) है (च) और (प्रथमः) पहला अन्तरंग परिग्रह (चतुर्दशविधः) चौदह प्रकारका (तु) तथा (द्वितीयः) दूसरा बहिरंग परिग्रह (द्विविधः) दो प्रकारका (भवति) है ।

टीका : स (परिग्रहः) अति संक्षेपात् द्विविधः आभ्यन्तरः बाह्यश्च प्रथमः (आभ्यन्तरः) चतुर्दशविधः भवति द्वितीयस्तु द्विविधः भवति - अर्थ : वह परिग्रह संक्षेपमें दो प्रकारका है । पहला आभ्यन्तर, दूसरा बाह्य । अन्तरंग आत्माके परिणामको आभ्यन्तर परिग्रह कहते हैं और बाहरके सभी पदार्थोंको बाह्य परिग्रह कहते हैं । पहला परिग्रह चौदह प्रकारका है तथा दूसरा बाह्य परिग्रह दो प्रकारका है ॥११५॥

आभ्यन्तर परिग्रहके चौदह भेद

मिथ्यात्ववेदरागास्तथैव हास्यादयश्च षड् दोषाः ।
चत्वारश्च कषायाश्चतुर्दशाभ्यन्तरा ग्रन्थाः ॥११६॥

अन्वयार्थ : (मिथ्यात्ववेदरागाः) मिथ्यात्व, स्त्री, पुरुष और नपुंसक वेदका राग (तथैव च) इसी तरह (हास्यादयः) हास्यादि अर्थात् हास्य, रति, अरति, शोक, भय, जुगुप्सा यह (षड् दोषः) छह दोष (च) और (चत्वारः) चार अर्थात् क्रोध, मान, माया, लोभ अथवा अनन्तानुबन्धी, अप्रत्याख्यानावरणी, प्रत्याख्यानावरणी और संज्वलन यह चार (कषायाः) कषायभाव - इस भाँति (आभ्यन्तराः ग्रन्थाः) अन्तरंग परिग्रह (चतुर्दश) चौदह हैं ।

टीका : आभ्यन्तराः ग्रन्थाः मिथ्यात्ववेदरागाः तथैव हास्यादयः षट् दोषाः च चत्वारः कषायाः - चतुर्दश (भवन्ति) - अर्थ : आभ्यन्तर परिग्रह १४ प्रकारका है । (१) मिथ्यात्व (तत्त्वार्थका अश्रद्धानरूप मिथ्यात्वभाव), (२) पुरुषवेद (स्त्री अभिलाषरूप परिणाम), (३) स्त्रीवेद (पुरुषके अभिलाषरूप परिणाम), (४) नपुंसकवेद (स्त्री - पुरुष दोनोंके अभिलाषरूप परिणाम), (५) हास्य, (६) रति, (७) अरति, (८) शोक, (९) भय, (१०) जुगुप्सा, (११) क्रोध, (१२) मान, (१३) माया, (१४) लोभ यह १४ आभ्यन्तर परिग्रह हैं ॥११६॥

बाह्य परिग्रहके दो भेद कहकर उसे हिंसामय बताते हैं :

अथ निश्चित्तसचित्तौ बाह्यस्य परिग्रहस्य भेदौ द्वौ ।
नैषः कदापि संगः सर्वोऽप्यतिवर्तते हिंसाम् ॥११७॥

अन्वयार्थ : (अथ) इसके बाद (बाह्यस्य) बहिरंग (परिग्रहस्य) परिग्रहके (निश्चित्तसचित्तौ) अचित्त और सचित्त यह (द्वौ) दो (भेदो) भेद हैं (एषः) यह (सर्वः अपि) सभी (सङ्ग) परिग्रह (कदापि) किसी भी समय (हिंसाम् ) हिंसाका (न अतिवर्तते) उल्लंघन नहीं करते अर्थात् कोई भी परिग्रह कभी भी हिंसा रहित नहीं है ।

टीका : अथ बाह्यस्य परिग्रहस्य निश्चित्त सचित्तौ द्वौ भेदौ (भवतः) एषः सर्वोऽपि (परिग्रहः) संगः हिंसाम् कदापि न अतिवर्तते - अर्थ : बाह्य परिग्रह अचेतन और चेतनके भेदसे दो प्रकारका है । सोना, चाँदी, मकान, वस्त्रादि चेतनारहित पदार्थ अचेतन तथा पुत्र, कलत्र, दासी, दासादि चेतनासहित पदार्थ सचित्त कहे जाते हैं । यह दोनों ही प्रकारके परिग्रह हिंसाका उल्लंघन नहीं करते अर्थात् कोई परिग्रह हिंसा बिना नहीं है ॥११७॥

हिंसा - अहिंसाका लक्षण कहकर इसी अर्थको दृढ़ करते हैं -

उभयपरिग्रहवर्जनमाचार्याः सूचयन्त्यहिंसेति ।
द्विविधपरिग्रहवहनं हिंसेति जिनप्रवचनज्ञाः ॥११८॥

अन्वयार्थ : (जिनप्रवचनज्ञाः) जैन सिद्धान्तके ज्ञाता (आचार्याः) आचार्य (उभयपरिग्रहवर्जनं) दोनों प्रकारके परिग्रहके त्यागको (अहिंसा) अहिंसा (इति) ऐसा और (द्विविध परिग्रहवहन) दोनों प्रकारके परिग्रह धारण करनेको हिंसा ऐसा (सूचयन्ति) सूचित करते - कहते हैं ।

टीका : जिनप्रवचनज्ञाः आचार्याः उभयपरिग्रहवर्जनं अहिंसा (भवति) इति सूचयन्ति तथा द्विविधपरिग्रहवहनं हिंसा (भवति) इति सूचयन्ति - जैन सिद्धान्तके ज्ञाता आचार्य, दोनों प्रकारके अन्तरंग और बाह्य परिग्रहका त्याग करना ही अहिंसा है तथा दोनों प्रकारके परिग्रहका धारण करना ही हिंसा है - ऐसा कहते हैं । परिग्रहके त्याग बिना अहिंसाकी सिद्धि नहीं है ॥११८॥

दोनों परिग्रहोंमें हिंसा है ऐसा बताते हैं :

हिंसापर्यायत्वात् सिद्धा हिंसान्तरंगसंगेषु ।
बहिरङ्गेषु तु नियतं प्रयातु मूर्च्छैव हिंसात्वम् ॥११९॥

अन्वयार्थ : (हिंसापर्यायित्वात् ) हिंसाकी पर्यायरूप होनेसे (अन्तरंगसंगेषु) अन्तरंग परिग्रहोंमें (हिंसा) हिंसा (सिद्धा) स्वयंसिद्ध है (तु) और (बहिरंगेषु) बहिरंग परिग्रहोंमें (मूर्च्छा) ममत्वपरिणाम (एव) ही (हिंसात्वम् ) हिंसाभावको (नियतम् ) निश्चयसे (प्रयातु) प्राप्त होता है ।

टीका : अन्तरंगसंगेषु हिंसापर्यायात्वात् हिंसा सिद्धा तु (पुनः) बहिरंगेषु नियतं मूर्च्छैव हिंसात्व प्रयातु - अन्तरंग १४ प्रकारके परिग्रहोंके सभी भेद हिंसाकी पर्याय होनेसे हिंसा सिद्ध ही है । बहिरंग परिग्रहमें निश्चयसे ममत्वपरिणाम है वह हिंसाको प्राप्त होता है ।

भावार्थ : अन्तरंग परिग्रह जो मिथ्यात्वादि १४ प्रकारका है वह सभी जीवका विभाव (विकारी) परिणाम है इसलिये वह हिंसा ही है परन्तु बाह्यवस्तुमें भी निश्चयसे ममत्वपरिणाम है वही हिंसाका कारण है । बाह्यवस्तुमें जो ममत्वपरिणाम है उसीका नाम परिग्रह है । केवली भगवानके समवशरणादि विभूति होती है परन्तु ममत्वपरिणाम बिना परिग्रह नहीं है । अथवा यदि कोई परिग्रहको अंगीकार करके कहे कि मेरे तो ममत्वपरिणाम नहीं है तो यह बात झूठ है कारण कि ममत्व बिना अंगीकार होता ही नहीं ॥११९॥

यदि बहिरंग पदार्थमें ममत्वपरिणामका होना ही परिग्रह है तो सभीमें समान रूपसे ही परिग्रहजन्य पापबन्ध होना चाहिये :

एवं न विशेषः स्यादुन्दुरुरिपुहरिणशावकादीनाम् ।
नैवं भवति विशेषस्तेषां मूर्च्छाविशेषेण ॥१२०॥

अन्वयार्थ : (एवं) यदि ऐसा ही हो अर्थात् बहिरंग परिग्रहमें ममत्वपरिणामका नाम ही मूर्च्छा हो तो (उन्दुरुरिपुहरिणशावकादीनाम् ) बिल्ली और हरिणके बच्चे वगैरहमें (विशेषः) कोई विशेषता (न स्यात् ) न रहे, परन्तु (एवं) ऐसा (न भवति) नहीं है, क्योंकि (मच्छाविशेषेण) ममत्वपरिणामोंको विशेषतासे (तेषां) उस बिल्ली और हरिणके बच्चे इत्यादि जीवोंमें (विशेषः) विशेषता है, अर्थात् समानता नहीं है ।

टीका : प्रश्न : यदि एवं तर्हि उन्दुरुरिपु - हरिणशावकादीनाम् विशेषः न ।

उत्तर : एवं न भवति - तेषां मूर्च्छाविशेषेण विशेषः भवति - यहाँ कोई शंका करता है कि जो बाह्यपदार्थमें ही ममत्वपरिणाम हिंसाका कारण है और वह ममत्वपरिणाम सामान्य रीतिसे सभी जीवोंके होता है अतः सभी जीवोंके समान पाप होना चाहिये । जिस प्रकार मांसाहारी बिल्ली और घास खानेवाले हिरनके बच्चेमें भोजन करने संबंधी ममत्वपरिणाम सामान्यरूपसे समान ही है, (बहिरङ्गका कुछ प्रयोजन कहा नहीं) । इसके उत्तरमें आचार्य भगवान उससे कहते हैं कि बात वास्तवमें ऐसी नहीं है । बिल्ली और हिरनके बच्चोंकी बाबतमें भी विशेषता है, समानता नहीं है । क्योंकि बिल्लीके तो माँस खानेके परिणाम हैं और हिरनके बच्चेके घास खानेके परिणाम हैं । बस, ममत्वकी विशेषता - अधिकतासे ही विशेषता है ॥१२०॥

ममत्व - मूर्च्छामें विशेषता

हरिततृणांकुरचारिणिमन्दा मृगशावके भवति मूर्च्छा ।
उन्दुरुनिकरोन्माथिनि मार्जारि सैव जायते तीव्रा ॥१२१॥

अन्वयार्थ : (हरिततृणाङ्कुरचारिणि) हरी घासके अंकुर खानेवाले (मृगशावके) हरिणके बच्चेमें (मूर्च्छा) मूर्च्छा (मन्दा) मन्द (भवति) होती है और (स एव) वहीं मूर्छा (उन्दुरुनिकरोन्माथिनि) चूहोंके समूहका उन्मथन करनेवाली (मार्जरि) बिल्लीमें (तीव्रा) तीव्र (जायते) होती है ।

टीका : हरिततृणाङ्कुरचारिणि मृगशावके मन्दा मूर्च्छा भवति तथा सैव मूर्च्छा उन्दुरुनिकरोन्माथिनी मार्जरि तीव्रा जायते - अर्थ : हरी घासका खानेवाला हिरणका बच्चा है उसे घास खानेमें भी ममत्व बहुत थोड़ा है और चूहोंके समूहको खानेवाली बिल्लीको चूहे खानेमें बहुत तीव्र ममत्व है । बस, यही इन दोनोंमें विशेषता है ।

भावार्थ : प्रथम तो हिरणे बच्चेको हरी घासमें अधिक लालसा नहीं है, फिर उसे खानेमें बहुत सरागता भी नहीं है तथा खाते समय यदि किंचित् भी भय मालूम पड़े तो तत्काल छोड़कर भाग खड़ा होता है । इससे ज्ञात होता है कि उसके आसक्ति - ममत्वपरिणाम बहुत तीव्र नहीं है । चूहोंके समूहको मारनेवाली बिल्लीको चूहे खानेकी लालसा बहुत है और चूहोंको मारनेके पश्चात् उन्हें खानेमें सरागता भी विशेष है तथा जिस समय वह चूहोंको खा रही हो उस समय उसके ऊपर लाठीकी चोटें भी पड़े तो भी बड़ी मुश्किलसे ही उसे छोड़ती है, इससे ज्ञात होता है कि हरिणके बच्चे और बिल्लीकी मूर्च्छामें बहुत अन्तर है । इसी भाँति बहुत आरम्भ - परिग्रहवाले तथा अल्प आरम्भ - परिग्रहवाले जीवोमें भी परिणामोंका अन्तर जानना ॥१२१॥

आगे इस प्रयोजनको सिद्ध करते हैं :

निर्बाधं संसिध्येत् कार्यविशेषो हि कारणविशेषात् ।
औधस्यखण्डयोरिह माधुर्य्यप्रीतिभेद इव ॥१२२॥

अन्वयार्थ : (औधस्यखण्डयोः) दूध और खांड में (माधुर्य्यप्रीतिभेदः इव) मधुरताके प्रीतिभेदकी तरह (इह) इस लोकमें (हि) निश्चयसे (कारणविशेषात् ) कारणकी विशेषतासे (कार्यविशेषः) कार्यकी विशेषता (निर्बाध) बाधारहित (संसिध्येत् ) भले प्रकारकी सिद्ध होती है ।

टीका : हि कारणविशेषात् कार्यविशेषः निर्बाधं संसिध्येत् यथा औधस्यखण्डयोः इह माधुर्य्यप्रीतिभेदः इव भवति - अर्थ : निश्चयसे कारणकी विशेषता होनेसे कार्यकी विशेषता होती है । जैसे गायके दूधमें और खाँडमें कम - बढ़ मिठास होनेके कारण कम - बढ़ प्रीति होती है । गायके थनके ऊपर जो दूध रहनेकी थैली होती है उसे औध कहते हैं, उसमें उत्पन्न होनेवाली वस्तुको औधस अर्थात् दूध कहते हैं ।

भावार्थ : ऐसा नियम है कि जैसा कारण हो वैसा ही कार्य उत्पन्न होता है । जैसे दूधमें मिठास कम है और शक्करमें अधिक है इसलिये दूधमें प्रीति कम होती है और शक्करमें विशेष होती है ॥१२२॥

आगे इसके उदाहरणको प्रगट करते हैं :

माधुर्यप्रीतिः किल दुग्धे मन्दैव मन्दमाधुर्ये ।
सैवोत्कटमाधुर्ये खण्डे व्यपदिश्यते तीव्रा ॥१२३॥

अन्वयार्थ : (किल) निश्चयसे (मन्दमाधुर्ये) थोड़ी मिठासवाले (दुग्धे) दूधमें (माधुर्यप्रीतिः) मिठासकी रुचि (मन्दा) थोड़ी (एव) ही (व्यपदिश्यते) कहनेमें आती है और (स एव) वही मिठासकी रुचि (उत्कटमाधुर्ये) अत्यन्त मिठासवाली (खण्डे) खाँडमें (तीव्रा) अधिक कहनेमें आती है ।

टीका : किल मन्दमाधुर्ये दुग्धे माधुर्यप्रीतिः मन्दा व्यपदिश्यते तथा सैव माधुर्यप्रीतिः उत्कटमाधुर्ये खण्डे तीव्रा व्यपदिश्यते - अर्थ : निश्चयसे थोड़ी मिठासवाले दूधमें मिष्टरसकी रुचिवाले पुरुषको रुचि बहुत थोड़ी होती है और अधिक मिठासवाली शक्करमें उसी पुरुषको रुचि अत्यधिक होती है ।

भावार्थ : जैसे कोई मनुष्य मिष्टरसका अभिलाषी है तो उसको दूधमें रुचि कम होती है और खाँडमें रुचि अधिक होती है उसी प्रकार जिस पुरुषके जितना ही पदार्थोंमें ममत्वभाव होगा वह पुरुष उतना ही हिंसाका भागीदार होगा, अधिकका नहीं । भले उसके पास वह पदार्थ उपस्थित हो अथवा न हो । यहाँ कोई बहुत आरम्भ - परिग्रह करनेवाला जीव कहता है कि हमारे ममत्वभाव नहीं है, बाह्यमें परिग्रह अधिक है तो क्या हुआ ? तो ऐसा नहीं बन सकता । क्योंकि जो ममत्वभाव न होता तो बाह्य परिग्रह एकत्र ही किसलिये किया ? और जो बाह्य परिग्रह होने पर भी कोई पुरुष यदि ममत्वका त्यागी हो तो वह उन बाह्य पदार्थोंको क्षणमात्र छोड़ सकता है । इसलिये सिद्ध हुआ कि ममत्वभाव बिना बाह्य पदार्थोंका संग्रह नहीं हो सकता । जैसे जैसे अपना ममत्वभाव बढ़ता जाता है वैसे वैसे अपने लिये बाह्य पदार्थोंका संग्रह भी करता जाता है । ऐसा नहीं हो सकता कि बाह्य परिग्रह तो अंगीकार करता जाय और कहे कि मेरे अन्तरङ्गमें ममत्वभाव नहीं है । हिंसामें तो ऐसा बनता है कि १बाह्य हिंसा हो जाय और अन्तरङ्ग शुद्ध रहे अर्थात् किसीको भावहिंसाके बिना भी द्रव्यहिंसा तो हो सकती है परन्तु बाह्य पदार्थोंका संग्रह अर्थात् परिग्रहका अंगीकार ममत्वभावके बिना नहीं हो सकता ॥१२३॥

१ जैसा कि हिंसाके प्रकरणमें कहा गया है कि यदि किसी पुरुषसे बाह्य हिंसा हो जाय और उसके परिणाम उस हिंसा करनेके न हों तो वह पुरुष हिंसाका भागीदार नहीं होता ।

परिग्रह त्याग करनेका उपाय

तत्त्वार्थाश्रद्धाने निर्युक्तं प्रथममेव मिथ्यात्वम् ।
सम्यग्दर्शनचौराः प्रथमकषायाश्च चत्वारः ॥१२४॥

अन्वयार्थ : (प्रथमम् ) पहले (एव) ही (तत्त्वार्थाश्रद्धाने) तत्त्वार्थके अश्रद्धानमें जिसने (निर्युक्तं) संयुक्त किया है ऐसा (मिथ्यात्वं) १मिथ्यात्व (च) और (सम्यग्दर्शनचौराः) सम्यग्दर्शनके चोर (चत्वारः) चार (प्रथमकषायाः) पहले कषाय अर्थात् अनन्तानुबन्धी क्रोध, मान, माया और लोभ हैं ।

१ मिथ्यात्व, सम्यग्मिथ्यात्व और सम्यग्प्रकृति मिथ्यात्व ।

टीका : प्रथमं तत्त्वार्थाश्रद्धाने मिथ्यात्वं निर्युक्तं - एवं मिथ्यात्वं च चत्वारः प्रथमकषायाः सम्यग्दर्शनचौराः सन्ति - अर्थ : पहले तत्त्वार्थके मिथ्याश्रद्धानमें जिसको संयुक्त किया है अर्थात् पहला मिथ्यात्व नामका अन्तरंग परिग्रह है और पहली चौकड़ी अर्थात् अनन्तानुबन्धी क्रोध - मान - माया - लोभ यह चार हैं । इस प्रकार सम्यग्दर्शनके यह पाँच चोर हैं । जबतक इनका नाश नहीं होता तबतक सम्यग्दर्शन नहीं होता ।

भावार्थ : यहाँ यह बताया जा रहा है कि इन १४ प्रकारके अन्तरङ्ग परिग्रहोंका त्याग किस रीतिसे किया जावे । प्रथम ही यह जीव सम्यग्दर्शन प्राप्त करता है तब मिथ्यात्व और अनन्तानुबन्धी चौकड़ीका नाश करता है । अनादि मिथ्यादृष्टिकी अपेक्षा तो पाँचका नाश होता है और सादि (मिथ्यादृष्टि)की अपेक्षा सातका नाश होता है । यह दो भेद अन्तरंग परिग्रहके कुए । भावार्थ : यह कि पहले ही जीव मिथ्यात्व नामक परिग्रहका त्याग करता है, तत्त्वार्थका श्रद्धान न होना ही मिथ्यात्व है । पश्चात् अनन्तानुबन्धी क्रोध, मान, माया, लोभको भी उसी तत्त्वार्थके अश्रद्धानके साथ विदा कर देता है, क्योंकि यह चारों ही सम्यक्त्वके चोर हैं, इनकी उपस्थितिमें सम्यग्दर्शन रह नहीं सकता । इसी वास्ते अनन्त संसारका कारण जानकर इनका नाम अनंतानुबंधी रखा है । इनकी वासना भी अनन्तकाल तक रहती है ॥१२४॥

आगे अवशेष भेद बताते हैं :

प्रविहाय च द्वितीयान् देशचरित्रस्य सन्मुखायातः ।
नियतं ते हि कषायाः देशचरित्रं निरुन्धन्ति ॥१२५॥

अन्वयार्थ : (च) और (द्वितीयान्) दूसरे कषाय अर्थात् अप्रत्याख्यानावरणी क्रोध - मान - माया - लोभको (प्रविहाय) छोड़कर (देशचरित्रस्य) देशचारित्रके (सन्मुखायातः) सन्मुख आता है (हि) कारण कि (ते) वे (कषायाः) कषाय (नियतं) निश्चितरूपसे (देशचरित्रं) एकदेश चारित्रको (निरुन्धन्ति) रोकते हैं ।

टीका : च श्रावकाः द्वितीयान् अप्रत्याख्यान क्रोधादीन् चतुष्कान् प्रविहाय देशचरित्रस्य सन्मुखायातः भवन्ति हि ते कषायाः नियतं देशचरित्रं निरुन्धन्ति - अर्थ : सम्यग्दृष्टि श्रावक उन, १अप्रत्याख्यानावरण क्रोध - मान - माया - लोभ - चार कषायोंका नाश करके एकदेश चारित्रके सन्मुख होता है अर्थात् ग्रहण करता है । कारण कि निश्चयसे वही अप्रत्याख्यानावरणादि चारों देशचारित्र - श्रावकके व्रतोंका घात करते हैं । इस तरह यह तीसरा भेद अन्तरंग परिग्रहका हुआ ॥१२५॥

१ अप्रत्याख्यानावरण - अ=ईषत् - थोड़ा, प्रत्याख्यान=त्यागको, आवरण=आच्छादित करनेवाला ।

निजशक्त्या शेषाणां सर्वेषामन्तरङ्गसङ्गानाम् ।
कर्त्तव्यः परिहारो मार्दवशौचादि भावनया ॥१२६॥

अन्वयार्थ : इसलिये (निजशक्त्या) अपनी शक्तिसे (मार्दवशौचादिभावनया) मार्दव, शौच, संयमादि दशलक्षण धर्म द्वारा (शेषाणां) अवशेष (सर्वेषाम् ) सभी (अन्तरङ्गसङ्गानाम् ) अन्तरंग परिग्रहोंका (परिहारः) त्याग (कर्त्तव्यः) करना चाहिये ।

टीका : शेषाणां सर्वेषाम् अन्तरङ्गसङ्गानाम् निजशक्त्या मार्दव शौचादि भावनया परिहारः कर्त्तव्यः - अर्थ : अवशेष सभी प्रकारके अन्तरङ्ग परिग्रह हैं उनको, अपनी शक्ति अनुसार अपने कोमल परिणाम तथा सन्तोषरूपी धर्म - भावनासे त्याग करना अर्थात् यथाक्रम सबका त्याग करना ।

भावार्थ : अन्तरङ्ग परिग्रह १४ प्रकारका है । उनके नाम इसी ग्रन्थके श्लोक नं० ११६ में बताए गए हैं । मिथ्यात्व, ४ चौकड़ीरूप चार कषाय, तथा ९ २हास्यादि नोकषाय - इस तरह १४ भेद हैं । इनका क्रमपूर्वक त्याग करना । इनमेंसे मिथ्यात्व और अनन्तानुबन्धी ४ कषाय हैं वह सम्यग्दर्शन और स्वरूपाचरण चारित्रका घात करती हैं । अप्रत्याख्यानावरणी नामक चार कषाय हैं वह देशचारित्रका घात करती हैं अर्थात् श्रावकपद नहीं होने देतीं । प्रत्याख्यानावरणी नामक चार कषाय सकलसंयमका घात करती हैं अर्थात् मुनिपद नहीं होने देतीं । (प्रत्याख्यान सर्वथा त्यागको कहते हैं) तथा संज्वलनादि ४ तथा हास्यादि ६ और वेद ३ - यह सभी यथाख्यातचारित्रके घातमें निमित्त हैं । (निजशक्तिके बलसे) इस प्रकार इन सभी व्रतोंको क्रमपूर्वक धारण करके, अन्तरंगपरिग्रहको क्रमपूर्वक छोड़ना चाहिये ॥१२६॥

२ नोकषाय=१ हास्य, २ रति, ३ अरति, ४ शोक, ५ भय, ६ जुगुप्सा (ग्लानि), ७ स्त्रीवेद, ८ पुरुषवेद, ९ नपुंसकवेद ।

बाह्य परिग्रहके त्यागका क्रम

बहिरङ्गादपि सङ्गात् यस्मात्प्रभवत्यसंयमोऽनुचितः ।
परिवर्जयेदशेषं तमचित्तं वा सचित्तं वा ॥१२७॥

अन्वयार्थ : (वा) तथा (तम् ) उस बाह्य परिग्रहको (अचित्तं) भले ही वह अचेतन हो (वा) या (सचित्तं) सचेतन हो (अशेषं) सम्पूर्णरूपसे (परिवर्जयेत् ) छोड़ देना चाहिये (यस्मात् ) कारण कि (बहिरङ्गात् ) बहिरंग (सङ्गात् ) परिग्रहसे (अपि) भी (अनुचितः) अयोग्य अथवा निन्द्य (असंयमः) असंयम (प्रभवति) होता है ।

टीका : ‘यस्मात् बहिरङ्गात् अपि संगात् अनुचितः असंयमः भवति तस्मात् तं अचित्तं सचित्तं वा अशेषं परिग्रहं परिवर्जयेत्’ - अर्थ : चूंकि बाह्य धन - धान्यादि परिग्रहसे भी महान असंयम होता है अर्थात् जबतक परिग्रह रहता है तबतक संयमका भले प्रकार पालन नहीं हो सकता इसलिये वह बाह्य परिग्रह भले ही अजीव हो या सजीव हो - दोनों ही प्रकारका परिग्रह त्याग करने योग्य है ।

भावार्थ : बाह्य परिग्रहमें संसारके सभी पदार्थ प्रायः आ जाते हैं । इसलिये बाह्य परिग्रहके सजीव और अजीव ऐसे दो भेद किये हैं । रुपया, पैसा, खेती आदि अजीव परिग्रह हैं, और हाथी, घोड़ा, बैल, नौकर, चाकर आदि सजीव परिग्रह हैं । इनका भी त्याग एकदेश और सर्वदेश होता है ॥१२७॥

जो सर्वदेश त्याग न कर सकें वे एकदेश त्याग करें

योऽपि न शक्यस्त्यक्तुं धनधान्यमनुष्यवास्तुवित्तादि ।
सोऽपि तनूकरणीयो निवृत्तिरूपं यतस्तत्त्वं ॥१२८॥

अन्वयार्थ : (अपि) और (यः) जो (धनधान्यमनुष्यवास्तुवित्तादिः) धन, धान्य, मनुष्य, गृह, सम्पदा इत्यादि परिग्रह (त्युकुम् ) सर्वथा छोड़ना (न शक्यः) शक्य न हो, (सः) तो उसे (अपि) भी (तनू) न्यून (करणीयः) कर देना चाहिये (यत) कारण कि (निवृत्तिरूपं) *त्यागरूप ही (तत्त्वम् ) वस्तुका स्वरूप है ।

*. तत्त्व निवृत्तिरूप है उसका अर्थ : प्रत्येक वस्तु स्वद्रव्य, स्वक्षेत्र, स्वकाल और स्वभावसे सदा परिपूर्ण ही है और परद्रव्यादिसे शून्य अर्थात् निवृत्तिरूप ही है । वर्तमान अशुद्ध दशामें परद्रव्यके आलम्बनसे रागी जीवको बाह्यसामग्रीके प्रति ममत्वरूप राग भूमिकानुसार होता है उसका स्वाश्रयके बलसे त्याग करानेके लिये बाह्यपदार्थके त्यागका उपदेश है । वास्तवमें तो आत्माके परवस्तुका त्याग ही है । किन्तु जो कुछ राग, ममत्वभाव है उसके त्यागरूप निर्मल परिणाम जितने अंशोंमें होते हैं उतने ही अंशोंमें रागादिकी उत्पत्ति ही नहीं होती । जहाँ ऐसा होवे वहाँ उस जीवको परवस्तुके त्यागका कर्ता कहना वह उस जातिके अभावरूप निमित्तका ज्ञान करानेके लिये असद्भूत व्यवहारनयका कथन है । (निश्चय सम्यग्दर्शन बिना अज्ञानीके हठरूप त्यागको व्यवहारसे भी धर्म संज्ञा नहीं होती । )

टीका : ‘योडपि मनुष्यः धनधान्यमनुष्यवास्तुवित्तादिः त्यक्तुम् न शक्तः सोडपि मनुष्यः धनधान्यादिकः तनूकरणीयः यतः तत्त्वं निवृत्तिरूपं अस्ति’ - अर्थ : जो प्राणी धन (गाय भैंस आदि), धान्य (गेहूँ यवादि अन्न), मनुष्यादि (पुत्रादिक अथवा दासादिक), वास्तु (मकानादि), वित्त (सोना - चाँदी - रुपया आदि) इत्यादि समस्त बहिरंग (दस प्रकारका) परिग्रहको सर्वथा छोड़नेमें अशक्त हो, उसे उसमेंसे थोड़ा परिग्रह रखनेका परिमाण करना चाहिये, कारण कि तत्त्व त्यागरूप ही है ।

भावार्थ : बहिरंग परिग्रह मूलतः सजीव और अजीवके भेदसे दो प्रकारका है । दोनोंके दश भेद हैं । क्षेत्र, मकान, चांदी, सोना, धन - चार पगवाले वशु, वस्त्र, पात्र, अनाज, *दासी, दास इत्यादि बाह्य परिग्रहके दश भेद हैं । इनका यदि सम्पूर्ण त्याग न कर सके तो (जितना अपने पास वर्तमानमें विद्यमान हो उसमेंसे जितना बन सके उतना कम कर देना) अपनी आवश्यकतानुसार परिमाण करके ही परिग्रह रखना और शेषका त्याग करे, कारण कि तत्त्व त्यागरूप है । जबतक यह आत्मा त्याग - धर्मका आचरण नहीं करता है जबतक उसे मोक्ष नहीं मिल सकता । निवृत्ति नाम भी मोक्षका ही है । इस प्रकार हिंसादि पाँचों पापोंका विस्तृत वर्णन किया ॥१२८॥

* दासी दासादिको द्विपद=दो पैरवाला कहनेमें आता है ।

त्यागधर्म=जिस प्रकार प्रकाशकी उत्पत्तिके बिना अंधेरा नहीं टलता, उसी प्रकार निज शुद्धात्माके आश्रयके द्वारा निर्मल श्रद्धा=ज्ञान और स्वरूपमें एकाग्रतारूप शुद्ध परिणतिकी प्राप्ति किए बिना रागका त्याग अर्थात् वीतरागी धर्मरूप मोक्षका उपाय और मोक्ष नहीं मिलता ।