भूल हो गई मूल की | Bhul ho gai mul ki

मैं भ्रमित हूँ इस मोह में, अर मोह के विद्रोह में,
जब से दिखा निज आत्मवैभव, हो गया अभिभूत मैं।

मैंने सभी परपदारथ को, मान अपना भूल की,
मैंने न जाना पर सभी को, भूल हो गई मूल की।

न जाने कब-कब किए, कैसे किए मैंने कर्म यह,
न जाने अब तक क्यों नहीं, न जाना है जिनधर्म यह।

तूफ़ान आंधी कुछ नहीं, कर सकती मेरा आपदा,
क्रमबद्ध है सब है सुनिश्चित, एक मैं शुद्धात्मा।

है चाह बस शिवधाम की, न कर्म की न काम की,
बस एक है अब मेरी वांछा, मुक्ति में विश्राम की।

न धन की अब अभिलाष है, न यश का कोई मान है,
बस आत्मानुभव की साधना ही जीवन का सम्मान है।

मैं शुद्ध हूँ मैं सिद्ध हूँ, मैं एक चेतन बुद्ध हूँ,
“झूठे हैं सब सम्बन्धी मेरे” - मान मैं भी मुक्त हूँ।

                        - सिद्धार्थी हर्ष जैन

रचनाकार: हर्ष जैन (Harsh Jain), बड़ा मलहरा 63
Instagram: @Jainharsh_08 @harsh_archive