नित्य नियम पूजन
जय जय देव-शास्त्र-गुरु तीनों, मंगलदाता प्रभु वन्दन।
पंच परम परमेष्ठी प्रभु के चरणों को मैं करूँ नमन॥
विद्यमान तीर्थंकर बीस विदेह क्षेत्र के करूँ नमन।
तीन लोक के कृत्रिम अकृत्रिम जिन चैत्यालय को वन्दन॥
परमोत्कृष्ट अनंत गुण सहित सर्व सिद्ध प्रभु को वन्दन।
वृषभादिक श्री वीर जिनेश्वर तीर्थंकर सब करूँ नमन॥
निज भावों की अष्ट द्रव्य ले सविनय नाथ करूँ पूजन।
श्रद्धा पूर्वक भक्तिभाव से करता हूँ जिनपद अर्चन॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु पुष्पांजलि क्षिपामि।
अनन्तानुबंधी कषाय का नाश करूँ दो यह आशीष।
मोहरूप मिथ्यात्व नष्ट कर दूँ मैं समकित जल से ईश॥
देव शास्त्र गुरु पाँचों परमेष्ठी प्रभु विद्यमान जिन बीस।
कृत्रिम अकृत्रिम जिनगृह वन्दूँ सर्व सिद्ध जिनवर चौबीस॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
अप्रत्याख्यानावरणी कषाय का नाश करूँ तत्काल।
अविरति हर अणुव्रत लूँ समकित चंदन से चमके निज भाल॥देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु संसारताप विनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
मैं कषाय प्रत्याख्यानावरणी हर करूँ प्रमाद अभाव।
पंच महाव्रत ले समकित अक्षत से पाऊँ शुद्ध स्वभाव॥देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु अक्षयपद प्राप्ताय अक्षतं निर्वपामीति स्वाहा।
प्रभु कषाय संज्वलन नाश कर पाऊँ मैं निज में विश्राम।
समकित पुष्प खिले अंतर में मैं अरहंत बनूँ निष्काम॥देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
पाप-पुण्य शुभ-अशुभ आस्रव का निरोध करलूँ संवर।
समकित चरु से कर्म निर्जराकर मैं बंध हरूँ सत्वर।देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
राग-द्वेष सबका अभाव कर नो कषाय का करूँ विनाश।
सम्यक्ज्ञान दीप से स्वामी पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश।देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु मोहान्धकार विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
ज्ञानावरणादिक आठों कर्मों का नाश करूँ भगवन्त।
समकित धूपसुवासित हो उर भवसागर का करदूँ अन्त।देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु अष्टकर्म दहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
गुणस्थान चौदहवाँ पाकर योग अभाव करूँ स्वामी।
समकित का फल महामोक्ष पद पाऊँ हे अन्तर्यामी।देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु महामोक्ष फल प्राप्ताय फलं निर्वपामीति स्वाहा।
बन्ध हेतु मिथ्यात्व असंयम और प्रमाद कषाय त्रियोग।
समकित अर्घ्य सजा अंतर में पाऊँ पद अनर्घ अवियोग।देव.॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु अनर्घ्य पद प्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
जिनवर पद पूजन करूँ नित्य नियम से नाथ।
शुद्धातम से प्रीत कर मैं भी बनूँ सनाथ॥
तीन लोक के सारे प्राणी हैं कषाय आतप से तप्त।
इन्द्रिय विषय रोग से मूर्छित भव सागर दुख से संतप्त॥
इष्ट वियोग अनिष्ट योग से खेद खिन्न जग के प्राणी।
उनको है सम्यक्त्व परम हितकारी औषधि सुखदानी॥
सर्व दुःखों की परमौषधि पीते ही होता रोग विनष्ट।
भवनाशक जिनधर्म शरण पाते ही मिट जाता भवकष्ट॥
है मिथ्यात्व असंयम और कषाय पाप की क्रिया विचित्र।
पाप क्रियाओं से निवृत्त हो तो होता सम्यक्चारित्र॥
घातिकर्म बन्धन करने वाली शुभ अशुभ क्रिया सब पाप।
महा पाप मिथ्यात्व सदा ही देता है भव-भव संताप॥
इसके नष्ट हुए बिन होता दूर असंयम कभी नहीं।
इसके सम दुखकारी जग में और पाप है कहीं नहीं॥
मुनिव्रत धारण कर ग्रैवेयक में अहमिन्द्र हुआ बहुबार।
सम्यक्दर्शन बिन भटका प्रभु पाए जग में दुक्ख अपार॥
क्रोधादिक कषाय अनुरंजित हो भव सागर में डूबा।
साता के चक्कर में पड़कर नहीं असाता से ऊबा॥
पाप-पुण्य दुखमयी जानकर यदि मैं शुद्ध दृष्टि होता।
नष्ट विभाव भाव कर लेता यदि मैं द्रव्य दृष्टि होता॥
मिथ्यातम के गये बिना प्रभु नहीं असंयम जाता है।
जप तप व्रत पूजन अर्चन से जिय सम्यक्त्व न पाता है॥
इसीलिए मैं शरण आपकी आया हूँ जिनदेव महान्।
सम्यक्दर्शन मुझे प्राप्त हो, पाऊँ स्वपर भेद विज्ञान॥
नित्य नियम पूजन करके प्रभु निज स्वरूप का ज्ञान करूँ।
पर्यायों से दृष्टि हटा, बन द्रव्य दृष्टि निज ध्यान धरूँ॥
ॐ ह्रीं श्री सर्वजिनचरणाग्रेषु पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
नित्य नियम पूजन करूँ जिनवर पद उर धार।
आत्मज्ञान की शक्ति से हो जाऊँ भव पार॥
इत्याशीर्वादः।
Artist: कवि राजमल जी पवैया
स्रोत: करलो जिनवर की पूजन (पंडित सदासुख ग्रन्थमाला, अजमेर), पृष्ठ ५८ से ६०