मेरा परिचय | Mera parichay

जो कर्मकाण्ड को दहकर प्रतिपल,
निखिल विश्व को देख रहा
मृत्यु जीवन के अध्यायों को
अमृत का सौरभ भेंट रहा
जिसके चिंतन-अनुचिंतन से
स्फुरित मोद का आमंत्रण
मैं एक वही शुद्धात्म हूँ,
बस ज्ञानमात्र मेरा परिचय॥

विष भोग हलाहल-पी करके,
मृतप्राय: हुआ जग निश्चेतन।
पल-पल घुटते मरते रहते,
जब कोई न दिखता संचेतन॥
जो करेगा मुझमें अपनापन
वो प्राप्त करेगा शिव-शंकर
मैं एक वही शुद्धात्म हूँ,
बस ज्ञानमात्र मेरा परिचय॥

नारक तिर्यक् मनुज सुरगति
ये सब पुद्गल की माया है,
बस वेश बनाकर घूम रहा,
चेतन पी मोह की हाला है।
भूल स्वयं निजचेतन गृह को,
कर रहा गैर-गृह परिभ्रमण
मैं एक वही शुद्धात्म हूँ,
बस ज्ञानमात्र मेरा परिचय॥

वीरवाणी का प्राणभूत मैं,
मैं कुन्दकुन्द का हूँ कुन्दन
पामर भी परमात्म बनेगा
जब करता मेरा अभिनन्दन
सम्यग्दृष्टि‌ की दृष्टि का
नित एकमात्र मैं अवलंबन
मैं एक वही शुद्धात्म हूँ,
बस ज्ञानमात्र मेरा परिचय॥

रचनाकार: अंकित जैन (Ankit Jain), कुटौरा