जिनेन्द्र स्तवन (जय वीतराग सर्वज्ञ प्रभु) | Jinendra Stavan (Jay Veetrag Sarvagya Prabhu)

जय वीतराग सर्वज्ञ प्रभु, तुमको मैं शीस झुकाता हूँ।
अज्ञान तिमिर के हरण हेतु, जिन चरण-शरण में आता हूँ॥1॥

तुमने अनंत सुख प्राप्त किया, रागादि विकार हटाया है।
ज्ञायक स्वभाव में तन्मय हो, अनुपम निज वैभव पाया है॥2॥

मैं उस वैभव को भूला था, निज-पर का कुछ भी ज्ञान न था।
पर में सुख मान भटकता था, निज आतम सुख का भान न था॥3॥

निज-पर को कर्त्ता मान जान, प्रतिपल अनुकूल बनाने में।
चिरकाल से व्यस्त रहा फिर भी, असमर्थ रहा अपनाने में॥4॥

शुभ राग को धर्म समझता था, जो चिद्विकार दुःखकारी है।
अज्ञात था ज्ञायक भाव मुझे, जो सहज सिद्ध सुखकारी है॥5॥

मन-वच-काया की परिणति को, निज परिणति मैंने मानी थी।
ये भव के भाव मिटा न सका तो, भव की कौन कहानी थी?॥6॥

अब शान्ति छवि लख जिनवर की, मैंने यह निश्चित जाना है।
मैं ज्ञानानंद स्वभावी हूँ, जो भूला था पहिचाना है॥7॥

जिसने प्रभु को पहिचान लिया, उसने अपने को जान लिया।
निज आतम में परमात्म दशा का, शान्ति सुधारस पान किया॥8॥

आत्म ‘हितैषी’ को मिले, जिनसे आतमज्ञान।
ऐसे जिनवर देव को, शत् शत् करूँ प्रणाम॥9॥


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ४१ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)