चौबीस तीर्थंकर विनती (बुध) | Chaubees Tirthankar Vinati (Budh)

(दोहा)

पूजों पद अरहंत के, सिद्धन शीस नवाय।
उवज्झाय आचार्य के, साधु चरण चित लाय॥

(तर्ज- अहो जगत गुरुदेव…)

अहो आदि जिन देव, पूजों चरण तिहारे,
अजितनाथ जू की सेव, मन-वच-तन उर धारे।
संभव नाथ जिनेन्द्र, मैं तुम्हरे गुण गाऊँ,
अभिनंदन महाराज, चरनन शीस नवाऊँ॥

सुमतिनाथ भगवान सुमति करो मति मेरी,
पद्मप्रभु जिनराय, आऊँ शरणा तेरी।
नाथ सुपारस देव, निर्मल बुद्धि के धारी,
चंद्रप्रभु बड़देव, चंद्रपुरी अवतारी॥

पुष्पदंत महाराज, सब राजन के राजा,
शीतलनाथ जिनेन्द्र, तारण-तरण जिहाजा।
श्रेयांसनाथ भगवान, गुण की पार न पावें,
वासुपूज्य जिनराय, भवदधिपार लगावें॥

विमलनाथ जिनदेव, विमल बुद्धि मोहि दीजे,
अनंतनाथ भगवान, सेवक अपनों कीजे।
धर्मनाथ बड़देव, धर्म बुद्धि के धारी,
शांतिनाथ जिनराय, तीनई पदवी धारी॥

कुंथुनाथ महाराज, कुंथ जिया व्रत पालें,
अरहनाथ भगवान, देखत सब दुख टालें।
मल्लिनाथ जिनदेव, काम मल्ल दल भूरे,
मुनिसुव्रत महाराज, गुण अनंतमय पूरे॥

नमिनाथ बड़देव, महिमा अगम अपारी,
नेमिनाथ जू की सेव, तप कीन्हा तज नारी।
पारसनाथ जिनेन्द्र, नाग युगल तुम कीन्हें,
महावीर जिनराय, सुरपति अचरज कीन्हें॥

चौबीसों भगवान, सबही नामी नामी,
सबही हैं गुणवंत, जीते जोधा कामी।
कल्याणक ये पाँच सब ही के सम जानो,
दर्शन-ज्ञान अनंत सुख अनंत कर मानों॥

नमत भए सुर ईश, अरु गणधर से ज्ञानी,
हम क्या पावें पार, ‘बुध’ थोड़ी उर आनी।
चौबीसों जिनदेव, गुण अनंत के धारी,
करों विविध पद सेव, मेटो व्यथा हमारी॥

तुम सम जग में कौन, जाकी शरण गहीजे,
यासों माँगों नाथ, भव-भव दर्शन दीजे।

(दोहा)

हे जिनवाणी गुण भरी, सदा करो कल्याण।
चौबीसों भगवान तुम्हें, बारम्बार प्रणाम॥


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ४८ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)