जिनाम्नाय में मंत्र-तंत्र/ज्योतिष/वास्तु/विद्या आदि की वास्तविकता | Jinamnaay Mein Mantra Tantra Jyotish Vastu Vidya Aadi Ki Vastavikta

लेखक: प्रो. सुदीप कुमार जैन, नई दिल्ली

चूँकि वीतरागी-जिनधर्म में सच्चे देव-शास्त्र-गुरु के अतिरिक्त अन्य किसी की भक्ति/बहुमान/आकर्षण आदि को ‘पतन का मार्ग’ कहा गया है। अतः सच्चे जिनधर्म अनुयायी कभी भी लौकिक क्षुद्र स्वार्थों की पूर्ति के लिए किसी प्रकार के गृहीत-मिथ्यात्व के पोषक कार्यों में प्रवृत्त नहीं होते हैं। तथापि कुछ विषय ऐसे हैं, जिनके बारे में समाज में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वे हैं मन्त्र/तन्त्र/ज्योतिष/वास्तु एवं विद्या आदि। इन चारों का जिनाम्नाय में स्वरूप व स्थान समझकर समीक्षण आवश्यक है।

  1. मन्त्र - ‘‘मनसा त्रायते इति मन्त्रम्’’ अर्थात् मानसिक चंचलता उत्पन्न करनेवाले विकल्पों से जो बचाकर जीव का उपयोग अपने लक्ष्य की ओर एकाग्र करने में सहायक होता है, उसे ‘मन्त्र’ कहते हैं। और विशिष्ट-आकृति में लिखित मंत्र को ‘यंत्र’ कहते हैं और जब विशिष्ट-विधि से यंत्र-सहित मंत्र की साधना की जाती है, तो उसे ‘तंत्र’ कहते हैं।

जिनाम्नाय में विशेषतः ध्यान और योगशास्त्र के विषयों में मंत्रों का प्रयोग एवं महत्त्व वर्णित है। आचार्य शुभचन्द्र (ग्यारहवीं शताब्दी ई.) विरचित ‘ज्ञानार्णव’ एवं आचार्य योगीन्द्रदेव (छठवीं शताब्दी) विरचित ‘अमृताशीति’ आदि ग्रन्थों में इस विषय में महत्त्वपूर्ण वर्णन मिलते हैं। किन्तु इनका स्पष्ट-प्रयोजन अपने उपयोग की चंचलता का शमन करके उसे शांत, स्थिर और एकाग्र बनाना है। न कि मंत्र-साधना के बल से विद्यायें आदि सिद्ध करके चमत्कार दिखाना व लौकिक-प्रयोजन सिद्ध करना।

यदि ऐसी चेष्टा व विचार भी कोई करता है, तो उसका वह विचार और चेष्टा जिनाम्नाय में पूर्णतः निषिद्ध कही गयी है और दंडनीय भी बतायी गयी है। वह मूलच्छेद-प्रायश्चित्त का दोषी है। वह मुनिपद-धारक पर रहने का अधिकारी नहीं है। आचार्य व संघ को चाहिये कि उसे मुनिपद से च्युत करवाकर संघ से बहिष्कृत कर दिया जाये और समाज को इस विषय में सूचित कर दिया जाये कि ‘‘इसने मुनिधर्म की मर्यादा का अक्षम्य-उल्लंघन किया है, अतः इसे दंडस्वरूप मुनिपद से च्युत कराया गया है। यह मुनिधर्म का पात्र नहीं है।’’

ऐसी मनोवृत्ति वाला व्यक्ति मुनिधर्म का तो पात्र है ही नहीं, समाज को भी दूषित करेगा। अतः वह समाज में भी स्वीकार्य नहीं है। नहीं तो वह समाज को तत्त्वज्ञान की जगह मंत्रों के टोने-टोटके में उलझाकर धर्मच्युत करेगा। आज के अधिकांश अब्रह्म (मुनिपद-धारकों के स्त्रियों के साथ कदाचार) के प्रसंगों के पीछे इसी मनोवृत्ति के मुनिपद-धारक सामने आ रहे हैं।

आत्म-जागृति और तत्त्वज्ञानवाले जीवों को न तो भूत-प्रेत-व्यंतर-ज्योतिष आदि कोई देव बाधित कर सकते हैं और न ही कोई उनका मंत्रादि के प्रयोग से कुछ बिगाड़ सकता है।

अतः आत्म-जागृति और तत्त्वज्ञान ही हर जैन के लिये सर्व-समाधानकारक मानकर अपनाना चाहिये।

मैं जानता हूँ कि धरसेनाचार्यदेव ने ‘नरवाहन’ और ‘सुबुद्धि’ नामक मुनिराजों (ये ही बाद में ‘पुष्पदन्त’ एवं ‘भूतबलि’ के नाम से प्रसिद्ध हुये) को मंत्र देकर उनकी परीक्षा ली थी कि वे जिनवाणी को ग्रहण करने के पात्र हैं या नहीं? यह सत्य है। और निर्ग्रन्थ-मुनिपद जिनाम्नायोक्त मंत्रशास्त्र के ज्ञाता होते थे। परन्तु वे मात्र गुरु-आज्ञा से ही उन्हें सीखते थे और गुरु-आज्ञा से ही उनका सीमित-प्रयोग करते थे। अपनी मनमर्जी से इनका प्रयोग नहीं करते थे। आज इन कार्यों में लिप्त-व्यक्ति संघ में ही नहीं रहते हैं, तो गुरु-आज्ञा आदि अनुशासन का प्रश्न ही कहाँ रह जाता है?

लौकिक-जनों को लुभाने, सांसारिक-साधनों को जुटाने, बाधायें दूर करने, इनके बदले धनादि का आकर्षण रखने तथा भोगोपभोग की सामग्री को पाने, व्यंतर आदि का बाधा दूर करने, मुकदमा जिताने, बेटे/बेटी की विवाह-बाधा दूर करने, गड़ा हुआ धन दिलवाने, बीमारी दूर करने, शत्रु का पराभव करने, इत्यादि किसी भी प्रयोजन से कभी भी वे इनका प्रयोग नहीं करते थे। बाद में जब साधुओं व मंत्रशास्त्र के जानकार-विद्वानों में इन सांसारिक-प्रलोभनों की मनोव्याधि का प्रवेश होता दिखा, तो सभी निर्ग्रन्थ-मुनिसंघों ने एकमत से इस काल में मंत्रों के सीखने, सिखाने व प्रयोग करने पर पाबंदी लगा दी और इन्हें जिनाम्नाय में पूर्णतः निषिद्ध-कर्म घोषित कर दिया। क्योंकि ये ठीक वैसे ही धर्मसाधन में घातक सिद्ध हो रहे थे, जैसे कि बच्चे की सुरक्षा के लिये लगाया गया बॉडीगार्ड ही उसे डराने, धमकाने व अपहरण आदि दुष्कर्म करने का दोषी पाया जाये, तो उसे घातक जानकर तत्काल निकाल बाहर करना ही बुद्धिमानी होती है।

अतः निष्कर्षतः यह समझ लेना चाहिये कि जिनाम्नाय में मंत्रों, तंत्रों, यंत्रों, टोने-टोटकों आदि का प्रयोग/प्रशिक्षण आदि पूर्णतः निषिद्ध-कर्म है। जो भी इन कार्यों में संलिप्त पाया जाये, उसे जिनाम्नाय की वर्तमान-मर्यादा के उल्लंघन का दोषी माना जाये। तथा वह संघ एवं समाज से बहिष्कृत कर दिया जाने चाहिये।

  1. ज्योतिष: यह एक देवों के निकाय का नाम भी है। किन्तु यहाँ पर यह देव-विशेष का वाचक न होकर एक गणित-आधारित शास्त्र का वाचक है; जिसमें नक्षत्रों की चाल व योग आदि की गणना करके विविधप्रकार के भावी-संयोगों की संभावित-सूचनायें दी जाती हैं। किसी सीमा तक इसे लोग विज्ञान भी कह देते हैं। किन्तु आजकल यह भी एक तरह का अन्धविश्वास बनकर रह गया है; क्योंकि इसके लिये व्रत-उपवास करना, मंत्र-साधना करना, धनादि का दान करवाना, यंत्रादि स्थापित करवाना, गंडा-ताबीज पहिनाना, अमुक दिन अमुक रंग के कपड़े पहिनाना, किसी निश्चित दिन उपवास करना या किसी निश्चित प्रकार का भोजन करना, इत्यादि मिथ्यात्ववर्धक-क्रियायें करायी जाने लगीं हैं। ये सब कार्य गृहीत-मिथ्यात्व के अलावा और कुछ नहीं हैं। इस दृष्टि से तो ज्योतिष सीधे-सीधे जिनाम्नाय व जिनवाणी का विरोधी एवं संसार-चक्र में रुलानेवाला सिद्ध होता है। और इस रूप में यह जिनमत में पूर्णतः निषिद्ध-कर्म ही है। न तो मानने योग्य है और न ही प्रचारित करने योग्य।

किन्तु यह सिक्के का एक पहलू है। इसका दूसरा पक्ष इसप्रकार है:

जिनाम्नाय में ज्योतिष को एक सामान्य-गणनाशास्त्र माना गया है। और इसकी गणनाओं के निमित्त-नैमित्तिक-दृष्टि से फलों की भी जानकारी मिलती है। किन्तु इसे ‘सूचक’ या ‘ज्ञापक’ माना गया है, न कि ‘कारक’। जैसे सड़क के किनारे लगे ट्रैफिक-संबंधी सूटनापट्ट न तो सड़क को टेड़ा-मेड़ा या खतरनाक बनाते हैं और न ही दुर्घटनायें कराते हैं। वे तो मात्र इनके विषय में सूचित करते हैं और अपनी गति नियंत्रित करके सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने की सलाह देते हैं। बस, इससे अधिक इनका कोई महत्त्व नहीं है।

यदि कोई कहे कि इस बोर्ड पर लिखा था कि ‘दुर्घटना-संभावित-क्षेत्र’ और मैं ज्यों ही आगे चला, मेरा एक्सीडेंट हो गया। तो कोई कह दे कि ‘‘अरे! तुमने उस सूचना देने वाले बोर्ड की पूजा नहीं की थी, उसे सवा रुपयों का प्रसाद नहीं चढ़ाया था; इसीलिये तुम्हारा एक्सीडेंट हुआ। आगे से जब भी उस रास्ते पर जाओ, तो पहले उस बोर्ड की पूजा करना और प्रसाद चढ़ाना। तब बोर्ड को सिर झुकाकर धीरे से जाना।’’

उस व्यक्ति ने वैसा ही किया। अबकी बार उसका एक्सीडेंट नहीं हुआ। तो वह उस बोर्ड को देवता मान बैठा और हर बार स्वयं उसकी पूजा करने लगा और दूसरों को भी ऐसा करने का उपदेश देने लगा।

जरा विचार तो करें कि यह पूर्णतः मूर्खतापूर्ण अन्धविश्वास है या नहीं? कोई बोर्ड थोड़े ही एक्सीडेंट करवाता है। वह तो आगे की सड़क खतरनाक होने की सूचना देता है। ताकि लोग सावधानी से चलें और दुर्घटना से अपने को व दूसरों को बचायें।

यदि यहाँ कोई कहे कि ‘‘पहली बार जब उस व्यक्ति ने उस बोर्ड की पूजा नहीं की थी, तो उसका एक्सीडेंट हो गया था। और दूसरी बार जब वह पूजा करके आगे गया, तो एक्सीडेंट नहीं हुआ।’’

कितनी जड़तापूर्ण बात है यह। दूसरी बार वह पूजा करने से नहीं, बल्कि धीमी-चाल से सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने से सुरक्षित रहा था। परन्तु वह अज्ञानतावश ऐसा मान रहा है कि मैं बोर्ड की पूजा करने से एक्सीडेंट से सुरक्षित रहा। एक और भी बात यह है कि यदि कोई सावधानी से चलें व सामने से कोई रफ-ड्राइविंग करता न आये, और उस मोड़ का बोर्ड नहीं भी पढ़े, तो भी वह एक्सीडेंट से बच सकता है।

यही बात ज्योतिष पर भी लागू होती है। ग्रहों की स्थिति-विशेष में बारिश आदि का योग कहा या अतिवृष्टि/ अनावृष्टि का योग कहा, दुर्घटना आदि का योग कहा; तो इसका मतलब यह नहीं है कि अंतरिक्ष के वे ग्रह बारिश आदि या दुर्घटना आदि करा रहे हैं। वे तो मात्र सूटनापट्ट की तरह ‘सूचक’ हैं। न कि कारक। इनकी जानकारी के बाद यदि व्यक्ति सामान्य-सावधानी से कार्य करे, तो अनेकविध-दुर्घटना आदि से बच सकता है। किन्तु दुर्घटना आदि के लिये ज्योतिष को जिम्मेवार ठहराना कि उसने दुर्घटना करा दी। और फिर किसी ठग-ज्योतिषी के झाँसे में आकर ग्रहों की पूजा आदि के गृहीत-मिथ्यात्व के प्रपंचों में पड़ता है, तो यह उसी का अज्ञानभाव है। इसमें ज्योतिष कुछ भी नहीं करता है।

और ज्योतिष यदि दुर्घटना आदि की सूचना भी दे रहा हो, तो भी दुर्घटना होना वैसे ही अनिवार्य नहीं है कि जैसे बोर्ड पढ़े बिना कोई उस खतरनाक रास्ते पर जाये, और सामने से ट्रैफिक न आने पर वह सुरक्षित निकल सकता है। इसीप्रकार ज्योतिष किसी समय को अनिष्ट-संयोग के रूप में बताये, तो भी अनिष्ट होना कदापि आवश्यक नहीं है। क्योंकि वह ज्योतिष सूचक है, अनिष्ट करनेवाला दुश्मन नहीं है।

ज्योतिष की आंशिक-उपयोगिता तो ट्रैफिक के सूचना बोर्ड की तरह है, जो आगे का मार्ग बनाता नहीं है; बल्कि जैसा है, उसकी तथ्यात्मक-सूचना देता है। कुछ भी कराता नहीं है। अतः सड़क के सूटनापट्ट या मौसम-विभाग की जानकारी के अनुसार सावधान करने जैसी ही ज्योतिष की स्थिति है। जो मात्र सीमितरूप में सूचित ही करता है, वैसा घटनाक्रम घटित होने में उसका कोई योगदान नहीं होता है।

जिनाम्नाय में मुनिवर और विद्वान् विहार, प्रवास, चातुर्मास स्थापना, पंच-कल्याणक आदि महोत्सवों के लिये समय और स्थान के चयन आदि के लिये मौसम, संभावित-सूचनाओं के स्रोत के रूप में ज्योतिषज्ञान का नाममात्र उपयोग करते थे। ताकि अतिवृष्टि, अनावृष्टि, दुर्घटना आदि के प्रति सावधानी रख सकें। अन्य कुछ भी महत्त्व इस विद्या का जिनाम्नाय में नहीं माना गया है। आज भी पंचकल्याणक आदि महोत्सवों के लिये सभी यथासंभव निर्दोष-मुहूर्त पूछते हैं, उसका अर्थ यह नहीं होता कि ग्रहों का कारकत्व सिद्ध किया जाये। बल्कि मात्र यही है कि उस समय उस क्षेत्र में कोई प्रकृति-पर्यावरण आदि से सम्बन्धित विपरीत-संयोग की संभावना तो नहीं है? - यह सावधानी के तौर पर जान लिया जाये। ‘धवला’ आदि अनेकों सिद्धान्तग्रन्थों में भी अनुकूल-समय के विषय में ऐसे उल्लेख मिलते हैं।

किन्तु ज्योतिष की सूचनाओं को बदलने व विपरीत-संयोग को अनुकूल बनाने के नाम पर जो कुछ गृहीत-मिथ्यात्व के पोषक विधि-विधान कराये जाने लगे हैं, वह ज्योतिषज्ञान का रूप नहीं है। इसके लिये रागी-देवी-देवताओं को पूजना, ग्रहों को पूजना, रंग-विशेष के कपड़े पहिनना, अन्य किसीप्रकार के टोने-टोटके (जैसे कि गाय को रोटी, कुत्ते को रोटी, साँप को दूध पिलाना, बाँबी पूजना, चींटियों को आटा डालना आदि अनेकविध अज्ञानतारूप कार्य) करना मात्र जिनाम्नाय के ही विरुद्ध नहीं हैं, बल्कि स्पष्टरूप में मूर्खतापूर्ण-अन्धविश्वास के कार्य हैं।

और वास्तविकता तो यह है कि किसी भी महापुरुष ने अपने जीवन के किसी महनीय-कार्य का निर्णय करते समय तिथि-मुहूर्तों का शोधन नहीं करवाया था। तीर्थंकरों ने दीक्षा लेते समय वैराग्य का आधार रखकर दीक्षा ली, वैराग्य के निमित्त लखकर दीक्षा ली; न कि किसी ज्योतिषी से मुहूर्त पूछकर। अत: आत्मोन्नति के कार्यों का निर्णय ज्योतिष से नहीं होता। उन्होंने जिस तिथि-मुहूर्त में भी दीक्षा ली, वही कल्याणक के रूप में परिणमित हो गया। शुभ और अशुभ, शुक्लपक्ष या कृष्णपक्ष आदि के विकल्प आत्मोन्नति के साधक कभी नहीं करते हैं। आत्म-साधना के भावों से बढ़कर मंगलकार्य कुछ और हो नहीं सकता है। अत: जिस क्षण ऐसे भाव जगें, वही क्षण जीवन का सबसे मंगलमय क्षण जानना, अपने जीवन का सबसे शुभ-मुहूर्त जानना। क्योंकि आत्मसाधना दुरितकर्मों को काटने, उनकी निर्जरा करने की विधि है और ज्योतिष के मुहूर्त आदि की परवाह वे करते हैं, जो दुरितकर्मों की बाधाओं से परेशान तो होते हैं, किन्तु उसका बाहरी-समाधान ढूँढ़ना चाहते हैं।

अतः सार्वजनिक-कार्यक्रमों या निजी लौकिक-प्रयोजनों में कोई विपरीतता घटित न हो, इस दृष्टि से कोई सावधानी के रूप में ज्योतिषज्ञान की जानकारियों का उपयोग करे, वहीं तक ठीक है। अपने हित के कार्यों के लिये तो आत्मिक-पुरुषार्थ ही देखना होगा, ज्योतिष के पत्रा नहीं।

इसलिये सामान्य जानकारियों के लिये जैसे आजकल मौसम-विभाग की सूचनाओं पर ध्यान देकर अपेक्षित तैयारियों के साथ प्रवास आदि करते हैं, उतनी सूचनात्मक-भूमिका ज्योतिष की मानें, और इसके लिये भी कोई पाबंदी नहीं लगायी जाये कि ‘‘ऐसा नहीं किया, इसलिये तुम्हारा काम बिगड़ा’’; जिसे जरूरत लगे, वह जान ले। बस इतनी ही लौकिकरूप से ज्योतिष की उपयोगिता है, इससे अधिक किसी भी रूप में नहीं।

  1. वास्तु: यह एक सरल सा प्रकृति-पर्यावरण पर आधारित लौकिक निमित्त-नैमित्तिक-दृष्टि का ‘सूचक’ किसी सीमा तक वैज्ञानिक प्रयोग था; जो कि मात्र जिनमंदिर, पंचकल्याणक आदि महोत्सवों के लिये स्थान व दिशा के विषय में कुछ सूचनायें देने तक सीमित था। किन्तु आज इसे व्यावसायिक-बुद्धिवाले लोगों ने टोने-टोटकों से भरपूर मसालेदार आइटम बना दिया है।

पहले जिनमंदिर प्रायः पूर्वाभिमुख इसलिये बनते थे कि उगते सूर्य का प्राकृतिक-धूप मंदिर जी को न केवल प्रकाशित करेगी, बल्कि धूप के गुणों से मंदिर जी में नमी के कारण होने वाले जीव-जन्तु भी नहीं होंगे तथा दीवालों आदि के प्लास्टर का क्षरण नहीं होगा। साथ ही जिनबिम्ब के दर्शन के लिये भी किसी कृत्रिम-प्रकाश की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। यह पूरी तरह वैज्ञानिक चिंतन था। अब इसे वास्तु के नाम पर सैकड़ों कंडीशन्स लगायी जाती हैं और समाज को आतंकित करके तनावग्रस्त किया जाता है।

इसीप्रकार वेदी, जिनबिम्ब का आकार-प्रकार आदि के निर्देश भी पूर्णतः वैज्ञानिक थे। उनकी वास्तविकता को समझे बिना पंडितगण अपनी दक्षिणा की चिंता करते हैं और यद्वा तद्वा सलाहें देते रहते हैं। यदि वेदी दर्शनार्थियों के कटिभाग से कम होगी, तो स्वाभाविकरूप से जिनबिम्ब दर्शनार्थियों के कटिभाग से नीचे रहेंगे, जो कि अविनय का रूप है। अरे! हमारे यहाँ सोने को उत्तम-धातु माना गया है, तो उसे कमर से नीचे के शरीर पर पहिनना ‘अशुभ’ कहा जाता है।

तब फिर तीनों लोकों के नाथ को हम अपने कटिभाग से नीचे कैसे विराजमान कर सकते हैं? उनकी अविनय तो होगी ही। परन्तु आज के प्रतिष्ठाचार्य इस पक्ष को जाने-समझे बिना ही वास्तु को गालियाँ निकालने लगते हैं कि ‘‘ये सब ढकोसला व गृहीत-मिथ्यात्व है।’’ अरे! भाई! इसे विवेक कहते हैं। यह लौकिक-शिष्टाचार है। गृहीत-मिथ्यात्व तो वह है, जो यंत्र-मंत्र-तंत्र-फेंगसुई-पिरामिड आदि लगवाकर इसके दोष दूर करने की विधि करायी जाती है अथवा इस निमित्त रागी-देवी-देवताओं को विराजमान करवाया जाता है या फिर मिथ्या-मान्यताओं के पोषक विधि-विधान कराये जाते हैं। - ये सभी गृहीत-मिथ्यात्व के कार्य हैं और वास्तु-शुद्धि के नाम पर ऐसे टोटके करना ही वास्तव में ठगना है।

किन्तु विनय के व शास्त्र-सम्मत निर्देशों की वैज्ञानिकता एवं वास्तविकता समझे बिना ही ऐसे वचनप्रयोग करना कि ‘‘वास्तु बकवास है’’ - यह अपने अज्ञानभाव को ढँकने के अलावा और कुछ नहीं है। आत्महित में वास्तु आदि का कोई मतलब नहीं है। मुनिराजों के लिये आत्मसाधना के लिये शून्यागार अर्थात् उजड़े भवन, जंगल, श्मसान आदि उपयुक्त बताये गये हैं, जबकि गृहस्थों के लिये इन जगहों में रहना आदर्श नहीं बताया गया। इसीलिये मैंने कहा कि वास्तु आदि की सीमित उपयोगिता गृहस्थों के लिये लौकिक-प्रयोजनों के अन्तर्गत किसी सीमा तक वैसी ही मानी जा सकती है, जैसे कि शीतऋतु में गर्म-कपड़े पहिनने व धूप सेंकने की सब मानते हैं। परन्तु ये कोई बंधन या अनिवार्यता नहीं है। विशेषतः मोक्षमार्ग के साधकों के लिये तो बिल्कुल भी नहीं है।

किन्तु जिनमंदिर आदि धर्मायतनों के निर्माण, पंचकल्याणक आदि महोत्सवों के लिये स्थान का चयन आदि के लिये सावधानी एवं विवेक के रूप में वास्तु के मूलभूत-निर्देशों को मानना चाहिये। क्योंकि वे व्यावहारिक भी हैं और वैज्ञानिक भी। इनके अलावा प्रायः वे विनय एवं विवेक पर आधारित भी होते हैं। किन्तु उन्हें कर्तावादी-दृष्टि से मानना और उसके लिये दिग्पाल आदि की मान्यतायें करना, अन्य विविधप्रकार के टोने-टोटके करना इत्यादि - ये सब स्पष्टरूप से मिथ्यात्ववर्धक-क्रियायें हैं। इनका जिनाम्नाय में पूर्णतः निषेध है। किसी भी स्थिति में इनकी कोई छूट नहीं है।

  1. अन्य विद्यायें - ये विद्यायें वे हैं, जिनसे सहज होने वाले घटनाक्रम से अलग हटकर कुछ प्रभाव दिखाये जा सकें। वास्तव में तो आज अन्य किसी विद्या से सम्पन्न व्यक्ति मुझे तो मिला नहीं है। सब इनके नाम पर लोगों को ठगने का काम करते ही दिखते हैं।

भगवान् महावीर स्वामी के युग तक ऐसे लोगों की उपस्थिति के प्रमाण मिलते हैं। उनके युग में मक्खलि-गोशाल, अजित-केशकम्बल, वेलंठिपुत्त आदि कई ऐसे व्यक्ति थे, जो निमित्तज्ञान के बल पर किसी को गड़ा हुआ धन बता देते थे, तो किसी के खोये गहनों-मवेशियों आदि के विषय में सटीक जानकारियाँ देते थे। इसी लोकैषणा के कारण ये भगवान् महावीर स्वामी के सामने अपने को ‘तीर्थंकर’ कहते और लोगों से अपनी पूजा-मान्यता करवाते। इतना ही नहीं, आँखों में अंजन आदि लगाकर ठोस दीवालों के पीछे रखी वस्तुओं को देखना, और अंजन आदि के प्रयोग से अदृश्य हो जाना आदि अनेकविध चमत्कार दिखाकर अर्थोपार्जन करते थे। किन्तु कालान्तर में ऐसी क्षमतायें नगण्यप्रायः सुनने को मिलीं।

कहते हैं कि आचार्य देवनंदि किसी लेप के प्रभाव से जमीन से ऊपर वायु में गमन कर लेते थे, इसीलिये उन्हें ‘देवताओं के द्वारा पूजित पैरों वाले’ अर्थात् ‘पूज्यपाद’ भी कहा गया। किन्तु परम-वैराग्यधन के धनी, निःस्पृही, आत्मसाधक मुनिवरों के लेप आदि लगाने की बात कदापि मुनिधर्म की मर्यादा के अनुरूप नहीं कही जा सकती है। अतः सच्चे मुनिवर ऐसा कभी कर ही नहीं सकते। और ‘समाधिशतक’, ‘तत्त्वसार’ जैसे परम-आध्यात्मिक ग्रन्थों के प्रणेता आचार्य देवनंदि असन्दिग्धरूप से भावलिंगी-सन्त थे। उनके विषय में ऐसी कल्पनायें तक करना अपराध है। वैसे भी निर्ग्रन्थ-मुनिवरों को ऐसी विद्यायें आदि सिद्ध भी हो जायें, तो वे कभी न तो अपने निमित्त उनका प्रयोग कर सकते हैं और न ही दूसरों को दिखाने अर्थात् चमत्कार के लिये उनका प्रयोग कर सकते हैं।

और इन विद्याओं आदि का आकर्षण संसार-चक्र में रुलानेवाला तो है ही, ‘सम्यग्दर्शन’ एवं आत्महित के पवित्र-मार्ग से भटकानेवाला भी है। अतः यदि कोई इनकी बात करे, तो समझ लेना कि स्पष्टतः वह स्वयं मिथ्यादृष्टि ही है और दूसरों को गृहीत-मिथ्यात्व के दलदल में फँसानेवाला है। साथ ही इनके चक्कर में रहनेवाला व्यक्ति नियमतः प्रायः मनोविकृतियों से युक्त होकर अपना इहलोक एवं परलोक - दोनों बिगाड़ लेता है। अतः किसी भी स्थिति में कोई इनकी विद्याओं व चमत्कारों आदि के चक्कर में नहीं पड़े और इस दुर्लभ-मनुष्यभव को इन क्षुद्र-सिद्धियों के लालच में पड़कर नष्ट न करे। इनके आकर्षण को जिनाम्नाय में निकृष्ट-परिणाम एवं दुःखदायी बताया गया है। अतः इन विद्याओं और इनसे होने वाली क्षुद्र-सिद्धियों के चक्कर में न पड़कर आत्महित का पुरुषार्थ करें - यही मंगल-प्रेरणा है।

OOO

स्रोत: प्रमाण बड़े या विवेक बड़ा, पृष्ठ 112-119

खोज: Jinamnay Mein Mantra Tantra Jyotish Vastu Vidya Adi Ki Vastavikta