डॉ. भारिल्ल की गद्य-शैली
-डॉ. वीरसागर जैन
पिछले लेख में हमने डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल के काव्य की विशेषताओं का अध्ययन किया, अब जरा उनकी गद्य-शैली पर भी ध्यान देते हैं ।
डॉ. भारिल्ल की गद्य-शैली का अध्ययन करते समय पहली बात तो यह ध्यान में आती है कि वहाँ शैली का चातुर्य अधिक महत्त्वपूर्ण नहीं है, अधिक महत्त्वपूर्ण तो वह है जिसे वे उस शैली के माध्यम से प्रस्तुत करना चाहते हैं। शैली तो उसका माध्यम भर है। लेखक की मान्यता एवं भावना है कि शैली ऐसी होनी चाहिए जिससे अधिकतम लोग सरलता से बात को समझ सकें। इस सम्बन्ध में उनका यह कथन विशेष ध्यातव्य है- "मैं इसे घर-घर तक ही नहीं, अपितु जन-जन तक पहुँचा देना चाहता हूँ, इसे जन-जन की वस्तु बना देना चाहता हूँ।"¹
इसी प्रकार वे अपने कहानी-संग्रह ‘आप कुछ भी कहो’ की भूमिका ‘मुझे आपसे कुछ कहना है’ में साफ-साफ लिखते हैं कि "कथानक तो मात्र बहाना है, मूल प्रतिपाद्य तो अध्यात्म ही है।"² तथा- "कहानियों के कथा-शिल्प, सम्प्रेषण, भाषा, शैली आदि के बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है। विषय-वस्तु के सम्बन्ध में जो कुछ कहना है, मूलतः तो वह कहानियों में ही कहा गया है; यहाँ तो बस मात्र यही कहना है कि उस पर जरा ध्यान दें।"³ यहाँ ‘उस पर जरा ध्यान दें’ -यह वाक्यांश हमारे उक्त अभिप्राय का ही द्योतक है, जिसमें हमने शैली को अधिक महत्त्वपूर्ण न बताकर उसके प्रतिपाद्य को महत्त्वपूर्ण बताया है।
इसीप्रकार ‘सत्य की खोज’ नामक उपन्यास की भूमिका ‘अपनी बात’ में वे अपने प्रेमी पाठकों का मार्गदर्शन इसप्रकार करते हैं - "प्रेमी पाठकों से निवेदन है कि वे इसमें सत्य और तथ्यों की ही खोज करें, व्यक्तियों और स्थानों की नहीं।"⁴
डॉ. भारिल्ल यहाँ उक्त कथन के द्वारा भी अपने पाठकों से विवेचन-शैली की बजाय विवेच्य की ही खोज करवाना चाह रहे हैं। विवेच्य की ही खोज करनेवाला पाठक उनका प्रेमी पाठक है, सच्चा पाठक है।
इसीलिए डॉ. भारिल्ल द्वारा प्रयुक्त की जानेवाली भाषा-शैली की विवेचना वस्तुतः उनकी कृतियों का परिपूर्ण या सम्यक् अध्ययन नहीं हैं, गौरव की बात भी नहीं है। गौरव की बात है उसे समझना, जिसे उन्होंने ऐसी भाषा-शैली के माध्यम से प्रस्तुत किया है। अतः उचित तो यहाँ है कि विवेचक की भावनानुसार हम भी विवेचन-शैली के अध्ययन के चक्कर में न पड़कर विवेच्य को ही जानें, पहचानें, उसी में जम जाएँ, रम जाएँ और पूर्ण सुखी हो जाएँ।
तथापि विद्वान् लोग उन्हीं कृतियों की ओर आकर्षित होते हैं, जिनकी विवेच्य वस्तु ही नहीं, विवेचन शैली भी उत्कृष्ट हो। डॉ. भारिल्ल की कृतियाँ विवेच्य वस्तु के साथ-साथ विवेचन-शैली की दृष्टि से भी बड़ी उत्कृष्ट हैं। अतः हम यहाँ इस भावना से उनकी विवेचन-शैली को प्रस्तुत करने का प्रयत्न कर रहे हैं कि सभी लोग डॉ. भारिल्ल की कृतियों से लाभान्वित हों।
डॉ. भारिल्ल के गद्य की विवेचन-शैली के सभी पहलुओं पर सोदाहरण प्रकाश डालना इस लघु लेख में सम्भव नहीं है, तथापि संक्षेप में ही कुछ लिखते हैं | आशा है इससे सभी का मन उनकी कृतियों की ओर आकर्षित होगा।
डॉ. भारिल्ल के गद्य की विवेचन शैली उनके व्यक्तित्व की तरह ही विविधरूपा है। वे अपने मूल प्रयोजन की सिद्धि के लिए कभी तार्किक शैली का प्रयोग करते हैं, कभी भावात्मक शैली का, कभी आगमन शैली का, कभी निगमन शैली का, कभी अलंकृत शैली का, कभी अनलंकृत शैली का, कभी सूत्रात्मक शैली का, कभी व्याख्यात्मक शैली का, कभी वर्णनात्मक शैली का, कभी चित्रणात्मक शैली का, कभी समास शैली का, कभी व्यास शैली का, कभी संवाद शैली का प्रयोग करते हैं और कभी किन्हीं अन्य-अन्य शैलियों का । यथा-
तार्किक शैली -
सर्वप्रथम, डॉ. भारिल्ल के विवेचन में तार्किक शैली का प्रयोग सर्वाधिक मिलता है। इसका कारण स्पष्ट है कि वे जैनदर्शन के तलस्पर्शी विद्वान् हैं और जैनदर्शन एक परीक्षा-प्रधानी दर्शन हैं; अतः डॉ. भारिल्ल का परीक्षाप्रधानी होना स्वाभाविक है। परीक्षा तर्क के बिना हो नहीं सकती; अतः परीक्षाप्रधानी डॉ. भारिल्ल, तर्क-वितर्क द्वारा भलीभाँति परीक्षा करके ही किसी बात को मानना-मनवाना चाहते हैं। यही कारण है कि उनके विवेचन में पाया जानेवाला तार्किक शैली का प्रयोग सचमुच अनूठा है, जो अन्यत्र विरल है। जरा देखिए-
"यदि सत्य बोलने को सत्यधर्म मानें तो सिद्धों के सत्यधर्म नहीं रहेगा, क्योंकि वे सत्य नहीं बोलते। वे बोलते ही नहीं तो फिर सत्य और झूठ का प्रश्न ही कहाँ उठता है? क्या सत्यधर्म के धारी को बोलना जरूरी है? क्या जीवन भर मौन रहनेवाला सत्यधर्म का धारी नहीं हो सकता?
इससे बचने के लिए यदि यह कहा जाए कि वे सत्य तो नहीं बोलते, पर झूठ भी तो नहीं बोलते; अतः उनके सत्यधर्म है तो फिर सत्य बोलना सत्यधर्म नहीं रहा, बल्कि झूठ नहीं बोलना सत्यधर्म हुआ। पर यह बात भी तर्क की तुला पर सही नहीं उतरती, क्योंकि यदि झूठ नहीं बोलने को सत्यधर्म मानें तो फिर वचन-व्यवहार से रहित एकेन्द्रियादि जीवों को सत्यधर्म का धारी मानना होगा; क्योंकि वे भी कभी झूठ नहीं बोलते। जब वे बोलते ही नहीं तो फिर झूठ बोलने का प्रश्न ही कहाँ उठता है? इसप्रकार हम देखते हैं कि न तो सत्य बोलना ही सत्यधर्म है और न झूठ नहीं बोलना ही ।"5
इसीप्रकार -
"यदि रुपये-पैसे को ही परिग्रह माने तो फिर देवों, नारकियों और तिर्यञ्चों में तो परिग्रह होगा ही नहीं, क्योंकि उनके पास तो रुपया-पैसा देखने में ही नहीं आता।"6
और भी देखिए -
"यदि बाह्य हिंसा का त्याग एवं इन्द्रियों के विषयों की प्रवृत्ति नहीं होने का नाम ही संयम है तो फिर देवगति में भी संयम होना चाहिए, क्योंकि सोलह स्वर्गों के ऊपर तो उक्त बातों की प्रवृत्ति संयमी पुरुषों से भी कम पाई जाती है।"7 तार्किक शैली के इन उदाहरणों पर अच्छी तरह ध्यान देने पर कुछ महत्त्वपूर्ण बातें दृष्टिगोचर होती हैं, जो सचमुच समझने लायक हैं। अन्यथा तर्क-वितर्क एक ऐसी चीज है, जिसके बिना पार पड़ ही नहीं सकती और जिसके करने पर भटकने की भी अत्यधिक सम्भावना होती है। अधिकांश तो तर्क-वितर्क करके भटक ही जाते हैं, इसीलिए स्थान-स्थान पर इसके प्रति सावधानी बरतने के लिए भी सचेत किया गया है। यथा -
सद्गुरु कहै सहज का धन्धा, वाद-विवाद करे सो अन्धा ।8
किन्तु डॉ. भारिल्ल के पास तो आचार्यकल्प पण्डितप्रवर टोडरमलजी द्वारा दिया हुआ यह दिशा-निर्देश मौजूद है -"जिनवचन और अपनी परीक्षा में समानता हो, तब तो जाने कि सत्य परीक्षा हुई है। जबतक ऐसा न हो तबतक जैसे कोई हिसाब करता है और उसकी विधि न मिले तबतक अपनी चूक को ढूँढ़ता है, उसीप्रकार यह अपनी परीक्षा में विचार किया करे।"9
अथवा - "जबतक अपने अन्तरंग में, जैसा उपदेश दिया था, वैसा ही निर्णय न होकर भाव भासित न हो, तबतक इसी प्रकार उद्यम किया करे।"10
-ऐसे दिशा-निर्देशक अनमोल वचनामृतों को अपने चित्त में पचाकर भला कोई कैसे दिग्भ्रमित हो सकता है?
यही कारण है कि डॉ. भारिल्ल के तर्क, आगम के आधार पर अधिक होते हैं, जो उनके जिनागम के गहन एवं व्यवस्थित अध्ययन का सजीव प्रमाण हैं। यथा -
“यदि विषयों की बाह्य प्रवृत्ति के त्याग का नाम ही संयम होता तो फिर वह देवों में अवश्य होना चाहिए था और मनुष्य और तिर्यञ्चों में उसकी सम्भावना कम होनी चाहिए थी, किन्तु शास्त्रों के अनुसार संयम देवों में नहीं, मनुष्यों में है।”11
वस्तुतः जिन तर्कों का आधार आगम नहीं होगा अथवा जिन तर्कों में आगम की अवहेलना की जाएगी, वहाँ तर्ककर्ता निश्चित रूप से भटक जाएगा। यही कारण है कि मैंने स्वयं अपनी एक कविता में कुछ पंक्तियाँ ऐसी लिखी हैं जो उन पर चरितार्थ होती हैं -
चिन्तन का आधार जिनागम,
जीवन का आधार जिनागम।
वह क्या चिन्तन, वह क्या जीवन,
जिसकी धरती नहीं जिनागम।।
होगा बड़ा अलौकिक चिन्तन,
होगा बड़ा समर्पित जीवन।
पर वे चिन्तन-मनन दूर हों,
जिनकी धरती नहीं जिनागम॥
ठोस धरातल एक जिनागम,
परम सहायक एक जिनागम।
किन्तु इसका अर्थ यह नहीं समझना चाहिए कि उनके तर्कों में मौलिकता का अभाव है। अनेक स्थलों पर वे तर्क करते समय इसप्रकार बात करते हैं मानो सामनेवाले को अपनी बात के विरुद्ध बोलने का खुला आमन्त्रण दे रहे हों और एक साथ उसके सामने प्रश्नों की झड़ी सी उपस्थित कर देते हैं। ऐसे स्थलों पर उनके तर्कों को मौलिकता देखते ही बनती है। यथा -
"मन में होय सो वचन उचरिये के सन्दर्भ में एक बात यह भी विचारणीय है कि क्या आर्जवधर्म के लिए बोलना जरूरी है, क्या बिना बोले आर्जवधर्म की सत्ता सम्भव नहीं है? जो भावलिंगी सन्त मौनव्रत के धारी हैं, क्या उनके आर्जवधर्म नहीं है? बाहुबली दीक्षा लेने के बाद एक वर्ष तक ध्यानस्थ खड़े रहे, कुछ बोले ही नहीं तो क्या उनके आर्जवधर्म नहीं था? … यदि जैसा मन में हो, वैसा ही बोल दें तो क्या आर्जवधर्म हो जाएगा?”¹²
"जैसे किसी के मन में खोटा भाव आया, उसे उसने वाणी में भी व्यक्त कर दिया और काया से वैसा कार्य भी कर डाला तो क्या उसके आर्जवधर्म प्रकट हो जाएगा?”¹³
आप देख रहे हैं, यहाँ किसप्रकार प्रश्नों की झड़ी लगा दी है अपने पाठक के आगे और कैसी मौलिकता है उनके तर्कों में।
यहाँ तार्किक शैली के लिए अधिकांश उदाहरण हमने उनकी ‘धर्म के दशलक्षण’ नामक कृति से लिए हैं, पर अन्य कृतियों में भी उनके तार्किक व्यक्तित्व के पर्याप्त दर्शन होते हैं।
तार्किक शैली की भाँति अन्य भी विविध शैलियों का प्रयोग डॉ. भारिल्ल के साहित्य में दृष्टिगोचर होता है, पर यहाँ स्थानाभाव के कारण सबकी मीमांसा सम्भव नहीं है; अतः कुछ विशेष प्रयुक्त शैलियों के उदाहरण मात्र प्रस्तुत करते हैं | यथा-
निगमन शैली -
जहाँ पहले एक सार वाक्य प्रस्तुत किया जाता है और बाद में उसे ही स्पष्ट किया जाता है, वह निगमन शैली कही जाती है। इसके उदाहरण डॉ. भारिल्ल के साहित्य में पर्याप्त मिलते हैं। यथा-
“रुचि ध्यान की नियामक है। जीव की रुचि जिस ओर लग जाती है उसका ध्यान सहज ही बार-बार उसी ओर जाता है। प्रत्येक जीव के ध्यान का केन्द्र विन्दु वही वस्तु बना करती है, जो उसे रुचिकर होती है। "¹⁴
आगमन शैली -
यह निगमन शैली के ठीक विपरीत होती है। आगमन शैली में पहले अनेक वाक्यों में व्याख्या या विश्लेषण चलता रहता है और अन्त में एक सार वाक्य को निष्कर्ष के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। डॉ. भारिल्ल की कृतियों में इस शैली का भी यत्र-तत्र खूब प्रयोग हुआ है। यथा-
“लोग व्यर्थ ही कहते हैं कि बिल्ली को चूहे से जन्मजात वैर है, पर यह कैसे सम्भव है? क्या किसी को अपनी प्रिय भोज्य सामग्री से भी वैर होता है? बिल्ली तो चूहे को बड़े चाव से खाती है। आप ही बताइए, क्या आपको शुद्ध सात्विक प्रिय आहार से द्वेष है जो आप उसे चवाकर खा जाते हैं? भाई! जिसप्रकार आप अपने योग्य शुद्ध सात्त्विक प्रिय खाद्य पदार्थों को प्रेम में खाते हैं, उसीप्रकार सभी प्राणी अपनी-अपनी भोज्य सामग्री का उपभोग रागवश ही करते हैं। अतः यह सहज ही सिद्ध होता है कि खान-पान सम्बन्धी हिंसा में भी राग ही मूल कारण हैं। "¹⁵
आत्मकथात्मक शैली एवं उद्धरण शैली -
इस शैली में डॉ. भारिल्ल स्वयं को भी शामिल करते हैं और उसकी पुष्टि में कुछ उद्धरण भी देते हैं। यथा-
“जयपुर में लोग भगवान् की मूर्तियाँ लेने आते हैं और मुझसे कहते हैं कि हमें तो बहुत सुन्दर मूर्ति चाहिए एकदम हँसमुख | मैं उन्हें समझाता हूँ कि भाई ! भगवान् की मूर्ति हँसमुख नहीं होती। हास्य तो कषाय है, परिग्रह है और भगवान् तो अकषायी अपरिग्रही हैं | उनकी मूर्ति हँसमुख कैसे हो सकती है? भगवान् की मूर्ति की मुद्रा तो वीतरागी शान्त होती है। कहा भी है-
जय परम शान्त मुद्रा समेत, भविजन को निज अनुभूति हेत।
छवि वीतरागी नगन मुद्रा, दृष्टि नाशा पै धरें।"16
सूत्रात्मक शैली -
डॉ. भारिल्ल के साहित्य में सूत्रात्मक शैलों के प्रयोग बहुत अधिक मिलते हैं। ऐसे स्थलों पर ‘गागर में सागर’ वाली कहावत प्रायः सर्वत्र चरितार्थ हुई है और कहीं-कहीं पद-मैत्री के कारण भी उनमें बड़ी रोचकता पैदा हो गई है। यथा -
१. "कमी लालों की नहीं, उन्हें पहचानेवालों की है, सम्भालनेवालों की है, दूसरों की बात जाने दीजिए, हम स्वयं लाल हैं, पर अपने को पहचान नहीं पा रहे हैं।"17
२. "भावुकता से तथ्य नहीं बदला करते।"18
३. “अनुशासन-प्रशासन हृदय से नहीं, बुद्धि से चलते हैं।"19
४. "बिना विवेक के श्रद्धा अन्धी होती है।"20
५. "संघर्ष में उलझना ही ज्ञान को हार है।"21
चित्रांकन शैली -
यथा- "उगते हुए सूर्य के समान दैदीप्यमान कंचनवर्णी काया, अतीन्द्रियानन्द से तृप्त, शान्त, गुरु गम्भीर तेजोद्दीप्त मुख-मण्डल, नवजात शिशु के समान निर्विकार दिगम्बर वीतरागी निर्भय मुद्रा के धारी ऋषिराज के दर्शन कर, प्रजा के साथ सम्राट भी जय-जयकार कर उठे।"22
अथवा-
“उसका अनुरोध स्वीकार कर, काफिले को वहीं रोक, नीचे गर्दन किए ईर्या समिति पूर्वक गमन करती, निज मस्तक पर शीतल जलापूरित मंगलकलश धारण किए, उस गजगामिनी के चरण-चिह्नों पर चलते हुए, वे उसके घर जा पहुंचे।23
विवेचनात्मक शैली -
यथा- "प्रशंसा मानव स्वभाव की एक ऐसी कमजोरी है कि जिससे बड़े-बड़े ज्ञानी भी नहीं बच पाते हैं। निन्दा की आँच भी जिसे पिघला नहीं पाती, प्रशंसा की ठंडक उसे छार-छार कर देती है।24
भावात्मक शैली -
"अरे भाई ! जैनदर्शन की इस अद्भुत कथन-शैली को चक्कर मत कहो, यह तो संसारचक्र से निकालनेवाला अनुपम चक्र है। इसे समझने का सही प्रयत्न करो, इसे समझे बिना संसार के दुःखों से बचने का कोई उपाय नहीं है। इसे मजाक की वस्तु मत बनाओ, सामाजिक राजनीति में भी इस गम्भीर विषय को मत घसीटो। इसका यद्वा-तद्वा प्रयोग भी मत करो, इसे समझो, इसकी प्रयोग-विधि में कुशलता प्राप्त करो, इसमें ही सार है और सब संसार है व संसार-परिभ्रमण का ही साधन है।"25
अलंकृत शैली -
यथा- "कौन नहीं जानता है शस्य-श्यामला भूमि से आवेष्टित विकट घुमावदार पहाड़ियों के अंचल में वेत्रवती नदी के किनारे बसी विदिशा नगरी को!"26
व्यंग्यात्मक शैली -
यथा- "बड़े-बड़े महापर्व आते हैं, बड़े-बड़े महान् सन्त आते हैं और यों ही चले जाते हैं, उनका इस पर कोई असर नहीं पड़ता? यह बराबर अपनी जगह जमा रहता है, इसने बीसों क्षमावाणी मना डाली, फिर भी अभी बीस-बीस वर्ष पुरानी शत्रुता वैसी की वैसी कायम है, उसमें जरा भी तो हीनता नहीं आई है। धन्य है इसकी वीरता को। कहता है- क्षमा वीरस्य भूषणम्। अनेक क्षमावाणियाँ गईं, पर इसकी वीरता नहीं बीती। अभी भी ताल ठोककर तैयार है लड़ने के लिए, मरने के लिए।"27
चार्ट शैली -
जब कोई विषय भेद-प्रभेद वाला और कुछ जटिल-सा होता है तो उसे सरलता में प्रस्तुत करने के लिए डॉ. भारिल्ल चार्ट-पद्धति का सहारा लेते हैं। यथा28 -
निश्चयनय
शुद्धनिश्चयनय अशुद्धनिश्चयनय
परमशुद्धनिश्चयनय शुद्धनिश्चयनय एकदेशशुद्धनिश्चयनय
विश्लेषणात्मक शैली -
यथा - "यद्यपि मान भी क्रोध के समान ही आत्मा का अहित करनेवाला विकार है, तथापि बाह्य में क्रोध के समान सर्वनाशक नहीं। जिस पर हमें क्रोध आता है, हम उसे नष्ट कर डालना चाहते हैं, पूर्णतः बर्बाद कर देना चाहते हैं; पर जिसके लक्ष्य से मान होता है, उसे नष्ट नहीं करना चाहते वरन् उसे कायम रखना चाहते हैं, पर अपने से कुछ छोटे रूप में। क्रोधी क्रोध के निमित्तों को हटाना चाहता है, पर मानी मान के निमित्तों को रखना चाहता है। क्रोधी कहता है गोली से उड़ा दो, मार दो; पर मानी कहता है- नहीं मारो मत, पर जरा दबाकर रखो।"29
दृष्टान्त शैली -
यथा- "नदी पार करने के लिए नाव में बैठना भी होगा और नाव को छोड़ना भी होगा अर्थात् नाव में से उतरना भी होगा। उसीप्रकार व्यवहार के बिना निश्चय समझा नहीं जा सकता और व्यवहार को छोड़े बिना निश्चय पाया नहीं जा सकता। निश्चय को समझने के लिए व्यवहार को अपनाना होगा और निश्चय को पाने के लिए व्यवहार को छोड़ना भी होगा।30
हास्य विनोद शैली -
यथा-
“रूपमती- अच्छा एक बात बताओ, आज साग क्या बनाऊँ?
मुस्कराते हुए विवेक बोला- यह प्रश्न कौनसा शास्त्र पढ़ते समय समझ में नहीं आया था ?
‘पाकशास्त्र’
'मैं पाकशास्त्र का विशेषज्ञ नहीं, वह तो मुझे तुमसे पढ़ना होगा |"31
निष्कर्ष
इसप्रकार हम देखते हैं कि डॉ. भारिल्ल की विवेचन शैली उनके व्यक्तित्व ही भाँति विविध रूपा है और वह अपने विवेच्य विषय को पाठक या श्रोता तक सम्प्रेषित करने में सर्वथा समर्थ है।
विशेष निवेदन-
यह लेख मैंने आज से लगभग 35 वर्ष पूर्व लिखा था, अतः अब इसमें कुछ और संशोधन-परिवर्धन करना आवश्यक था, परन्तु समयाभाव के कारण अभी नहीं हो सका है।
सन्दर्भ-
- क्रमबद्धपर्याय, पृष्ठ 94
- धर्म के दशलक्षण, उत्तम क्षमा निबन्ध की अन्तिम पंक्तियाँ
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 7
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 8
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 76
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 139
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 87
- समयसार नाटक
- मोक्षमार्गप्रकाशक, पृष्ठ 259
- वही, पृष्ठ 258 11. धर्म के दशलक्षण पृष्ठ 88-89
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 45
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 44
- सत्य की खोज, पृष्ठ 93
- अहिंसा महावीर की दृष्टि में, 27-28
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 137-38
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 65
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 40
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 25
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 81
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 23
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 20
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 68-69
- आप कुछ भी कहो, पृष्ठ 68-69
- परमभाव प्रकाशक नयचक्र, पृष्ठ 21
- सत्य की खोज, पृष्ठ 1
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 168-69
- परमभावप्रकाशक नयचक्र, पृष्ठ 80
- धर्म के दशलक्षण, पृष्ठ 32-33
- परमभावप्रकाशक नयचक्र, पृष्ठ 61
- सत्य की खोज, पृष्ठ 86