दिल्ली विश्वविद्यालय में स्याद्वाद | Dilli Vishvavidyalay Men Syadvad

दिल्ली विश्वविद्यालय में स्याद्वाद

-प्रो. वीरसागर जैन

आज दिनांक 12 सितंबर 2025 को यहाँ दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित ‘दर्शन-संगम’ में मुझे प्रमाण, नय एवं स्याद्वाद विषय पर व्याख्यान देने का अवसर प्राप्त हुआ, जिसमें लगभग 10 प्रोफेसर्स एवं 150 विद्यार्थी सम्मिलित हुये । व्याख्यान के बाद अनेक महत्त्वपूर्ण प्रश्न-उत्तर भी हुये । व्याख्यान का संक्षिप्त सार इसप्रकार है-

दर्शनशास्त्र का उद्देश्य है- तत्त्व का समीचीन रूप से निर्णय करना; उसमें किसी भी प्रकार का कोई संशय, विपर्यय आदि नहीं बचने देना । उसका यह कार्य प्रमाण से ही होता है, उसके बिना नहीं; अतः सभी दर्शनों में प्रमाण की व्यवस्था पाई जाती है । प्रमाण का अर्थ ही होता है कि जो तत्त्व को प्रामाणिक रूप से जाने, उसे प्रमाण कहते हैं- ‘प्रमीयते अनेन इति प्रमाणम्’ अर्थात् जिसके द्वारा तत्त्व को प्रकृष्ट रूप से अर्थात् समीचीन रूप से, निर्दोष रूप से जाना जाए उसे प्रमाण कहते हैं ।

इस प्रकार सभी दर्शन तत्त्वज्ञान या तत्त्वाधिगम के साधन के रूप में प्रमाण को स्वीकार करते हैं, किन्तु जैन दर्शन प्रमाण के साथ-साथ नय को भी तत्त्वाधिगम का मुख्य साधन स्वीकार करता है । जैन दर्शन के अनुसार तत्त्वाधिगम के दो साधन हैं- प्रमाण और नय ।

पूरी वस्तु को एक साथ जानना/कहना प्रमाण है और उसके एक अंश को जानना/कहना नय है । जैसे कि ‘मनुष्य’ -ऐसा बोलना प्रमाण है और हाथ, पैर, आँख, नाक, कान आदि बोलना नय है । ‘नींबू’ बोलना प्रमाण है और खट्टा, पीला, गोल आदि बोलना नय है । ‘आत्मा’ बोलना प्रमाण है और ज्ञान, दर्शन, चारित्र, सुख आदि बोलना नय है ।

जैन दर्शन का कहना है कि प्रमाण पूरी वस्तु को एक साथ बताता है, किन्तु हमारा ज्ञान बहुत स्थूल है, वह पूरी वस्तु को एक साथ जानने/कहने में समर्थ नहीं है, अतः हमें उसके एक-एक अंश के द्वारा ही समझना होगा | उदाहरणार्थ- यदि कोई कहे कि ‘आत्मा’ तो हमारी समझ में कुछ नहीं आएगा, किन्तु जब वह कहे कि ज्ञानवाला, दर्शनवाला, चारित्रवाला तो हमारी समझ में आ जाएगा | प्रमाण की विषयभूत वस्तु तो अनंतधर्मात्मक वचन-अगोचर है, उसे हम अल्पज्ञानी कैसे पूरी एक साथ जान सकते हैं ? हम कोई सर्वज्ञ नहीं हैं | सर्वज्ञ तो पूरी वस्तु को एक साथ जान सकते हैं, पर हम क्षयोपशम ज्ञानी हैं, अल्प ज्ञानी हैं, हम तो एक-एक अंश के द्वारा ही उसे जान पाएंगे | यद्यपि हम भी पूरी ही वस्तु को जान लेंगे, अंश तक नहीं रुकेंगे, पर उसके लिए हमें नय और प्रमाण दोनों की सहायता लेनी होगी | इस प्रकार जैन दर्शन के अनुसार तत्त्वाधिगम के दो साधन हैं- प्रमाण और नय |

नय अनंतधर्मात्मक वचन-अगोचर पूरी वस्तु को जानने में हमारी बड़ी सहायता करता है | इसके लिए मेरे गुरुजी एक बहुत अच्छा उदाहरण देते थे | यथा-

मान लीजिए हमें एक हाथी तौलना है और हमारे पास साधारण-से तराजू-बाँट हैं | क्या करें ? एक तो यही है कि हम मना कर दें, कह दें कि संभव नहीं है | परन्तु यह तो असफलता हुई | सफल होना हो तो थोड़ा फिर दिमाग लगाना होगा | हाथी को नाव में खड़ा करके नाव जहाँ तक पानी में डूबे, वहाँ चॉक से निशान लगा दें | फिर हाथी को निकाल कर इतने कंकर भर दें कि नाव उस निशान तक डूब जाए | इसके बाद उन कंकरों को अपने तराजू-बाँट से क्रम-क्रम से तौल लें और सबको जोड़ दें | हाथी का वजन निकल आएगा |

यही स्थिति हमारे श्रुतज्ञान की है | वह एक साथ अनंतधर्मात्मक पूरी वस्तु को नहीं जान सकता, किन्तु क्रम-क्रम से एक-एक अंश को जानता हुआ पूरी वस्तु का आसानी से ज्ञान कर सकता है |

किन्तु अब यहाँ भी एक सावधानी आवश्यक है | एक अंश को जानते समय यह भ्रम न पालें कि यह पूरी वस्तु है, अपितु यह याद रखें कि यह वस्तु का केवल एक अंश है, उसके अन्य शेष अंश भी बहुत हैं, वस्तु केवल इस अंश जितनी ही नहीं है । यदि यह सावधानी रखी जाएगी तो समझिए आप नयों का पर प्रयोग करना सीख गए, अन्यथा फिर अज्ञानी रह जाएंगे । यही कारण है कि जैन दर्शन नय-व्यवस्था को दो भागों में बाँटकर समझाया है- सुनय और कुनय । जो नय अपर पक्ष या अन्य पक्षों का निषेध कर दे उसे कुनय कहते हैं और जो नय अपर पक्ष का निषेध न करे उसे सुनय कहते हैं । सुनय और कुनय को जैनदर्शन में क्रमशः सम्यक् नय और मिथ्या नय भी कहते हैं।

जैन दर्शन की इस नय-व्यवस्था को दर्शन-जगत् में ‘नयवाद’ सिद्धांत के नाम से भी जाना जाता है । नयवाद सिद्धांत में अनंत नय होते हैं, क्योंकि वस्तु में अनंत गुण-धर्म होते हैं । नयवाद उन अनंत नयों के माध्यम से वस्तु के अनंत गुण-धर्मों को प्रकाशित करता हुआ पूर्ण वस्तु का ज्ञान कराने में सफल होता है ।

वस्तु के इन अनंत धर्मों में कितने ही धर्म परस्पर विरुद्ध प्रतीत होनेवाले भी होते हैं । जैसे कि वस्तु नित्य भी होती है और अनित्य भी, सत् भी होती है और असत् भी, एक भी होती है और अनेक भी, इत्यादि । ये धर्म प्रथम दृष्टि से विरुद्ध ही प्रतीत होते हैं, परन्तु वास्तव में ये विरुद्ध नहीं होते हैं, केवल विरुद्ध प्रतीत होते हैं । जैसे कि एक ही व्यक्ति एक अपेक्षा से ज्ञानी भी होता है और दूसरी अपेक्षा से अज्ञानी भी, एक अपेक्षा से धनी भी होता है और दूसरी अपेक्षा से निर्धन भी, एक अपेक्षा से बड़ा भी होता है और दूसरी अपेक्षा से छोटा भी, एक अपेक्षा से मोटा भी होता है और दूसरी अपेक्षा से पतला भी, इत्यादि । इनमें कोई विरोध नहीं है, मात्र अपेक्षा-भेद है । एक ही पुरुष पिता भी होता है और पुत्र भी, चाचा भी होता है और भतीजा भी, मामा भी होता है और भानजा भी, जीजा भी होता है और साला भी, इत्यादि । इनमें कोई विरोध नहीं है, मात्र अपेक्षा-भेद है । इस प्रकार के और भी असंख्य उदाहरण हमारे लोक-जीवन में से भी बताए जा सकते हैं।

परस्पर विरुद्ध प्रतीत होनेवाले इन वस्तु-धर्मों को अविरोध रूप से प्रतिपादन करने की न्याय-संगत कला का नाम ही स्याद्वाद है । जैन आचार्यों ने इस स्याद्वाद सिद्धांत पर बहुत अधिक कार्य किया है और पाया है कि यह एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण सिद्धांत है । इसे समझे बिना ही दर्शन-जगत् में सारे विवाद खड़े हो रहे हैं और इसे स्वीकार करते ही सबका समाधान सहज सम्भव है | जैसे कि सांख्य दर्शन कहता है कि वस्तु नित्य है और बौद्ध दर्शन कहता है कि वस्तु अनित्य है | जैन दर्शन कहता है कि इसमें कोई विवाद की बात नहीं होनी चाहिए, क्योंकि वस्तु द्रव्य अपेक्षा से नित्य है और पर्याय अपेक्षा से अनित्य है | दोनों को दोनों पक्ष स्वीकार करना चाहिए, एक ही पक्ष का आग्रह नहीं करना चाहिए | एक पक्ष का आग्रह एकांत है और दोनों पक्षों को स्वीकार करना अनेकांत है | यही स्थिति प्रायः सभी विषयों की है | सभी दर्शन एक-एक पक्ष का आग्रह रख रहे हैं, यदि वे अपर पक्ष को भी स्वीकार कर लें तो सारा विवाद समाप्त हो सकता है और समीचीन पूर्ण वस्तु-स्थिति भी सामने आ सकती है ।

जैन दर्शन के इस अनेकांतवाद या स्याद्वाद सिद्धांत पर अनेक लोगों ने अनेक आरोप भी लगाए हैं कि यह तो शायदवाद है, संशयवाद है, इससे तत्त्वनिर्णय नहीं हो सकता है इत्यादि, परन्तु जैनाचार्यों ने अपने ग्रंथों में इन सब बातों पर गंभीरता से विचार किया है और सबका न्यायसंगत समाधान प्रस्तुत किया है | यही कारण है कि अनेकानेक निष्पक्ष विचारकों ने इस सिद्धांत की भूरि-भूरि प्रशंसा की है, जिसे मैंने अपने इस शोधालेख ‘स्याद्वाद : निष्पक्ष मनीषियों की दृष्टि में’ में संग्रहीत करने का प्रयास किया है |

स्याद्वाद को समझाते हुए जैनाचार्यों ने अनेक महत्त्वपूर्ण बातें प्रस्तुत की हैं | जैसे कि- यदि हम अपर पक्ष को नहीं मानेंगे तो अपना पक्ष भी नहीं बचेगा, क्योंकि दोनों अविनाभावी होते हैं | भाव है तो अभाव भी है, नित्य है तो अनित्य भी है, वक्तव्य है तो अवक्तव्य भी है, छोटा है तो बड़ा भी है, पिता है तो पुत्र भी है, इत्यादि | यदि इनमें से एक का लोप करेंगे तो अन्य का भी लोप हो जाएगा | जैसे कि अभाववादी से जैनाचार्यों ने पूछा कि बताओ अभाव का भाव है या नहीं ? यदि हाँ तो सर्वथा अभाव का सिद्धांत खंडित हो गया और यदि नहीं तो अभाव का भी अभाव हो जाने से फिर अभाववाद का सिद्धांत नष्ट हो गया | इस तरह अभाव को स्वीकार करने के लिए भी भाव और अभाव दोनों को स्वीकार करना अनिवार्य है | इसी प्रकार जैनाचार्यों ने अवक्तव्यवादी से कहा कि यदि वस्तु सर्वथा अवक्तव्य हो तो उसे ‘अवक्तव्य’ शब्द से भी नहीं कहा जा सकता | किन्तु ‘अवक्तव्य’ शब्द से कहा जाता है -इससे सर्वथा अवक्तव्यवाद का सिद्धांत खंडित हो जाता है | इसी तरह और भी अनेक बातें कही हैं।

स्याद्वाद को सिद्ध करते हुए जैनाचार्यों ने एक और महत्त्वपूर्ण तर्क यह दिया है कि यदि वस्तु में परस्पर विरुद्ध प्रतीत होनेवाले दोनों धर्म न हों तो वस्तु अपनी अर्थक्रिया ही नहीं कर सकती | वह व्यर्थ सिद्ध हो जाएगी | जैसे कि नाटक का राम यदि सर्वथा राम हो तो भी उसे नाटक नहीं कहा जा सकता और यदि सर्वथा राम न हो तो भी उसे नाटक नहीं कहा जा सकता | नाटक को नाटक होने के लिए उसके राम को स्यात् राम होना भी चाहिए और स्यात् राम नहीं भी होना चाहिए | इसी प्रकार चित्रकला के मयूर को चित्रकला होने के लिए स्यात् मयूर होना भी चाहिए और स्यात् मयूर नहीं भी होना चाहिए | यदि वह सर्वथा मयूर हो तो भी उसे चित्रकला नहीं माना जा सकता और यदि वह सर्वथा मयूर न हो तो भी उसे चित्रकला नहीं माना जा सकता | इसप्रकार वस्तु को सार्थक होने के लिए भी परस्पर विरुद्ध धर्मों का धारक होना अनिवार्य है |

जैन दर्शन का यह स्याद्वाद या अनेकांतवाद सिद्धांत केवल दार्शनिक दृष्टि से नहीं, व्यावहारिक दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी है | विद्वानों ने इसकी विश्वशांति में भी महती भूमिका स्वीकार की है | उन्होंने पाया है कि इसके बिना ही तरह-तरह के आतंकवादों का जन्म दुनिया में होता है | अतः उनसे बचने के लिए भी अनेकांतवाद को स्वीकार करना आवश्यक है | अनेकांतवाद व्यक्ति को संकीर्णता से निकालकर आकाश के समान उदार बनाता है |

इसप्रकार मैंने आपके समक्ष प्रमाण, नय, स्याद्वाद और अनेकांतवाद पर कुछ बातें रखीं | यद्यपि अभी भी मेरे पास कुछ महत्त्वपूर्ण बातें और बची हैं, पर समय की सीमा है, अतः विराम लेता हूँ | मैं आपके लिए इस विषय से संबंधित कुछ लेख और पुस्तकें लेकर आया हूँ, जिनमें से न्याय-मंदिर, जैन-न्याय-प्रदीपिका और स्याद्वाद-मंगलम् -ये तीन पुस्तकें विशेष महत्त्वपूर्ण हैं | आप इन्हें अवश्य देखिएगा और यदि कोई भी प्रश्न आपके मन में उत्पन्न हो तो मुझे बताइएगा | मैं यहीं दिल्ली में रहता हूँ | आप कभी भी मेरे पास आ सकते हैं और मुझसे फोन या व्हाट्स एप पर भी अपनी जिज्ञासा पूछ सकते हैं | आप सब श्रेष्ठ दार्शनिक बनें -
इसी पवित्र भावना के साथ मैं आज की बात पूर्ण करता हूँ ।