डॉ. भारिल्ल के काव्य की विशेषता
-प्रो. वीरसागर जैन
डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल एक अच्छे गद्य-लेखक होने के साथ-साथ एक कुशल कवि भी हैं | यह कला सबमें नहीं होती | कुछ विरले व्यक्ति ही गद्य और पद्य दोनों को लिखने में सफल होते हैं | यहाँ मैं संक्षेप में डॉ. भारिल्ल के काव्य की विशेषता की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता हूँ।
डॉ. भारिल्ल के सम्पूर्ण काव्य का गम्भीरतापूर्वक अध्ययन करने के उपरान्त मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूँ कि उनके काव्य की दो महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ हैं और वे अत्यन्त मुखर भी हैं, किसी भी पाठक को आसानी से पकड़ में आ सकती हैं, तथापि बहुत लोगों का ध्यान नहीं जाता, अतः यहाँ उनका स्पष्ट निर्देश करना आवश्यक है |
डॉ. भारिल्ल के काव्य की वे दो महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ मेरी दृष्टि से निम्नलिखित हैं- एक आध्यात्मिकता और दूसरी सरलता |
वैसे तो डॉ. भारिल्ल के काव्य में भाव एवं कला दोनों ही पक्षों से सम्बन्धित अनेक महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ दृष्टिगोचर होती हैं; किन्तु उनमें से जो सर्वाधिक रूप से उभरकर हमारे सामने आती हैं, वे उपर्युक्त दो ही हैं - एक आध्यात्मिकता और दूसरी सरलता । पहली विशेषता को हम भावपक्ष से सम्बन्धित सर्व विशेषताओं का केन्द्रबिन्दु कह सकते हैं और दूसरी विशेषता को हम कलापक्ष से सम्बन्धित सर्व विशेषताओं का केन्द्रबिन्दु कह सकते हैं । डॉ. भारिल्ल के काव्य का भावपक्ष आध्यात्मिक हैं और कलापक्ष अत्यन्त सरल ।
तात्पर्य यह है कि डॉ. भारिल्ल का सम्पूर्ण काव्य-रथ आध्यात्मिकता और सरलता इन्हीं दो पहियों पर दौड़ रहा है। उसमें ये दोनों विशेषताएँ तिल में तेल की भाँति सर्वत्र व्याप्त हैं।
1. आध्यात्मिकता-
आध्यात्मिकता डॉ. भारिल्ल के काव्य की आत्मा है। जिसप्रकार शरीर के प्रत्येक रोम में आत्मा का वास होता है, उसीप्रकार डॉ. भारिल्ल के काव्य की पंक्ति-पंक्ति में आध्यात्मिकता कूट-कूट कर भरी हुई है।
आध्यात्मिकता वस्तुतः सम्पूर्ण जैन साहित्य की मूल धारा है। जैन धर्म के सर्व ग्रन्थों का सार एक आत्मज्ञान या आत्मध्यान ही है, जैसा कि ‘योगसार प्राभृत’ में आचार्य अमितगति कहते हैं -
आत्मध्यानरतिज्ञेयं विद्वत्तायाः परं फलम्।
अशेषशास्त्रशास्तृत्वं संसारोऽभाषि धीधनैः ॥1
डॉ. भारिल्ल भी अपने काव्य में स्थान-स्थान पर यही कहते हैं -
"आत्मज्ञान ही ज्ञान है, शेष सभी अज्ञान ।
विश्वशांति का मूल है, वीतराग विज्ञान ||"2
अथवा-
निज आतमा को जानना पहिचानना ही धर्म है।
निज आतमा की साधना आराधना ही धर्म है।
शुद्धातमा की साधना आराधना का मर्म है।
निज आतमा की ओर बढ़ती भावना ही धर्म है।3 जैन अध्यात्म के अनुसार यह आत्मा गुणभेद से भी भिन्न है, आनन्द का कन्द है, शक्तियों का संग्रहालय है, ज्ञान का घनपिण्ड है और सम्पूर्ण जिनशासन का सार है। डॉ. भारिल्ल अपने काव्य में यत्र-तत्र इसी मंगल सन्देश को दोहराते दिखाई देते हैं -
गुणभेद से भी भिन्न है आनन्द का रसकन्द है।
है संग्रहालय शक्तियों का ज्ञान का घनपिण्ड है।
वह साध्य है आराध्य है आराधना का सार है।
ध्रुवधाम की आराधना का एक ही आधार है।⁴
इसप्रकार हम देखते हैं कि डॉ. भारिल्ल के सम्पूर्ण काव्य की विषयवस्तु पूर्णतया आध्यात्मिक है।
डॉ. भारिल्ल ने प्रथम तो अपने काव्य का विषय ही ऐसा चुना है, जो मूलतः आध्यात्मिक प्रकृति का ही है।
जैसेकि- समयसार, योगसार के अनुवाद एवं बारह भावना आदि। तथा जो कुछ विषय अध्यात्म से भिन्न भक्ति-पूजा आदि का भी लिया है तो उसे भी पूरी तरह अध्यात्म के रंग में रँगकर प्रस्तुत किया है। यही कारण है कि उनकी जिन काव्य-रचनाओं का मूल विषय आध्यात्मिक है, उनमें तो आध्यात्मिकता पाई ही जाती है, किन्तु जिन काव्य-रचनाओं का मूल विषय अध्यात्म नहीं है; भक्ति, पूजा या स्तुति आदि है, उनमें भी पद-पद पर आध्यात्मिकता के मंगल दर्शन होते हैं। उदाहरणार्थ ‘जिनेन्द्र वन्दना’ के प्रारम्भिक तीन छन्द देखिए-
श्री आदिनाथ अनादि मिथ्या मोह का मर्दन किया।
आनन्दमय ध्रुवधाम निज भगवान् का दर्शन किया॥
निज आत्मा को जानकर निज आतमा अपना लिया।
निज आतमा में लीन हो निज आतमा को पा लिया॥
जिन अजित जीता क्रोधरिपु निज आत्मा को जानकर।
निज आतमा पहिचान कर निज आतमा का ध्यान धर॥
उत्तम दमा की प्राप्ति की बस एक ही है साधना।
आनन्दमय ध्रुवधाम निज भगवान् की आराधना।
सम्भव असम्भव मान मार्दव धर्ममय शुद्धातमा।
तुमने बताया जगत् को सब आतमा परमातमा॥
छोटे-बड़े की भावना ही मान का आधार है।
निज आतमा की साधना ही साधना का सार है।
इसीप्रकार उनके द्वारा रचित पूजनों की कतिपय निम्नलिखित पंक्तियाँ भी इस दृष्टि से विशेषतया द्रष्टव्य हैं-
मेरा स्वभाव चेतनमय है, इसमें जड़ की कुछ गन्ध नहीं।
मैं हूँ अखण्ड चिद्पिण्ड चण्ड, पर से कुछ भी सम्बन्ध नहीं॥
यह धूप नहीं जड़कर्मों की रज, आज उड़ाने मैं आया।
होकर निराश सब जग भर से, अब सिद्ध शरण में मैं आया।⁵
पर का कुछ नहिं चाहता, चाहूँ अपना भाव।
निज स्वभाव में थिर रहूँ, मेटो सकल विभाव॥⁶
समयसार है सार, और सार कुछ है नहीं।
महिमा अपरम्पार, समयसारमय आपकी।⁷ तुम समयसार हम समयसार, सम्पूर्ण आत्मा समयसार।
जो पहिचानें अपना स्वरूप, वे हो जावें परमात्मरूप॥
उनको ना कोई रहे चाह, वे अपना लेवें मोक्ष राह।
वे करें आत्मा को प्रसिद्ध, वे अल्पकाल में होंय सिद्ध॥8
डॉ. भारिल्ल के काव्य में अनेक स्थलों पर पुनरुक्ति का आभास भी होता है, किन्तु उसका भी कारण उनके काव्य का आध्यात्मिक होना है; क्योंकि अध्यात्म में पुनरुक्ति दोष नहीं होता, अपितु आत्मभावना पोषक होने से गुण ही होता है।
इसप्रकार यह अत्यन्त स्पष्ट है कि डॉ. भारिल्ल के सम्पूर्ण काव्य की ठोस बुनियाद एक आध्यात्मिकता पर ही टिकी हुई है।
2. सरलता-
आध्यात्मिकता के बाद डॉ. भारिल्ल के काव्य की दूसरी महत्त्वपूर्ण विशेषता है- सरलता। यदि आध्यात्मिकता उनके काव्य की आत्मा है तो सरलता उसका शरीर है। हम ऊपर कह चुके हैं कि सरलता उनके काव्य की समस्त कलापक्षीय विशेषताओं का केन्द्रबिन्दु है। क्या भाषा, क्या उसका स्वरूप, क्या उसका गठन, क्या शब्द-भण्डार, क्या छन्द, क्या अलंकार - सभी का प्रयोग एक सरलता को प्रधान रखकर किया गया है। सरलता का परित्याग कवि को किसी भी प्रकार अभीष्ट नहीं है। अनेक स्थानों पर जो तुक एवं मात्रा के नियम भंग हुए हैं और कुछ शब्द भी विकृत-से हुए हैं, उसका भी कारण एक यही है कि कवि ने सरलता को सर्वोपरि महत्त्व दिया है।
यही कारण है कि उनका काव्य अत्यन्त सरल-सुबोध होता है; उसे पढ़ने के लिए शब्दकोश देखने की तो कहीं कोई आवश्यकता पड़ती ही नहीं, अन्वय तक नहीं लगाना पड़ता; निरन्तर ऐसा ही लगता है कि मानो गद्य ही पढ़ रहे हैं। उदाहरणार्थ उनके ‘समयसार पद्यानुवाद’ की कुछ पंक्तियाँ द्रष्टव्य हैं-
यदि मोक्ष की है कामना तो जीवनृप को जानिए।
अति प्रीति से अनुसरण करिए प्रीति से पहचानिए॥८॥
मैं कर्म हूँ नोकर्म हूँ या हैं हमारे ये सभी।
यह मान्यता जबतक रहे अज्ञानि हैं तबतक सभी॥१९॥
देह-चेतन एक हैं - यह वचन है व्यवहार का।
ये एक हो सकते नहीं यह कथन है परमार्थ का॥२०॥
मैं एक दर्शन-ज्ञानमय नित शुद्ध हूँ रूपी नहीं।
ये अन्य सब परद्रव्य किंचित् मात्र भी मेरे नहीं॥३८॥
सुशील है शुभकर्म और अशुभ करम कुशील है।
संसार के हैं हेतु वे कैसे कहें कि सुशील हैं॥१४५॥
ज्यों लोह बेड़ी बाँधती त्यों स्वर्ण की भी बाँधती।
इस भाँति ही शुभ-अशुभ दोनों कर्म बेड़ी बाँधती॥१४६॥
दुःशील के संसर्ग से स्वाधीनता का नाश हो।
दुःशील से संसर्ग एवं राग को तुम मत करो॥१४७॥
मैं मारता हूँ अन्य को या मुझे मारें अन्यजन।
यह मान्यता अज्ञान है जिनवर कहें हे भव्यजन॥२४७॥
निज आयु क्षय से मरण हो यह बात जिनवर ने कही।
तुम मार कैसे सकोगे जब आयु हर सकते नहीं॥२४८॥
मैं सुखी करता दुःखी करता हूँ जगत् में अन्य को।
यह मान्यता अज्ञान है क्यों ज्ञानियों को मान्य हो॥२५३॥
मारो न मारो जीव को हो बन्ध अध्यवसान से।
यह बन्ध का संक्षेप है तुम जान लो परमार्थ से॥२६२॥
इसीप्रकार ‘योगसार पद्यानुवाद’ की भी कतिपय निम्नलिखित पंक्तियाँ द्रष्टव्य हैं -
निज आत्मा जाने नहीं अर पुण्य ही करता रहे।
तो सिद्ध सुख पावे नहीं संसार में फिरता रहे॥१५॥
निज आत्मा को जानना ही एक मुक्तिमार्ग है।
कोई अन्य कारण है नहीं है योगिजन ! पहिचान लो॥१६॥
मोक्षमग में योगिजन ! यह बात निश्चय जानिए।
जिनदेव अर शुद्धातमा में भेद कुछ भी है नहीं॥२०॥
सिद्धान्त का यह सार माया छोड़ योगी जान लो।
जिनदेव अर शुद्धातमा में कोई अन्तर है नहीं॥२१॥
सारा जगत् यह कहे श्री जिनदेव देवल में रहें।
पर विरल ज्ञानीजन कहें कि देह-देवल में रहें॥४५॥
स्पष्ट है कि ‘समयसार पद्यानुवाद’ और ‘योगसार पद्यानुवाद’ की उक्त समस्त काव्य पंक्तियाँ अत्यन्त सरल-सुबोध हैं। उनमें कोई भी क्लिष्ट शब्द नहीं है। यहाँ तक कि कहीं कोई अन्वय तक नहीं लगाना पड़ रहा है। साधारण से साधारण पाठक भी इन पंक्तियों को आसानी से समझ सकता है।
यहाँ एक विचार मुझे ऐसा भी आता है कि डॉ. भारिल्ल ने इतना सरल काव्यानुवाद प्रस्तुत करके, निश्चित ही आचार्य कुन्दकुन्द एवं मुनिराज योगीन्दुदेव की भावना के अनुरूप कार्य किया है; क्योंकि वे भी अपनी बात को सरल से सरल प्राकृत या अप्रभ्रंश भाषा में लिखकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना चाहते थे और यही डॉ. भारिल्ल ने किया है।
सरलता का यह गुण डॉ. भारिल्ल के केवल अनूदित काव्य में ही नहीं है, अपितु मौलिक काव्य में भी प्रधानरूप से पाया जाता है। उदाहरणस्वरूप उनके ‘मैं ज्ञानानन्द स्वभावी हूँ’ गीत को आद्योपान्त देखा जा सकता है, जो सर्वत्र प्रसिद्ध है। इसके अतिरिक्त ‘देव-शास्त्र-गुरु-पूजन’ की निम्नलिखित पंक्तियाँ भी द्रष्टव्य हैं:-
आशा की प्यास बुझाने को, अबतक मृगतृष्णा में भटका।
जल समझ विषय-विष भोगों को उनकी ममता में था अटका॥
लख सौम्य दृष्टि तेरी प्रभुवर समता रस पीने आया हूँ।
इस जल ने प्यास बुझाई ना, इसको लौटाने लाया हूँ।
इसप्रकार अपने काव्य को सरल से सरल रखने के लिए ही डॉ. भारिल्ल ने उसे विविध गूढ़ अलंकारों एवं कठिन छन्दों के प्रयोग से भी बचाया है। उनके काव्य में जो भी अलंकार हैं, सहज आये हैं और छन्द भी सरल-सुबोध ही हैं, यथा- हरिगीतिका, दोहा, रोला आदि।
इसप्रकार हम देखते हैं कि डॉ. भारिल्ल के काव्य की दो महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ हैं और वे वास्तव में सम्पूर्ण जैन साहित्य की ही प्रमुख विशेषताएँ हैं। जैन साहित्य के रचयिताओं को इन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
विशेष निवेदन- यह लेख मैंने आज से लगभग 35 वर्ष पूर्व सन् 1987 में लिखा था। उसके बाद तो डॉ. भारिल्ल का और भी अधिक काव्य प्रकाशित होकर सामने आ गया है, जिसे मैंने इसमें समाहित नहीं किया था, परन्तु आश्चर्य है कि उसमें भी उक्त दो ही विशेषताएँ प्रकट हुईं हैं। न केवल प्रकट हुईं हैं, अपितु और भी अधिक मुखर होकर प्रकट हुईं हैं।
सन्दर्भ-
- योगसारप्राभृत, मोक्षाधिकार, श्लोक ४३
- वीतराग-विज्ञान प्रशिक्षण निर्देशिका, मंगलाचरण
- बारह भावना, धर्मभावना, छन्द १
- बारह भावना, अन्यत्वभावना, छन्द ३
- श्री सिद्ध पूजन, धूप का छन्द
- वही, अन्तिम छन्द
- श्री सीमन्धर पूजन, अन्तिम छन्द
- श्री महावीर पूजन, जयमाला के अन्तिम छन्द