मेरी अंतरध्वनि "मैं हूँ ना " | Meri antradhvani "main hu na "

मेरी-अंतर्ध्वनि
“मैं हूँ ना”
गर तुम अपने को अपना मित्र बनाओगे, तो अपने को अकेला नहीं पाओगे॥
बहुत सारे राग-द्वेष ये मेरा ये तेरा, अनेक अनुकूलतायें क्या होगा मेरा? चिंता क्यों करते हो?
“मैं हूँ ना”
तुम चुपचाप उदास से क्यों बैठे हो। जिनवाणी पढ़ो, जिन देशना सुनो, स्वरूप समझो, कुछ भी नहीं बिगड़ा है। अरे पर्याय दृष्टि छोड़ो,
चिंता क्यों करते हो?
“मैं हूँ ना”
मैं कर्तृत्व के बोझ से लद गया, मैं भोक्तृत्व के भार से दब गया।
क्या होगा मेरा? अरे चिंता क्यों करते हो? “मैं हूँ ना”
कहते हैं कि जब तक तत्त्वों का सच्चा श्रद्धान नहीं, तब तक समकित कैसे होगा।
जब तक सम्यक्त्व नहीं होगा, तब तक निजहित कैसे होगा??
तुम क्या सोच रहे हो? मोक्ष पाना है क्या? सम्यकदर्शन ज्ञान चारित्र पाना है..क्या?
न न "मुझमें ये असंभव हैं।
नहीं-नहीं ये सब संभव है क्योंकि मैं शुद्धात्मा हूँ।
चिंता क्यों करते हो?
“मैं हूँ ना”
मैं धर्म की इतनी चर्चा सुनता तो हूँ, पर…अरे…तू चिंता क्यों करता है?
“मैं हूँ ना”
एक बार अपनी चैतन्य लक्षणमयी स्वभाव को तो देख।
तुझे सम्यक्त्व रूपी रत्नों से प्रकाशमान न कर दूँ तो कहना।

तुझे सच्चा सुख चाहिये शांति चाहिये। तब त्रिकाली परमात्मा कहते हैं।
तू मेरी तरफ एक बार नजर करके तो देख चिंता क्यों करता है?
“मैं हूँ ना”
तेरा ध्यान न रखूँ तो कहना।
मैं राग रहित आत्मा हूँ। ऐसा भान करके तो देख।
तुझे वीतरागी न बना दूँ तो कहना।
तू जड़ लक्ष्मी की पूजा करता है, एक बार अपनी चैतन्य लक्ष्मी को तो देख,
अरे तू चिंता क्यों करता है?
“मैं हूँ ना”
तुझे लक्ष्मीवान न बना दूँ तो कहना।
मेरी एक बार सच्ची श्रद्धा करके तो देख।
मैं तुझे सम्यक्त्व से सराबोर न कर दूँ तो कहना।
तू चिंता मत कर, तू चिंता मत कर क्योंकि
“मैं हूँ ना”

:writing_hand:t2:अंकिता समकित जैन शास्त्री सिलवानी

रचनाकार: अंकिता समकित जैन शास्त्री सिलवानी, सिलवानी, म.प्र.