जैन न्याय का वैशिष्ट्य
-प्रो. वीरसागर जैन
न्यायशास्त्र भारतीय दर्शन की लगभग सभी शाखाओं में उपलब्ध होता है | न केवल भारतीय दर्शनों में, पाश्चात्य दर्शनों में कहीं-कहीं न्याय के कुछ तत्त्व देखने को मिल जाते हैं | परन्तु इन सबमें जैन न्याय का अपना विशेष स्थान है | जैन न्याय के वैशिष्ट्य को हम निम्नलिखित बिन्दुओं के माध्यम से भलीभांति समझ सकते हैं-
-
जैन न्याय के दो अंग हैं- प्रमाण और नय, जबकि अन्य न्यायों में मात्र एक ही अंग का वर्णन मिलता है- प्रमाण का | जैन न्याय में कहीं-कहीं तो एक निक्षेप नामक तीसरे अंग का भी वर्णन मिलता है | किन्तु अन्य न्यायों में नय एवं निक्षेप का वर्णन नहीं मिलता | जैन न्याय में प्रमाण की भांति नय एवं निक्षेप को भी पर्याप्त विस्तार प्राप्त हुआ है | इस प्रकार जैन न्याय का क्षेत्र अन्य न्यायों से अधिक व्यापक है |
-
जैन न्याय का मुख्य उद्देश्य तत्त्वाधिगम ही है, जय-पराजय नहीं | स्वमतमण्डन-परमतखण्डन भी जैन न्याय का मुख्य उद्देश्य नहीं है | जैन न्याय स्वमतमण्डन-परमतखण्डन या जय-पराजय के लिए छल, जाति, वितंडा, निग्रह आदि का उपयोग नहीं करता| इस सन्दर्भ में ‘न्यायमन्दिर’ की भूमिका पठनीय है|
-
ज्ञान (सम्यग्ज्ञान) को ही प्रमाण मानना भी जैन न्याय का वैशिष्ट्य है | जैन न्याय ज्ञान के अतिरिक्त वेद, गुरु, इन्द्रिय, प्रकाश आदि किसी को भी प्रमाण पद पर आरुढ़ हो सकने के योग्य नहीं मानता |
-
ज्ञान (सम्यग्ज्ञान) को स्वपरप्रकाशक मानना भी जैन न्याय का एक वैशिष्ट्य है | अन्य न्याय ज्ञान को मात्र स्वप्रकाशक या मात्र परप्रकाशक ही मानते हैं |
-
जैन न्याय में स्मृति आदि कुछ ऐसे प्रमाण भी स्वीकार किये गये हैं, जिन्हें अन्यत्र प्रमाण नहीं माना जाता | स्मृति के सम्बन्ध में जैन न्याय का कहना है कि अविसंवादी होने के कारण स्मृति को प्रमाण मानने में कोई आपत्ति नही होनी चाहिए | तथा यदि स्मृति को प्रमाण नहीं माना जाएगा तो उसके आधार पर बनने वाले प्रत्यभिज्ञान, तर्क, अनुमान, आगम को भी प्रमाण नहीं माना जा सकेगा |
-
जैन न्याय में हेतु का लक्षण एक अन्यथानुपपत्ति या तथोपपत्ति ही माना गया है | इसे अविनाभाव भी कहते हैं | अन्य न्यायों में हेतु के त्रैरूप्य या पांचरूप्य की चर्चा होती है |
-
जैन न्याय में आगम प्रमाण को भी वस्तुतः ज्ञानरूप ही माना गया है, शब्दरूप नहीं | शब्दरूप आगम को तो उपचार से प्रमाण माना गया है ।
-
सर्वज्ञसिद्धि का प्रकरण भी जैन न्याय का एक अद्भुत वैशिष्ट्य है | इसे इतना अधिक विस्तार एवं गूढ़ता अन्यत्र कहीं नहीं मिलती | यह प्रकरण जैन न्याय के लगभग सभी ग्रन्थों में पाया जाता है | यहाँ तक कि जैन नैयायिकों ने इस विषय पर स्वतंत्र रूप से भी अनेक ग्रन्थ लिखे हैं।
-
जैन न्याय में प्रमाण के साथ उसके विषय एवं फल का भी वर्णन उपलब्ध होता है | तथा वह भी बहुत मौलिक है | तथा उससे यह भी सिद्ध होता है कि जैन न्याय की सीमा में प्रमाण ही नहीं, प्रमेय और प्रमिति भी गर्भित होते हैं | जैन न्याय में प्रमाण, प्रमेय, प्रमिति, प्रमाता सभी का विचार किया जाता है।
-
जैन न्याय के ग्रन्थ बड़ी संख्या में उपलब्ध होते हैं - इसे भी हम जैन न्याय का एक वैशिष्ट्य मान सकते हैं | इतने अधिक ग्रन्थ अन्यत्र कहीं नहीं मिलते | जैन न्याय के लगभग 200 ग्रन्थों की सूची तो मैं ही प्रस्तुत कर चुका हूँ | देखिए मेरा अन्य निबन्ध- ‘जैन न्याय ग्रन्थों का सूचीकरण’ |
इसप्रकार यहाँ जैन न्याय की कतिपय प्रमुख विशेषताओं को संक्षेप में बताने का प्रयास किया गया | चिन्तन करने पर और भी अनेक विशेषताएँ गिनाई जा सकती हैं | अलमति विस्तरेण |
जैन न्याय का वैशिष्ट्य.pdf (0.1 MB)