जैनदर्शन में ज्ञानमीमांसा
-प्रो. वीरसागर जैन
जैनदर्शन के ग्रन्थों में ज्ञान का स्वरूप अत्यन्त विस्तारपूर्वक ऊहापोह करते हुए लिखा गया है। यहाँ उसे संक्षेप में बिन्दुवार लिखने का एक लघु प्रयास करते हैं। आशा है इससे इस विषय को सर्वांग रूप से समझने में कुछ सहायता प्राप्त होगी।
ज्ञान का स्वरूप समझने से आत्मा का स्वरूप भी समझ में आएगा, क्योंकि जो ज्ञान है वही आत्मा है। ज्ञानानुभूति ही आत्मानुभूति है। अथवा ज्ञान आत्मा का लक्षण है। लक्षण से लक्ष्य का ग्रहण सरल हो जाता है। अथवा, आत्मा अव्यक्त है और ज्ञान व्यक्त, इसलिए भी ज्ञान के द्वारा आत्मा का ग्रहण कराया है। अतएव यहाँ ज्ञान का स्वरूप समझने की कोशिश करते हैं-
-
ज्ञान आत्मा का स्वाभाविक गुण है, वह कहीं बाहर से नहीं आता।
-
ज्ञान का आत्मा के साथ संयोग सम्बन्ध नहीं है, अपितु स्वरूप (तादात्म्य) सम्बन्ध है- अग्नि और उष्णता की भाँति।
-
ज्ञान का आत्मा के साथ समवायसम्बन्ध भी नहीं है, क्योंकि ऐसा मानने में भी अनेक दोष उपस्थित होते हैं।
-
ज्ञान को सांख्यमत के समान अचेतन भी नहीं माना जा सकता।
-
ज्ञान या ज्ञान की कोई भी पर्याय वास्तव में दुःख का कारण नहीं है।
-
ज्ञान का मुक्तावस्था में भी अभाव नहीं होता।
-
ज्ञान आत्मा जितना ही है, आत्मा से किंचित् भी हीन या अधिक नहीं।
-
ज्ञान दर्पण की भाँति मात्र जानता है, अन्य कुछ भी (ग्रहण-त्याग, राग-द्वेष) नहीं करता।
-
जानते समय भी वह समस्त ज्ञेयों को जानता है, किसी एक को भी नहीं छोड़ता।
-
ज्ञान सभी ज्ञेयों को युगपत् जानता है, क्रमशः नहीं।
-
सभी ज्ञेयों में भूत-भविष्यत्-कालीन ज्ञेयों को भी समाहित समझना चाहिए, मात्र वर्तमानकालीन ज्ञेयों को ही नहीं।
-
ज्ञान को इन्द्रियों एवं प्रकाशादि की भी अपेक्षा वास्तव में नहीं होती।
-
पदार्थ और प्रकाश भी ज्ञान के कारण नहीं हैं, क्योंकि उनके साथ ज्ञान का अन्वय-व्यतिरेक नहीं बनता।
-
ज्ञान ज्ञेयों से उत्पन्न नहीं होता, ज्ञेयों से प्रभावित भी नहीं होता।
-
ज्ञान ज्ञेयों (अर्थ) के आकाररूप भी नहीं परिणमित होता।
-
ज्ञान ज्ञेय को ग्रहण नहीं करता, त्याग नहीं करता, ज्ञेयरूप परिणमित भी नहीं होता, ज्ञेय का कुछ भी भला बुरा नहीं करना।
-
ज्ञान अपने में ही रहकर ज्ञेयों को जानता है, अपने में से निकलकर उन ज्ञेयों के पास जाता नहीं है और उन्हें भी अपने पास नहीं बुलाता है। यद्यपि सबको जानने के कारण ज्ञान को ‘सर्वगत’ (सर्वव्यापक) भी कहते हैं।
-
ज्ञान ज्ञेयों की अपेक्षा नहीं रखता, ज्ञेय के कारण ज्ञान नहीं होता।
-
किन्तु इसका अर्थ यह नहीं है कि ज्ञेय हैं ही नहीं, जैसा कि ज्ञानाद्वैतवादी कहते हैं। ज्ञेय हैं अवश्य, किन्तु वे ज्ञान के अधीन नहीं। ज्ञान और ज्ञेय दोनों की सत्ता स्वतंत्र एवं निरपेक्ष है, कोई किसी के अधीन नहीं है।
-
ज्ञान को जानने में कोई भार (कष्ट) नहीं लगता, यह तो उसका सहज स्वाभाविक कार्य है - दर्पण के समान ।
-
ज्ञान सन्निकर्ष से नहीं होता, क्योंकि ऐसा मानने पर अनेक दोष उपस्थित होते हैं- सूक्ष्म-आन्तरिक दूरवर्ती पदार्थों का ज्ञान नहीं होता, कोई सर्वज्ञ सिद्ध नहीं होता, आदि।
-
ज्ञान ज्ञानान्तरवेद्य नहीं है, क्योंकि ऐसा मानने पर अनवस्था आदि अनेक दोष उपस्थित होते हैं।
-
ज्ञान सदा पर के साथ स्वयं को भी जानता है, स्व-पर-प्रकाशक है - प्रदीप की भाँति ।
-
ज्ञान को मात्र स्वप्रकाशक या मात्र परप्रकाशक मानने में अनेक दोष आते हैं।
-
यद्यपि ज्ञान परज्ञेयों को इसप्रकार जानता है कि ऐसा भी कहा जा सकता है कि वह पर को नहीं जानता, स्व को ही जानता है।
-
ज्ञान का साक्षात् फल अज्ञाननिवृत्ति ही है, ग्रहण-त्याग-उपेक्षा नहीं। ग्रहण-त्यागादि तो उसका परम्परा फल कहा जाता है।
-
ज्ञान वस्तुतः एक ही प्रकार का है; उसके मति-श्रुत-अवधि आदि, इन्द्रिय-अतीन्द्रिय, प्रत्यक्ष-परोक्ष, सम्यक्-मिथ्या आदि सभी भेद उपचार से कहे गये हैं। यही कारण है कि तत्त्वार्थसूत्र में ‘मतिश्रुतावधिमनः पर्ययकेवलानि’ कहकर भी ‘K l u e 2’ पद एकवचन में कहा है।
-
ज्ञान वस्तुतः शुद्ध ही होता है। उसमें रागादिजन्य और ज्ञेयकृत - दोनों ही प्रकार की अशुद्धता नहीं आती। रागादि सहित ज्ञान भी वास्तव में रागादि से रहित ही है, क्योंकि दोनों में लक्षणभेद है। इसीप्रकार ज्ञेय-सहित ज्ञान भी वास्तव में ज्ञेय-रहित ही है, अनेक पदार्थ-प्रतिबिम्बित दर्पण की भाँति ।
-
ज्ञान के स्वरूप को स्पष्ट करने के लिए जैन-आगम-ग्रन्थों में अनेक दृष्टान्त दिये गये हैं- दर्पण, दीपक, सूर्य, अग्नि, चक्षु, स्फटिक मणि, इन्द्रनील मणि, जपाकुसुम आदि। यथा-
“सन्त्यनेकेत्र दृष्टान्ता हेमचन्द्रजलानलाः।
आदर्शस्फटिकाश्मानौ बोधवारिधिसैन्धवाः।।” - (पंचाध्यायी)
सन्दर्भ सूची
- कसायपाहुड 1/1/1
- प्रवचनसार, ज्ञानतत्त्वप्रज्ञापनाधिकार
- समयसार, गाथा 181-183, 204 एवं सर्वविशुद्धज्ञानाधिकार
- तत्त्वार्थसूत्र 1/9-33
- सर्वार्थसिद्धि 1/31
- तत्त्वार्थराजवार्तिक 1/10, 1/7/14
- नन्दिसूत्र, 45
- धवला 1/1/1/1, 1/1/4
- परीक्षामुखसूत्रम् 1/6-12
- पंचाध्यायी
❖❖