मूलाचार प्रदीप (आचार्य सकलकीर्ति), भाषा टीका सहित | Moolachar Pradeep (Acharya Sakalkirti)

दशमोऽधिकारः

अर्हतः सिद्धनाथांश्च समाधिबोधिपारगान्।
जन्ममृत्युजराहंतॄन् नौमि बोधिसमाधये ॥२६४३॥

अर्थ: अब मैं रत्नत्रय और समाधि की प्राप्ति के लिए जन्म, मरण तथा बुढ़ापे को नाश करने वाले और रत्नत्रय तथा समाधि पारगामी ऐसे भगवान् अरहंतदेव को तथा सिद्ध भगवान् को नमस्कार करता हूँ।


संक्षेपेणाथ वक्ष्यामि सद्यतीनां समाधये।
अधिकारं परं प्रत्याख्यानं संस्तरसंज्ञकम् ॥२६४४॥

अर्थ: अब मैं श्रेष्ठ मुनियों को समाधि प्राप्त करने के लिए संक्षेप से प्रत्याख्यान संस्तर नाम के श्रेष्ठ अधिकार का निरूपण करता हूँ।


उपसर्गेऽतिदुर्भिक्षे वृद्धत्वे व्याधिसंचये।
असाध्ये निष्प्रतीकारे मन्दाक्षे सति कारणे ॥२६४५॥

व्रतभङ्गादिकेऽन्यस्मिन् वा संन्यासं तपस्विनाम्।
विधातुं युज्यते नूनं प्रयत्नेन हिताप्तये ॥२६४६॥

अर्थ (श्लोक 2645 से 2646): किसी उपसर्ग के आ जाने पर, घोर दुर्भिक्ष पड़ जाने पर, अत्यन्त वृद्धावस्था आ जाने पर, अनेक असाध्य और उपायरहित व्याधियों के आ जाने पर, नेत्रों की ज्योति मंद हो जाने पर वा व्रतभंग के कारण मिल जाने पर वा और भी ऐसे ही अन्य कारण आ जाने पर, तपस्वियों को अपना आत्महित करने के लिए प्रयत्नपूर्वक संन्यास धारण करने के लिए प्रयत्न करना चाहिए।


आसन्नं मरणं स्वस्य कश्चिद्विज्ञाय सन्मुनिः।
निमित्ताद्यैः समाध्यर्थं कुर्यादुद्यममञ्जसा ॥२६४७॥

आपृच्छ्य स्वसुगुर्वादीन् क्षमयित्वा खिलान् परान्।
त्रिशुद्ध्या युक्तिमद्वाक्यैः स्वयं क्षान्त्वा स्वमानसे ॥२६४८॥

अर्थ (श्लोक 2647 से 2648): श्रेष्ठ मुनियों को किसी निमित्तशास्त्र आदि के द्वारा अपना मरण निकट जानकर समाधि के लिए बहुत शीघ्र उद्यम करना चाहिए। इसके लिए सबसे पहले उन मुनियों को अपने श्रेष्ठ गुरु से पूछना चाहिए और फिर मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक युक्तिपूर्वक वचनों से समस्त मुनियों से क्षमा माँगनी चाहिए तथा अपने मन में सबको क्षमा कर देना चाहिए।


द्वित्र्यादियोगिभिः सार्द्धं परित्यज्य निजं गणम्।
मोहादिहानये सोऽस्मान्निर्गच्छति समाधये ॥२६४९॥

अर्थ: तदनंतर अपना मोह नाश करने के लिए दो-तीन मुनियों को साथ लेकर तथा अपने गण का त्याग कर समाधि धारण करने के लिए वहाँ से चल देना चाहिए।


क्रमात्परगणस्थं स विख्यातं सूरिपुङ्गवम्।
आसाद्य संपरीक्ष्योच्चैर्नत्वा कार्यं निवेदयेत् ॥२६५०॥

अर्थ: फिर अनुक्रम से चलकर किसी परगण में विराजमान प्रसिद्ध आचार्य के समीप पहुँचना चाहिए और उन आचार्य की अच्छी तरह परीक्षा कर तथा उनको नमस्कार कर उनसे अपना कार्य निवेदन करना चाहिए।


विश्वभव्यहितोद्युक्तः पञ्चाचारपरो महान्।
आगमे कुशलो धीमान् क्षोभ्यः परमार्थवित् ॥२६५१॥

आलोचितरहस्यापरिस्रावीसूरिसत्तमः ।
यः स निर्यापकः कार्य उत्तमः स्वसमाधये ॥२६५२॥

अर्थ (श्लोक 2651 से 2652): जो समस्त भव्यजीवों का हित करने में तत्पर हों, पंचाचार पालन करने में तत्पर हों, सर्वश्रेष्ठ हों, आगम में कुशल हों, बुद्धिमान् हों, कभी क्षुब्ध न होते हों, परमार्थ को जानने वाले हों, जो किसी मुनि के द्वारा आलोचना किए हुए दोषों को कभी प्रकट न करते हों और जो सर्वोत्तम हों ऐसे उत्तम आचार्य को अपनी समाधि के लिए निर्यापकाचार्य बनाना चाहिए।


यथा पत्तनमासन्नाः कर्णधारैर्विनाम्बुधौ।
रत्नहेमभृता नावः प्रमज्जन्ति प्रमादतः ॥२६५३॥

तथा क्षपकनावोऽत्र मुक्तिद्वीपसमीपगाः।
दृग्ज्ञानचरणार्घ्यरत्नपूर्णा भवाम्बुधौ ॥२६५४॥

निमज्जन्ति न सन्देहो विना निर्यापकैर्भुवि।
प्रमादेन ततो मृग्या मृत्यौ निर्यापका बुधैः ॥२६५५॥

अर्थ (श्लोक 2653 से 2655): जिस प्रकार रत्न और स्वर्ण से भरी हुई तथा नगर के समीप पहुँची हुई कोई नाव बिना मल्लाहों के अपने प्रमाद से ही समुद्र में डूब जाती है उसी प्रकार सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्ररूपी अमूल्य रत्नों से भरी हुई और मोक्षरूपी द्वीप के समीप पहुँची हुई क्षपकरूपी नाव बिना निर्यापकाचार्य के अपने प्रमाद से ही संसाररूपी समुद्र में डूब जाती है। इसमें किसी प्रकार का सन्देह नहीं है, इसलिए बुद्धिमान् मुनियों को समाधिमरण धारण करने के लिए निर्यापकाचार्य की अवश्य तलाश कर लेना चाहिए।


आचार्यः सोऽपि तं युक्त्या प्रपरीक्ष्य परार्थकॄत् ।
स्वीकुर्यात्स्वगणं पृष्ट्वोत्तमार्थसाधनोद्यतम् ॥२६५६॥

अर्थ: तदनंतर परोपकार करने में तत्पर वे आचार्य भी युक्तिपूर्वक उसकी परीक्षा करते हैं फिर अपने गण को पूछकर मोक्ष के साधन में लगे हुए उन मुनि को अपने पास रहने की स्वीकारता देते हैं।


ततोऽसौ क्षपको नत्वा ह्येकान्ते सूरिसन्निधौ।
ऋजुचित्तःस्वशुद्ध्यर्थं कुर्यादालोचनं स्फुटम् ॥२६५७॥

अर्थ: तदनंतर सरल हृदय को धारण करने वाला वह क्षपक भी किसी एकांत में आचार्य के समीप नमस्कार कर बैठता है और अपने आत्मा की शुद्धि के लिए स्पष्ट रीति से अपने दोषों की आलोचना करता है।


मूलोत्तरगुणादीनां रत्नत्रयस्य जातुचित्।
अतीचाराः कृताः स्वेन कारिता ये परेण च ॥२६५८॥

हृदानुमानिता ये तान्त्रिशुद्ध्या सकलान् मलान्।
त्यक्त्वा लोचनदोषान् स सर्वान् सूरिं निवेदयेत् ॥२६५९॥

अर्थ (श्लोक 2658 से 2659): मूलगुण वा उत्तरगुणों में वा रत्नत्रय में कभी भी जो अतिचार लगाए हों, वा दूसरों से लगवाए हों वा हृदय से उनकी अनुमोदना की हो उन सबको आलोचना के समस्त दोषों से रहित होकर मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक आचार्य से निवेदन कर देना चाहिए।


ऋजुबुद्धिर्यथा बालो ब्रूयात्स्वस्य मनोगतम्।
याथातथ्येन चाजानन् वाच्यावाच्यादिकं वचः ॥२६६०॥

मायाभिमानलज्जादींस्त्यक्त्वा शुद्धमतिस्तथा।
यथाजातान्तथा दोषान् भाषते सूरिसन्निधौ ॥२६६१॥

अर्थ (श्लोक 2660 से 2661): जिस प्रकार सरल बुद्धि को धारण करने वाला बालक कहने योग्य वा न कहने योग्य वचनों को नहीं जानता हुआ यथार्थ रीति से अपने मन की बात बतला देता है, उसी प्रकार शुद्ध बुद्धि को धारण करने वाले उन मुनियों को भी मायाचारी, अभिमान और लज्जा को छोड़कर आचार्य के समीप समस्त दोषों को यथार्थ रीति से कह देना चाहिए।


तदेवागमदृष्ट्याऽसौ गणी तद्दोषशान्तये।
ददाति विधिना तस्मै प्रायश्चित्तं यथोचितम् ॥२६६२॥

अर्थ: तदनंतर उन दोषों को शांत करने के लिए वे आचार्य भी आगम में कहे अनुसार विधिपूर्वक यथायोग्य प्रायश्चित्त उनके लिए देते हैं।


ततः स क्षपकः शक्त्या रत्नत्रयविशुद्धये।
यो दत्तः सूरिणा दण्डस्तं सर्वमाचरेत्क्रमात् ॥२६६३॥

यथाचार्यो मुनेस्तस्य हितायाह शुभाशुभान्।
मृत्युभेदान् श्रुतात्सप्तदश नीचोच्चजन्मदान् ॥२६६४॥

अर्थ (श्लोक 2663 से 2664): तदनंतर वह क्षपक भी अपने रत्नत्रय को शुद्ध करने के लिए आचार्य के द्वारा दिए हुए समस्त दण्ड को अपनी शक्ति के अनुसार अनुक्रम से पालन करता है। इसके बाद वे आचार्य उन मुनिराज का हित करने के लिए ऊँच और नीच योनि में जन्म देने वाले और इसीलिए शुभ-अशुभ ऐसे मृत्यु के सत्रह भेदों को शास्त्र के अनुसार कहते हैं।


आवीचिस्तद्द्वाख्यं चावधिराद्यन्तसंज्ञकम्।
सशल्यं गृद्धपृष्ठाख्यं जिघ्रासमरणं ततः ॥२६६५॥

व्युत्सृष्टं हि वलाकाख्यं संक्लिश्यमरणं नृणाम्।
मरणानि दशैतानि भाषितानि जिनेश्वरैः ॥२६६६॥

अर्थ (श्लोक 2665 से 2666): आवीचिमरण, भवमरण, अवधिमरण, आद्यंतमरण, सशल्यमरण, गृद्धपृष्ठमरण, जिघ्रासमरण, व्युत्सृष्टमरण, वलाकामरण और संक्लिश्यमरण इस प्रकार ये दस प्रकार के मरण भगवान् जिनेन्द्रदेव ने बतलाए हैं।


बालबालमृतिर्बालो बालपण्डितनामकम्।
चतुर्थं मरणं भक्तप्रत्याख्यानाभिधानकम् ॥२६६७॥

इंगनीमरणं नाम प्रायोपगमनाभिधम्।
मरणं सप्तमं सर्वज्येष्ठं पण्डितपण्डितम् ॥२६६८॥

अर्थ (श्लोक 2667 से 2668): बाल-बाल मरण, बालमरण, बाल-पंडित मरण, भक्तप्रत्याख्यान मरण, इंगिनी मरण, प्रायोपगमन मरण और सर्वोत्तम पंडित-पंडित मरण इस प्रकार सात मरण ये बतलाए हैं।


इमानि देहिनां सप्तदशोक्तानि जिनागमे।
सद्गतीतरकर्तॄणि मरणानि गणेशिना ॥२६६९॥

अर्थ: इस प्रकार भगवान् गणधरदेव ने अपने जिनागम में प्राणियों को सद्गति और असद्गति देने वाले ये सत्रह प्रकार के मरण बतलाए हैं।


यथाम्बुधौ जलौघानां वीचयः समयं प्रति।
उद्भूयोद्भूय तत्रैव विलीयन्ते तथाङ्गिनाम् ॥२६७०॥

उद्भूयोद्भूयकर्मायुः पुद्गलाणुषु यः क्षयः।
रसदां प्रत्यहं ज्ञेयमावीचिमरणं हि तत् ॥२६७१॥

अर्थ (श्लोक 2670 से 2671): जिस प्रकार समुद्र में पानी के समूह की लहरें समय-समय पर उठती हैं और उठ-उठकर उसी में लीन हो जाती हैं उसी प्रकार संसारी जीवों का आयुकर्म प्रत्येक समय में उदय होता रहता है और अपना रस देकर खिर जाता है, इसको आवीचिमरण कहते हैं। यह आवीचिमरण प्रतिदिन प्रतिसमय होता रहता है।


भुज्यमानायुषः पुंसो योऽन्तिमे समये भुवि।
प्राणत्यागो हि तद्विद्धि मरणं तद्भवाह्वयम् ॥२६७२॥

प्रकृत्याद्यैश्चतुर्बन्धैर्यादृशैः प्राग्भवे मृतः।
यस्तस्य तादृशैश्चावध्याख्यं मरणं हि तत् ॥२६७३॥

अर्थ (श्लोक 2672 से 2673): जो मनुष्य अपनी आयु को भोगकर अंतिम समय में प्राण त्याग कर देता है उसको भवमरण कहते हैं। इस जीव ने पहले भव में जैसे प्रकृति, स्थिति आदि चारों प्रकार के कर्मों का बंध कर मरण किया था यदि वैसे ही कर्मों का बंध कर मरण करे तो उसको अवधिमरण कहते हैं।


प्राक्तनात्स्वभवाद्बन्धैर्यादृशैश्चतुर्विधैः ।
प्रकृत्याद्यैर्मृतिर्त्यानुराद्यन्तमरणं हि तत् ॥२६७४॥

मायामिथ्यानिदानाद्यैः शल्यैः सार्द्धं कषायिणाम्।
यत्प्राणमोचनं निन्द्यं सशल्यमरणं हि तत् ॥२६७५॥

अर्थ (श्लोक 2674 से 2675): पहले भव में जैसे प्रकृति, स्थिति आदि कर्मों का बंध किया था उससे भिन्न प्रकृति, स्थिति आदि कर्म प्रकृतियों का बंध कर जो मरण करता है उस मरण को आद्यंत मरण कहते हैं। कषायों को धारण करने वाले जीव माया, मिथ्या, निदान इन तीनों शल्यों के साथ-साथ जो प्राण त्याग करते हैं उसको निंद्य सशल्य मरण कहते हैं।


मृत्युर्यः क्रियते हस्तिकलेवरादिषु क्वचित्।
प्रविश्य प्राणिभिर्गृध्रपृष्ठाख्यं मरणं तु तत् ॥२६७६॥

स्वस्य स्वेन दुराचारैः कृत्वा घ्राणनिरोधनम्।
क्रियते स्वात्मघातो यो जिघ्रासमरणं हि तत् ॥२६७७॥

अर्थ (श्लोक 2676 से 2677): हाथी आदि पशुओं के कलेवरों में प्रवेश कर जो प्राणी मर जाते हैं उसको गृध्रपृष्ठमरण कहते हैं। जो मनुष्य अपने ही दुराचारों से स्वयं सांस रोककर आत्मघात कर लेते हैं उसको जिघ्रासमरण कहते हैं।


दर्शनज्ञानचारित्रत्रयं मुक्त्वा शठात्मभिः ।
विधीयते मृतिर्याऽत्र व्युत्सृष्टमरणं च तत् ॥२६७८॥

पार्श्वस्थेनाऽत्र यत्प्राणमोचनं शिथिलात्मनाम्।
दीक्षितानां दुराचारैर्बलाकामरणं हि तत् ॥२६७९॥

अर्थ (श्लोक 2678 से 2679): जो मूर्ख सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र इन तीनों रत्नत्रयों को छोड़कर मर जाते हैं उसको व्युत्सृष्टमरण कहते हैं। शिथिल आचरणों को धारण करने वाले दीक्षित मुनि अपने दुराचरण के कारण प्राणत्याग करते हैं अथवा पार्श्वस्थ आदि पाँच प्रकार के त्याज्य मुनि जो प्राणत्याग करते हैं उसको वलाकामरण कहते हैं।


दृग्ज्ञानचरणाचारेषु संक्लेशं विधाय यः।
मृत्युस्तपस्विनां चित्ते संक्लिश्यमरणं तु तत् ॥२६८०॥

सम्यग्ज्ञानव्रताचारादृते प्राणविसर्जनम्।
मिथ्यादृशां हि यद् बालबालाख्यं मरणं च तत् ॥२६८१॥

अर्थ (श्लोक 2680 से 2681): अपने हृदय में, सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र में वा अपने आचरणों में संक्लेश उत्पन्न कर जो तपस्वियों की मृत्यु होती है उसको संक्लेश मरण कहते हैं। सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र से रहित मिथ्यादृष्टियों की जो मृत्यु होती है उसको बाल-बाल मरण कहते हैं।


बालमरण का स्वरूप


दृग्ज्ञाने सति सद्द्ष्टेर्योऽल्पेतरव्रताद्विना ।
शिशोरिव वपुस्त्यागस्तद्बालमरणाह्वयम् ॥२६८२॥

अर्थ: सम्यग्दृष्टि पुरुष सम्यग्दर्शन और सम्यग्ज्ञान के रहते हुए भी अणुव्रत वा महाव्रतों के बिना बच्चे के समान जो मृत्यु को प्राप्त होते हैं उसको बालमरण कहते हैं।


बालपण्डित मरण का स्वरूप


स्थावरध्वंसनाद्यैर्यै सूक्ष्मपञ्चाघवर्तनैः ।
बालास्त्रासाङ्गिरक्षाद्यैः स्थूलपञ्चाघवर्जनैः ॥२६८३॥

पण्डिताः श्रावकाश्चाऽत्र प्रोच्यन्ते बालपण्डिताः ।
अणुव्रतजुषां तेषां मरणं बालपण्डितम् ॥२६८४॥

अर्थ (श्लोक 2683 से 2684): श्रावक लोग स्थावर जीवों की हिंसा, सूक्ष्म मिथ्याभाषण आदि सूक्ष्मरूप से पाँचों पापों की प्रवृत्ति करने के कारण बालक कहलाते हैं तथा त्रस जीवों की रक्षा करते हैं, स्थूल मिथ्याभाषण का त्याग करते हैं, इस प्रकार स्थूल रीति से पाँचों पापों का त्याग कर देते हैं, इसलिए वे पंडित कहलाते हैं। इस प्रकार वे श्रावक बालपंडित कहलाते हैं। उन अणुव्रत धारण करने वाले सम्यग्दृष्टि श्रावकों का जो मरण है उसको बालपंडित मरण कहते हैं।


भक्त प्रत्याख्यान एवं इंगिनी मरण का स्वरूप


यद्भक्ताहारपानादींस्त्यक्त्वा स्वस्य प्रतिज्ञया ।
प्राणोज्झनं च सा भक्तप्रत्याख्यानाह्वया मृतिः ॥२६८५॥

आत्मनोऽत्रेङ्गिताकारेणाभिप्रायेण योगिभिः ।
साध्यते मरणं यत्तदिङ्गिणीमरणं हि तत् ॥२६८६॥

अर्थ (श्लोक 2685 से 2686): जो मुनि प्रतिज्ञापूर्वक चारों प्रकार के आहार का त्यागकर प्राण त्याग करता है उसको भक्तप्रत्याख्यान नाम का मरण कहते हैं। जो योगी अपने आत्मा के इशारे से आत्मा के अभिप्राय के अनुसार अपने मरण को सिद्ध कर लेते हैं उसको इंगिनी मरण कहते हैं।


प्रायोपगमन मरण का स्वरूप


प्रायेणोपगमं कृत्वा जना स्थानाद् गनान्तरे ।
पापाद्वैकाकिना धीरयमिना यच्चभाव्यते ॥२६८७॥

मरणं स्ववपुः क्षिप्त्वा ह्येकस्मिन्नचलासने ।
कस्मिंश्चिन्मरणं तत्स्यात्प्रायोपगमनाह्वयम् ॥२६८८॥

अर्थ (श्लोक 2687 से 2688): जो धीर वीर एकाकी मुनि पापरूप मनुष्यों के स्थान को छोड़कर प्रायः निर्जन वन में चले जाते हैं और अपने शरीर को किसी एक ही निश्चल आसन से विराजमान कर उस शरीर का त्याग कर देते हैं उसको प्रायोपगमन मरण कहते हैं।


भक्तोज्झनादिनामानो मृत्युभेदास्त्रयोप्यमी ।
ज्ञेया पण्डितमृत्योश्च प्रमत्तादिमहात्मनाम् ॥२६८९॥

अर्थ: भक्तप्रत्याख्यान मरण, इंगिनी मरण और प्रायोपगमन मरण ये तीनों मरण पण्डित मरण के भेद हैं और प्रमत्त संयमी वा अप्रमत्त संयमियों के होते हैं।


त्यक्त्वा केवलिनां प्राणान् गमनं यच्छिवालये।
मरणं तज्जगज्ज्येष्ठं वन्द्यं पण्डितपण्डितम् ॥२६९०॥

अर्थ: केवली भगवान् जो अपने शरीर को छोड़कर मोक्ष के लिए गमन करते हैं, वह तीनों लोकों में उत्तम और वंदनीय पण्डित-पण्डित मरण कहलाता है।


अमीषां मरणानां च मध्ये यत्पण्डिताह्वयम्।
मरणं क्षपक त्वं सत्साधयाऽत्राति यत्नतः ॥२६९१॥

साधितं मरणं ह्येकं पण्डिताख्यं प्रयत्नतः।
बहुजन्मशतादीनि क्षपकाणां छिनत्त्यहो ॥२६९२॥

अर्थ (श्लोक 2691 से 2692): हे क्षपक! इन सब मरणों में जो पण्डित मरण है उसी को तू प्रयत्नपूर्वक सिद्ध कर। यदि यह एक पण्डित मरण ही प्रयत्नपूर्वक सिद्ध कर लिया जायेगा तो उससे उस क्षपक के अनेक सैकड़ों जन्म-मरण क्षणभर में नष्ट हो जायेंगे।


अतः सन्मरणेनात्र मर्तव्यं तेन धीधनैः।
येनोत्पत्तिः पुनर्नस्याज्जन्ममृत्युजरांबिकाम् ॥२६९३॥

अर्थ: अतएव बुद्धिमानों को श्रेष्ठ मरण से ही मरना चाहिए, जिससे कि जन्म, मरण और बुढ़ापे को उत्पन्न करने वाला जन्म फिर कभी न हो।


ये प्रणष्टमतिज्ञानाश्चतुःसंज्ञाबिडम्बिताः।
कौटिल्यपरिणामाश्च मोहारिग्रसिताः शठाः ॥२६९४॥

कषायाकुलचेतस्काः सनिदाना दृगुज्झिताः ।
आर्त्तरौद्रत्रिदुर्लेश्याः शुभध्यानातिगा नराः ॥२६९५॥

असमाधिहृदा क्लेशेन म्रियन्ते समाधिना ।
आराधके न ते प्रोक्ता मृतौ संसृतिवर्द्धनात् ॥२६९६॥

अर्थ (श्लोक 2694 से 2696): जिन जीवों का मतिज्ञान नष्ट हो गया है, जो आहार, भय, मैथुन, परिग्रह इन चारों संज्ञाओं से विडंबित हैं, जिनके परिणाम कुटिल रहते हैं, जो मोहरूपी शत्रु से दबे हुए हैं, जो मूर्ख हैं, जिनके हृदय कषाय से आकुलित रहते हैं, जो सदा निदान करते रहते हैं, जो सम्यग्दर्शन से रहित हैं, जो आर्तध्यान तथा रौद्रध्यान में लीन रहते हैं, पहली तीन अशुभ लेश्याओं को धारण करते हैं, जो शुभध्यान से बहुत दूर रहते हैं और जिनके हृदय में कभी भी समाधि को स्थान नहीं मिलता, ऐसे लोग बिना समाधिमरण के केवल क्लेशपूर्वक ही मरते हैं, इसलिए आराधना करने वालों को मरण के समय इन सबका त्याग कर देना चाहिए क्योंकि ये सब जन्म-मरणरूप संसार को बढ़ाने वाले हैं।


मरणे नष्टबुद्धीनां विराधिते सति स्फुटम् ।
देवदुर्गतयो नूनं भवन्त्यत्राशुभाकराः ॥२६९७॥

अर्थ: नष्ट बुद्धि को धारण करने वाले जो लोग अपने मरण की विराधना कर देते हैं वे जीव महापाप की खानि ऐसी देव दुर्गतियों में उत्पन्न होते हैं।


बोधिं सम्यक्त्वमत्यन्तदुर्लभं भवकोटिभिः ।
आगमिष्यति काले ह्यनन्ता दुर्भवपद्धतिः ॥२६९८॥

अर्थ: इस लोक में रत्नत्रय और सम्यक्त्व का प्राप्त होना अत्यन्त दुर्लभ है, करोड़ों भवों में भी प्राप्त नहीं होता। यदि प्राप्त होता है तो काललब्धि के अनुसार प्राप्त होता है तथा नीच जन्मों की परम्परा अनंतबार प्राप्त होती चली आ रही है।


देवदुर्गतयः काश्च का बोधिर्मरणं हृदा ।
विनश्यति मुमुक्षूणां कीदृशेन भवो भवेत् ॥२६९९॥

अनन्तः केन शिष्येण पृष्टः सूरिरिति स्फुटम् ।
उवाच देवदुर्गत्यादिकं सर्वं तदीहितम् ॥२७००॥

अर्थ (श्लोक 2699 से 2700): यहाँ पर कोई शिष्य अपने आचार्य से पूछता है कि हे प्रभो! देवदुर्गति क्या है? रत्नत्रय किसको कहते हैं? मोक्ष की इच्छा करने वाले मुनियों का मरण कैसे हृदय से नष्ट हो जाता है जिससे कि उसको अनंत संसार की प्राप्ति होती है। इसके उत्तर में आचार्य उस शिष्य की इच्छानुसार देव दुर्गति आदि का स्वरूप कहते हैं।


कांदर्पमाभियोग्यं च कैल्विषं किल्विषाकरम्।
स्वमोहत्वं तथैवासुरत्त्वमेतैः कुलक्षणैः ॥२७०१॥

सम्पन्ना दुर्द्धियो मृत्वा गच्छन्ति देवदुर्गतीः।
कंदर्पाद्या इति प्रोक्ता नीचयोनिभवा दिवि ॥२७०२॥

अर्थ (श्लोक 2701 से 2702): जो मूर्ख कंदर्प जाति के कुलक्षणों को अभियोग्य जाति के कुलक्षणों को पाप की खानि ऐसे किल्विष रूप कुलक्षणों को स्वमोहत्व और असुररूप कुलक्षणों को धारण कर मरते हैं वे देव दुर्गति में उत्पन्न होते हैं। स्वर्गों में कंदर्प आदि नीच योनि में उत्पन्न होने वाले जो देव हैं उन्हीं की गति को देव दुर्गति कहते हैं।


असत्यं यो ब्रुवन् हास्यसरागवचनादिकान्।
कन्दर्पोद्दीपकांल्लोके कंदर्परतिरञ्जितः ॥२७०३॥

कन्दर्पाः सन्ति देवा ये नग्नाचार्याः सुरालये।
कन्दर्पकर्मभिस्तेषु ह्युत्पद्यते स तत्समः ॥२७०४॥

अर्थ (श्लोक 2703 से 2704): जो साधु होकर भी असत्य वचन बोलते हैं, हँसी-ठहाका के वचन कहते हैं, राग बढ़ाने वाले वचन कहते हैं, कामदेव को बढ़ाने वाले उत्तेजित करने वाले वचन कहते हैं और जो कामसेवन में लीन हो जाते हैं, ऐसे जीव मरकर स्वर्ग में कंदर्प जाति के देव होते हैं वहाँ पर भी वे काम को बढ़ाने वाली क्रियाएँ ही करते रहते हैं। इस प्रकार कंदर्पमय क्रियाओं के करने से वे पाखंडी स्वर्ग में भी वैसे ही कंदर्पमय क्रियाएँ करने वाले होते हैं। ऐसे देवों को नग्नाचार्य भी कहते हैं।


मन्त्रतन्त्रादिकर्माणि यो विधत्ते बहूनि च।
ज्योतिष्कभेषजादीनि परा कार्याण्यशुभानि च ॥२७०५॥

हास्यकौतूहलादीनि करोति स्वेच्छया वदेत्।
हस्त्यश्ववाहनेष्वत्र जायते सोऽमरोऽधमः ॥२७०६॥

अर्थ (श्लोक 2705 से 2706): जो मनुष्य साधु होकर भी मंत्र-तंत्र आदि अनेक कार्यों को करता है, ज्योतिष्क वा वैद्यक करता है तथा ऐसे ही ऐसे और भी बहुत से अशुभ कार्य करता है, हँसी करता है, कौतूहल-तमाशे आदि करता है और इच्छानुसार चाहे जो बोलता है, वह मरकर हाथी, घोड़ा आदि बनने वाले वाहन जाति के नीच देवों में उत्पन्न होता है।


तीर्थकृतां च सङ्घस्य चैत्यचैत्यालयस्य च।
आगमस्याविनीतो यः प्रत्यनीकः सुधर्मिणाम् ॥२७०७॥

मायावी किल्विषाक्रान्तः किल्विषादि-कुकर्मभिः।
स किल्विषसुरो नीचो भवेत्किल्विष-जातिषु ॥२७०८॥

अर्थ (श्लोक 2707 से 2708): जो तीर्थंकरों की अविनय करता है, संघ की अविनय करता है, चैत्य-चैत्यालयों की अविनय करता है, आगम की अविनय करता है, धर्मात्माओं के प्रतिकूल रहता है, जो मायाचारी है और महापापी है वह अपने महापापों के कारण किल्विष जाति के देवों में नीच किल्विष देव होता है।


उन्मार्गदेशको योऽत्र जिनमार्गविनाशकः।
सन्मार्गाद्विपरीतोऽत्र दृष्टिहीनः कुमार्गगः ॥२७०९॥

मिथ्यामायादिमोहेन मोहयन् मोहपीडितः।
जायते स स्वमोहेषु स्वभंडामरजातिषु ॥२७१०॥

अर्थ (श्लोक 2709 से 2710): जो साधु कुमार्ग का उपदेश देता है, जिनमार्ग का नाश करता है, श्रेष्ठ मोक्षमार्ग से सदा विपरीत रहता है, जो सम्यग्दर्शन से रहित है, कुमार्गगामी है, जो मिथ्यात्व, मायाचारी आदि तीव्र मोह से मोहित है, जो तीव्रमोह के कारण अत्यन्त दुःखी है वे स्वच्छन्द देवों में उत्पन्न होते हैं। देवों की स्वभंड नाम की नीच जाति में स्वमोह वा श्वमोह (कुत्ते के समान इधर-उधर स्वच्छंद फिरने वाले) देव होते हैं।


क्षुद्रः क्रोधी खलो मानी मायावी दुर्जनो यतिः।
युक्तोऽनुबद्धवैरेण तपश्चारित्रकर्मषु ॥२७११॥

संक्लिष्टः सनिदानो य उत्पद्यतेऽघकर्मणा।
रौद्रासुरकुमारेषु सोऽम्बरादि-कुजातिषु ॥२७१२॥

अर्थ (श्लोक 2711 से 2712): जो साधु क्षुद्र हैं, क्रोधी हैं, दुष्ट हैं, अभिमानी हैं, मायाचारी हैं, दुर्जन हैं, जो पहले जन्म के वा इसी भव के पहले वैर भावों को धारण करते हैं, जो तपश्चरण और चारित्र की क्रियाओं में संक्लेशता धारण करते हैं और जो निदान करते रहते हैं वे पापरूप कर्मों के कारण अंबावरीष जाति के नीच और रौद्र असुरकुमारों में उत्पन्न होते हैं।


मिथ्यादर्शनरक्ता ये सनिदानाः कुमार्गगाः।
कृष्णलेश्योद्धता रौद्रपरिणामागुणातिगाः ॥२७१३॥

त्यक्त्वा सद्दर्शनं संक्लेशान्म्रियन्ते समाधिना।
संसारे भ्रमतां तेषां बोधिश्चातीवदुर्लभा ॥२७१४॥

अर्थ (श्लोक 2713 से 2714): जो जीव मिथ्यादर्शन में लीन रहते हैं, जो सदा निदान करते रहते हैं, जो कुमार्गगामी हैं, कृष्णलेश्या को धारण करने के कारण जो अत्यन्त उद्धत रहते हैं, जो रौद्र परिणामों को धारण करते हैं और गुणों से सर्वथा दूर रहते हैं, ऐसे जो जीव सम्यग्दर्शन को छोड़कर बिना समाधि के संक्लेश परिणामों से मरते वे जीव सदा इस संसार में परिभ्रमण किया करते हैं। उनको रत्नत्रय की प्राप्ति होना अत्यन्त दुर्लभ हो जाती है।


सम्यग्दर्शनसम्पन्ना अनिदानाः शुभाशयाः।
शुक्ललेश्याः शुभध्यानरताः सिद्धान्तवेदिनः ॥२७१५॥

धर्मध्यानादिसंन्यासैर् ये म्रियन्ते समाधिना ।
तेषामासन्नभव्यानां सुलभा बोधिरुत्तमा ॥२७१६॥

अर्थ (श्लोक 2715 से 2716): जो सम्यग्दर्शन से सुशोभित हैं, कभी निदान नहीं करते, जिनका हृदय शुद्ध है, जो शुक्ललेश्या धारण करते हैं, शुभध्यान में सदा लीन रहते हैं और सिद्धान्त शास्त्रों को जानते हैं, ऐसे जो मुनि समाधिपूर्वक धर्मध्यान वा शुक्लध्यान धारणकर संन्यास से मरण करते हैं उन आसन्न भव्यजीवों के उत्तम रत्नत्रय की प्राप्ति अत्यन्त सुलभ रीति से हो जाती है।


गुरूणां प्रत्यनीका ये दीर्घमिथ्यात्ववासिताः।
बहुमोहावृता दुष्टा आर्तरौद्रपरायणाः ॥२७१७॥

मदोद्धताः कुशीलाश्च म्रियन्तेऽत्रासमाधिना।
स्युस्ते ह्यनन्तसंसारा विश्वदुःखशताकुलाः ॥२७१८॥

अर्थ (श्लोक 2717 से 2718): जो जीव आचार्य वा गुरु से सदा प्रतिकूल रहते हैं, जो दीर्घ मिथ्यात्व को धारण करते हैं, जो तीव्र मोह से घिरे हुए हैं, जो दुष्ट हैं, आर्त-रौद्र परिणामों को धारण करते हैं, मद से मदोन्मत्त हैं, जो कुशीली हैं, ऐसे जीव बिना समाधि के मरकर अनंत संसार में परिभ्रमण किया करते हैं और सब तरह के सैकड़ों महा दुःखों से व्याकुल रहते हैं।


जिनवाक्यानुरक्ता ये गुरूणां भक्तितत्पराः।
शुद्धभावाः सदाचारा रत्नत्रयविभूषिताः ॥२७१९॥

गुर्वाज्ञापालका दक्षा धर्मध्यानसमाधिना।
उत्तमं मरणं यान्ति स्युस्ते संसारपारगाः ॥२७२०॥

अर्थ (श्लोक 2719 से 2720): जो जीव जिनवाणी में सदा अनुरक्त रहते हैं, गुरुओं की भक्ति करने में तत्पर रहते हैं, शुद्ध भावों को धारण करते हैं, सदाचार पालन करते हैं, रत्नत्रय से सुशोभित हैं, गुरु की आज्ञा को सदा पालन करते रहते हैं और जो चतुर हैं, ऐसे जीव धर्मध्यान और समाधिपूर्वक उत्तम मरण को प्राप्त होते हैं और शीघ्र ही संसार से पार हो जाते हैं।


बालबालाशुभान्मृत्यून् मरिष्यन्ति बहूंश्च ते ।
जिनवाक्यं न जानन्ति वराका येऽघवंचिताः ॥२७२१॥

स्वान्यशस्त्रादिघातेन विषादिभक्षणेन च।
जलानलप्रवेशाभ्यामनाचारादिकोटिभिः ॥२७२२॥

उच्छ्वासरोधनाद्यै र्ये दुर्मृतिं स्वस्य कुर्वते।
जन्ममृत्युजरादुःखौघस्तेषां वर्द्धते तराम् ॥२७२३॥

अर्थ (श्लोक 2721 से 2723): जो जीव अनेक बार अत्यन्त अशुभ ऐसे बाल-बाल मरण से मरते हैं, जो जिनवचनों को जानते ही नहीं, जो नीच हैं, पाप से ठगे हुए हैं, जो अपने ही शस्त्र से वा दूसरे के शस्त्र घात से मरते हैं वा विष भक्षण से मरते हैं, जल में डूबकर वा अग्नि में जलकर मरते हैं वा करोड़ों अनाचारों के कारण श्वास रोक कर मरते हैं, इस प्रकार जो दुर्मरण से मरते हैं, उनके जन्म-मरण-जरा आदि अनेक दुःखों के समूह निरंतर बढ़ते रहते हैं।


उद्वेगभयसंक्लेशै-रूर्ध्वाधस्त्रिजगत्स्वपि ।
त्रसस्थावरजीवेषु पराधीनतया त्वया ॥२७२४॥

मरणानि ह्यनन्तानि बालबालाशुभानि च।
अन्यैः प्राप्तानि च सर्वैरक्षान्धैर्बोधिदूरगैः ॥२७२५॥

अर्थ (श्लोक 2724 से 2725): हे क्षपक! इस ऊर्ध्वलोक, मध्यलोक और अधोलोकरूप तीनों लोकों में तथा त्रस, स्थावर आदि अनेक जीव योनियों में पराधीन होकर उद्वेग, भय और संक्लेशरूप परिणामों से अनंतबार अशुभ बाल-बाल मरण किए हैं तथा इसी प्रकार रत्नत्रय से रहित और जीवों की रक्षा करने में अंधे ऐसे अन्य समस्त जीवों ने अनंतबार बाल-बाल मरण किए हैं।


ज्ञात्वेति क्षपकेह त्वं प्रियस्वाखिलयत्नतः ।
पण्डितेन मुदा येन मृत्युञ्जयश्च भविष्यसि ॥२७२६॥

इत्याचार्योपदेशेन योग्यस्थाने मठादिके।
समाधिसिद्धये युक्त्या संस्तरं स प्रपद्यते ॥२७२७॥

अर्थ (श्लोक 2726 से 2727): यही समझकर हे क्षपक ! तू प्रसन्न होकर प्रयत्नपूर्वक पंडित मरण से मर, जिससे कि तेरा जन्म-मरण सदा के लिए नष्ट हो जाए। इस प्रकार आचार्य का उपदेश सुनकर वह क्षपक अपनी समाधि धारण करने के लिए युक्तिपूर्वक किसी मठ आदि योग्य स्थान में संस्तर स्वीकार करता है।


तदैवाराधना शुद्धीश्चतुर्विधा दृगादिकाः।
मनोवाक्कायसंशुद्धया कर्तुमारभते सुधीः ॥२७२८॥

शङ्कादिदोषदूरस्थाः सद्गुणाष्टविभूषिताः।
धर्मरत्नखनी मेऽस्तु दृग्विशुद्धिर्दृढापरा ॥२७२९॥

सर्वज्ञध्वनिसंभूता स्वांगपूर्वादिगोचरा ।
शुद्ध्या भवतु मे ज्ञानाराधनाचारपूर्विका ॥२७३०॥

त्रयोदशविधा पूर्णा व्रतैः समितिगुप्तिभिः।
सर्वैः दोषातिगा चास्तु चारित्राराधना मम ॥२७३१॥

समस्तेच्छानिरोधोत्थां तप आराधनां पराम्।
उग्रोग्राख्यां द्विषड्भेदां कुर्वेऽहं कर्महानये ॥२७३२॥

अर्थ (श्लोक 2728 से 2732): तदनंतर वह बुद्धिमान् मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक सम्यग्दर्शन आदि चारों प्रकार की आराधनाओं की शुद्धि करना प्रारंभ करता है। वह चिंतन करता है कि शंकादिक दोषों से रहित तथा निःशंकित आदि आठों गुणों से सुशोभित और धर्मरत्न की खानि ऐसी सम्यग्दर्शन की विशुद्धि मेरी सदा उत्कृष्ट और दृढ़ बनी रहे। जो ज्ञानाराधना भगवान् सर्वज्ञदेव की दिव्यध्वनि से प्रकट हुई है, जो ग्यारह अंग और चौदह पूर्व के गोचर है ऐसी आचारपूर्वक मेरी ज्ञानाराधना की सदा शुद्धि बनी रहे। पाँच महाव्रत, तीन गुप्ति और पाँच समितियों से परिपूर्ण ऐसी तेरह प्रकार की मेरी चारित्राराधना समस्त दोषों से रहित हो। मैं अपने कर्म नष्ट करने के लिए समस्त इच्छाओं के निरोध करने से उत्पन्न हुई तथा घोर वा उग्र-उग्ररूप को धारण करने वाली और बारह प्रकार के भेदों से सुशोभित ऐसी तप आराधना को धारण करूँगा।


आराधना इमाः सारा महतीश्चचतुर्विधाः।
सर्वोत्कृष्टाः करोत्येष विशुद्धा मुक्तिमातृकाः ॥२७३३॥

अर्थ: इस प्रकार चिंतन करता हुआ वह क्षपक मोक्ष की इच्छा देने वाली, अत्यन्त विशुद्ध, सर्वोत्कृष्ट और सारभूत ऐसी इन चारों प्रकार की महा आराधनाओं को धारण करता है।


तथा कषायकायाभ्यां द्विधा सल्लेखनां कृती ।
विधत्ते भुवि निःशल्यः क्षमातोषादिभिः परैः ॥२७३४॥

अर्थ: तदनंतर शल्यरहित वह बुद्धिमान् वह क्षपक क्षमा, संतोष आदि श्रेष्ठ गुणों को धारण कर कषाय और काय दोनों की सल्लेखना करता है अर्थात् कषायों को घटाता है और शरीर से ममत्व का त्याग करता है।


आदौ कुर्यात्कषायाणां परां सल्लेखनामिति ।
क्षमेऽहं विश्वजीवानामपराधं किलाञ्जसा ॥२७३५॥

कृतं मयापराधं मे क्षम्यतां त्रिजगज्जनाः ।
सर्वभूतेषु मैत्री च ममाऽस्तु सुखकारिणी ॥२७३६॥

अर्थ (श्लोक 2735 से 2736): वह क्षपक सबसे पहले कषायों की सल्लेखना करता है वह कहता है कि मैं समस्त जीवों के अपराध को क्षमा करता हूँ तथा मुझसे जो अपराध बने हों, उनको तीनों लोकों के समस्त जीव क्षमा कर दें तथा सुख देने वाली मेरी मैत्री समस्त जीवों में हो।


गुणानुराग एवालं न वैरं केनचित्समम् ।
रागं कषायसम्बन्धं प्रद्वेषं हर्षमञ्जसा ॥२७३७॥

दीनभावं भयं शोकं सोत्सुकत्वं कुचिन्तनम् ।
कालुष्यं कृत्स्नदुर्ध्यानं स्नेहं रत्यरतिद्वयम् ॥२७३८॥

जुगुप्सादिकमन्यद्वा त्रिशुद्ध्या व्युत्सृजाम्यहम् ।
सर्वभूतदयाचित्तः शत्रुमित्रादिवर्जितः ॥२७३९॥

ममत्वं निजदेहादौ जहामि सर्वथाखिलान् ।
निर्ममत्वं सदा चित्ते प्रकुर्वे त्रिजगत्स्वपि ॥२७४०॥

अर्थ (श्लोक 2737 से 2740): समस्त गुणों में मेरा अनुराग हो, मैं किसी के साथ बैर भाव नहीं रखता, मैं राग को, कषायों के संबंध को, द्वेष को, हर्ष को, दीनतारूप परिणामों को, भय, शोक को, उत्सुकता को, अशुभ ध्यान को, कलुषता को, सब तरह के दुर्ध्यान को, स्नेह को, रति तथा अरति को, जुगुप्सा को तथा और भी कर्मजन्य जो आत्मा के विकार हैं, उन सबका मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक त्याग कर देता हूँ। मैं अपने हृदय में समस्त जीवों के लिए दया धारण करता हूँ तथा सबसे शत्रुता वा मित्रता का त्याग करता हूँ। मैं अपने शरीर से भी ममत्व का सर्वथा त्याग करता हूँ, मैं तीनों लोकों के समस्त पदार्थों में निर्ममत्व धारण करता हूँ।


आत्मैकालम्बनं मेऽस्तु सार्द्धं दृगादिसद्गुणैः।
तं बिना त्रिजगज्जालं सर्वं द्रव्यं त्यजाम्यहम् ॥२७४१॥

आत्मैव मे परं ज्ञानमात्मा क्षायिकदर्शनम्।
आत्मा परमचारित्रं प्रत्याख्यानं च निर्मलम् ॥२७४२॥

आत्मैव सकलो योग आत्मैव मोक्षसाधनः।
यतोऽत्रै तेगुणाः सन्ति विनात्मानं न जातुचित् ॥२७४३॥

एकाकी म्रियते देहो ह्येक उत्पद्यते विधेः।
एको भ्रमति संसारे एकः शुद्ध्यति नीरजाः ॥२७४४॥

एको मे शाश्वतोऽत्रात्मा ज्ञानदर्शनलक्षणः।
शेषा मेऽङ्गादयो भावा बाह्याः संयोगसम्भवाः ॥२७४५॥

अर्थ (श्लोक 2741 से 2745): अब मैं सम्यग्दर्शन आदि गुणों के साथ-साथ एक आत्मा का ही आश्रय लेता हूँ, उसके सिवाय तीनों लोकों में भरे हुए समस्त द्रव्यों का मैं त्याग करता हूँ। मेरा यह आत्मा ही परम ज्ञान है, आत्मा ही क्षायिक सम्यग्दर्शन है, आत्मा ही परम चारित्र है और आत्मा ही परम निर्मल प्रत्याख्यान है। मेरा यह आत्मा ही समस्त योगरूप है और यही आत्मा मोक्ष का साधन है क्योंकि आत्मा में जितने गुण हैं वा मोक्ष के कारणभूत जितने गुण हैं वे बिना आत्मा के कभी हो ही नहीं सकते हैं। यह प्राणी इस संसार में कर्म के निमित्त से अकेला ही मरता है, अकेला ही उत्पन्न होता है, अकेला ही परिभ्रमण करता है और कर्म रहित होकर अकेला ही शुद्ध होता है। सम्यग्दर्शन और सम्यग्ज्ञानस्वरूप यह मेरा एक आत्मा ही नित्य है, बाकी के शरीरादिक जितने मेरे बाह्य भाव हैं वे सब मुझसे भिन्न हैं और सब कर्मादिक के संयोग से उत्पन्न हुए हैं।


येन संयोगमूलेन प्राप्ता दुःखपरम्परा।
मया तं कर्मजं सर्वं संयोगं व्युत्सृजाम्यहम् ॥२७४६॥

मूलोत्तरगुणादीनां मध्ये नाराधितो गुणः।
यः कश्चित्तं त्रिधा दोषं गर्हे प्रतिक्रमामि च ॥२७४७॥

अर्थ (श्लोक 2746 से 2747): जिस कर्म के संयोग से मुझे अनादिकाल से आज तक दुःखों की परंपरा प्राप्त हुई है, उन कर्मों से उत्पन्न हुए समस्त संयोगों को मैं त्याग करता हूँ। मूलगुण और उत्तरगुणों में जो कोई गुण मैंने आराधन न किया हो उस दोष की मैं मन-वचन-काय से गर्हा करता हूँ, निंदा करता हूँ और उसके लिए प्रतिक्रमण करता हूँ।


भयान् सप्तमदानष्टौ चतुःसंज्ञास्त्रिगौरवान्।
गर्हेऽहं च त्रयस्त्रिंशदासादना हि सर्वथा ॥२७४८॥

अर्थ: मैं सातों भयों की निंदा करता हूँ, आठों मदों की निंदा करता हूँ, चारों संज्ञाओं की निंदा करता हूँ, तीनों गौरव वा अभिमानों की निंदा करता हूँ और तैंतीस आसादनाओं की सर्वथा निंदा करता हूँ।


इहामुत्रभयोऽत्राणागुप्तिमृत्युभयानि च।
वेदनाकस्मिकश्चैते जहामि भयसप्तकम् ॥२७४९॥

विज्ञानेश्वर्यमाज्ञा च कुलजातितपोबलाः।
रूपं सत्सु गुणेष्वत्रैतेषु गच्छामि नो मदम् ॥२७५०॥

अर्थ (श्लोक 2749 से 2750): इस लोक का भय, परलोक का भय, अपनी रक्षा न होने का भय, अगुप्ति (नगर में परकोट के न होने) का भय, मृत्यु का भय, वेदना का भय और आकस्मिक भय ये सात भय हैं, मैं इन सातों भयों का त्याग करता हूँ। ज्ञान का मद, ऐश्वर्य का मद, आज्ञा का मद, कुल का मद, जाति का मद, तप का मद, बल का मद और रूप का मद ये आठ मद हैं। मैं इन गुणों में होने वाले सब मदों का त्याग करता है।


पञ्चैवात्रास्तिकायाश्च षड्जीवजातयस्ततः।
महाव्रतानि पञ्च प्रवचनस्याष्टमातरः ॥२७५१॥

पदार्था नव चोक्ता हि त्रयस्त्रिंशदिति स्फुटम्।
आसादना जिनैर्जातु मनाक् कार्या मया न भोः ॥२७५२॥

अर्थ (श्लोक 2751 से 2752): भगवान् जिनेन्द्रदेव ने पाँच अस्तिकाय, छह प्रकार के जीव, पाँच महाव्रत, आठ प्रवचन मातृकाएँ, नौ पदार्थ बतलाए हैं, इन सबकी संख्या तैंतीस होती है इन तैंतीसों से संबंध रखना वा इनसे ममत्व रखना इनका तिरस्कार करना इनके निमित्त से रागद्वेष उत्पन्न करना तैंतीस आसादनाएँ बतलाई हैं इन आसादनाओं को मैं रंचमात्र भी नहीं लगने दूँगा।


निन्दनीयं च यत्किञ्चित्सर्वं निन्दामि तद्धृदि।
गर्हणीयमकृत्यं यद् गर्हेतद् गुरुसन्निधौ ॥२७५३॥

इत्याद्यन्यशुभध्यानैः कृत्वा सल्लेखनां हृदि।
कषायाणां पुनः कुर्यात् कायसल्लेखनां यतिः ॥२७५४॥

अर्थ (श्लोक 2753 से 2754): इस संसार में जो कुछ निंदनीय है, उसकी मैं अपने हृदय में निंदा करता हूँ तथा जो गर्हा करने योग्य दुष्कृत्य हैं उनकी मैं गुरु के समीप में गर्हा करता हूँ। इस प्रकार के ध्यान से अथवा और भी शुभ ध्यानों से अपने हृदय में कषायों की सल्लेखना करनी चाहिए और फिर उस मुनि को काय की सल्लेखना करनी चाहिए।


षष्ठाष्टमादिपक्षैकमासाद्यशनैः परैः।
तपोभेदैर्द्विषड्भिश्च शोषयेत् क्रमतो वपुः ॥२७५५॥

अर्थ: वेला-तेला करके वा पंद्रह दिन वा एक महीने का उपवास करके तथा और भी तपश्चरण के बारह भेदों को धारण करके अनुक्रम से अपने शरीर को कृश करना चाहिए।


ततस्त्यक्त्वा क्रमेणान्नं स्तोकस्तोकेन धर्मधीः।
गृह्णाति केवलं नीरं धर्मध्यानसमाधये ॥२७५६॥

पश्चाद्युक्त्याम्बुपानं च परित्यज्य करोति सः।
परलोकोत्तमार्थाय ह्युपवासान्निरन्तरम् ॥२७५७॥

अर्थ (श्लोक 2756 से 2757): तदनंतर उस धर्मबुद्धि को धारण करने वाले यति को धर्मध्यान और समाधि की प्राप्ति के लिए थोड़ा-थोड़ा करके अन्न का सर्वथा त्याग कर देना चाहिए और केवल उष्ण जल रख लेना चाहिए। तदनंतर वह मुनि परलोक में उत्तम गति प्राप्त करने के लिए वा मोक्ष प्राप्त करने के लिए युक्तिपूर्वक जल पीने का भी त्याग कर देता है और फिर सदा के लिए उपवास धारण कर लेता है।


मुण्डनं दशमुण्डानां करोत्येषु सुयुक्तितः।
संकोच्येन्द्रियवाक्कायमनोऽवयवचञ्चलान् ॥२७५८॥

स्वस्वाक्षविषयेष्वत्र व्रजतः पञ्चकात्मकान्।
जित्वा शक्त्या स पञ्चेन्द्रियमुण्डान् कुरुते बलात् ॥२७५९॥

मौनेन वचसः कृत्वा मुण्डनं हस्तपादयोः।
वपुषो रोधनं युक्त्या स्वस्वेच्छाचलनाद्बुधः ॥२७६०॥

निरुध्य श्रुतपाशेन भ्रमन्तं चित्तमर्कटम्।
पञ्चेति मुण्डनान्येष करोति च शिवाप्तये ॥२७६१॥

अर्थ (श्लोक 2758 से 2761): तदनंतर वह क्षपक पाँचों इन्द्रिय मन-वचन-काय और शरीर की चंचलता को छोड़कर युक्तिपूर्वक दस प्रकार का मुंडन धारण करता है। पाँचों इन्द्रियाँ अपने-अपने विषयों में दौड़ लगाती हैं उनको अपनी शक्ति के अनुसार जीतकर जबर्दस्ती पाँचों इन्द्रियों को मुंडन करता है। इसी प्रकार मौन धारण कर वचन का मुंडन करता है, हाथ-पैरों की क्रियाओं को रोककर हाथ-पैरों का मुंडन करता है तथा वह बुद्धिमान् अपनी इच्छानुसार चलायमान होने वाले शरीर को रोककर शरीर का मुंडन करता है। चारों ओर कूदते हुए इस मनरूपी बंदर को भी श्रुतज्ञान के जाल में बाँधकर मनका मुंडन कर लेता है। इस प्रकार मोक्ष प्राप्त करने के लिए वह यति हाथ, पैर, शरीर, मन और वचन इन पाँचों का मुंडन करता है।


पञ्चेन्द्रियारिमुण्डास्त्रिमुण्डास्ताङ्घ्रिकायजाः।
मनो वचो द्विमुण्डौ चामी मुण्डा दश वर्णिताः ॥२७६२॥

अर्थ: पाँचों इन्द्रियरूपी शत्रुओं का मुंडन, हाथ-पैर और शरीर का मुंडन तथा मन और वचन का मुंडन इस प्रकार आचार्यों ने दस प्रकार का मुंडन बतलाया है।


अमीभिर्मुण्डनैर्दीक्षा सफलामुक्तिदा सताम्।
एभिर्विना जिताक्षाणां शिरसो मुण्डनं वृथा ॥२७६३॥

अर्थ: सज्जन पुरुषों की मोक्ष देने वाली दीक्षा इन्हीं दस मुंडनों से सफल मानी जाती है। इन मुंडनों के बिना इन्द्रियों को न जीतने वाले लोगों के मस्तक का मुंडन करना व्यर्थ ही है।


तस्मिन्बहूपवासानां करणे तीव्रवेदना।
क्षुधाद्यैर्यदि जायेत तदेति चिन्तयेत्सुधीः ॥२७६४॥

अहो क्षुद्वेदना श्वभ्रे साध्या विश्वान्नभक्षणैः।
अब्धिनीरैस्तृषा पीडा चानुभूता मया चिरम् ॥२७६५॥

मयात्रारण्यशैलादौ मृगादिपशुजातिषु।
मृगतृष्णादिभिः प्राप्ता तीव्रा क्षुत्तृट्कुवेदना ॥२७६६॥

इत्याद्या अपरा घोराः क्षुत्तृषादिपरीषहाः।
भ्रमताऽत्रभवारण्येऽनुभूता दुस्सहा मया ॥२७६७॥

सर्वा पुद्गलराशिश्चान्नाद्याऽत्र भक्षिता मया।
क्षुत्तृषाशान्तये पीतमब्ध्यम्बोरधिकं जलम् ॥२७६८॥

तथापि न मनागासीत् तृप्तिर्मेऽन्नादिभक्षणैः।
किन्तु नित्यं प्रवद्र्धेतेऽतीवक्षुत्तृट्कुवेदने ॥२७६९॥

अर्थ (श्लोक 2764 से 2769): इस प्रकार उपवास धारण करने से यदि भूख-प्यास की वेदना अधिक होती हो तो उस बुद्धिमान् क्षपक को भी नीचे लिखे अनुसार चिंतन करना चाहिए। देखो मैंने नरकों में भूख की इतनी महावेदना सहन की है कि यदि उस समय तीनों लोकों का समस्त अन्न खाने को मिल जाता तो भी वह भूख नहीं मिटती तथा वहीं पर प्यास की भी इतनी वेदना सही है कि यदि तीनों लोकों के समुद्रों का जल भी पीने को मिल जाता तो वह प्यास नहीं मिटती। इसी प्रकार जंगल और पर्वतों पर हिरण आदि पशुओं की पर्याय मृगतृष्णा के द्वारा अत्यन्त तीव्र भूख और प्यास की वेदना सहन की है। इस संसाररूपी वन में परिभ्रमण करते हुए मैंने इनके सिवाय और भी भूख प्यास की असह्य और घोर वेदनाएँ वा परीषह सहन किए है। अनादिकाल से परिभ्रमण करते हुए मैंने भूख की वेदना मिटा देने के लिए अन्न की समस्त पुद्गल राशि भक्षण कर ली है तथा प्यास की वेदना मिटाने के लिए समुद्रों के जल से भी अधिक जल पी डाला है तथापि इस अन्न जल के भक्षण करने से रंचमात्र भी मेरी तृप्ति नहीं हुई है किन्तु ये भूख-प्यास की दोनों कुवेदनाएँ प्रतिदिन बढ़ती ही जाती हैं।


यथेन्धनचयैरग्निः समुद्रश्च नदीशतैः।
तृप्तिं नैति तथा जीवः कामभोगैः प्रमाऽतिगैः ॥२७७०॥

काङ्क्षित्तो मूर्च्छितो रोगी कामभोगैश्च मानसे।
नित्यं कलुषीतोभूतो भुञ्जानोऽपिकुमार्गगः ॥२७७१॥

भोगान् दुष्परिणामेन श्वभ्रदुःखनिबन्धनम्।
दुरन्तं पापसन्तानं बध्नाति केवलं वृथा ॥२७७२॥

अर्थ (श्लोक 2770 से 2772): जिस प्रकार ईंधन के समूह से अग्नि तृप्त नहीं होती और सैकड़ों नदियों से समुद्र तृप्त नहीं होता उसी प्रकार प्रमाण से अधिक काम भोगों का सेवन करने पर भी यह जीव कभी तृप्त नहीं होता। यह जीव अपने मन में काम भोगों के ही कारण अनेक पदार्थों की इच्छाएँ करता है, मूर्च्छित होता है, रोगी होता है तथा वह कुमार्गगामी भोगों को नहीं भोगता हुआ भी सदा कलुषित परिणामों को धारण करता है, उस कलुषितरूप अशुभ परिणामों के कारण व्यर्थ ही नरक के महादुःखों के कारण और अत्यन्त कठिन ऐसे अनेक पाप कर्मों का बंध करता है।


आहारस्य निमित्तेन नरकं यान्ति सप्तमम्।
मत्स्यायदि ततो नूनमाहारोऽनर्थसागरः ॥२७७३॥

पूर्वं कृततपोभ्यासश्चानिदानः शिवाप्तये।
पश्चाद्भूतकषायो यो जित्वा सर्वान् परीषहान् ॥२७७४॥

क्षुत्तृषादिभवांस्तीव्रान् साधयेन्मरणोत्तमम्।
धन्यः स एव लोकेऽस्मिन् सार्थं तस्य तपोऽखिलम् ॥२७७५॥

अर्थ (श्लोक 2773 से 2775): देखो इस आहार के ही निमित्त से बड़े-बड़े मत्स्य सातवें नरक तक पहुँचते हैं, इसलिए कहना चाहिए कि यह आहार ही अनेक अनर्थों का समुद्र है। जिन्होंने पहले बहुत से तपश्चरण का अभ्यास किया है तथा कभी निदान किया नहीं है और मोक्ष प्राप्त करने के लिए जिन्होंने कषायों को नष्टकर भूख-प्यास आदि से होने वाले समस्त तीव्र परीषहों का सहन किया है तथा अंत में जिन्होंने उत्तम पंडित मरण सिद्ध कर लिया है वे ही मुनि इस संसार में धन्य हैं और उन्हीं का समस्त तपश्चरण सार्थक है।


पूर्वकृततपोघोराः प्रतिपालितसद्व्रताः।
पश्चात्कर्मगुरुत्वेन क्षुधाद्यतिपरीषहैः ॥२७७६॥

ये पतन्ति स्वधैर्याद्देर्मुत्युकाले भवार्णवे।
मज्ज्नं निश्चितं तेषां वृथा तपो यमादिकम् ॥२७७७॥

अर्थ (श्लोक 2776 से 2777): जिन्होंने पहले घोर तपश्चरण किए हैं और श्रेष्ठ व्रतों का अच्छी तरह पालन किया है, परंतु पीछे कर्मों के तीव्र उदय से क्षुधादिक कठिन परीषहों के कारण मरण के समय में अपने धैर्य से गिर जाते हैं वे इस संसाररूपी समुद्र में अवश्य डूबते हैं तथा उनका तप, यम आदि सब व्यर्थ समझा जाता है।


इत्यादि चिन्तन्नेवैषोऽत्राक्षोभ्यः शुद्धचेतसा।
सहते परया शक्त्या क्षुधातृषादिवेदनाम् ॥२७७८॥

अर्थ: इस प्रकार शुद्ध हृदय से चिंतन करता हुआ वह यति कभी क्षुब्ध नहीं होता और अपनी परम शक्ति प्रकट कर क्षुधा-तृषा आदि परीषहों को सहन करता है।


शुष्काधरोदरस्यास्य क्षीणगात्रस्य योगिनः।
चर्मास्थिमात्रशेषस्य काठिन्यसंस्तरेण च ॥२७७९॥

उत्पद्यते महादुःखं यद्येषमानसे तदा।
चिन्तयेत्प्राक्तनं स्वस्य भवभ्रमणमञ्जसा ॥२७८०॥

अर्थ (श्लोक 2779 से 2780): जिसके होठ ,पेट सब सूख रहे हैं, जिसका शरीर अत्यन्त क्षीण हो रहा है और केवल हड्डी, चमड़ा ही बाकी रह गया है, ऐसे उस क्षपक योगी को कठिन संस्तर का महादुःख उत्पन्न होता है, उस समय उसको अपने हृदय में पहले किए हुए संसार के परिभ्रमण का चिंतन करना चाहिए।


अहो जलस्थलाकाशे कटकादिभवा भुवि।
प्राग्भवे वसता भुक्ता महती वेदना मया ॥२७८१॥

वज्रकंटकसंकीर्णे श्वभ्रे परवशेन भोः।
स दुःखं वसितं पापाच्चिरकालं मया विधेः ॥२७८२॥

कियन्मात्रा ततोऽत्रेयं वेदना संस्तरादिजा।
विचिन्त्येति स दुःखं सहते संस्तरोद्भवम् ॥२७८३॥

अर्थ (श्लोक 2781 से 2783): उसको चिंतन करना चाहिए कि देखो पहले भवों में मैंने जल, स्थल, आकाश और पर्वतों पर निवास किया है तथा उनसे उत्पन्न हुई अनेक महावेदनाएँ मैंने सहन की है। कर्म के परवश हुए मैंने पापकर्म के उदय से वज्रमय काँटों से भरे हुए नरक में चिरकाल तक निवास किया है और वहाँ पर अनेक महादुःख भोगे हैं। फिर भला यह कठिन संस्तर से उत्पन्न हुई वेदना कितनी है, यही चिंतन कर वह क्षपक कठिन संस्तर से उत्पन्न हुए समस्त दुःखों को सहन करता है।


इत्यादिसद्विचाराद्यैर्ध्यानैर्धर्मशतैः परैः।
परमेष्ठिपदध्यानैरनुप्रेक्षार्थचिन्तनैः ॥२७८४॥

आगमामृतपानैश्च तर्पयित्वा निजं मनः।
स्वस्थं कुर्यात्स तत्त्वज्ञः स्वात्मध्यानसमाधये ॥२७८५॥

अर्थ (श्लोक 2784 से 2785): तत्त्वों को जानने वाला वह क्षपक अपने आत्मध्यान और समाधि के लिए ऊपर कहे अनुसार श्रेष्ठ विचारों को धारण कर, सैकड़ों उत्कृष्ट धर्मध्यानों को धारण कर, परमेष्ठी के चरण कमलों का ध्यान कर अथवा परमेष्ठी के वाचक पदों का ध्यान कर वा अनुप्रेक्षाओं का चिंतन कर अथवा आगमरूपी अमृत का पान कर अपने मन को संतुष्ट करता है और उसको सब तरह से निराकुल बना लेता है।


निर्विकल्पमनाः ध्यानी चिदानन्दमयं परम्।
ध्यातुमारभते चित्ते परमात्मानमञ्जसा ॥२७८६॥

अर्थ: जिसका मन सब तरह के संकल्प विकल्पों से रहित है, ऐसा ध्यान करने वाला वह क्षपक शीघ्र ही अपने मन में चिदानंदमय सर्वोत्कृष्ट परमात्मा का ध्यान करना प्रारम्भ करता है।


अस्मिन्नवसरे योगी क्षीणदेहपराक्रमः।
बाह्ययोगं विधातुं सोऽशक्तः सन्नपि धीधनः ॥२७८७॥

योगमभ्यन्तरं सारं सर्वाराधनपूर्वकम्।
एकचित्तेन मुक्त्यर्थं विधत्तेऽत्र निरन्तरम् ॥२७८८॥

अर्थ (श्लोक 2787 से 2788): जिसका शरीर और पराक्रम क्षीण हो गया है ऐसा वह बुद्धिमान् योगी यदि उस समय बाह्य योग धारण करने में असमर्थ हो जाये तो फिर मोक्ष प्राप्त करने के लिए उस योगी को एकाग्रचित्त से निरन्तर समस्त आराधनाओं की आराधनापूर्वक सारभूत अभ्यन्तर योगधारण करना चाहिए।


एतस्मिन्समये दक्षो द्वादशाङ्गाखिलागमम् ।
चित्ते चिन्तयितुं धीरः सोऽशक्तोऽपि महामनाः ॥२७८९॥

सर्वसिद्धान्तमूलं यत्पदमेकद्वयादिकम् ।
सारं तच्चिन्तयेद्युक्त्या प्रशस्तध्यानसिद्धये ॥२७९०॥

अर्थ (श्लोक 2789 से 2790): यदि उस समय वह महामना धीर वीर चतुर क्षपक अपने मन में द्वादशांग श्रुतज्ञान को चिंतन करने में समर्थ न हो तो उसको प्रशस्त ध्यान की सिद्धि के लिए समस्त सिद्धान्तों का मूलकारण और सारभूत ऐसा पंचपरमेष्ठी का वाचक एक पद का वा दो पद का युक्तिपूर्वक चिंतन करना चाहिए।


क्षीणगात्रे तदा तस्य दुर्व्याधिर्जायते यदि।
सोऽघपाकेन तद्धान्यै हीदं गृह्णाति चौषधम् ॥२७९१॥

अर्थ: कदाचित् पापकर्म के उदय से उस समय उस क्षपक के क्षीण शरीर में कोई दुष्ट व्याधि उत्पन्न हो जाय तो उसको दूर करने के लिए उस क्षपक को नीचे लिखे अनुसार औषधि ग्रहण करनी चाहिए अर्थात् नीचे लिखे अनुसार चिंतन करना चाहिए।


जिनेन्द्रवचनं तथ्यं जन्ममृत्युजरान्तकम्।
रोगक्लेशहरं यत्स्याद्विश्वदुःखक्षयङ्करम् ॥२७९२॥

ग्राह्यं तद्धि मया सारं रोगक्लेशात्तशान्तये ।
जन्मादिदाहनाशाय सुधारसमिवोर्जितम् ॥२७९३॥

अर्थ (श्लोक 2792 से 2793): उसे चिंतन करना चाहिए कि इस संसार में भगवान् जिनेन्द्रदेव के वचन ही तथ्य हैं वे ही जन्म मरण और बुढ़ापे को नष्ट करने वाले हैं, रोग और क्लेश को दूर करने वाले हैं और समस्त दुःखों को क्षय करने वाले हैं। अतएव रोग और क्लेशों के दुःखों को दूर करने के लिए और जन्म-मरण का संताप शांत करने के लिए उत्कृष्ट अमृतरस के समान सारभूत जिनवचन मुझे ग्रहण करने चाहिए।


अस्माद्रोगभवक्लेशाच्छरणं यामि संप्रति ।
सर्वार्हत्सिद्धसाधूनां शरण्यानां जगत्सताम् ॥२७९४॥

केवलिप्रोक्तधर्मस्य शरण्यस्याखिलापदि ।
तपो रत्नत्रयादीनां विश्वासातारिघातिनाम् ॥२७९५॥

अर्थ (श्लोक 2794 से 2795): अब मैं इन रोगों से उत्पन्न हुए क्लेशों को शांत करने के लिए तीनों लोकों के सज्जनों को शरणभूत ऐसे समस्त अरहंत, सिद्ध और साधुओं की शरण लेता हूँ तथा समस्त आपत्तियों में शरणभूत ऐसे केवली भगवान् के कहे हुए धर्म की शरण लेता हूँ और समस्त दुःखरूपी शत्रुओं को नाश करने वाले तप और रत्नत्रय की शरण लेता हूँ।


यतो लोकोत्तमा ये ते विश्वमङ्गलकारिणः ।
शरण्या भव्यजीवानां ममाऽपि सन्तु सिद्धिदाः ॥२७९६॥

अर्थ: क्योंकि संसार में ये ही लोकोत्तम हैं, ये ही समस्त मंगल करने वाले हैं और ये ही भव्यजीवों को शरण हैं, इसलिए ये सब मेरे लिए भी समस्त कार्यों की सिद्धि करें अथवा मुझे सिद्ध अवस्था प्रदान करें।


धीरत्वेनापि मर्तव्यं कातरत्वेन वा यदि।
कातरत्वं मुदा त्यक्त्वा धीरत्वे मरणं वरम् ॥२७९७॥

धीरत्वेनापि सोढव्यं रोगादिकर्मजं फलम्।
कातरत्वेन वा पुंसां धीरत्वेन वरं च यत् ॥२७९८॥

अर्थ (श्लोक 2797 से 2798): देखो ! मरना धीर वीरता के साथ भी होता है और कातरता के समय (रो-रो कर) भी होता है परन्तु कातरता का त्याग कर धीरवीरता के साथ मरण करना अच्छा है, इसी प्रकार रोग, क्लेश, कर्मों का फल धीरवीरता के साथ भी सहन किया जाता है और कायरता के साथ भी सहन किया जाता है परन्तु कायरता को छोड़कर धीरवीरता के साथ रोग वा क्लेशों को सहन करना मनुष्यों के लिए हितकारक है।


शीलेनाप्यत्र मर्तव्यं निःशीलेनापि चेत्सताम्।
निःशीलत्वं परित्यज्य शीलत्वे मरणं वरम् ॥२७९९॥

अर्थ: इसी प्रकार शीलादिक व्रतों को धारण कर भी मरण होता है और बिना शील व्रतों को धारण किए भी मरण होता है परंतु सज्जन पुरुषों को निःशीलता का त्याग कर शील धारण कर मरना अच्छा।


इत्यादिचिन्तनैर्ध्यानैः कुर्वन् स स्वमनः स्थिरम्।
ददाति जातु गन्तुं न मनाक् क्लेशार्तसन्निधिम् ॥२८००॥

अर्थ: उस क्षपक को इस प्रकार चिंतन कर तथा ध्यान धारण कर अपने मन को स्थिर रखना चाहिए और अपने मन को क्लेश और दुःखों के समीप रंचमात्र भी नहीं जाने देना चाहिए।


तदासौऽतिनिरीहोऽपि महालोभकृतोद्यमः।
उत्तमामुत्तमार्थायै याच्ञां कुर्यादिमां भुवि ॥२८०१॥

अर्हतां वीतमोहानामकायानां च या गतिः।
पञ्चमी त्रिजगत्प्रार्थ्या सा मे भवतु शर्मणे ॥२८०२॥

तीर्थेशसिद्धनिर्मोहयोगिनां ये परा गुणाः।
अनन्तज्ञानदृष्ट्याद्यास्ते मे सन्तु शिवाप्तये ॥२८०३॥

अर्थ (श्लोक 2801 से 2803): उस समय यद्यपि वह क्षपक निरीह वृत्ति को धारण करता है तथापि वह किसी महालोभ के लिए उद्यम करता है और इसलिए वह उत्तम अर्थ अर्थात् मोक्ष की प्राप्ति के लिए नीचे लिखे अनुसार सबसे उत्तम याचना करता है। वह याचना करता है कि भगवान् वीतराग अयोगकेवली अरहंतदेव की जो तीनों लोकों के द्वारा प्रार्थनीय पंचमगति होती है, वही सुख देने के लिए मुझे प्राप्त हो। भगवान् तीर्थंकर परमदेव, भगवान् सिद्ध परमेष्ठी और मोह रहित मुनियों जो अनंतज्ञान, अनंतदर्शन आदि उत्तम गुण हैं वे सब मोक्ष प्राप्त होने के लिए मेरे आत्मा में प्रकट हों।


रत्नत्रययुता बोधिः समाधिः शुक्लपूर्वकः।
यावद्यास्याम्यहं मोक्षं तावन्मेऽस्तु भवेभवे ॥२८०४॥

अमीभिर्दुर्द्धराचारैः कृत्स्नदुष्कर्मणां क्षयः।
चतुर्गतिजदुःखानां मे चास्तु मुक्तिहेतवे ॥२८०५॥

जिननाथ जगत्पूज्य देहि त्वं सन्मृतिं मम।
अधुना त्वद्गुणान्सर्वांस्त्वद्गतिंश्चाशुभक्षयम् ॥२८०६॥

अर्थ (श्लोक 2804 से 2806): जब तक मुझे मोक्ष प्राप्ति न हो, तब तक मुझे भव-भव में रत्नत्रय सहित बोधि की प्राप्ति होती रहे और शुक्लध्यान पूर्वक समाधि की प्राप्ति होती रहे। मैंने जो मोक्ष प्राप्त करने के लिए कठिन-कठिन तपश्चरण किए हैं, उनके फल से मेरे समस्त कर्मों का नाश हो तथा चारों गतियों के समस्त दुःखों का नाश हो। हे जिननाथ! हे जगत्पूज्य! आप मुझे इस समय श्रेष्ठ मरण दें, अपने सब गुण दें, अपनी सब सद्गति दें और मेरे सब अशुभों को नाश करें। इस प्रकार उस क्षपक को चिंतन करना चाहिए।


मृत्यवस्थां क्रमादाप्य परमेष्ठ्याख्यसत्पदान्।
पञ्चैवाऽत्र जपेद्वाचा स चैकद्व्यादिसत्पदम् ॥२८०७॥

यदि तान् जपितुं योगी सोऽसमर्था गिरा तदा।
ध्यायेत्पञ्चनमस्कारांश्चेतसा परमेष्ठिनाम् ॥२८०८॥

अर्थ (श्लोक 2807 से 2808): इस प्रकार चिंतन करते हुए उस क्षपक की यदि मृत्यु अवस्था अत्यन्त समीप आ जाये तो उसे अपने वचन से परमेष्ठी के वाचक पाँचों श्रेष्ठ पदों का जप करना चाहिए अथवा किसी भी एक-दो पद का जप करना चाहिए। यदि वह योगी उन परमेष्ठी के वाचक पदों को उच्चारणपूर्वक जप करने में असमर्थ हो जाये तो उसको अपने हृदय में ही पंचपरमेष्ठी के वाचक पंच नमस्कार मंत्र का ध्यान करना चाहिए।


इत्यादिसर्वयत्नेन ध्यायन् जपन्नुत्तमान्।
कुर्वन् वा स्वात्मनोध्यानं श्रृणवन्निर्यापकाऽऽस्यजान् ॥२८०९॥

सारधर्माक्षरान् ध्यानी निःशल्यो निर्भयः सुधीः।
ध्यानाभ्यां धर्मशुक्लाभ्यां त्यजेत्प्राणान् समाधिना ॥२८१०॥

अर्थ (श्लोक 2809 से 2810): इस प्रकार शल्य रहित, भय रहित, ध्यान करने वाले उस बुद्धिमान् क्षपक को ऊपर लिखे अनुसार सब तरह के प्रयत्नपूर्वक पंच परमेष्ठी के वाचक उत्तम पदों का जप करते हुए, ध्यान करते हुए, वा अपने आत्मा का ध्यान करते हुए अथवा उन निर्यापकाचार्य के मुख से निकले हुए सारभूत धर्म के अक्षरों को सुनते हुए धर्मध्यान तथा शुक्लध्यान को धारण कर समाधिपूर्वक अपने प्राणों का त्याग करना चाहिए।


ततोऽसौ शुद्धिमापन्नोऽहमिन्द्रपदमूर्जितम्।
नाकं सर्वार्थसिद्धिं वा गच्छेत्सन्मृतिसाधनात् ॥२८११॥

अर्थ: तदनंतर अत्यन्त शुद्ध अवस्था को प्राप्त हुआ वह क्षपक श्रेष्ठ मृत्यु को सिद्ध कर लेने के कारण उत्कृष्ट अहमिन्द्र पद प्राप्त करता है वा सर्वार्थसिद्धि में उत्पन्न होता है अथवा स्वर्गों में उत्तम देव होता है।


संन्यासोत्थ सुधर्मेण सुदेवनृगतौ सुखम्।
महत्त्रिभवपर्यन्तं सुरेशचक्रिभूतिजम् ॥२८१२॥

भुक्त्वा हत्वा स्वकर्माणि तपसा यान्ति निर्वृतिम्।
पण्डिता मुनयः प्राप्य ह्यष्टौ सिद्धगुणान्वरान् ॥२८१३॥

अर्थ (श्लोक 2812 से 2813): इस समाधिमरण से उत्पन्न हुए श्रेष्ठ धर्म से विद्वानों को वा मुनियों को उत्तम देव गति वा उत्तम मनुष्यगति में सर्वोत्तम सुख मिलते हैं तथा तीन भव तक वे इन्द्र और चक्रवर्ती की विभूतियों का अनुभव कर अंत में अपने तपश्चरण के द्वारा समस्त कर्मों को नष्ट कर मोक्ष प्राप्त कर लेते हैं और सिद्धों के आठों परमगुणों को प्राप्त कर लेते हैं।


जघन्याराधना येषां तेऽपि भुक्त्वा परं सुखम्।
सप्ताष्टभवपर्यन्तं द्विगतौ यान्ति निर्वृतिम् ॥२८१४॥

अर्थ: जो भव्यजीव जघन्य रीति से आराधनाओं की आराधना करते हैं वे भी सात-आठ भव तक परम सुखों का अनुभव करते हैं और अंत में कर्मों को नष्टकर मोक्ष प्राप्त करते हैं ।


इति ज्ञात्वा फलं सारं मरणस्योत्तमस्य च।
साधयन्तु विदो यत्नाच्छिवाय मरणोत्तमम् ॥२८१५॥

अर्थ: इस प्रकार उत्तम मरण का ऐसा अच्छा फल समझकर विद्वान् लोगों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए प्रयत्नपूर्वक उत्तम मरण को सिद्ध करना चाहिए।


यदि सर्पविषाद्यैश्च चोपसर्गैर्नृपादजैः।
मरणं जायते स्वस्य स सन्देहं तदा सुधीः ॥२८१६॥

समासेन जगज्जन्तून् क्षमयित्वा स्वमानसे।
कृतकारितदोषादीन् विनिन्द्य निन्दनादिभिः ॥२८१७॥

भूत्वा सर्वत्र निःशल्यो निर्ममत्वं विधाय च।
संन्यासं द्विविधं हीदं गृह्णाति शिवसिद्धये ॥२८१८॥

अर्थ (श्लोक 2816 से 2818): यदि सर्प काट ले वा विष भक्षण कर ले वा राजा आदि का घोर उपसर्ग आ जाये और अपने मरने में सन्देह हो जाये तो उस बुद्धिमान् को संक्षेप से ही अपने मन में संसार के समस्त प्राणियों को क्षमा कर देना चाहिए तथा कृत, कारित, अनुमोदना से हुए समस्त दोषों की निंदा गर्हा के द्वारा आलोचना करनी चाहिए तथा सर्वत्र शल्यरहित, ममत्वरहित होकर मोक्ष प्राप्त करने के लिए नीचे लिखे अनुसार दोनों प्रकार का संन्यास धारण करना चाहिए।


अस्मिन् देशेऽवधौ काले यदि मे प्राणमोचनम्।
तदास्तु जन्मपर्यन्तं प्रत्याख्यानं चतुर्विधम् ॥२८१९॥

जीविष्यामि क्व चिद्वाहं पुण्येनोपद्रवात्परात्।
करिष्ये पारणं नूनं धर्मचारित्रसिद्धये ॥२८२०॥

अर्थ (श्लोक 2819 से 2820): उसको पहला संन्यास तो इस प्रकार धारण करना चाहिए कि इस देश में इतने काल तक यदि मेरे प्राण निकल जायें तो मेरे जन्म पर्यन्त चारों प्रकार के आहार का त्याग है तथा दूसरा संन्यास इस प्रकार धारण करना चाहिए कि यदि मैं अपने पुण्य से इस घोर उपद्रव से कदाचित बच जाऊँगा तो मैं धर्म और चारित्र की सिद्धि के लिए इतने काल के बाद अवश्य ही पारणा करूँगा।


यदि नीरं विनाप्रत्याख्यानमादातुमिच्छति।
तदा समाधये स्वस्येदं प्रत्याख्यानमाचरेत् ॥२८२१॥

प्रत्याख्यामि विना नीरं चतुर्धाहारमाऽमृतौ।
अन्तर्बाह्योपधीन् सर्वान् सावद्यं त्रिविधेन च ॥२८२२॥

यः कश्चिदुपधिर्मेऽत्र बाह्योवाऽऽभ्यन्तरोऽशुभः।
तमाहारं शरीरं च यावज्जीवं त्यजाम्यहम् ॥२८२३॥

अर्थ (श्लोक 2821 से 2823): यदि वह क्षपक उस समय पानी को रखना चाहता है, पानी को छोड़कर बाकी का त्याग करना चाहता है तो उसे अपनी समाधि धारण करने के लिए नीचे लिखे अनुसार प्रत्याख्यान-त्याग करना चाहिए। मैं अपने मरणपर्यंत पानी को छोड़कर बाकी के चारों प्रकार के आहारों का त्याग करता हूँ तथा मैं मन-वचन-काय से अंतरंग और बाह्य समस्त परिग्रहों का त्याग करता हूँ और समस्त पापों का त्याग करता हूँ। इस समय मुझसे सम्बन्ध रखने वाला जो अशुभ बाह्य और अभ्यंतर परिग्रह है, मैं उसका जीवनपर्यंत तक के लिए त्याग करता हूँ तथा जीवनपर्यंत ही आहार और शरीर का त्याग करता हूँ, शरीर से ममत्व छोड़ता हूँ।


अथवा स्वस्य निश्चित्य मरणं प्रागतं भुवि।
प्रत्याख्यानमिति ग्राह्यं दक्षैः सिद्धयै चतुर्विधम् ॥२८२४॥

अर्थ: अथवा यदि अपने मरने का अवश्य निश्चय हो जाये तो चतुर पुरुषों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए चारों प्रकार के आहार का प्रत्याख्यान ग्रहण कर लेना चाहिए।


एषोऽपि पूर्ववत्सर्वान् धर्मध्यानादिकान् परान्।
स्वीकृत्य साधयित्वाऽऽशु चतुराराधनाः पराः ॥२८२५॥

समाधिना वपुस्त्यक्त्वा संन्यासाज्जिनधर्मतः।
सौधर्मादिसर्वार्थसिद्धयन्तं धर्मधीर्व्रजेत् ॥२८२६॥

अर्थ (श्लोक 2825 से 2826): इस क्षपक को भी पहले के समान उत्कृष्ट धर्मध्यानादिक सब धारण करने चाहिए, चारों प्रकार की आराधनाओं को आराधन करना चाहिए और समाधिपूर्वक संन्यास से शरीर का त्याग करना चाहिए। इस प्रकार समाधिमरण करने वाला धर्मात्मा जिनधर्म के प्रभाव से सौधर्म स्वर्ग से लेकर सर्वार्थसिद्धि तक उत्तम देवों में जन्म लेता है।


इति गणधरजातं पण्डिताख्यं प्रयत्नादनघमरणसारं साधयेद्यः स्वसिद्धयै।
सुरनरपतिसौख्यं प्राप्य मुक्त्यङ्गनां स श्रयति परमयोगात्कृत्स्नकर्माणि हत्वा ॥२८२७॥

अर्थ: इस प्रकार जो भव्यजीव अपने आत्मा की सिद्धि के लिए भगवान् गणधरदेव के द्वारा कहे हुए पापरहित और सारभूत इस पंडित मरण को प्रयत्नपूर्वक सिद्ध कर लेता है वह जीव इन्द्र और चक्रवर्तियों के सुख भोगकर तथा अंत में परमयोग धारण कर समस्त कर्मों को नाश करता है और फिर मोक्षस्त्री को प्राप्त कर लेता है।


मत्वेतीह बुधा प्रयत्नमनसा स्वर्मुक्तिसंसिद्धये
कृत्वा सत्तप ऊर्जितं निरुपमं सार्द्धं समस्तैर्व्रतैः।
जन्मान्ते किल साधयन्तु मरणं सत्पण्डिताख्यं परं
स्याच्चेन्नाऽत्र नृजन्म सद्व्रततपःसर्वार्थसिद्धिप्रदम् ॥२८२८॥

अर्थ: यही समझकर बुद्धिमानों को स्वर्ग-मोक्ष सिद्ध करने के लिए प्रयत्नपूर्वक समस्त व्रतों के साथ-साथ उपमारहित ऐसा सर्वोत्कृष्ट तपश्चरण करना चाहिए तथा अंत में सर्वोत्कृष्ट पंडित मरण को सिद्ध कर लेना चाहिए, जिससे कि श्रेष्ठ व्रत, उत्तम तप और समस्त पुरुषार्थों को सिद्ध करने वाले मनुष्य जन्म प्राप्त हो जाये।


विश्वार्च्या विश्ववन्द्याः शिवसुखजननीधर्मरत्नादिखानीः
सेव्या नित्यं मुनीन्द्रैः सकलविधिहरा अर्गलाः श्वभ्रगेहे।
साराः सोपानमालाः सुरगृहगमने सद्गुणग्रामधात्रीः
वन्देऽत्राराधनाप्त्यै जिनवरपददाऽऽराधनादेवता वै ॥२८२९॥

अर्थ: यह चारों प्रकार की आराधनारूपी देवता तीनों लोकों में पूज्य है, तीनों लोकों में वंदनीय है, मोक्ष सुख देने वाली है, धर्मरत्न की खानि है, श्रेष्ठ मुनिराज ही नित्य इसका सेवन करते हैं, यह समस्त कर्मों को नाश करने वाली है, नरक के घर को बंद करने के लिए वेंडा है, सब में सार है, स्वर्ग की सीढ़ी है, अनेक सद्गुणों को उत्पन्न करने वाली है और तीर्थंकर पद को देने वाली है, ऐसी इस आराधना को मैं आराधना प्राप्त करने के लिए नमस्कार करता हूँ। इस प्रकार आचार्य श्रीसकलकीर्ति विरचित मूलाचार प्रदीप नाम के महाग्रन्थ में प्रत्याख्यान संस्तर को वर्णन करने वाला यह दसवाँ अधिकार समाप्त हुआ।

एकादशोधिकारः

सर्वशीलगुणाधारान् विश्वातिशयभूषितान्।
वन्देऽर्हत इहामुत्र त्रिजगच्छर्मकारकान् ॥२८३०॥

अर्थ: जो भगवान् अरहंतदेव समस्त शील और समस्त गुणों के आधार हैं, जो समस्त अतिशयों से विभूषित हैं और इस लोक तथा परलोक में तीनों जगत् के जीवों का कल्याण करने वाले हैं उन भगवान् अरहंतदेव को मैं नमस्कार करता हूँ।


अथ वक्ष्ये समासेन शीलानि सकलान्यपि।
गुणांश्च निखिलान् युक्त्या संख्ययोत्तमयोगिनाम् ॥२८३१॥

अर्थ: अब मैं उत्तम योगियों के लिए युक्ति और संख्यापूर्वक समस्त शीलों को कहता हूँ और समस्त गुणों को कहता हूँ।


त्रियोगाः करणं त्रेधा चतुः संज्ञा खपञ्च वै।
दशपृथ्व्यादिकायाश्च धर्माः क्षमादयो दश ॥२८३२॥

अन्योन्यं गुणिता एते योगाद्याः श्रुतकोविदैः।
अष्टादशसहस्त्राणि शीलानि स्युर्महात्मनाम् ॥२८३३॥

अर्थ (श्लोक 2832 से 2833): तीन योग, तीन करण, चार संज्ञा, पाँच इन्द्रियाँ, पृथ्वीकायिक आदि दस प्रकार के जीव और उत्तम क्षमादिक दस धर्म इन सब योगादिकों को परस्पर गुणा कर देने से अठारह हजार भेद हो जाते हैं, ये ही महात्माओं के शील हैं, ऐसा श्रुतज्ञान के विशारद गणधरादिक देव कहते हैं।


मनोयोगो वचोयोगः काययोगोऽशुभाश्रितः।
योगानां यानि पापादिक्रियाप्रवर्तकानि च ॥२८३४॥

तानि त्रिकरणान्यत्रोच्यन्ते करणरोधनैः।
अभ्यस्तास्तेऽत्र योगा नवभेदा भवन्ति वै ॥२८३५॥

अर्थ (श्लोक 2834 से 2835): शुभ मनोयोग, शुभ वचनयोग और शुभ काययोग ये तीन तो योग कहलाते हैं तथा उन योगों के द्वारा जो पुण्य-पापरूप क्रिया होती है उनको यहाँ पर तीन करण कहते हैं। यदि उन मन-वचन-काय की होने वाली क्रियाओं को, करणों को रोक दिया जाये तो योगों के नौ भेद हो जाते हैं।


आहारभयसंज्ञे संज्ञेमैथुनपरिग्रहे ।
चतुरन्नादिसंज्ञानां चतुर्था विरतोऽत्र यः ॥२८३६॥

क्रियन्ते मुनिभिस्ताभिश्चतुर्भिर्गुणिता नव।
भेदा भवन्ति शीलस्य षट्त्रिंशत्संख्यकाः सताम् ॥२८३७॥

अर्थ (श्लोक 2836 से 2837): आहार, भय, मैथुन और परिग्रह ये संज्ञा के चार भेद हैं, इनका त्याग करना अर्थात् आहार संज्ञा का त्याग करने के लिए अन्नादिक का त्याग कर देना, भय के त्याग के लिए परिग्रह नहीं रखना, मैथुन के त्याग के लिए ब्रह्मचर्य धारण करना और परिग्रह के त्याग के लिए ममत्व छोड़ना, संज्ञाओं का त्याग है। ऊपर कहे हुए योग निरोधों के नौ भेदों से इन चार के साथ गुणा करने से शील के छत्तीस भेद हो जाते हैं।


स्पर्शाक्षरसनघ्राण - चक्षुःश्रोत्रनिवारणैः।
षट्त्रिंशद्गुणिता भेदाः स्युरशीत्यधिकं शतम् ॥२८३८॥

अर्थ: स्पर्शन, रसना, घ्राण, चक्षु और श्रोत्र ये पाँच इन्द्रियाँ कहलाती हैं। इनको वश में करना इन्द्रियों का त्याग है। इसलिए छत्तीस से इन पाँचों को गुणा करने से शील के एक सौ अस्सी भेद हो जाते हैं।


पृथ्व्यप्तेजोमरुत्प्रत्येकानन्तकायिका भुवि।
द्वित्रितुर्य्येन्द्रियाः पञ्चाक्षाश्चेति दशधाङ्गिनः ॥२८३९॥

अमीषां रक्षणान्यत्र विधीयन्ते मुनीश्वरैः।
यत्नेन यानि तानि स्युर्दशशीलानि धीमताम् ॥२८४०॥

दशभिर्गुणितं चैते युक्त्याशीत्यधिकं शतम्।
अष्टादशशतान्युत्पद्यन्ते शीलानियोगिनाम् ॥२८४१॥

अर्थ (श्लोक 2839 से 2841): पृथ्वीकायिक, जलकायिक, वायुकायिक, अग्निकायिक, प्रत्येक वनस्पतिकायिक, साधारण वनस्पतिकायिक, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय और पंचेन्द्रिय ये दस प्रकार के जीव हैं। मुनिराज इन दसों प्रकार के जीवों की रक्षा प्रयत्नपूर्वक करते हैं, इसलिए ये दस भेद भी शील के ही गिने जाते हैं। ऊपर जो शील के एक सौ अस्सी भेद बतलाए हैं उनसे इन दस के साथ गुणा कर देने से शील के अठारह सौ भेद हो जाते हैं।


उत्तमाद्या क्षमामार्दवं सारं चार्जवोत्तमम्।
सत्यं शौचं महत्संयमस्तपस्त्याग ऊर्जितः ॥२८४२॥

आकिञ्चन्योत्तमो ब्रह्मचर्यं दशविधः परः।
एष धर्मो जगत्पूज्यः श्रमणानां शिवप्रदः ॥२८४३॥

दशभिर्गुणितान्येभिरष्टादशशतानि च।
अष्टादशसहस्त्राणि सन्ति शीलानि योगिनाम् ॥२८४४॥

अर्थ (श्लोक 2842 से 2844): उत्तम क्षमा, उत्तम मार्दव, उत्तम आर्जव, उत्तम शौच, उत्तम सत्य, उत्तम संयम, उत्तम तप, उत्तम त्याग, उत्तम आकिंचन्य और उत्तम ब्रह्मचर्य यह दस प्रकार का धर्म है। यह धर्म जगत्पूज्य है और मुनियों को मोक्ष प्रदान करने वाला है। ऊपर जो शील के अठारह सौ भेद बतलाए हैं उनसे इन दस धर्मों के साथ गुणा कर देने से अठारह हजार भेद हो जाते हैं। ये सब मुनियों के शील कहलाते हैं।


इत्यादिगणनाभिश्च जायन्ते व्रतधारिणाम्।
सुशीलानां यतीशानां शीलानि निखिलान्यपि ॥२८४५॥

अष्टादशसहस्त्रप्रमाणान्यर्च्यानि नाकिभिः।
निर्मलानीह त्रैलोक्येऽनन्तशर्माकराणि वै ॥२८४६॥

अर्थ (श्लोक 2845 से 2846): इस प्रकार की गणना से व्रतों को धारण करने वाले और शीलों को पालन करने वाले मुनिराजों के शीलों के सब भेद हो जाते हैं। ये अठारह हजार शील इन्द्रों के द्वारा भी पूज्य हैं, अत्यन्त निर्मल हैं और तीनों लोकों में अनंत कल्याण करने वाले हैं।


शीलाभरणयुक्तांश्च त्रिजगच्छ्रीः स्वयं मुदा।
वृणोत्येत्य जिनश्रीश्च मुक्तिरालोकते मुहुः ॥२८४७॥

प्रकम्पन्ते सुरेशानां शीलेनाऽत्रासनानि भोः।
किंकरा इव सेवन्ते पादान् शीलजुषां सुराः ॥२८४८॥

विघटन्ते सुशीलानां सर्वोपद्रवकोटयः।
निरर्गला भ्रमेत्कीर्तिश्चन्द्रांशुवज्जगतत्रये ॥२८४९॥

जीवितव्यं दिनैकं च वरं शीलवतां भुवि।
निःशीलानां वृथा नूनं पूर्वकोटिशतप्रमम् ॥२८५०॥

मत्वेतीमानि शीलानि सर्वाणि कृत्स्नयत्नतः ।
पालयन्तु बुधा मुक्त्यै दुर्लभान्यल्पचेतसाम् ॥२८५१॥

अर्थ (श्लोक 2847 से 2851): जो महापुरुष इन अठारह हजार शीलों से सुशोभित हैं उनको तीनों लोकों की संपदा प्रसन्नता के साथ स्वयं आकर स्वीकार करती है तथा भगवान् जिनेन्द्रदेव की लक्ष्मी और मुक्तिरूपी लक्ष्मी बार-बार उनको देखती है। इन शीलों के प्रभाव से इन्द्रों के आसन भी कंपायमान हो जाते हैं तथा शील पालन करने वालों के चरण-कमलों की देव लोग भी सेवक के समान सेवा करते रहते हैं। शील पालन करने वालों के समस्त करोड़ों उपद्रव स्वयं नष्ट हो जाते हैं और चन्द्रमा के समान उनकी निर्मल कीर्ति निरर्गल होकर तीनों लोकों में फैल जाती है। शील पालन करने वालों का एक दिन भी जीना अच्छा परंतु बिना शील के सैकड़ों करोड़ वर्ष भी जीना व्यर्थ है। यही समझकर बुद्धिमानों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए प्रयत्नपूर्वक इन समस्त शीलों का पालन करते रहना चाहिए। जो छोटी बुद्धि को धारण करने वाले हैं उनके लिए तो इन शीलों का पालन करना अत्यन्त कठिन है।


एकविंशतिहिंसाद्याश्चत्वारोऽतिक्रमादयः ।
शतपृथ्व्यादिकायाश्चदशब्रह्माविराधनाः ॥२८५२॥

दशालोचनजा दोषा दशशुद्धिकरा इमे।
अन्योन्यं वर्णिता लक्षा अशीतिश्चचतुरुत्तराः ॥२८५३॥

अर्थ (श्लोक 2852 से 2853): हिंसादिक के इक्कीस भेद हैं, अतिक्रमणादिक के चार भेद हैं, पृथ्वीकायादि के सौ भेद हैं, ब्रह्मचर्य की विराधना के दस भेद हैं, आलोचना के दस दोष हैं और इनके त्याग को शुद्ध करने वाले दस गुण हैं। इन सबको गुणा करने से चौरासी लाख हो जाते हैं।


प्राणिहिंसा मृषावादोऽदत्तादानं च मैथुनम्।
सङ्गः क्रोधो मदो माया लोभो भयोऽरतिस्ततः ॥२८५४॥

रतिस्तथा जुगुप्साऽथ मनोवाक्कायचञ्चलाः।
मिथ्यादर्शनमेव प्रमादः पैशून्यमेव हि ॥२८५५॥

अज्ञानं सकलाक्षाणामनिग्रह इमे भुवि।
एकविंशतिदोषाः स्युर्नृणां दोषविधायिनः ॥२८५६॥

अर्थ (श्लोक 2854 से 2856): १. प्राणियों की हिंसा करना, २. झूठ बोलना, ३. चोरी करना, ४. मैथुन सेवन करना, ५. परिग्रह रखना, ६. क्रोध, ७. मद, ८. माया, ९. लोभ, १०. भय, ११. अरति, १२. रति, १३. जुगुप्सा, १४. मन की चंचलता, १५. वचन की चंचलता, १६. काय की चंचलता, १७. मिथ्यादर्शन, १८. प्रमाद, १९. पैशून्य, २०. अज्ञान और २१. पंचेन्द्रियों का निग्रह न करना ये समस्त दोषों को उत्पन्न करने वाले प्राणिहिंसादिक इक्कीस दोष हैं।


यैर्दयादिव्रताचारैर्विपरीताः कृता इमे।
दोषा गुणा हि तेषां स्युस्त्रिजगत्पूज्ययोगिनाम् ॥२८५७॥

अर्थ: यदि दया आदि व्रतों को पालन कर इन दोषों के विपरीत आचरण किए जायें तो तीनों जगत् के द्वारा पूज्य मुनियों के लिए वे ही सब गुण हो जाते हैं।


अतिक्रमणमेवैकं व्यतिक्रमण एव हि।
अतीचारोऽप्यनाचारो दोषाश्चत्वार इत्यमी ॥२८५८॥

व्रतादीनां प्रयत्नेन वर्जिता यैर्जितेन्द्रियैः।
जायन्ते ते गुणास्तेषां व्रतादिधर्मवृद्धयः ॥२८५९॥

अर्थ (श्लोक 2858 से 2859): अतिक्रमण, व्यतिक्रमण, अतिचार और अनाचार ये चार अतिक्रम आदि दोष कहलाते हैं। जो जितेन्द्रिय पुरुष इन दोषों का त्याग कर देते हैं, उनके व्रतादि धर्म की वृद्धि करने वाले वे गुण हो जाते हैं।


गुणैश्चतुर्भिरेभिस्ते प्राग्गुणा एकविंशतिः।
गुणाश्चतुरशीतिश्च भवेयुर्गुणिताः सताम् ॥२८६०॥

अर्थ: पहले जो हिंसा का त्याग आदि इक्कीस गुण बतलाए हैं, उनके साथ इन चार अतिक्रमादि के त्याग से गुणा कर देने से गुणों के चौरासी भेद हो जाते हैं।


पृथ्व्यप्तेजोमरुत्प्रत्येकानन्तकायदेहिनः।
द्वीन्द्रियास्त्रीन्द्रियास्तुर्येन्द्रियाः पञ्चेन्द्रिया दश ॥२८६१॥

इमे भेदाः किलाभ्यस्ताः पृथ्व्याद्याः परस्परम्।
शतभेदा भवन्त्यत्र दोषास्तेषां विराधनात् ॥२८६२॥

अमीषां सर्वयत्नेन रक्षणं ये प्रकुर्वते।
तेषां सद्व्रतिनां दोषास्तावन्तः स्युर्गुणा हि ते ॥२८६३॥

अर्थ (श्लोक 2861 से 2863): पृथ्वीकायिक, जलकायिक, अग्निकायिक, वायुकायिक, प्रत्येक वनस्पति, साधारण वनस्पति, द्वीन्द्रिय, त्रीन्द्रिय, चतुरिन्द्रिय, पञ्चेन्द्रिय ये दस जीवों के भेद होते हैं तथा इन दसों प्रकार के जीवों की विराधना के दस भेद हो जाते हैं, इनको परस्पर गुणा कर देने से दश प्रकार के प्राणी और उनकी दस प्रकार की विराधना इन दोनों को परस्पर गुणा कर देने से सौ भेद हो जाते हैं। श्रेष्ठ व्रतों को धारण करने वाले जो मुनि प्रयत्नपूर्वक इन दसों प्रकार के प्राणियों की रक्षा करते रहते हैं और उनको दस प्रकार की विराधना से बचाते रहते हैं, उनके उत्तरगुणों के सौ गुण माने जाते हैं।


गुणाश्चतुरशीतिस्ते शतेनानेन वर्णिताः ।
गुणा भवन्ति दक्षैश्चतुराशीतिशतप्रमाः ॥२८६४॥

अर्थ: पहले उत्तरगुणों में चौरासी गुण बतला चुके हैं, उनको इन सौ से गुणा कर देने से चौरासी सौ भेद हो जाते हैं।


स्त्रीसंसर्गो महास्वादरसाद्याहारभोजनम् ।
गन्धमाल्यादिसंस्पर्शकोमलं शयनासनम् ॥२८६५॥

शरीरमण्डनं गीतवाद्यादिश्रवणं ततः।
अर्थहेमादिसम्पर्कः कुशीलदुर्जनाश्रयः ॥२८६६॥

राजसेवाऽक्षसौख्याय रात्रिसंचरणं वृथा।
एते विराधना दोषा ब्रह्मचर्यस्य वै दश ॥२८६७॥

अर्थ (श्लोक 2865 से 2867): १. स्त्रियों की संगति करना, २. महास्वादिष्ट सरस आहार का भोजन करना, ३. गंध माला आदि को सूँघना, ४. कोमल शयन और आसन पर सोना-बैठना, ५. शरीर को सुशोभित बनाये रखना, ६. गीत बाजे आदि का सुनना, ७. सोना-चाँदी आदि धन से सम्बन्ध रखना, ८. कुशीली दुष्टों की संगति रखना, ९. राजसेवा करना, १०. इन्द्रियों के सुख के लिए व्यर्थ ही रात्रि में घूमना, ये दस ब्रह्मचर्य की विराधना करने वाले दोष हैं।


त्रिशुद्ध्या ये त्यजन्ते तान् दशदोषांस्तपस्विनः।
जायन्ते सद्गुणास्तेषां दशैव व्रत शुद्धिदाः ॥२८६८॥

एतैर्दशविकल्पैश्चतुरशीतिशतान्यपि ।
गुणितानि सहस्राश्चतुरशीतिप्रमाणकाः ॥२८६९॥

अर्थ (श्लोक 2868 से 2869): जो तपस्वी मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक इन दस दोषों का त्याग कर देते हैं, उनके व्रतों को शुद्ध करने वाले दस गुण प्रकट हो जाते हैं, ऊपर गुणों के चौरासी सौ भेद बतलाए हैं, उनसे इन दस को गुणा कर देने से गुणों के चौरासी हजार भेद हो जाते हैं।


आलोचना के दस भेदों का कथन


आकम्पितश्चदोषोऽनुमानितोऽदृष्टबादरौ ।
सूक्ष्मः प्रच्छन्नदोषोऽथ शब्दाकुलितसंज्ञकः ॥२८७०॥

दोषो बहुजनोऽव्यक्तस्तत्सेवीति दशस्फुटम्।
दोषा आलोचनस्यैव ज्ञेया एतेऽघकारकाः ॥२८७१॥

अर्थ (श्लोक 2870 से 2871): आकंपित, अनुमानित, अदृष्ट, बादर, सूक्ष्म, प्रच्छन्न, शब्दाकुलित, बहुजन, अव्यक्त, तत्सेवी ये दस पाप उत्पन्न करने वाले आलोचना के दश दोष हैं।


८ लाख ४० हजार गुणों के कथन का निर्देश


अमीषां दशदोषाणां यत्नेन त्यजनात्सताम्।
उत्पद्यन्ते गुणाः शुद्धिकरास्तावन्त एव हि ॥२८७२॥

एतैश्चतुरशीतिश्च सहस्रावर्णिता गुणैः।
चत्वारिंशत्सहस्राणि ह्यष्टलक्षाधिकान्यपि ॥२८७३॥

अर्थ (श्लोक 2872 से 2873): जो सज्जन पुरुष प्रयत्नपूर्वक इन दस दोषों का त्याग कर देते हैं, उनके व्रतों को शुद्ध करने वाले दस गुण प्रकट हो जाते हैं। ऊपर चौरासी हजार गुण बतला चुके हैं, उनके साथ इन दस का गुणा कर देने से आठ लाख चालीस हजार गुण हो जाते हैं।


प्रायश्चित्त के दस भेद


आलोचनं त्रिशुद्ध्याप्रतिक्रमणं च तद्द्वयम्।
विवेकोऽथ तनूत्सर्गस्तपश्च्छेदः स्वदीक्षया ॥२८७४॥

मूलं च परिहारोऽथश्रद्धानं दशसंख्यकाः।
प्रायश्चित्तस्य भेदा हि भवन्त्येते विशुद्धदाः ॥२८७५॥

अर्थ (श्लोक 2874 से 2875): मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक आलोचना करना, प्रतिक्रमण करना, दोनों करना, विवेक, व्युत्सर्ग, तप, स्वदीक्षा का छेद, मूल, परिहार और श्रद्धान ये दस समस्त व्रतों को शुद्ध करने वाले प्रायश्चित्त के भेद होते हैं।


प्रायश्चित्त के १० भेद किसके गुण व किसके दोषरूप होते हैं


विपरीता अमी दोषा जायन्तेऽत्र प्रमादिनाम्।
सम्यगाचरिता नूनं गुणाः शुद्धिकराः सताम् ॥२८७६॥

अर्थ: यदि इन प्रायश्चित्तों के विपरीत आचरण किया जाये तो ये ही दस दोष हो जाते हैं तथा ये दोष प्रमादियों को अवश्य लगते हैं। यदि इन्हीं प्रायश्चित्तों के भेदों को अच्छी तरह पालन किया जाये तो सज्जनों के व्रतों को शुद्ध करने वाले ये ही दस गुण हो जाते हैं।


एतैर्दशगुणैश्चत्वारिंशत्सहस्रसद्गुणाः ।
अष्टलक्षाधिका युक्त्या प्राक्तना गुणिता बुधैः ॥२८७७॥

लक्षाश्चतुरशीतिश्च भवेयुः पण्डिता गुणाः ।
सर्वदोषारिहन्तारो मुनीनां मुक्तिहेतवः ॥२८७८॥

अर्थ (श्लोक 2877 से 2878): ऊपर जो आठ लाख चालीस हजार गुणों के भेद बतलाए हैं उनके साथ इन दस से गुणा कर देने से चौरासी लाख गुण हो जाते हैं। ये सब गुण मुनियों के समस्त दोषरूपी शत्रुओं को नाश करने वाले हैं और मुक्ति के कारण हैं।


एतैर्महागुणैर्य्यान्ति त्रिजगत्पूज्यतापदम् ।
गणेशजिनचक्र्यादिभूतिं च गुणशालिनः ॥२८७९॥

अर्थ: जो महापुरुष इन गुणों को धारण कर अपनी शोभा बढ़ाते हैं वे पुरुष इन गुणों के माहात्म्य से तीनों लोकों के द्वारा पूज्य पद को प्राप्त होते हैं और गणधर, तीर्थंकर तथा चक्रवर्ती आदि की महाविभूति को प्राप्त होते हैं।


यथाऽत्रैव लभन्तेऽहो यशःसत्कारपूजनम् ।
नमस्कारस्तवादीनि गुणिनश्च पदे पदे ॥२८८०॥

तथाहमिन्द्रदेवेन्द्रनागेन्द्रादिपदानि च।
प्राप्यामुत्र श्रयन्ते ते पूजास्तुतिशतानि च ॥२८८१॥

अर्थ (श्लोक 2880 से 2881): जो पुरुष इन उत्तम गुणों को धारण करते हैं, उनका इस लोक में यश फैलता है, लोग पद-पद पर उनका आदर सत्कार करते हैं, उनकी पूजा करते हैं, उनको नमस्कार करते हैं और उनकी स्तुति करते हैं तथा इसी प्रकार परलोक में भी अहमिन्द्र, देवेन्द्र, नागेन्द्र आदि के उत्तम-उत्तम पद उनको प्राप्त होते हैं और वहाँ पर भी सैकड़ों बार उनकी पूजा होती है और सैकड़ों बार उनकी स्तुति होती है।


गुणाः सर्वत्र पूज्यन्ते दक्षैः सत्पुरुषाश्रिताः ।
निर्गुणा न च लोकेस्मिन् सत्कुलादियुता अपि ॥२८८२॥

अर्थ: सत्पुरुषों के आश्रित रहने वाले गुण विद्वान् पुरुषों के द्वारा सर्वत्र पूजे जाते हैं और जो पुरुष निर्गुण होते हैं वे चाहे कितने ही अच्छे कुल में उत्पन्न क्यों न हुए हों तथापि उनकी पूजा कोई नहीं करता।


इहामुत्र च जीवन्ति जीवन्तो वा मृताः स्फुटम्।
गुणिनो गुणसंयोगाज्जगद्विख्यातकीर्तितः ॥२८८३॥

जीवन्तोऽपि मृता ज्ञेया निर्गन्धकुसुमोपमाः।
दृक्तपोज्ञानवृत्तादिगुणहीनाः कुकीर्तितः ॥२८८४॥

अर्थ (श्लोक 2883 से 2884): गुणी पुरुष उन गुणों के निमित्त से तीनों लोकों में प्रसिद्ध हो जाते हैं और तीनों लोकों में उनकी कीर्ति फैल जाती है। इसलिए वे इस लोक में भी जीते हैं और परलोक में भी जीते हैं। वे मर जाने पर भी सदा जीवित ही रहते हैं। जो पुरुष सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र, तप आदि गुणों से रहित हैं, उनकी अपकीर्ति चारों ओर फैल जाती है, इसलिए वे जीवित रहते हुए भी सुगंध रहित पुष्प के समान मरे हुए के समान समझे जाते हैं।


मत्वेति धीधना नित्यं पालयन्तु गुणोत्तमान्।
गुणिनां पदसंसिद्ध्यै दृगाद्यान् यत्नतो भुवि ॥२८८५॥

अर्थ: यही समझकर बुद्धिमान् पुरुषों को गुणियों का पद प्राप्त करने के लिए सम्यग्दर्शन आदि उत्तम गुणों को प्रतिदिन प्रयत्नपूर्वक पालन करते रहना चाहिए।


अथ धर्मं प्रवक्ष्यामि दशभेदं सुखाम्बुधिम्।
साक्षान्मुक्तिपुरीं गन्तुं पाथेयं पथि योगिनाम् ॥२८८६॥

आद्या क्षमोत्तमा श्रेष्ठं मार्दवं चार्जवोत्तमम्।
सत्यं शौचं महान् संयमस्तपस्त्यागसत्तमः ॥२८८७॥

आकिञ्चन्यं परं ब्रह्मचर्यं सल्लक्षणान्यपि।
इमानि धर्ममूलानि श्रमणानां दशैव हि ॥२८८८॥

अर्थ (श्लोक 2886 से 2888): अथानंतर-अब आगे दस प्रकार के धर्मों का स्वरूप कहते हैं। ये दस प्रकार के धर्म मुनियों के लिए सुख के समुद्र हैं और मोक्षरूपी नगर में जाने के लिए मार्ग का साक्षात् पाथेय है, मार्ग व्यय है। उत्तम क्षमा, उत्तम मार्दव, उत्तम आर्जव, उत्तम शौच, उत्तम सत्य, उत्तम संयम, उत्तम तप, उत्तम त्याग, उत्तम आकिंचन्य, उत्तम ब्रह्मचर्य यह मुनियों के दस धर्म हैं और समस्त धर्मों का मूल है।


मिथ्यादृक्शत्रुदुष्टाद्यैः कृते सत्यत्युपद्रवे।
अपकीर्तिभयादिभ्यः सह्यते ताडनादिकम् ॥२८८९॥

संयतैरिह लोकार्थं न परमार्थसिद्धये।
यत्सा क्षमोच्यते सद्भिः सामान्यपुरुषाश्रिता ॥२८९०॥

अर्थ (श्लोक 2889 से 2890): यदि कोई मिथ्यादृष्टि, शत्रु वा दुष्ट लोग किसी मुनि पर घोर उपद्रव करें, उनकी अपकीर्ति करें, उन्हें भय दिखलायें वा ताडनादिक करें तो जो मुनि केवल इस लोक के लिए उसको सहन करते हैं, परलोक के लिए सहन नहीं करते उसको सज्जन पुरुष सामान्य पुरुषों के आश्रित रहने वाली क्षमा कहते हैं।


आस्य-दृष्टिविषर्द्ध्यादीनांसामर्थ्येऽत्र सत्यपि।
केवलं कर्मनाशाय सह्यते यो महात्मभिः ॥२८९१॥

प्राणनाशकरो घोरोपसर्गो दुर्जनैः कृतः।
उत्तमाख्या क्षमा सोक्ता धर्मरत्नखनी परा ॥२८९२॥

अर्थ (श्लोक 2891 से 2892): परंतु जो मुनि उसी विष ऋद्धि, दृष्टि विष ऋद्धि आदि अनेक ऋद्धियों के कारण समर्थ होने पर भी केवल कर्मों को नाश करने के लिए दुष्टों के द्वारा किए हुए प्राणों को नाश करने वाले घोर उपसर्गों को भी सहन करते हैं, उन महात्माओं के धर्मरत्न की खानि ऐसी सर्वोत्तम उत्तम क्षमा होती है।


स्वदोषगुणचिन्ताद्यैः प्रत्यक्षादिविचिन्तनैः।
विचारचतुरैः कार्या सर्वत्रैका क्षमा परा ॥२८९३॥

अर्थ: अपने गुण दोषों को चिंतन कर अथवा प्रत्यक्ष-परोक्ष के गुण-दोषों को चिंतन कर विचारशील चतुर पुरुषों को सर्वत्र एक उत्तम क्षमा ही धारण करनी चाहिए।


यदि कश्चित्कुधीः कुर्यात्साधोर्निन्दां तदा यमी।
हृदीति चिन्तयेदेते दोषाः सन्ति न वा मयि ॥२८९४॥

विद्यते यदि दोषो मे न चास्य सत्यभाषणात्।
दोषाभावेऽथवाऽज्ञानाद्वक्त्येष मम दूषणम् ॥२८९५॥

न मारयति मां मे न किञ्चिद् गृह्णाति सद्गुणम्।
इत्यादिचिन्तनैस्तेन सोढव्यं निन्दनादिकम् ॥२८९६॥

अर्थ (श्लोक 2894 से 2896): यदि कोई दुष्ट पुरुष किसी साधु की निंदा करता हो तो उस समय उस साधु को अपने मन में विचार करना चाहिए कि मुझमें ये दोष है वा नहीं। यदि मुझमें ये दोष है तो इसका कोई दोष नहीं है क्योंकि यह तो सत्य भाषण कर रहा है। यदि अपने में ये दोष न हों तो उनको विचार करना चाहिए कि यह अपने अज्ञान से मेरे दोषों को कहता है, मुझे मारता तो नहीं है अथवा मेरे श्रेष्ठ गुणों को तो ग्रहण नहीं करता अथवा नहीं छीनता, इस प्रकार चिंतन कर उन मुनियों को अपनी होने वाली निंदा को सहन करना चाहिए।


यदि कश्चित्परोक्षेण मुनिमाक्रोशति क्रुधा।
तदेति मुनिना ध्येयं क्रोधाग्निजलदोपमम् ॥२८९७॥

आक्रोशति परोक्षेऽयं प्रत्यक्षे मां न पापधीः।
लाभोऽस्मान्मम मत्वेति क्षन्तव्यं तेन तत्कृतम् ॥२८९८॥

अर्थ (श्लोक 2897 से 2898): यदि कोई दुष्ट पुरुष क्रोध में आकर परोक्ष में किसी मुनि को गाली देता हो वा कड़वे बुरे वचन कहता हो तो क्रोधरूपी अग्नि को बुझाने के लिए मेघ के समान उन मुनि को इस प्रकार चिंतन करना चाहिए कि यह पापी परोक्ष में ही मुझे गाली देता है, प्रत्यक्ष में आकर तो गाली नहीं देता मेरे लिए यही बड़ा लाभ है। यही समझकर उन मुनियों को उस दुष्ट का अपराध क्षमा कर देना चाहिए।


वा क्रोशति यतिं कश्चित्प्रत्यक्षेण दुरात्मकः।
तदेति चिन्तनीयं सन्मुनिना कोपनाशकम् ॥२८९९॥

ददाति केवलं मेऽयं गालीं हन्ति न मां शठः।
गालीभिः किं व्रणान्यत्र जायन्ते मेऽशुभानि वा ॥२९००॥

अतोऽत्रामुत्रहानिश्चास्यैव निन्दनतो न मे।
विचिन्त्येति स्वमौनेन सोढव्यं तेन दुर्वचः ॥२९०१॥

अर्थ (श्लोक 2899 से 2901): यदि कोई दुरात्मा प्रत्यक्ष में ही आकर किसी मुनि को गाली दे तो उस मुनि को क्रोध को नाश करने वाला इस प्रकार का चिंतन करना चाहिए कि यह मूर्ख मुझे गाली ही देता है, मुझे मारता तो नहीं है, गाली से मेरे घाव थोड़े ही हुए जाते हैं अथवा मेरी कुछ हानि थोड़ी ही होती है। यदि वास्तव में देखा जाये तो मेरी निंदा करने से इस लोक में भी इसकी हानि होती है और परलोक में भी इसकी हानि होती है। इसमें मेरी कुछ हानि नहीं होती इस प्रकार चिंतन कर और मौन धारण कर उन मुनिराज को उस दुष्ट के दुर्वचन सहन कर लेने चाहिए।


अथवा यद्यधीः कश्चित्साधुं ताडयति क्रुधा।
तदेत्थं साधुना चित्ते चिन्तनीयं क्षमाकरम् ॥२९०२॥

हन्त्येवायं कुधीर्मां मत्प्राणान् हरति नाञ्जसा।
अस्मान्मे लाभ एवात्र न च हानिरघक्षयात् ॥२९०३॥

वाऽत्रायं वधबन्धाद्यैर्मे पापं हरति स्फुटम्।
न च पुण्यमतोऽस्यैव हानिर्वृद्धिर्ममोर्जिता ॥२९०४॥

अथवा मद्रिपुश्चायं प्राग्भवे ताडितो मया।
ततो मां ताडयत्यत्रऽदोषो मेऽस्य न जातुचित् ॥२९०५॥

अर्थ (श्लोक 2902 से 2905): यदि कोई मूर्ख क्रोध में आकर किसी साधु को ताड़ना करे, मारे तो उन मुनिराज को अपने चित्त में क्षमा की खानिरूप ऐसा चिंतन करना चाहिए कि यह मूर्ख मुझे मारता ही है, मेरे प्राणों का हरण तो नहीं करता अतएव इसमें मेरा लाभ ही है, मेरी हानि कुछ नहीं है, मेरे तो इसमें पाप नष्ट होते हैं, असाता कर्मों की निर्जरा होती है। इस प्रकार चिंतन करना चाहिए अथवा इस प्रकार चिंतन करना चाहिए कि यह मूर्ख मुझे मारकर वा बाँधकर मेरे पापों का हरण करता है, मेरे पुण्य को तो हरण नहीं करता? इसलिए ऐसा करने में इसकी तो हानि है और मेरे लिए लाभ है अथवा उन मुनिराज को इस प्रकार चिंतन करना चाहिए कि यह मेरे पहले भव का शत्रु है, मैंने पहले भव में इसको मारा होगा इसलिए यह इस भव में मुझे मारता है, यह तो मेरा ही दोष है इसमें इसका क्या दोष है।


प्राग्भवे वा कृतं कर्म यत्तन्मयैव भुज्यते।
निमित्तमात्रमेतं मन्ये दुःखादिकारकम् ॥२९०६॥

मदीयमपिऽचेच्चित्तं व्रजेत्क्रोधाग्निसन्निधिम्।
अज्ञस्यास्य विदो मेऽत्र को विशेषस्तदा पृथक् ॥२९०७॥

अर्थ (श्लोक 2906 से 2907): अथवा उन मुनिराज को इस प्रकार चिंतन करना चाहिए कि मैंने पहले भवों में जो कर्म किए हैं वे मुझ ही भोगने पड़ेंगे। यह प्राणी तो उन कर्मों के उदय से होने वाले दुःखों में केवल निमित्त कारण है। मुख्य कारण तो मेरे ही कर्मों का उदय है। यदि इस समय मेरे हृदय में भी क्रोध उत्पन्न हो आए तो फिर इस मूर्ख में और मुझ ज्ञानी में अलग-अलग विशेषता क्या होगी? फिर तो दोनों ही समान हो जायेंगे।


क्रोधहालाहलाक्रान्तं निर्विषीकर्तुमक्षमः।
अहं यदि कथं क्रोधविषं पिबामि साम्प्रतम् ॥२९०८॥

अभ्यस्तो यः शमः पूर्वं बहुकष्टैर्मयाधुना।
वैफल्यं तस्य जायेत यदि कोपं करोम्यतः ॥२९०९॥

अर्थ (श्लोक 2908 से 2909): यदि मैं क्रोधरूपी महाविष से आक्रांत हुए इस पुरुष को निर्विष करने में समर्थ नहीं हूँ अर्थात् यदि मैं इसका क्रोधरूपी विष दूर नहीं कर सकता हूँ तो फिर मैं इस समय क्रोधरूपी विष का पान क्यों करूँ। यदि मैं इस समय क्रोध करता हूँ तो मैंने पहले अनेक कष्ट सहनकर जो उपशमरूप (अत्यन्त शांत) परिणामों का अभ्यास किया है वह सब व्यर्थ हो जाता है।


इत्यादिचिन्तनैश्चित्तं स्थिरीकृत्याशु साधुना।
सोढव्यं निखिलं लोके ताडनं दुर्जनोद्भवम् ॥२९१०॥

अर्थ: इस प्रकार चिंतन कर उन मुनिराज को अपना चित्त स्थिर कर लेना चाहिए और इस लोक में दुष्टों के द्वारा उत्पन्न हुए मारण-ताड़न आदि सब उपद्रव सहन कर लेने चाहिए।


यदि कश्चिद्रुष्टः प्राणान् गृह्णाति श्वभ्रनायकः।
ऋषिणेदं तदा चिन्तनीयं कोपाग्निनीरदम् ॥२९११॥

आदत्तेऽयं मम प्राणान् न च धर्मं शिवप्रदम्।
अस्माद्व्यालाद्धि मे लाभो न हानिर्धर्मवर्द्धनात् ॥२९१२॥

अर्थ (श्लोक 2911 से 2912): यदि कोई नरक को जाने वाला दुष्ट किसी मुनि के प्राण ही हरण करता हो तो उन मुनिराज को उस समय क्रोधरूपी अग्नि को शांत करने के लिए मेघ के समान इस प्रकार का चिंतन करना चाहिए, यह मूर्ख मेरे प्राणों को लेता है, मोक्ष देने वाले मेरे धर्म को तो नहीं लेता, इसलिए इस मूर्ख से मेरी कोई हानि नहीं है किन्तु मेरे धर्म की वृद्धि होने से मेरा लाभ ही है।


जरा जर्जरितं कायं हत्वा दिव्यं गुणाकरम्।
वपुर्दत्ते वधाद्यैर्मे कथं स न सुहृद्वरः ॥२९१३॥

वंधाद्यैः पापकर्मभ्यो यद्ययं मां न मोचयेत्।
तदा मोक्षः कुतस्तेभ्यो मेऽस्मादेषहितंकरः ॥२९१४॥

कारागारनिभात्कायान्मोचयित्वाशु मां हि यः।
स्वर्गादौ स्थापयत्येव कथं स शत्रुरुच्यते ॥२९१५॥

अर्थ (श्लोक 2913 से 2915): और देखो यह प्राणी मुझे मारकर जरा से जर्जरित हुए मेरे शरीर को नाश करता है और अनेक गुणों की खानि ऐसा दिव्य शरीर मुझे देता है, इसलिए यह तो मेरा सबसे बढ़कर मित्र है। यदि यह प्राणी मुझे मारकर पापकर्मों से मुझे नहीं छुड़ाता तो मैं उन पापों से कैसे छूटता? इसलिए कहना चाहिए कि यह तो मेरा सबसे अच्छा हित करने वाला है। अरे जो पुरुष कारागार के समान इस शरीर से मुझे शीघ्र ही छुड़ाकर मुझे स्वर्गादिक में पहुँचा देता है, यह मेरा शत्रु कैसे हो सकता है उसे तो मैं अपना मित्र समझता हूँ।


इत्यादिसद्विचारौधैः प्राणनाशोपि साधुना।
क्षमैका सर्वथा कार्या कोपः कार्यो न जातुचित् ॥२९१६॥

अर्थ: इस प्रकार अनेक तरह से अपने श्रेष्ठ विचार धारण कर प्राण नाश होने पर भी मुनिराज को एक उत्तम क्षमा ही धारण करनी चाहिए। उन मुनिराज को क्रोध कभी नहीं करना चाहिए।


छेदजैः कर्तनैर्दाहैर्विक्रियां याति चन्दनम्।
न यथात्र तथा योगी सर्वोपद्रवराशिभिः ॥२९१७॥

कंप्यते न यथा पृथ्वी खननज्वालनादिभिः।
उपसर्गैस्तथा विश्वैर्ध्यानस्थो धीरसंयमी ॥२९१८॥

अर्थ (श्लोक 2917 से 2918): जिस प्रकार चंदन को छेदने से, काटने से वा जलाने से चंदन में कोई विकार उत्पन्न नहीं होता उसी प्रकार समस्त उपद्रवों के समूह आ जाने पर भी योगी के हृदय में कभी विकार उत्पन्न नहीं होता। जिस प्रकार पृथ्वी को खोदने वा जलाने से पृथ्वी कभी कंपायमान नहीं होती उसी प्रकार समस्त उपसर्गों के आ जाने पर भी ध्यान में स्थिर हुए धीरवीर संयमी अपने ध्यान से कभी चलायमान नहीं होते हैं।


क्वचिद् दुग्धामृतादीनि विषायन्ते विधेर्वशात्।
नोपसर्गैश्च साधूनां चित्तानन्दामृतानि भोः ॥२९१९॥

अर्थ: कभी-कभी कर्मों के निमित्त से वा अन्य किसी कारण से दूध वा अमृत आदि उत्तम पदार्थ भी विषरूप हो जाते हैं परंतु साधुओं के हृदय से उत्पन्न हुआ आनंदामृत सैकड़ों उपसर्गों के आ जाने पर भी कभी विषरूप वा विकाररूप नहीं होता।


न कोपसदृशो वह्निर्विश्वप्रज्ज्वलनक्षमः।
अमृतं न क्षमातुल्यं त्रिजगत्प्रीणनक्षमम् ॥२९२०॥

अर्थ: इस संसार में क्रोध के समान अन्य कोई अग्नि नहीं है क्योंकि यह क्रोध समस्त संसार को जला देने में समर्थ है। इसी प्रकार क्षमा के समान इस संसार में कोई अमृत नहीं है क्योंकि इस क्षमा से तीनों लोकों के प्राणी अत्यन्त संतुष्ट हो जाते हैं।


द्वीपायनः स्वकोपेन दग्ध्वा द्वारावतीं मुनिः।
सर्वां स्वस्य शरीरं चागात्तैजसेन दुर्गतिम् ॥२९२१॥

क्रोधेनाघार्जनं कृत्वा बहवो नारदादयः।
रौद्रध्यानाद् गताः श्वभ्रं स्त्र्यादिरहिता अपि ॥२९२२॥

अर्थ (श्लोक 2921 से 2922): देखो द्वीपायन मुनि ने क्रोध कर तैजस समुद्घात के द्वारा समस्त द्वारिका नगरी जला डाली, अपना शरीर जला डाला और अंत में उसे नरकरूप दुर्गति में जाना पड़ा। इनके सिवाय स्त्री, धन आदि से रहित ऐसे नारद आदि बहुत से प्राणी क्रोध के कारण अनेक पापों को उपार्जन कर अंत में रौद्रध्यान से मरकर नरक पहुँचे हैं।


कोपाग्निर्जृम्भतेसाधोर्यस्य कायकुटीरके।
तस्य दृष्ट्यादिरत्नानि भस्मीभावं व्रजन्त्यतः ॥२९२३॥

पूर्वं दहति कोपाग्निर्देहं ततोऽपरान्जनान्।
इह पुंसां च धर्मादीन् दत्तेऽमुत्र ह्यधोगतिम् ॥२९२४॥

अर्थ (श्लोक 2923 से 2924): जिस साधु के शरीररूपी झोपड़ी में क्रोधरूपी अग्नि लग जाती है, उसके सम्यग्दर्शन आदि समस्त रत्न अवश्य ही जलकर भस्म हो जाते हैं। यह क्रोधरूपी अग्नि पहले तो अपने शरीर को जलाती है फिर अन्य प्राणियों को जलाती है और फिर उन साधुओं के धर्मादिक गुणों को नष्ट करती है तथा फिर अंत में परलोक में नरकादिक अधोगति को देती है।


यदि कोपं क्वचित्कुर्यान्नग्नो वा चीवरावृतः।
तदा नीचो जिनैः प्रोक्तः सोऽन्यजादपि पापधीः ॥२९२५॥

अर्थ: यदि कोई नग्न साधु वा एक कोपीन मात्र रखने वाला ऐलक वा क्षुल्लक कहीं पर क्रोध करता है तो भगवान् जिनेन्द्रदेव उस पापी को चांडाल से भी नीच समझते हैं।


न क्रोधेन समो वैरी सर्वानर्थकरोऽशुभः।
इहामुत्र मनुष्याणां सप्तमश्वभ्रकारकः ॥२९२६॥

इत्यादिदोषकर्तारं क्रोधशत्रुं तपोधनाः।
क्षमाखड्गेन मोक्षाय दुर्जयं घ्नन्तु शक्तितः ॥२९२७॥

अर्थ (श्लोक 2926 से 2927): इस संसार में क्रोध के समान मनुष्यों का अन्य कोई शत्रु नहीं है क्योंकि यह क्रोध इस लोक में भी समस्त अनर्थों को करने वाला और अशुभ वा पाप उत्पन्न करने वाला है और परलोक में भी सातवें नरक तक पहुँचाने वाला है। इस प्रकार अनेक दोष उत्पन्न करने वाले और अत्यन्त दुर्जय ऐसे क्रोधरूप शत्रु को तपस्वी लोग मोक्ष प्राप्त करने के लिए अपनी शक्ति से क्षमारूप तलवार के द्वारा नाश कर डालते हैं।


क्षमामुक्तिसखी प्रोक्ता जिनैर्मुक्तिवशीकरा।
कल्पवल्लीक्षमा नॄणां सङ्कल्पितसुखप्रदा ॥२९२८॥

क्षमां रक्षा परा पुंसां शत्रुभ्यः शममातृकाः।
क्षमा धर्मसुरत्नानां खनी सारा शुभङ्करा ॥२९२९॥

पार्श्वेशसंजयन्ताख्यशिवभूत्यादियोगिनः।
क्षमयात्राचिराज्जित्वा बहूपसर्गान्वैरिजान् ॥२९३०॥

केवलावगमं प्राप्य त्रिजगद्भव्यपूजनम्।
लोकाग्रशिखरं जग्मुर्बहवः शर्मसागरम् ॥२९३१॥

अर्थ (श्लोक 2928 से 2931): भगवान् जिनेन्द्रदेव ने इस क्षमा को मोक्ष को वश करने वाली ऐसी मोक्ष की सखी बतलाया है तथा यही क्षमा मनुष्यों के लिए इच्छानुसार सुख देने वाली कल्पलता के समान है। मनुष्यों को शत्रुओं से रक्षा करने वाली यह क्षमा ही सबसे उत्तम है। यह क्षमा उपशम की माता है, सबमें सारभूत है, शुभ करने वाली है और धर्मरूप रत्नों की खानि है। देखो भगवान् पार्श्वनाथ स्वामी, संजयंत मुनि और शिवभूति आदि कितने ही मुनि इस क्षमा को धारण कर ही शत्रुओं से उत्पन्न अनेक उपसर्गों को जीतकर शीघ्र ही केवलज्ञान को प्राप्त हुए हैं तथा तीनों लोकों के भव्यजीवों के द्वारा पूजे जाकर अनंतसुखों के समुद्र ऐसे लोक शिखर पर जा विराजमान हुए हैं।


क्षमासमं तपो नास्ति क्षमातुल्यं न सद्‌व्रतम्।
क्षमाभं न हितं किञ्चित्क्षमानिभं न जीवितम् ॥२९३२॥

इत्यादीन् परमान् ज्ञात्वा क्षमाया गुणसंचयान्।
कुर्वन्तु सुधियो नित्यं क्षमां कृत्स्नप्रयत्नतः ॥२९३३॥

अर्थ (श्लोक 2932 से 2933): इस संसार में क्षमा के समान अन्य कोई तप नहीं है, क्षमा के समान अन्य कोई श्रेष्ठ व्रत नहीं है, क्षमा के समान कोई हित नहीं है और क्षमा के समान कोई जीवन नहीं है। इस प्रकार इस क्षमा के सर्वोत्कृष्ट गुणों के समूह को समझकर बुद्धिमानों को पूर्ण प्रयत्न के साथ नित्य ही क्षमा धारण करनी चाहिए।


इत्येकं लक्षणं सारं धर्मस्याख्याय धीमताम्।
क्षमाख्यं धर्ममूलं च द्वितीयं मार्दवं ब्रुवे ॥२९३४॥

अर्थ: इस प्रकार बुद्धिमानों के लिए धर्म का मूल और सारभूत ऐसे एक उत्तमक्षमा नामक धर्म का लक्षण कहा। अब आगे दूसरे उत्तम मार्दव का लक्षण कहते हैं।


सत्सूत्तमेषु सर्वेषु सज्जात्यादिषु चाष्टसु।
मृदुभिश्चत्तवाक्कायैर्निहत्य तत्कृतं मदम् ॥२९३५॥

क्रियते मृदुभावोयोऽखिलाहंकारवर्जितः।
तद्धर्मलक्षणं ज्ञेयं मार्दवं सत्कृपाकरम् ॥२९३६॥

अर्थ (श्लोक 2935 से 2936): ज्ञान, पूजा, कुल, जाति, बल, ऋद्धि, तप और शरीर ये अभिमान के आठ कारण बतलाए हैं, इन सबकी उत्तमता प्राप्त होने पर भी मुनियों को अपने कोमल मन-वचन-काय को धारण कर इन आठों मदों का त्याग कर देना चाहिए तथा सब तरह के अभिमानों का त्यागकर अपने कोमल परिणाम धारण करने चाहिए। श्रेष्ठ दया को पालन करने वाला यही मार्दव धर्म का लक्षण है।


व्रतशीलसमस्तानि यान्ति सम्पूर्णतां सताम्।
सुमार्दवेन मुक्तिस्त्री दत्ते चालिङ्गनं दृढम् ॥२९३७॥

त्रियोगमार्दवत्वेन धर्मिणां धर्म उल्बणः।
उत्पद्यते गुणैर्विश्वैः सार्द्धं विश्वसुखाकरः ॥२९३८॥

काठिन्यपरिणामेन जायते पापमूर्जितम्।
क्षयोऽखिलव्रतादीनां निन्यं च श्वभ्रसंबलम् ॥२९३९॥

अर्थ (श्लोक 2937 से 2939): इस मार्दव धर्म के कारण सज्जनों के समस्त व्रत और शील पूर्ण हो जाते हैं तथा इस मार्दव धर्म से ही मुक्तिस्त्री दृढ़ आलिंगन देने को तत्पर रहती है। मन-वचन-काय तीनों को कोमल रखने से धर्मात्मा पुरुषों के समस्त गुणों के साथ-साथ समस्त सुखों को देने वाला सर्वोत्कृष्ट धर्म प्रकट होता है तथा कठिन परिणामों को रखने से प्रबल पाप उत्पन्न होता है, समस्त व्रतों का नाश होता है और अत्यन्त निंद्य ऐसा नरकगति का साधन प्रकट हो जाता है।


इतिसन्मृदुकाठिन्यचित्तयोः फलमञ्जसा।
शुभाशुभं विदित्वाहो हत्वा कठिनमानसम् ॥२९४०॥

विश्वसत्त्वकृपाक्रान्तं मार्दवं सुष्ठुयत्नतः।
कुर्वन्तु मुनयो धर्मशिवश्रीसुखवृद्धये ॥२९४१॥

अर्थ (श्लोक 2940 से 2941): इस प्रकार कोमल परिणामों का फल शुभ और कठिन परिणामों का फल अशुभ समझकर कठिन परिणामों का त्याग कर देना चाहिए और उन मुनियों को धर्म तथा मोक्ष की लक्ष्मी और सुख बढ़ाने के लिए प्रयत्नपूर्वक समस्त जीवों की कृपा से परिपूर्ण ऐसा मार्दव धर्म धारण करना चाहिए।


हृदि यत्संस्थितं कार्यं ब्रूयते वचसा च तत्।
वपुषा चर्यते तथ्यमृजुबुद्धिभिरञ्जसा ॥२९४२॥

एतदार्जवमत्यर्थ-मुत्तमं धर्मलक्षणम्।
प्रणीतं धर्मनाथेन सतां धर्मकुलालयम् ॥२९४३॥

अर्थ (श्लोक 2942 से 2943): अपनी सरल बुद्धि को धारण कर अपने मन में जो कार्य जिस रूप से चिंतन किया है, उसको उसी रूप से कहना और शरीर के द्वारा उसी रूप से करना, उत्तम आर्जव धर्म कहलाता है। धर्म की परंपरा का घर ऐसा यह आर्जव धर्म का लक्षण सज्जनों के लिए भगवान् जिनेन्द्रदेव ने कहा है।


पुसां चार्जवभावेन जायन्ते निर्मला गुणाः।
त्रिजगत्सुखसाराणि तीर्थेशादिविभूतयः ॥२९४४॥

धर्मिणामृजुचित्तेनोत्तमो धर्मो भवान्तकः।
साक्षान्मुक्तिवधूदाता भवेत्सर्वार्थसाधकः ॥२९४५॥

आर्या आर्जवयोगेन ह्यव्रता अपि भोगिनः।
यान्ति देवालयं नूनं मतोऽस्याप्यल्पमात्रकः ॥२९४६॥

अर्थ (श्लोक 2944 से 2946): इस आर्जव धर्म के निमित्त से मनुष्यों को अत्यन्त निर्मल गुण प्राप्त होते हैं, तीनों जगत् के सारभूत सुख प्राप्त होते हैं और तीर्थंकरादिक की विभूतियाँ प्राप्त होती हैं। मृदु हृदय को धारण करने से धर्मात्माओं को, संसार को नाश करने वाला साक्षात् मोक्षस्त्री को देने वाला और समस्त पुरुषार्थों को सिद्ध करने वाला उत्तम धर्म प्राप्त होता है। देखो सदा भोगोपभोग सेवन करने वाले और अव्रती ऐसे भोगभूमियाँ भी मन-वचन-काय को सरल रखने के कारण स्वर्ग में ही जाकर जन्म लेते हैं।


कौटिल्यपरिणामेन कुटिला यान्ति दुर्गतिम्।
अहो पापार्जनं कृत्वा मार्जारमकरादिकाः ॥२९४७॥

कूटद्रव्यमिव व्यर्थं निष्फलं स्वप्नराज्यवत्।
विषमिश्रितदुग्धं वा तपोध्यानादिदुर्धियाम् ॥२९४८॥

अर्थ (श्लोक 2947 से 2948): तथा बिल्ली, मगर आदि मायाचारी कुटिल जीव अपने कुटिल परिणामों के ही कारण अनेक पापों को उत्पन्न कर दुर्गति में जाकर जन्म लेते हैं। जो सरल बुद्धि को धारण नहीं करते, उनके तप और ध्यानादिक सब कूट द्रव्य के समान व्यर्थ हैं, स्वप्न में मिले हुए राज्य के समान निष्फल हैं और विष मिले हुए दूध के समान हानि करने वाले हैं।


मायाविनां तपोधर्मसंयमो वा शुभक्रिया।
क्व यतो निश्चितं मायाऽघेन तिर्यग्गतिर्भवेत् ॥२९४९॥

मत्वेति दूरतस्त्यक्त्वा मायावाक्यादिमञ्जसा।
ऋजुयोगेन कुर्वीध्वमार्जवं मुक्तये बुधाः ॥२९५०॥

अर्थ (श्लोक 2949 से 2950): मायाचारी पुरुषों के तप, धर्म, संयम वा शुभ क्रियाएँ कुछ नहीं बन सकतीं क्योंकि यह निश्चित है कि मायाचारी से उत्पन्न हुए पाप के कारण मायाचारियों को तिर्यंच गति की ही प्राप्ति होती है। यही समझकर बुद्धिमानों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए मायाचारी से मिले हुए मन-वचन-काय को दूर से ही त्याग कर देना चाहिए और मन-वचन-काय की सरलता धारण कर आर्जव धर्म का पालन करना चाहिए।


स्वान्येशां हितमुद्दिश्य धर्मतत्त्वार्थगर्भितम्।
ब्रूयते यद्वचस्तथ्यं सारं सिद्धान्तवेदिभिः ॥२९५१॥

भाषासमितिमालम्ब्य तत्सत्यं धर्मलक्षणम्।
ज्ञानबीजं जगन्मान्यं कर्मघ्नं मोक्षकारणम् ॥२९५२॥

सत्येन विमला कीर्तिर्भ्रमेल्लोकत्रये सताम्।
महाधर्मश्च जायेत ज्ञानाद्यैः सद्गुणैः सह ॥२९५३॥

त्रिजगच्छ्रीः परं सौख्यं जगत्पूज्या च भारती।
सर्वज्ञवैभवं सत्याल्लभ्यते सत्यवादिभिः ॥२९५४॥

अर्थ (श्लोक 2951 से 2954): सिद्धान्त को जानने वाले जो मुनि अपने और दूसरों के हित को ध्यान में रखते हुए धर्म और तत्त्वों के अर्थों से सुशोभित यथार्थ और सारभूत वचन कहते हैं तथा भाषा समिति को आलंबन कर वचन कहते हैं, वह सत्यधर्म का लक्षण है। यह सत्यधर्म ज्ञान का बीज है, तीनों लोकों में मान्य है, कर्मों को नाश करने वाला है और मोक्ष का कारण है। इस सत्यधर्म के कारण सज्जनों की निर्मल कीर्ति तीनों लोकों में फैल जाती है और सम्यग्ज्ञानादिक श्रेष्ठ गुणों के साथ-साथ उनको महाधर्म की प्राप्ति होती है। सत्यवादियों को इस सत्यधर्म के प्रभाव से तीनों लोकों की लक्ष्मी प्राप्त होती है, परम सुख की प्राप्ति होती है, तीनों लोकों में पूज्य ऐसी सरस्वती की प्राप्ति होती है और सर्वज्ञ की विभूति प्राप्त होती है।


जडत्वं मुखरोगत्वं स्वाकीर्तिर्दुःखमञ्जसा।
दुर्गतिं च महत्पापं लभन्तेऽनृतभाषिणः ॥२९५५॥

इत्येतयोः फलं ज्ञात्वा त्यक्त्वा मृषावचोऽखिलम्।
वदन्तु निपुणाः सत्यं मधुरं सद्द्वचोहितम् ॥२९५६॥

अर्थ (श्लोक 2955 से 2956): मिथ्या भाषण करने वालों को अज्ञानता की प्राप्ति होती है, मुख के अनेक रोग उत्पन्न हो जाते हैं, संसार में अपकीर्ति फैल जाती है, अनेक दुःखों की प्राप्ति होती है और महा पाप उत्पन्न होता है। इस प्रकार सत्य, असत्य दोनों का फल समझकर बुद्धिमानों को सब तरह के मिथ्या भाषण त्याग कर देना चाहिए और हित करने वाले मधुर सत्य वचन कहने चाहिए।


इन्द्रियार्थेष्वनासक्तं निस्पृहं विश्ववस्तुषु।
सर्वाङ्गिकरुणाक्रान्तं मनः कृत्वाऽघवर्जितम् ॥२९५७॥

लोभशत्रुं निहत्योच्चैः सन्तोषो यो विधीयते।
विश्वार्थस्वसुखादौ तच्छौचं सद्धर्मलक्षणम् ॥२९५८॥

अर्थ (श्लोक 2957 से 2958): जो मुनि अपने मन से इन्द्रियों के विषयों की आसक्ति का त्याग कर देते हैं, अपने ही मन में समस्त पदार्थों की निस्पृहता धारण करते हैं और समस्त जीवों की दया पालन करते हैं। इस प्रकार अपने मन को पापरहित बनाकर लोभरूपी शत्रु को सर्वथा नाश कर डालते हैं और समस्त पदार्थों में तथा अपने सुखादिक में पूर्ण संतोष धारण करते हैं, उसको शौच नाम का धर्म कहते हैं।


जीवितारोग्य - पञ्चेन्द्रियोपभोगैश्चतुर्विधः।
स्वान्ययोरत्र लोभश्च दक्षैस्त्याज्यः स मुक्तये ॥२९५९॥

अर्थ: इस संसार में लोभ चार प्रकार का है, जीवित रहने का लोभ, आरोग्य रहने का लोभ, पंचेन्द्रियों का लोभ और भोगोपभोगों की सामग्री का लोभ। चतुर पुरुषों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए अपने तथा दूसरों के दोनों के लिए चारों प्रकार के लोभ का त्याग कर देना चाहिए।


निर्लोभानां जिताक्षाणां शौचधर्मो हि केवलम्।
जायते परमो मुक्त्यै न कामासक्तचेतसाम् ॥२९६०॥

अर्थ: जो इन्द्रियों को जीतने वाले निर्लोभी हैं, उन्हीं के मोक्ष प्राप्त करने वाले परमोत्कृष्ट शौचधर्म की प्राप्ति होती है, जिनका हृदय कामवासना में लगा हुआ है, उनके शौचधर्म की प्राप्ति कभी नहीं होती।


शौचेन महती लक्ष्मीर्भुवनत्रयगोचरा।
मुक्तिस्त्री स्वयमायाति निर्लोभांश्च यशः परम् ॥२९६१॥

लोभिनां लोभपापेन दारिद्रं दुःखमुल्वणम्।
दुर्गतौ भ्रमणं पापं दुर्ध्यानं चाशुभो भवेत् ॥२९६२॥

अर्थ (श्लोक 2961 से 2962): निर्लोभी पुरुषों को इस शौचधर्म के प्रभाव से तीनों लोकों में उत्पन्न होने वाली महालक्ष्मी प्राप्त होती है तथा मोक्ष लक्ष्मी स्वयं आकर प्राप्त हो जाती है और उनका सर्वोत्कृष्ट यश तीनों लोकों में फैल जाता है। लोभी पुरुषों को लोभ रूप पाप से दरिद्रता उत्पन्न होती है, घोर दुःख प्राप्त होते हैं, अनेक दुर्गतियों में परिभ्रमण होता है, महापाप उत्पन्न होता है, निंद्य अशुभ ध्यान होता है और अशुभ कर्मों का बंध होता है।


मत्वेत्याहत्य लोभारिं सन्तोषखड्गघाततः ।
अन्तः शौचं विधातव्यं बुधैर्मुक्त्यै जलादृते ॥२९६३॥

अर्थ: यही समझकर बुद्धिमान् मुनियों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए संतोषरूपी तलवार की चोट से लोभरूपी शत्रु को मार डालना चाहिए और बिना जल के अंतरंग शौच को धारण करना चाहिए।


मनः पञ्चेन्द्रियाणां यद्रोधनं परिरक्षणम्।
षड्जीवानां त्रिशुद्ध्या चाचर्यतेऽत्र मुमुक्षुभिः ॥२९६४॥

संयमः स जिनैः प्रोक्तः साक्षान्मुक्तिनिबन्धनः ।
तपोदृग्ज्ञानधर्मादिगुणानां शुद्धकारकः ॥२९६५॥

अर्थ (श्लोक 2964 से 2965): मोक्ष की इच्छा करने वाले मुनि लोग मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक जो मन और पाँचों इन्द्रियों का निरोध करते हैं तथा छहों काय के जीवों की रक्षा करते हैं उसको भगवान् जिनेन्द्रदेव संयम कहते हैं। यह संयम मोक्ष का साक्षात् कारण है तथा तप, सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और धर्मादिक समस्त गुणों को शुद्ध करने वाला है।


वोपेक्षापहृताभ्यां स संयमो द्विविधो मतः।
आद्य उत्कृष्टकायानां द्वितीयोऽपरयोगिनाम् ॥२९६६॥

अर्थ: अथवा उपेक्षा संयम और अपहृत संयम के भेद से इस संयम के दो भेद हैं। उत्कृष्ट शरीर को धारण करने वालों के उपेक्षा संयम होता है और अन्य मुनियों के अपहृत संयम होता है।


उत्कृष्टाङ्गबलाढ्यस्य विदस्त्रिगुप्तिधारिणः ।
रागद्वेषाद्यभावो य उपेक्षासंयमोऽत्र सः ॥२९६७॥

दक्षैः समितयः पञ्च यत्र संवर मातृकाः।
यत्नेन प्रतिपाल्यन्तेऽपहृताख्यः स संयमः ॥२९६८॥

अर्थ (श्लोक 2967 से 2968): महाज्ञानी और तीनों गुप्तियों को पालन करने वाले महामुनियों के उत्कृष्ट शरीर में बल होने के कारण जो रागद्वेष का सर्वथा अभाव हो जाता है उसको उपेक्षा संयम कहते हैं। जो चतुर मुनि प्रयत्नपूर्वक संवर को उत्पन्न करने वाली पाँचों समितियों का पालन करते हैं उसको अपहृत संयम कहते हैं।


सामायिकाभिधं छेदोपस्थापनसमाह्वयम्।
परिहारविशुद्धिः सूक्ष्मसाम्परायनामकम् ॥२९६९॥

यथाख्याताख्य–चारित्रं पञ्चभेदा इमे पराः।
संयमस्य बुधैर्ज्ञेयाश्चारित्राख्याः शिवङ्कराः ॥२९७०॥

अर्थ (श्लोक 2969 से 2970): सामायिक, छेदोपस्थापना, परिहार विशुद्धि, सूक्ष्मसांपराय और यथाख्यात ये चारित्र के उत्कृष्ट भेद हैं। ये सब मोक्ष की प्राप्ति कराने वाले हैं और संयम के ही उत्कृष्ट भेद कहलाते हैं। ऐसा बुद्धिमानों को समझ लेना चाहिए।


सर्वसावद्ययोगानां सर्वथा यच्च वर्जितम्।
निन्दास्तुतिसुहृच्छत्रुदृषद्रत्नादिवस्तुषु ॥२९७१॥

सुखदुःखादिसंयोगे समताकरणं बुधैः।
विधीयते त्रिशुद्ध्या तद् वृत्तं सामायिकाह्वयम् ॥२९७२॥

अर्थ (श्लोक 2971 से 2972): जहाँ पर बुद्धिमान् पुरुष मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक समस्त सावद्यरूप (पापरूप) योगों का सर्वथा त्याग कर देते हैं तथा निंदा-स्तुति में, शत्रु-मित्र में, रत्न और पाषाण में और सुख-दुःखादि के संयोग में समता धारण करते हैं, उस चारित्र को सामायिक नाम का चारित्र कहते हैं।


देशकालनिरोधाद्यैः प्रमादेन च कारणैः।
अङ्गीकृतव्रतादीनां जातातीचारदोषतः ॥२९७३॥

प्रायश्चित्तस्वनिन्दाद्यैः यद्विशोधनमञ्जसा।
क्रियते व्रतिभिस्तद्वि छेदोपस्थापनं मतम् ॥२९७४॥

अर्थ (श्लोक 2973 से 2974): किसी देश, काल के कारण वा किसी की रुकावट के कारण वा प्रमाद से अथवा और किसी कारण से यदि स्वीकार किए हुए व्रतों में कोई अतिचार लग जाये तो अपनी निंदा, गर्हा आदि के द्वारा प्रायश्चित्त धारण कर उस अतिचार का संशोधन करना, दोषों की शुद्धि कर व्रतों को शुद्ध करना छेदोपस्थापन नाम का संयम कहलाता है।


त्रिंशद्वर्षप्रमायुस्त्रिवर्षाणामुपरि स्फुटम् ।
अधस्तले नवाष्टानां पादसेवी जितेन्द्रियः ॥२९७५॥

तीर्थंकरस्य सद्धैर्यवीर्यकायबलाङ्कितः ।
योऽनेकदेशभाषादिचतुरो नवपूर्ववित् ॥२९७६॥

निष्प्रमादो महादुःखचर्य्या सत्तपसा युतः ।
परिहारविशुद्धिं सः कर्तुमर्हति नापरः ॥२९७७॥

अर्थ (श्लोक 2975 से 2977): जिस मुनि की आयु कम से कम तीस वर्ष की है, जो तीन वर्ष से ऊपर आठ-नौ वर्ष तक भगवान् तीर्थंकर परमदेव के समीप चरण कमलों के समीप रह चुका हो, जो जितेन्द्रिय हो, श्रेष्ठ धैर्य, श्रेष्ठ पराक्रम, श्रेष्ठ बल और श्रेष्ठ शरीर से सुशोभित हो तो अनेक देश की भाषाओं के जानने में चतुर हो, ग्यारह अंग और नौ पूर्व का पाठी हो, प्रमाद रहित हो, जो अत्यन्त कठिन और दुःखमय चर्या करता हो और श्रेष्ठ तपश्चरण करता हो वही मुनि परिहार विशुद्धि नाम के चारित्र को धारण कर सकता है। जिसमें ये गुण नहीं है, वह परिहार विशुद्धि चारित्र को कभी धारण नहीं कर सकता।


वर्जयित्वा त्रिसन्ध्यां चानेकदेशविहारिणा।
एकाकिनाऽप्यनेनैव योगिना वनवासिना ॥२९७८॥

गम्यते यत्र यत्नेन गव्यूतिद्वयमन्वहम्।
परिहारविशुद्ध्याख्यं तच्चारित्रं विशुद्धिदम् ॥२९७९॥

अर्थ (श्लोक 2978 से 2979): परिहार विशुद्धि संयम को धारण करने वाला मुनि सामायिक की तीनों संध्याओं को छोड़कर बाकी के समय में अकेला ही अनेक देशों में विहार करता है, वन में ही निवास करता है और प्रतिदिन प्रयत्नपूर्वक दो गव्यूति अवश्य गमन करता है, वह आत्मा को अत्यन्त विशुद्ध करने वाला परिहार विशुद्धि नाम का चारित्र कहलाता है।


सूक्ष्मीकृतस्वलोभेन शुक्लध्यानविधायिना।
क्षपकोपशमश्रेण्यारूढेन मोहघातिना ॥२९८०॥

सूक्ष्मात्मानुभवो योऽत्रक्रियते शुद्धचेतसा।
तत्सूक्ष्मसाम्परायाख्यं चारित्रं लोभघातकम् ॥२९८१॥

अर्थ (श्लोक 2980 से 2981): जिन महामुनि ने अपना संज्वलन लोभ कषाय अत्यन्त सूक्ष्म कर लिया है, जो शुक्लध्यान धारण कर रहे हैं, जो क्षपकश्रेणी वा उपशमश्रेणी में विराजमान हैं, जो मोहनीय कर्म को घात करने वाले हैं, ऐसे मुनिराज जो शुद्ध हृदय से सूक्ष्म आत्मा का अनुभव करते हैं उसको लोभ को घात करने वाले सूक्ष्मसांपराय नामक चारित्र कहते हैं।


यथातथ्येन सर्वेषां व्रतादीनां च पालनम्।
आगमोक्त्यान्तरे स्वानुभवनं परमात्मनः ॥२९८२॥

निर्मोहानां भवेद्यत्र शुक्लध्यानसुधाशिनाम्।
तच्चारित्रं यथाख्याताभिधं घातिविघातकम् ॥२९८३॥

अर्थ (श्लोक 2982 से 2983): जो मुनिराज मोहनीय कर्म से रहित हैं और जो शुक्लध्यानरूपी अमृत का पान कर रहे हैं, ऐसे मुनिराज जो समस्त व्रतादिकों को यथार्थ रीति से पालन करते हैं और आगम में कहे अनुसार अपने आत्मा में परमात्मा का अनुभव करते हैं उसको घातिया कर्मों को नाश करने वाला यथाख्यात चारित्र कहते हैं।


चारित्रैः पञ्चभिश्चैतैश्चतुर्भिर्वा शिवाङ्गना।
ध्यानिभिर्लभ्यते नूनं समस्तगुणभूषिता ॥२९८४॥

संयमेन सतां स्याच्च संवरोऽखिलकर्मणाम्।
निर्जरासद्गुणग्रामः सुखं वाचामगोचरम् ॥२९८५॥

संयमेन समं स्वल्पं कृतं तपोमहाफलम्।
फलत्यत्र न संदेहो धीमतां स्वशिवादिषु ॥२९८६॥

संयमेन विना पुंसां तपोध्यानं व्रतादिकम्।
वृथा भवेन्न च सार्थं सर्वपापभवाश्रयात् ॥२९८७॥

विदित्वेति विधातव्यः संयमः संवरार्थिभिः।
कृत्स्नयत्नेन मुक्त्यर्थं रत्नत्रयविशुद्धये ॥२९८८॥

अर्थ (श्लोक 2984 से 2988): इन पाँचों प्रकार के चारित्र से अथवा चार प्रकार के चारित्र से ध्यानी पुरुषों को समस्त गुणों से विभूषित ऐसी मुक्तिरूपी स्त्री अवश्य प्राप्त हो जाती है। इस संयम को धारण करने से सज्जन पुरुषों के समस्त कर्मों का संवर होता है, समस्त कर्मों की निर्जरा होती है, समस्त गुणों के समूह प्राप्त होते हैं और वाणी के अगोचर सुख प्राप्त होता है। इस संयम के साथ-साथ थोड़ा सा किया हुआ तप भी बुद्धिमानों को मोक्षादिक की प्राप्ति में महाफल देता है, इसमें किसी प्रकार का संदेह नहीं है। इस एक संयम के बिना मनुष्यों के तप, ध्यान और व्रतादिक सब व्यर्थ हो जाते हैं, सार्थक नहीं होते क्योंकि बिना संयम के समस्त पापों का आस्रव होता ही रहता है। यही समझकर संवर करने वालों को रत्नत्रय की विशुद्धि के लिए तथा मोक्ष प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रयत्न के साथ इस संयम का पालन करना चाहिए।


पञ्चाक्षविषयाणां यत्समस्तेच्छानिरोधनम्।
यत्तपः सूरिभिः प्रोक्तं परं सद्धर्मकारणम् ॥२९८९॥

प्रागुक्तं यद्द्विषड्भेदं विस्तरेण तपोऽखिलम्।
धर्मार्थिभिर्विधेयं तत्सद्धर्माय भवापहम् ॥२९९०॥

अर्थ (श्लोक 2989 से 2990): पाँचों इन्द्रियों के विषयों में अपनी समस्त इच्छाओं का निरोध करना आचार्यों के द्वारा तप कहलाता है। यह तप उत्कृष्ट धर्म है और श्रेष्ठ धर्म का कारण है। पहले इस तप के बारह भेद विस्तार के साथ कह चुके हैं। वह सब तप संसार को नाश करने वाला है, इसलिए धर्मात्मा पुरुषों को श्रेष्ठ धर्म धारण करना चाहिए।


अन्तर्बाह्योपधीनां यन्मूर्च्छात्यजनमञ्जसा।
मनोवाक्काययोगैः स त्याग उत्तमधर्मदः ॥२९९१॥

तथाऽज्ञानहरं ज्ञानदानसिद्धान्तगोचरम्।
शब्दार्थोभयसम्पूर्णं यत्सत्पात्राय दीयते ॥२९९२॥

अर्थ (श्लोक 2991 से 2992): मन-वचन-काय के तीनों योगों से अंतरंग और बाह्य सब तरह के परिग्रहों में मूर्च्छा वा ममत्व का त्याग कर देना त्याग कहलाता है। यह त्याग सबसे उत्तम धर्म को देने वाला है। अज्ञान को हरण करने वाला दूसरा त्याग ज्ञानदान है। यह ज्ञानदान सिद्धान्त शास्त्र के गोचर है अर्थात् सिद्धान्त शास्त्रों का पढ़ाना ज्ञानदान है। सिद्धान्त शास्त्र के शब्द, अर्थ वा शब्द अर्थ दोनों जो श्रेष्ठ पात्रों के लिए दिए जाते हैं उसको ज्ञानदान कहते हैं।


अभयाख्यं महद्दानं भयभीताखिलात्मनाम्।
त्यागः स उच्यते सद्भिः केवलज्ञाननेत्रदः ॥२९९३॥

ज्ञानदानेन लभ्यन्ते श्रुतज्ञानादयोऽखिलाः।
बुधैश्च निर्भयं स्थानं दयादानेन निश्चितम् ॥२९९४॥

अर्थ (श्लोक 2993 से 2994): तीसरा त्याग अभयदान है, भय से भयभीत हुए समस्त जीवों को अभय दान देना अभय दान है, यह सब दानों में उत्तम दान है और केवलज्ञानरूपी नेत्रों को देने वाला है ऐसा श्रेष्ठ पुरुषों ने कहा है। विद्वान् पुरुषों को ज्ञानदान देने से पूर्ण श्रुतज्ञान की प्राप्ति होती है तथा दयादान देने से मोक्षरूप निर्भय स्थान की प्राप्ति होना अवश्य ही निश्चित है।


परिग्रह त्याग से लाभ


सङ्गत्यागेन जायेत चित्तशुद्धिः परा सताम् ।
तथाध्यानं प्रशस्तं च ध्यानात्कर्मक्षयस्ततः ॥२९९५॥

केवलज्ञानलक्ष्मीश्च ततो मुक्तिवधूस्तया।
अनन्तसुखमात्मोत्थं सिद्धश्रिया गुणैः समम् ॥२९९६॥

अर्थ (श्लोक 2995 से 2996): परिग्रहों का त्याग करने से सज्जनों का मन अत्यन्त शुद्ध हो जाता है, मन के शुद्ध होने से ध्यान की प्राप्ति होती है, ध्यान से कर्मों का क्षय होता है, कर्मों का क्षय होने से केवलज्ञान लक्ष्मी प्राप्त होती है, केवलज्ञान लक्ष्मी प्राप्त होने से मुक्तिरूपी स्त्री की प्राप्ति होती है और मुक्ति के प्राप्त होने से अनंत गुण और अनंत लक्ष्मी के साथ-साथ आत्मा से उत्पन्न होने वाला अनंतसुख प्राप्त होता है।


परिग्रह ग्रहण से हानि


सङ्गादिमूर्च्छा पुंसां दुर्ध्यानं जायते तराम्।
दुर्ध्यानाच्च महापापं पापाद्दुःखपरंपरा ॥२९९७॥

अर्थ: परिग्रहादिक में ममत्व रखने से मनुष्यों के अशुभ ध्यान होता है, अशुभ ध्यान से महापाप होता है और पाप से अनेक दुःखों की परंपरा प्राप्त होती है।


परिग्रह त्याग की महिमा आकांक्षापूर्वक परिग्रह के त्यागने की प्रेरणा


सङ्गत्यागसमो धर्मो न जगच्छ्रीसुखाकरः।
सङ्गमूर्च्छानिभं पापं न महच्छ्वभ्रदुःखदम् ॥२९९८॥

विज्ञायेति निहत्याशु सङ्गाकाङ्क्षां सुखार्थिनः।
धर्मायाखिलसङ्गानां त्यागं कुर्वन्तु धर्मदम् ॥२९९९॥

अर्थ (श्लोक 2998 से 2999): इस संसार में परिग्रह के त्याग के समान अन्य कोई धर्म नहीं है क्योंकि यह धर्म तीनों लोकों की लक्ष्मी और सुख की खानि है। इसी प्रकार परिग्रह में मूर्च्छा रखने के समान अन्य कोई पाप नहीं है क्योंकि परिग्रह में मूर्च्छा रखना नरक के महादुःख देने वाली है। यही समझकर सुख चाहने वाले पुरुषों को धर्म की प्राप्ति के लिए समस्त परिग्रहों की आकांक्षा का त्याग कर देना चाहिए और उसके साथ समस्त परिग्रहों का त्याग कर देना चाहिए। यह परिग्रहों का त्याग ही धर्म की प्राप्ति कराने वाला है।


आकिंचन्य धर्म का स्वरूप


देहोपधिखशर्मादौ ममत्वं त्यज्यतेऽत्र यत्।
निस्पृहैर्योगशुद्ध्या तदाकिञ्चन्यं सुखाकरम् ॥३०००॥

अर्थ: जो निस्पृह मुनि मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक शरीर, परिग्रह और इन्द्रियों के सुख में ममत्व का त्याग कर देते हैं उसको सुख देने वाला आकिंचन्य धर्म कहते हैं।


यथा यथा शरीरादौ निर्ममत्वं प्रवर्द्धते।
तथा तथा निरोधश्च पापानां निर्जरा सताम् ॥३००१॥

अक्षार्थोपधिशर्मादित्यक्तुं यच्छक्यते बुधैः।
तत्त्याज्यं सकलं वस्तुमनोवाक्कायशुद्धिभिः ॥३००२॥

त्यक्तुं यच्छक्यते नाहो कायादिपुस्तकादिकम्।
त्याज्यं तेषां ममत्वं च सर्वथा दोषकारणम् ॥३००३॥

अर्थ (श्लोक 3001 से 3003): जैसे-जैसे शरीरादिक में निर्ममत्व बढ़ता जाता है, वैसे ही वैसे सज्जनों के पापों का निरोध होता रहता है और कर्मों की निर्जरा होती रहती है। बुद्धिमान् पुरुष इन्द्रियों के विषयों को और परिग्रहों के सुख को जितना त्याग कर सकते हैं उनको उतना त्याग मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक अवश्य कर देना चाहिए तथा जो शरीर वा पुस्तक आदि ऐसे परिग्रह हैं जिसका त्याग किया ही नहीं जा सकता उनमें समस्त दोषों का कारण ऐसा ममत्व अवश्य छोड़ देना चाहिए।


एवं ये कुर्वते नित्यं ह्याकिञ्चन्यं परं भवेत्।
तेषां धर्मार्णवं दोषसंचयं ममकारिणाम् ॥३००४॥

अर्थ: इस प्रकार जो परिग्रह का त्याग वा ममत्व का त्याग कर देते हैं, उनके धर्म का सागर ऐसा सर्वोत्कृष्ट आकिंचन्य धर्म होता है तथा जो परिग्रहादिकों में ममत्व धारण करते हैं उनके समस्त दोषों के समूह आ उपस्थित होते हैं।


मत्वेति ममतां त्यक्त्वा सर्वां कायादिवस्तुषु।
निर्ममत्वाशयैः कार्यमाकिञ्चन्यं शिवाप्तये ॥३००५॥

अर्थ: यही समझकर निर्ममत्व धारण करने वाले पुरुषों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए शरीरादिक समस्त पदार्थों में पूर्ण ममत्व का त्यागकर उत्कृष्ट आकिंचन्य धर्म धारण करना चाहिए।


दृश्यन्ते सकला नार्यो यत्रऽमात्रादिसन्निभाः।
त्यक्तरागैर्मनोनेत्रैर्ब्रह्मचर्यं तदुत्तरम् ॥३००६॥

ब्रह्मचर्येण मुक्तिस्त्री वृणोति ब्रह्मचारिणम्।
सर्वैः गुणैः समं शीघ्रं स्वर्गश्रियोऽत्र का कथा ॥३००७॥

अर्थ (श्लोक 3006 से 3007): रागद्वेष को त्याग करने वाले जो पुरुष अपने मनरूपी नेत्रों से समस्त स्त्रियों को अपनी माता के समान देखते हैं उनके सर्वोत्कृष्ट ब्रह्मचर्य होता है। ब्रह्मचारियों को इस ब्रह्मचर्य के प्रभाव से मुक्तिस्त्री समस्त गुणों के साथ-साथ आकर स्वयं स्वीकार करती है, फिर भला स्वर्ग की लक्ष्मी की तो बात ही क्या है।


उत्पद्यते परो धर्मो हृच्छुद्ध्या ब्रह्मचारिणाम्।
कामिनां चित्तशुद्धिः क्व तया विना शुभं कुतः ॥३००८॥

अर्थ: ब्रह्मचारियों का हृदय शुद्ध रहता है इसलिए उनको परम धर्म की प्राप्ति होती रहती है तथा कामी पुरुषों का हृदय कभी शुद्ध नहीं हो सकता इसलिए उनका कल्याण भी नहीं हो सकता।


ज्ञात्वेति धीधना नित्यं योगशुद्ध्या विमुक्तये।
पालयन्तु विरक्त्याऽहो ब्रह्मचर्यं सुधर्मदम् ॥३००९॥

अर्थ: यही समझकर विद्वान् पुरुषों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक तथा परिणामों में विरक्तता धारण कर श्रेष्ठ धर्म देने वाला यह ब्रह्मचर्य सदा पालन करते रहना चाहिए।


एषो दशविधो धर्मो मुक्तिस्त्रीहृदयप्रियः।
क्षमादिलक्षणैर्विश्वैः कर्तव्यो मुक्तिकांक्षिभिः ॥३०१०॥

अर्थ: इस प्रकार यह दस प्रकार का धर्म है और मुक्तिस्त्री के हृदय को अत्यन्त प्रिय है अतएव मोक्ष की इच्छा करने वाले मुनियों को उत्तम क्षमा आदि समस्त धर्मों को धारण कर सदा इसका पालन करते रहना चाहिए।


न धर्मसदृशो बन्धुरिहामुत्र हितङ्करः।
नात्रधर्मसमः कल्पद्रुमः कल्पितभोगदः ॥३०११॥

चिन्तामणिर्न धर्माभिश्चिन्तितार्थशतप्रदः।
धर्मतुल्योनिधिर्नास्ति ह्यखण्डो वा सुहृद्वरः ॥३०१२॥

न धर्मसन्निभं पुंसां पाथेयं परजन्मनि।
सहगामी क्वचिन्नान्यो धर्माद्द्याशर्मदः शुभः ॥३०१३॥

धर्माद्विना न कोऽप्यन्यो मोक्षं नेतुं नरान् क्षमः।
उद्धर्तुं नरकाद्वाऽहो दातुं चेन्द्रादिसत्पदम् ॥३०१४॥

इत्याद्यस्य फलं ज्ञात्वा प्रवरं सुष्ठु शक्तितः।
भजध्वं धर्ममेकं च त्यक्त्वा पापं सुखार्थिनः ॥३०१५॥

अर्थ (श्लोक 3011 से 3015): इस संसार में इस लोक और परलोक दोनों लोकों में हित करने वाला धर्म के समान अन्य कोई बन्धु नहीं है तथा इसी धर्म के समान इच्छानुसार भोगों को देने वाला अन्य कोई कल्पवृक्ष नहीं है। इस धर्म के समान सैकड़ों चिंतित पदार्थों को देने वाला कोई चिंतामणि रत्न नहीं है अथवा इस धर्म के समान कोई अखंड निधि नहीं है और इस धर्म के समान अन्य कोई श्रेष्ठ मित्र नहीं है। मनुष्यों को परजन्म में जाने के लिए इस धर्म के समान कोई पाथेय (मार्ग का व्यय) नहीं है तथा कल्याण करने वाला शुभ रूप ऐसा वा साथी भी इस धर्म के सिवाय अन्य कोई नहीं है। इस धर्म के सिवाय अन्य कोई भी मनुष्यों को मोक्ष ले जाने में समर्थ नहीं है अथवा नरक से उद्धार करने के लिए भी तथा इन्द्रादिक श्रेष्ठ पद देने के लिए भी धर्म के सिवाय अन्य कोई समर्थ नहीं है। अतएव सुख की इच्छा करने वालों को इस धर्म का ऐसा श्रेष्ठ फल समझकर अपनी शक्ति के अनुसार पापों का त्यागकर इस एक धर्म का ही सेवन करना चाहिए।


इति मुदितसुधर्मं विश्वनाथैर्मुदार्च्यं दशविधमपदोषं ये चरन्त्यात्मशक्त्या।
त्रिभुवनपतिसेव्यं शर्मसारं च भुक्त्वा जिनपतिविभवं ते यान्ति मोक्षं गुणाब्धिम् ॥३०१६॥

अर्थ: इस प्रकार यह दस प्रकार का धर्म तीनों लोकों के इन्द्रों के द्वारा पूज्य है और समस्त दोषों से रहित है। ऐसे इस धर्म को जो अपनी शक्ति के अनुसार धारण करते हैं वे तीनों लोकों के इन्द्रों के द्वारा सेवनीय ऐसे सारभूत सुखों का अनुभव कर तीर्थंकर की विभूति को प्राप्त करते हैं और अंत में अनेक गुणों के समुद्र ऐसे मोक्ष स्थान में जा विराजमान होते हैं ।


धर्मश्री धनकाङ्क्षिणां च धनदो धर्मंश्रयन्ते विदो
धर्मेणैव सदाप्यते वरसुखं धर्माय भक्त्या नमः।
धर्मान्नास्त्यपरो गुणाष्टजनको धर्मस्य खानिः क्रियाः
धर्मे मे दधतो मनः प्रतिदिनं हे धर्म पापं जहि ॥३०१७॥

अर्थ: यह धर्म लक्ष्मी और धन की इच्छा करने वालों को धन देता है, विद्वान् लोग ही इस धर्म को धारण करते हैं, इस धर्म से ही श्रेष्ठ सुखों की प्राप्ति होती है, इसीलिए मैं इस धर्म के लिए भक्तिपूर्वक नमस्कार करता हूँ। इस धर्म के सिवाय सम्यक्त्व आदि आठों गुणों को देने वाला अन्य कोई नहीं है, क्रियाकर्म वा धर्मानुष्ठान ही इस धर्म की खानि है अतएव मैं अपने मन को प्रतिदिन धर्म में ही लगाता हूँ, हे धर्म तू मेरे पापों को नाश कर । इस प्रकार आचार्य श्रीसकलकीर्ति विरचित मूलाचारप्रदीप नाम के महाग्रन्थ में शीलगुण दशलक्षण धर्म को निरूपण करने वाला यह ग्यारहवाँ अधिकार समाप्त हुआ।

द्वादशमोऽधिकारः (भाग 1/2)

वीतरागान्मुनीन्द्रौघाननुप्रेक्षार्थचिन्तकान् ।
सद्ध्यानध्वस्तकर्मारीन् वन्दे विश्वहितोद्यतान् ॥३०१८॥

अर्थ: जो मुनिराज वीतराग हैं, अनुप्रेक्षाओं का सदा चिंतन करते रहते हैं, जिन्होंने अपने श्रेष्ठ ध्यान से कर्मरूपी शत्रुओं को नष्ट कर दिया है और जो समस्त संसार का हित करने वाले हैं ऐसे मुनिराजों को मैं नमस्कार करता हूँ ।


प्रत्यहं या अनुप्रेक्षा द्वादशैव मुनीश्वरैः।
वैराग्याय सदा ध्येयास्ता वक्ष्ये रागहानये ॥३०१९॥

अर्थ: मुनियों को अपना वैराग्य बढ़ाने के लिए बारह अनुप्रेक्षाओं का प्रतिदिन चिंतन करना चाहिए। इसलिए रागद्वेष को नष्ट करने के लिए मैं उन अनुप्रेक्षाओं का निरूपण करता हूँ ।


अनित्याख्या ह्यनुप्रेक्षा द्वितीया शरणाभिधा।
संसारसंज्ञिकैकत्वान्यत्वाशुच्यास्रवाह्वयाः ॥३०२०॥

संवरो निर्जरा लोको बोधिदुर्लभनामकः।
धर्म एता अनुप्रेक्षा भाषिता जिनपुङ्गवैः ॥३०२१॥

अर्थ (श्लोक 3020 से 3021): अनित्य, अशरण, संसार, एकत्व, अन्यत्व, अशुचि, आस्रव, संवर, निर्जरा, लोक, बोधिदुर्लभ और धर्म ये बारह अनुप्रेक्षाएँ भगवान् जिनेन्द्रदेव ने कही हैं।


अनित्यानि समस्तानि वपुरायुः सुखानि च।
इन्द्रचापसमानानि राज्यसौधधनानि च ॥३०२२॥

यौवनं जरयाक्रान्तं स्वायुर्यममुखेऽस्थितम्।
रोगैः सम्मिश्रिता भोगाः सौख्यं दुःखपुरस्सरम् ॥३०२३॥

इन्द्रचक्रिबलेशादिपदानि शाश्वतानि न।
इन्द्रियारोग्यसामर्थ्यबलान्यभ्रोपमानि च ॥३०२४॥

शृंखलाभाश्चला नार्यः कुटुम्बं स्वविडम्बकम् ।
पुत्राः पाशोपमा गेहवासो वन्दिगृहोपमः ॥३०२५॥

रूपं पुसां क्षणध्वंसि शंपावच्चलजीवितम् ।
सम्पदो विपदोऽन्ते स्युर्भंगुरं निखिलं जगत् ॥३०२६॥

आजन्मदिनमारभ्य जीवान् स्वान्तं नयत्यहो ।
समयाद्यैः सदा पापी यमो खण्डप्रयाणकैः ॥३०२७॥

यत्किञ्चिद्दृश्यते वस्तु सुन्दरं भुवनत्रये ।
कालानलेन तत्सर्वं भस्मीभावं भवेद्द्विधेः ॥३०२८॥

अर्थ (श्लोक 3022 से 3028): यह शरीर, आयु, सुख, राज्य, भवन और धन आदि सब अनित्य हैं और इन्द्रधनुष के समान क्षणभंगुर हैं। यह यौवन बुढ़ापे से घिरा हुआ है, अपनी आयु यमराज के मुख में ही रह रही है, भोग सब रोगों से मिले हुए हैं और सुखों के आगे सदा दुःख ही बने रहते हैं। इन्द्र, चक्रवर्ती, बलदेव आदि के जितने उत्तम पद हैं वे भी सदा रहने वाले नहीं हैं तथा इन्द्रिय, आरोग्य, सामर्थ्य और बल सब बादल के समान थोड़ी देर तक ही ठहरने वाले हैं। चंचल स्त्रियाँ सांकल के समान बंधन में डालने वाली हैं, कुटुम्ब सब विडम्बना मात्र है, पुत्र जाल के समान बाँधने वाले हैं और घर का निवास कारागार के समान है। मनुष्यों का यह रूप क्षणभंगुर है, जीवन बिजली के समान चंचल है, संपत्तियाँ सब विपत्तियों के मध्य में रहती हैं। इस प्रकार यह समस्त जगत् क्षणभंगुर है। यह महापापी यमराज समय-समय के अनुसार थोड़ा-थोड़ा चल कर जन्मपर्यंत सबेरे से शाम तक अनेक जीवोंको अपने पास बुला लेता है। इस संसार में तीनों लोकों में जो कुछ सुन्दर पदार्थ दिखलाई पड़ते हैं वे सब कालरूपी अग्नि से जलकर भस्म हो जाते हैं।


इत्यनित्यं जगज्ज्ञात्वा नित्यं मोक्षं सुलोभिनः ।
अनित्यैः स्वशरीराद्यैः साधयन्तु दृगादिभिः ॥३०२९॥

अर्थ: इस प्रकार जगत् को अनित्य समझकर मोक्ष के लोभी पुरुषों को सम्यग्दर्शनादिक धारण कर इस अनित्य शरीरादिक से नित्य स्वरूप मोक्ष को सिद्ध कर लेना चाहिए।


वने व्याघ्रगृहीतस्य मृगस्येव जगतत्रये ।
यमारातिगृहीतस्य जन्तोर्न शरणं क्वचित् ॥३०३०॥

अर्थ: जिस प्रकार किसी वन में किसी हिरण को सिंह पकड़ लेता है, उस समय उस हिरण का कोई शरण नहीं है, उसी प्रकार जब इस जीव को यमरूपी शत्रु पकड़ लेता है तब इसको बचाने वाला शरणभूत तीनों लोकों में कोई दिखाई नहीं देता।


अर्हन्तोऽत्राशरीराश्च त्रिविधाः साधवोऽखिलाः।
इहामुत्र शरण्याः स्युः सर्वत्रापदि धीमताम् ॥३०३१॥

तथा तैश्च प्रणीतो यो धर्मो रत्नत्रयात्मकः।
सहगामी शरण्यः स सतां यमान्तको महान् ॥३०३२॥

संसारभयभीतानां जिनशासनमद्भुतम्।
शरणं विद्यते पुंसां जन्ममृत्युसुखापहम् ॥३०३३॥

मन्त्रतन्त्रौषधादीनि व्यर्थानि निखिलान्यपि।
सन्मुखे सति जन्तूनां यमेऽकिञ्चित्कराणि च ॥३०३४॥

अर्थ (श्लोक 3031 से 3034): इसलिए बुद्धिमानों को इस लोक और परलोक दोनों लोकों में सर्वत्र समस्त आपत्तियों में अरहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधु ही शरण हैं अथवा उन्हीं पंच परमेष्ठियों के द्वारा कहा हुआ तथा परलोक में भी इस जीव के साथ जाने वाला, सर्वोत्कृष्ट और यमराज को नाश करने वाला ऐसा रत्नत्रयरूप धर्म ही सज्जनों को शरण होता है। जीव संसार से भयभीत हैं उनके लिए जन्म-मृत्यु के दुःखों को दूर करने वाला सर्वोत्कृष्ट यह जिनशासन ही शरणभूत है। जिस समय यमराज इन जीवों के सन्मुख होता है, उस समय मंत्र, तंत्र और औषधि आदि सब कुछ न करने वाली हो जाती हैं।


नीयमानो यमेनाङ्गी वराकः स्वालयं प्रति।
इन्द्रचक्रिखगेशाद्यैः क्षणं त्रातुं न शक्यते ॥३०३५॥

यत्रेन्द्राद्या यमेनाधः पात्यन्ते स्वपदाद्बलात्।
कस्तत्रोद्धरतेऽन्योऽस्मात्सर्वजीवक्षयङ्करात् ॥३०३६॥

अर्थ (श्लोक 3035 से 3036): जिस समय यह यमराज इस दुखिया जीव को अपने घर ले जाता है उस समय इन्द्र, चक्रवर्ती, विद्याधर आदि कोई भी क्षणभर के लिए भी नहीं बचा सकता। अरे जब यह यमराज इन्द्र को भी जबर्दस्ती अपने पैरों के नीचे डाल लेता है तो फिर समस्त जीवों को क्षय करने वाले यमराज से और कौन बचा सकता है।


विज्ञायेति जिनेन्दरोक्तधर्मस्य परमेष्ठिनाम्।
नित्यं मोक्षं यमादिभ्यो व्रजन्तु शरणं बुधाः ॥३०३७॥

अर्थ: यही समझकर विद्वान् पुरुषों को भगवान् जिनेन्द्रदेव के कहे हुए धर्म की शरण लेनी चाहिए, पाँचों परमेष्ठियों की शरण लेनी चाहिए और यम, नियम पालन कर सदा रहने वाली मोक्ष प्राप्त कर लेनी चाहिए।


द्रव्यक्षेत्राभिधे कालभवभावाह्वयेऽशुभे।
संसारे दुःखसम्पूर्णे भ्रमन्ति कर्मणाङ्गिनः ॥३०३८॥

कर्मनोकर्मपर्याप्तिभिर्गृहीता न पुद्गलाः।
न मुक्ता बहुशो जीवैर्यै ते न स्युर्जगद्गृहे ॥३०३९॥

अधोमध्योर्ध्वलोकेषु भ्रमन्तो निखिलांगिनः।
यत्रोत्पन्नामृतानैव स प्रदेशो न विद्यते ॥३०४०॥

उत्सर्पिण्यवसर्पिण्योर्देहिनः कर्मणाऽऽधृताः।
येषु जातामृताऽहो न नस्युस्ते समया भुवि ॥३०४१॥

चतुर्गतिषु जीवैश्च यावद् ग्रैवेयकान्तिमम्।
न गृहीता न मुक्ता या सा योनिर्नस्ति भूतले ॥३०४२॥

मिथ्याविरतिदुर्यो गकषायैश्च निरन्तरम्।
प्रमादैर्विषयान्धाः स्वं बध्नन्ति कर्मपुद्गलैः ॥३०४३॥

अर्थ (श्लोक 3038 से 3043): यह संसार द्रव्य, क्षेत्र, काल, भव और भाव के भेद से पाँच प्रकार का है, यह संसार दुःखों से परिपूर्ण है और अशुभ है, ऐसे संसार में ये प्राणी अपने कर्मों के उदय से सदा परिभ्रमण किया करते हैं। इन तीनों लोकों में ऐसे कोई पुद्गल नहीं हैं जो इस जीव ने कर्म, नोकर्म और पर्याप्तियों के द्वारा अनंतबार ग्रहण न किए हों और अनंतबार ही न छोड़े हों। ऊर्ध्वलोक, मध्यलोक और अधोलोक में ऐसा कोई लोक का प्रदेश नहीं है जहाँ पर संसार में परिभ्रमण करते हुए ये जीव उत्पन्न न हुए हों अथवा मृत्यु को प्राप्त न हुए हों। इसी प्रकार इस उत्सर्पिणी और अवसर्पिणी काल का कोई ऐसा समय नहीं है जिसमें ये प्राणी अपने-अपने कर्मों के उदय से न जन्मे हों और न मरे हों। इस संसार में चारों गतियों की योनियों में से ग्रैवेयक विमान के अंत तक ऐसी कोई योनि नहीं है जो इस जीव ने न ग्रहण की हो न मरकर छोड़ी हो। विषयों में अंधे हुए ये जीव मिथ्यात्व, अविरत, कषाय, प्रमाद और योगों के द्वारा निरंतर पुद्गलों के द्वारा बने हुए कर्मों का बन्ध करता रहता है।


इति संसारकान्तारेऽनादौ घोरे भ्रमन्त्यहो।
धर्मरत्नत्रयोपेतं ह्यप्राप्येन्द्रियलोलुपाः ॥३०४४॥

अर्थ: इस प्रकार इन्द्रियों के लोलुपी जीव रत्नत्रय से सुशोभित धर्म को न पाकर अनादिकाल से चले आए घोर दुःखमय संसाररूपी वन में सदा परिभ्रमण किया करते हैं।


जन्ममृत्युजरादुःखं रोगक्लेशशतानि च।
इष्टवस्तुवियोगं चानिष्टसंयोगसंचयम् ॥३०४५॥

अपमानशतादीनि दारिद्र्यं विरहान्बहून्।
दौर्भाग्यादिमहादुःखान् प्राप्नुवन्ति भवाङ्गिनः ॥३०४६॥

अर्थ (श्लोक 3045 से 3046): ये संसारी जीव सैकड़ों जन्म-मरण-जरा, दुःख, रोग और क्लेशों को प्राप्त होते हैं, इष्ट पदार्थों के वियोग और अनिष्ट पदार्थों के संयोग को प्राप्त होते हैं, सैकड़ों अपमानों को प्राप्त होते हैं, दरिद्रता को प्राप्त होते हैं, अनेक प्रकार के विरहों को प्राप्त होते हैं, दुर्भाग्यता को प्राप्त होते हैं और अनेक महादुःखों को प्राप्त होते हैं।


श्वभ्रस्थलजलाकाशे जायमाना विधेर्वशात्।
म्रियमाणाः पराधीना लभन्ते दुःखमुल्वणम् ॥३०४७॥

सुखदुःखद्वयं भान्ति संसारे निर्विवेकिनाम्।
किञ्चित्सुखलवेनैव सर्वदुःखं विवेकिनाम् ॥३०४८॥

इत्यशर्माकरं ज्ञात्वा भवं मोक्षं सुखार्णवम्।
साधयन्तु बुधाः शीघ्रं तपोरत्नत्रयादिभिः ॥३०४९॥

अर्थ (श्लोक 3047 से 3049): ये जीव अपने-अपने कर्म के निमित्त से नरक में उत्पन्न होते हैं, जल, स्थल वा आकाश में उत्पन्न होते हैं और फिर पराधीन होकर मरते हैं इस प्रकार महा दुःखों को प्राप्त होते हैं। इस संसार में जो निर्विवेकी पुरुष हैं उनके लिए सुख-दुःख दोनों अच्छे लगते हैं और विवेकी पुरुषों को सुख किंचित् मात्र दिखाई देता है, बाकी समस्त संसार महादुःखमय प्रतीत होता है। अतएव विद्वान् पुरुषों को इस संसार को अनेक दुःखों का घर समझकर तपश्चरण और रत्नत्रय के द्वारा बहुत शीघ्र सुख का समुद्र ऐसा मोक्ष सिद्ध कर लेना चाहिए।


एको रोगोभराक्रान्तो रुदन् दीनो यमालयम्।
गच्छेत्स्वजनमध्यान्न कोपि तेन समं व्रजेत् ॥३०५०॥

एको वध्नाति कर्माणि ह्येको भ्रमति संसृतौ।
एकोऽत्र जायते देही एकश्च म्रियते सदा ॥३०५१॥

यत्न नानाहितैर्भोगैर्यः कायः पोषितोऽपि सः।
पादैकं न व्रजेद्देहिना सार्द्धं दुर्जनादिवत् ॥३०५२॥

तत्र ये स्वजना जाताः स्वस्वकार्यपरायणाः।
कर्मायत्ताः कथं यान्ति जीवेन सह तेऽखिलाः ॥३०५३॥

एकः पापार्जनाद्गच्छेन्नरकं दुःखपूरितम्।
पुण्यपाकवशादेकः स्वर्गं सर्वसुखाङ्कितम् ॥३०५४॥

त्रसस्थावरकायेष्वेकाकी भ्रमति दुःखभाक्।
आर्यम्लेच्छकुलेष्वत्र नृगतौ विधिवञ्चितः ॥३०५५॥

एकस्तपोऽसिना हत्वा कर्मारातॄन् स्वपौरुषात्।
मोहेन सह भव्योऽत्र व्रजेन्मोक्षं गुणाकरम् ॥३०५६॥

अर्थ (श्लोक 3050 से 3056): यह जीव अकेला ही रोगी होता है, अकेला ही रोता है, अकेला ही दरिद्री होता है और अकेला ही मरता है, उस समय कुटुम्ब परिवार के लोगों में से कोई इसके साथ नहीं जाता। यह जीव अकेला ही कर्मबंध करता है, अकेला ही संसार में परिभ्रमण करता है, सदा अकेला ही उत्पन्न होता है और अकेला ही मरता है। यह जीव जिस शरीर को अनेक सुख देने वाली भोगोपभोग सामग्री से पालन पोषण करता है वह शरीर उस जीव के एक पेंड भी साथ नहीं जाता, दुष्ट के समान वह वहीं पड़ा रहता है। इस संसार में कर्मों के उदय से प्राप्त हुए कुटुम्बी लोग जो अपने-अपने कार्य सिद्ध करने में सदा तत्पर रहते थे, वे सब इस जीव के साथ भला कैसे जा सकते हैं अर्थात् कभी नहीं? यह जीव इकट्ठे किए हुए पापकर्म के उदय से अकेला ही दुःखों से भरे हुए नरकों में जाता है और पुण्यकर्म के उदय से अकेला ही समस्त सुखों से भरे हुए स्वर्ग में जाता है। कर्मों से ठगा हुआ वह प्राणी अकेला ही दुःखी होता हुआ त्रस और स्थावरकायिक जीवों में परिभ्रमण करता है और अकेला ही मनुष्यगति में आर्य वा म्लेच्छ कुलों में उत्पन्न होता है। इसी प्रकार यह अकेला ही भव्यजीव अपने पौरुष से तपश्चरणरूपी तलवार के द्वारा मोह के साथ-साथ समस्त कर्मरूपी शत्रुओं को मार कर अनंत गुणों से भरे हुए मोक्ष में जा विराजमान होता है।


इत्येकत्वं परिज्ञाय स्वस्य सर्वत्र धीधनाः।
एकत्वं भावयन्त्वात्मनोऽत्रैकत्वपदाप्तये ॥३०५७॥

अर्थ: इस प्रकार सर्वत्र अपने अकेलेपन का परिज्ञान करके बुद्धिमानों को मोक्षरूप एकत्व पद प्राप्त करने के लिए इस एकत्व भावना का चिंतन करते रहना चाहिए।


यत्र देहात्पृथग्भूतो मृतः साक्षाद्विलोक्यते।
देही जडेतरैस्तत्र किं स्वकीयः पृथग्जनः ॥३०५८॥

जीवात्पञ्चेन्द्रियाण्यत्र भिन्नरूपाणि तत्त्वतः ।
कर्मजान्यन्यवस्तूनि मनःकायवचांसि च ॥३०५९॥

अन्या माता पिताप्यन्योऽन्या भार्यास्वजनोऽखिलः।
पुत्राद्यन्यत्कुटुम्बं च स्याद्देहिनां चतुर्गतौ ॥३०६०॥

आत्मानं दर्शनज्ञानवृत्तादिगुणभाजनम् ।
मुक्त्वा किञ्चिन्न वस्तु स्यात्स्वकीयं भुवनत्रये ॥३०६१॥

अर्थ (श्लोक 3058 से 3061): जहाँ पर मरने पर यह शरीर से साक्षात् भिन्न दिखाई देता है फिर भला जड़ और चैतन्यमय अन्य पदार्थ वा कुटुम्बी लोग जो साक्षात् भिन्न दिखाई देते हैं वे इस आत्मा के कैसे हो सकते हैं। वास्तव में देखा जाये तो पाँचों इन्द्रियाँ, मन-वचन-काय तथा अन्य समस्त पदार्थ इस जीव से भिन्न हैं और अपने-अपने कर्म के उदय से प्राप्त हुए हैं। चारों गतियों में परिभ्रमण करते हुए इन जीवों के माता भी भिन्न हैं, पिता भी भिन्न हैं, स्त्री भी भिन्न हैं, समस्त कुटुम्ब वर्ग भी भिन्न हैं और पुत्रादिक भी सब भिन्न हैं। इन तीनों लोकों में सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र रूप गुणों से सुशोभित अपने आत्मा को छोड़कर बाकी का और कोई भी पदार्थ अपना नहीं है।


इत्यन्यत्वं विदित्वा स्वं देहादेस्तत्त्ववेदिनः।
पृथक्कृत्वाऽङ्गतोऽभ्यन्तरे ध्यायन्तु स्वचिन्मयम् ॥३०६२॥

अर्थ: तत्त्वों को जानने वाले पुरुषों को इस प्रकार अपने आत्मा को शरीरादिक से भिन्न समझकर अपने उस शुद्ध चैतन्यस्वरूप आत्मा को अपने अंतरंग में ही शरीर से भिन्न समझते हुए उसका ध्यान करना चाहिए।


दृश्यते यत्र दुर्गन्धैस्वदेहेऽप्यशुभाकरे।
विश्वाशुचित्वबाहुल्यं भार्यादौ तत्र किं शुचिः ॥३०६३॥

एकान्ततोऽशुभं तीव्रं नरके छेदनादिजम् ।
नारकाङ्गेऽशुचित्वं च कृत्स्नदुःखनिबन्धनम् ॥३०६४॥

देहछेदाङ्गभारारोपणाद्यशुभमुल्वणम् ।
तिर्यग्गतौ तदङ्गादौ चाशुचित्वकृमिब्रजम् ॥३०६५॥

बीभत्से श्वभ्रसादृश्ये गर्भे वसन्ति देहिनः।
नवमासांस्ततो जन्म लभन्तेऽशुचियोनिना ॥३०६६॥

बालत्वेऽशुचिमध्येऽत्र लोटन्ति यौवने नराः।
सेवन्ते चाशुचिद्वारं स्त्रीणां कामार्तपीडिताः ॥३०६७॥

रक्त-मांसाशुभाकीर्णं चर्मबद्धास्थिसंचयम्।
विश्वाशुभाकरीभूतं मलमूत्रादिभाजनम् ॥३०६८॥

रोगोरगविलं निन्द्यमशुभं स्वकलेवरम्।
विद्धि त्वं दुःखदं सर्वानर्थानां मूलमञ्जसा ॥३०६९॥

स्त्र्यशुचिद्वारजाता ये भोगाश्च स्वान्यदेहयोः।
कदर्थनाभवास्तेषामशुभं वर्ण्यतेऽत्र किम् ॥३०७०॥

अर्थ (श्लोक 3063 से 3070): जहाँ पर अनेक अशुभों की खानि और दुर्गन्धमय अपने शरीर में ही समस्त अपवित्रता की बहुलता दिखाई देती है, फिर भला स्त्रियों के शरीर में पवित्रता कैसे आ सकती है। देखो नरक में नारकियों के शरीर में तीव्र अपवित्रता है, वह अपवित्रता स्वभाव से ही अशुभरूप है, छेदन-भेदन से उत्पन्न होती है और अन्य समस्त दुःखों के कारणों से उत्पन्न होती है। तिर्यंचगति में भी तिर्यंचों का शरीर छेदा जाता है, अधिक भार से वह थक जाता है, अनेक रोग उत्पन्न हो जाते हैं, उसमें कीड़े पड़ जाते हैं, इस प्रकार तिर्यंचों का शरीर भी अत्यन्त अपवित्र है। मनुष्यभव में यह प्राणी नौ महीने तक तो नरक के समान अत्यन्त बीभत्स गर्भ में निवास करता है और फिर अत्यन्त अपवित्र योनि के द्वारा जन्म लेता है। फिर बालकपन में अपवित्र स्थानों में ही लोटता फिरता है और यौवन अवस्था में काम से पीड़ित होकर स्त्रियों की महा अपवित्र योनि का सेवन करता है। हे जीव देख! तेरा यह शरीर रुधिर, मांस आदि अशुभ पदार्थों से भरा है, ऊपर चमड़े से ढका है, भीतर हड्डियों का ढेर भर रहा है, मल-मूत्र का भाजन है, समस्त अशुभ पदार्थों की खानि है, रोगरूपी सर्पों का बिल है, अत्यन्त निंद्य है, अनेक दुःख देने वाला है और समस्त अनर्थों की जड़ है। हे जीव ! तू अपने शरीर को ऐसा समझ। जो भोग स्त्रियों की अत्यन्त अपवित्र योनि से उत्पन्न हुए हैं तथा अपने और दूसरों के शरीर को संघट्टत करने से उत्पन्न होते हैं उन भोगों की अपवित्रता का भला क्या वर्णन करना चाहिए अर्थात् वे तो अत्यन्त अपवित्र हैं ही।


इत्याद्यशुचिसम्पूणं जगद् ज्ञात्वा विरागिणः।
वपुषाऽशुचिना मोक्षं साधयन्तु शुचिप्रदम् ॥३०७१॥

अर्थ: इस प्रकार समस्त जगत् को अपवित्रमय जानकर विरक्त पुरुषों को इस अपवित्र शरीर से अत्यन्त पवित्र ऐसी मोक्ष सिद्ध कर लेना चाहिए।


भयदुःखशताकीर्णे घोरे संसारसागरे।
कर्मास्रवैर्निमज्जन्ति धर्मपोतातिगा जनाः ॥३०७२॥

अर्थ: जिन मनुष्यों ने धर्मरूपी जहाज को छोड़ दिया है वे कर्मों के आस्रव होते रहने से सैकड़ों भय और दुःखों से भरे हुए इस घोर संसार समुद्र में अवश्य डूबते हैं।


रागद्वेषो द्विधा मोहखानि संज्ञाश्चतस्रःप्रमाः।
गौरवाणि कषायाश्च योगा हिंसादयो नृणाम् ॥३०७३॥

एते नर्थाकरीभूता दुस्त्याजाः कातराङ्गिनाम्।
त्याज्याः कर्मारिभीतैः कृत्स्नकर्मास्रवहेतवः ॥३०७४॥

अर्थ (श्लोक 3073 से 3074): राग, द्वेष, दोनों प्रकार का मोह, इन्द्रियाँ, चारों प्रकार की संज्ञा, गौरव, कषाय, योग और हिंसादिक पाप ये सब मनुष्यों के अनेक अनर्थ उत्पन्न करने वाले हैं और कातर पुरुष बड़ी कठिनता से इसका त्याग कर सकते हैं, इसलिए कर्मरूपी शत्रुओं से भयभीत रहने वाले मनुष्यों को इन समस्त कर्मों के आस्रव के कारणों का अवश्य त्याग कर देना चाहिए।


येनात्र तुष्यति द्रव्ये कुत्सिते द्वेष्टि दुर्जनः।
दृग्वृत्तादौ च तौ रागद्वेषौ धिग्भवतोऽशुभौ ॥३०७५॥

येनादत्ते न सन्मार्गं कुमार्गं मन्यते जनः।
अक्षामिषे सुखं वेत्ति द्विधा मोहो धिगस्तु सः ॥३०७६॥

अभिभूता जगज्जीवा वारं वारं चतुर्गतौ।
स्वं जानन्ति न यैस्तानि खानि यान्तु क्षयं सताम् ॥३०७७॥

संज्ञाभिर्याभिरत्यर्थं पीडिता जन्तवोऽखिलाः।
अर्जर्यन्ति महापापं ता यान्तु प्रलयं स्वतः ॥३०७८॥

गारवैर्यैर्जडाः पापं घोरं गुरुतरं वृथा।
उपार्ज्य नरकं यान्ति गच्छन्तु नाशमाशु ते ॥३०७९॥

कषायरिपवस्तेऽत्र व्रजन्तु क्षयमञ्जसा।
यैर्दुष्कर्मस्थितिं कृत्वा पतन्ति नरकेऽङ्गिनः ॥३०८०॥

दुर्योगैर्यैर्निजात्मानं निबध्य कर्मबन्धनैः।
क्षयन्ति दुर्गतौ जीवास्ते धिग्भवन्तु चञ्चलाः ॥३०८१॥

अर्थ (श्लोक 3075 से 3081): जिस रागद्वेष के कारण दुष्ट पुरुष धनादिक द्रव्यों में संतोष मनाते हैं और कुत्सित द्रव्य में द्वेष करते हैं अथवा सम्यग्दर्शन-ज्ञान-चारित्र में द्वेष करते हैं, ऐसे अशुभ रागद्वेष को बार-बार धिक्कार हो। जिस मोह के कारण यह जीव श्रेष्ठ मार्ग को तो ग्रहण नहीं करता और कुमार्ग को बहुत अच्छा मानता है तथा जिस मोह के कारण इन्द्रियों के विषयों में ही सुख मानता है, ऐसे दोनों प्रकार के मोह को बार-बार धिक्कार हो। जिन इन्द्रियों के कारण ये जीव चारों गतियों में परिभ्रमण कर बार-बार तिरस्कृत होते हैं और अपने आत्मा के स्वरूप को नहीं जान सकते, ऐसी इन सज्जनों की इन्द्रियों का शीघ्र ही नाश हो। जिन आहारादिक संज्ञाओं के कारण ये समस्त जीव अत्यन्त पीड़ित वा दुःखी हो रहे हैं और महापाप उत्पन्न कर रहे हैं उन संज्ञाओं का भी अपने आप नाश हो। जिन गारव तथा अभिमानों से ये अज्ञानी जीव व्यर्थ ही महापाप उपार्जन कर नरक में जाते हैं उन अभिमानों का भी शीघ्र ही नाश हो। जिन कषायों से ये जीव कर्मों की स्थिति बाँधकर नरक में पड़ते हैं वे कषायरूपी शत्रु शीघ्र ही नाश को प्राप्त हों। जिन चंचल योगों से ये जीव अपने आत्मा को कर्मरूपी बंधनों से बाँधकर दुर्गति में गिर पड़ते हैं उन चंचल योगों को भी धिक्कार हो।


हिंसाद्यैः पञ्चभिर्घोरै र्यैरुपार्ज्याऽत्र किल्विषम्।
गच्छन्ति दुर्धियः श्वभ्रं प्रलयं यान्तु पञ्च ते ॥३०८२॥

इत्याद्यैः प्रत्ययैः सर्वैः कर्मास्रवैर्गलै धृताः।
भ्रमन्तोऽत्र शठाः नित्यं लभन्ते दुःखमुल्बणम् ॥३०८३॥

यावत्कर्मास्रवोऽल्पोऽपि कुर्वतामपि सत्तपः।
न तावच्छाश्वतस्थानं किन्तु संसार एव हि ॥३०८४॥

अर्थ (श्लोक 3082 से 3084): जिन हिंसादिक पांचों पापों से ये मूर्ख जीव घोर पापों का उपार्जन कर नरक में पड़ते हैं उन पाँचों पापों का भी शीघ्र ही नाश हो। इस प्रकार कर्मास्रव के समस्त कारणों से जकड़े हुए मूर्ख प्राणी इस संसार में सदा परिभ्रमण किया करते हैं और घोर दुःखों का अनुभव किया करते हैं। श्रेष्ठ तपश्चरण करने वाले मुनियों के भी जब तक थोड़े से कर्मों का भी आस्रव होता रहता है, तब तक उनको मोक्ष की प्राप्ति कभी नहीं होती किन्तु उनका संसार ही बढ़ता रहता है।


इत्यास्रवमहादोषान् ज्ञात्वा निरुध्य प्रत्ययान्।
योगशुद्ध्यास्रवान् विश्वान् निराकुर्वन्तु धीधनाः ॥३०८५॥

अर्थ: इस प्रकार आस्रव के महादोषों को समझकर बुद्धिमान् मुनियों को मन-वचन-काय की शुद्धता से आस्रव के सब कारणों को रोककर समस्त आस्रव को बंद कर देना चाहिए।


रागद्वेषादिपूर्वोक्तान् निरुध्यास्रवकारणान्।
कर्मास्रवनिरोधे यः संवरः स शिवङ्करः ॥३०८६॥

अर्थ: पहले जो रागद्वेष आदि आस्रव के कारण बतलाए हैं उन सबको रोककर कर्मों के आस्रव का निरोध करना चाहिए। कर्मों के आस्रव का निरोध होना ही मोक्ष देने वाला संवर है।


रागद्वेषौ निरुध्येते सर्पौ वा ज्ञानमन्त्रतः।
दृग्वृत्ताभ्यां द्विधा मोहो रुध्यते दुष्टदन्तिवत् ॥३०८७॥

तपसेन्द्रियसंज्ञा निराक्रियन्ते जितेन्द्रियैः।
गौरवा विनयेनात्र त्यज्यन्ते वैरिणो यथा ॥३०८८॥

निगृह्यन्ते कषायाश्च क्षमाद्यस्त्रैर्निवारयः।
निरुध्यन्ते चलायोगा गुप्तिपाशेन वा मृगाः ॥३०८९॥

हिंसादीनि निवार्यन्ते समितिव्रतसंयमैः ।
प्रशस्तध्यानलेश्याद्यै रुध्यते सकलास्रवः ॥३०९०॥

अर्थ (श्लोक 3087 से 3090): ये रागद्वेषरूपी सर्प ज्ञानरूपी मंत्र से रोके जाते हैं तथा सम्यग्दर्शन और सम्यक्चारित्र से दुष्ट हाथी के समान दोनों प्रकार का मोह रुक जाता है। जितेन्द्रिय पुरुष तपश्चरण के द्वारा इन्द्रिय और संज्ञाओं को रोकते हैं और गारवों वा अभिमानों को शत्रुओं के समान विनय से रोकते हैं। इसी प्रकार कषायरूपी शत्रुओं को क्षमा, मार्दव आदि शस्त्रों से वश में करते हैं, गुप्तिरूपी जाल से हिरणों के समान चंचल योगों को वश में कर लेते हैं। इसी प्रकार व्रत, समिति और संयम से हिंसादिक पाँचों पापों को निवारण करते हैं और प्रशस्त ध्यान तथा शुक्ललेश्या से समस्त आस्रव को रोक देते हैं।


इति युक्त्या सुयोगाद्यैर्निरुध्य निखिलास्रवान्।
ये कुर्युः संवरं तेषां निर्वाणं निर्जरायुतम् ॥३०९१॥

अर्थ: इस प्रकार योग धारण कर युक्तिपूर्वक जो समस्त आस्रवों को रोक लेते हैं और संवर धारण कर लेते हैं, उनके कर्मों की निर्जरा के साथ ही मोक्ष की प्राप्ति होती है।


येन कर्मास्रवो रुद्धः संवरो युक्तिभिः कृतः।
तस्यैवेष्टं सुसिद्धिः स्यात्तं विना निष्फलं तपः ॥३०९२॥

मत्वेति संवरं दक्षाः कुर्वन्त्वेकं शिवाप्तये।
परीषहजयैर्ज्ञानसंवृद्ध्यानसंयमादिभिः ॥३०९३॥

अर्थ (श्लोक 3092 से 3093): जिस महात्मा ने युक्तिपूर्वक अपने कर्मों को रोककर संवर धारण किया है, उसी के समस्त इष्ट पदार्थों की सिद्धि होती है। उस संवर के बिना तपश्चरण भी सब निष्फल समझना चाहिए। यही समझकर चतुर पुरुषों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए परीषहों को जीतकर, सम्यग्ज्ञान की वृद्धि कर, श्रेष्ठ ध्यान को धारण कर और संयम को पालन कर एक संवर ही सिद्ध कर लेना चाहिए।


रुद्धास्रवमहर्षेश्चारित्रसद्गुणभागिनः ।
तपोभिर्दुष्करैर्मुक्तिजननी निर्जरा भवेत् ॥३०९४॥

निर्जरा सा द्विधा ज्ञेया देशतः सर्वतो नृणाम्।
स्वकर्मवशतो देशनिर्जराऽन्या तपोभवा ॥३०९५॥

अर्थ (श्लोक 3094 से 3095): जिन महामुनियों ने समस्त आस्रव को रोक दिया है और जो चारित्ररूपी श्रेष्ठ गुण को धारण करते हैं उनके कठिन-कठिन तपश्चरणों के द्वारा मोक्ष की देने वाली निर्जरा होती है। वह निर्जरा दो प्रकार की है-एक एकदेश निर्जरा और दूसरी सर्वदेश निर्जरा। उनमें से एकदेश निर्जरा अपने-अपने कर्मों के उदय से होती है और सर्वदेश निर्जरा तपश्चरण से होती है।


चतुर्गतिषु सर्वेषां भ्रमतां कर्मणां क्षयात्।
श्रमाद्या निर्जरा जाता सा हेयादेशनिर्जरा ॥३०९६॥

संवरेण समं यत्नात्तपोभिर्याबुधैः कृता।
विपुला मुक्तिसंसिद्ध्यै सा ग्राह्या सर्वनिर्जरा ॥३०९७॥

अर्थ (श्लोक 3096 से 3097): चारों गतियों में परिभ्रमण करते हुए जीवों के कर्मों के क्षय होने से जो निर्जरा होती है उसको देश निर्जरा कहते हैं। ऐसी निर्जरा सदा त्याग करने योग्य है। बुद्धिमान् लोग जो मोक्ष प्राप्त करने के लिए संवर के साथ-साथ तपश्चरण के द्वारा प्रयत्नपूर्वक बहुत से कर्मों की निर्जरा करते हैं उसको सर्वनिर्जरा कहते हैं। वह निर्जरा ग्रहण करने योग्य है।


अग्निना धातुपाषाणो यथा शुद्ध्यति योगतः।
तथा तपोग्निना भव्यः कृतः संवरनिर्जरः ॥३०९८॥

अर्थ: जिस प्रकार अग्नि के द्वारा धातुपाषाण (जिस पाषाण में सोना वा चाँदी निकले) युक्तिपूर्वक शुद्ध करने से शुद्ध हो जाता है, उसी प्रकार तपश्चरणरूपी अग्नि से संवर और निर्जरा को करने वाला भव्यजीव अत्यन्त शुद्ध हो जाता है।


यथा यथा मुनीन्द्राणां जायते कर्मनिर्जरा।
तथा तथा च मुक्तिस्त्री मुदायाति स्वयंवरा ॥३०९९॥

ध्यानयोगेन भव्यानां समस्तकर्मनिर्जरा।
यदा तदैव जायेत मोक्षलक्ष्मीर्गुणैःसमम् ॥३१००॥

अर्थ (श्लोक 3099 से 3100): मुनियों के जैसी-जैसी कर्मों की निर्जरा होती जाती है, वैसे ही वैसे स्वयं वरण करने वाली मुक्तिस्त्री प्रसन्न होकर उसके समीप आती जाती है। जिस समय भव्यजीवों के ध्यान के निमित्त से समस्त कर्मों की निर्जरा हो जाती है, उसी समय अनंत गुणों के साथ-साथ मोक्षलक्ष्मी प्राप्त हो जाती है।


मत्वेति निर्जरा नित्यं कर्तव्या मुक्तये बुधैः।
तपोयोगैः सदाचारैः सर्वा संवरपूर्विका ॥३१०१॥

अर्थ: यही समझकर बुद्धिमानों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए तपश्चरण, ध्यान और सदाचार धारण कर संवरपूर्वक पूर्ण कर्मों की निर्जरा सदा करते रहना चाहिए।


अधो वेत्रासनाकारो मध्ये स्याद् झल्लरीसमः।
मृदङ्गसदृशश्चाग्रे लोकस्येति त्रिधा स्थितिः ॥३१०२॥

पापिनः पापपाकेन पच्यन्ते छेदनादिभिः।
सप्तश्वभ्रेष्वधो भागे नारका नारकैः सदा ॥३१०३॥

पुण्येन पुण्यवन्तोऽस्योर्ध्वभागे सुखमुल्बणम् ।
कल्पकल्पान्तविश्वेषु भुञ्जन्ति स्त्रीमहर्द्धिभिः ॥३१०४॥

क्वचित्सौख्यं क्वचिद्दुःखं मध्यलोके क्वचिद्द्वयम्।
प्राप्नुवन्ति नृतैर्यञ्चःपुण्यपापवशीकृताः ॥३१०५॥

लोकाग्रे शाश्वतं धाम मनुष्यक्षेत्रसम्मितम्।
सिद्धा यत्र लभन्ते हो अनन्तं सुखमात्मजम् ॥३१०६॥

अर्थ (श्लोक 3102 से 3106): यह लोकाकाश नीचे वेत्रासन के (स्टूल के) आकार है, मध्य में झल्लरी के आकार है और ऊपर मृदंग (परवावज) के आकार है। इस प्रकार यह लोक तीन भागों में बँटा हुआ है। इस लोक के अधोभाग में सातों नरकों में महापापी नारकी अपने पापकर्म के उदय से छेदन-भेदन आदि के द्वारा महादुःख भोगा करते हैं। इसी प्रकार इस लोक के ऊपर के भाग में कल्पवासी देवों में अनेक पुण्यवान् देव अपने पुण्यकर्म के उदय से देवांगना और महा ऋद्धियों के द्वारा उत्कृष्ट सुख भोगा करते हैं तथा कल्पातीत देवों में महा ऋद्धियों के द्वारा अत्यन्त उत्कृष्ट सुख भोगा करते हैं। इसी प्रकार मध्यलोक में पुण्य-पाप के वशीभूत हुए मनुष्य और तिर्यंच कहीं सुख भोगते हैं, कहीं दुःख भोगते हैं और कहीं सुख-दुःख दोनों भोगते हैं। इस लोक के शिखर पर मनुष्यलोक के समान एक नित्य स्थान है, जहाँ पर सिद्ध भगवान् शुद्ध आत्मा से उत्पन्न हुए अनंत सुखों का अनुभव किया करते हैं।


इति लोकत्रयं ज्ञात्वा तन्मूर्द्धस्थं शिवालयम्।
हत्वा मोहं दृगाद्यैश्च साधयन्तु विदो द्रुतम् ॥३१०७॥

अर्थ: इस प्रकार तीनों लोकों का स्वरूप समझकर और उसके मस्तक पर मोक्ष का स्वरूप समझकर विद्वान् पुरुषों को सम्यग्दर्शनादिक धारण कर शीघ्र ही मोह का नाश कर मोक्ष प्राप्त कर लेनी चाहिए।


युगच्छिद्रे प्रवेशश्चसमिलाया यथाम्बुधौ।
दुर्लभोऽनन्तसंसारे नृ-भवोऽत्रतथाङ्गिनाम् ॥३१०८॥

अर्थ: यदि किसी समुद्र में एक ओर बैल के कंधे का जुआ डाला जाये और उसी समुद्र में दूसरे किनारे पर उस जुए के छिद्र में पड़ने वाली बांस की कील डाली जाये जिस प्रकार उन दोनों का मिलना तथा उस जुए के छिद्र में उस बांस की कील का पड़ जाना अत्यन्त कठिन है, उसी प्रकार अनंत संसार में परिभ्रमण करते हुए जीवों को मनुष्य जन्म की प्राप्ति होना अत्यन्त कठिन है।


क्वचिल्लब्धे मनुष्यत्वेप्यार्यदेशोऽतिदुर्लभः ।
तस्मात्सुकुलमत्यर्थं दुर्लभं कल्पशाखिवत् ॥३१०९॥

कुलतो दुर्लभं रूपं रूपादायुश्च दुर्घटम्।
आरोग्यमायुषोऽक्षाणि पटूनिसुलभानि न ॥३११०॥

तेभ्योऽपि सुमतिः साध्वी निष्पापा सुष्ठुदुर्लभा।
मतेः कषायहीनत्वं विवेकाद्यतिदुर्लभम् ॥३१११॥

एतेभ्यः सद्गुरो सारः संयोगो दुर्लभस्तराम्।
संयोगाद्धर्मशास्त्राणां श्रवणधारणं नृणाम् ॥३११२॥

सुगमं न ततः श्रद्धानं निश्चयोऽतिदुर्लभः।
ततः सद्दर्शनज्ञाने विशुद्धिः सुष्ठुदुर्लभा ॥३११३॥

ततो निर्मलचारित्रं दुष्प्राप्यं निधिवत्तराम्।
लब्ध्वेतेषु सर्वेषु यावज्जीवं निरन्तरम् ॥३११४॥

सर्वदा निरवद्याचरणमत्यन्तदुर्घटम्।
तस्मात्समाधिमृत्युः स्यान्निधिवद्दुर्लभः सताम् ॥३११५॥

अर्थ (श्लोक 3109 से 3115): यदि कदाचित् किसी काल में मनुष्य जन्म की प्राप्ति भी हो जाये तो आर्य देश में जन्म होना अत्यन्त दुर्लभ है। यदि कदाचित् आर्य देश में भी मनुष्य जन्म प्राप्त हो जाये तो कल्पवृक्ष की प्राप्ति के समान श्रेष्ठ उत्तम कुल में जन्म होना अत्यन्त कठिन है। इसी प्रकार उत्तम कुल से सुन्दर रूप का प्राप्त होना दुर्लभ है, उससे पूर्ण आयु का प्राप्त होना दुर्लभ है। पूर्ण आयु से भी नीरोग शरीर का प्राप्त होना अत्यन्त दुर्लभ है और नीरोग शरीर की प्राप्ति होने पर भी इन्द्रियों की चतुरता प्राप्त होना कभी सुलभ नहीं हो सकता। कदाचित् इन्द्रियों की चतुरता भी प्राप्त हो जाये तो पापरहित श्रेष्ठ बुद्धि का मिलना अत्यन्त दुर्लभ है। यदि कदाचित् निष्पाप बुद्धि भी प्राप्त हो जाये तो कषाय रहित होना और विवेक का प्राप्त होना अत्यन्त दुर्लभ है। इन समस्त संयोगों के मिल जाने पर भी सारभूत श्रेष्ठ गुरु का संयोग मिलना अत्यन्त दुर्लभ है। यदि कदाचित् श्रेष्ठ गुरु का भी संयोग मिल जाये तो धर्मशास्त्रों का सुनना तथा उनका धारण करना उत्तरोत्तर अत्यन्त दुर्लभ है। कदाचित् इनका भी संयोग मिल जाये तो उन धर्मशास्त्रों में कहे हुए पदार्थों का श्रद्धान करना उनका निश्चय करना अत्यन्त ही दुर्लभ है तथा उस श्रद्धान से भी सम्यग्दर्शन और सम्यग्ज्ञान में विशुद्धि रखना अत्यन्त ही दुर्लभ है। कदाचित् सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान की विशुद्धि भी प्राप्त हो जाये तो निधि के मिलने के समान निर्मल चारित्र का प्राप्त होना अत्यन्त दुर्लभ है। कदाचित् इन सबका संयोग प्राप्त हो जाये तो अपने जीवन पर्यन्त निरंतर सर्वदा निर्दोष चारित्र का पालन करना अत्यन्त ही दुर्लभ है। यदि कदाचित् यह भी प्राप्त हो जाये तो सज्जनों को निधि मिलने के समान समाधिमरण का प्राप्त होना अत्यन्त दुर्लभ है।


इति दुर्लभबोधिं ये प्राप्य यत्नेन धीधनाः।
साधयन्ति शिवादीनि तेषां बोधिफलं भवेत् ॥३११६॥

अर्थ: इस प्रकार अत्यन्त दुर्लभ ऐसे बोधिरूप रत्नत्रय को पाकर जो विद्वान् प्रयत्न पूर्वक मोक्षादिक को प्राप्त कर लेते हैं उन्हीं को बोधि का फल प्राप्त हुआ समझना चाहिए।


आसाद्य बोधिमज्ञा ये कुर्वते मोक्षसाधने।
प्रमादं दीर्घसंसारे ते भ्रमन्ति विधेर्वशात् ॥३११७॥

अर्थ: जो मूर्ख पुरुष इस रत्नत्रयरूप बोधि को पाकर मोक्ष के सिद्ध करने में प्रमाद करते हैं वे पुरुष अपने कर्मों के उदय से दीर्घकाल तक इस महासंसार में परिभ्रमण किया करते हैं।


मत्वेति बोधिसद्रत्नं प्राप्य शीघ्रं शिवश्रियम्।
साधयन्तु बुधा यत्नाद्येन तत्सफलं भवेत् ॥३११८॥

अर्थ: यही समझकर विद्वानों को रत्नत्रयरूपी श्रेष्ठ रत्नों को पाकर प्रयत्नपूर्वक शीघ्र ही मोक्षलक्ष्मी को सिद्ध कर लेना चाहिए, जिससे उनका बोधि का प्राप्त होना सफल हो जाये।


प्रागुक्तो दशधा धर्मः कर्तव्यो धर्मैकाङ्क्षिभिः।
भुक्तिमुक्तिप्रदो नित्यं क्षमादिलक्षणोत्तमः ॥३११९॥

अर्थ: धर्म की इच्छा करने वाले पुरुषों को उत्तम, क्षमा, मार्दव आदि लक्षणों से सुशोभित तथा भुक्ति और मुक्ति दोनों को देने वाला जो ऊपर कहा हुआ दस प्रकार का धर्म है वह सदा पालन करते रहना चाहिए।


अनुप्रेक्षा इमाः सद्भिर्द्वादशैव निरन्तरम्।
वैराग्यवृद्धये ध्येया रागहान्यै शिवङ्कराः ॥३१२०॥

अर्थ: विद्वान् पुरुषों को अपना वैराग्य बढ़ाने के लिए और रागद्वेष को नष्ट करने के लिए इन बारह अनुप्रेक्षाओं का निरंतर चिंतन करते रहना चाहिए क्योंकि ये अनुप्रेक्षाएँ अवश्य मोक्ष प्रदान करने वाली हैं।


एता द्वादशभावनाः सुविमलास्तीर्थेश्वरैः सेविता
प्रोक्ता भव्यनृणां हिताय परमा वैराग्यवृद्धयै बुधाः।
ये ध्यायन्ति सदाऽमले स्वहृदये तेषां मुदा वर्द्धते
संवेगोऽत्र परो विनश्यति तरां रागः शिवश्रीर्भवेत् ॥३१२१॥

अर्थ: ये बारह भावनाएँ अत्यन्त निर्मल हैं, तीर्थंकर परमदेव भी इनका चिंतन करते हैं और भव्यजीवों का हित करने और परम वैराग्य को बढ़ाने के लिए कही गई है, इसलिए जो विद्वान् अपने निर्मल हृदय में प्रसन्न होकर इन भावनाओं का चिंतन करते हैं उनका सर्वोत्कृष्ट संवेग बढ़ता है, राग नष्ट हो जाता है और मोक्षलक्ष्मी उनको प्राप्त हो जाती है।


निरुपमगुणखानीर्मोक्षलक्ष्मीसखीश्च जिनवरमुखजाताः सेविताः श्रीगणेशैः।
दुरितगिरिविघाते वज्रधाराः सदैव प्रभजत शिवकामा भावना द्वादशैताः ॥३१२२॥

अर्थ: ये बारह भावनाएँ अनुपम गुणों की खानि है, मोक्षलक्ष्मी की सखी है, भगवान् जिनेन्द्रदेव के मुख से उत्पन्न हुई है तथा गणधर देवों ने इनकी सेवा की है और पापरूपी पर्वतों को चूर-चूर करने के लिए वज्र की धारा के समान है। अतएव मोक्ष की इच्छा करने वाले मुनियों को इन बारह भावनाओं का चिंतन सदा करते रहना चाहिए।


मुनीनां येऽथ सोढव्याः परीषहाश्च तानिह।
मार्गाच्च्यवनदुष्कर्मनिर्जरार्थं दिशाम्यहम् ॥३१२३॥

अर्थ: मुनिराज अपने चारित्रमार्ग से वा मोक्षमार्ग से च्युत न होने के लिए तथा पापकर्मों की निर्जरा करने के लिए जिन परीषहों को अवश्य सहन करते हैं उनको मैं कहता हूँ।


क्षुत्पिपासाऽथ शीतोष्णाख्यौ दंशमशकाह्वयः।
नाग्न्यारत्यभिधौ स्त्रीचर्यानिषद्यापरीषहौ ॥३१२४॥

शय्याक्रोशो वधो याञ्चा लाभो रोगपरीषहः।
तृणस्पर्शो मलः सत्कारपुरस्कारसंज्ञकः ॥३१२५॥

प्रज्ञाज्ञानाभिधादर्शनान्येते परीषहाः ।
सोढव्या यतिभिर्नित्यं द्वाविंशतिः शिवाप्तये ॥३१२६॥

अर्थ (श्लोक 3124 से 3126): क्षुधा, पिपासा, शीत, उष्ण, दंशमशक, नाग्न्य, अरति, स्त्रीचर्या, निषद्या, शय्या, आक्रोश, वध, याच्ञा, अलाभ, रोग, तृणस्पर्श, मल, सत्कार, पुरस्कार, प्रज्ञा, अज्ञान और अदर्शन ये बाईस परीषह हैं। मुनियों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए इन परीषहों को अवश्य सहन करना चाहिए।


षष्ठाष्टमेकपक्षाद्यु - पवासाऽलाभकारणैः।
उत्पद्यते मुनेः स्वान्तर्दाहिन्यग्निशिखेव क्षुत् ॥३१२७॥

यदा तेन तदा चित्ते स्मरणीयमिदं स्फुटम्।
अहो परवशेनात्र याप्ता क्षुद्वेदना मया ॥३१२८॥

नृगतौ वन्दिगेहाद्यैः जलस्थलखगादिषु।
तिर्यग्गतौ निरोधाद्यैः श्वभ्रेषु भ्रमता चिरम् ॥३१२९॥

तस्या इयं कियन्मात्रा विचिन्त्येति शिवार्थिना।
जेतव्या वेदना क्षुज्जा सन्तोषात्तेन नान्यथा ॥३१३०॥

अर्थ (श्लोक 3127 से 3130): किसी मुनिराज ने वेला वा तेला किया हो अथवा पंद्रह दिन वा एक महीने का उपवास किया और पारणा के दिन भी आहार का लाभ न हुआ हो तो उस समय अग्नि की शिखा के समान उनके अंतरंग को जलाने वाली क्षुधा वेदना उत्पन्न होती है। उस समय उन मुनिराज को अपने हृदय में यह चिंतन करना चाहिए कि मैंने परवश होकर जो भूख की वेदना सही है, मनुष्यगति में बंदीगृह में पड़कर भूख की वेदना सही है, जलचर, थलचर और नभचर के पशु पक्षियों की योनियों में जो भूख की वेदना सही है। तिर्यंचगति में बाँधे जाने वा रोके जाने के कारण जो भूख की वेदना सही है तथा नरकगति में जो भूख की वेदना सही है, उसके सामने यह भूख कितनी है, कुछ भी नहीं है, इस प्रकार चिंतन कर मोक्ष चाहने वालों को संतोष धारण कर भूख से उत्पन्न हुई वेदना को जीतना चाहिए, बिना संतोष के क्षुधा वेदना कभी नहीं जीती जा सकती।


बहूपवासमार्गश्रमविरुद्धान्नसेवनैः ।
ग्रीष्मभानुकरैस्तीव्रा पिपासा जायते यतेः ॥३१३१॥

तदेदं चिन्तनीयं सन्मुनिना दुर्द्धरा तृषा।
पराधीनतयाऽत्रा हो अनुभूता चिरं मया ॥३१३२॥

नरतिर्यग्गतौ श्वभ्रे प्रदेशे निर्जले वने।
इति ध्यानेन धीरः सज्जयेत्तात्तृट्परीषहम् ॥३१३३॥

अर्थ (श्लोक 3131 से 3133): अनेक उपवास करने से, मार्ग के परिश्रम से, विरुद्ध अन्न के सेवन करने से और ग्रीष्मऋतु में सूर्य की तीव्र किरणों से मुनियों को तीव्र प्यास की वेदना होती है। उस समय उन मुनियों को इस प्रकार चिंतन करना चाहिए कि मैंने परवश होकर मनुष्यगति में, तिर्यंचगति में, नरक में और निर्जन वनों में चिरकाल तक बड़ी-बड़ी कठिन प्यास की वेदना सही है। इस प्रकार चिंतन कर उन धीरवीर मुनिराज को तृषा परीषह जीतना चाहिए।


शुष्कोष्ठमुखसर्वांगस्तृषाग्नितप्तोऽपि सन् ।
तच्छान्त्यै जातु न कुर्यान्मुखप्रक्षालनादिकम् ॥३१३४॥

अर्थ: यदि तृषारूपी अग्नि से उन मुनियों के होठ सूख गए हों, मुख सूख गया हो, समस्त शरीर सूख गया हो तथा वे मुनिराज प्यास की अग्नि से संतप्त हो रहे हों तो भी वे उस प्यास की शांति के लिए अपना मुख प्रक्षालन आदि कभी नहीं करते हैं।


तुषारबहुले शीतकाले चतुःपथादिषु ।
स्थितस्य शीतवाताद्यैः शीतबाधा परा भवेत् ॥३१३५॥

तदैष नारकाणां च पशूनां नृदरिद्रिणाम्।
चिन्तनैः शीतदुःखौघं सहते दृढचेतसा ॥३१३६॥

अर्थ (श्लोक 3135 से 3136): जिस शीतऋतु में बहुत ही तुषार पड़ रहा हो, बहुत ठंडी वायु चल रही हो और वे मुनिराज किसी चौराहे पर खड़े हों उस समय उनको शीत की अधिक वेदना होती है। उस समय वे मुनिराज नारकियों के, पशुओं के और दरिद्री मनुष्यों के शीतजन्य दुःखों को चिंतन करते हुए अपने चित्त को दृढ़ बनाकर शीत की वेदना को सहन करते हैं।


तथा ध्यानोष्मणा योगी शीतबाधां निवारयेत्।
मनाक् प्रावरणाग्न्यादीन् शीतशान्त्यैर्न चिन्तयेत् ॥३१३७॥

अर्थ: उस समय वे मुनिराज ध्यानरूपी गर्मी से अपनी शीत वेदना को दूर करते हैं और उस शीत की वेदना को शांत करने के लिए न तो किसी के ओढ़ने का चिंतन करते हैं और न अग्नि आदि शीत को दूर करने वाले पदार्थों का चिंतन करते हैं।


ग्रीष्मोग्रभास्करोष्णांशुपित्तरोगपथश्रमैः।
आतापनमहायोगक्षारान्नशनादिभिः ॥३१३८॥

दुस्सहोष्णमहातापो जायते वनवासिनः।
निराश्रयपशुनृणां नारकाणां विधेर्वशात् ॥३१३९॥

जातोष्णचिन्तनेनासौ सद्ज्ञानामृतपानतः।
उष्णदुःखं जयेन्नाम्बुसेकावगाहनादिभिः ॥३१४०॥

अर्थ (श्लोक 3138 से 3140): गर्मी के दिनों में जब सूर्य की किरणें अत्यन्त तीव्र और उष्ण होती हैं वा पित्त रोग हो जाता है अथवा मार्ग के चलने से परिश्रम बढ़ जाता है वा वे मुनिराज आतापन महायोग धारण कर लेते हैं अथवा वे अधिक लवण मिला हुआ अन्न ग्रहण कर लेते हैं उस समय वन में निवास करने वाले उन मुनियों के असह्य गर्मी का महासंताप उत्पन्न होता है। उस समय वे निराश्रय पशुओं के, मनुष्यों के वा नारकियों के कर्मों के उदय से होने वाली तीव्र उष्ण वेदना का चिंतन करते हैं और श्रेष्ठ ज्ञानरूपी अमृत का पान करते हैं, इन दोनों कारणों से वे उस गर्मी की वेदना को जीतते हैं। वे मुनिराज पानी के छिड़काव से वा पानी में नहाने से गर्मी की बाधा को कभी दूर नहीं करते।


दंशैश्च मशकैः सर्वैर्मक्षिकावृश्चिकादिभिः।
भक्ष्यमाणोऽत्र दिग्वस्त्रो वृक्षमूलादिषु स्थितः ॥३१४१॥

न मनाक् खिद्यते यत्र ध्यानी ध्यानाच्चलेन्न च।
परीषहजयो ज्ञेयः स दंशमशकाह्वयः ॥३१४२॥

अर्थ (श्लोक 3141 से 3142): जो मुनि दिगम्बर अवस्था को धारण किए हुए किसी वृक्ष के नीचे विराजमान हैं, उस समय यदि कोई डांस, मच्छर, मक्खी, बिच्छू आदि कीड़े, मकोड़े उन्हें काट लेते हैं तो वे मुनिराज अपने मन में रंचमात्र भी खेदखिन्न नहीं होते और न वे ध्यानी अपने ध्यान से चलायमान होते हैं। इसको दंशमशक परीषह-विजय कहते हैं।


नग्नत्वेन च ये जाताः शीतोष्णाद्या उपद्रवाः।
शरीरविक्रिया जीवभक्षणैर्हसनादिभिः ॥३१४३॥

सह्यन्ते यत्र धैर्येण ते संक्लेशाद्विनान्वहम्।
दिगम्बरधरैर्ज्ञेयो नाग्न्यदोषजयोऽत्र सः ॥३१४४॥

अर्थ (श्लोक 3143 से 3144): नग्न अवस्था धारण करने से बहुत से ठंडी-गर्मी के उपद्रव होते हैं, अनेक जीव काट लेते हैं, शरीर में कोई विकार भी हो जाता है और अनेक दुष्ट लोग भी उनको देखकर हँसते हैं, इन सब उपद्रवों को वे दिगम्बर अवस्था को धारण करने वाले मुनिराज बिना किसी प्रकार के संक्लेश परिणामों के धैर्य के साथ प्रतिदिन सहन करते हैं इसको नाग्न्य परीषहजय कहते हैं।


अरण्यवासशीतोष्णोग्रतपश्चरणादिभिः।
शब्दैर्भयानकैर्जातारतिः सिंहादिजैर्निशि ॥३१४५॥

मुनिभिर्जीयते याऽत्र रतिं कृत्वाऽऽगमामृते।
ध्यानज्ञानरतैः स्याच्चारतिबाधाजयोऽत्र सः ॥३१४६॥

अर्थ (श्लोक 3145 से 3146): वन का निवास, शीत-उष्ण की बाधा, उग्र तपश्चरणादिक और सिंह, व्याघ्र आदि के भयानक शब्दों से रात के समय अरति के कारण प्राप्त होते हैं तथापि ज्ञान-ध्यान में लीन रहने वाले वे मुनिराज आगमरूपी अमृत में प्रेम करते हुए उस अरति की बाधा को जीतते हैं इसको अरति परीषहजय कहते हैं।


हावभावविलासाङ्गास्य भ्रूविकार-जल्पनैः।
कटाक्षशरविक्षेपैः शृङ्गाररसदर्शनैः ॥३१४७॥

उन्मत्तयौवनास्त्रीभिः कृतोऽनर्थोव्रतान्तकः।
सह्यते योगिभिर्योऽत्र स्त्रीबाधाजय एव सः ॥३१४८॥

अर्थ (श्लोक 3147 से 3148): कोई मुनिराज किसी एकांत स्थान में विराजमान हों और वहाँ पर उन्मत्त यौवनवती स्त्रियाँ आकर हाव, भाव, विलास, शरीर के विकार, मुख के विकार, भौंहों के विकार, गाना-बजाना बकवाद करना, कटाक्षरूपी बाणों का फेंकना और शृंगार रस का दिखाना आदि कितने ही कारणों से व्रतों को नाश करने वाला अनर्थ करती हों तो भी वे मुनिराज निर्विकार होकर उस उपद्रव को सहन करते हैं, इसको स्त्री परीषहजय कहते हैं।


भीमारण्याद्रिदुर्गेषु नानादेशपुरादिषु।
विहरद्भिः सदा खण्डपाषाणकण्टकादिभिः ॥३१४९॥

जातपादव्यथाया यः क्रियते सर्वथाजयः।
निर्गन्थैर्मुक्तये चर्यापरीषहजयोऽत्र सः ॥३१५०॥

अर्थ (श्लोक 3149 से 3150): जो मुनिराज भयानक वन में, पर्वत पर, किलों में, अनेक देश और नगरों में विहार करते हैं तथा उस विहार में पत्थरों के टुकड़े वा काँट आदि के लग जाने से पैरों में अनेक छोटे-छोटे घाव हो जाते हैं तथापि वे दिगम्बर मुनिराज मोक्ष प्राप्त करने के लिए उस सबको सहन करते हैं, जीतते हैं इसको चर्या परीषहजय कहते हैं।


बहूपसर्गसंजातैः कन्दराद्रिवनादिषु।
कृतवज्रासनादिभ्योऽचलनं यन्महात्मनाम् ॥३१५१॥

धृतासनविशेषाणां ध्यानारोपितचेतसाम्।
सर्वदाचलयोगानां निषद्याजय एव सः ॥३१५२॥

अर्थ (श्लोक 3151 से 3152): जो मुनिराज किसी गुफा में, पर्वत पर वा वनादिक में किसी वज्रासन आदि कठिन आसन से विराजमान होते हैं और उस समय भी अनेक उपसर्ग उन पर आ जाते हैं तथापि वे मुनिराज अपने आसन से कभी चलायमान नहीं होते, इसी प्रकार विशेष-विशेष कठिन आसन धारण करके भी वे अपने हृदय को ध्यान में ही लगाये रहते हैं और अपने योग को सदा अचल बनाये रखते हैं, उनके इस परीषह सहन करने को निषद्या जय कहते हैं।


स्वाध्यायध्यानयोगाध्वश्रमखेदादिहानये।
निद्रां मौहूर्तिकीं युक्त्यानुभवद्भिर्जिताशयैः ॥३१५३॥

दण्डैकपार्श्वशय्यादौ क्रियते परिवर्तनम्।
न सिंहाद्युपसर्गैर्धैर्यच्छ्याजय एव सः ॥३१५४॥

अर्थ (श्लोक 3153 से 3154): जो मुनि स्वाध्याय, ध्यान, योग और मार्ग का परिश्रम दूर करने के लिए युक्तिपूर्वक मुहूर्त मात्र की निद्रा का अनुभव करते हैं, उस समय में भी अपने हृदय को अपने वश में रखते हैं, दंड के समान वा किसी एक करवट से सोते हैं, सिंहादिक का उपद्रव होने पर भी जो कभी करवट नहीं बदलते उसको शय्या परीषहजय कहते हैं।


आक्रोश परीषहजय का स्वरूप


मिथ्यादृग्म्लेच्छचाण्डालशत्रुपापिदुरात्मना ।
परुषाद्यवमानावज्ञाधिक्कारवचांसि च ॥३१५५॥

आक्रोशादीन्बहून् श्रुत्वा त्रिशुद्ध्या सहनं हियत् ।
विना क्लेशेन दक्षाणामाक्रोशजय एव सः ॥३१५६॥

अर्थ (श्लोक 3155 से 3156): जो मुनिराज मिथ्यादृष्टि, म्लेच्छ, चांडाल, शत्रु, पापी और दुरात्माओं के कठोर वचनों को, अपमानजनक शब्दों को, तिरस्कार वा धिक्कार के वचनों को वा अनेक प्रकार के गाली-गलौच के शब्दों को सुन करके भी मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक उनको सहन करते हैं, उनको सुनकर कभी किसी प्रकार का क्लेश नहीं करते उन चतुर मुनियों के आक्रोश परीषहजय कही जाती है।


वध परीषहजय का स्वरूप


मिथ्यादृग्दुर्जनैर्दुष्टैः शत्रुभिः श्वभ्रगामिभिः ।
कोपादिभिः प्रयुक्ताश्च बन्धव्यथादिताडनाः ॥३१५७॥

सद्यः प्राणहरा यत्र सह्यन्तेधीरयोगिभिः ।
योगशुद्ध्या घनाशाय वधमर्षणमेव तत् ॥३१५८॥

अर्थ (श्लोक 3157 से 3158): जो मुनिराज अपने पापों को नाश करने के लिए मिथ्यादृष्टि, दुर्जन, दुष्ट, नरकगामी और शत्रु आदि के द्वारा क्रोधपूर्वक किए गए बध, बंधन वा ताड़न आदि को सहन करते हैं तथा वे धीर वीर मुनि मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक उसी समय प्राणहरण करने वाले बध-बंधनादि को भी सहन करते हैं उसको बध परीषहजय कहते हैं।


याचना परीषहजय का स्वरूप


व्याधिक्लेशशताद्यैर्द्धूढपवासपारणैः ।
याच्यते नौषधाम्ब्वादि याच्ञासहनमेव तत् ॥३१५९॥

अर्थ: जो मुनि सैकड़ों व्याधि और क्लेशों के हो जाने पर भी तथा अनेक उपवासों के बाद पारणा करने पर भी कभी औषधि वा जल आदि की याचना नहीं करते हैं उसको याचना परीषहजय कहते हैं।


अलाभ परीषह विजय का स्वरूप


अलाभो योऽन्नपानादेः षष्ठाष्टमादिपारणे ।
त्रिशुद्ध्या सह्यते तुष्टैरलाभविजयोऽत्र सः ॥३१६०॥

अर्थ: जो मुनिराज बेला, तेला आदि अनेक उपवास करके पारणा को निकलें और अन्न-पानादिक का लाभ न हो तो भी वे मुनिराज संतुष्ट होकर मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक उस भूख-प्यास की तथा आहारादिक के न मिलने की बाधा को सहन करते हैं इसको अलाभ परीषह विजय कहते हैं।


रोग परीषहजय का स्वरूप


कुष्टोदरव्यथावातपित्तज्वरादिरुक्शतैः ।
दुस्सहैः पापपाकोत्थैर्विश्वदुःखनिबन्धनैः ॥३१६१॥

जाता या वेदनाया यन्महत्याः सहनं बुधैः।
कर्महान्यै प्रतीकारं विना रोगजयोऽत्र सः ॥३१६२॥

अर्थ (श्लोक 3161 से 3162): जो मुनिराज अपने कर्मों को नाश करने के लिए कोढ़, उदर शूल, वातज्वर, पित्तज्वर आदि अपने पापकर्मों के उदय से उत्पन्न हुए और समस्त दुःखों को देने वाले ऐसे सैकड़ों असह्य रोगों की महावेदना को भी बिना प्रतिकार वा इलाज कराये सहन करते हैं उन बुद्धिमानों के रोग परीषहजय कहलाती है।


तृणस्पर्श परीषहजय का स्वरूप


शुष्कपत्रतृणादीनां स्पर्शनैश्च मरुद्वशैः।
जातकण्डुविकारादेस्त्यक्तदेहमहात्मभिः ॥३१६३॥

क्लेशादृतेऽघनाशाय सहनं यद्विधीयते।
त्रिशुद्धया स तृणस्पर्शपरीषहजयोऽत्र सः ॥३१६४॥

अर्थ (श्लोक 3163 से 3164): अपने शरीर से ममत्व का त्याग कर देने वाले जो मुनिराज अपने पापों को नाश करने के लिए मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक वायु से उड़कर आए हुए सूखे पत्ते वा तृण आदि के स्पर्श से उत्पन्न हुई खुजली आदि के विकार को सहन करते हैं, उसमें किसी प्रकार का क्लेश नहीं करते उसको तृणस्पर्श परीषहजय कहते हैं।


मल परीषहजय का स्वरूप


मलजल्लादिलिप्ताङ्गं ध्रियते यद्विरागिभिः।
संस्कारक्षालनातीतमर्द्ध - दग्धशवप्रभम् ॥३१६५॥

स्नानादीन् दूरतस्त्यक्त्वा दयायै रागहानये।
दुष्कर्ममलनाशाय मलधारणमेव तत् ॥३१६६॥

अर्थ (श्लोक 3165 से 3166): जो वीतराग मुनिराज जीवों की दया पालन करने के लिए, राग को नष्ट करने के लिए और पापकर्म रूपी मल को नाश करने के लिए स्नान आदि को दूर से ही त्याग कर देते हैं और संस्कार वा प्रक्षालन आदि से रहित आधे जले हुए मुरदे के समान मल, पसीना, नाक का मल आदि से लिप्त हुए शरीर को धारण करते हैं उसको मल परीषह जय कहते हैं।


नमः स्तवप्रशंसादिः सत्कार उच्यते बुधैः ।
अग्रतः करणं यात्रादेः पुरस्कार एव सः ॥३१६७॥

ज्ञानविज्ञानसम्पन्नैस्तपःसद्गुणशालिभिः ।
द्विधैषस्त्यज्यते सत्कारपुरस्कार एव सः ॥३१६८॥

अर्थ (श्लोक 3167 से 3168): नमस्कार करना, स्तुति करना, प्रशंसा करना आदि सत्कार कहलाता है तथा चलते समय यात्रादिक में उनको आगे रखना स्वयं पीछे चलना पुरस्कार कहलाता है। जो मुनिराज ज्ञान विज्ञान से सुशोभित हैं और तपश्चरण आदि अनेक सद्गुणों से विभूषित हैं, ऐसे मुनिराज इन दोनों सत्कार-पुरस्कार का त्याग कर देते हैं, कोई सत्कार-पुरस्कार न करे तो खेद नहीं करते उसको सत्कार-पुरस्कार परीषहजय कहते हैं।


अहं विद्वान् जगद्वेत्ता वलीवर्दा इमे जडाः ।
किञ्चित्तत्त्वं न जानन्ति हीत्यादिगर्व एव यः ॥३१६९॥

सर्वांगपूर्वविद्भिश्च निवार्यते मदान्तकैः।
सद्वादिभिर्महाप्राज्ञैः प्रज्ञाजयः स ऊर्जितः ॥३१७०॥

अर्थ (श्लोक 3169 से 3170): जो मुनि ग्यारह अंग, चौदह पूर्व के जानकार हैं, महाबुद्धिमान् हैं, वाद-विवाद करने में सर्वश्रेष्ठ हैं और अभिमान से सदा दूर हैं तो भी वे अपने मन में ऐसा अभिमान कभी नहीं करते कि मैं विद्वान् हूँ, संसार के समस्त तत्त्वों को जानता हूँ, बाकी के ये लोग सब बैल के समान मूर्ख हैं, तत्त्वों का स्वरूप कुछ भी नहीं जानते इस प्रकार के अभिमान को वे सदा के लिए त्याग कर देते हैं उसको प्रज्ञा परीषहजय कहते हैं।


अज्ञोऽयं वेत्ति किञ्चिन्न परमार्थं पशूपमः ।
इत्यादिकटुकालापसहनं यज्जजोद्भवम् ॥३१७१॥

ईदृशं दुर्द्धरं घोरतपो मे कुर्वतो नघम् ।
अद्याप्युत्पद्यते कश्चिद् ज्ञानाद्यतिशयोऽत्र न ॥३१७२॥

इत्यादि - बहुकालुष्यं मनसो यन्निहृत्यते ।
स्वल्पज्ञानिभिरज्ञानपरीषहजयो हि सः ॥३१७३॥

अर्थ (श्लोक 3171 से 3173): जो मुनि स्वल्पज्ञानी हैं उनके लिए अन्य दुष्ट लोग ‘‘यह अज्ञानी है यह परमार्थ को कुछ नहीं जानता पशु के समान है’’ इस प्रकार कड़वे वचन कहते हैं तथापि वे उनको सहन करते हैं तथा ‘‘मैं इस प्रकार का दुर्द्धर और घोर और पापरहित तपश्चरण करता हूँ तो भी मुझे ज्ञान का कुछ भी अतिशय प्रकट नहीं होता श्रुतज्ञान वा अवधिज्ञान प्रकट नहीं होता’’ इस प्रकार की कलुषता अपने मन में कभी नहीं लाते उसको अज्ञान परीषहजय कहते हैं।


प्रातिहार्याणि कुर्वन्ति सुराः सद्योगधारिणाम्।
महातपस्विनामेतत् प्रलापमात्रमेव हि ॥३१७४॥

यतो मे दुर्द्धरानुष्ठानसत्तपो विधायिनः।
विख्यातोऽतिशयः कश्चिज्जातो नामरैः कृतः ॥३१७५॥

प्रव्रज्याऽनर्थिकाऽत्रेयमित्यादिस्त्यज्यते च यः।
सङ्कल्पो दृग्विशुद्ध्या हि सोऽदर्शनजयो बुधैः ॥३१७६॥

अर्थ (श्लोक 3174 से 3176): ‘‘शास्त्रों में यह सुना जाता है कि देव लोग श्रेष्ठ योग धारण करने वाले महा तपस्वियों के लिए प्रातिहार्य प्रकट करते हैं उनका अतिशय प्रकट करते हैं, परन्तु यह कहना प्रलाप मात्र है यथार्थ नहीं है क्योंकि मैं बड़े-बड़े घोर तपश्चरण तथा दुर्द्धर अनुष्ठान पालन करता हूँ तो भी देव लोग मेरा कोई प्रसिद्ध अतिशय प्रकट नहीं करते इसलिए कहना चाहिए कि यह दीक्षा लेना भी व्यर्थ है’’ इस प्रकार के कलुषित संकल्प-विकल्प को जो मुनिराज अपने सम्यग्दर्शन की विशुद्धि से कभी नहीं करते हैं उसको बुद्धिमान् लोग अदर्शन परीषहजय कहते हैं।


एते कर्मोदयोत्पन्ना द्वाविंशतिपरीषहाः।
सर्वशक्त्याऽघनाशाय सोढव्या मुक्तिगामिभिः ॥३१७७॥

अर्थ: ये बाईस परीषह अपने-अपने कर्मों के उदय से प्रकट होती हैं इसलिए मोक्ष प्राप्त करने वाले मुनियों को अपने पाप नाश करने के लिए अपनी सब शक्ति लगा कर ये परीषहों को सहन करना चाहिए।


ज्ञानावरणपाकेन प्रज्ञाज्ञानपरीषहौ ।
दर्शनाभिधमोहोदयेनादर्शनसंज्ञकः ॥३१७८॥

लाभान्तरायपाकेन स्यादालाभपरीषहः ।
नाग्न्याभिधा निषद्या चाक्रोशो याच्ञापरीषहः ॥३१७९॥

स्यात्सत्कारपुरस्कारो मानाह्वयकषायतः ।
अरत्यरतिनाम्नो वेदोदयात्स्त्रीपरीषहः ॥३१८०॥

वेदनीयोदयेनाऽत्र क्षुत्पिपासा-परीषहः।
शीतोष्णाख्यौ तथा दंशमशको हि परीषहः ॥३१८१॥

शय्या चर्या वधो रोगस्तृणस्पर्शो मलाह्वयः ।
एकादश इमे पुंसां प्रजायन्ते परीषहाः ॥३१८२॥

अर्थ (श्लोक 3178 से 3182): इन परीषहों में से ज्ञानावरण कर्म के उदय से प्रज्ञा और अज्ञान परीषह प्रकट होते हैं। दर्शनमोहनीय कर्म के उदय से अदर्शन परीषह प्रकट होते हैं। लाभांतराय कर्म के उदय से अलाभ परीषह होते हैं। नग्न्य परीषह, निषद्या, आक्रोश, यांचा और सत्कार-पुरस्कार परीषह मान कषाय नाम के चारित्रमोहनीय कर्म के उदय से होते हैं, अरति परीषह अरति नाम के नोकषाय चारित्र मोहनीय के उदय से होते हैं और स्त्री परीषह वेद नाम के नोकषायरूप चारित्रमोहनीय कर्म के उदय से होते हैं। इस प्रकार सात परीषह चारित्रमोहनीय कर्म के उदय से होते हैं। क्षुधा, पिपासा, शीत, उष्ण, दंशमशक, शय्या, चर्या, वध, रोग, तृणस्पर्श और मल ये ग्यारह परीषह वेदनीय कर्म के उदय से होते हैं।


एकस्मिन्समये ह्येकजीवस्य युगपद् भुवि।
परीषहाः प्रजायन्तेऽङ्गिनां चैकोनविंशतिः ॥३१८३॥

मध्येशीतोष्णयो र्नूनमेक एव परीषहः।
शय्या चर्यानिषद्यानां तथैकः स्यान्नचान्यथा ॥३१८४॥

अर्थ (श्लोक 3183 से 3184): एक जीव के एक समय में एक साथ जीवों के उन्नीस परीषह हो सकते हैं क्योंकि शीत और उष्ण परीषह में से कोई एक ही परीषह होते हैं तथा शय्या, चर्या, निषद्या इन तीनों परीषहों में से कोई एक परीषह होता है। इसमें कभी अंतर नहीं होता।


मिथ्यात्वाद्यप्रमत्तान्तगुणस्थानेषु सप्तसु।
सर्वे परीषहाः सन्ति ह्यपूर्वकरणे सताम् ॥३१८५॥

अदर्शनं विना ह्येकविंशतिः स्युः परीषहाः।
विंशतिश्चानिवृत्तौ हि विनाऽरतिपरीषहात् ॥३१८६॥

शुक्लध्यानेन तत्रैव प्रनष्टो वेदकर्मणि।
स्त्र्याख्ये परीषहे नष्टे ते स्युरेकोनविंशतिः ॥३१८७॥

ततो मानकषायस्य क्षयात्तत्रैव वा शमात्।
नाग्न्यानामनिषद्याख्याक्रोशायांचापरीषहाः ॥३१८८॥

सत्कारादिपुरस्कारश्चामीभिः पञ्चभिर्विना।
अनिवृत्यादिषु क्षीणकषायान्तेषु निश्चितम् ॥३१८९॥

गुणस्थानचतुष्केषु चतुर्दशपरीषहाः।
छद्मस्थवीतरागाणां भवन्त्यल्पाः सुखप्रदाः ॥३१९०॥

नष्टे घातिविधौ क्षीणकषाये च परीषहाः।
प्रज्ञाज्ञानाह्वयालाभा नश्यन्ति घातिघातिनः ॥३१९१॥

केवलज्ञानिनो वेदनीयाख्यविद्यमानतः ।
उपचारेण कथ्यन्तेऽत्रैकादशपरीषहाः ॥३१९२॥

अर्थ (श्लोक 3185 से 3192): मिथ्यात्व से लेकर अप्रमत्त गुणस्थान तक सात गुणस्थानों में सब परीषह होते हैं। अपूर्वकरण नाम के आठवें गुणस्थान में अदर्शन को छोड़कर बाकी की इक्कीस परीषह होते हैं। अनिवृत्तिकरण नाम के नौवें गुणस्थान में अरति परीषह को छोड़कर बाकी की बीस परीषह होते हैं। उसी नौवें गुणस्थान में जब शुक्लध्यान के द्वारा वेद कर्म नष्ट हो जाता है, तब स्त्री परीषह भी नष्ट हो जाते हैं और उस समय नौवें गुणस्थान में उन्नीस परीषह ही रह जाते है। इसी नौवें गुणस्थान में आगे चलकर जब मान कषाय नष्ट हो जाता है अथवा मान कषाय का उपशम हो जाता है तब नग्न्य, निष्द्या, आक्रोश, यांचा और सत्कार-पुरस्कार ये पाँच परीषह नष्ट हो जाते हैं, उस समय उसी नौवें गुणस्थान में इन पाँचों के बिना चौदह परीषह रह जाते है। ये चौदह परीषह नौवें गुणस्थान के इस भाग से लेकर क्षीणकषाय नाम के बारहवें गुणस्थान तक चार गुणस्थानों में रहते हैं परंतु छद्मस्थ वीतरागों के अर्थात् ग्यारहवें, बारहवें गुणस्थान में ये परीषह बहुत ही थोड़े रहते हैं और सुख देने वाले ही होते हैं दुःख नहीं देते। क्षीणकषाय के अंत में जब घातिया कर्मों का नाश हो जाता है तब उन केवली भगवान् के प्रज्ञा, अज्ञान और अलाभ परीषह भी नष्ट हो जाते हैं अतएव केवली भगवान् के वेदनीयकर्म के विद्यमान रहने से उपचार से ग्यारह परीषह रह जाते हैं।


घातिकर्मबलापायात्स्वकार्यकरणेऽक्षमाः ।
दातुं दुःखमशक्ताश्च विगतान्तसुखाश्रयात् ॥३१९३॥

अर्थ: केवली भगवान् के घातिया कर्मों का नाश हो जाने से वे परीषह अपना कुछ कार्य नहीं कर सकते तथा उन भगवान् के अनंतसुख की प्राप्ति हो जाती है इसलिए वे परीषह रंचमात्र भी दुःख नहीं दे सकते।


सर्वे तीव्रतराः सन्ति सर्वोत्कृष्टाः परीषहाः।
नारकाणां गतौ घोरास्तथा तिर्यग्गतावपि ॥३१९४॥

प्रज्ञाज्ञानाभिधादर्शनालाभानाग्न्यसंज्ञकाः ।
अरतिस्त्रीनिषद्याख्याक्रोशायाञ्चापरीषहाः ॥३१९५॥

सत्कारादिपुरस्कारः क्षुत्पिपासावधोप्यमी ।
सन्ति देवगतौ स्वल्पाश्चतुर्दशपरीषहाः ॥३१९६॥

अर्थ (श्लोक 3194 से 3196): नरकों में नारकियों के और तिर्यंचगति में तिर्यंचों के समस्त परीषह होते हैं तथा अत्यन्त तीव्र और उत्कृष्ट होती हैं। देवगति में प्रज्ञा, अज्ञान, अदर्शन, अलाभ, नाग्न्य, अरति, स्त्री, निषद्या, आक्रोश, यांचा, सत्कार-पुरस्कार, क्षुधा, पिपासा और वध ये चौदह परीषह बहुत थोड़े रूप में होते हैं।


एते परीषहा विश्वे कर्मजाः कर्महानये ।
सोढव्याः संयतैः शक्त्या ध्यानाध्ययनकर्मभिः ॥३१९७॥

अर्थ: ये समस्त परीषह कर्मों के उदय से उत्पन्न होते हैं, इसलिए मुनियों को अपने कर्म नष्ट करने के लिए अपनी शक्ति के अनुसार ध्यान और अध्ययन आदि कार्यों के द्वारा अवश्य सहन करने चाहिए।


चारित्रसङ्गरे घोरे परीषहमहाभटाः ।
यैर्जिताः सत्तपोबाणैर्वृत्तचापापिर्तैर्दृढैः ॥३१९८॥

तेषां नश्यन्ति कर्माणि पञ्चाक्षतस्करैः समम् ।
ढौकते त्रिजगल्लक्ष्मीर्मुक्तिश्रिया सहाचिरात् ॥३१९९॥

अर्थ (श्लोक 3198 से 3199): अपने चारित्र में अचल रहने वाले जो मुनिराज चारित्ररूपी घोर युद्ध में चारित्ररूपी धनुष पर श्रेष्ठ तपरूपी बाण चढ़ाकर परीषहरूपी महायोद्धाओं को जीत लेते हैं, उनके समस्त कर्म पाँचों इन्द्रियरूपी चोरों के साथ-साथ अवश्य नष्ट हो जाते हैं और बहुत ही शीघ्र मोक्ष लक्ष्मी के साथ-साथ तीनों लोकों की लक्ष्मी प्राप्त हो जाती है।


परीषहभटेभ्यो ये भीता नश्यन्ति कातराः ।
सच्चारित्ररणात्प्राप्यतेऽपकीर्तिर्जगत्त्रये ॥३२००॥

हास्यं स्वजनसाधूनां मध्ये चतुर्गताविह ।
अमुत्र पापपाकेन स्युर्विश्वदुःखभाजनाः ॥३२०१॥

अर्थ (श्लोक 3200 से 3201): जो कायर मुनि परीषहरूपी योद्धाओं से डरकर भाग जाते हैं वे उस चारित्ररूपी युद्ध में तीनों लोकों में फैलने वाली अपकीर्ति प्राप्त करते हैं, अपने स्वजन और साधुओं के मध्य में उनकी हँसी होती है तथा परलोक में पापकर्म के उदय से उनको चारों गतियों के समस्त महादुःख प्राप्त होते हैं।


मत्वेति सुधियो नित्यं स्वारीनिव परीषहान्।
जयन्तु धैर्यखड्गेन मुक्तिसाम्राज्यसिद्धये ॥३२०२॥

अर्थ: यही समझकर बुद्धिमान् मुनियों को मुक्तिरूपी साम्राज्य सिद्ध करने के लिए अपनी धैर्यरूपी तलवार से अपने शत्रुओं के समान ये समस्त परीषह सदा के लिए जीत लेने चाहिए।


ऋद्धीरथ मुनीन्द्राणामृषीणां सत्तपो भवाः।
समासेन प्रवक्ष्यामि तपोमाहात्म्यव्यक्तये ॥३२०३॥

ऋद्धिर्बुद्ध्याह्वया चाद्या क्रियर्द्धिर्विक्रियाभिधा।
तपऋद्धिर्बलर्द्धिश्चौषधर्द्धिरससंज्ञकाः ॥३२०४॥

क्षेत्रर्द्धियोगिनामेता ऋद्धयोऽष्टविधाः पराः।
जनन्योऽखिलसौख्यानां तपःशुद्धिप्रभावजाः ॥३२०५॥

अर्थ (श्लोक 3203 से 3205): अथानंतर-मुनियों के, ऋषियों के श्रेष्ठ तप के प्रभाव से अनेक ऋद्धियाँ उत्पन्न होती हैं। अतएव उस तप का माहात्म्य प्रकट करने के लिए संक्षेप से उन ऋद्धियों का स्वरूप कहता हूँ। बुद्धिऋद्धि, क्रियाऋद्धि, विक्रियाऋद्धि, तपऋद्धि, बलऋद्धि, औषधिऋद्धि, रसऋद्धि और क्षेत्रऋद्धि ये आठ प्रकार की ऋद्धियाँ मुनियों के होती हैं। ये सब ऋद्धियाँ तपश्चरण की शुद्धता के प्रभाव से प्रकट होती हैं और समस्त सुखों को उत्पन्न करने वाली होती हैं।


केवलावधिसंज्ञाने मनःपर्ययबोधनः।
बीजकोष्ठाह्वये बुद्धी पादानुसारिसंज्ञका ॥३२०६॥

संभिन्नश्रोत्रदूरास्वादनस्पर्शनदर्शनाः ।
घ्राणाश्रवणसामर्थ्ये दशपूर्वित्वमेव हि ॥३२०७॥

सच्चतुर्दशपूर्वित्वं विश्वार्थावगमक्षमम्।
अष्टाङ्गपरिपूर्णा महानिमित्तज्ञता परा ॥३२०८॥

सत्प्रज्ञाश्रवणत्वं च प्रत्येकबुद्धता परा।
वादित्वमृद्धिभेदाः स्युर्बुद्धेरष्टादशाप्यमी ॥३२०९॥

अर्थ (श्लोक 3206 से 3209): केवलज्ञान, मनःपर्ययज्ञान, अवधिज्ञान, बीजबुद्धि, कोष्ठबुद्धि, पादानुसारि, संभिन्नश्रोत्र, दूरास्वादन, दूरस्पर्शन, दूरदर्शन, दूरघ्राण, दूरश्रवण, दशपूर्वित्व वा चतुर्दशपूर्वित्व, समस्त पदार्थों के जानने की सामर्थ्य, अष्टांग महानिमित्त की पूर्णता, प्रज्ञाश्रमणत्व, प्रत्येक बुद्धता और श्रेष्ठ वादित्व इस प्रकार अठारह अतिशयों का प्राप्त होना बुद्धिऋद्धि के भेद हैं।


चारणत्वं तथाकाशगामित्वं व्योमगामिनाम्।
द्विधा क्रियर्द्धिरत्रेति तत्रैते चारणाः पराः ॥३२१०॥

जलजङ्घाभिधास्तन्तुपुष्पपत्राख्यचारणाः।
बीजश्रेणिफलाग्निशिखाद्युपरिगामिनः ॥३२११॥

जलमादाय वाप्यादिष्वप्कायिकविराधनाम्।
अकुर्वन्तो मनाग्भूमाविव कार्याय पादयोः ॥३२१२॥

व्रजन्त्युद्धारनिक्षेपाभ्यां येऽखिलाङ्गिरक्षकाः।
महाकारुण्यचित्तास्ते भवन्ति जलचारणाः ॥३२१३॥

भूमेरुपरि चाकाशे चतुरङ्गुलसम्मिते ।
स्वजंघोत्क्षेपनिक्षेपाभ्यां यान्ति बहुयोजनान् ॥३२१४॥

विहारकर्मणे ये ते योगिनो जङ्घचारिणः।
एवमन्येऽपि विज्ञेया तन्त्वादिचारणाः पराः ॥३२१५॥

अर्थ (श्लोक 3210 से 3215): चारणऋद्धि और आकाशगामी ऋद्धि ये दो प्रकार की क्रियाऋद्धियाँ आकाशगामी मुनियों के होती हैं। अब आगे चारण ऋद्धियों को विशेष रीति से लिखते हैं। जलचारण, जंघाचारण, तंतुचारण, पुष्पचारण, पत्रचारण, बीजचारण, श्रेणीचारण, फलचारण, अग्निशिखाचारण आदि चारणऋद्धि के अनेक भेद हैं। जो मुनि अपने कार्य के लिए बावड़ी, सरोवर आदि जल में जलकायिक जीवों की रंचमात्र भी विराधना न करते हुए पृथ्वी के समान उस जल पर पैरों को उठाते-रखते हुए चलते हैं, ऐसे समस्त जीवों की रक्षा करने वाले और हृदय में महा करुणा धारण करने वाले वे मुनिराज जलचारण ऋद्धि को धारण करने वाले कहलाते हैं। जो मुनि भूमि से चार अंगुल ऊपर आकाश में अपनी जंघाओं को उठाते-रखते हुए विहार करते हैं और इसी प्रकार अनेक योजन चले जाते हैं उन मुनियों को जंघाचारण ऋद्धिधारी कहते हैं। इसी प्रकार तंतुचारण, पुष्प, फल चारण आदि चारण ऋद्धियों के भेद समझ लेने चाहिए।


पर्यंकासनयुक्ता वा निषण्णा वा सुचारणाः।
कायोत्सर्गस्थिताः पादोद्धारनिक्षेपणेन वा ॥३२१६॥

वा ताभ्यामन्तरेणैव बहुयोजनगामिनः।
आकाशगामिनो ज्ञेयाः कुशलाः व्रजने च खे ॥३२१७॥

अर्थ (श्लोक 3216 से 3217): आकाशगामिनी ऋद्धि को धारण करने वाले मुनि चलने में अत्यन्त चतुर होते हैं तथा पर्यंकासन से बैठकर वा अन्य किसी आसन से बैठकर वा कायोत्सर्ग से खड़े होकर वा पैरों को उठाते-रखते हुए वा पैरों को बिना उठाए रखे अनेक योजन चले जाते हैं, उसको आकाशगामिनी ऋद्धि कहते हैं।


अणिमा महिमानाम्नी लघिमा गरिमा ततः ।
प्राप्तिः प्राकाम्यमीशित्वं वशित्वं वशिकारकम् ॥३२१८॥

तथैवाप्रतिघातोऽन्तर्द्धानमदृश्यकारणम् ।
कामरूपित्वमित्याद्या विक्रियर्द्धिरनेकधा ॥३२१९॥

अर्थ (श्लोक 3218 से 3219): विक्रियाऋद्धि के अणिमा, महिमा, लघिमा, गरिमा, प्राप्य, प्राकाम्य, ईशत्व, वश करने वाली वशित्व, अप्रतिघात, अदृश्यता का कारण अंतर्धान और कामरूपित्व आदि अनेक भेद हैं।


उग्रो दीप्ततपस्तप्तो महद्घोरतपस्ततः ।
सर्वकार्यविधौ शक्तस्तपोधोरपराक्रमः ॥३२२०॥

घोराद्यन्तगुणब्रह्मचर्यं स्वप्नेऽप्यखण्डितम् ।
सत्तपोऽतिशयर्द्धिश्चैषा मता सप्तधा सताम् ॥३२२१॥

अर्थ (श्लोक 3220 से 3221): उग्रदीप्ततप, तप्ततप, महाघोरतप, समस्त कार्यों के सिद्ध करने में समर्थ ऐसा घोर तप, घोर पराक्रम, घोरगुण और स्वप्न में अखंडित रहने वाला घोर ब्रह्मचर्य इस प्रकार तपोतिशय ऋद्धि के सात भेद हैं।


मनोवाक्कायभेदेन त्रिधा बलर्द्धिरुच्यते ।
सर्वाङ्गपाठचिन्तादौ सत्तपश्चरणे क्षमाः ॥३२२२॥

अर्थ: मनोबल, वचनबल और कायबल के भेद से बलऋद्धि के तीन भेद हैं। वे मुनिराज इस बलऋद्धि से समस्त अंगों का पाठ और चिंतन क्षणभर में कर लेने के लिए समर्थ हो जाते हैं।


आमखेलाख्यजल्लमलविट्सर्वौषधितस्ततः ।
तथैवास्यविषो दृष्टिविषर्द्धिरिति योगिनाम् ॥३२२३॥

विश्वरोगहरा ज्ञेयाऽत्रौषधर्द्धिः पराऽष्टधा ।
सत्तपोवृत्तधर्मादिमाहात्म्यव्यक्तिकारिणी ॥३२२४॥

अर्थ (श्लोक 3223 से 3224): आम, खेल, जल्ल, मल, विट्, सर्वौषधि, आस्य विष और दृष्टि विष ये समस्त रोगों को हरण करने वाली औषधि ऋद्धियाँ आठ प्रकार की हैं। ये सब ऋद्धियाँ तप, चारित्र और धर्म के माहात्म्य को प्रकट करने वाली हैं।


परा आस्यविषा दृष्टिविषा महर्षयोऽद्भुताः ।
सत्क्षीरास्राविणोमध्वास्राविणो मुनिपुङ्गवाः ॥३२२५॥

सर्पिरास्राविणश्चैवा मृतास्राविण ऊर्जिताः ।
एवं रसर्द्धिसंप्राप्ताः षड्विधा ऋषयो मताः ॥३२२६॥

अर्थ (श्लोक 3225 से 3226): रसऋद्धि के छह भेद हैं-आस्यविषा, दृष्टिविषा, क्षीरस्रावी, मधुस्रावी, सर्पिस्रावी और अमृतस्रावी। इनसे सुशोभित होने वाले मुनि रसऋद्धिधारी कहलाते हैं।


द्विधा क्षेत्रर्द्धिसंप्राप्ता इत्यक्षीणमहानसाः ।
जनावगाहदाः स्वस्याश्रमेऽक्षीणमहालयाः ॥३२२७॥

अर्थ: क्षेत्र ऋद्धि के दो भेद हैं-एक अक्षीणमहानस और आश्रम में समस्त लोगों को जगह देने वाली अक्षीणमहालय इनसे सुशोभित होने वाले मुनि क्षेत्रऋद्धिधारी कहलाते हैं।


इमा अष्टविधाः साराः ऋद्धयो विविधास्तथा ।
तपोमाहात्म्यजा ज्ञेया ऋषीणां शिवशर्मदाः ॥३२२८॥

अर्थ: इस प्रकार ये आठ प्रकार की ऋद्धियाँ कहलाती हैं, इन सारभूत ऋद्धियों के अनेक भेद हैं तथा ऋषियों के तपश्चरण के माहात्म्य से प्रकट होती हैं और उन्हें मोक्ष देने वाली होती हैं।


निराकाङ्क्षास्त्रिशुद्ध्या येऽनघं कुर्वन्ति सत्तपः ।
ऋद्धयः सकलास्तेषां जायन्ते स्वयमेव हि ॥३२२९॥

अर्थ: जो मुनि मन-वचन-काय की शुद्धतापूर्वक बिना किसी आकांक्षा के पापरहित श्रेष्ठ तपश्चरण करते हैं, उनके अपने आप समस्त ऋद्धियाँ प्रकट हो जाती हैं।


जिनदीक्षां मुदादाय तपोऽयेऽत्र न कुर्वते ।
तेषां रोगव्रजोऽमुत्र दुर्गतिर्नित्यभक्षणात् ॥३२३०॥

अर्थ: जो मुनि अपनी इच्छानुसार दीक्षा धारण करके भी तपश्चरण नहीं करते उनके अनेक रोग प्रकट होते हैं और नित्य भक्षण करने से परलोक में दुर्गति होती है।

द्वादशमोऽधिकारः (भाग 2/2)

मत्वेति शिवसिद्ध्यर्थं कुर्वन्तु सत्तपोऽन्वहम् ।
विश्वर्द्धिजनकं शक्त्या भवभीताः शिवार्थिनः ॥३२३१॥

अर्थ: यही समझकर संसार से भयभीत हुए और मोक्ष की इच्छा करने वाले मुनियों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए समस्त ऋद्धियों को प्रकट करने वाला यह श्रेष्ठ तपश्चरण अपनी शक्ति के अनुसार प्रतिदिन करते रहना चाहिए।


इति विमलमहर्द्ध्यालङ्कृता ये महान्तः सकलगुणसमुद्राः विश्वपूज्या ऋषीन्द्राः।
शिवगतिसुखकामा वन्दिताः संस्तुतास्ते मम निखिलनिजर्द्धीर्मुक्तिसिद्धयै प्रदद्युः ॥३२३२॥

अर्थ: इस प्रकार जो मुनि निर्मल महाऋद्धियों से सुशोभित हैं, जो सर्वोत्कृष्ट हैं, समस्त गुणों के समुद्र हैं, तीनों लोकों में पूज्य हैं, ऋषिराज हैं और मोक्ष गति के सुखों की इच्छा करने वाले हैं, उनकी मैं वंदना एवं स्तुति करता हूँ। वे मुनिराज मोक्ष प्राप्त करने के लिए मुझे अपनी समस्त ऋद्धियों को प्राप्त करें।


मूलाचारादिशास्त्रान् वरगणिगदितान् संविलोक्यार्थतो वै
मूलाचारप्रदीपाभिधममृतसमं ज्ञानतीर्थं मयाऽत्र।
सम्यक्स्वाचारदीपं जगति सुयमिनां धर्मबीजं बुधार्च्यं-
मेतत्स्वान्याऽघहान्यै दुरितचयहरं ग्रन्थसारं च चक्रे ॥३२३३॥

अर्थ: मैंने श्रेष्ठ आचार्यों के द्वारा कहे हुए मूलाचार आदि अनेक शास्त्रों को देखकर तथा उनका सार लेकर अपने और अन्य जीवों के पापनाश करने के लिए अमृत के समान यह मूलाचार प्रदीप नाम का सारभूत ग्रन्थ मुनियों के लिए बनाया है। यह ग्रन्थ ज्ञान का तीर्थ है, श्रेष्ठ आचारों को दिलाने वाला दीपक है, धर्म का बीज है, विद्वानों के द्वारा पूज्य है और पापों के समूह को नाश करने वाला है।


न कीर्तिपूजादिकलाभवाञ्छया न वा कवित्वाद्यभिमानकाङ्क्षया।
ग्रन्थः कृतः किन्तु परार्थसिद्धये स्वधर्मवृत्त्यै भुवि केवलं मया ॥३२३४॥

अर्थ: यह ग्रन्थ मैंने न तो अपनी कीर्ति व पूजा आदि के लाभ की इच्छा से बनाया है और न अपना कवित्व के अभिमान को दिखलाने की इच्छा से बनाया है किन्तु केवल दूसरों का उपकार करने के लिए और अपने धर्म की वृद्धि के लिए मैंने यह ग्रन्थ बनाया है।


अस्मिन्ग्रन्थवरे सुमार्गकथके किञ्चिन्मयोक्तं च यत्
मात्रासन्धपदादिहीनमखिलाज्ञानप्रमादादिभिः ।
आचाराङ्गमसंविरुद्धमथवा सर्वं क्षमत्वाऽम्ब तं
पूज्ये भारति तीर्थनाथमुखजे दोषं मदीयं भुवि ॥३२३५॥

अर्थ: हे माता सरस्वती! हे तीर्थंकर के मुखकमल से उत्पन्न हुई देवी! मैंने सुमार्ग को दिखलाने वाले इस श्रेष्ठ ग्रन्थ में अपने पूर्ण अज्ञान वा प्रमादादिक से आचारांग शास्त्र के विरुद्ध कहा हो व मात्रा, संधि, पद आदि कुछ कम कहा हो, उस मेरे दोष को हे पूज्य सरस्वती तू क्षमा कर।


ये पठन्ति सुविदो वरशास्त्रं धर्मरत्ननिधिमात्महिताय।
आदिमाङ्गजनिमं निरवद्यं ते विबुध्य यतिमार्गसमग्रम् ॥३२३६॥

तत्तवतोऽनुचरणाद्दिविसौख्यं प्राप्यशक्रपदजं शुभबीजम्।
चक्रिराजविभवं च निहत्य कृत्स्नकर्मकिलयान्ति शिवान्तम् ॥३२३७॥

ये पाठयन्ति निपुणा यमिनः शिवाय शुद्धं यथार्थसहितं वरशास्त्रमेतत्।
ते ज्ञानदानजनिताद्भुतधर्मतः स्यु र्लब्ध्वाखिलागममिह त्रिजगच्छरण्याः ॥३२३८॥

अर्थ (श्लोक 3236 से 3238): यह मूलाचार प्रदीप नाम का शास्त्र धर्मरूप रत्नों की निधि है, पहले आचारांग से उत्पन्न हुआ है और निर्दोष है, इसलिए जो बुद्धिमान् पुरुष अपना हित करने के लिए इसको पढ़ते हैं, वे मुनियों के समस्त मार्ग को जानकर और यथार्थ रीति से उसको आचरण कर स्वर्ग में उत्पन्न होते हैं तथा वहाँ के सुखों को प्राप्त कर व वहाँ के इन्द्रपद के सुखों को प्राप्त कर बचे हुए पुण्यकर्म से चक्रवर्ती की विभूति को प्राप्त करते हैं तथा अंत में समस्त कर्मों को नाशकर मोक्ष में जा विराजमान होते हैं। जो चतुर मुनि मोक्ष प्राप्त करने के लिए इस शास्त्र को यथार्थ अर्थ सहित शुद्ध रीति से पढ़ाते हैं, वे ज्ञानदान से उत्पन्न हुए अद्भुत धर्म के प्रभाव से समस्त आगम के पारगामी होकर तीनों लोकों को शरणभूत हो जाते हैं अर्थात् अरहंत व सिद्ध हो जाते हैं।


ये संलिखन्ति सुधियः स्वयमेव चेमं ग्रन्थं धनेन धनिनः खलु लेखयन्ति।
ते ज्ञानतीर्थपरमोद्धरणाद्धरिन्त्यां तीर्थेश्वराः किल भवेयुरहो क्रमेण ॥३२३९॥

अर्थ: इसी प्रकार जो बुद्धिमान् इस ग्रन्थ को स्वयं लिखते हैं व जो धनी धन खर्च कर लिखाते हैं वे इस पृथ्वी पर ज्ञानरूपी तीर्थ के परम उद्धार करने वाले कहे जाते हैं और इसीलिए वे अनुक्रम से तीर्थंकर पद को प्राप्त करते हैं।


रहितसकलदोषा ज्ञानपूर्णा ऋषीन्द्रास्त्रिभुवनपतिपूज्याः शोधयन्त्वेव यत्नात्।
विशदसकलकीर्त्याख्येन चाचारशास्त्रमिदमिहगणिना संकीर्तितं धर्मसिद्धयै ॥३२४०॥

अर्थ: यह आचारशास्त्र ग्रन्थ धर्म की सिद्धि के लिए अत्यन्त प्रसिद्ध ऐसे आचार्य सकलकीर्ति ने बनाया है। जो मुनिराज समस्त दोषों से रहित हों, ज्ञान से परिपूर्ण हों और तीनों लोकों के द्वारा पूज्य हों, वे इस ग्रन्थ को प्रयत्नपूर्वक शुद्ध करें।


सर्वेतीर्थकराः परार्थजनका लोकत्रयोद्योतकाः
वन्द्या विश्वहितोद्यता भवहराधर्मार्थकामादिदाः।
अनन्तातीतगुणार्णवा निरुपमा मुक्तिस्त्रियो वल्लभा
लोकेऽकारणबन्धवो निजगुणाप्त्यै सन्तु नो वः स्तुताः ॥३२४१॥

अर्थ: इस संसार में आज तक जितने तीर्थंकर हुए हैं, वे सब मोक्षरूप परम पुरुषार्थ को प्रकट करने वाले, तीनों लोकों के पदार्थों को प्रकाशित करने वाले, तीनों लोकों के द्वारा वंदनीय, समस्त जीवों का हित करने वाले, संसार को नाश करने वाले, धर्म, अर्थ, काम आदि पुरुषार्थों को देने वाले, अनंत गुणों के समुद्र, उपमारहित मुक्ति-स्त्री के स्वामी और इस लोक में बिना कारण सबका हित करने वाले बंधुरूप हुए हैं, इसीलिए मैं उनकी स्तुति करता हूँ। वे तीर्थंकर परमदेव हमारे लिए तुम्हारे अपने समस्त गुण प्राप्ति करने के लिए होवें।


सिद्धा मुक्तवधूसुसङ्गसुखिनोऽनन्तास्त्रिलोकाग्रगा
ध्येयास्तत्पदकाङ्क्षिभिः मुनिवरैः प्राक्तीर्थनाथैरपि।
वन्द्याऽष्टगुणाङ्किताः शिवकराः मूर्त्तातिगा निर्मलाः
ज्ञानांगा मम वो दिशन्तु सकलां सिद्धिं निजां संस्तुताः ॥३२४२॥

अर्थ: इसी प्रकार अनंत सिद्ध परमेष्ठी मुक्तिरूपी स्त्री के समागम से अत्यन्त सुखी हैं, तीनों लोकों के शिखर पर विराजमान हैं, सिद्धपद की इच्छा करने वाले मुनियों को ध्यान करने योग्य हैं, पहले भगवान् तीर्थंकर परमदेव ने भी उनकी वंदना की है, वे सम्यक्त्व आदि आठों गुणों से सुशोभित हैं, मोक्ष के देने वाले हैं, अमूर्त हैं, निर्मल हैं और ज्ञानरूप शरीर को धारण करने वाले हैं। ऐसे सिद्ध परमेष्ठी की मैं स्तुति करता हूँ, वे सिद्ध परमेष्ठी मेरे लिए तुम सबके लिए अपनी समस्त सिद्धि प्रदान करें।


पञ्चाचारपरायणाः सुगुणिनः स्वाचारसंदर्शिन-
श्चाचाराद्यखिलांगपाठनिपुणा अध्यापकाः साधवः।
विश्वे शक्तिभरेण योगसहिताः स्वाचारमार्गोद्यताः
ये ते विश्वहितङ्कराश्च मम वो दद्युः स्वकीयान्गुणान् ॥३२४३॥

अर्थ: इस संसार में पंचाचारों के पालन करने में तत्पर तथा अपने आचारों को दिखलाने वाले दूसरों से पालन कराने वाले जितने आचार्य हैं तथा आचारांगादि समस्त अंगों के पढ़ने-पढ़ाने में निपुण जितने उपाध्याय हैं और अपनी शक्ति के अनुसार योगों को धारण करने वाले अपने आचार मार्ग में उद्यत रहने वाले तथा समस्त जीवों का हित करने वाले जितने साधु हैं, वे सब तुम्हारे लिए और मेरे लिए अपने-अपने समस्त गुण प्रदान करें।


भवरिपुभयभीतानां शरण्यं बुधार्‍च्यं निरुपमगुणपूर्णं स्वर्गमोक्षैकहेतुम्।
गणधरमुनिसेव्यं धर्ममूलं गरिष्ठं जयतु जगति जैनं शासनं पापदूरम् ॥३२४४॥

अर्थ: इस संसार में यह जैनशासन संसाररूपी शत्रु से भयभीत हुए जीवों के लिए शरणभूत है, विद्वानों के द्वारा पूज्य है, उपमारहित गुणों से पूर्ण है, स्वर्ग-मोक्ष का एक अद्वितीय कारण है, गणधर और मुनियों के द्वारा सेवा करने योग्य है, धर्म का मूल है, सर्वोत्कृष्ट है और पापों से रहित है। ऐसा यह जैनशासन तीनों लोकों में जयवंत हो।


विश्वेशैर्ज्ञानतीर्थं महितमपमलं वन्दितं संस्तुतं च
विश्वाचारप्रदीपं गुणगणजनकं तीर्थनाथैः प्रणीतम्।
अर्थादङ्गादिपूर्वैर्गणधरयमिभिर्ग्रन्थिबद्धं मया तत्
नित्यं यात्वत्र वृद्धिं सकलयतिगणैर्धर्मतीर्थं हि यावत् ॥३२४५॥

अर्थ: जो आचार प्रदीप ज्ञान का तीर्थ है, तीनों लोकों के इन्द्रों के द्वारा पूज्य है, वंदनीय है, स्तुति करने योग्य है, समस्त आचारों को दिखलाने वाला दीपक है, अनेक गुणों के समूह को उत्पन्न करने वाला है, अर्थरूप से भगवान् तीर्थंकर परमदेव का कहा हुआ है तथा अर्थरूप से अंग पूर्व के द्वारा गणधर परमदेवों ने इसकी रचना की है, उसी को मैंने रचना रूप में प्रकट कर दिया है, ऐसा यह ग्रन्थ, जब तक धर्मतीर्थ की प्रवृत्ति रहे तब तक, समस्त मुनियों के समूह के द्वारा सदा वृद्धि को प्राप्त होता रहे।


एतद्ज्ञानसुतीर्थसारमतुलं प्रोक्तं मया संस्तुतं
वन्द्यं मेति सुलोभिनः शिवपथं रत्नत्रयं निर्मलम्।
शुद्धिं वाक्तनुचेतसां च सुमृतिं बोधिं समाधिं गुणान्
तीर्थेशां सुगतिं ददातु सकलं दुःखं निहत्य द्रुतम् ॥३२४६॥

अर्थ: यह वंदना करने योग्य, स्तुति करने योग्य, उपमारहित और सारभूत ऐसा मेरे द्वारा कहा हुआ ज्ञान तीर्थ अत्यन्त लोभ करने वाले मेरे समस्त दुःखों को दूरकर मुझे मोक्षमार्ग प्रदान करें, निर्मल रत्नत्रय प्रदान करें, मन-वचन-काय की शुद्धि प्रदान करें, पंडित मरण प्रदान करें, बोधि और समाधि को प्रदान करें, तीर्थंकरों के गुणों को प्रदान करें और सबसे उत्तम गति प्रदान करें।


असमगुणनिधानास्तीर्थनाथाः शरण्या
जगति रहितदेहा विश्वलोकाग्रभूताः।
विविधगुणमहान्तः साधवो येऽखिलास्ते
मम सकलसुखाप्त्यै सन्तु माङ्गल्यदा वः ॥३२४७॥

अर्थ: इस संसार में अनुपम गुणों के निधान और सबको शरणभूत जितने तीर्थंकर हैं तथा शरीर रहित और लोक शिखर पर विराजमान जितने सिद्ध हैं और अनेक गुणों से सुशोभित जितने आचार्य, उपाध्याय, साधु हैं वे सब मेरे लिए समस्त सुखों को देने वाले हों और तुम्हारे लिए समस्त मंगलों को देने वाले हों।


पञ्चषष्ठ्याधिकाः श्लोकास्त्रियस्त्रिंशच्छतप्रमाः।
अस्याचारसुशास्त्रस्य ज्ञेयाः पिण्डीकृता बुधैः ॥३२४८॥

अर्थ: विद्वान् पुरुषों ने इस आचार शास्त्र के समस्त श्लोकों की संख्या तीन हजार तीन सौ पैंसठ बतलाई है। इस प्रकार आचार्य श्रीसकलकीर्ति विरचित मूलाचार प्रदीप नाम के महाग्रन्थ में अनुप्रेक्षा, परीषह और ऋद्धियों का वर्णन करने वाला यह बारहवाँ अधिकार समाप्त हुआ।