ज्ञाता दृष्टा होना ? | Gyata Drushta Hona?

ज्ञाता-दृष्टा होना कितना मुश्किल काम है!

यह मुझे आज एक बहुत छोटे से प्रयोग से समझ में आया। मैं गैस के सामने खड़ा होकर दूध को गर्म होते हुए देखने लगा। मैंने तय किया कि 5–10 मिनट तक मुझे सिर्फ दूध को गर्म होते हुए देखना है। न गैस की आँच तेज करनी है, न धीमी, न कोई दूसरा काम करना है, न मोबाइल देखना है। बस जो हो रहा है, उसे बिना किसी हस्तक्षेप के देखते रहना है। लेकिन कुछ ही देर में मन बेचैन होने लगा। कभी लगा गैस तेज कर दूँ, दूध जल्दी गर्म हो जाएगा। फिर लगा आँच धीमी कर दूँ और तब तक कोई दूसरा काम कर लूँ। फिर मोबाइल देखने का विचार आया। हर सेकंड मन कुछ न कुछ करने का विकल्प दे रहा था। तब मुझे लगा कि सिर्फ किसी चीज को बिना कुछ किए, बिना उसमें फेरबदल किए, केवल देखते रहना कितना मुश्किल काम है।

शायद हमारे जीवन की एक बड़ी समस्या भी यही है। हम हर जगह अपना कर्तृत्व स्थापित करना चाहते हैं। जब तक हमें लगता नहीं कि मैंने कुछ किया है, तब तक हमें लगता ही नहीं कि हमने कुछ किया। मैंने यह किया, मैंने इसे बदला, मैंने इसे ठीक किया, मेरी वजह से ऐसा हुआ। और जब चीजें हमारे मन के अनुसार होती हैं तो हमें खुशी होती है और जब मन के अनुसार नहीं होतीं तो दुख। थोड़ा भीतर जाकर देखें तो समझ आता है कि ये सुख-दुख भी कहीं न कहीं उसी कर्तृत्व के अहंकार से जुड़े हुए हैं। मैंने किया, इसलिए परिणाम मेरा मेरे मन का हुआ, इसलिए सुख; मेरे मन का नहीं हुआ, इसलिए दुख।

फिर एक सवाल मन में आया कि क्या सिर्फ जानना और देखना कोई काम नहीं है? क्या यह पुरुषार्थ नहीं है? हम तो हमेशा करने को ही पुरुषार्थ मानते आए हैं। कुछ हासिल करना, कुछ बदलना, कुछ ठीक करना, कुछ नियंत्रित करना। लेकिन जैन दर्शन की दृष्टि से देखें तो आत्मा का स्वभाव ही ज्ञाता-दृष्टा है। आत्मा जानती है, देखती है। तो क्या अपने भीतर उठने वाली हर चीज को जान लेना और उसमें बह न जाना भी पुरुषार्थ नहीं है?

क्रोध आया, मैंने क्रोध को जाना। लोभ आया, मैंने लोभ को जाना। किसी के प्रति राग आया, मैंने राग को जाना। किसी बात से दुख हुआ, मैंने उस दुख को जाना। किसी बात से बहुत खुशी हुई, मैंने उस खुशी को भी जाना। यानी जो हो रहा है, उसे जानना और उसमें बहकर उसी को अपना स्वरूप न मान लेना। शायद यही ज्ञाता-दृष्टा होने की शुरुआत है।

हमारा पूरा जीवन ज्ञेयों में उलझते हुए निकल जाता है। पैसा एक ज्ञेय है, पद एक ज्ञेय है, प्रतिष्ठा एक ज्ञेय है, परिवार और संबंध ज्ञेय हैं, परिस्थितियाँ ज्ञेय हैं। इतना ही नहीं, हमारे विचार भी ज्ञेय हैं, हमारी भावनाएँ भी ज्ञेय हैं, हमारा सुख-दुख भी ज्ञेय है। क्रोध आया, हमें पता चला कि क्रोध आया है। दुख हुआ, हमें पता चला कि दुख हुआ है। खुशी हुई, हमें पता चला कि खुशी हुई है। तो फिर जो इन सबको जान रहा है, वह कौन है? अगर ये सब ज्ञेय हैं तो मैं कौन हूँ? जैन दर्शन हमें यहीं से भीतर देखने की दिशा देता है कि तुम ज्ञाता हो, तुम दृष्टा हो।

लेकिन मुश्किल यही है कि हम अनादि काल से ज्ञेयों में उलझते आए हैं। कुछ अच्छा मिला तो उससे राग हो गया, कुछ बुरा लगा तो द्वेष हो गया। कुछ मन के अनुसार हुआ तो पकड़ लिया और मन के अनुसार नहीं हुआ तो उसे बदलने में लग गए। हम हर चीज में अपना कर्तृत्व और ममत्व जोड़ते चले गए और फिर उसी से सुख-दुख का संसार खड़ा कर लिया।

आज के समय में यह और भी जरूरी हो गया है। हमारे पास पहले से ज्यादा सुविधाएँ हैं, लेकिन मन के पास पहले से ज्यादा विकल्प भी हैं। एक notification आया, फिर WhatsApp, फिर Instagram, फिर कोई खबर, फिर कोई वीडियो, फिर किसी की टिप्पणी। हम एक चीज को जानते-जानते दस दूसरी चीजों की तरफ चले जाते हैं। हमारे पास जानकारी बहुत है, लेकिन अपने आपको जानने का समय बहुत कम है। हर खबर जाननी है, हर बात पर प्रतिक्रिया देनी है, हर परिस्थिति पर अपनी राय बनानी है और हर चीज को अपने मन के अनुसार करने की कोशिश करनी है। ऐसे समय में शायद ज्ञाता-दृष्टा भाव की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा है।

हर बात पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है। हर विचार का जवाब देना जरूरी नहीं है। हर परिस्थिति को बदलना जरूरी नहीं है। किसी ने कुछ कहा तो तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय एक क्षण रुककर देखना कि मेरे भीतर क्या हो रहा है। क्रोध उठ रहा है तो उसे देखना, अहंकार उठ रहा है तो उसे देखना, ईर्ष्या उठ रही है तो उसे देखना, दुख हो रहा है तो उसे देखना। बस देखना। इसका मतलब कर्म छोड़ देना नहीं है। जीवन में जो कर्तव्य है, वह करना ही है। लेकिन अंतर भीतर की दृष्टि का है। कर्म हो, लेकिन कर्तृत्व का अहंकार न हो। कर्तव्य करें, लेकिन हर परिणाम को “मैंने किया” और “यह मेरा है” से न बाँधें।

शायद सुखी होने का रास्ता भी यहीं से निकलता है। अगर मैं दुनिया की हर चीज को अपने मन के अनुसार करने की कोशिश करूँगा तो मैं कभी सुखी नहीं हो सकता, क्योंकि दुनिया हमेशा मेरे मन के अनुसार नहीं चलेगी। किसी दिन सफलता मिलेगी, किसी दिन असफलता। किसी दिन प्रशंसा मिलेगी, किसी दिन आलोचना। किसी दिन परिस्थितियाँ मेरे पक्ष में होंगी, किसी दिन नहीं होंगी। अगर मेरा सुख इन सब पर निर्भर है तो मेरा सुख भी इनके साथ बदलता रहेगा। इसलिए शायद सुखी होने का उपाय दुनिया को बदलना नहीं, बल्कि दुनिया को देखने की अपनी दृष्टि बदलना है।

आज दूध को गर्म होते हुए देखने का वह छोटा सा प्रयोग मेरे लिए इसी वजह से महत्वपूर्ण हो गया। मैंने दूध को अपना काम करने दिया, गैस को अपना काम करने दिया और अपने मन को भी देखा। मन कितनी जल्दी विकल्प बनाता है, मन कितनी जल्दी कुछ बदलना चाहता है, मन कितनी जल्दी कहता है कि कुछ करो। लेकिन मैंने पहली बार थोड़ा स्पष्ट देखा कि मन का हर कहना मान लेना जरूरी नहीं है। कुछ चीजों को सिर्फ देखा जा सकता है, कुछ चीजों को सिर्फ जाना जा सकता है और कुछ क्षणों में कुछ करने की जरूरत नहीं होती, बस देखने की जरूरत होती है।

शायद दूध को गर्म होते हुए देखने से आगे अब अपने मन को उठते हुए देखना है। अपने विचारों को आते-जाते देखना है। अपने सुख-दुख को आते-जाते देखना है। अपने राग-द्वेष को पहचानना है और फिर स्वयं को देखना है कि मैं कौन हूँ। जो यह सब देख रहा है, वह कौन है? शायद यहीं से ज्ञेयों की भीड़ से निकलकर ज्ञाता की ओर यात्रा शुरू होती है।

बात बहुत सरल है। मैं सिर्फ जानने वाला हूँ, करने वाला नहीं। मैंने यह किया यह कर्तृत्व का अहंकार है और “यह मेरा है” यह ममत्व की पकड़ है। जब मैं हर ज्ञेय के साथ अपना “मैं” और “मेरा” जोड़ता जाता हूँ तो सुख-दुख भी उसी के साथ आते-जाते हैं। इसलिए सुखी होने का उपाय शायद दुनिया को अपने अनुसार चलाना नहीं है। सुखी होने का उपाय है कि जो घट रहा है, उसे सहज भाव से देखना। दूध गर्म हो रहा है, होने दो। मन में विचार आ रहा है, आने दो। भावना उठ रही है, उठने दो। परिस्थिति बदल रही है, बदलने दो। जहाँ कर्तव्य आवश्यक है, वहाँ कर्तव्य करो, लेकिन भीतर यह स्मरण रहे कि मैं ज्ञाता हूँ, मैं दृष्टा हूँ। शायद ज्ञाता-दृष्टा होने का यही छोटा सा अभ्यास हमें धीरे-धीरे उस सुख की ओर ले जा सकता है, जिसे हम बाहर की पूरी दुनिया में खोजते रहे हैं।
#अव्यक्त