मंगलाष्टक भाषा (ऋद्धि सिद्ध धारक परमेष्ठी) | Mangalashtak Bhasha (Riddhi Siddh Dharak Parmeshthi)

ऋद्धि-सिद्ध धारक परमेष्ठी, मंगलमयी महासुखधाम।
योगीश्वर जिनको ध्याते हैं, ध्यान मग्न होकर निशियाम॥
सुर-सुरेन्द्र-इन्द्रादि भक्ति युत, जिनको नमते नित अभिराम।
ऐसे पूज्य पंच-परमेश्वर हो मंगलमय करूँ प्रणाम॥1॥

सम्यक् दर्शन-ज्ञान-चरित ये, पावन रत्नत्रय अविकार।
सूक्ति सुधा, जिनबिम्ब, जिनालय, शुभ्र लक्ष्मी का आकार॥
संकटहारी, सुख विस्तारी, श्री सम्पन्न महान उदार।
ऐसे मुक्ति नगर के वासी, मंगलमय शिव सुख दातार॥2॥

श्री नाभेय आदि चौबीस तीर्थंकर त्रिलोक में ज्ञात।
भरत आदि जो द्वादश चक्री, इनमें गर्भित ज्ञान प्रभात॥
श्री नारायण, प्रतिनारायण, बलभद्रादि जगत विख्यात।
ये शुभ मंगल करें निरन्तर, त्रेसठ महापुरुष दिन-रात॥3॥

जिसके शुभ प्रभाव से फणधर, बन जाता है मुक्ताहार।
क्रूर खंग भी इसी धर्म से, पुष्प माल बनती साकार॥
विष बनता है दिव्य रसायन, नेही बनते, शत्रु महान।
ऐसा धर्म सुरेन्द्रोपासित, मंगलमय हो पुण्य प्रधान॥4॥

उत्तम तप से ऋद्धि प्राप्त कर, की सर्वोषधि ऋद्धि प्रसन्न।
चारण आदि ऋद्धियाँ धारी, पञ्चज्ञान द्वारा सम्पन्न॥
सप्त ऋद्धियों के अधिपति, अष्टांग निमित्तों से आसन्न।
ऐसे भव जल सेतु मुनीश्वर, सदा करें मंगल उत्पन्न॥5॥

ऊर्जयंत, सम्मेदशिखर, कैलाश शृंग, श्री पावापुर।
करे ऋषभ नेमीश वीर, की ये निर्वाण भूमि दुख चूर॥
वासुपूज्य की चम्पानगरी, करे प्राणियों के दुख दूर।
पुण्य भूमियाँ रहें अमर ये, होवें मंगलमय भरपूर॥6॥

व्यंतरवासी भवन ज्योतिषी, वैमानिक निवास सुख खान।
जम्बुवृक्ष गिरराज कुलाचल, चैत्य शाल्मलि विटप महान॥
कुण्डल नगर दीप नंदीश्वर, गिरि विजयार्द्ध आदि छविमान।
सकल मानुषोत्तर के पर्वत, मंदिर मंगल करे महान॥7॥

गर्भ-जन्म अभिषेक महोत्सव तीर्थंकर का क्रम निर्वाण।
परि निष्क्रमण महोत्सव, केवलज्ञान महोत्सव अरु निर्वाण॥
ऐसे पुण्य महोत्सव फूंके, मम परिणति में जीवन प्राण।
ये महिमेष पंच कल्याणक, करें सदा मंगल कल्याण॥8॥

महिमामयी पंच कल्याणक, मंगल-अष्टक परम विशाल।
पढ़ते, सुनते, जपते हैं जो भक्ति सहित यह मंगल माल॥
अर्थ-काम-पुरुषार्थ युक्त, सुख सम्पतिधारी उन्नत भाल।
सहज मोक्ष लक्ष्मी पाकर के, बनते हैं समृद्धि-निहाल॥9॥


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ३६ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)