जीव दया | Jiv daya

जीव दया का भाव हृदय रख, करुणा का संचार करो,
सब जीवों से प्यार करो।
मानव हो तो मानवता से परिचय सबका करवाओ,
दीन-दुखी निर्बल जीवों पर अपनी करुणा बरसाओ।
करुणामयी सजल आँखों से करुणा की बौछार करो,
सब जीवों से प्यार करो।
जिनवाणी सिखलाती हमको— सत्य अहिंसा परमो धर्म,
जीव दया में छुपा हुआ है, जैन धर्म का सच्चा मर्म।
जीव दया कर सारे जग में, अपना धर्म प्रचार करो,
सब जीवों से प्यार करो।
कहीं लाल बकरी के कटते, भीख जान की माँग रहे,
कहीं कत्लखाने में बछड़े, जान गँवाते तड़प रहे।
जिससे जान किसी की जाए, मत ऐसा व्यापार करो,
सब जीवों से प्यार करो।
महावीर ने अखिल विश्व में करुणा का संदेश दिया,
बुद्ध और नानक ने अपना जीवन परहित काज जिया।
तुम भी तो उनके वंशज हो, उन जैसा व्यवहार करो,
सब जीवों से प्यार करो।

रचनाकार: नीतू जैन (Neetu Jain), रहली