इस कालचक्र के चक्रजाल में, रे जिय! तू अब मत फँसना।
सुख की तलाश में हे भविजन! इस नरभव को तुम मत ठगना॥
रे भव अनंत अब तक धारे, चहुँगति में नाना दुःख पाए।
न क्षण भर भी पर अंत हुआ, विपदा अर संकट ही पाए॥
संयोगों में, संवादों में, योषिति, धन, पुत्र, मकानों में।
ढूंढा पर सुख तो नहीं मिला, तन जलता गया मसानों में॥
जिनवर-गुरुवर-जिनवाणी की, जिसको न सुहाई कोई बात।
वह रुला भयंकर वन विशाल अपने “स्वकीय कर्मोदयात्”॥
यद्यपि मैं अब तक संसारी, अर कर्मों के कारण भारी।
किन्तु स्वभाव से सुख स्वरूप सिद्धों समान ही अविकारी॥
इस दुषम काल में जन्म हुआ, जिनदेव का जहाँ अभाव मिला।
पूरव कृत कर्मों के संचय से, जिनश्रुत का वरदान मिला॥
हैं महा दैव के धारक हम, गुरुओं से जिनध्वनि सार मिला।
स्वात्मोपलब्धि कर सुख प्राप्ति का, त्रिजग श्रेष्ठ उपहार मिला॥
सर्वोत्तम अवसर पास खड़ा, विषयों में इसे भुला दोगे।
यदि अब इस बार नहीं जागे, तो फिर पहचान गँवा दोगे॥
अद्भुत पदार्थ है जीवराज जिसके आश्रित संपूर्ण काज।
अवसर अपूर्व, पुरुषार्थ साध, ‘अब मत चूको चैतन्यराज!’॥
रचनाकार: अकिंचन पुजारी (Akinchan Pujari), खनियाधाना
Instagram: @akinchan_pujari
YouTube: https://www.youtube.com/watch?v=2j-9PLZxwi0&list=PLXcBKWNnm5zU&index=18