बा. ब्र. सुमतप्रकाश जी
महाश्रमण पार्श्वनाथ स्वामी अहिक्षेत्र की धरा पर पद्मासन में विराजमान होकर ध्यानस्थ थे। आसपास के ग्रामीण मन्त्र मुग्ध से खिचे चले आते और प्रभु की वन्दना करके अपनी आत्मा को धन्य अनुभवते थे । कैसा अद्भुत साहस … कैसा धैर्य … कैसा आनंद वदन पर छाया हुआ है…आखिर यह हैं कौन ?.. देवता हैं या ईश्वर … यह उठते हिलते डुलते क्यों नहीं हैं।
नारियां सुंदर मनोज्ञ रूप निहार कर सोचतीं – “ क्या महापुरुष, स्त्रियों से रूठकर यहाँ आ बैठा है। परन्तु चेहरे पर काम वासना की तो परछाई तक नहीं दिखती है। कहीं यह काम विजेता ईश्वर ही तो नहीं हैं? अहो ! साक्षात् ईश्वर के दर्शन करके हम तो धन्य हो गईं।"
बालक गण उन्हें खेलते-२ निहारते हुए आनन्दित होते, कोई टुकुर-२ देखते… कोई बात करने का प्रयास करते …कोई एक दूसरे से अथवा अपने पिता से उनके बारे में जानने का प्रयास करते … कोई उन्हें वनदेवता जानकर नतमस्तक हो जाते… कोई उन्हें मूर्ति जानकार छूते … तो कोई मोहित होकर उसके निर्माता की कला – प्रतिभा पर रीझते … जितने जीव, जैसी योग्यता वैसा आस्रव बंध हो रहा था।
समकिती मनुष्य स्वतः ही उनकी शांत दशा से मोहित होकर भावना भाते थे “अहो ! इन जैसी निस्पृहता होय, तो आनंद हो । होहु मेरी ऐसी दशा …”
पशु आकर वहीं बैठ जाते और उन्हें निहारते हुए समझने की कोशिश करते हुए जुगाली करते रहते। कितने ही बन्दर, नेवला, सर्प, सिंह, हिरण आदि वहां आते और नम्रीभूत होकर वैरभाव भूल कर अठखेलियां करते रहते । खरगोश के बच्चे सिंहनी की गोद में घुसघुस कर मचल रहे थे। चूहे बिल्ली के पीछे छिपकर आँख मिचोली खेलते से भासते थे। शेर, हिरण शावकों के ढाल बने हुए थे।
कितने ही बच्चे इस दृश्य को देखकर आश्चर्य चकित एवं पुलकित भी थे। वे भी साहस करके सिंह की सवारी करने लगे। एक शिशु वहां माँ के वियोग में रो रहा था, तब ही वहां उस बालक के मुख पर गाय के थन से दूध झरने लगा। बालक चपर चपर करके दूध पीकर संतुष्ट हो रहा था।
वृक्ष समस्त ऋतुओं के फल फूलों से लद कर झुक रहे थे । मानो मुनि भगवंत के सामने वन्दन ही कर रहे हों । उनकी डालों से बरसते फूल-फल मानो अर्घ्य समर्पित कर रहे थे। आज तो छोटे - २ बालक भी स्वतः ही फल-फूलों को तोड़ने के भाव बिना ही धरातल पर ही से पा रहे थे। परन्तु आज तो किसी को उठाने, भोगने, ले जाने का भाव ही नहीं आ रहा था। सच है रत्नत्रय के सामने इन पुण्य-तुच्छ फलों को कौन इच्छेगा। सरितायें, वापिकायें जल से परिपूरित हो गईं थीं, मानो वे साक्षात् अमृत ही लुटाने को उत्सुक थीं। आज पावन नीर पीने वालों को क्षीर की ही भ्रान्ति हो रही थी । साक्षात् भगवंत का रूपामृत पान करने वालों का विषय विरेचन हो जावे, इसमें क्या आश्चर्य है। वन में यह लीला-परिणमन आश्चर्यकारी नहीं रह गई थी। वन में मिथ्यादृष्टि, सम्यक्त्व सन्मुख एवं समकिती देवों का भी विचरण था। मिथ्यादृष्टि पापोदय विचारकर भोग विरहित साधु को भी सहानुभूति दे रहे थे और अपने भाग्य की सराहना कर रहे थे । सम्यक्त्व सन्मुख भक्ति सम्पन्न होकर उन्हें वन्दन करके उनकी साधना पूर्ण हो, ऐसी भावना भा रहे थे तो समकिती देव यथा समय उनके केवलज्ञान उत्पत्ति की भावना से मन्त्र मुग्ध हो रहे थे।
एक दिन सारे देवता भवितव्य के अनुरोध से असमर्थ अथवा तो मात्र ज्ञाता रह गये और एक मिथ्या दृष्टि संवर नाम का देव विमान में बैठकर इस सुंदर छटा को निहारने के लिए पृथ्वी तल पर आकर्षित हुआ। वह आनंद से विहार कर ही रहा था कि अचानक आकाश मार्ग से जाते समय ६३ ऋद्धि के धारी महाश्रमण पार्श्वनाथ के ऊपर विमान के अटक जाने से कुअवधि से जानकर अत्यंत कुपित होकर विचारने लगा –
"कौन है जिसने मेरे रंग में भंग पैदा किया है? आज तक किसी ने भी मेरा मार्ग बाधित नहीं किया, फिर आज यह किसकी हिम्मत है जिसने मेरे हाथों अपने काल को ललकारा है।”
और वह पहले तो दुष्ट वचन बोलता रहा परन्तु शांत मुनि मुद्रा देखकर उसका क्रोध और उत्कर्षण को ही प्राप्त हो गया। जैसे-२ शांत मुद्रा देखता वैसे-२ उसकी क्रोधाग्नि भड़कती जा रही थी। सही ही है जिस प्रकार अग्नि ज्वाला में शीतल घी अग्नि बढाने में ही निमित्त हो जाता है उस ही प्रकार महाश्रमण पार्श्वनाथ की वीतरागता भी क्रोधाग्नि बढाने में ही निमित्त बन रही थी।
भवितव्य में तर्क काम नहीं आते हैं, पवित्रता, क्षयोपशम ज्ञान की चतुराई काम नहीं आती है। अतः समझने समझाने का विकल्प किसी को आया भी नहीं और यदि आया भी होता, तो अकिंचित्कर ही सिद्ध होता। कार्य विकल्पों से नहीं होता है।
अंततः वह भयंकर उपसर्ग करने पर उतारू हो ही गया।
वह चीख रहा था - रे पापी ! नराधम !! हट जा मेरे रास्ते से । तूने मेरा मार्ग रोककर ठीक नहीं किया है। फिर भी मैं तेरे पर दया करता हूँ। तुझ जैसे असमर्थ पर हाथ उठाने में मुझे शर्म आती है। जा जा आगे से मेरा विमान रोकने का तंत्र-मन्त्र जैसा दुस्साहस मत करना । तू क्षमा मांग ले… मैं तुझे माफ़ कर दूंगा … देखो! कैसा ढीठ है …आश्चर्य है…इसपर कुछ असर ही नहीं पड रहा है। बहरा है … अभी देखता हूँ … कैसे मेरे मार्ग से नहीं हटता है…कैसे क्षमा नहीं मांगेगा … मैं कोई इसका बुरा करने नहीं निकला था … स्वर्ग को पराजित करती हुई यहाँ के आकाश एवं वन प्रान्तर की सुंदर छटा निहारने निकला था परन्तु इसकी अज्ञानता ने इसको संकट में डाल दिया … इसमें मेरा क्या दोष है।
देखो! इस पर नम्र वार्ता का कोई असर नहीं हो रहा है। अपनी माया नहीं समेट रहा है। मुझे हैरान करने वाला स्वर्ग में सुख से नहीं रह पाता, तो फिर इस पृथ्वी पर कौन हैं, जो मेरे सामने टिक सके ।
अभी भी नहीं मान रहा है … गुस्सा उत्कर्षण को प्राप्त होता जा रहा था। तो फिर ले यह रही वज्राग्नि … जल कर भस्म हो जा। चारों ओर अग्नि का प्रलयंकारी तांडव छा गया। पशु पक्षी जल कर भस्म होने लगे। कितने ही वृक्ष त्राहि-२ बोले बिना ही भस्म हो गये, अग्नि पार्श्वनाथ स्वामी की देह को स्पर्श करने को लप-लपाती रही परन्तु चरम संहनन के धारी उस घोर वज्राग्नि से अप्रभावी रहे। वज्र अग्नि देह को न छू पाई, अंतर में क्रोधाग्नि आत्मा को न छू पाई।
अच्छा …यह कोई बड़ा तांत्रिक हैं, तो ले… यह रही प्रलय वायु ..हा.. हा …हा… चारों ओर चक्रवाती तूफ़ान पेड़, पत्ते, धूल, पत्थर को गोल-२ घुमाने लगा, बड़ी बड़ी चट्टानें उड़ उड़ कर मनुष्यों पर गिरतीं, उनके घायल होने से चीत्कार मच रहा था। कितने ही पशुओं के अंग भंग हो गये। वृक्षों पर के नीड अण्डों पक्षियों के साथ ववंडर के शिकार हो रहे थे । हाहाकार मच रहा था । परन्तु अचल ध्रुव स्वभाव में अचल विराजे प्रभु को कौन कम्पित कर सकता था। जहाँ मिथ्यात्व का ववंडर न उठ सके वहां यह ववंडर देह को कैसे छू सकता था।
वह कभी प्राणघातक पशु बनकर, कभी अजगर बनकर, कभी सिंह बनकर, कभी राक्षस बनकर, कभी भूकम्प लाकर, कभी तीर चलाकर, कभी भाले चलाकर असफल हुआ। कहने का आशय है सर्व ओर से दुखी होता हुआ जीव ही सुखी होने के नाम पर दुखी होने के कारणभूत नये-२ प्रयत्न करता है। समस्त अस्त्र-शस्त्र प्रयोग करने पर भी वह अपना दुःख ही बढ़ाता रहा।
सामान्य मनुष्य बालक इस कोलाहल से आतंकित हुए अपने घरों में छिप गये और बाहर के प्रलयकारी कष्ट से बचने का हर्ष मनाते रहे। “उन साधक महाश्रमण का क्या हो रहा होगा ?” विचारते हुए सिहर जाते थे।
विवेकी मनुष्य विचार रहे थे – ‘अनादि से असीम कष्ट अनेकों जीव जंतु भुगत रहे हैं। आज प्रकृति में देखो तो नया काम नहीं हुआ है। प्रतिदिन प्रतिक्षण बाह्य परिणमन में अज्ञानी जीव असाता का वेदन कर रहा है । धूप तीव्र होने पर या ठण्ड तीव्र पड़ने पर एक साथ वातावरण की असंख्यात जीव राशि मरण को प्राप्त हो जाती है। वर्षा में असंख्यात त्रस जीव बह जाते हैं, दब जाते हैं।’
‘दशा चारों गति की दयनीय, दया का किन्तु न यहाँ विधान।’ भवितव्य के सामने सभी असहाय हैं। इंद्र, शची, कुबेर सहित सारे देवगण देख रहें हैं, जान रहें हैं। अपनी योग्यता प्रमाण चिंतित, विकल्प पीड़ित भी हैं, परन्तु कुछ करने में असमर्थ हैं।
इंद्र मुस्कुरा रहा था। शची जिज्ञासु थी। आखिर ज्ञान में समाधान दिख रहा था । प्रत्येक जीव का जीवन-मरण, लाभ-हानि सब नियत है। किस जीव को किस तरह सुधार को प्राप्त होना है - यह निश्चित ही है। एक-२ पर्याय की काल लब्धि नियत है । संवर देव के वैर का अंत आना है। सम्यक्त्व का काल आना है। प्रभु को केवलज्ञान होना है। जिन जीवों की आयु पूर्ण होनी है या असाता से पीड़ित होना है उनके लिए अग्नि, जल, वायु, धूल, कांटे, जीव-जन्तु, वर्षा, पाषाणखंड निमित्त बन रहे हैं।
अज्ञानी उपसर्ग से नहीं अज्ञान से दुखी होते हैं और ज्ञानी अनुकूलता, यश आदि से नहीं सम्यग्ज्ञान से सुखी होते हैं।
समकिती देव अवधि ज्ञान में जानकर भी सहज निश्चिन्त रहते हैं और अज्ञानी मनुष्य कम्पित होते, शिकायत करते, रोते-बिलखते हैं। मनःपर्यय ज्ञानी प्रभु अपने विचक्षण ज्ञान का प्रयोग करके भी नहीं जानना चाहते कि क्या हो रहा है ? क्यों हो रहा है ? किसको कब तक कष्ट रहने वाला है ? वे किसी के समाधान के लिए कुछ करें या नहीं ? कोई प्रकार का विकल्प ही उत्पन्न नहीं हो रहा था। अहा! सर्वथा निर्विकल्प दशा का आनंद वर्त रहा था। प्रकृति में कभी एक समय को भी अन्याय नहीं होता तो किसी के प्रति रोष और तोष उत्पन्न ही कैसे हो सकता है ?
अन्य मिथ्यादृष्टि देव विचारने लगे – “देखो! आज तो मानो इसने इंद्र को भी पराजित कर दिया। जो इंद्र सदा इन महाश्रमण की सेवा में लगा रहता था वह भी आज न जाने कहाँ लुप्त हो गया। क्या ऐसा हो सकता है कि समर्थ इंद्र अवधि ज्ञान में इस उपसर्ग को न जान सका हो। अहो! यही संवर देव आज से प्रणम्य है।”
नोकर्मों की ओर से देखने वालों को ही उपसर्ग काल में दया, कर्तृत्व, मदद, बदला लेने, समझाने, बदलने, रोकने का भाव आता है परन्तु भाव कर्मों की ओर से देखने पर पूजा का भाव आता है और सब कुछ सुंदर भासित होता है। यह उपसर्ग-कसोटी पर कसने और परीक्षा किये जाने पर ही तो आत्मीक पवित्रता की प्रसिद्धि हुई है। अतः बुरा कुछ हुआ ही नहीं। उपसर्ग करने का भाव दया योग्य भी नहीं है क्योंकि अकर्ता जानते ही वह कर्म एवं दुःख दूर हो जाएगा। द्रव्य कर्मों की ओर से देखने पर नियोग बदलना असम्भव ही है । मारने, बचाने वाले के नियोग खचित अनिवार ही है। अतः स्वाध्यायी सदा सुखी होते हैं।
समकिती देव जानते थे, कर्मोदय में फेर-फार करने की सामर्थ्य इंद्र-नरेंद्र-जिनेन्द्र किसी में भी नहीं होती है। अतः इस समय कोई यहाँ आकर पार्श्वनाथ मुनि की रक्षा नहीं करेंगें। अतः संवर का मिथ्यात्व कर्तृत्व पुष्ट होता रहेगा परन्तु भ्रम के बादल शीघ्र ही छटेंगें।
इंद्र भूत-भविष्य का ज्ञाता होने पर भी कुछ करने में असमर्थ था, वह चाहकर भी न तो स्वयं कुछ कर पा रहा था और न ही किसी देव को ही मदद के लिए भेजने का विकल्प कर पा रहा था। अंततः वह भी भक्ति स्वाध्याय में मग्न हो गया और सही समय-परिणमन की प्रतीक्षा करने लगा।
उपसर्ग क्यों होता है ?
उपसर्ग होता ही कहाँ है। उपसर्ग अर्थात बाहर का प्रकरण-परिणमन । जिन पर भी उपसर्ग हुआ कहा जाता है उन्हें अपने पर उपसर्ग होता हुआ दिखा ही नहीं, अतः प्रतिकूलता की कल्पना तक न जन्मी, इसीलिए उसे दूर करने का विकल्प तक नहीं आया और करने वाले के प्रति रोष एवं बचाने वाले के प्रति तोष का भाव भी नहीं जन्मा ।
परमार्थ से देखो, तो दुखी होने वाले पर उपसर्ग होता है, वह नवीन बंध से दुखी होता है। यह दोनों लक्षण तो संवर देव पर ही घटित हो रहे थे न कि महाश्रमण पार्श्वनाथ पर । फिर किसकी की मदद करने का भाव किया जा सकता है। संवर स्वयं दुःख से जूझ रहा है एवं अल्पकाल में उसके दुःख का अभाव होने ही वाला है। समय से पहले उसे समझाया नहीं जा सकता है और समय आने पर वह स्वतः ही समझेगा अतः अन्य विकल्प निरर्थक ही है। शची ने शान्ति से समझाया तब अन्य देवियाँ संतुष्ट होकर इस अद्भुत वस्तु न्याय की प्रतीति करते हुए स्वानुभव की वृद्धि करने लगी।
बाह्य परिणमन में आशा-निराशा दोनों ही अकिंचित्कर है। निमित्तपने का आरोप भी उपदेश शैली अनुसार बदल जाता है यथा - उपसर्ग होना अच्छा है क्योंकि केवलज्ञान हो जाता है । तो कभी कहते हैं जब उन पर तक उपसर्ग हुआ तो तुम किस खेत की .. मिट्टी..हो । जिस पर गुजरती है वही जानता है बेचारे … ! कष्ट उठाने का नाम मोक्षमार्ग है। नपुंसक-कायर जीव विचारते हैं समता आसान नहीं है जब चतुर्थ काल में यह दशा है तो आज तो क्या होगा ? समता ७ दिन तक तो उन्हें भी नहीं थी अन्यथा केवलज्ञान सातवें दिन ही क्यों हुआ ? जरूर उपयोग भटक रहा होगा परन्तु भवितव्य एवं तत्समय की योग्यता जाने बिना यह अज्ञान एवं कल्पना मिथ्यात्व पुष्ट करती रहेगी। वे समता समुद्र में ही मग्न रहे परन्तु पाँचों समवाय मिलते ही काम होता है ऐसे जानने वालों को पर्याय में बिलम्ब एवं शीघ्रता की कल्पना ही उत्पन्न नहीं होती है ।
नाग नागिन
जलते नाग नागिन को तो पार्श्वनाथ ने नमस्कार मन्त्र सुनाकर तारा ।
उन्हें देखते ही जाति स्मरण हो आया …
“मैं पिछले भव में मैं कन्दालपुर का राजा था । मैं अपनी सबसे छोटी रानी मूंगा, जो मुझसे ४० साल छोटी थी, में बड़ा आशक्त था …दिन रात रति चेष्ठाओं में डूबे रहने में मनुष्य भव की सार्थकता लगती थी। मैं अन्य रानियों को विस्मृत कर चुका था। आत्म हित का भाव ही न जागा …मन करता था सदा आबद्ध रहूँ - इससे लिपटा रहूँ …एक पल भी जुदा न होऊँ … जब भी उससे पृथक होता, भोजन पूजन अथवा राजकाज करता तो भी यही भावना भाता कि मैं उससे एक पल को भी पृथक न रहूँ। स्पर्श सुख की तृष्णा कभी पूरी न हुई …एक दूसरे को देखने … बातों में देह ही रुग्ण हो गई …सब मेरे रोगों की कथा से घृणा करने लगे … कामी पापी के रोगों को कौन सुनना पसंद करता है … इन भावों से नाग नागिन के रूप में जन्मा … एक ही माँ से जन्में … मेरी नागिन माँ ने मेरे कितने ही भाई-बहिनों को जन्मते ही खा लिया … हम दोनों उसके चंगुल से छूटकर … वृक्ष के तने में समा गये … बड़े दिनों तक पोले वृक्ष की खोह में रहे … एक दूसरे से सटे हुए … जगह न होने पर भी एक दूसरे के साथ देते हुए आनन्द से रह रहे थे … वह मुझे फुस कहकर पुकारती और मैं उसे सूं फुस … मेरे भी बच्चे होने लगे …मेरी पत्नी नागिन वह भी जन्मे हुए अण्डों को खाने लगती थी … क्योंकि अंडे देते ही वह भूख से व्याकुल थी … मैं उसे कुछ न दे सका तो उसने सन्तान को ही खा लिया। मेरी पत्नी से मैं नाराज हो गया था … कुछ भी हो अपनी सन्तान तो नहीं खाना चाहिये … परन्तु हाय! यह नीच दशा … कहाँ मैं मनुष्यगति में सुंदर स्वाधीन प्रतापी राजा, देव शास्त्र गुरुओं का समागम, समवसरण में जाकर देव पूजन एवं दिव्य ध्वनि का श्रवण …ओह ! मात्र एक मैथुन संज्ञा ने मुझे कितना पतित कर दिया जिसके लक्ष्य से मैं पतन को प्राप्त हुआ आत्म साधना न कर सका, रत्नत्रय न पा सका और अब भी मैं इसके साथ जीवन मरण को प्राप्त हो रहा हूँ।
हाय ! हम दोनों एक साथ जन्मे और आज एक साथ मर रहे हैं … यह देह हम नहीं हैं … आत्मा हैं हम, यह महात्मा का बड़ा परोपकार है जो इन्होंने हमारा उद्धार किया। देह में भारी जलन है … श्वास लेना भारी पड़ रहा है… अब हिलने की भी शक्ति न बची … आधा शरीर तो कट ही चुका था … रक्त निःशेष रह गया … जिह्वा में एवं आँखों की पुतलियों में हिलने की शक्ति न रही और अंतिम श्वास के साथ ही स्वर्ग को प्रयाण किया।”
स्वर्ग में अंतर्मुहूर्त में पर्याप्ति पूर्ण होने पर विकल्प आया – “ओह ! मैं यहाँ कैसे आ गया ? अकृत्रिम जिनबिम्ब की पूजा-अर्चना करने के बाद मैं स्वस्थ हुआ। मैं धरणेन्द्र और मेरी पत्नी पद्मावती बनी। हम दोनों अभी तक मिथ्यादृष्टि ही थे।”
नाग नागिन की पर्याय में उपकृत जीवों को ऋण से उऋण होने का भाव आया, उपकार करने का नहीं। तीन लोक के नाथ पर कोई कैसे उपकार कर सकता है ! वह धरणेन्द्र भी अपने मूल शरीर को स्वर्ग में ही छोड़कर मात्र विक्रिया से प्रभु को जल में डूबने से बचा रहा था और सदा सुरक्षित चरम देह को बाह्य उपसर्ग से बचाने के संकल्प मात्र की पूर्ति करने हेतु पद्मावती ने विशाल छत्र मंडप फैला दिया था। इन्हें भी संवर नामक देव का सामना करने, लड़ने और समझाने का भाव नहीं आया क्योंकि पार्श्वनाथ एवं संवर के बीच कर्मों के नियोग को बदलने में कोई समर्थ नहीं था, तब ही तो कोई आया नहीं। स्वयं असमर्थ हो तो इन्द्र आदि को बुलाना चाहिए परन्तु इन्द्र आदि समर्थ देवों को भी बुलाने का भाव नहीं आया। काल लब्धि आने पर स्वतः ही सारे योग बनते हैं।
धरणेंद्र ने विचारा – “नियोग में मुझे कर्म बंध से बचाया तो प्रभु इसके फल में निर्जरा को प्राप्त हो रहे हैं और बाह्य देह की रक्षा करने के मात्र संकल्प-विकल्प शेष हैं … वे तो सदा सुरक्षित देह के धारी हैं … असाता का उदय जिन्हें छू भी नहीं सकता है । मेरा तो नाम व्यर्थ ही लोग अज्ञान वश पुकारते हैं। उनके समागम और कृपा से तिर्यंच गति में भी और आज भी मैं कृतार्थ हुआ हूँ।
यथा समय केवलज्ञान का प्रकाश हुआ और सब ओर प्रकाश फ़ैल गया। सब ओर अर्थात मोक्षमार्ग का सम्यक् ज्ञान का उजाला फैलकर अज्ञानतम को दूर करता हुआ। बाहर में भी प्रातः काल का नवीन दिनकर अपने सम्पूर्ण आभा मंडल के साथ प्रभु के दर्शन करने आ गया। चन्द्र मानो यह कहकर लुप्त हो गया कि मैं अन्धकार में रहता हूँ परन्तु अन्धकार का साथी नहीं हूँ। मैं भी प्रभु की सुख शान्ति का संदेश देने के लिए अन्धकार में पड़े भव्य जीवों को मार्ग दिखाने के लिए ही जा रहा हूँ परन्तु मेरे हृदय में प्रभु का दिखाया मार्ग ही पूज्यता को प्राप्त है।
आज दो सूर्य देखकर सारा भूतल आनंदित हो रहा था। एक सूर्य आकाश में, तो एक सूर्य समवसरण के रूप में था।
आश्चर्य चकित हुआ संवर देव विचारने लगा – “अरे यह क्या ! मैं अभी तक जिन पर ज्वालायें बरसा रहा था और अपनी विजय पर मुसकुरा रहा था परन्तु ये तो हारकर भी जीत गये । अब तो कषाय हार गई, वीतरागता जीत गई । क्रोध हार गया, क्षमा जीत गई। मुझे खेद क्लेश बंध के सिवाय क्या मिला पर इन्हें तो त्रैलोक्य प्रभुता और शाश्वत सुख की प्राप्ति हो गई ।”
उसे पिछले जन्मों के सारे दृश्य अवधि ज्ञान में झलकने लगे। “ हाय! यह मैंने क्या किया ? हाय! यह कैसा अज्ञान.. कैसी मूढ़ता.. मैंने अपने ही छोटे भाई की पत्नी, जो पुत्री समान कही गई, उसके साथ दुराचार किया और फिर भी उसको ही दुःख देता रहा। मैं समझता था - यह जिन्दा न होता तो इसकी स्त्री मेरे ही वश रहती और मैं निरंतर निराबाध रूप से भोगता इसलिए उसके सर पर पत्थर पटक दिया । परन्तु हर भव में वह शांत ही रहा। उसने ज्ञान बढ़ाया, राग को दुःख का कारण जानकार मिटाया और आज पूर्ण विजय को प्राप्त हो गया और मैंने स्त्री सम्बन्धी राग को भी नहीं जीत पाया। इतने भवों तक राग की पूर्ति हेतु पूज्य पद को प्राप्त साधनारत मुनि दशा में भी उपसर्ग करके मिटाता रहा। देखो मेरी मूर्खता ! वह स्त्रीदेह एवं उसकी आत्मा तो उस भव के बाद कहाँ गयी पता नहीं। जिस देह ने भोग की कल्पना की थी वह देह भी कब की परमाणु स्कन्ध रूप बिखर गई, परन्तु उन परिणामों का फल कितना दुस्सह है। हाय! इन भोगों की कल्पना में देह-मन-वाणी को कुछ न मिला परन्तु मैं जन्मान्तरों तक कष्ट उठा रहा हूँ। देखो तो! मेरा ही भाई पिछले जन्म में मेरी पुत्री वामा की सन्तान हुआ जिसे मैंने गोद में लेकर उत्सव मनाया था। इन्द्रों-देवों ने आकर जिसका पांडुक शिला पर अभिषेक किया था। मैं कितना प्रसन्न था कि मेरा ही नाति तीर्थंकर बनेगा परन्तु जल्दी मोक्ष जाने के चक्कर में मैं उसके केवलज्ञान का इन्तजार भी न कर सका । धिक्कार है इन भावों को ! मैं तब भी भवितव्य का मारा कुलिंगी साधु ही हो गया। उस समय भी कुमार ने मुझे बचाने का प्रयास किया परन्तु मैं ही अपने मिथ्या तप के अहंकार-ताप में जल रहा था। यज्ञ समिधा में जलते नाग-नागिन को भी इसने ही बचाया।”
“जो सदा मेरे आसपास रहा, मेरा हितैषी रहकर कर्म खिपाता रहा और मैं उस पर ही संकट ढहाकर पाप बंध ही करता रहा । आज भी घोर उपसर्ग करके मैं उसके भगवान् बनने के मार्ग में बाधक बनना चाह रहा था।"
“ परन्तु आप धन्य हैं प्रभो ! मुझे क्षमा करें। अभी तक आप मेरे पास थे, अब मैं आपके पास रहूँगा। आज तक आपने मुझे क्षमा किया था परन्तु आज मैं मांग रहा हूँ। मैं एक पल भी आपके श्री चरणों से दूर नहीं जाऊंगा। वह अश्रुपात करके अपने दोषों की निंदा गर्हा करके समस्त पापों का मानो प्रक्षालन ही कर रहा था।
यथा समय भगवान् की दिव्य ध्वनि सुनकर उसने अपने को परमात्मा समान दिव्य आत्मा का अनुभव किया। जन्मान्तरों में श्रमण रूप धारण कर चिरकाल के लिए सिद्ध शिला का अधिकारी बन जाएगा ।
पार्श्वनाथ की विजय यात्रा पूरी हुई, तो उनके साथ संवर की विजय यात्रा प्रारम्भ हो गई। एक भगवान् बने तो एक भक्त बन गया। वाह ! मोक्षमार्ग स्तुत्य ही है, इसमें सदा भगवान्-भक्त की श्रृंखला बनी रहेगी।
पार्श्वनाथ पुराण से शिक्षा
प्रायः हम देखते हैं कि जो व्यक्ति गलत काम करता है वही निर्दोष दिखने वाले पर भवान्तर में भी उपसर्ग करता हुआ दिखाई देता है जिससे हमको अन्याय सा भासित होता है। परन्तु जैन शासन-वस्तु व्यवस्था में अन्याय को स्थान ही नहीं हैं तो हम क्यों एक पक्षीय द्वेष करते रहें और एक को दया का पात्र समझ कर सहानुभूति देकर एक पक्षीय राग करते रहें। आईये निम्न भव दर्शक चार्ट से समझें -
सीता के जीव का रावण से वैर नहीं हैं जबकी उसको पिछले भव से ही हेरान कर रहा है। राम को सीधे कोई वैर नहीं हैं फिर भी लक्षमण के हाथों मरा जा रहा है। इन सबके गणित सुलझाने चाहिए। जो चारों अनुयोगो से हल होंगें।
राजा गुरुदत्त ने सिंह को गुफा जलाया। आनंद पूर्वक आनंद के लिए नहीं मात्र किसानों ग्राम वासियों की रक्षणार्थ जो कि विरोधी हिंसा मात्र है। फिर भी सजा अकेले राजा को मुनिदशा में भोगनी पड़ी। इसका भी विचार चारों अनुयोगो से हल होंगें।
जैसे पोदनपुर के राजा अरविन्द का मंत्री कमठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी वसुन्धरी के साथ बलात्कार किया। और वही अपने छोटे भाई मरुभूती पर निरंतर १० भव तक उपसर्ग भी करता रहा । जबकि होना तो यह चाहिए था कि वसुन्धरी के जीव ने इसका बदला अगले भवों तक कमठ के जीव से लिया होता, परन्तु ऐसा नहीं हुआ।
जबकि हुआ उलटा बड़े भाई की पत्नी वरुणा का जीव मरकर मरुभूति के जीव के साथ हाथी की हथिनी बनी । स्वयं की पत्नी का कोई पता ही नहीं चला पूरे पुराण में।
इससे सिद्ध हुआ कि
१- मरुभूति के जीव ने वरुणा के प्रति कामना करके नियोग बाँधा होगा और इधर वरुणा को भी देवर के प्रति सहानुभूति सहित अपनत्व रहा होगा । भाभी के जीव को देवर के प्रति आकर्षण एवं सहानुभूति का होना स्वभाविक ही है। उसे अपने पति के कृत्यों के प्रति घृणा होने से भविष्य में उसकी पत्नी बनने का बंध न हुआ होगा इसीलिए मरुभूति का हाथी की पर्याय में जन्म होने पर भाभी का जीव हथिनी के रूप में सम्मेद शिखर जी के जंगल में उत्पन्न हुआ। किसी भी जीव के साथ स्थायी सम्बन्ध नहीं है। इससे पञ्च परावर्तन में पत्नी ही माँ बन जाती है और माँ ही पत्नी अथवा बहिन । अतः प्राग्भाव देखना ही सार है।
२- अपनी पत्नी के साथ दुराचार करने पर अंदर से बड़े भाई के प्रति घृणा रही होगी और अंदर में अपनी पत्नी के प्रति भी पतिपने का भाव नष्ट हो गया होगा जिसमें अचम्भा भी नहीं है। सुंदर होने पर भी चरित्र हीन नारी को पति भोगना पसंद नहीं करता है।
३- मरुभूति ने लोक व्यवहार में ऊपर से क्षमा करके घर चलने का निवेदन कमठ से किया होगा। कहने के ढंग में घृणा सहित वचन आये होंगे। बात बढ़ते-२ झगडा बड़ा होगा तब मारपीट की नौबत आई होगी और कमठ ने पास में पड़े बड़े पत्थर को उठाकर सर पर दे मारा होगा जिससे मरुभूति का सर फट गया होगा।
४- वसुंधरी ने अपने पति को घायल अवस्था में सम्बोधन करके सम्हालने की कोशिश की होगी परन्तु पत्नी के इस व्यवहार में भी उसे मायाचार की गंध आ रही होगी क्योंकि वह सब ही से वैर मिटाने के लिए सम्बोधन कर रही होगी जैसे -“बड़े भाई के प्रति भी वैर न रखना। मेरे ही पापोदय में यह सब हुआ है, आपकी भी आयुष्य का अंत निकट है अतः समता रखकर नमस्कार मन्त्र का ध्यान करके गति सुधारो । वैर भाव का फल अनंत जन्मों तक जाता है अतः सावधान होओ ।
५- इधर कमठ को बलात्कार के बाद हुए अपमान, राजदंड, परस्त्री के साथ-२ स्वस्त्री का भी भोग छूटना, नगर में बच्चे-२ की जवान पर अपयशगाथा सुन-सुन कर होने वाले मानसिक कष्ट का अनुमान लगाया जा सकता है। मंत्री पद का छिन जाना और वह भी छोटे भाई को मिल जाना अखर रहा होगा। हर तरह से सब कुछ खोना और भाई को राजा की सहानुभूति सहित मंत्री पद मिलना - यह सब किसे बर्दाश्त हो सकता है। अतः इस मनोमालिन्य वश कर्मों का बंधन प्रचुर हुआ, जिसके फल में सर्प बना, ५ वे नरक गया, फिर अजगर बनकर मुनि अवस्था में मुनि रश्मिवेग को लील गया। ६ठे नरक में २२ सागर की सजा भुगती, फिर वहां से चयकर विदेह क्षेत्र में कुरंग भील बना और मरुभूति का जीव को चक्रवर्ती बनकर मुनि दीक्षा लेने पर तीर चलाकर मार डाला | जिससे स्वयं २७ सागर को नरक गया और भाई का जीव २७ सागर को मध्यम ग्रैवेयक में गया। वहां से निकलकर अयोध्या में सिंह बना तो मरुभूति का जीव अयोध्या में ही राजा बना और मुनि दीक्षा लेकर तीर्थंकर प्रकृति बाँधी और सिंह द्वारा खाया गया । सिंह फिर २० सागर के लिए ५वे नरक गया और मरुभूति का जीव भी इतनी ही आयु लेकर प्राणत स्वर्ग में गया। नरक से निकलकर इतना पुण्य बांधकर आया कि पार्श्वनाथ का नाना बना, फिर भी उनका विरोध नहीं छूटा। यहाँ भी अपने ही नाति का विरोध किया। इससे पहले गर्भ-जन्म कल्याणक देखकर भी तीर्थंकर एवं जैन धर्म आदि का श्रद्धान न करके कुतप ही किया और स्वर्ग में संवर नाम का देव बना और दीक्षा कल्याणक देख-सुनकर भी भाव नहीं सुधरे । अवधिज्ञान में भी उल्टा ही देखा, उपसर्ग किया और फिर केवलज्ञान होने पर देवोपुनीत समवसरण देखकर भाव बदले तब जाकर सम्यक्त्व लिया।
६- कर्मों की सजा इतनी लम्बी कमठ के जीव ने ही तो भुगती है, दूसरी ओर मरुभूति ने भेदविज्ञान के फल में स्वयं के परिणाम सुधारे । कमठ के जीव ने पूरे जीवन तो मरुभूति को कोई कष्ट नहीं दिया मात्र उसकी आयु पूर्ण होने पर ही मरण समय निमित्त बना। मरण समय कोई न कोई निमित्त तो निरंतर ही देखा जाता है। अतः वैर भाव का कष्ट भोगने वाले मरुभूति ने न्यायपूर्ण अर्थात् उपसर्गकर्ता से कम ही कष्ट भोगा, दूसरी ओर कमठ तो सदा ही तिर्यंच, नारकी, भील बनता हुआ अंत में नाना बनने पर भी कुतप किया जिसके फल में कुदेव ही हुआ।
७- चाहकर भी भाव एवं कर्म बदले नहीं जा सकते। अज्ञात खचित-नियत योग्यतानुसार ही बंध एवं भाव होते हैं। अतः फेरफार का भाव व्यर्थ ही है। देखो परिणामों की स्वतन्त्रता ! पार्श्वनाथ के नाना बनने की नियति अनुसार कमठ के जीव को गति अनुसार मति हुई है न कि तीर्थंकर की महिमा जानकर उनके नाना बने ।
८- लकड़ी में जलते नाग-नागिन को जान-बूझकर नहीं जलाने से स्वर्ग में जाने पर भी कमठ के जीव से बदला लेने का भाव धरणेन्द्र-पद्मावती को नहीं आया।
९- बचाने का विकल्प न ही इंद्र को आया और न उसे धरणेन्द्र-पद्मावती को सूचित करने का भाव आया । जिसका नियोग न हो उसे जानकारी होने पर भी विकल्प नहीं आता है। परन्तु बचाने के भाव से पार्श्वनाथ ने जो पुण्य बंध किया था उसके उदय में ही उन्हें बचाने का भाव आया, वह भी अंतिम दिन क्योंकि स्वयं भी जल तो चुके थे परन्तु नमस्कार मन्त्र/ सम्बोधन अंत में मिला ।
१०- धरणेन्द्र पद्मावती का पार्श्वनाथ पर क्या उपकार हुआ ? विचारिये ! अतः उनकी पूज्यता या सहयोग मदद करने का कारणपना सिद्ध नहीं होता जिससे गृहीत मिथ्यात्व दूर होता है।
११- किसी भी परिस्थिति में क्षोभ न करके भेदविज्ञान करना ही सार है।
१२- परिणाम किये/ बदले नहीं जा सकते। गति अनुसार मति एवं बंध होता है तो क्षोभ व्यर्थ सिद्ध होने से समता भाव आता है।
१३- सुभाषित – व्यंतर बाधा से बचने का उपाय भेदविज्ञान ही है। किसी भी जीव का शोषण मत करो, अन्याय का त्याग करो, उदय से बचने का उपाय बंध से बचना है, द्रव्य-गुण-पर्याय की स्वतन्त्रता का विचार/प्रतीति ही मोक्षमार्ग है।
१४- पत्नी के जीव का आगे क्या हुआ, कुछ पता नहीं चला परन्तु उसके राग में इतनी बड़ी कथा दोनों ने भुगती । अतः दोनों का स्त्री मात्र के प्रति का राग व्यर्थ है।
१५- कथा मात्र को प्रमाण मानने पर जैन शासन विरोधी श्रद्धान-ज्ञान-आचरण प्रवर्त सकता है अतः सावधानी की जरुरत है। कथा का उद्देश्य स्थूल प्रेरणा देना मात्र है। उसे करणानुयोग, चरणानुयोग, द्रव्यानुयोग से मिलाकर प्रमाण करना चाहिए।
१६- कृत्यों (औदयिक भावों) को मुख्य न करके ही समता भाव उत्पन्न हो सकता है। पुराणों का उद्देश्य राग-द्वेष कराना नहीं वरन हेय प्रवृत्ति से छूटने एवं उपादेय प्रवृत्ति को स्वीकार कराना है। कमठ से द्वेष न करो, उसने तो आप पर उपसर्ग भी नहीं किया। जिन पर उपसर्ग किया वे तो समता के आनंद में झूल रहे थे और उपसर्गकर्ता अभी समर्पित होकर सम्यक्त्व ले लेगा अर्थात भविष्य का भगवान् है आप उसकी पूजा करेंगे।
१७- वर्तमान के खलनायकों से भी द्वेष-घृणा योग्य नहीं है। भूतकालीन रावण मोक्षगामी है, मात्र सीता हरण के कारण द्वेष ठीक नहीं। सीता के जीव ने रावण को सम्यक्त्व कराया। भविष्य में परिवार के सदस्य बनकर, इष्ट/ परिजन बनकर तीर्थंकर-गणधर बनकर मोक्ष जायेंगे । “रावण ने आपकी सीता नहीं हरी।"
