दौलत-विलास : एक संक्षिप्त अध्ययन | Daulat Vilas Ek Sankshipt Adhyayan

दौलत-विलास : एक संक्षिप्त अध्ययन

-प्रो. वीरसागर जैन

अध्यात्मप्रेमी कविवर पण्डित दौलतराम ने जिस प्रकार ‘छहढाला’ नाम के एक स्वतंत्र ग्रन्थ की रचना की है, उस प्रकार ‘दौलत-विलास’ नाम के किसी स्वतंत्र ग्रंथ की रचना नहीं की है, अपितु 'दौलत-विलास तो उनकी अनेक छोटी-छोटी रचनाओं का संग्रह है, जो उनके बाद में किसी अन्य संग्रहकर्ता विद्वान् ने प्रस्तुत किया है ।

‘दौलत-विलास’ में 1 देवस्तुति, 122 विभिन्न राग-रागनियों के काव्यात्मक पद एवं 2 जकड़ियाँ हैं।

(क) देव-स्तुति-

‘देवस्तुति’ सम्पूर्ण जैन-स्तुति-साहित्य में अपना विशिष्ट और गौरवमय स्थान रखती है। ऐसी स्तुति समग्र स्तुति-साहित्य में दुर्लभ है। लाखों जिनेन्द्रभक्तों को यह स्तुति कंठस्थ याद है। देवस्तुतियां तो जैनवाङ्मय में हजारों उपलब्ध हैं, किन्तु उन सबमें इसका अपना अलग ही महत्त्व है। जैन समाज में इसके मधुर संगीतमय टेप-कैसेट्स भी उपलब्ध हैं जो जब-तब रुचिपूर्वक बजाये और सुने जाते हैं।

इस ‘देवस्तुति’ की खास विशेषता यह है कि इसमें भक्ति चरम सीमा पर है, पर भक्ति का अन्धा आवेश कतई नहीं है। भक्ति का अन्धा आवेश जैनदर्शन के अकर्तावाद, वस्तु-स्वातंत्रय, वीतरागता आदि मूल सिद्धान्तों की अवहेलना कर बैठता है, जो एक बहुत ही आपत्तिजनक बात होती है। कविवर पण्डित दौलतराम अपने सम्पूर्ण साहित्य में ही इस विषय में बहुत सावधान दिखाई देते हैं। उन्होंने भक्ति के आवेश में आकर जिनागम के मूल सिद्धान्तों की अवहेलना तो दूर, अपितु बड़ी कलात्मकता से पुष्टि की है। मूल सिद्धान्तों की सुरक्षा की यह प्रवृत्ति पुनः-पुनः सराहनीय है। जिनागम के मूल प्रतिपाद्य को इस ‘देवस्तुति’ में जिस विशिष्टता से समाविष्ट किया गया है वह बड़ा अद्भुत और लाभदायक है। स्तुति की पहली ही पंक्ति देखिये-

"सकल ज्ञेय ज्ञायक तदपि, निजानंद रस लीन।"¹

इस पंक्ति में आचार्य कुन्दकुन्द के प्रसिद्ध परमागम नियमसार की उन अनेक गाथाओं का प्रतिपाद्य भर दिया है, जिनमें समझाया गया है कि सर्वज्ञ भगवान् परद्रव्यों को जानते तो है, परन्तु उनमें तन्मय नहीं होते, तन्मय तो वे निजशुद्धात्मद्रव्य में ही रहते हैं।

इसी प्रकार स्तुति की एक और पंक्ति विशेष ध्यान देने योग्य है। जरा देखिए-

“शशि शांतिकरन तपहरन हेत, स्वयमेव तथा तुम कुशल देत।।"²

जैनदर्शन के अनुसार भगवान् वीतरागी होते हैं, वे कभी किसी का भला-बुरा नहीं करते | हां, उनके सच्चे भक्त को उनकी आराधना करने पर परमसुख की प्राप्ति अवश्य होती है। ऐसा ही सहज निमित्त-नैमित्तिक सम्बन्ध

¹देवस्तुति, छन्द 1
²वही, छन्द 16 है। इसी निमित्त-नैमित्तिक सम्बन्ध के कारण प्रायः स्तुतियों में भगवान् को भक्तों के दुःख दूर करने वाला बता दिया है। परन्तु यहाँ उक्त पंक्ति में पण्डित दौलतराम जी ने बड़ी सावधानी से काम लिया है। भगवान् को कर्ता-धर्ता भी नहीं बताया और निमित्त-नैमित्तिक संबंध को सोदाहरण प्रस्तुत कर भक्ति की उपयोगिता को भी उजागर कर दिया।

इस स्तुति में जिनागम के मूल सिद्धान्तों के समावेश की भाँति भक्तिभावना का समावेश भी बड़े अनूठे ढंग से हुआ है। उदाहरणार्थ-

"त्रिभुवन तिहुँकाल मंझार कोय, नहिं तुम बिन निज सुखदाय होय।
मो उर यह निश्चय भयो आज, दुखजलधि उतारन तुम जहाज॥³

कैसा भाव भरा है ! किस पाठक का हृदय इन पंक्तियों से नहीं भीगेगा?

भावपक्ष की तरह स्तुति का कलापक्ष भी बढ़ा उत्कृष्ट है। स्तुति में कुल 18 छन्द हैं, जिनमें से प्रारम्भ और अन्त के एक-एक छन्द दोहा छन्द हैं तथा शेष 10 पद्धरि छन्द हैं, क्योंकि उनके प्रत्येक चरण में 16-16 मात्राएँ हैं और अन्त में जगण है।

अलंकारों में अनुप्रास, उपमा, रूपक आदि का प्रयोग विशेष हुआ है। स्तुति का ध्वनिसाम्य बड़ा अनूठा है।
यथा-

(1) प्रगटै विघटै आपद अनेक।⁴
(2) तुम जगभूषण दूषणविमुक्त, सब गहिमायुक्त विकल्पमुक्त।⁵
(3) शुभ-अशुभ विभाव अभाव कीन।"⁶

स्तुति की भाषा ब्रज है, किन्तु उसमें तत्सम शब्दों का बाहुल्य है जो स्तुति को आभिजात्य प्रदान करता है। निष्कर्षतः यह देवस्तुति भाव और कला दोनों ही दृष्टियों से बहुत उत्तम है, जो संपूर्ण स्तुति-साहित्य में अपना निराला स्थान रखती है।

(ख) पद-

‘देवस्तुति’ के बाद इस ‘दौलत-विलास’ में 122 पद संगृहीत किये गये हैं। पदों की विषयवस्तु मुख्य रूप से जिन-स्तुति और जिन-अध्यात्म है। स्तुतिपरक पदों की प्रकृति वैसी ही है, जैसी ऊपर देवस्तुति की बताई जा

³वही छन्द17
⁴वही छन्द4
⁵वही छन्द4
⁶वही छन्द5 चुकी है। उनमें एक मात्र वीतरागी और सर्वज्ञ जिनेन्द्र भगवान् के ही गुणों का स्तवन किया गया है। स्तवन करते हुए कोई सांसारिक अभिलाषा नहीं व्यक्त की गई है। एक स्तुतिविषयक प्रतिनिधि पद अवलोकनार्थ प्रस्तुत है:-

“निरखत जिनचन्द्रवदन स्वपद सुरुचि आई ।
प्रगटी निज आन की पिछान ज्ञान भान की,
कला उदोत होत कामयामिनी पलाई।
सास्वत आनन्द-स्वाद पायो विनस्यो विसाद,
आन में अनिष्ट-इष्ट कल्पना नसाई।
साधी निज साध की समाधि मोहव्याधि की,
उपाधि को विराधि के आराधना सुहाई।
धन दिन छिन आज सुगुन, चिंते जिनराज अबै,
सुधरे सब काज ‘दौल’ अचल रिद्धि पाई।7

जिनेन्द्र-स्तुति-सम्बन्धी अन्य सभी पदों की भी प्रकृति लगभग इसी प्रकार की है।

इन पदों की दूसरी विशेषता यह है कि यद्यपि जिनेन्द्र के दोनों रूप होते हैं- अरिहन्त और सिद्ध, किन्तु यहाँ अरिहन्त की ही स्तुति विशेष रूप से दिखाई देती है. सिद्ध की प्रायः नहीं। अरिहंत में भी कभी-कभी उन्हें सामान्य रूप से ‘अरिहंत’ नाम लेकर स्तुति की जाती है8, कभी उन्हें ‘जिनविंब’, ‘जिनछवि’ या ‘जिनप्रतिमा’ के रूप में प्रस्तुत किया है9 और कभी-कभी उन्हें 'आदिनाथ’10, ऋषभदेव’11, अभिनंदन’12 के रूप में प्रस्तुत किया

7पद क्रमांक 28
8पद क्रमांक 31
9पद क्रमांक 40-41
10पद क्रमांक 1
11पद क्रमांक 2,3,4,5
12पद क्रमांक 7 जाता है।, पद्मप्रभ¹³, चंद्रप्रभ¹⁴, वासुपूज्य¹⁵, कुन्थुनाथ¹⁶, नमिनाथ¹⁷, नेमिनाथ¹⁸, पार्श्वजिन¹⁹, वीरजिन²⁰ आदि। लेकिन इस अंतर से भजन की प्रकृति में शायद ही कोई विशेष अंतर आया हो। उदाहरण के लिए, इस पद को देखें जिसमें 24वें तीर्थंकर श्री महावीर स्वामी (वीर) के नाम की स्तुति की गई है। यदि आप इस पद की तुलना कृति के किसी भी अन्य स्तुति से करें तो भी कोई अंतर नहीं है -

"वंदों अदभुत चंद्र वीर-जिन, भवि-चकोर-चित-हारि।।
सिद्धारथ नृप-कुलनभ-मण्डन, खण्डन भ्रम-तम भारी।
परमानन्द-जलधि विस्तारन, पाप-ताप-छयकारी।।
उदित निरन्तर त्रिभुवन अन्तर, कीरत किरन पसारी।
दोष मलंक कलंक अटंकित, मोह-राहु निरवारी।
कर्मावरण पयोद अरोधित, बोधित शिवमगचारी।
मणधरादि मुनि उडुगन सेवत, नित पूनम तिथि धारी।।
अखिल अलोकाकाश उलंघन, जासु ज्ञान उजियारी।
‘दौलत’ मनसा कुमुदिन-बोधन, जयो चरम जगतारी।।²¹

तीसरी विशेषता इन स्तुतिपरक पदों की यह है कि इनमें से अधिकांश पद जिनेन्द्रदेव के दर्शन से विशेष सम्बन्ध रखते हैं, मात्र गुणस्तवन से नहीं। यही कारण है कि इनमें जिनेन्द्रदेव की वीतरागी और परमशांत मुद्रा को विशेष कलात्मकता से प्रस्तुत किया गया है और जिनेन्द्रदेव के दर्शन से होनेवाले लाभों को उजागर किया गया है। यथा-

¹³पद क्रमांक 8
¹⁴पद क्रमांक 9
¹⁵पद क्रमांक 11
¹⁶पदक्रमांक13
¹⁷पदक्रमांक14
¹⁸पदक्रमांक15
¹⁹पदक्रमांक17,18
²⁰पदक्रमांक21-25
²¹पदक्रमांक21 "जिनवर आनन-भान निहारत, भ्रम-तम घान नशाया है।।
वचन-किरण प्रसरन तें भविजन, मन-सरोज सरसाया है।
भवदुःखकारण सुखविस्तारण, कुपथ-सुपथ दरसाया है।
विनसाई कज-जल सरसाई, निशिचर समर दुराया है।
तस्कर प्रबल कषाय पलाये, जिन धन बोध चुराया है
लखियत उड्डु न कुभाव कहूँ अब, मोह-उलूक लजाया है।
हंस-कोक को शोक नस्यो निज, परिणति-चकवी पाया है।
कर्मवन्धकाजकोष बँधे चिर, भवि अलि मुंचन पाया है।
‘दौल’ उजास निजातम अनुभव, उर जग अंतर छाया है।22

इस पद में सांगरूपक का प्रयोग कितना सुन्दर बन पड़ा है !

चौथी विशेषता इन स्तुतिपरक पदों की यह है कि इनमें से अनेक पदों में बड़ी सुन्दर रीति से तात्त्विक सिद्धान्तों का समावेश भी कर दिया गया है। उदाहरणार्थ यह पद द्रष्टव्य है-

"जिनछवि लखत यह बुधि भई ।
मैं न देह चिदंकमय तन जड फरस रसमयी।
अशुभ शुभफल कर्म दुख-सुख में, पृथकता सब गई।
राग-द्वेष विभाव चालित, ज्ञानता थिर थई।
परिगहन आकुलता दहन, विनसि शमता लई।
‘दौल’ पूरव-अलभ आनंद, लह्यो भवथिति जई।।23

‘दौलत-विलास’ के स्तुतिपरक पदों में कितने ही पद ऐसे भी हैं जिनमें जिनेन्द्रदेव की वाणी जिनवाणी की स्तुति की गई है। जिस प्रकार जिनेन्द्र-स्तुति के पद आज जिनेन्द्र भगवान् के दर्शन करते हुए जिनमन्दिरों में गाए जाते हैं, उसी प्रकार जिनवाणी-स्तुति के पद भी अपनी आध्यात्मिक उत्कृष्टता व सुन्दर काव्यात्मकता के कारण शास्त्रसभाओं में प्रवचन के बाद बोले जाते हैं।

22पदक्रमांक27
23पदक्रमांक40 जिनवाणी-स्तुति-विषयक इन पदों में जिनवाणी का सच्चा स्वरूप समझाया गया है, जिनवाणी सुनने की प्रेरणा दी गई है, जिनवाणी सुनने के लाभों को उजागर किया गया है और जिनवाणी न सुनकर अमूल्य मनुष्यभव को बरबाद करने वालों की दशा पर तरस खाया गया है। उदाहरण के लिए यहाँ मात्र एक पद उद्धृत कर रहे हैं-

“जिनबैन सुनत मेरी भूल भगी ।।
कर्मस्वभाव भाव चेतन को, भिन्न पिछानन सुमति जगी।।
निज अनुभूति सहज ज्ञायकता, सो चिर रुष-तुष मैल पगी।
स्याद्वाद धुनि निर्मल जल तें, विमल भई सम भाव लगी।
संशय मोह भरमता विघटी, प्रगटी आतम सोज सगी ।।
‘दौल’ अपूर्व मंगल आयो, शिवसुख लेन होंस उमगी।। "²⁴

जिनदेव-स्तुति और जिनवाणी स्तुति, इन दो प्रकार के श्लोकों के अतिरिक्त ‘दौलत-विलास’ के स्तुतिपरक पदों में तीसरे प्रकार के पद वे हैं जिनमें जिनगुरु अर्थात् मुनिराजों की स्तुति की गई है। ऐसे पदों में निर्ग्रन्थ दिगम्बर मुनिराजों की महिमा गाई गई है, उनका स्वरूप समझाया गया है और कवि ने स्वयं भी मुनि बनने की प्रबल भावना भाई है। जिस पद में कवि ने मुनि बनने की भावना भाई है, वह बड़ा प्रभावी बन पड़ा है। रस-परिपाक की अद्भुत क्षमता है उसमें, अतः अवलोकनार्थ प्रस्तुत है-

"मेरे कब हवै या दिन की सुघरी ।।
तन विन वसन अशन बिन बन में, निवसों नासादृष्टि धरी ।।
पुण्य-पाप पर सौ कब विरचों, परचों निजनिधि चिर विसरी।
तजि उपाधि सजि सहज समाधी, सहों घाम-हिम-मेघझरी।।
कब थिर जोग धरौं ऐसो मोहि, उपल जानि मृग खाज हरी।
ध्यान कमान तान अनुभव-शर, छेदों किह दिन मोह-अरी ।।
कब तृण-कंचन एक गिनों मैं, मणिजडितालय शैल-दरी।
‘दौलत’ सतगुरु चरन सेव जो, पुरवे आश यही हमरी ।। ²⁵

²⁴पदक्रमांक58
²⁵पदक्रमांक71 ‘दौलत-विलास के स्तुतिपरक पदों में चौथे प्रकार के पद वे हैं जिनमें जैन तीर्थक्षेत्रों की स्तुति की गई है। यद्यपि इस कोटि में आनेवाले पद एकाधिक नहीं हैं, किन्तु जो भी है, अत्यधिक भक्तिभाव भरपूर है। उसमें शाश्वत तीर्थक्षेत्र सम्मेदशिखर की वन्दना की गई है। वह पद निम्नलिखित है:

“आज गिरिराज निहारा, धन भाग हमारा॥
सिखर सम्मेद नाम है जाको, भू पर तीरथ भारा॥
तहाँ बीस जिन मुक्ति पधारे, और मुनीश अपारा।
आरजभूमि शिखामणि सोहै, सुर-नर-मुनि-मन प्यारा॥
फिर चिर योग धर योगीश्वर, स्वयं पर तत्त्व-विचारा।
निज स्वभाव में लीन होयकर, सकल विभाव निवारा॥
जाहि जजत भवि भावन ते जब, भव-भव पातक टारा।
जिनगुन धार धरम धन संचो, भव-दारिद हरतारा॥
इक नभ नव इक वर्ष माघ बदि, चौदस वासर सारा।
माय नाथ जुत साथ ‘दौल’ ने, जय-जय शब्द उचारा॥²⁶

‘दौलत-विलास के स्तुतिपरक पदों में एक पाँचवें प्रकार के पद भी हैं, जिनमें की गई स्तुति को हम स्पष्ट रूप से न तो जिनदेव की स्तुति कह सकते हैं, न जिनवाणी की स्तुति कह सकते हैं और न ही जिनगुरुओं की स्तुति कह सकते हैं; जैन तीर्थक्षेत्रों की स्तुति तो यह है ही नहीं, अतः वास्तव में उसे जिनधर्म की स्तुति कहना चाहिए। ऐसे पदों में मिथ्यामतों की हीनता प्रकट कर जिनधर्म की सत्यता और भवदुःख-विनाशन-सामर्थ्य को उजागर किया गया है। ऐसे पदों में से उदाहरणार्थ निम्नलिखित पद देखने लायक है-

“अब मोहि जानि परी, भवोदधि तारन को है जैन।
मोह-तिमिर तें सदाकाल से, छाय रहे मेरे नैन।
ताके नाशन काज लियो है, अंजन जैन सु ऐन॥
मिथ्यामती भेष को लेकर, भासत है जो बैन।
सो वे बैन असार लखें है, ज्यों पानी के फैन॥
मिथ्यामती बेल जग फैली, सो दुख फल की दैन।
सतगुरु-भक्ति-कुठार हाथ ले, छेद लियो अति चैन॥

²⁶पदक्रमांक78 जा विन जीव अनादि काल ते, विधिवश सुखन लहे न।
अशरन-शरन अभय ‘दौलत’ अब, भजो रैन दिन जैन।।27

इस प्रकार हमारे समक्ष ‘दौलत विलास’ के स्तुतिपरक पदों की पाँच कोटियाँ उपस्थिति होती हैं-

  1. जिनदेव-स्तुति-विषयक,
  2. जिनवाणी-स्तुति-विषयक,
  3. जिनगुरु-स्तुति-विषयक,
  4. जिनतीर्थक्षेत्र-स्तुति-विषयक, और
  5. जिन धर्म की प्रशंसा के बारे में।

आलोच्य 'दौलत-विलास में इन पांच कोटियों में विभक्त स्तुतिपरक पदों के अतिरिक्त अनेक पद ऐसे भी हैं जो आध्यात्मिक प्रकृति के हैं। वैसे तो कविवर दौलतरामजी के लगभग सभी पद चाहे वे जिनदेव-स्तुति-विषयक हो. चाहे जिनवाणी-स्तुति-विषयक हों, चाहे फिर अन्य कोई हो, आध्यात्मिक ही हैं, क्योंकि उनमें जिन-अध्यात्म तिल में तेल की भांति सर्वत्र भरा हुआ है, तथापि यहाँ हमने समझने की सुविधा के लिए मुख्यता-गौणता को ही विभाजन का आधार बनाया है।

'दौलत-विलास के आध्यात्मिक पदों में कितने ही पद ऐसे हैं जिनमें कवि ने आत्मसंबोधन शैली में अपने ही मन को समझाया है, कितने ही पद ऐसे हैं जिनमें दूसरों को समझाने की शैली में आध्यात्मिक तत्त्वज्ञान के गीत गाये हैं. तथा कितने ही पद ऐसे हैं जिनमें मात्र आत्मविचार किया गया है। तात्पर्य यह है कि ‘दौलत-विलास’ के आध्यात्मिक पदो में कितने ही पद उपदेशी हैं, कितने ही पद आध्यात्मिक हैं और कितने ही पद उपदेशी व आध्यात्मिक हैं।

जिन पदों में कवि ने स्वयं ही अपने मन को सम्बोधन किया है, उनमें 'हे मन तेरी को कुटेव यह करन-विषय में धावे है28, अरे जिया! जग धोखे की टाटी29 तथा सुन जिया ये सतगुरु की बाते30 इत्यादि पद सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण हैं। यहाँ इनमें से केवल एक पद प्रस्तुत है-

"अरे जिया जग धोखे की टाटी।।
झूठा उद्यम लोक करत है, जिसमें निशदिन घाटी।।
जानबूझ कर अन्ध बने हैं, ऑखिन बाँधी पाटी ।।
निकल जायेंगे प्राण छिनक में पड़ी रहेगी माटी ।।

27पदक्रमांक79
28पदक्रमांक109
29पदक्रमांक74
30पदक्रमांक118 दौलतराम समझ मन अपने, दिल की खोल कपाटी।।“31

जिन पदों में कवि ने दूसरे को समझाने की शैली में तत्त्वज्ञान के गीत गाये हैं, उनमें अत्यधिक करुणापूर्वक यह समझाया गया है कि हे सयाने भाई! तुम अनादिकाल से अपने आप को भूलकर व्यर्थ ही अपार दुःख सहन कर रहे हो. तुमने परपदार्थों में अपनापन मानकर आज तक कभी अपने ज्ञान-दर्शनस्वभावी आत्मा को नहीं जाना है. अतः अब परपदार्थों एवं पंचेन्द्रिय के विषयभोगों की रुचि त्यागकर निज शुद्धात्मा की रुचि जागृत करो। इसी में तुम्हारा कल्याण है। हे भाई! तुमने यह महादुर्लभ मनुष्य भव और परमहितकारी जिनधर्म प्राप्त किया है, अतः अब तुम इसे तुच्छ या असारभूत विषयभोगों में लीन रहकर व्यर्थ मत खोओ। ये शरीरादि संयोग नितान्त अनित्य और अशरण हैं. इनमें कहीं सुख की गन्ध भी नहीं है. अतः सुगुरु द्वारा बारम्बार दी जा रही शिक्षा- ‘मिथ्यात्व का त्यागकर आत्मज्ञान की प्राप्ति करो’ की आनाकानी करना छोडो और उसे अपने जीवन में अवश्य धारण करो।

ऐसे पदों में 'मानत क्यों नहिं रे’32, 'निपट अयाना तें आपा न जाना’33, 'छांड़ि दे बुधि भोरी’34, छाँड़त क्यों नहिं रे’35, निज हित कारज करना रे भाई’36, हे हितवांछक प्रानी रे’37, 'मत कीजो जी यारी घिनगेह देह यह जानके’38, एवं 'जम आन अचानक दाबेगा’39 इत्यादि प्रमुख हैं। यहाँ इनमें से मात्र एक पद उद्धृत है-

छाँडत क्यों नहि रे, हे नर! रीति अयानी।।
बार-बार सिख देत सुगुरु यह, तू दे अनाकानी।।
विषय न तजत न भजत बोधव्रत, दुख-सुख जाति न जानी।
शर्म चहै न लहै शठ ज्यों घृत हेतु विलोवत पानी ।।
तन धन सदन स्वजन जन तुझसों ये परजाय बिरानी ।।

31पदक्रमांक74

32पदक्रमांक94

33पदक्रमांक96

34पदक्रमांक108

35पदक्रमांक95

36पदक्रमांक97

37पदक्रमांक110

38पदक्रमांक113

39पदक्रमांक122 इन परिणमन विनश उपजन सो, तें दुख-सुखकर मानी।।
इस अज्ञान तें चिरदुख पाये, तिनकी अकथ कहानी।
ताको तज दृग-ज्ञान-चरन भज, निजपरिणति शिवदानी।।
यह दुर्लभ नरभव सुसंग लहि, तत्त्व लखावन वानी।
दौल न कर अब पर में ममता, धर समता सुखदानी।।40

जिन पदों में कवि ने अपनी अज्ञान अवस्था का विचार किया है, उनमें बताया गया है कि हमने अनादिकाल से आजतक कभी अपने हित का कार्य नहीं किया और परमहितकारी देव-शास्त्र गुरु को पाकर भी यों ही खो दिया। हम कभी अपने वास्तविक घर में नहीं आये, अपितु हमने अनेक नये-नये नाम धरा कर दूसरों ही दूसरों के घर भ्रमण किया। अहो। यह हमारी बहुत बड़ी भूल रही कि हम ‘परपद’ को ही ‘निजपद समझकर’ उसमें मग्न रहे और अमल अखण्ड अविनाशी तथा शुद्ध, बुद्ध, सुखकंद मनोहर निज आत्मतत्त्व की ओर हमने कभी दृष्टि नहीं की।

आत्मदशा-विचार-विषयक ऐसे पदों में 'हम तो कबहुँ न हित उपजाये41, 'हम तो कबहु न निजगुन भाये42 और 'हम तो कबहुँ न निजघर आये43 इत्यादि प्रमुख हैं। यहाँ इनमें से भी मात्र एक पद प्रस्तुत है-

"हम तो कबहुँ न निजघर आये।।
पर घर फिरत बहुत दिन बीते, नाम अनेक घराये।।
परपद निजपद मान मगन ह्वै, परपरिणति लिपटाये।।
शुद्ध बुद्ध सुखकंद मनोहर, चेतन भाव न भाये।
नर पशु देव नरक निज जान्यो, परजय बुद्धि लहाये।
अमल अखण्ड अतुल अविनाशी, आतमगुन नहि गाये।।
यह बहु भूल भई हमरी फिर, कहा काज पछिताये।
दौल’ तजो अजहूँ विषयन को, सतगुरु वचन सुहाये।।44

40पदक्रमांक95

41पदक्रमांक75

42पदक्रमांक76

43पदक्रमांक77

44पदक्रमांक77 समालोच्य 'दौलत विलास में कुछ गिने-चुने पद ऐसे भी हैं, जो न स्तुतिपरक कहे जा सकते हैं और न ही आध्यात्मिक, अतः हम उन्हें ‘अन्य’ की कोटि बनाकर समझ सकते हैं। ऐसे पद शुद्ध रूप से उपदेशी है, जिनमें प्राथमिक भूमिका वाले अथवा अत्यधिक अज्ञानी प्राणियों को संसार-शरीर-भोगों से विरक्ति उत्पन्न कराके धर्मसाधन में मन लगाने की प्रेरणा दी गई है। उनमें बताया गया है कि हे भाई! तू हर घड़ी, हर पल, हर क्षण भगवान् का स्मरण कर इससे तेरे समस्त पापों एवं दुःखों का नाश हो जावेगा। अब तुझे सर्वोत्तम अवसर प्राप्त हुआ है, तू संज्ञी पंचेन्द्रिय मनुष्य हुआ है और तुझे जिनधर्म की सत्संगति प्राप्त हुई है, अतः अब तू जैसे-तैसे धर्मसाधन में मन लगा। तेरा कल्याण होगा। ऐसे पदों में 'मन वच तन कर शुद्ध भजो, जिन दाव भला पाया’45, 'घड़ी घड़ी पल-पल छिन-छिन निशदिन, प्रभुजी का सुमिरन कर ले’46तथा 'रे नर! भ्रमनीद क्यों न छाँड़त दुखदाई’47 इत्यादि प्रमुख हैं। इनमें से एक पद यहाँ उद्धृत है :-

“मन वच तन कर शुद्ध भजो, जिन दाव भला पाया ।
अवसर फेर मिले नहिं ऐसा, यो सतगुरु गाया ।।
बस्यो अनादि निगोद निकसि, फिर थावर देह धरी ।
काल असंख्य अकाज गमायो, नेक न समझ परी ।।
चिन्तामणि दुर्लभ लहिये त्यों, त्रस पर्याय लही ।
लट पिपील अलि आदि जन्म में, लह्यो न ज्ञान कहीं।।
पंचेन्द्रिय पशु भयो कष्ट ते, तहाँ न बोध लह्यो ।
स्व-पर-विवेक रहित बिन संयम, निशदिन भार वह्यो ।।
चौपथ चलत रतन जिम लहिए, मनुष देह पाई ।
सुकुल जैनवृष सत्संगति यह, अति दुर्लभ भाई ।।
यो दुर्लभ नरदेह कुधी जे, विषयन संग खोवे ।
ते नर मूढ़ अजान सुधारस, पाय पाँव धोवे ।।
दुर्लभ नरभव पाय सुधी जे, जैनधर्म सेवें ।

45पदक्रमांक55
46पदक्रमांक56
47पदक्रमांक99 ‘दौलत’ ते अनन्त अविनाशी, सुख-शिविका बेवें।।48

इस प्रकार हम देखते हैं कि ‘दौलत विलास’ के पद मूलत तीन प्रकार के हैं-

  1. स्तुतिपरक, 2. आध्यात्मिक, एवं 3. अन्य।

इनमें भी स्तुतिपरक पद पाँच प्रकार के हैं :-

  1. जिनदेवस्तुति-विषयक, 2. जिनवाणी-स्तुति-विषयक,
  2. जिनगुरु-स्तुति-विषयक, 4. जिनतीर्थक्षेत्रस्तुति-विषयक, एवं
  3. जिनधर्म-स्तुति-विषयक ।

और आध्यात्मिक पद तीन प्रकार के हैं:-

  1. आत्मसंबोधन शैली वाले.
  2. पर-प्रतिबोधन शैली वाले, एवं
  3. आत्मालोचन-विषयक ।

(ग) जकड़ी -

देवस्तुति और पदों के बाद ‘दौलत-विलास’ में दो जकड़ियाँ संगृहीत हैं। पहली जकड़ी में चार गतियों की चौरासी लाख योनियों के दुःखों का वर्णन करके जीव को जिनेन्द्र-कथित वीतराग धर्म की आराधना करने की मार्मिक प्रेरणा दी गई है। दूसरी जकड़ी में कवि ने अपने मन को कतिपय दृष्टान्तों और वस्तुस्वरूप-विवेचन द्वारा विषयभोगों से विरक्त होने की सशक्त प्रेरणा दी है। दोनों जकड़ियों की प्रकृति लगभग एक-सी है। यों, पहली जकड़ी में मंगलाचरण भी है जिसमें ऋषभादि जिनेश्वरों, सरस्वती (जिनवाणी) माता और वाह्याभ्यन्तर-परिग्रह-रहित गुरुओं को नमस्कार किया गया है, जबकि दूसरी जकड़ी में ऐसा नहीं है। वैसे दूसरी जकड़ी में कवि ने अपने ही मन को समझाया है, अतः वहाँ मंगलाचरण की कोई विशेष आवश्यकता भी प्रतीत नहीं होती। पहली जकड़ी में 11 छन्द हैं और दूसरी जकड़ी में 5 छन्द हैं। दोनों जकड़ियों की विषय-वस्तु और उसकी प्रस्तुति दोनों ही उत्तम हैं। उदाहरणार्थ मनुष्य योनि के दुःखों का चित्रण करने वाली निम्नलिखित पंक्तियाँ पहली जकड़ी से उद्धृत हैं :-

48पदक्रमांक55 "अवनी तहां की तें निकसि कबहू जनम पायो नरो ।
सर्वांग सकुचित अति अपावन जठर जननी के परो ।।
तहँ अधोमुख जननी रसांश थकी जियो नव मास लों।
ता पीर में कोउ सीर नाहीं सहै आप निकास लों।।
जनमत जो संकट पायो, रसना तें जात न गायो ।
लहि बालपने दुख भारी, तरुनापु लह्यो दुखकारी ।।
दुखकारि इष्ट-वियोग अशुभ संयोग सोग सरोगता।
परसेव ग्रीषम शीत पावस सहै दुख अति भोगता ।।
काहू कुतिय काहू कुबांधव कहुँ सुता व्यभिचारिणी ।
किसहू विसनरत पुत्र दुष्ट कलत्र कोऊ पर ऋणी।।
वृद्धापन के दुख जेते, लखिये सब नैननतें ते ।
मुख लार बहै तन हाले, बिन शक्ति न वसन सँभाले ।।
न सँभाल जाके देह की तो कहो वृष की क्या कथा?
तब ही अचानक जम गहै, मनुज जन्म गयो वृथा।"49

निष्कर्षतः हम पाते हैं कविवर पं. दौलतराम द्वारा रचित ‘दौलत-विलास’ एक ऐसी श्रेष्ठ रचना है जिसमें आगमानुकूलता, आध्यात्मिकता, भावपक्षीय गम्भीरता, कलापक्षीय उत्कृष्टता इत्यादि अनेक विशेषताएँ पाठक को निरन्तर बाँधे रखती हैं और उसका मंगलमय पथप्रदर्शन करती हुई कवि को अपने अभीष्ट अभिप्राय की अभिव्यक्ति में सफल सिद्ध करती हैं।

‘दौलत-विलास’ का संगीत की दृष्टि से भी बड़ा महत्त्व है, जो एक स्वतंत्र अध्ययन का विषय है।

49पदक्रमांक123