जैनाचार वस्तुतः निवृत्तिप्रधान है
-प्रो. वीरसागर जैन
वैसे तो जैनाचार में भी बहुत प्रवृत्ति का उपदेश देखा जाता है, परन्तु वस्तुतः वह निवृत्तिप्रधान ही है, प्रवृत्तिप्रधान नहीं, जैसा कि षट्खंडागम-टीका ‘धवला’ में स्पष्ट कहा है-
“जिनेन्द्रदेवस्य उपदेशो निवृत्तिरूप एव विद्यते ।” - धवला 1/1/13
अर्थ- जिनेन्द्रदेव का उपदेश निवृत्तिरूप ही है ।
ध्यान देने की बात है कि यहाँ ‘एव’ (अर्थात् ‘ही’) शब्द का प्रयोग करके इस बात को दृढतापूर्वक स्थापित किया गया है कि जिनेन्द्रदेव का उपदेश निवृत्तिरूप ही है । इसी प्रकार की बात अन्यत्र भी अनेक जैनग्रन्थों में उपलब्ध होती है । समयसार में तो पूर्ण नैष्कर्म्य सिद्धि का उपदेश दिया ही गया है; आत्मानुशासन, श्लोक 236 में आचार्य गुणभद्रस्वामी ने भी स्पष्ट शब्दों में सबको निवृत्ति की भावना का उपदेश दिया है । यथा-निवृत्तिं भावयेद् अर्थात् सदा निवृत्ति की भावना करो ।
दरअसल जैन आचार्य यदि पूर्ण निवृत्ति न होती दिखे तो मजबूरी में प्रवृत्ति का उपदेश देते हैं, परन्तु वस्तुतः वह भी निवृत्ति के लिए ही होता है, प्रवृत्ति के लिए नहीं । जिसप्रकार कि गडूलिया स्वावलम्बन से चलना सिखाने के लिए ही होता है, शोभा नहीं होता है- ‘हंत हस्तावलम्बः’ ।
यही कारण है कि जैन आचार्य कभी यह नहीं कहते कि दिन में भोजन करो, बल्कि यह कहते हैं कि रात्रि में भोजन मत करो ।
जैनाचार्यों के अनुसार वस्तुतः वही प्रवृत्ति प्रशंसनीय है जो निवृत्ति का हेतु हो । वही विकल्प प्रशंसनीय है जो निर्विकल्प होने का हेतु हो । वही जन्म प्रशंसनीय है जो जन्मरहित होने का हेतु हो । वही वचन प्रशंसनीय है जो वचनातीत होने का हेतु हो । वही परोपकार प्रशंसनीय है जो स्वोपकार का भी हेतु हो । वही दान प्रशंसनीय है जो त्याग का हेतु हो । वही गृहप्रवेश प्रशंसनीय है जो गृहत्याग का हेतु हो । वही वस्त्रधारण प्रशंसनीय है जो एक दिन वस्त्रत्याग का हेतु हो ।
समयसार की ‘आत्मख्याति’ टीका, गाथा 4 के अनुसार प्रवृत्ति का उपदेश देने वाले तो बहुत सुलभ हैं, गली-गली में भरे हैं, किन्तु निवृत्ति का उपदेशक दुर्लभ है- ‘परस्परमाचार्यत्वमाचरन्तो’ ।
जैनाचार निवृत्तिप्रधान है -इस विषय को समझने के लिए आचार्य जटासिंहनन्दी के संस्कृत-महाकाव्य ‘वरांगचरित’ (13वीं शताब्दी) का निम्नलिखित श्लोक भी बहुत महत्त्वपूर्ण है, जिसमें कहा गया है कि जो अत्यन्त निवृत्ति का उपदेश देते हैं वे ही सच्चे जैन गुरु हैं और वे ही इस जीव को संसाररूपी कुटिल अटवी से बाहर निकाल सकते हैं, अन्य कोई नहीं । यथा-
"जन्माटवीषु कुटिलाषु विनष्टमार्गान्,
येऽत्यन्तनिवृतिपथं प्रतिबोधयन्ति ।
तेभ्योऽधिकः प्रियतमो वसुधातलेऽस्मिन्,
कोऽन्योऽस्ति बन्धुरपरः परिभाव्यमानः ||"
यह एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण श्लोक है, इसकी अनेक बातें गम्भीरतापूर्वक चिंतनीय हैं | यथा -
-
यह संसार एक कुटिल अटवी के समान है | यहाँ चारों ओर भयंकर दुःख, लूटपाट और अव्यवस्था है | यद्यपि मनुष्य ने नगरादि बनाकर बहुत व्यवस्थाएं बनाने का प्रयास किया है, परन्तु परमार्थ से कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है, जंगलराज ही चल रहा है | लोग केवल व्यवस्था का दम्भ कर रहे हैं।
-
इसमें जीव मार्ग भूल रहे हैं, भटक रहे हैं | चार गति चौरासी लाख योनियों में चक्कर लगा रहे हैं, पर निकल नहीं पा रहे हैं | उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि क्या करें, वे एकदम किंकर्तव्यविमूढ़ और अत्यंत व्याकुल हैं ।
-
इसमें से निकलने का मार्ग अत्यंत निवृत्ति रूप ही है | यह जीव अनेक बार अशुभ क्रियाओं से तो निवृत्त हुआ है, किन्तु जब तक शुभ क्रियाओं से भी निवृत्त नहीं होगा, पूर्ण निवृत्ति नहीं अंगीकार करेगा, तब तक इस भयंकर अटवी में से निकल नहीं पाएगा |
-
सच्चा गुरु वही है जो जीवों को अत्यंत निवृत्ति का पथ दिखाता है, समझाता है | जो जीवों को मात्र अशुभ क्रियाओं से हटाकर शुभ क्रियाओं में लगा देता है, वह सच्चा गुरु नहीं है, सच्चा मार्गदर्शक नहीं है | उससे जीवों को सावधान रहना चाहिए, बचना चाहिए | सच्चा गुरु तो वह है जो क्वचित्, कदाचित् प्रवृत्ति का भी उपदेश दे तो वह भी निवृत्ति के ही लिए देता है ।
-
अत्यंत निवृत्ति का पथ दिखाने वाला गुरु सम्पूर्ण वसुधातल पर मिलना दुर्लभ है | नाना प्रकार से प्रवृत्ति में ही लगाए रखने वाले गुरु तो सर्वत्र गली-गली में मिल जाते हैं, किन्तु पूर्ण निवृत्ति का, शुद्ध अध्यात्मविद्या का उपदेश देने वाले गुरु अत्यंत दुर्लभ हैं, क्वचित् कदाचित् ही महाभाग्य से किसी को मिलते हैं ।
-
अत्यंत निवृत्ति का पथ दिखानेवाले गुरु ही (निर्ग्रन्थ दिगम्बर जैन मुनि, जिन्हें वेद-उपनिषदों में भी ‘अध्यात्मविद्याविशारद’ आदि कहा है) जीव के प्रियतम बन्धु हैं और भलीभांति सेवन करने योग्य हैं |
-
जैन मुनि केवल निवृत्ति का ही उपदेश देते हैं, जैसा कि द्रव्यसंग्रह, गाथा 56 में कहा है- ‘मा चिट्ठह मा जंपह मा चिंतह इट्ठ-णिट्ठ-अट्ठेसु’ अर्थात् कुछ भी मत करो, कुछ भी मत बोलो और कुछ सोचो भी मत, पूर्ण निर्विकल्प होकर अपने ही स्वभाव में स्थित हो जाओ, बस |
ये व्याख्यान्ति न शास्त्रं ददाति दीक्षादिकं च शिष्याणाम् |
ज्ञानध्याननिमग्नाः तेऽत्र साधवो ज्ञेयाः ||
अर्थ- जो व्याख्यान भी नहीं करते, शिष्यों को दीक्षादिक भी नहीं देते और सदैव ज्ञान-ध्यान में लीन रहते हैं, उन्हें ही साधु कहते हैं ।
“यदि मुनि कहे कि अभिषेक करके गंधोदक लाओ तो प्रायश्चित्त लेना होगा और यदि दुबारा ऐसा करे तो दीक्षाच्छेद होगा ।”
-आचार्य विद्यानंद मुनि