बचपन से ही मैंने मारवाड़ी सीखी,
सीखी मैंने मराठी और हिंदी भी,
तो दुनिया के चलते,
समय ने अंग्रेज़ी सिखला दी।
बैंगलोर जाते से ही
कन्नड़ और तेलुगु में रुचि आई,
जर्मनी आना हुआ तो
जर्मनी की भाषा दिखलाई।
कर्मों की कैसी दशा है प्रभु की,
किसी भाषा या किन्हीं लफ़्ज़ों में भी,
आज तक मैं कभी
आपकी स्तुति न कर पाई!
कच्चे-पक्के भाव लेकर आई हूँ प्रभु,
आज अपने मन के मंदिर में,
टूटे-फूटे ABCD से
भवरूपी अर्घ्य चढ़ा रही हूँ अब मैं।
आज तो अपने मन-मंदिर में
आपको बिठाना पड़ा,
कितनी बार मंदिर के सामने से जाते हुए भी,
लक्ष्य कहाँ मेरा आपकी ओर मुड़ा।
अभागी तो तब भी थी मैं,
जब आपके साक्षात् समवसरण आकर भी,
बाहर के दृश्यों में रमकर,
मोक्षमार्ग के उपदेश को न समझ पाई।
सुख की खोज में,
न जाने कितने जन्म ले लिए मैंने,
मिथ्यादृष्टि जीव मैं,
स्व-पर का भेद न जाना कभी मैंने।
जो अपना था ही नहीं कभी,
उसे अपना समझ लिया मैंने।
परद्रव्यों में राग
और परद्रव्यों के कारण ही
खूब द्वेष किया मैंने।
अपने स्नेही वस्तु या जन के बिछड़ने पर
खूब रोया मैंने,
कर्मकृत की अवहेलना कर
हास्यादि का भ्रमित सुख पाया मैंने।
पैसा-पैसा-पैसा कर,
पैसों से खूब मोह किया मैंने,
नोकर्मों के कारण
हिंसा, झूठ, चोरी आदि पाप किए मैंने।
हर समय,
हर पर्याय में,
जाने-अनजाने में,
अनंतानंत कर्म बाँधे मैंने,
सात तत्त्वों संबंधी भूल,
हर बार ही की मैंने।
18 दोषों से युक्त मेरी आत्मा,
उसकी 47 शक्तियों को न समझ पाई,
जिनवाणी का सेवन करके भी,
संसार के सुखों में मैं फूली न समाई।
इस देह की आकुलता में
क्षणिक सुख को ही अनंत समझा मैंने,
कभी निराकुलता आ जाए,
तो शोक-जुगुप्सा कर लिए मैंने।
उपवास आदि में
शायद ही कभी स्वाध्याय किया मैंने,
आपको ध्याते-ध्याते
निद्रा-सुख पान किया मैंने।
सुख की मेरी खोज फिर भी न रुकी,
भ्रमित बन फिर,
निराकुल मछली-सी,
सम्यक् ज्ञानमयी जल ढूँढ़ रही थी मैं।
इंस्टाग्राम के लाइक्स पर
गर्व किया मैंने,
और खाने के अस्वाद को लेकर
क्लेश किया मैंने।
जब-जब नया कुछ देखूँ,
नई जगह घूमूँ,
खूब आश्चर्य किया मैंने।
लेकिन…
लेकिन देखो ना,
अज्ञान के कारण,
आपके केवलज्ञान के आश्चर्य को
झुठला दिया मैंने।
आपके केवलज्ञानमयी किरणों से,
लाखों की आपने मिथ्यादृष्टि हटाई,
चरणानुयोग तो मैंने बस पढ़ा,
वीतरागता की चर्या तो आपने
भव्य-जीवों को दिखलाई।
ज्ञानावरणी, दर्शनावरणी,
मोहनीय कर्मों से युक्त मैं,
क्या आपका गुणगान करूँ,
एक भी भाषा ढंग से आती नहीं मुझे,
कि आपका पूरी तरह बखान करूँ।
हाथ जोड़कर मैं,
प्रतिक्रमण करती हूँ,
मेरे टूटे-फूटे भावों के लिए,
क्षमायाचना करती हूँ।
अनंत गुणों से भरे आप,
हम पर आशीर्वाद बनाए रखना,
कर्मों का घात कर,
आप-सा जब तक न बन जाऊँ,
मोक्षमार्ग का उपदेश
हमें ज़रूर देते रहना।
रचनाकार: प्रचिता बाकलीवाल (Prachita Bakliwal), म्यूनिक
Instagram: @peekaybee09