मंगलमय श्रेष्ठ सहारे हो
सब ग्रंथों के हो ग्रंथकार
इस भूतल पर हो ज्ञान सूर्य
तुमको वंदन है बार बार॥1॥
मुक्ति मार्ग के नेता हो
उस ही पथ के आदर्श बने
कर्म पर्वतों को भेदा
ज्ञाता तुम विश्व तत्त्व के हो॥2॥
भूख प्यास चिंता आदिक
ये दोष अठारह रहित देव
निर्दोष आप हैं आप्त रूप
है वीतरागता परम श्रेष्ठ॥3॥
अलोक और त्रयलोक सभी
दर्पणवत् झलके ज्ञान में
किंतु सच्चिदानंद प्रभु
तुम रहो सदा निज ध्यान में॥4॥
सुख की परिभाषा को तुमने
अनुभव करके ही बतलाया
सौ इंद्रों के मध्य आपने
सच्चा स्वरूप ही बतलाया॥5॥
हे अंतर्दर्शी अंतर्ज्ञानी
त्रैलोक्य प्रकाशक परम पूज्य
हर जन के तम हरने वाले
तुम ही हो प्रभुवर प्रबल सूर्य॥6॥
गुण द्रव्य और पर्यायों से
नित रूप आपका जो लखते
वे भव्य जीव स्व आत्म जान
दृग मोह नाश अपना करते॥7॥
है सौम्य शांतिमई मुद्रा
जो दर्शाती हैं मुक्ति मार्ग
मैं नमन आप को नित करता
हो मेरा भी मिथ्यात्व नाश॥8॥
रचनाकार: चिन्मय जैन (Chinmay Jain), ग्वालियर
Instagram: @simply.unihc