कषायों से | Kashayon se

मलिन हुआ कषायों से,
नित्य मलिन किया ध्यानन को।
कषाय प्रचुरता उमड़ी,
आर्त रौद्र मलिन मन को।

जलाया निज को ही मैंने,
क्रोध की सिगड़ी पर।
झुलस गया मन मेरा,
क्रोध की अग्नि में।
तपाया खुद को भी बहुत,
लपटें औरों तक पहुँची,
यह मिथ्या बुद्धि मेरी,
हानि हुई सबकी ही।

तब तुम स्मरण की बूंदे,
टप टप टप जब बरसी।
शीतलता से प्रफुल्लित सी ‌,
एक फुहार सी छूटी।
तपस तब शांत हुई मेरी‌,
लहर एक शांति की बहती।
यह चंदन सा लेप मेरे,
मन पर हल्के से करती।
ठंडी-ठंडी-सी, ठंडी-ठंडी-सी॥

मलिन हुआ कषायों से,
नित्य मलिन किया ध्यानन को।
कषाय प्रचुरता उमड़ी,
आर्त रौद्र मलिन मन को।

उड़ाया खुद को ही मैंने,
पर्वतों से ऊपर ही।
गंवाया पथ भी मैंने,
नहिं वापस लौटन की।
पहाड़ों से ऊँचा मद मेरा,
अन्य को तुच्छ समझता था।
जो धड़ाम गिर गया तो,
उठने का पल ना मिलता था।

मुझ धराशायी को तुमने,
स्वयं के समक्ष बिठाया जी।
सब जीव एक से हैं,
यह सत्य दिखाया जी।
मैं हूँ अनंत सुखमयी‌,
सो हैं अन्य जन-जन भी।
यह अनुभूति कि मैं तुमसा,
क्या पहचान बताया जी।
क्या बहुमान जगाया जी।

मलिन हुआ कषायों से,
नित्य मलिन किया ध्यानन को।
कषाय प्रचुरता उमड़ी,
आर्त रौद्र मलिन मन को।

किया है ढोंग बड़ा मैंने,
दूजों को रिझाने को।
किया है ढोंग बाद मैंने,
दूजे को फँसाने को।
इसी ढोंग के खातिर,
नित स्वयं को छलता।
मिल जाता मन चाहा भी,
पर आनंद ना मिलता।

जब तुम पर पड़ी दृष्टि,
पाया निश्चल स्वभाव मैंने।
ना दूजों को रिझाने को,
ना दूजों को मानने को।
जो अंदर से है प्रगटता,
बाहर से है चमकता।
तुम वीतरागी रमणीय,
स्वयं में स्वयं रिझाने को।

मलिन हुआ कषायों से,
नित्य मलिन किया ध्यानन को।
कषाय प्रचुरता उमड़ी,
आर्त रौद्र मलिन मन को।

उत्तम तन और उत्तम रूप,
अपार धन और उत्तम भूप,
सुंदर स्त्री और भोजन अनूप,
फिर भी क्यों ना भरता कूप।
इच्छाएँ मुझे सताती हैं,
मेरा नींद चैन उड़ाती हैं।
इतनी तो पूरी हुई यूँ तो,
फिर भी कुछ कमी रह जाती है।

तुम कैसे विस्मित करने वाले,
रतन सम्हार के बैठे हो।
वैभव सारा दास तुम्हारा,
तुम इनसे उदासीन से रहते हो।
क्या पाया है तुमने ऐसा?
बस वह ही लेने आया हूँ।
छोड़ रहा हूँ बाकी सब कुछ,
अब तुम चरणों में बैठा हूँ।

रचनाकार: छवि जैन, दिल्ली
Instagram: @a_photograph_captured