क्षमा कविता | Kshama

क्षमा : दूसरे को नहीं, स्वयं को मुक्त करने की कला
क्षमा कृपा नहीं, परोपकार नहीं, स्वार्थ है, आत्मोद्धार है

  • परमात्म प्रकाश भारिल्ल

हम सदियों से दूसरों को बदलने में लगे हैं.

किसी ने तुम्हें कुछ कह दिया, हम वर्षों तक उसे याद रखते हें.

किसी ने मेरा अपमान किया, हम कहते हें, “मैं उसे कभी क्षमा नहीं करूँगा”.

किसी ने मेरे साथ अन्याय किया, भीतर एक गाँठ बन जाती है.

फिर मैं उस आदमी के साथ नहीं, बल्कि उसकी स्मृति के साथ जीता हूँ.

वह आदमी शायद भूल भी चुका है कि उसने मेरे साथ क्या किया था, लेकिन मैं नहीं भूल पाता.

क्यों?

क्योंकि घटना बाहर घट चुकी है, लेकिन मैंने उसे भीतर जीवित रखा है.

यही क्रोध की विडंबना है.

मैं सोचता हूँ कि मैं उसे दंड दे रहा हूँ, लेकिन वास्तव में मैं स्वयं अपने को ही दंडित कर रहा होता हूँ.

दूसरे ने एक बार मुझे चोट पहुँचाई थी, उस चोट को हजार बार दोहराता हूँ.
दूसरे ने एक बार मेरा अपमान किया, मैं याद करके उसे प्रतिपल जीता हूँ.

तो चोट किसने दी?

भले ही दूसरे ने.

लेकिन चोट को जीवित कौन रखे हुए है?

मैं स्वयं.

यहीं से क्षमा का द्वार खुलता है.

क्रोध की जड़ कहाँ है?
ये जीव बाहर की ओर इतना देखता रहा कि उसे अपने भीतर देखने का अवसर ही नहीं मिला.

किसने मुझे दुख दिया?
किसने मेरा अपमान किया?
किसने मेरा नुकसान किया?
किसने मेरे साथ अन्याय किया?

पूरा जीवन इन्हीं प्रश्नों में निकल जाता है.

लेकिन अब प्रश्न बदलना चाहिए.

किसने मुझे दुख दिया?

ऐसे प्रश्न से पहले पूछो -

दुख कहाँ पैदा हो रहा है?

और फिर उससे भी गहरा प्रश्न -

मैं कौन हूँ?

यहीं अध्यात्म प्रारंभ होता है.

जब तक दृष्टि बाहर है, तुम कर्ता खोजते रहोगे.

कोई तुम्हारा सुख का कर्ता होगा, कोई दुख का.

कोई तुम्हारा मित्र होगा, कोई शत्रु.

लेकिन जैसे ही तुम आत्मा की ओर लौटते हो, एक दूसरी दृष्टि पैदा होती है।

तुम देखते हो -

मैं अपने स्वभाव में अकर्ता हूँ.

परद्रव्य अपने स्वभाव में स्वतंत्र हैं.
उनकी परिणतियाँ उनके कारण से होती हैं, और मेरी परिणति मेरे कारन से.
तब दूसरे के प्रति तुम्हारी पकड़ ढीली होने लगती है.

बस यही पकड़ का छूटना क्षमा है.

दूसरे को कर्ता मानना ही क्रोध का बीज है
तुम कहते हो -

“उसने मुझे दुख दिया.”

यही वाक्य घातक है.

क्योंकि इसमें केवल शिकायत नहीं है, इसमें वस्तु-स्वभाव की एक भूल छिपी है.

तुमने दूसरे को अपने सुख-दुख का कर्ता बना दिया.

फिर जब उसने तुम्हारे अनुसार अच्छा नहीं किया तो क्रोध पैदा हुआ.

तुमने कहा -

“उसने ऐसा क्यों किया?”

लेकिन स्वभाव पूछता है -

“तुमने उसे अपने भीतर इतना अधिकार दिया ही क्यों कि वह तुम्हारे भावों का कर्ता बन जाए?”

वह जो है, वह है.

उसकी परिणति उसकी है.

तुम्हारी परिणति तुम्हारी है.

उसका राग-द्वेष उसका है.
उसका कर्म उसका है.

और तुम्हारा क्रोध?

वह तुम्हारा है.

यही समझ धीरे-धीरे जीव को दूसरे से निरपेक्ष बनाती है.

निरपेक्ष का अर्थ उदासीन या पत्थर हो जाना नहीं है.

निरपेक्ष का अर्थ है -

दूसरा जैसा है, उसे वैसा रहने देना और अपनी आत्मा को उसके हाथों गिरवी न रखना.

अपनी स्वतंत्रता ना छोड़ना.

क्षमा का अर्थ क्या है?
क्षमा का अर्थ यह नहीं है कि तुमने दूसरे को अपराध से मुक्त कर दिया.

क्षमा का अर्थ यह भी नहीं कि जो हुआ वह अच्छा था.

और क्षमा का अर्थ यह भी नहीं कि तुम अन्याय को स्वीकार कर लो.

क्षमा का सबसे गहरा अर्थ है -

मैं अब तुम्हारे कर्म का भार अपने हृदय में लेकर नहीं चलूँगा.

तुमने जो किया, वह तुम्हारा है.

उससे मेरे भीतर जो क्रोध पैदा हुआ, वह मेरा है. विभव ही सही.

अब मैं अपने क्रोध को भी तुम्हारे नाम पर नहीं रखूँगा.

मैं उसे छोड़ता हूँ.

यही क्षमा है.

और इसलिए क्षमा किसी दूसरे के लिए नहीं, अपने लिए है.

क्षमा करके तुम किसी पर उपकार नहीं करते हो.
यह बात बहुत महत्वपूर्ण है.

जब कोई कहता है -

“मैंने उसे क्षमा कर दिया.”

तो कभी-कभी उसके भीतर भी अहंकार छिपा होता है.

“देखो, मैं कितना महान् हूँ! मैंने उसे क्षमा कर दिया.”

नहीं।

यह क्षमा नहीं है.

वास्तविक क्षमा में कोई महान् नहीं बनता.

वास्तविक क्षमा में केवल भारहीन होता है.

तुम्हारे हाथ में पत्थर था, तुम उसे वर्षों से पकडे हुए थे.

तुम्हें लगता था कि यह पत्थर दूसरे को मारने के लिए है, लेकिन हाथ तुम्हारा दुखने लगता है.

किसी ने कहा -

“इसे छोड़ दो”

तुमने पत्थर छोड़ दिया.

अब क्या तुमने दूसरे पर उपकार किया?

नहीं

तुम्हारा हाथ हल्का हुआ.

क्षमा ऐसी ही है.

इसलिए कहा गया है कि -

दूसरे को क्षमा करके हम निर्भार हो जाते हैं.

और क्षमा माँगना?
क्षमा माँगने में भी यही रहस्य है.

जब तक मेरे अथवा तुम्हारे भीतर यह भय है कि “मैंने किसी को दुख दिया है, वह कभी मुझे क्षमा नहीं करेगा”, तब तक भीतर एक संबंध बना रहता है.

अपराध और भय का संबंध.

क्षमा माँगना उस गाँठ को खोलने का साहस है.

इसलिए

क्षमा करके निर्भार, क्षमा माँगकर निर्भय हो जाना श्रेष्ठ है.

एक में प्रतिशोध का भार गिरता है
दूसरे में भय का भार.

और जब दोनों गिरते हैं तो संबंध का विष समाप्त होने लगता है.

क्रोध जलता हुआ कोयला है.
कल्पना करो, तुम्हारे हाथ में जलता हुआ कोयला है.

तुम कहते हो -

“मैं इसे दूसरे पर फेंकूँगा”

लेकिन वह तुम्हारा हाथ जला रहा है.

क्रोध ऐसा ही है।

तुम सोचते हो -

“मैं उसे जलाऊँगा”

लेकिन क्रोध की पहली आग तुम्हें जलाती है.

दूसरा व्यक्ति तुम्हारे भीतर उपस्थित भी नहीं हो सकता, फिर भी उसका नाम लेते ही तुम्हारा चेहरा बदल जाता है, साँस बदल जाती है.

वह कहाँ है?

बाहर कहीं.

लेकिन तुमने उसे अपने भीतर जगह दे रखी है.

क्षमा उस व्यक्ति को बाहर निकालना नहीं है, क्योंकि वहां कोई है ही नहीं.

क्षमा यह देख लेना है कि -

“मैं क्यों किसी दूसरे की स्मृति को अपने भीतर अपना स्वामी बनाए बैठा हूँ?”

और जैसे ही यह दिखता है, क्रोध का आधार टूटने लगता है.

“मैं उसका कुछ बिगाड़ सकता हूँ” - यह भी एक भ्रम है.
हम सोचते हैं -

“मैं उसे सबक सिखा दूँगा”

“मैं उसका नुकसान कर दूँगा”

“मैं उससे बदला लूँगा”

लेकिन वस्तु-स्वभाव की दृष्टि से देखो!

किसी जीव की परिणति उसके अपने कर्म के उदय और उसके अपने उपादान से होती है.

तुम किसी के निमित्त बन सकते हो, लेकिन उसके आत्म-स्वभाव के कर्ता नहीं बन सकते.

यदि उसके शुभकर्म का उदय है, तो केवल तुम्हारी इच्छा से उसका शुभ फल कैसे नष्ट हो जाएगा, उसे अशुभ फल कैसे मिल जाएगा?

और यदि तुम्हारे हाथ में सचमुच यह शक्ति होती कि तुम किसी के कर्मफल को अपनी इच्छा से बदल देते, तो फिर कर्म-सिद्धांत और वस्तु-स्वभाव का क्या होता?

यहीं से एक अद्भुत निर्भयता पैदा होती है.

तुम देखते हो -

मैं दूसरे का भाग्य लिखने वाला नहीं हूँ.
दूसरा मेरा भाग्य लिखने वाला नहीं है.

तब बदला लेने की आवश्यकता कहाँ रह जाती है?

क्षमा कायरता नहीं है.
यह बात भी स्पष्ट होनी चाहिए.

क्षमा का अर्थ यह नहीं कि अन्याय के सामने चुप रहो.

तुम चुप रह भी नहीं पाओगे. तुम्हारी भूमिका के अनुसार तुम्हें इन्हें रोकने का भाव आयेगा ही आयेगा.

अहिंसा का अर्थ अन्याय को बढ़ावा देना भी नहीं है.

तुम्हें अपनी सुरक्षा करने का विकल्प आयेगा ही आयेगा.

अपने आपको सुरक्षित करना गलत नहीं है.

तुम किसी गलत कार्य को रोक सकते हो.
आवश्यक हो तो दृढ़ता से रोक सकते हो.
व्यवस्था कर सकते हो.
न्याय की प्रक्रिया अपना सकते हो.

लेकिन भीतर यह जहर न रखो -

“मैं ऐसा इसलिए कर रहा हूँ कि मैं उसे जला दूँ”

बाहर से वही क्रिया तब भी होगी, लेकिन भीतर की भावना बदल जाती है.

एक व्यक्ति दंड देता है बदले से, दूसरा व्यक्ति वही व्यवस्था करता है विवेक से.

बाहर दोनों एक जैसे दिखाई दे सकते हैं.

लेकिन भीतर दोनों की दुनियाएँ अलग हैं.

यही धर्म का क्षेत्र है.

उत्तम क्षमा कहाँ पैदा होती है?
जब तुम्हें यह अनुभव होने लगता है कि -

“मैं आत्मा हूँ”
मेरा स्वभाव अनंत गुणों से सम्पन्न है.
मैं अपने स्वभाव में अकर्ता हूँ.
परद्रव्य अपने स्वभाव में स्वतंत्र हैं.
दूसरे की परिणति मेरी सत्ता से संचालित नहीं होती.
और मेरी परिणति दूसरे की इच्छा से निर्धारित नहीं होती.

तब क्षमा कोई अभ्यास नहीं रह जाती.

तब क्षमा सोच-समझकर नहीं करनी पड़ती.

तब क्षमा स्वाभाविक परिणाम बन जाती है.

तब तुम्हें किसी को क्षमा करने के लिए अपने मन को समझाना नहीं पड़ता.

तुम बस देखते हो और हँस देते हो -

“मैं इतने वर्षों से किससे लड़ रहा था?”

और तब शायद पहली बार पता चलता है कि शत्रु बाहर नहीं था, मेरी अपनी मान्यता में था।

क्षमा का अंतिम रहस्य
इसलिए प्रश्न यह नहीं है कि -

“मैं उसे क्षमा करूँ या नहीं?”

इससे भी बड़ा प्रश्न है -

“मैं अपने भीतर क्रोध को रखकर स्वयं को क्यों जलाता रहूँ?”

तुम्हें क्षमा इसलिए नहीं करनी कि सामने वाला क्षमा के योग्य है.

तुम्हें क्षमा इसलिए करनी है क्योंकि तुम सुख के योग्य हो.

तुम्हें क्षमा इसलिए नहीं करनी कि दूसरे पर उपकार करना है.

तुम्हें क्षमा इसलिए करनी है कि अपने हृदय को भार से मुक्त करना है.

तुम्हें क्षमा इसलिए नहीं करनी कि दूसरा जीत जाए.

तुम्हें क्षमा इसलिए करनी है कि तुम अपने भीतर हारते न रहो.

और अंततः क्षमा का सबसे सुंदर रूप यह है कि एक दिन तुम्हें यह भी याद नहीं रहता कि किसे क्षमा किया था.

क्योंकि जिसे याद रखना पड़े, वहाँ अभी गाँठ बची है.

जिस दिन गाँठ पूरी तरह खुल जाती है, उस दिन न शत्रु बचता है, न बदला, न शिकायत.

बस एक स्वतंत्र आत्मा बचती है.

और वही उत्तम क्षमा है.

पर्वाधिराज दशलक्षण महापर्व के अवसर पर
धर्म के दश लक्षणों में प्रथम - उत्तम क्षमा का प्राथमिक स्वरूप
15.09.2026