पंचास्तिकायसंग्रह पूजन (डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल) | Panchastikaysangrah Pujan (Dr. Hukamchand Bharill)

स्थापना

( वीर )
कुन्दकुन्द आचार्यदेव की अनुपम कृति अति पावन है।
इसमें पंच अस्तिकायों का प्रतिपादन मन भावन है॥
छहों द्रव्य अर सात तत्त्व अर नव पदार्थ समझाये हैं।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग के विविध रूप बतलाये हैं॥१॥

( कुण्डलिया )
प्राकृत की लघु कृति में अनुपम गाथा छन्द।
अरे समाहित हो गये दोनों श्रुत स्कन्ध॥
दोनों श्रुत स्कंध मूल सब विषय आ गये।
अध्यात्म के रंग सभी के हृदय भा गये॥
कुन्दकुन्द के भाव आ गये हैं इस कृति में।
सभी विषय हो गये समाहित इस लघु कृति में॥२॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागम! अत्र अवतर-अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागम!! अत्र तिष्ठ-तिष्ठ, ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागम!!! अत्र मम सन्निहितो भव-भव वषट्।

( इति पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत् )

( वीर )
जल

जन्तु रहित है प्रासुक यह जल क्षीरोदधि के नीर समान।
अर्पण करके नाश करूँ मैं जनम-जरा एवं अवसान॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥१॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं नि. स्वाहा।

चन्दन

भव आतप के मेटनहारे भावों का कर अभिनन्दन।
भक्तिभाव से अर्पित करता ताप निकन्दन यह चन्दन॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥२॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय संसारतापविनाशनाय चन्दनं नि. स्वाहा।

अक्षत

अक्षत पद अनन्त सुखमय है अविचल है अविनाशी है।
अक्षत अर्पण कर यह आतम अक्षतपुर प्रत्याशी है॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥३॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतं नि. स्वाहा।

पुष्प

यद्यपि जग में सुमन मनोहर जग का मन अपहरण करें।
इनको अर्पण कर नित भविजन काम भाव अपहरण करें॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥४॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं नि. स्वाहा।

नैवेद्य

जग की भूख बढ़ाते जग में विध-विध के विध-विध पकवान।
भूख वेदना के निग्रह को अर्पण करता ये पकवान॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥५॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि. स्वाहा।

दीप

स्व-पर प्रकाशक दीपक जग में स्व अर पर का करे प्रकाश।
आतम राम प्रकाशे जग में लोकाकाश अलोकाकाश॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥६॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं नि. स्वाहा।

धूप

गृह दुर्गन्धी नाश करे ज्यों जलती धूप धूपघट में।
कर्मों की दुर्गन्ध जलावें शुद्धभाव चेतनघट में॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥७॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय अष्टकर्मदहनाय धूपं नि. स्वाहा।

फल

सफल होंय ज्यों पुण्यवंत नर सभी लोक के कामों में।
शुद्धभाव से सफल होंयगें सभी मुक्ति के मारग में॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥८॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय मोक्षफलप्राप्तये फलं नि. स्वाहा।

अर्घ्य

अर्घ्य प्राप्त हो इस जगती में पुण्य रूप शुभभावों से।
पर अनर्घ्य पद तो मिलता है शुद्धभाव अपनाने से॥
पंचास्तिकाय षट्द्रव्यों एवं नवपदार्थों का आख्यान।
रत्नत्रयमय मोक्षमार्ग का किया गया इसमें व्याख्यान॥९॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय अनर्घ्यपदप्राप्तयेऽर्घ्यं नि. स्वाहा।

जयमाला

( मानव )
श्री महावीर गौतम संग नित याद करें हम जिन को।
पंचास्तिकाय के लेखक उन कुन्दकुन्द मुनिवर को॥
नमकर गाथा गाते हैं उनके पावन चरणों की।
परमागम की रचना कर की सीमा आचरणों की॥१॥

पंचास्तिकाय में पहले शिवमारग को बतलाया।
दो श्रुतकंधों में बाँटा अर भलीभाँति समझाया॥
पहले में सबसे पहले पंचास्तिकाय समझाये।
फिर द्रव्यों की चर्चा में द्रव्यों के भेद बताये॥२॥

फिर दूजे में हे भाई! नवतत्त्वों को समझाया।
और चूलिका में फिर है मोक्षमार्ग बतलाया॥
जिसमें निश्चय रत्नत्रय निश्चयनय से समझाये।
निश्चय के साथ रहें जो ऐसे व्यवहार बताये॥३॥

पंचास्तिकाय संग्रह को श्री कुन्दकुन्द मुनिवर ने।
प्रवचन का सार बताया है पूरे-पूरे मन से॥
इसमें प्रतिपादित वस्तु यदि नहीं समझ में आई।
आगम में परमागम में होगा प्रवेश ना भाई॥४॥

यदि प्रवेश करना है आगम में परमागम में।
तो पढ़ो-पढ़ाओ इसको आओ इसके आँगन में॥
रे समय व्याख्या टीका जो अमृतचन्द्र बनाई।
अनुपम रहस्य खोले हैं अद्भुत है अनुपम भाई॥५॥

केवल तृषादि से पीड़ित प्राणी पर विगलित होकर।
चित् में आकुलता होना अज्ञानी की अनुकम्पा॥
ज्ञानी की अनुकम्पा तो भववन में भ्रमित जगत को।
लखकर किंचित् निज मन में ही खेदखिन्न होना है॥६॥

अज्ञानी की भक्ति में रागादिभाव ही होते।
असली भक्ति तो केवल ज्ञानीजन के ही होती॥
अस्थान में राग नहीं हो अर तीव्र रागज्वर न हो।
इसलिये कदाचित् ज्ञानी भी भक्ति करते दिखते॥७॥

चारित्त के भेद किये दो स्वसमय परसमय जानो।
स्वचारित्र अर परचारित्र भी कहा गया है इनको॥
शुद्धोपयोग परिणति को ही स्वचारित्र कहा है।
उपराग सहित वृत्ति को परचारित्र कहा है॥८॥

स्व-चारित्र ही मुक्तिमग अर बंधमार्ग परचारित्र।
इसतरह अनेकों बातें आई हैं टीकाओं में॥
हैं ऐसी-ऐसी बातें मुनिवर सुधेन्दु टीका में।
हैं अध्यात्म की गहरी-गहरी बातें टीका में॥९॥

सम्पूर्ण शास्त्र का भाई तात्पर्य यही है केवल।
रे वीतरागता रे बस है धर्म निरंजन केवल॥
पंचास्तिकाय में भी तो बस यही बात बतलाई।
बस यही धर्म है सच्चा बस यही समझलो भाई॥१०॥

पंचास्तिकाय का अध्ययन जन-जन को है आवश्यक।
नवतत्त्वों का आलोडन जन-जन को है आवश्यक॥
मुक्तिमार्ग का मंथन जन-जन को है आवश्यक।
रे रत्नत्रय का धारण जन-जन को है आवश्यक॥११॥

( दोहा )
बतलाया इस ग्रंथ में निर्ग्रन्थों का पंथ।
इस पर चलकर मुक्त हों सभी संत निर्ग्रन्थ॥१२॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचास्तिकायसंग्रहजिनागमाय नमः जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।


Artist: डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल
स्रोत: पंचास्तिकायसंग्रह महामण्डल विधान (डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल), पृष्ठ २० (पंचास्तिकायसंग्रह महामण्डल विधान (डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल) | Panchastikaysangrah Mahamandal Vidhan (Dr. Hukamchand Bharill))