परामर्शदाता कैसा हो | Paramarshadata Kaisa Ho

परामर्शदाता कैसा हो

-प्रो. वीरसागर जैन

व्यक्तित्व के विकास में मनुष्य की अन्तरंग योग्यता, वर्तमान पुरुषार्थ, बाह्य वातावरण आदि अनेक तत्त्वों की महती भूमिका होती है । इन्हीं में से एक अत्यन्त प्रमुख तत्त्व है- उसका परामर्शदाता । जिसका परामर्शदाता जैसा होता है, उसके व्यक्तित्व का विकास भी वैसा ही होता है । अथवा, ऐसा कह सकते हैं कि जो मनुष्य जिसे अपना आदर्श परामर्शदाता, सच्चा सलाहकार बनाता है, उसका व्यक्तित्व उसके अनुसार ही निर्मित हो जाता है ।

वैसे तो हमें जीवन में कदम-कदम पर ही अनेकानेक परामर्शदाता मिल जाते हैं । दुनिया में बिना माँगे परामर्श देने वालों की कमी नहीं है । लोग भले ही उस विषय से अनभिज्ञ ही हों, पर दूसरों को परामर्श देने में सबसे आगे रहते हैं । परन्तु यह कटु सत्य है कि सच्चा परामर्शदाता दुनिया में अत्यन्त दुर्लभ है । जो व्यक्ति निःस्वार्थ हो, सम्बन्धित विषय का समीचीन ज्ञाता हो, करुणा-सम्पन्न हो, वही सच्चा परामर्शदाता हो सकता है और हमें उसीके परामर्श पर सावधानीपूर्वक ध्यान देना चाहिए । इससे विपरीत स्वार्थी, अज्ञानी परामर्शदाताओं से बचना चाहिए ।

इस सम्बन्ध में संस्कृत-जैन-वाङ्ङ्ग्य के विख्यात ग्रन्थ ‘सम्यक्त्व-कौमुदी’ में एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण कथा आती है, जो गम्भीरतापूर्वक समझने योग्य है । यथा-

एक ब्राह्मण था । वह बहुत संतोषी स्वभाव का था, किन्तु उसकी पत्नी उसे बारम्बार उलाहना देती रहती थी कि कहीं से कुछ धन लेकर आओ । पत्नी के उलाहनों से तंग आकर वह एक दिन जंगल चला गया । सोचा, रोज-रोज के ताने सुनने से अच्छा है कि मर ही जाऊँ ।

जंगल में उसे सचमुच ही एक शेर मिल गया । शेर उसे मारने के लिए झपटने ही वाला था कि समीप में पेड़ पर एक हंस पक्षी बैठा था, बोला-

“रुको रुको मृगराज ! यह तुम क्या रहे हो ? जानते नहीं हो कि यह कौन है ? अरे, ये तो ब्राह्मण देवता हैं, जिनके दर्शन ही महाभाग्य से कई जन्मों के पुण्य फलित हों तब होते हैं । यदि तुम इनको मारोगे तो तुम्हें ब्रह्महत्या का महापाप लगेगा और घोर नरकों में जाना पड़ेगा । अरे देखो, यदि तुम्हें भूख लगी हो तो भी जंगल में जानवरों की कमी नहीं है, परन्तु इनको मत मारो । इनको तो बल्कि कुछ अर्घ्य चढ़ाकर प्रणाम करो, ताकि तुम तिर्यंच योनि से पार हो जाओ ।”

शेर को हंस की सलाह एकदम उचित लगी । उसने ब्राह्मण के चरणों में कुछ गजमोती चढाये और साष्टांग प्रणाम निवेदन कर दिया । ब्राह्मण बहुत प्रसन्न हो गया । उसने शेर को आशीर्वाद दिया और गजमोती लेकर अपने घर लौट गया ।

देखो आश्वर्य, जिस दुःख की भट्टी से निकलकर वह बाहर आया था, कुछ अनुकूलता मिलते ही फिर उसी में लौट गया ।

घर पहुंचने के बाद कुछ दिन तक तो बहुत अच्छा रहा, अच्छे-अच्छे पकवान बनने लगे, नये-नये वस्त्र आने लगे, आदि; किन्तु थोड़े ही दिन में सारे गजमोती खर्च हो गये और घर की स्थिति पुनः वैसी ही हो गई ।

पत्नी बोली- फिर से जाओ और कुछ और गजमोती लेकर आओ ।

ब्राह्मण पुनः जंगल में गया । शेर आज भी उसी स्थान पर बैठा हुआ था । उसने दूर से ही अपने ब्राह्मण देवता को आते हुए देख लिया । वह भक्तिपूर्वक उठकर बोला- “हे मेरे प्रातःस्मरणीय ब्राह्मण देवता ! आओ आओ पधारो पधारो ! धन्य था वह दिन जब आपके प्रथम बार दर्शन हुए थे और धन्य है आज का भी दिन जो आपके पुनः दर्शन हो रहे हैं । आओ, विराजो, आपकी पूजा करूंगा । उस दिन तो मेरे पास बहुत ही कम गजमोती थे, किन्तु आज मैंने आपके लिए बहुत सारे गजमोती इकट्ठे करके रखे हैं । मैं उस दिन से प्रतिदिन आपको परोक्ष प्रणाम करके पूजता रहता हूँ । विराजो गुरुदेव, यहाँ विराजो ।”

किन्तु आज स्थिति में एक विशेष अंतर था । पिछली बार जहाँ पेड़ पर एक हंस पक्षी बैठा हुआ था, वहाँ आज हंस के स्थान पर एक कौआ बैठा हुआ था । शेर के इस आचरण को देखकर वह उससे बोला- “अबे ओए ! ये क्या कर रहा है ? क्या हो गया है तुझे ?”

शेर ने हंस से जो उत्तम शिक्षा प्राप्त की थी, वह सब यथावत् सुना दी कि ये ब्राह्मण देवता हैं, जिनके दर्शन ही महाभाग्य से कई जन्मों के पुण्य फलित हों तब होते हैं । यदि इनको मारेंगे तो ब्रह्महत्या का महापाप लगेगा और घोर नरकों में जाना पड़ेगा और यदि इनको कुछ अर्घ्य चढ़ाकर प्रणाम करेंगे तो तिर्यंच योनि से पार हो जाएंगे ।

कौआ बोला- “अरे, तुझे तो उसने मूर्ख बना दिया है । ब्राह्मण, शूद्र आदि वास्तव में कुछ नहीं होता । सब एक ही हड्डी, चमड़ी, खून आदि के बने होते हैं । किसी में कोई अंतर नहीं होता । तू यदि ऐसी बातें मानेगा तो भूखा ही मर जाएगा । इसलिए यदि मेरा कहना माने तो हंस की बातों पर ध्यान मत दे और शीघ्र इसका काम तमाम कर दे ।”

जिनके पास स्वयं का विवेक नहीं होता है, वे शीघ्र ही दूसरों की बातों में आकर भटक जाते हैं । शेर के साथ भी यही हुआ । वह कौए की बातों में आ गया । उसने ब्राह्मण का काम तमाम कर दिया । कौआ तो चाहता ही यही था कि यह ब्राह्मण को मार दे तो अंत में उसे भी कुछ थोड़ा-सा बचा-खुचा मांस खाने को मिल जाए ।

कहानी का सन्देश यह है कि दुनिया में दो प्रकार के परामर्शदाता होते हैं । एक हंस जैसे और दूसरे कौए जैसे । हंस जैसे परामर्शदाता निःस्वार्थ होते हैं और सबका भला करते हैं, किन्तु कौए जैसे परामर्शदाता स्वार्थी होते हैं और सभी का बुरा करते हैं।

देखो, हंस ने शेर का भी भला किया, ब्राह्मण का भी भला किया, उसके परिवार का भी भला किया और स्वयं का भी पुण्यार्जन करके भला ही किया; किन्तु कौए ने शेर का भी बुरा किया, ब्राह्मण का भी बुरा किया, उसके परिवार का भी बुरा किया और स्वयं का भी पापबन्ध करके बुरा ही किया ।

लोक में कौए जैसे परामर्शदाता तो गली-गली में मिलते हैं, परन्तु हंस जैसे परामर्शदाता अत्यंत दुर्लभ होते हैं | हमें कौए जैसे परामर्शदाताओं से बचना चाहिए और हंस जैसे परामर्शदाता की बात माननी चाहिए ।

आग में घी डालनेवाले परामर्शदाता तो गली-गली में मिलते हैं, परन्तु आग में पानी डालकर उसे बुझाने वाले परामर्शदाता अत्यंत दुर्लभ होते हैं | हमें चुनना है कि हमें कैसे परामर्शदाताओं की बात माननी है |

मिथ्यात्व, अज्ञान और असंयम के परामर्शदाता गली-गली में मिलते हैं, परन्तु सम्यग्दर्शन, ज्ञान, चारित्र में लगानेवाले परामर्शदाता अत्यंत दुर्लभ होते हैं | समयसार, गाथा 4 और उसकी टीका में लिखा है कि 'काम-भोग-बंध की सलाह देनेवाले तो गली-गली में मिलते हैं, परन्तु एकत्व-विभक्त शुद्धात्मा की बात बताने वाला अत्यन्त दुर्लभ है |

दुनिया में नाम के रायचन्द और रायबहादुर तो बहुत मिलते हैं, पर सही अर्थों में सच्ची राय देनेवाला मिलना महा दुर्लभ है | अधिकांश लोग सलाह देने के नाम पर मिसगाइड ही करनेवाले मिलते हैं | यथा- तुमने क्या चूड़ी पहिन रखी है, ऐसा सबक सिखाओ कि ज़िन्दगी भर याद रखे -ऐसा कहनेवाले बहुत मिलते हैं | अथवा खूब आरम्भ-परिग्रह में लगानेवाले भी बहुत मिलते हैं | कहते हैं- शेयर का काम कर लो, साबुन या केमिकल की फेक्ट्री खोल लो, प्रोपर्टी का व्यापार कर लो, इत्यादि | परन्तु शान्त और उज्ज्वल जीवन जीने की सलाह देने वाले दुर्लभ हैं ।

अथवा लोग छल-कपट करने की सलाह बहुत देते हैं | कहते हैं- सीधे मत बनो, जंगल में सीधे पेड़ ही काटे जाते हैं, इत्यादि | परन्तु ज्ञानी आचार्य सलाह देते हैं कि भाई, सीधे पेड़ तो कटकर सिंहासन, द्वार, चौकी आदि बनते हैं; परन्तु टेढ़े पेड़ों का क्या होता है -जानते हो ? उन्हें तो जिन्दा जलाकर कोयला बनाया जाता है | अतः मायाचार से बचकर रहो, यह बहुत घातक है, जीवन की सारी शान्ति खा जाता है |

आश्चर्य की बात है कि दुनिया हमें बहकाती है और ऊपर से कहती यह है कि हम तो समझा रहे हैं । भगवान् महावीर को भी दीक्षा लेते समय दुनिया बहका रही थी और कह रही थी कि- 'समझाया वीर न माना, चल दिया छोड़ घर बार, कुटुम्ब परिवार, धार मुनि बाना, समझाया वीर न माना |

लोक में किसी का सबसे बड़ा उपकार वास्तव में उसे सही सलाह देना ही है, परन्तु लोग यही नहीं करते हैं | बल्कि देखा जाता है कि अधिकांश लोग इसके विपरीत ही करते हैं | परन्तु गलत सलाह देने से महापाप कर्म का बन्ध होता है ।

सलाह कब किससे कैसे लेनी है और कब किसको कैसे देनी है-इसका पूरा व्यवस्थित शास्त्र है, हमें प्रथम उसे सावधानी से समझना चाहिए- ‘तातें दुःखहारी सुखकारि, कहै सीख गुरु करुना धारि’ (-छहढाला, 1/3) | सलाह देनेवाला भी सही होना चाहिए और जिसे सलाह दी जानी है, वह भी सही होना चाहिए | मोही जीव को सलाह देना बहुत कठिन है | कुपात्र को सलाह देना बहुत अधिक खतरनाक है | बया ने बन्दर को घोंसला बनाने की अच्छी सलाह दी थी, पर बदले में उसने उसका घोंसला ही नष्ट कर दिया | सांप को कितना ही दूध पिलाओ, वह विष ही उगलता है | नकटे को दर्पण दिखाने से क्रोध ही उत्पन्न होता है | परामर्शदाता कैसा हो -इस सम्बन्ध में लोक एवं साहित्य में और भी अनेक कथाएँ मिलती हैं | कुछ कथाएँ और प्रसंग संक्षेप में लिखता हूँ-

धनंजय कवि ने राजा भोज को सलाह दी

एक निर्धन व्यक्ति था | बच्चों को भूख से रोता देखकर घर से बाहर कुछ लाने के लिए निकला, पर कुछ नहीं मिला- काम भी और रोटी भी | सोचा- नदी में जाकर मर जाता हूँ | वहाँ जाते समय एक किसान फसल काट रहा था | उसने उसे मक्का के दो भुट्टे दे दिए | नदी पास ही थी, सोचा नहाकर चलता हूँ | उसने भुट्टे तौलिए में लपेट कर किनारे रखे और नहाने लगा | पीछे से किसी शैतान बच्चे ने भुट्टे निकाल लिए और उनके स्थान पर श्मशान से तीन जली हुई लकड़ियाँ लपेट दी | उसे पता ही नहीं चला | रास्ते में उससे किसी ने कहा- आज तो राजा का जन्मदिन है, कुछ भेंट दे आओ, तुम्हें भी अच्छा उपहार मिलेगा | वह अपने भुट्टे ही देने चला गया, किन्तु जाँच के समय जली लकड़ियाँ मिलने से पकड़ा गया | राजा कठोर दण्ड देने ही वाला था, किन्तु तभी धनंजय कवि ने निम्नलिखित श्लोक सुनाकर राजा से कहा- हे राजन् ! इसकी तीन जली हुई लकड़ियों में एक गहरा अर्थ छुपा है, जो इस प्रकार है-

दग्धा रावणपालिता हनुमता लंकापुरी शोभिता |
दग्धं खांडवमर्जुनेन सहसा तीव्रार्चिषा वह्निना |
दग्धः पंचशरः पिनाकपतिना किं तेन युक्तं कृतं |
दारिद्र्यं जनशोकतापकरणं केनापि दग्धं न्वहो ||

अर्थ- इस दुनिया में आजतक बस तीन ही लोग सही में जलानेवाले पैदा हुए हैं | एक तो हनुमान्, जिसने रावण की सुन्दर लंका जलाई | दूसरा अर्जुन, जिसने खांडव वन जलाया | तीसरा शिव, जिसने कामदेव को भस्म किया | इनके अतिरिक्त चौथा कोई ऐसा जलानेवाला पैदा नहीं हुआ, जिसने दरिद्रता को जलाया हो | यह दरिद्रता जनता को महान् शोक और संताप उत्पन्न कर रही है।

धनंजय कवि की बात सुनकर राजा प्रसन्न हुआ और उसने उस निर्धन को अच्छी तरह धन-सम्पत्ति का उपहार दिया |

अमांगलिक पुरुष

किसी नगर में एक बहुत गरीब व्यक्ति रहता था, किन्तु वह गरीब होने के साथ-साथ अभागा भी था | लोग उसे अमांगलिक मानते थे | कहते थे कि यदि प्रातःकाल इसका मुख देख लो तो भोजन ही नहीं मिलता |

लोगों ने उसकी शिकायत राजा से भी कर दी | राजा ने उसकी परीक्षा करने के लिए उसे एक दिन अपने पास रख लिया और प्रातःकाल होने पर सर्वप्रथम स्वयं ही उसके मुख का दर्शन किया |

इसके बाद जब राजा भोजन करने बैठा तो संयोग से एक ऐसा आपातकालीन समाचार आ गया कि राजा को शीघ्र थाली छोड़कर जाना पड़ा | इससे राजा को विश्वास हो गया कि वह पुरुष सचमुच ही अमांगलिक है और राजा ने उसे फांसी पर चढ़ाने का आदेश दे दिया |

सैनिक जब उसे फांसी पर चढ़ाने के लिए ले जा रहे थे तो मार्ग में एक ज्ञानी पुरुष मिला | उसने करुणा करके उसे धैर्य बंधाया और कुछ उपाय भी समझाया | फाँसी पर चढ़ाने से पूर्व परम्परानुसार उससे उसकी अंतिम इच्छा पूछी गई । उसने राजा से मिलने की इच्छा व्यक्त की । राजा को बुलाया गया । उसने राजा से कहा- “हे राजन ! आज प्रातःकाल आपने मेरा मुख देखा तो आपको भोजन नहीं मिला, परन्तु यह भी तो सोचिए कि मैंने भी तो आपका मुख देखा था, मुझे तो मृत्यु मिल रही है, फिर दुनिया अधिक अमांगलिक किसे कहेगी ? आपका सुयश कैसे होगा ?”

यह सुनकर राजा ने उसे फाँसी पर चढ़ाने का आदेश निरस्त कर दिया ।

अंधेर नगरी चौपट राजा

इसकी कहानी बहुत महत्त्वपूर्ण और सुप्रसिद्ध है । उसे यहाँ लिखने की आवश्यकता नहीं है । परन्तु इस कहानी का सन्देश यही है कि गुरु की अच्छी सलाह को मानकर शिष्य फाँसी से बच जाता है और गलत सलाह को मानकर राजा फाँसी पर चढ़ जाता है ।

मुनि को लंगोटी पहनने की सलाह

इसकी कहानी भी बहुत प्रसिद्ध है, पंचतन्त्र में मिलती है । इसे भी यहाँ लिखने की आवश्यकता नहीं है । परन्तु इस कहानी का सन्देश भी यही है कि समाज के कुछ अज्ञानी जनों की गलत सलाह मानने से मुनि को भारी कष्ट झेलना पड़ा ।

।

कतिपय अन्य अनुभूत बातें

आचार्य विद्यानन्दजी महाराज अपने जीवन के अनेक संस्मरण सुनाया करते थे । कहते थे कि पहले मैं प्रवचन नहीं कर पाता था, इससे समाज में मेरी आलोचना भी होती थी और मुझे भी खेद-सा होता रहता था, किन्तु जयपुर में पं. चैनसुखदासजी न्यायतीर्थ ने मुझे वक्ता बनने की सलाह और शिक्षा दी । मैंने उसे माना तो उससे मुझे अपूर्व लाभ हुआ । इसके बाद पं. कैलाशचन्दजी शास्त्री वाराणसी ने मुझे गहराई से समयसार पढ़ने की और उस पर प्रवचन करने की सलाह दी । इससे भी मुझे वचन-अगोचर लाभ हुआ ।

मुझे भी जीवन में बहुत लोगों ने अज्ञानतापूर्ण सलाह दीं । जैसे कि- संस्कृत पढ़कर क्या करोगे, मत पढ़ो । अथवा - जैन दर्शन पढ़कर क्या करोगे, मत पढ़ो । अथवा- प्रशासनिक सेवा में जाओ, बहुत पैसा मिलेगा । अथवा- बहुत दूर मकान खरीदो, सस्ता और बड़ा मिलेगा । परन्तु मुझे लगता है कि मैंने ऐसी सलाहों को नहीं माना -यह बहुत ही अच्छा रहा, वरना मेरी ज्ञानाराधना छूट जाती ।

इसी प्रकार मुझे बचपन में सूखा रोग हो गया था, जिससे शरीर एकदम सूख गया था, मैं मरणासन्न हो गया था । ऐसी स्थिति में अनेक लोगों ने मेरी माँ को अज्ञानतापूर्ण सलाह दी । यथा- तुम इस बालक को भैंस के बच्चे की पूंछ से झाड़ लो, वह सूख जाएगा और यह ठीक हो जाएगा, अथवा- एक चूहा जलाकर उसकी धुँआ दिखा दो, यह ठीक हो जाएगा, इत्यादि, परन्तु मेरी माँ ने ऐसा कुछ भी नहीं किया ।

इस प्रकार हमें कभी किसी की गलत सलाह पर नहीं चलना चाहिए और कभी किसी को गलत सलाह देना भी नहीं चाहिए । (कभी किसी को गलत सलाह मत दो । -डॉ. हुकमचंद भारिल्ल )

This image is blank and contains no text to transcribe.